samacharsecretary.com

धनबाद में मेयर और 55 वार्ड पार्षद पदों की नामांकन प्रक्रिया शुरू

धनबाद. नगर निकाय चुनाव के धनबाद नगर निगम के मेयर और 55 वार्ड पार्षद के लिए नामांकन गुरुवार की सुबह 10 बजे से आरंभ हो गया। इसको लेकर उपायुक्त कार्यालय में पूरी तैयारी कर ली गई है। सुबह 9:30 बजे से ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनबाद लोकेश बारंगे उपायुक्त कार्यालय में तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। मेमको मोड़ से लेकर निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय तक का उन्होंने निरीक्षण किया। दो जगहों पर रोके जाएंगे समर्थक नामांकन को लेकर सुरक्षा पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। उपायुक्त कार्यालय के अंदर अत्यधिक भीड़ न हो और चुनाव के अलावा अन्य कामों में बाधा न पहुंचे इसका विशेष ख्याल रखा गया है। इसके लिए सबसे पहले मेमको मोड़ और निरंकारी चौक पर बैरियर लगाया गया है। यहां से प्रत्याशियों के केवल तीन वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति है। इसके अलावा दूसरा बैरियर उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट पर है। प्रत्याशियों को अपना वाहन यहीं छोड़ना होगा। इसके बाद वे अपने प्रस्तावक और अधिवक्ता के साथ ही अंदर जा पाएंगे। इन जगहों पर पुलिस की तैनाती की गई है। पूर्व मेयर करेंगे नामांकन  धनबाद नगर निगम के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल गुरुवार को अपना नामांकन करेंगे। नामांकन से पूर्व वे झरिया के श्री श्याम मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद समर्थकों के साथ उपायुक्त कार्यालय धनबाद के लिए रवाना होंगे। इस बीच वे धनबाद के शक्ति मंदिर में पूजा करेंगे।

खड़े ट्रेलर में स्लीपर बस घुसने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत

भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सेवर थाना क्षेत्र में लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस बीच हाईवे पर खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेलर खराब था जो बीच हाईवे पर खड़ा था। ट्रेलर चालक ने कोई खराब का संकेत नहीं लगा रखा था। बस चालक को लगा ट्रेलर चल रहा है, इसी के चलते हादसा हुआ। मौके पर भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी एसपी दिगंत आनन्द मौके पर पहुंचे। घायलों को भिजवाया अस्पताल सेवर थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। मृतकों की हुई पहचान मृतकों की पहचान कान्हा (8 वर्ष) पुत्र रामवीर निवासी सतोवा मथुरा (उत्तर प्रदेश), गीता (38 वर्ष) पत्नी रामवीर निवासी सतोवा मथुरा (उत्तर प्रदेश), मुक्खन सिंह (28 वर्ष) पुत्र खेम सिंह निवासी कठूमर अलवर (राजस्थान) और मुस्लिम (40 वर्ष) पुत्र इस्माइल, निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रामवीर की पत्नी और बेटे की मौत इस हादसे की सबसे मार्मिक कहानी मथुरा के सतोवा निवासी रामवीर की है. रामवीर अपनी पत्नी गीता और 8 वर्षीय बेटे कान्हा के साथ खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रामवीर भगवान की मूर्तियों के लिए कागज की पगड़ियां बनाते हैं और हर महीने माल सप्लाई करने खाटूश्याम जी जाते थे। इस बार वो पत्नी और बेटे को भी साथ लेकर गए थे। हादसे में रामवीर की पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि रामवीर खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। घने कोहरे के चलते हुए हादसा हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। घना कोहरा हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल, उनका इलाज चल रहा है।

बिहार में ‘कृषि सुपर बाजार’ का किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

पटना. बिहार में अब किसान अपनी उपज के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने कृषि विपणन व्यवस्था को पूरी तरह बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कृषि रोड मैप (2023-28) के तहत प्रदेश के कृषि उपज बाजार प्रांगणों को आधुनिक “कृषि सुपर बाजार” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधे बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जा सके। इस संबंध में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि राज्य में कुल 53 कृषि उपज बाजार प्रांगण कार्यरत हैं, जिनमें से 22 बाजार प्रांगणों का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इन बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर किसानों को बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इन 22 बाजारों का हो रहा आधुनिकीकरण आधुनिकीकरण की सूची में सासाराम, बेगूसराय, कटिहार, फारबिसगंज, जहानाबाद, दरभंगा, किशनगंज, छपरा, बिहटा, पूर्णिया (गुलाबबाग), मुसल्लहपुर (पटना), आरा, हाजीपुर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, गया, बेतिया, दाउदनगर, मोहनिया और स्मार्ट सिटी योजना के तहत बिहारशरीफ कृषि बाजार समिति शामिल हैं। कृषि रोड मैप बना ‘गेम चेंजर’ कृषि मंत्री ने बताया कि दाउदनगर, वैशाली, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और मोहनिया बाजार प्रांगणों में विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य बाजारों में निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यहां आधुनिक शेड, पक्की सड़कें, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, कार्यालय भवन और भंडारण जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। किसानों को मिलेगा डायरेक्ट प्रॉफिट उन्होंने कहा कि बाजार प्रांगणों के विकास का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य दिलाना है। भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और मूल्य संवर्द्धन की सुविधाओं से किसानों की बाजार पहुंच मजबूत होगी और बिचौलियों की भूमिका स्वतः कम हो जाएगी। ई-नाम से जुड़कर खुलेगा राष्ट्रीय बाजार राज्य के 20 कृषि उपज बाजार प्रांगणों को ई-नाम (राष्ट्रीय कृषि बाजार) से जोड़ा जा चुका है। इससे किसान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर देशभर में अपनी फसल बेच पा रहे हैं। सरकार का मानना है कि यह पहल बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी और किसानों को आत्मनिर्भर बनाएगी।

हाईकोर्ट ने मेडिकल कॉलेज PG पाठ्यक्रमों में एडमिशन के पुराने अलॉटमेंट को किया रद्द

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में एडमिशन के पुराने अलॉटमेंट को रद्द कर दिया गया है। अब नई काउंसलिंग से ही सीट मिलेगी। हाईकोर्ट ने कहा कि, नियम बदले तो पुराना एडमिशन खत्म माना जाएगा। नियमों में बदलाव और काउंसलिंग रद्द होने से पुराना एडमिशन मान्य नहीं रह गया है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने अहम फैसला सुनाते हुए कहा कि, 2025 के नियम 11 में किए गए संशोधन के बाद किसी भी अभ्यर्थी के पास पहले से आवंटित सीट पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह जाता है। उन्होंने कहा कि, इस मुद्दे पर अब और कोई नई याचिका स्वीकार नहीं की जाएगी।दरअसल, भिलाई निवासी अनुष्का यादव ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिका में राज्य सरकार के 22 और 23 जनवरी 2026 के उन आदेशों को चुनौती दी थी। जिसके तहत पहले से पूरी हो चुकी काउंसलिंग और सीट आवंटन को अचानक रद्द कर दिया गया था। तर्क दिया कि उसने मेरिट के आधार पर भिलाई के एक निजी मेडिकल कॉलेज में रेडियो डायग्नोसिस की सीट हासिल की थी। 10.79 लाख रुपए फीस समेत 10 लाख की बैंक गारंटी जमाकर जॉइन कर लिया था। याचिकाकर्ता का कहना था कि, एक बार प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे रद्द करना अनुचित है। याचिका में शासन के फैसले को अवैधानिक और मनमानीपूर्ण बताया गया। साथ ही कहा कि, इस प्रक्रिया से पहले प्रवेश पाने वाले छात्रों का भविष्य खराब हो रहा है। वहीं, राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि, काउंसलिंग रद्द करने का निर्णय कोई मनमानी कार्रवाई नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के डॉ. तन्वी बहल मामले में दिए गए आदेश के पालन में उठाया गया कदम था। इसके अलावा कहा कि डोमिसाइल आधारित आरक्षण पीजी मेडिकल पाठ्यक्रमों में असंवैधानिक है और केवल संस्थागत प्राथमिकता को ही एक सीमा तक अनुमति दी जा सकती है।

अयोध्या जेल की सुरक्षा फेल, दो गंभीर आरोपी फरार, 7 अधिकारियों पर कार्रवाई

अयोध्या यूपी के अयोध्या में जिला कारागार से दो बंदी फरार हो गए। दोनों बंदियों ने बैरक मे लगी ग्रिल काट कर बाहर निकले, उसके बाद बांस के सहारे जिला कारागार के पीछे जहां कैमरे का सर्विलांस नहीं था उस क्षेत्र से चारदीवारी फांद कर भाग गए। सूचना पर जिला पुलिस ने तीन टीमों को बनाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। इसमें अमेठी निवासी गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी पुत्र साधु राम निवासी, मुसाफिरखाना और सुल्तानपुर निवासी शेर अली नाम के बंदी शामिल हैं। दोनों बंदियों के फरार होने की जानकारी पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली उन्होंने मौका का मुआयना किया। उन लोगों ने जेल के पिछले हिस्से जिस तरफ हरियाली ज्यादा है वहां बांस के ऊंचे पेड़ों के सहारे दीवार फान गए। हमने उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगा दिया है जल्द सफलता मिलेगी। इनमें एक बंदी हत्या के प्रयास के मामले में व दूसरा बलात्कार के आरोप में जेल में निरुद्ध थे। जेल अधीक्षक समेत 7 सस्पेंड अयोध्या जिला कारागार अयोध्या से दो बंदियों के फरार होने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीजी जेल पीसी मीणा ने ऐक्शन लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूसी मिश्रा को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही जेलर जेके यादव,डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी को भी निलंबित कर दिया है। यही नहीं ड्यूटी पर तैनाती के दौरान लापरवाही पर हेड जेल वॉर्डर व 3 जेल वॉर्डर को भी सस्पेंड कर दिया है। उधर मामले की जांच के लिए डीआईजी जेल ए के मैत्रेय अयोध्या पहुंच गए हैं । कुछ देर पहले ही जिलाधिकारी निखिल टीकाराम एवं एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर भी जेल पहुंच गए। जिला जेल से दो बंदियों के फरार होने के मामले में जांच करने पहुंचे डीआईजी जेल मैत्रीए ने कहा कि दोनों बंदी विशेष चार नंबर बैरक में बंद थे। रोशनदान की ईंट तोड़कर दोनों बाहर निकले थे। मौके से 25 फीट का बांस, 30 फुट की सरिया व कंबल बरामद हुआ है। कंबल की रस्सी बनाकर बाउंड्री वाल कूदे थे दोनों।

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन में आधे घंटे लेट हुए तो साल होगा बर्बाद

पटना. बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की ओर से 12वीं की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली हैं. 12वीं के एग्जाम 13 फरवरी 2026 को खत्म होंगे. एग्जाम शांतिपूर्ण माहौल में और सही तरीके से हो इसके लिए बोर्ड की ओर से जरूरी गाइडलाइंस जारी किए गए हैं. अगर आप भी परीक्षा में शामिल होने वाले हैं तो ये गाइडलाइंस यहां देखें. बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की ओर से 12वीं के एग्जाम 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे. एग्जाम शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में हो, इसके लिए बोर्ड ने एंट्री और गेट बंद करने को लेकर सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं. बोर्ड ने सभी स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे इन नियमों को गंभीरता से फॉलो करें. एंट्री को लेकर क्या हैं नियम? बोर्ड के अनुसार, सभी स्टूडेंट्स को अपने एग्जाम सेंटर पर परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना जरूरी होगा. पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट का परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से होगी. आधे घंटे पहले बंद होगा मेन गेट BSEB ने साफ किया है कि एग्जाम सेंटर का मेन गेट एग्जाम शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी स्टूडेंट को अंदर एंट्री नहीं मिलेगी. बोर्ड ने सलाह दी है कि स्टूडेंट्स ट्रैफिक और भीड़ से बचने के लिए समय से पहले घर से निकलें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो. देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगी एंट्री बोर्ड की ओर से यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि जो स्टूडेंट्स लेट पहुंचेंगे, उन्हें किसी भी हालत में एग्जाम सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. ऐसे स्टूडेंट्स को उस दिन का एग्जाम देने का मौका नहीं मिलेगा. इसलिए सभी कैंडिडेट्स के लिए जरूरी है कि वे समय का पूरा ध्यान रखें और समय से पहले सेंटर पर पहुंचें.

‘5 वर्षों में बिहार में ही मिलेगा रोजगार, अब बाहर नहीं जाना होगा’: सम्राट चौधरी

समस्तीपुर. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हम न्याय यात्रा और प्रगति यात्रा में आपके बीच आए थे। क‌ई योजनाओं को शुरू करने का लक्ष्य लिया था। सभी का कार्य शुरू किया गया है। सभी की समीक्षा जारी है। पूरे वादे को 2026 में पूरा करने का किम किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा बीस साल पहले कैसा बिहार था। गांव में बिजली, सड़क, पानी, पंचायत भवन और हाई स्कूल नहीं था। नीतीश ने पूरी व्यवस्था को बदला। आज विकास गांव गांव तक पहुंचा। मोदी सरकार ने गांव गांव बिजली की बात कही उससे बढ़कर नीतीश कुमार ने घर घर पहुंचने की बात कही।  महिलाओं की अपील पर मुफ्त बिजली सम्राट चौधरी ने कहा महिलाओं की अपील पर मुफ्त बिजली की योजना बनाई गई। जिस बिहार में 17 लाख उपभोक्ताओं थै। 2.54 लाख उपभोक्ताओं तक पहुंचाया। 1.90 घरेलू उपभोक्ताओं। 1.70 करोड़ का बिजली बिल जीरो आ रहा। सीएम संवाद में रोजगार की बात आयी। सीएम ने 1.56 करोड़ को रोजगार के लिए पैसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा क‌ई बहनें कह रही कि हम बकरी पालन, दुकान, सिलाई आदि का काम कर रहे। जो बहनें आगे रोजगार करती रहेगी। उसे दो लाख की सहायता मिलेगी। पंचायत सरकार भवन बन रहा। डिग्री कालेज नहीं है। सभी प्रखंड में अगले दो वर्ष में खोला जाएगा। गांव में बिजली, पानी, सड़क की व्यवस्था होगी।   पांच साल रोजगार की बात होगी सम्राट चौधरी ने कहा आने वाले पांच साल रोजगार की बात होगी। उद्योग के लिए एक रुपया में जमीन मिलेगी। 500 करोड़ से अधिक का उद्योग लगाने वालों को। रोजगार लेने बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सेमी कंडक्टर के माध्यम से उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इसका जंक्शन समस्तीपुर को बनाया है। सभी फोरलेन का कनेक्शन यहां से ही होगा। विकास की किरण यहां लगातार पहुंच रही है। अंत में उन्होंने कहा अच्छा रोजगार करने प्रदेश जा रहा है तो जाए मजदूरी के लिए जाने की जरूरत नहीं है। उसे पांच वर्ष के भीतर यहां रोजगार दिया जाएगा। 10 में 8 सीट देने के लिए कार्यकर्ता और आम जनता का आभार।

तापमान में गिरावट से रात और सुबह बढ़ेगी ठंड

रायपुर. मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग और उससे सटे जिलों में न्यूनतम तापमान अगले 3 दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। इसका मतलब यह है कि इन क्षेत्रों में रात और सुबह की ठंड कुछ बढ़ सकती है। वहीं, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है, यानी यहां रात और सुबह का मौसम फिलहाल सामान्य बना रहेगा। प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दुर्ग और जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ी अधिकता दर्शाता है। रायपुर और आसपास के जिलों में सुबह से कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में दिन का तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ऐसे में सुबह-सुबह और रात में हल्की ठंड का अनुभव लोगों को होगा, जबकि दिन के समय हल्की गर्मी का असर रहेगा। आने वाले 3 से 4 दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्दी और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर बना रहेगा। इसका मतलब यह है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के पैटर्न में थोड़ा अंतर रहेगा। सरगुजा, कोरिया और जशपुर जैसे उत्तरी जिले ठंड के अधिक प्रभाव के साथ रहेंगे, जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में तापमान सामान्य रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

योगी सरकार का शिक्षा वर्ग पर मेगा फैसला: इलाज कैशलेस, 30 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

लखनऊ यूपी की योगी सरकार ने शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को बड़ी सौगात दी है। योगी कैबिनेट ने गुरुवार को शिक्षा जगत के लिए ऐतिहासिक कैशलेस मेडिकल बीमा की मंजूरी दे दी है।पांच लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त हो सकेगा। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में करीब दो घंटे तक हुुई कैबिनेट की बैठक में 32 प्रस्ताव रखे गए थे। इनमें से 30 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। विधानसभा का बजट सत्र बुलाने पर भी मुहर लगी है। नौ फरवरी से बजट सत्र बुलाया गया है। 11 को बजट पेश होगा।   योगी सरकार ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ ही रसोइयों और कार्मिकों को भी कैशलेस मेडिकल बीमा की सुविधा दी है। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों और स्ववित्तपोषित स्कूलों के शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित स्कूलों के शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षा मित्रों, विशेष शिक्षकों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी विद्यालय के स्टाफ और रसोइयों (PM पोषण योजना) को सपरिवार कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। सरकार के फैसले से बेसिक शिक्षा के कुल 11 लाख 95 हजार 391 शिक्षकों और कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी इसी तरह माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन 2 लाख 97 हजार 589 को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिल सकेगा। सीएम फैलो को राज्य लोकसेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तहत होने वाली भर्तियों में आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट और अनुभव के आधार पर भारांक मिलेंगे। जिलों के लिए विशेष विकास कार्य बरेली और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को अपने-अपने जनपदों में विज्ञान पार्क और नक्षत्रशाला बनाने के लिए कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। गोरखपुर में ₹721 करोड़ और वाराणसी के 18 वार्डों के लिए ₹266 करोड़ के सीवरेज प्रोजेक्ट्स को वित्तीय मंजूरी दी गई है। लखनऊ-हरदोई बॉर्डर पर बनने वाले टेक्सटाइल पार्क के लिए ₹458 करोड़ से अधिक की जलापूर्ति योजना को पास कर दिया गया है। मानवीय और अन्य निर्णय पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से आए विस्थापित हिंदू बंगाली परिवारों के पुनर्वास के लिए भूमि और सुविधाओं की व्यवस्था को मंजूरी मिली है। उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा और सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) नियमावली में संशोधन के प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई है।  

मंदसौर में आज सीएम मोहन यादव का विशेष कार्यक्रम, श्री पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण

मंदसौर  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंदसौर में श्री पशुपनिनाथ लोक का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में दूसरी बार बदलाव किया गया है। इससे पहले 28 जनवरी को जारी हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मल्हारगढ़ के कार्यक्रम में ही शामिल होने वाले थे। बाद में कार्यक्रम में बदलाव हुआ। वे दोपहर 1:30 बजे मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में प्रदेश के 7 लाख किसानों के खाते में भावांतर राशि का सिंगल क्लिक से भुगतान करेंगे। साथ ही मल्हारगढ़ के बीच से निकल रहे महू-नीमच राजमार्ग पर फोरलेन फ्लाई ओवर का भूमिपूजन भी करेंगे। साथ ही पिपलियामंडी में अंडरपास, मल्हारगढ़ में रेलवे स्टेशन रोड पर पुलिया का भी भूमिपूजन करेंगे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी रहेंगे। दोपहर में मल्हारगढ़ पहुंचेंगे सीएम मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर में मल्हारगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह पहेड़ा रोड पर शासकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पर वह प्रदेश स्तरीय भावांतर भुगतान योजना के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री द्वारा मल्हारगढ़ से भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत प्रदेश के 7.10 लाख किसानों के खातों में कुल 1492 करोड़ रुपये उनके खातों में भेजेंगे। इसमें मंदसौर जिले के 27 हजार 500 किसान भी शामिल होंगे। इन किसानों ने कुल 47,283.03 टन सोयाबीन का विक्रय किया है इसके बदले में किसानों के खातों में 43 करोड़ रुपये भावांतर राशि भेजी जाएगी।