samacharsecretary.com

मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप समिट: सीएम डॉ. यादव ने उद्यमियों से सीधा संवाद किया

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवाओं के विचारों और सपनों के अनुरूप व्यापार-व्यवसाय को गति देने के लिए राज्य सरकार सहयोग करने को सदैव तत्पर है। प्रदेश की स्टार्ट-अप नीति में सभी आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुरूप व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत @ 2047 की संकल्पना को साकार करने के लिए राज्य में सभी व्यवस्थाएं तदनुसार क्रियान्वित की जा रही हैं। प्रदेश के युवा अपनी पहल और नवाचार से देश ही नहीं विदेशों में भी अपना नाम और स्थान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप शिखर सम्मेलन के प्रतिभागियों से रविंद्र भवन के प्रतिकक्ष में राउंड टेबल मीटिंग में यह विचार व्यक्त किए। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप तथा मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन साथ थे। अविष्कार कैपिटल के श्री विनित राय, इंश्योरेंस देखो के अंकित अग्रवाल, आईवीकैप वैंचर्स की सुश्री अंजू गुप्ता, मेडीदेवा टेक्नोलॉजी के डॉ. विशेष कासलीवाल, बेटी इनोवेटिव की संस्थापके सुश्री पूजा दुबे पांडे, आदि ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अपने स्टार्ट-अप के संबंध में अवगत कराया।  

योग शारीरिक व्यायाम ही नहीं वैज्ञानिक प्रक्रिया भी है : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

युवा दिवस पर मॉडल हाई स्कूल में आयोजित किया गया सामूहिक सूर्य नमस्कार का जिला स्तरीय कार्यक्रम. जबलपुर स्वामी विवेकानंद जी की जयंती “युवा दिवस” पर आज पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल  में आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार के जिला स्तरीय कार्यक्रम में डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ अभिलाष पांडे एवं संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत भी शामिल हुये और विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया।  मुख्यमंत्री देवड़ा ने अपने संबोधन में युवाओं और विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी जयंती पर  बधाई  और शुभकामनाएं दी तथा उनके आदर्श एवं सिद्धांतों को अपनाकर शक्तिशाली राष्ट्र के निर्माण और भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के चेतना पुरुष थे। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढियों को हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने योग और सूर्य नमस्कार को व्यावहारिक जीवन में उतारने और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताये हुये कहा योग एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है जो मन को नियंत्रित कर सत्य तक पहुँचने में मदद करती है। इससे मन और शरीर स्वस्थ्य रहता है। योग के माध्यम से व्यक्ति अपने उच्चस्तर स्वरूप को पहचानता है और अपनी क्षमताओं का विकास करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने भारत और अमेरिका (शिकागो विश्व धर्म संसद) में योग का प्रचार किया और विश्व व्यापी बनाया। स्वामी विवेकानंद ने  योग को शारीरिक व्यायाम  ही नहीं बल्कि इसे सम्पूर्ण आध्यात्मिक विज्ञान माना है।  सामूहिक सूर्य नमस्कार के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सन्देश आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारित किया गया। स्वामी विवेकानंद जी द्वारा शिकागो धर्म सम्मेलन में दिए गए भाषण का हिंदी अनुवाद भी कार्यक्रम में प्रसारित किया गया। सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम के प्रारम्भ में राष्ट्रगीत वन्देमातरम का रेडियो से प्रसारण किया गया। आकाशवाणी भोपाल से प्रसारित सन्देश के अनुरूप स्कूली बच्चों ने सूर्य नमस्कार के आसन किये साथ ही प्राणायाम भी किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान की प्रस्तुति से हुआ। सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम के समापन पर जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने आभार प्रदर्शन किया । कार्यक्रम का संचालन संदीपा स्थापक पचौरी ने किया। प्रारम्भ में कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं मॉडल स्कूल के प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया । जिले के मुख्य कार्यक्रम के साथ ही जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सभी शैक्षणिक संस्थाओं में भी आज सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  

योग से ही सशक्त होगा युवा भारत : मंत्री सुश्री भूरिया

स्वामी विवेकानंद जयंती पर झाबुआ में हुआ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार भोपाल महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि योग हमारी सदियों पुरानी परंपरा है, जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को लक्ष्यबद्ध जीवन की प्रेरणा देते हैं। स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं "राष्ट्रीय युवा दिवस" के अवसर पर झाबुआ जिले में योग, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुआ। पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन शैली है, जिसे अपनाकर हम तनावमुक्त, स्वस्थ और ऊर्जावान समाज का निर्माण कर सकते हैं। हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित योग परंपरा को आज की पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का रेडियो के माध्यम से प्रसारण किया गया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थितजनों एवं छात्राओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास किया गया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार में ऋषि कुलम का किया भूमिपूजन

संतों के निवास के लिये प्रथम चरण में बनेंगे तीन ऋषि आश्रम भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार रीवा में ऋषि कुलम का भूमिपूजन किया। वन विहार में संतों के निवास के लिये सर्वसुविधायुक्त तीन ऋषि आश्रम का निर्माण कराया जायेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ऋषि आश्रम की ड्राइंग का अवलोकन किया और निर्देश दिये कि सुविधायुक्त आश्रम का निर्माण तत्काल प्रारंभ करें और गुणवत्ता के साथ बनाये। उन्होंने कहा कि बसामन मामा गौवंश वन विहार की राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हो गई है। गौसंरक्षण के लिये गौ अभयारण्य के साथ ही यहां प्राकृतिक खेती के प्रकल्पों की भी शुरूआत हो गई है। यह प्राकृतिक खेती का बड़ा प्रशिक्षण केन्द्र बनेगा और यहाँ संतों का नियमित प्रवास होता रहेगा। ऋषि आश्रम में रसोई, बैठक कक्ष शयन कक्ष व अन्य आवश्यक व्यवस्थायें भी सुनिश्चित करायें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार में प्राकृतिक खेती का अवलोकन किया और जैविक इनपुट, मिट्टी की उर्वरता तथा बीजामृत से बोई गई फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीजामृत निर्माण व प्राकृतिक खेती के लिये की जाने वाली तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिये जमीन के सुधार से लेकर सभी प्रक्रियाओं का विवरण प्रदर्शित करें जिससे आने वाले किसान इससे भलीभांति अवगत हो सकें और यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेतों में प्राकृतिक खेती प्रारंभ कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र में प्राकृतिक खेती का गहन प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपेक्षा मास्टर ट्रेनर्स से की जिससे वह पूर्ण प्रशिक्षित होकर किसानों को अद्यतन जानकारी दे सकें। उन्होंने कहा कि रीवा जिले को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाना है। हिनौती सहित हरिहरपुर में भी प्राकृतिक खेती में संबंध में किसानों का भ्रमण कराकर उन्हें इसे अपनाने के लिये जागरूक किया जायेगा। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौमाता की पूजा कर ग्रास व गुड़ खिलाया। उन्होंने भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना की। एसडीएम सुश्री दृष्टि जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नंदिनी तिवारी, गौवन विहार संचालन समिति के सचिव डॉ. राजेश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का होता है वास : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

राष्ट्र निर्माण में करें युवा अपनी ऊर्जा का सदुपयोग युवा दिवस पर रीवा में किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है। हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो तब तक अनवरत अपने कार्य में लगे रहना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमें सफलता मिलने पर अहंकारी नहीं होना चाहिए और असफलता मिलने पर निराश भी नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जीवन में बहुत चुनौतियाँ सामने आती हैं। पूरे धैर्य के साथ इनका सामना करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल नशे के विरूद्ध रीवा जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजीनियर श्री नरेन्द्र प्रजापति, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने बहुत कम उम्र में ऐसी ख्याति प्राप्त की जिससे दुनिया में उनका नाम हुआ। स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी साकार हो रही है कि भारत विश्व गुरू बनेगा। 21वीं सदी में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व गुरू बनने के करीब पहुंच चुका है। हमारा देश आर्थिक महाशक्ति के तौर पर उभरा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन न केवल हमें मार्ग प्रशस्त करता है वरन उनके द्वारा दिये गये वाक्य हमें जीवन में आगे बढ़ने में मददगार है। उनके जीवन चरित्र को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्देश्य पूरा करने में समवेत होने का अह्वान उप मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने सभी को युवा दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि योग हमारी सनातन परंपरा का एक अंग है। इसको अपनाने से मनुष्य स्वस्थ एवं चुस्त-दुरूस्त रहता है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि नियमित रूप से सुबह उठकर योग एवं प्राणायाम की प्रक्रियाएं दिनचर्या में शामिल करें। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण युवा दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा में माल्यार्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में उपस्थितजनों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।  

आयुक्त श्री भोंडवे ने मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में अनियमितता पर की कड़ी कार्यवाही

3 उपयंत्रियों सहित 6 अधिकारियों/कर्मचारियों की रोकी गई की वेतनवृद्धियां भोपाल नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने नगर परिषद सोनकच्छ में मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में अनियमितता पाये जाने पर 3 उपयंत्रियों सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कर वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश दिये हैं। आयुक्त श्री भोंडवे के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के अंतर्गत पाईपलाइन के कार्य में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत को सही पाये जाने पर उपयंत्री श्रीमती शिवानी गर्ग और श्री ओमप्रकाश द्विवेदी की 3 वेतनवृद्धियां साथ ही उपयंत्री श्री शशांक शाह की 2 वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकी गई है। इसके अतिरिक्त तत्कालीन सीएमओ श्री सी.एल. कैथल की एक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से तथा श्री मोहम्मद अशफाक खान एवं श्री रवि भट्ट की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई है। आयुक्त श्री भोंडवे ने कहा कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का यह कृत्य घोर लापरवाही, उदासीनता एवं शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर उपेक्षा का परिचायक है। इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।  

हम मानवता के लिए जिएं, अपने देश के लिए जिएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

राष्ट्रीय युवा दिवस : 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों से राष्ट्र के युवाओं में नई ऊर्जा का किया संचार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव सूर्य नमस्कार करें, प्राणायाम करें और व्यक्तित्व के साथ चरित्र का भी करें निर्माण हम मानवता के लिए जिएं, अपने देश के लिए जिएं योग हमारी भारतीय परम्परा का है अहम हिस्सा मुख्यमंत्री ने किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम सुभाष स्कूल में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद जी ने अपने विचारों से राष्ट्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। वे एक महान चिंतक थे और केवल शरीर से बल्कि कर्म से भी युवा थे। उन्होंने कहा कि योग हमारी भारतीय परंपरा का हिस्सा है। सूर्य नमस्कार की यौगिक क्रियाएं हमारे संपूर्ण जीवन का निचोड़ है। यह केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि हमारे जीवन को सामान्यता से उत्कृष्टता की ओर लेकर जाने का बड़ा माध्यम है। हम रोजाना सूर्य नमस्कार में समाहित 12 योग क्रियाओं के जरिए ही अपने शरीर को निरोगी बनाकर सुखी रह सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) के अवसर पर भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योगाचार्यों के मार्गदर्शन में सुभाष स्कूल के सभी बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार के 12-12 क्रियाओं के तीन चक्र और प्राणायाम भी किया। उन्होंने कहा कि योग सदियों से हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सूर्य नारायण के प्रकाश से ही जीवन की सार्थकता होती है सिद्ध मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सूर्य नारायण संपूर्ण सृष्टि को प्रकाश देकर ऊर्जा का संचार करते हैं। भारतीय संस्कृति के सभी पर्व एवं त्योहारों की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ होती है, जो सूर्य नारायण की आराधना का प्रतीक है। सूर्य नारायण के प्रकाश से ही जीवन की सार्थकता सिद्ध होती है और शरीर ऊर्जा से सराबोर होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आहवान किया कि वे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए स्वयं को तैयार करें। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए नवाचार और नवनिर्माण करें। प्राचीन समृद्ध संस्कृति और विरासत का संरक्षण करें। स्वदेशी को प्रोत्साहित करें। अपने बच्चों को किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सिर्फ अपने पाठ्यक्रम के अध्ययन तक ही सीमित न रहें, बल्कि जीवन की व्यवहारिकता से भी परिचित हों। नशे की लत और जंक फूड से बनाएं दूरी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वाध्याय भी ज्ञान अर्जन का एक सशक्त माध्यम है। सभी को स्वाध्याय करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नशे की लत और जंक फूड से हमेशा के लिए दूरी बनाएं। जंक फूड शरीर को विकृति की ओर ले जाते हैं। इन्हें कम से कम खाएं। पेड़ लगाएं। प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक व्यायाम के लिए अवश्य निकालें। अपना कोई एक पसंदीदा खेल जरूर खेलें। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहें। अपने व्यक्तित्व के साथ चरित्र का भी निर्माण करें। अपनी भावनाएं परिवार और दोस्तों के साथ साझा करें, हताशा से नहीं, हमेशा आशा से भरे रहें। आधुनिकतम तकनीक का पूरी समझ और संवेदनाओं के साथ उपयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति वसुधैब कुटुम्बकम की परोपकारी भावना पर आधारित है। हम सब अपने जीवन के प्रत्येक पल को आनंद से जिएं। मानवता, समाज, प्रकृति और खुद के साथ दूसरों का जीवन बेहतर बनाने की भावना के साथ आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज से 1000 साल पहले गजनी के महमूद ने भगवान सोमनाथ के मंदिर पर आक्रमण कर उसे नष्ट-भ्रष्ट करने का प्रयास किया था। हमें गर्व है कि भारतीय संस्कृति का यह जीवंत प्रतीक पूरे गौरव के साथ चट्टान की तरह आज भी खड़ा है। एक संकेत पर, एक साथ हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम सुभाष स्कूल में सुबह राष्ट्रगीत वंदेमातरम् गायन के साथ राज्य स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम की शुरूआत हुई। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी द्वारा अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में दिए गए उनके ऐतिहासिक संबोधन का प्रसारण भी किया गया। तदुपरांत सभी ने एक समय में, एक संकेत पर, एक साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। इस कार्यक्रम का आकाशवाणी के सभी केन्द्र के जरिए प्रदेशभर के स्कूलों में सीधा प्रसारण किया गया। जिलों में भी योगधर्मियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दिए गए मार्गदर्शन के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ हुआ। उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर पहली बार वर्ष 2007 में राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। तब से लगातार यह आयोजन हो रहा है। भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, रविंद्र यति, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता, संचालक लोक शिक्षण डी.एस. कुशवाहा सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर किया माल्यार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती पर पालिटेक्निक चौराहे पर आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में स्वामी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी जी अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान देने का काम किया। वे विज्ञान में स्नातक थे, परंतु अपने गुरू के प्रभाव में आने के बाद उन्होंने श्रीरामकृष्ण मिशन के जरिए समाज में जनचेतना जागृत करने का बीड़ा उठाया। इस पुनीत कार्य के लिए हम भारतवासी सदैव उनके ऋणी रहेंगे। वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हम सब स्वामी जी के बताए मार्गों और आदर्शों … Read more

गौमांस विवाद पर नगर निगम अध्यक्ष ने लिया सख्त रुख, दोषियों को छोड़ने की नहीं होगी कोई गुंजाइश

भोपाल  भोपाल में सामने आए गौमांस मामले को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है. नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने इस पूरे मामले पर बेहद सख्त और आक्रामक रुख अपनाया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चाहे असलम चमड़ा हो या कहीं का भी चमड़ा, अगर कोई इस तरह के अपराध में लिप्त पाया गया तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा. अपराधी ही नहीं, संरक्षण देने वाले भी नहीं बचेंगे किशन सूर्यवंशी ने कहा कि इस तरह के मामलों में सिर्फ अपराध करने वाले ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारी या कोई भी व्यक्ति भी कार्रवाई से नहीं बचेगा. उनका कहना था कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है, तो चाहे वह छोटा हो या बड़ा, कानून अपना काम करेगा. हिंदू संगठनों ने पकड़ा था वाहन नगर निगम अध्यक्ष ने बताया कि इस पूरे मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एक संदिग्ध वाहन पकड़ा था. उस वाहन में गौमांस होने की बात सामने आई है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया. रिपोर्ट में दोषी निकला तो सख्त कार्रवाई तय सूर्यवंशी ने कहा कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है. उन्होंने दो टूक कहा कि अगर आधिकारिक रिपोर्ट में गौमांस की पुष्टि होती है और कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.  

शासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका में है जनअभियान परिषद: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

गांव और ग्रामीण ही देश के विकास की धुरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव शासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका में है जनअभियान परिषद ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान में 12 से 26 जनवरी तक मनेगा ग्राम विकास पखवाड़ा 313 विकासखंडों के दो-दो युवाओं को जनअभियान परिषद द्वारा दिया जा रहा है प्रशिक्षण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया राज्यव्यापी ग्राम विकास पखवाड़े के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हर तरफ विकास की बयार है। गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी और विकास कार्यक्रमों का लाभ पहुंच रहा है। गांव और ग्रामीण ही देश के विकास की धुरी है। इनकी मजबूती में ही देश की मजबूती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनअभियान परिषद शासन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका में है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में जनअभियान परिषद का योगदान नि:संदेह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सबके समन्वित प्रयासों से हम ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश का लक्ष्य प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में 'ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा 12 से 26 जनवरी तक प्रदेश में आयोजित किये जा रहे 'ग्राम विकास पखवाड़े' के 'राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम' का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस पखवाड़े में की जाने वाली गतिविधियों के बारे में परिषद द्वारा प्रदेश के 313 विकासखंडों से प्रत्येक विकासखंड से आये 2-2 युवाओं को दो दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती से इस ग्राम विकास पखवाड़े का आयोजन प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि हम सबको अपनी ग्रामीण संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखना है। हम सबको राष्ट्र विरोधी ताकतों से एकजुट होकर लड़ना होगा। यही राष्ट्र सेवा और समाज सेवा है। सबके सहयोग से ही हमारी भावना बलवति होगी, फलवती होगी। गांव के विकास में सरकार हर सहयोग करेगी। गांव-गांव तक विकास की बात पहुंचेगी तभी हमारा मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनअभियान परिषद् की नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से युवा साथी सरकार के विभिन्न विभागों की दो वर्ष की उपलब्धियों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाएं। ये साथी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और अभिलाषाओं के अनुरूप विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं, जिससे प्रदेश के सभी नागरिक भी इस संकल्प को साकार करने में सरकार के सहयोगी बनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस अभियान में ग्राम स्तर पर उत्सव, चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान और परिवार सम्पर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण एवं जल का संरक्षण, स्वदेशी एवं स्वावलंबन पर बल देकर जैविक कृषि एवं गौ-संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही शिक्षा संपन्न और संस्कारवान समाज,सामाजिक समरसता को बढ़ावा देकर नागरिक सेवा के भाव का विकास तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार के विभिन्न विभागों का मैदानी अमला भी सक्रिय रूप से इस अभियान में सहभागिता करेगा। वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिलजुलकर इसे मजबूत बनाना है। स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय दर्शन को दुनिया तक पहुंचाया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के विकास का सपना देखा है, हम सबको मिलजुलकर यह सपना पूरा करना है। सरकार सबके हित में काम कर रही है, उसे नीचे तक ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जन अभियान परिषद् सरकार का सहयोगी बनकर, सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और ग्राम विकास के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने मदद करेंगे। जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन नागर ने कहा कि शिक्षा ही समग्र विकास की धुरी है और हम इसी लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। हम ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बतायाकि इस अभियान के जरिए परिषद् की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद् से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह ग्राम विकास पखवाड़ा प्रदेश की चुनिदां 13 हजार ग्राम पंचायतों में 12 जनवरी से एक साथ प्रारंभ हो गया है। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।  

भोपाल में चाइनीज मांझा के खिलाफ जागरुकता अभियान, लोगों को उपयोग न करने की अपील

भोपाल  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चाइनीज मांझा का उपयोग रोकने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। शहर में अलग-अलग टीम लोगों तक पहुंचकर उन्हें चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने की सलाह देगी। भोपाल और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जाएगा। क्यों कि पिछले एक दो साल में चाइनीज मांझा के इस्तेमाल से कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी है। ताजा मामले की बात करे तो कल रविवार को इंदौर में एक शख्स का गला कटने से दर्दनाक मौत हुई थी। दरअसल, राजधानी में चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करना, बेचना और खरीदने पर प्रतिबंध है। इस संबंध में बीते दिनों पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने आदेश जारी किया था। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 (2) के तहत निर्णय लिया गया था। भोपाल शहर की सीमा में पतंगबाजी में चाइनीज मांझे का उपयोग, विक्रय एवं भण्डारण बैन किया गया था। इसके अलावा जो भी व्यक्ति चाइनीज मांझे के साथ पकड़ा जाएगा, पुलिस उस पर कड़ी कार्रवाई करेगी। आपको बता दें कि भोपाल पुलिस ने पक्षियों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया था। क्यों कि हर साल चाइनीज मांझे से लोग गंभीर हादसे का शिकार हुए है। कई लोगों को जानलेवा चोटें आई है। प्रशासन ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षित मांझे का ही उपयोग करें। चाइनीज मांझे की सूचना पुलिस को तुरंत दें, ताकि हादसों को रोका जा सके।