samacharsecretary.com

DDPO की रीडर गिरफ्तार, ऐसा फर्जीवाड़ा कि सुनकर रह जाएंगे स्तब्ध

चंडीगढ़ विजिलेंस ब्यूरो ने डी.डी.पी.ओ. जालंधर की रीडर राजवंत कौर को गिरफ्तार किया है। उसने जालंधर जिले के ढड्डा गांव के एक शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता, जो ढड्डा गांव की सरपंच है, द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच की गई। ढड्डा गांव में बनी धर्मशाला को वाल्मीकि समिति ने अपने कब्जे में ले लिया था, जिसके बाद ग्राम पंचायत ने डी.डी.पी.ओ. जालंधर में मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान, यह बात सामने आई कि राजवंत कौर ने धर्मशाला मामले में अपने पक्ष में आदेश प्राप्त करने के बदले में शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी ने शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों से 50,000 रुपये की रिश्वत ले ली। रिश्वत लेते समय की घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। विजिलेंस ब्यूरो रेंज पुलिस स्टेशन, जालंधर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। 

DRI का पंजाब में शिकंजा कसना: दो आरोपी दबोचे, अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़

लुधियाना  लुधियाना में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक कार से 103 किलो गांजा बरामद किया है। यह नशा एक खास तरीके से तस्करी किया जा रहा था, जिसे डी.आर.आई. की टीम ने पकड़ लिया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद नशे की बाजार में कीमत करीब 31 लाख रुपए बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, डी.आर.आई. को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग नशे की बड़ी खेप लेकर लुधियाना की ओर आ रहे हैं। इस सूचना के बाद, डी.आर.आई. टीम ने साहनेवाल के पास एक कार को रुकवाया और उसकी जांच शुरू की। टीम को कार के फर्श में छिपाए गए पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। कुल 74 पैकेट खाकी रंग की टेप से लिपटे हुए थे और ये पैकेट कार के फ्रंट और रियर फ्लोर में बनाए गए विशेष कमरों में छिपाए गए थे। इस तस्करी को अंजाम देने के लिए तस्करों ने कार की बॉडी को मोडिफाई कर लिया था, जिससे गांजा आसानी से छिपा लिया गया था। डीआरआई के अधिकारियों ने बताया कि यह तरीका तस्करों द्वारा नशे की तस्करी करने का नया तरीका है, जिसमें वे वाहनों के फ्लोर को बदलकर उसमें गांजा या अन्य नशीली सामग्री छिपाते हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से आई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। डी.आर.आई. टीम ने कार और गांजा दोनों जब्त कर लिए हैं और अब मामले की गहन जांच की जा रही है। 

सीमा पार पहुंचते ही बदल गई पहचान! ‘नूर हुसैन’ के नाम पर पकड़ी गई सरबजीत, पासपोर्ट ने खोला पूरा मामला

कपूरथला पंजाब के हरे-भरे खेतों से निकलकर करतारपुर साहिब की पावन धरती पर सिर झुकाने वाली सरबजीत कौर की कहानी अब एक रहस्यमयी मोड़ पर पहुंच चुकी है। 52 वर्षीय यह सिख महिला गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश गुरपुरब पर पाकिस्तान गई थी, लेकिन अचानक लापता हो गई। अब पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर एक निकाहनामा वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरबजीत ने इस्लाम कबूल कर लिया है, अपना नाम 'नूर' रख लिया है और शेखुपुरा के एक स्थानीय युवक नासिर हुसैन से शादी कर ली है। यह खुलासा न सिर्फ उसके परिवार को स्तब्ध कर रहा है, बल्कि पंजाब पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज तीन पुराने केसों और पासपोर्ट में गड़बड़ी ने पूरे मामले को और उलझा दिया है।   सरबजीत कौर के अचानक लापता होने और उसके बाद धर्म परिवर्तन व निकाह के दावों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सरबजीत कपूरथला की रहने वाली है और 4 नवंबर को वाघा-अटारी बॉर्डर पार कर करीब 1,992 सिख तीर्थयात्रियों के साथ पाकिस्तान रवाना हुई थी। लेकिन 10 दिन बाद 13 नवंबर को जत्था भारत लौटा, तो कौर उनके साथ वापस नहीं आई। उर्दू निकाहनामा वायरल, लेकिन प्रमाणिकता संदिग्ध पाकिस्तान के कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सरबजीत कौर ने इस्लाम कबूल कर अपना नाम 'नूर हुसैन' रख लिया और शेखुपुरा निवासी नासिर हुसैन से निकाह कर लिया। सोशल मीडिया पर एक उर्दू निकाहनामा वायरल हो रहा है, जिसके अनुसार यह निकाह शेखुपुरा की एक मस्जिद में हुआ। हालांकि, किसी भी भारतीय मीडिया संस्था ने इस दस्तावेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। यात्रा दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि कौर के यात्रा दस्तावेजों में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। उसके पासपोर्ट पर पता मलौत (जिला मुक्तसर) का दर्ज है, न कि कपूरथला का। पासपोर्ट में पिता का नाम दिया गया है, जबकि वह पिछले काफी समय से अपने पति के घर अमानीपुर में रह रही थी। पाकिस्तान में एंट्री करते समय उसने इमिग्रेशन फॉर्म में नागरिकता से जुड़े कॉलम खाली छोड़ दिए, जो एक गंभीर प्रक्रिया-उल्लंघन माना जा रहा है। परिवार और आपराधिक मामलों का इतिहास सामने आया कपूरथला पुलिस के अनुसार, सरबजीत कौर के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं- दो कपूरथला सिटी में और एक बठिंडा के कोट फत्ता में। ये सभी मामले धोखाधड़ी और ठगी से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन मामलों की पृष्ठभूमि दोबारा खंगाल रही है। इसके अलावा, SHO निर्मल सिंह ने बताया कि कौर के दो बेटों- लवजोत सिंह और नवजोत सिंह पर कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से कई मामलों में सुनवाई चल रही है। दोनों फिलहाल जमानत पर हैं। पाकिस्तान जाने से पहले, सरबजीत कौर अपने पति करनैल सिंह के घर अमानीपुर में रह रही थी। पति लगभग तीन दशकों से इंग्लैंड में रह रहा है। सरबजीत तलाकशुदा है और उसकी पिछली शादी से दो बेटे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस परिवार के बारे में चुप्पी साध रखी है। पुलिस और सरकारी एजेंसियां सतर्क कपूरथला तथा अन्य जिलों की पुलिस अब कौर की पृष्ठभूमि, पाकिस्तान जाने के इरादे, दस्तावेजों की विसंगतियों और सोशल मीडिया पर आए निकाहनामा की जांच कर रही है। फिलहाल, भारतीय एजेंसियां पाकिस्तान से आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रही हैं कि सरबजीत कौर की स्थिति क्या है- क्या वह वास्तव में धर्म परिवर्तन कर चुकी है या मामला किसी बड़े नेटवर्क या व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है।

गांवों के लिए खुशखबरी! पंजाब सरकार दिसंबर के आखिर तक जारी करेगी नया फैसला

चंडीगढ़/जालंधर पंजाब सरकार ने राज्य के गांवों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 332 करोड़ रुपए की महत्वपूर्ण किस्त जारी करने की घोषणा की है। इसी क्रम में 334 करोड़ रुपए की अगली किश्त दिसंबर के अंत तक या जनवरी के पहले सप्ताह में जारी कर दी जाएगी। पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस किस्त का उपयोग गांवों में सैनिटेशन बॉक्स स्थापित करने सहित ग्राम पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। 156 करोड़ रुपए की ग्रांट अनटाइड फंड्स के रूप में दी जा रही है, जिसका उपयोग ग्राम पंचायतें अपने क्षेत्राधिकार में किसी भी विकास कार्य के लिए कर सकती हैं। 176 करोड़ रुपए टाइड फंड्स के रूप में उपयोग किए जाएंगे, जिनका इस्तेमाल केवल गांवों में सैनिटेशन से जुड़े कामों के लिए किया जा सकेगा। समूची ग्रांट को ग्राम पंचायत, पंचायत समितियों और जिला परिषदों में 70:20:10 के अनुपात में बांटा जाएगा। ग्रामीण विकास कार्यों के लिए 22 जिलों में कुल 3,329,750,900 रुपये (जिसमें 1,766,319,970 रुपये के कुल टाइड फंड और 1,563,430,930 रुपये के कुल अनटाइड फंड शामिल हैं) आवंटित किए गए हैं। सबसे अधिक आवंटन प्राप्त करने वाले जिले लुधियाना (200,143,127 रुपये टाइड फंड; 133,905,292 रुपये अनटाइड फंड), होशियारपुर (170,847,451 रुपये टाइड फंड; 114,305,089 रुपये अनटाइड फंड) और गुरदासपुर (165,563,924 रुपये टाइड फंड; 110,770,166 रुपये अनटाइड फंड) हैं। इनके अलावा विकास ग्रांट प्राप्त करने वाले अन्य प्रमुख जिलों में संगरूर, पटियाला, जालंधर, फिरोजपुर, फाज़िल्का, मोगा, शहीद भगत सिंह नगर, श्री मुक्तसर साहिब और तरनतारन शामिल हैं। बिट्टू पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा पंजाब सरकार पर केंद्रीय फंडों के उपयोग को लेकर लगाए गए आरोपों के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री की टिप्पणियां उनकी जानकारी की कमी और SNA स्पर्श प्रणाली के बारे में समझ की कमी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार द्वारा राज्य के हिस्से का योगदान (केंद्र और राज्य के बीच साझेदारी पैटर्न के अनुसार) जमा किए जाने के बाद केंद्र सरकार अपना हिस्सा सीधे RBI खाते में जमा कराती है। इसलिए यह SNA स्पर्श पद्धति केंद्र सरकार और पंजाब सरकार दोनों के फंडों से वास्तविक समय में भुगतान सुनिश्चित करती है। उन्होंने रवनीत बिट्टू से गलत जानकारी फैलाने से बचने और राजपुरा–चंडीगढ़ रेलवे लाइन परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा राज्य के साथ साझा की गई लेआउट योजना को सार्वजनिक करने की अपील की। 

जाली नोटों का बड़ा रैकेट बेनकाब! पंजाब पुलिस ने बरामद किए करोड़ों के फर्जी रुपये

डेराबस्सी डेराबस्सी में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय जाली करंसी गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें 9 करोड़ 99 लाख 5 हज़ार रुपये की नकली और प्रतिबंधित करंसी बरामद की गई, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मोहाली के एस.एस.पी. हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन निवासी भारत नगर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) और गुरदीप निवासी गुरदेव नगर, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है। एस.एस.पी. ने बताया कि जाली करंसी अपराध में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में गोपनीय सूचना मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए, एस.पी. ग्रामीण मनप्रीत सिंह और डी.एस.पी. डेराबस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ की देखरेख में विशेष टीमों का गठन किया गया। इंस्पेक्टर सुमित मोर (थाना प्रभारी, डेराबस्सी) और इंस्पेक्टर मलकीत सिंह (प्रभारी, एंटी-नारकोटिक्स सेल) के नेतृत्व में टीमों ने पुराने अंबाला-कालका राजमार्ग पर घग्गर पुल के पास एक चेक पोस्ट स्थापित की। एक सफेद स्कॉर्पियो में सवार संदिग्धों को रोका गया, जिनसे 11,05,000 रुपये मूल्य की असली प्रतिबंधित मुद्रा और 9 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य की नकली करंसी बरामद की गई। 

सुबह-सुबह ED की Raid, नामी एक्सपोर्टर के घर-दफ्तर और फैक्ट्री पर छापेमारी

फगवाड़ा फगवाड़ा में सुबह सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा एक नामी एक्सपोर्टर के घर, दफ़्तर और फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी करने की सनसनीखेज सूचना मिली है।  फगवाड़ा पहुंची ED की टीम में बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल हैं, जो एक्सपोर्टर के निवास स्थान, कार्यालय और फैक्ट्री के अंदर दस्तावेज़ों व लेन-देन की बारीकी से जांच कर रहे हैं। ED किस कारण से इस एक्सपोर्टर के प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है, यह खबर लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं तेज़ हैं और कई लोग इसे बड़े घोटाले से जुड़ा मामला मान रहे हैं। बता दें कि जिस एक्सपोर्टर के ठिकानों पर रेड चल रही है, उससे संबंधित अब तक ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि इस छापेमारी के पीछे बड़े कारण हैं और आने वाले समय में सनसनीखेज खुलासे होने की संभावना है। 

पंजाब के किसानों का दिल्ली मार्च शुरू, शंभू बॉर्डर बंद—हरियाणा में ट्रैफिक रूट बदलें

अंबाला  पंजाब के कुछ संगठनों ने आज दिल्ली कूच की घोषणा की है। इसके मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने दिल्ली रूट के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी है। यह एडवाइजरी सुबह 5 बजे से प्रभावी हो गई है। पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है। दिल्ली से अंबाला तक यातायात सामान्य एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि दिल्ली से अंबाला तक आने-जाने वाले मार्ग पर किसी प्रकार का व्यवधान नहीं रहेगा। इस रूट पर यात्रियों को यात्रा में किसी बड़ी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।   शंभू बॉर्डर रहेगा बंद अंबाला से पटियाला की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी जारी करते हुए पुलिस ने बताया कि शंभू बॉर्डर पूर्णतः बंद रहेगा। इस कारण पटियाला दिशा में यातायात पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। इन वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करें शाहाबाद → साहा → पंचकूला → चंडीगढ़ मार्ग अंबाला → ललड़ू → जीरकपुर → राजपुरा मार्ग पुलिस सहायता 24×7 उपलब्ध किसी भी आपात स्थिति या ट्रैफिक संबंधी समस्या में यात्री 112 पर कॉल कर सकते हैं। पुलिस ने कहा है कि उनकी टीमें लगातार तैनात हैं और हर स्थिति में सहायता के लिए तैयार हैं।

लुधियाना में धमाका, बुरी तरह झुलसे लोग, मची अफरा-तफरी

लुधियाना(खुराना) लुधियाना के औद्योगिक क्षेत्र नीची मंगली में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने से अचानक भीषण आग भड़क उठी। हादसा इतना तेज था कि वहां मौजूद तीन लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम पहुंच चुकी है और हालात को नियंत्रण में करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

स्वास्थ्य में क्रांति: पंजाब सरकार देगी 10 लाख रुपये तक का फ्री ट्रीटमेंट

जालंधर पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक के इलाज की मुफ़्त सुविधा दी जा रही है। मान सरकार का उद्देश्य है कि राज्यवासियों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और कागज़ रहित इलाज सुनिश्चित किया जा सके। राज्यवासियों का कहना है कि मान सरकार द्वारा चलाई गई यह योजना लोगों के लिए एक बेहतरीन पहल है। इस योजना के तहत हर व्यक्ति, चाहे वह गरीब हो या अमीर, अपना इलाज करवा सकता है। इस योजना से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। अब गरीब परिवार भी बड़े-बड़े अस्पतालों में अपना इलाज करवा सकते हैं, जबकि पहले वहां इलाज के लिए पहले पैसे देखे जाते थे और फिर इलाज होता था।  

अलर्ट! तेजी से फैल रही गंभीर बीमारियाँ, मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

चंडीगढ़  विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू,एच.ओ.) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों ने भारत में नई चुनौतियां पैदा कर दी हैं और भारत मधुमेह की राजधानी बनता जा रहा है। 2025 तक 7 करोड़ से ज्यादा लोग इससे पीड़ित होने की आशंका है। ज्यादातर मौतें हृदय रोग के कारण होती हैं। पिछले 30 सालों में हृदय रोगियों की संख्या दोगुनी हो गई है। हृदय रोग पहले पांचवें नंबर पर था, लेकिन अब यह देश की सबसे बड़ी बीमारी बन गया है। एक अध्ययन के अनुसार, पिछले तीन दशकों में भारत में लोगों के स्वास्थ्य को हुए नुकसान में हृदय, सी.ओ.पी.डी., मधुमेह और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का सबसे बड़ा योगदान रहा है। डब्ल्यू.एच.ओ. की रिपोर्ट के अनुसार, देश में 70 प्रतिशत ओ.पी.डी. सेवाएं, 58 प्रतिशत भर्ती मरीज और 90 प्रतिशत दवाइयां और जांचें निजी हाथों में हैं। अच्छा इलाज आम आदमी की पहुंच से बाहर है। भारत में सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता है। गैर-संचारी रोगों से होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। दक्षिण एशियाई क्षेत्र में लोगों के जीवन का एक बड़ा हिस्सा खराब स्वास्थ्य के कारण होता है और गैर-संचारी (एन.सी.डी.) रोग इसका एक प्रमुख कारण बनकर उभरे हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि भारत की स्वास्थ्य प्रणाली पर रोगों का 58 प्रतिशत बोझ गैर-संचारी रोगों के कारण है, जो 1990 में 29 प्रतिशत था। वायु प्रदूषण, उच्च रक्तचाप और खराब आहार इसके मुख्य कारण हैं। 1970 में औसत जीवन प्रत्याशा 47.7 वर्ष थी, जो 2020 में बढ़कर 69.6 वर्ष हो गई है। डॉक्टरों और नर्सों के अनुपात में अपेक्षाकृत सुधार हुआ है, लेकिन समग्र स्थिति अभी भी कमजोर है। 10,000 लोगों पर केवल 9 डॉक्टर और 24 नर्स हैं। इतने ही लोगों पर केवल नौ फार्मासिस्ट हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में हृदय रोग विशेषज्ञों की कमी यहां यह उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में हृदय रोग विशेषज्ञों की भारी कमी है, जिसके कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को अपना इलाज कराने में कठिनाई होती है, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं होते और वे निजी अस्पतालों में महंगा इलाज नहीं करा पाते। सरकारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। मधुमेह रोगियों की संख्या बढ़ रही है भारत में कुल 11.4 प्रतिशत लोग मधुमेह और 36 प्रतिशत उच्च रक्तचाप के रोगी हैं। 15.3 प्रतिशत लोग प्री-डायबिटीज के रोगी हैं। पंजाब में उच्च रक्तचाप के रोगियों की संख्या सबसे अधिक है, जो 51.8 प्रतिशत है। मद्रास डायबिटीज रिसर्च फाउंडेशन ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के सहयोग से यह अध्ययन किया। इसमें यह भी पाया गया कि भारत में 28.6 प्रतिशत लोग मोटे हैं। राज्यों में, गोवा में मधुमेह के सबसे अधिक मामले (26.4 प्रतिशत) हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में सबसे कम (4.8 प्रतिशत) हैं। अध्ययन में कहा गया है कि 2017 में भारत में लगभग 7.5 प्रतिशत लोग मधुमेह से पीड़ित थे। इसका मतलब है कि तब से यह संख्या 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई है। गैर-संचारी रोगों में तेजी से वृद्धि का मुख्य कारण खराब खान-पान, शारीरिक गतिविधि की कमी और तनाव को माना जा सकता है। दिल का दौरा जानलेवा: डॉ. अमनप्रीत सिंह डॉ. अमनप्रीत सिंह ने कहा कि दिल का दौरा एक जानलेवा स्थिति है। जो पिछले कुछ वर्षों में काफी आम हो गई है। सीने में दर्द दिल के दौरे का सबसे आम चेतावनी संकेत है। दिल के दौरे के लक्षण सीने में दर्द या बेचैनी, सांस लेने में तकलीफ, बांहों, कंधों या गर्दन में दर्द, पसीना आना, चक्कर आना। कई लोगों को दिल के दौरे के चेतावनी संकेतों का बिल्कुल भी एहसास नहीं होता। दिल का दौरा तब पड़ता है जब हृदय तक रक्त की आपूर्ति बंद हो जाती है। अगर ऑक्सीजन युक्त रक्त हृदय तक नहीं पहुंच पाता, तो यह हृदय को नुकसान पहुंचाता है। परिणामस्वरूप हृदय की मांसपेशियां काम करना बंद कर देती हैं। जब आपके हृदय को पर्याप्त रक्त और ऑक्सीजन नहीं मिलती, तो वह ठीक से काम नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि हर साल लाखों लोग दिल के दौरे से मरते हैं। ऐसा माना जाता है कि सर्दियों के मौसम में दिल के दौरे का खतरा ज़्यादा होता है। सर्दी शुरू होते ही दिल के दौरे के मामले बढ़ने लगते हैं। दिल का दौरा किसी भी मौसम में पड़ सकता है, लेकिन सर्दियों में इसका खतरा ज़्यादा होता है। सर्दियों में दिल के दौरे के मामले बढ़ जाते हैं। सर्दियों में कम तापमान के कारण, हमारे हृदय को रक्त पहुंचाने वाली धमनियां सिकुड़ जाती हैं। इस वजह से हृदय तक रक्त धीरे-धीरे पहुंचता है। दिल के दौरे से बचने के लिए, उचित गर्म कपड़े पहनने चाहिए। सुबह और रात में जब तापमान सबसे कम होता है, घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। अगर आप बाहर जाते भी हैं, तो उचित कपड़े पहनें।