samacharsecretary.com

फिर दिखी पुरानी MI—दीपक चाहर की बहन ने सूर्यकुमार की कप्तानी पर कसा तंज?

मुंबई आईपीएल 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। जैसे-जैसे आईपीएल अपने अंजाम की ओर आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्लेऑफ की जंग और दिलचस्प होती जा रही है। सोमवार को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराकर खुद को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा।  लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 18.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में हार्दिक पांड्या नहीं खेल रहे थे और उनकी जगह सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर रहे थे। मैच के बाद एमआई के तेज गेंदबाज दीपक चाहर की बहन मालती चाहर ने एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसे फैंस हार्दिक पांड्या पर तंज मान रहे हैं। इस मैच से पहले हार्दिक की कप्तानी में मुंबई ने नौ में से सात मैच गंवाए थे। मालती ने लिखा कि लखनऊ के खिलाफ मैच में पुरानी मुंबई इंडियंस की झलक दिखी। साथ ही उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की तारीफ भी की। मालती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, 'फिर असली मुंबई इंडियंस जैसी फीलिंग आई! लगभग सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बहुत बढ़िया खेले रेयान रिकेल्टन और रोहित भैया! सूर्यकुमार की कप्तानी भी शानदार रही। और दीपक ने पूरे चार ओवर डाले, बहुत अच्छी गेंदबाजी भाई! यह सही मायनों में टीम गेम था। यही है मुंबई इंडियंस!' फैंस इस पोस्ट को हार्दिक पर तंज मान रहे हैं। हार्दिक की कप्तानी की जमकर आलोचना भी हो रही है। यह जीत पांच बार की चैंपियन टीम के लिए बड़ी राहत बनकर आई, जिससे उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रहीं। मुंबई की टीम फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है, जबकि लखनऊ आखिरी स्थान पर है। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या पीठ में ऐंठन के कारण यह मैच नहीं खेल सके थे। दीपक चाहर को इस मैच से पहले पूरे चार ओवर भी डालने को नहीं मिल रहे थे। हालांकि, लखनऊ के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 43 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। दीपक ने अपने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 15 रन खर्च किए, जो लखनऊ सुपर जाएंट्स को 228 रन पर रोकने में बेहद अहम साबित हुआ।

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स की टक्कर पर सबकी नजर

नई दील्ली दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच आज आईपीएल का अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। दोनों टीमें इस वक्त अंक तालिका के बीच में हैं। यानी ना तो ये प्लेऑफ के करीब हैं और ना ही इस रेस से बाहर हुई हैं। आज जो टीम जीतेगी, उसके लिए संभावनाएं और प्रबल हो जाएंगी, वहीं हारने वाली टीम के लिए मुश्किलें बढ़ेंगी। इस बीच जरा जानने और समझने की कोशिश करते हैं कि आज का मैच कौन सी टीम जीत सकती है। दिल्ली और चेन्नई के अंक तालिका में बराबर अंक आईपीएल 2026 में आज दिल्ली और चेन्नई के बीच मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से होगा, इससे आधे घंटे पहले यानी सात बजे टॉस होगा। अभी तक की बात करें तो दोनों टीमों ने नौ मैच खेलकर उसमें से चार में जीत दर्ज की है और पांच में उन्हें हार मिली है। दोनों टीमों के पास इस वक्त आठ अंक हैं। बेहतर रन रेट के आधार पर सीएसके छठे और दिल्ली कैपिटल्स की टीम नंबर सात पर है। आज का मैच दिल्ली के होम ग्राउंड पर है, जिसका उसे फायदा मिल सकता है। संजू सैमसन का फॉर्म बरकरार, अब कप्तान रुतुराज गायकवाड ने भी दिखाए अपने हाथ बात अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की करें तो अब तक खेले गए 32 मुकाबलों में से 20 मैच सीएसके ने जीते हैं और 12 में डीसी की टीम ने बाजी मारी है। हालांकि चेन्नई सुपरकिंग्स की बात करें तो दिल्ली में खेले गए पिछले आठ मैचों में से टीम ने छह में जीत दर्ज की है। पिछले ही मैच में सीएसके ने मुंबई इंडियंस को मात दी थी, इसलिए उसके हौसले बुलंद हैं। संजू सैमसन तो पहले से ही अच्छे फार्म में थे, अब कप्तान रुतुराज गायकवाड ने भी अच्छी बल्लेबाजी शुरू कर दी है। टीम के ​लिए अच्छी बात ये है कि तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वे पर्पल कैप की रेस में बने हुए हैं। केएल राहुल की बैटिंग दिल्ली के लिए प्लस प्वाइंट, मिचेल स्टार्क की वापसी से आई जान अब बात करते हैं दिल्ली कैपिटल्स की। टीम भले ही अपने घर पर खेल रही हो, लेकिन उसके लिए सब कुछ अच्छा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। ये बात और है कि केएल राहुल इस वक्त जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे हैं। वे 400 से अधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में हैं। टीम के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी आ गए हैं, पिछले ही मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है। आज चेन्नई की जीत की ज्यादा संभावना, दिल्ली भी कर सकती है कमाल आज के मैच में अगर दोनों टीमों का आंकलन किया जाए तो पता चलता है कि मैच बराबरी का होगा। हालांकि फिर भी सीएसके लिए थोड़े से चांस ज्यादा दिखाई दे रहे हैं। लेकिन दिल्ली को अपने घर पर कम नहीं आंका जा सकता। यहां की पिच बल्लेबाजों को खूब रास आती है। पिच सपाट और बाउंड्री छोटी होने के कारण बल्लेबाज खूब रन बनाते हैं। उम्मीद है कि जो भी टीम टॉस जीतेगी, वो पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। दिल्ली में शाम को ओस आती है।

इंडिया-ए महिला T-20 टीम की कप्तान बनीं अनुष्का, इंग्लैंड-ए के खिलाफ अपनी कप्तानी में खेलेंगी 3 मैच

ग्वालियर  बीसीसीआई ने इंग्लैंड टूर के लिए भारतीय महिला ए क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है. इस बार इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज की कप्तानी के लिए ग्वालियर की बेटी अनुष्का शर्मा पर भरोसा जताया है. अनुष्का शर्मा की कप्तानी में वुमन इंडियन ए क्रिकेट टीम टी20 क्रिकेट के 3 मुकाबले इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।  बीसीसीआई ने घोषित की इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम भारतीय क्रिकेट में ग्वालियर का बोलबाला होने जा रहा है. ये शायद पहली बार होगा जब भारतीय क्रिकेट टीम को ग्वालियर की बेटी कप्तानी संभालेगी. ग्वालियर की अनुष्का शर्मा को टी20 मुकाबलों के लिए इंडिया-ए स्क्वाड की घोषणा के साथ इंग्लैंड टूर का टीम कप्तान बनाया है. इंग्लैंड दौरे से पहले वन डे और टी20 दोनों ही क्रिकेट फॉर्मेट के लिए बीसीसीआई ने वुमेंस इंडिया-ए स्क्वॉड्स का ऐलान कर दिया है।  अनुष्का शर्मा टी20, हरलीन देओल वन-डे की कैप्टन अनुष्का शर्मा को जहां इंग्लैंड के लिए टीम कैप्टेंसी सौंपी गई है वहीं इसी स्क्वाड में ग्वालियर की वैष्णवी शर्मा को भी टीम में शामिल किया गया. दोनों ही खिलाड़ियों के खेल में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने दोनों पर भरोसा जताया है. इंडिया ए महिला टीम का इंग्लैंड टूर आगामी 20 जून से शुरू होगा. इस सीरीज के टी20 मुकाबले नॉर्थम्पटन और चेल्सफोर्ड में खेले जाएंगे. वहीं वन-डे मैचेस के लिए घोषत स्क्वॉड की कैप्टन की जिम्मेदारी एक बार फिर हरलीन देओल के कंधों पर है।  पहले लग चुके हैं चकिंग के आरोप ग्वालियर और अनुष्का शर्मा के लिए ये बड़ी ऑपर्च्युनिटी है. इससे पहले अप्रैल में साउथ अफ्रीका सीरीज में भारतीय महिला सीनियर टीम में उन्होंने अपना डेब्यू किया था और अब टीम की जिम्मेदारी संभालने का मौका उन्हें बीसीसीआई ने दिया है. ये इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि, साल 2024 में अनुष्का शर्मा पर चकिंग के आरोप लगे थे. जिस पर बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट में उनकी गेंदबाजी पर बैन लगा दिया था, और अब उन्हें टीम कप्तान बना दिया है।  डेब्यू के तुरंत बाद मिली इंडिया ए की कप्तानी अनुष्का शर्मा की बात करें तो उन्होंने हाल ही में साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अब कुछ ही दिनों के अंतराल में उन्होंने इंडिया ए की कप्तानी मिल गई है। इस खिलाड़ी ने WPL 2026 में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इंडिया ए वुमेंस टी20 टीम की उपकप्तान वृन्दा दिनेश को बनाया गया है। जबकि प्रतिका रावल वनडे टीम की उपकप्तान हैं। यह टीम उस वक्त इंग्लैंड दौरे पर ए टीम का सामना करेगी, जिस वक्त सीनियर टीम टी20 वर्ल्ड कप खेल रही होगी। इंडिया ए बनाम इंग्लैंड ए सीरीज का शेड्यूल     पहला टी20: 20 जून 2026, नॉर्थैम्पटन काउंटी ग्राउंड     दूसरा टी20: 23 जून 2026, नॉर्थैम्पटन काउंटी ग्राउंड     तीसरा टी20: 25 जून 2026, Chelmsford काउंटी ग्राउंड     पहला वनडे: 28 जून 2026, Hove काउंटी ग्राउंड     दूसरा वनडे: 1 जुलाई 2026, टॉन्टन     तीसरा वनडे: 4 जुलाई 2026, टॉन्टन इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला ए टीम के स्क्वाड     टी20 इंडिया ए स्क्वाड: अनुष्का शर्मा (कप्तान), वृन्दा दिनेश (उपकप्तान), जी कमालिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, पूर्वजा वेर्लेकर, जिंतीमनी कलिता, साइमा ठाकुर, सिमरन शर्मा, श्वेता सेहरावत, दीया यादव, मिन्नू मनी, शबनम शकील, तनुजा कंवर।     वनडे इंडिया ए स्क्वाड: हरलीन देओल (कप्तान), प्रतिका रावल (उपकप्तान), प्रिया पूनिया, तनिषा सिंह, जी कमालिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), तेजल हसबनीस, निकी प्रसाद, प्रेमा रावत, तनुजा कंवर, वैष्णवी शर्मा, शबनम शकील, सयाली सतघरे, जिंतीमनी कलिता, साइमा ठाकुर। हरमनप्रीत कप्तान, स्मृति मंधाना उपकप्तान: T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, WPL के 2 नए नाम शामिल 12 जून से शुरू होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड की घोषणा कर दी गई है। हरमनप्रीत कौर को इस टीम की कमान सौंपी गई है और स्मृति मंधाना उपकप्तान हैं ये है इंडिया-ए (महिला) टी20 स्क्वाड अनुष्का शर्मा (कप्तान), वृंदा दिनेश (उप कप्तान), जी कमलिनी (विकेट कीपर), उमा चेट्री, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, पूर्वाजा वर्लेकर, जिन्तिमणि कलिता, साइमा ठाकुर, सिमरन बहादुर, श्वेता सहरावत, दीया यादव, मीनू मणि, शबनम शकील, तनुजा कंवर  

शेयर बाजार घोटाले के आरोपों पर शाकिब अल हसन ने तोड़ी चुप्पी, जांच पर जताया भरोसा

बांग्लादेश बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने शेयर बाजार में हेरफेर, भ्रष्टाचार रोधी जांच और चेक-बाउंस मामलों से जुड़े आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि लंबे समय से चल रही जांच में अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है. शाकिब अल हसन ने बताया कि जांच के दौरान उनका बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला. शाकिब ने बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट bdnews24.com से कहा, 'मेरा बैंक खाता फ्रीज है, इसलिए मैं कुछ नहीं कर सकता.शायद जांच के लिए ऐसा किया गया,. लेकिन डेढ़ साल से जांच चल रही है और अभी तक कुछ नहीं मिला.' शाकिब अल हसन ने साफ कहा कि अगर जांच एजेंसियों को उनके खिलाफ कोई सबूत मिलता है, तो वह कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं. शाकिब कहते हैं, 'अगर दोष साबित होता है तो कार्रवाई करें। अगर कुछ नहीं मिलता, तो मुझे क्लियरेंस दें और मुक्त करें.' शाकिब पर लटक रही गिरफ्तारी की तलवार हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि मौजूदा स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. शाकिब अल हसन ने कहा कि अब उन्हें कुछ भी असामान्य नहीं लगता, लेकिन अपने देश लौटने पर गिरफ्तारी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. शाकिब ने ही यह भी स्वीकार किया कि वतन वापसी पर उन्हें गिरफ्तारी का डर है. शाकिब अल हसन का अपने देश लौटना फिलहाल मुश्किल है. बांग्लादश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्पष्ट कर दिया था कि वह शाकिब को किसी भी प्रकार की सुरक्षा की गारंटी देने की स्थिति में नहीं है. इसी कारण शाकिब पिछले कई महीनों से बांग्लादेश से बाहर हैं. निकट भविष्य में भी उनकी वापसी की संभावना बेहद कम मानी जा रही है. 39 वर्षीय शाकिब अल हसन का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है. वह बांग्लादेश के सबसे सफल क्रिकेटर माने जाते हैं. शाकिब ने 71 टेस्ट, 247 ओडीआई और 129 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. टेस्ट क्रिकेट में शाकिब ने 4609 रन बनाए और 246 विकेट झटके हैं. वहीं वनडे इंटरनेशनल में शाकिब के नाम पर 7570 रन और 317 विकेट दर्ज हैं. टी20 इंटरनेशनल में शाकिब ने 149 विकेट लेने के अलावा 2551 रन बनाए हैं. शाकिब अल हसन के बयान से साफ है कि वह खुद को बेगुनाह मानते हैं और जांच प्रक्रिया पर भरोसा जताते हैं. अब नजर इस बात पर होगी कि संबंधित एजेंसियां इस मामले में आगे क्या फैसला लेती हैं.

मैड्रिड ओपन 2026: मार्टा कोस्त्युक का दमदार प्रदर्शन, खिताब अपने नाम

मैड्रिड, एएनआइ मार्टा कोस्त्युक ने अपने करियर का अब तक का सबसे बड़ा खिताब जीतते हुए 2026 का मैड्रिड ओपन अपने नाम कर लिया। 23 वर्षीय यूक्रेनी खिलाड़ी ने महिला सिंगल्स फाइनल में दुनिया की नंबर-8 मीरा आंद्रिवा को 6-3, 7-5 से हराया और क्ले कोर्ट पर अपनी जीत की लय को 11 मैचों तक बढ़ा दिया। कोस्त्युक अब सोमवार को जारी होने वाली डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 23वें स्थान से अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 15वें स्थान पर पहुंचने वाली हैं। यह डब्ल्यूटीए 1000 खिताब उनके करियर का तीसरा खिताब है। इसके साथ ही वह 24 मई से पेरिस में शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन की प्रमुख दावेदारों में शामिल हो गई हैं। मैड्रिड में इससे पहले उनके रिकार्ड पांच जीत और सात हार का था, लेकिन 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। कोस्त्युक ने कहा कि इस समय यहां खड़ा होना अविश्वसनीय लग रहा है। यहां तक पहुंचने में मुझे कई साल लगे। मेरे लिए एक शब्द है निरंतरता। हर दिन खुद को साबित करना जरूरी है और पिछले एक साल में मैंने यह अच्छी तरह किया है, जिस पर मुझे और मेरी टीम को गर्व है। इस जीत के साथ कोस्त्युक ने अपने करियर में टॉप-10 खिलाड़ियों के विरुद्ध 14वीं जीत दर्ज की और मैड्रिड में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरे दौर में दुनिया की नंबर-5 जेसिका पेगुला को हराया और पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक सेट गंवाया, जो सेमीफाइनल में अनास्तासिया पोटापोवा के विरुद्ध था।

वॉशिंगटन सुंदर के छक्के से खत्म हुआ मैच, गुजरात ने दिलाई सांस रोक देने वाली जीत

अहमदाबाद  आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें आखिरी ओवर में गुजरात की टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में भले ही पंजाब की टीम ने सिर्फ 163 रन बोर्ड पर लगाए। लेकिन गुजरात को जीत हासिल करने में आखिरी ओवर तक जोर लगाना पड़ा। आखिरी ओवर में गुजरात की टीम को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी और मार्कस स्टोइनिस की 5वीं गेंद पर वाशिंगटन सुंदर ने छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। गुजरात ने आखिरी ओवर में जीता मुकाबला गुजरात के लिए इस मैच में ओपनिंग करने आए साई सुदर्शन ने 41 गेंद पर 57 रन की पारी खेली। वहीं नाबाद 40 रन की पारी खेलकर वाशिंगटन सुंदर ने अपनी टीम की जीत को तय किया। इसके अलावा 26 रन जोस बटलर और 15 रन की पारी निशांत सिद्धू ने खेली। वहीं पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और विजयकुमार वैशाख ने 2-2 विकेट हासिल किए। पंजाब का टॉप ऑर्डर फेल पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के लिए 164 रन का टारगेट रखा था। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इस टीम को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियांश आर्य (2) और तीसरी गेंद पर कूपर कोनोली (0) के रूप में लगातार दो झटके लगे। किंग्स ने महज 2 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। टिक नहीं पाए पंजाब के बल्लेबाज प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 35 के स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 47 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश शेडगे के साथ 44 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यांश ने ठोकी फिफ्टी सूर्यांश 29 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 40 रन की पारी खेली। इस पारी में मार्को यानसेन ने 20 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट निकाले। राशिद खान ने 1 विकेट हासिल किया।

प्वाइंट्स टेबल के निचले पायदान की भिड़ंत, हार का सिलसिला तोड़ने उतरी MI और LSG

मुंबई  मुंबई इंडियंस (एमआई) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 47वां मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धूमिल होती उम्मीदों को फिर से जगाने के लिए बेताब हैं। यह मुकाबला सीजन की सबसे निचले पायदान पर मौजूद टीमों के बीच है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स 8 में से 6 मकाबले गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर मौजूद है। ये टीम लगातार पांच हार से जूझ रही हैं। उनकी सबसे ताजा शिकस्त कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली दिल तोड़ने वाली हार है। लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल बेहाल ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी टीम को मुख्य रूप से बल्लेबाजी में बार-बार मिल रही असफलताओं के कारण संघर्ष करना पड़ा है, जबकि उनके गेंदबाजों ने सराहनीय प्रयास किए हैं। अपने पिछले मुकाबले में, मोहसिन खान की शानदार गेंदबाजी बेकार चली गई, जबकि निकोलस पूरण से जुड़ा एक विवादास्पद सुपर ओवर का फैसला टीम को भारी पड़ा। मुंबई ने गंवाए 7 मैच मुंबई इंडियंस ने 9 में से 7 मैच गंवा दिए हैं। यह टीम 9वें पायदान पर है। एमआई इस मुकाबले में लगातार तीन हार के बाद उतरेगी, जिसमें हाल ही में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 8 विकेट की करारी हार भी शामिल है। मुंबई का अभियान प्रमुख खिलाड़ियों जैसे जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पंड्या के लगातार बदलते प्रदर्शन के कारण प्रभावित हुआ है। हार्दिक की कप्तानी भी अब सवालों के घेरे में आ गई है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी से टीम कमजोर पड़ती नजर आ रही है, जिससे अब टीम के पास आगे बढ़ने के लिए गलतियों की गुंजाइश बहुत कम बची है। लखनऊ का रिकॉर्ड अच्छा दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 8 मैच खेले गए हैं, इनमें 6 मैच एलएसजी ने जीते, जिसमें वानखेड़े स्टेडियम में मिली दो जीत भी शामिल हैं। मुंबई इंडियंस की टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), श्रीजीत कृष्णन (विकेटकीपर), बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, केशव महाराज, राज अंगद बावा, विग्नेश पुथुर, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, वीएस पेनमेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह। लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम: ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), एडेन मार्करम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीत्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिशेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्त्जे, नमन तिवारी, मयंक यादव और मोहसिन खान।

वरुण-नरेन की फिरकी और रघुवंशी-रहाणे की बल्लेबाजी से KKR की तीसरी लगातार जीत

कोलकाता  कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूती से बनाए रखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को उनके घर में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत ट्रेविस हेड के दम पर बेहद तूफानी रही थी, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में जबरदस्त वापसी की। हैदराबाद की पूरी टीम 19 ओवरों में महज 165 रनों पर ही ढेर हो गई, जो इस सपाट पिच पर एक औसत स्कोर से भी कम था। वरुण और नरेन की फिरकी में उलझी सनराइजर्स सनराइजर्स को कम स्कोर पर रोकने का पूरा श्रेय केकेआर के गेंदबाजों को जाता है, जिसमें वरुण चक्रवर्ती एक बार फिर सबसे बड़े हीरो साबित हुए। वरुण ने 36 रन देकर तीन मुख्य विकेट चटकाए, जबकि दिग्गज सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट लेकर हैदराबाद के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। ट्रेविस हेड ने हालांकि 28 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। कप्तान रहाणे ने मैच के बाद अपनी बॉलिंग यूनिट और कोच ड्वेन ब्रावो की रणनीतियों की जमकर तारीफ की। रघुवंशी और रहाणे ने आसान की जीत की राह 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और अनुभवी अजिंक्य रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। रहाणे ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और 43 रनों की सधी हुई पारी खेलकर यह सुनिश्चित किया कि टीम कहीं भी दबाव में न आए। इन दोनों की बल्लेबाजी के दम पर केकेआर ने मात्र 18.2 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्लेऑफ की रेस में केकेआर की जोरदार वापसी लगातार तीसरी जीत के साथ केकेआर ने अब प्लेऑफ की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है। 9 मैचों में 7 अंकों के साथ टीम अभी भी टॉप-4 में जगह बनाने की दावेदार बनी हुई है। हालांकि उन्हें अगले दौर में जाने के लिए अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे, लेकिन इस समय टीम का जो फॉर्म और ड्रेसिंग रूम का माहौल है, उससे वापसी की पूरी उम्मीद दिख रही है। कप्तान रहाणे ने साफ किया कि शुरुआती 5 मैच हारने के बाद भी टीम का हौसला नहीं टूटा था और अब वे इसी लय को अंत तक बरकरार रखना चाहते हैं।  

CSK से हार के बाद MI की प्लेऑफ में पहुंचने की राह कठिन, हार्दिक पंड्या ब्रिगेड का क्या होगा हाल?

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम एमआई ने 9 में से सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं, जबकि 7 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा. 2 मई (शनिवार) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस की बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग प्रभावहीन रही. मुंबई इंडियंस इस मैच में 7 विकेट पर 159 रनों का स्कोर ही बना सकी. मुश्किल हालात में नमन धीर ने 57 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला।  159 जैसे औसत लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने मैच को एकतरफा बना दिया. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 67 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को 18.1 ओवर में ही जीत दिला दी. सीएसके ने यह मुकाबला आठ विकेट से जीतकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को पूरी तरह जिंदा रखा. दूसरी ओर सीएसके के खिलाफ एक और हार के साथ मुंबई इंडियंस की स्थिति और गंभीर हो गई है. मुंबई इंडियंस 4 अंकों के साथ अंकतालिका में नौवें स्थान पर है और उसका नेट रनरेट -0.803 है।  मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी समस्या उनकी मिडिल ओवरों में बल्लेबाजी रही है. टीम अच्छी शुरुआत के बाद विकेट गंवाकर दबाव में आ जाती है. सीएसके के खिलाफ भी यही देखने को मिला, जहां मजबूत स्थिति के बावजूद टीम अचानक बैकफुट पर आ गई. गेंदबाजी में भी टीम पूरी तरह प्रभावी नहीं रही है. कम स्कोर के कारण गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव रहता है, जिसका फायदा विपक्षी टीम आसानी से उठा रही है।  14 अंक भी नहीं होंगे पर्याप्त? मुंबई इंडियंस यदि अपने बाकी के पांच मैच जीतती है, तो भी वो 14 अंकों तक पहुंच पाएगी. अब मुंबई इंडियंस के लिए आगे का रास्ता बेहद कठिन हो गया है. टीम को अपने बचे सभी मैच तो जीतने ही होंगे, साथ ही नेट रनरेट में भी बड़ा सुधार करना होगा. इसके अलावा, उन्हें अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा. यदि मुंबई एक भी मैच हारी, तो वो लगभग टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. गणितीय रूप से भले ही मुंबई अभी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई हो, लेकिन मौजूदा फॉर्म और लगातार हो रही गलतियों को देखते हुए प्लेऑफ में पहुंचना उनके लिए लगभग असंभव नजर आ रहा है।  मुंबई इंडियंस के बचे मुकाबले 4 मई: बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई 10 मई: बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, रायपुर 14 मई: बनाम पंजाब किंग्स, धर्मशाला 20 मई: बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता 24 मई: बनाम राजस्थान रॉयल्स, मुंबई आईपीएल 2026 में एक और करारी हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या का दर्द छलक पड़ा. हार्दिक ने मान लिया कि इस सीजन उनकी टीम कभी ट्रैक पर आई ही नहीं. मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने साफ शब्दों में कहा, "यह हमारा सीजन नहीं है. सीएसके हर विभाग में बेहतर रही. उन्होंने बेहतर गेंदबाजी की, बेहतर बल्लेबाजी की और फील्डिंग भी शानदार रही।  हार्दिक पंड्या ने यह भी स्वीकार किया कि अगर उनकी टीम 180-190 रन तक पहुंच पाती, तो मुकाबला अलग हो सकता था. लेकिन मुंबई की बल्लेबाजी कभी लय में नहीं आई और टीम पूरे मैच में दबाव में दिखी. गेंदबाजी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीम के पास जो विकल्प थे, उसी के साथ उन्हें उतरना पड़ा. हार्दिक कहते हैं, "हमें शायद कुछ अलग करना पड़ता, लेकिन सच कहूं तो हमें बल्लेबाजों को आउट करने के लिए 'फायरबॉल' की जरूरत थी।  कुल मिलाकर मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन एक ऐसी कहानी बन गया है, जहां हर मैच में वही गलती दोहराई जा रही है. अगर तुरंत बदलाव नहीं हुआ, तो पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम इस बार प्लेऑफ से बाहर होती नजर आ रही है। 

विनेश फोगाट ने बृजभूषण सिंह पर लगाया शोषण का आरोप, डर का सामना करने की बात की

चंडीगढ़  सीनियर महिला पहलवान विनेश फोगाट ने रविवार को चेतावनी दी कि गोंडा में आगामी राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के दौरान उनके या उनकी टीम के सदस्यों के साथ कुछ भी अप्रिय घटना होने पर भारत सरकार जिम्मेदार होगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में ''पक्षपातपूर्ण फैसलों'' की आशंका भी जताई। विनेश ने लगभग 18 महीनों के बाद वापसी करने से पहले एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि बृज भूषण शरण सिंह से जुड़े स्थल पर होने वाली प्रतियोगिता के परिणामों पर भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख के करीबी व्यक्ति प्रभाव डाल सकते हैं। वहीं विनेश ने खुलासा किया है कि वह उन छह महिला पहलवानों में से एक हैं, जिन्होंने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। भारत सरकार जिम्मेदार होगी विनेश ने कहा, ''प्रतियोगिता के दौरान अगर मेरे, मेरी टीम या समर्थकों के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसके लिए भारत सरकार जिम्मेदार होगी।'' उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मीडिया और खेल समुदाय से आयोजन स्थल पर उपस्थित रहने का आग्रह किया। विनेश ने कहा, ''यह टूर्नामेंट ऐसी जगह आयोजित किया जा रहा है जहां उनका (बृज का) काफी प्रभाव है। किसी मुकाबले में कौन रेफरी होगा, कितने अंक दिए जाएंगे, मैट चेयरमैन कौन होगा, सब कुछ उनके और उनके लोगों के नियंत्रण में है।'' पिछले कुछ महीनो से अभ्यास कर रही इस 31 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि वह ''ईमानदारी से'' कुश्ती में वापसी करना चाहती हैं और देश के लिए फिर से पदक जीतना चाहती हैं, लेकिन उन्होंने निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को लेकर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ''मुझे किसी तरह का विशेषाधिकार या विशेष व्यवहार नहीं चाहिए। मैं बस इतना चाहती हूं कि परिणाम प्रदर्शन के अनुकूल हों।'' गौरतलब है कि विनेश अब राजनीतिज्ञ भी हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2024 में कांग्रेस के टिकट पर जुलाना निर्वाचन क्षेत्र से हरियाणा राज्य विधानसभा चुनाव जीता था। छह महिला पहलवानों में से एक हूं विनेश ने एक ऐसे माहौल में प्रतिस्पर्धा करने के मानसिक दबाव पर भी चिंता व्यक्त की जिसे उन्होंने शत्रुतापूर्ण करार दिया, क्योंकि वह सिंह के खिलाफ चल रहे यौन उत्पीड़न मामले में एक शिकायतकर्ता है। विनेश ने पीड़ितों की पहचान और गरिमा को लेकर उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि परिस्थितियों के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलने के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने कहा, ''मैं उन छह महिला पहलवानों में से एक हूं जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई है। मामला अभी अदालत में है और गवाहों से पूछताछ चल रही है। उससे जुड़े किसी स्थान पर प्रतिस्पर्धा करना, जहां अधिकतर लोग उससे संबंधित हो सकते हैं, मुझ पर अत्याधिक मानसिक दबाव बनाता है।'' विनेश ने कहा, ''मुझे संदेह है कि मैं उस माहौल में अपना शत प्रतिशत दे पाऊंगी।'' उन्होंने अधिकारियों पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और खेल मंत्रालय ''तमाशबीन की तरह देख रहे थे'' और उन्होंने सिंह को ''पूरी छूट'' दे दी थी। विनेश गोंडा में महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। इससे पहले वह 50 किलोग्राम और 53 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर चुकी हैं। विनेश ने 2024 में पेरिस ओलंपिक खेलों में अधिक वजन के कारण फाइनल से अयोग्य घोषित होने के बाद से किसी प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया है। उससे पहले सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर प्रमुख पहलवानों और डब्ल्यूएफआई के बीच लंबे समय तक गतिरोध बना रहा था।