samacharsecretary.com

डाक कर्मचारी विनोद गोडबोले और आईटी प्रोफेशनल धर्मेंद्र-जोगी, आदर्श सक्सेना ने जीतकर रचा नया इतिहास

भोपाल  मैराथन वैसे ही बहुत कठिन स्पर्धा होती है। उस पर औसतन चार हजार मीटर की ऊंचाई वाले खारदुंग ला दर्रे पर 72 किमी तक दौड़ना स्टेमिना, धैर्य और कौशल की कड़ी परीक्षा है। भोपाल के तीन लोगों ने इस बार दुनिया की इस सबसे ऊंची अल्ट्रा मैराथन को पूरा करके इतिहास रच दिया है। डाक विभाग में कार्यरत 48 साल के विनोद गोडबोले और आईटी पेशेवर धर्मेंद्र जोगी (35) और आदर्श सक्सेना (30) ने पिछले दिनों यह दौड़ पूरी की। लद्दाख में आयोजित होने वाली खारदूंगा ला चैलेंज दुनिया की सबसे ऊंची सड़क पर आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन है। धावक विनोद गोडबोले ने बताया कि लद्दाख में छठवीं खारदुंग ला चैलेंज का आयोजन 12 सितंबर को हुआ था। इसमें 72 km की दौड़ 14 घंटे में की जानी थी। उन्होंने 10 घंटे 29 मिनट में दौड़ पूरी की। धर्मेंद्र जोगी ने 10 घंटा 10 मिनट और आदर्श सक्सेना ने 10 घंटा 40 मिनट का समय लिया। यह दौड़ खारदुंग गांव से शुरू होकर विश्व के तीसरे सबसे ऊंचे पक्के सड़क मार्ग वाले खारदुंग ला दर्रे से होते हुए लेह शहर के मुख्य बाजार तक पूरी करनी होती है। दौड़ने से पहले दो मैराथन का अनुभव जरूरी गोडबोले ने बताया इस स्पर्धा में शामिल होने से पहले प्रतिभागी के पास पांच घंटे से कम समय में दो मैराथन पूरी करने का अनुभव होना जरूरी है। मैंने पहले भी कई मैराथन को पूरा किया है। तैयारी के लिए भोपाल की टेकरी पर एलिवेशन रन का अभ्यास किया था। खारदुंगला टॉप चैलेंज     यह दौड़ लद्दाख की ऊंची पहाड़ियों में आयोजित की जाती है, जिसकी ऊंचाई 4000 मीटर से अधिक है।     इस दौड़ में 32 किमी की चढ़ाई और 40 किमी की ढलान है।     दौड़ का प्रारंभ बिंदु खारदूंग गांव है, जो 3975 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।     दौड़ का सबसे ऊंचा बिंदु खारदुंगला टॉप है, जो 5370 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।     दौड़ रात को तीन बजे शुरू होती है और अगले दिन शाम पांच बजे खत्म होती है।  

देश का सबसे बड़ा ऑनलाइन घोटाला: 23 करोड़ की ठगी, डेढ़ महीने तक डिजिटल अरेस्ट!

नई दिल्ली  दिल्ली एनसीआर में डिजिटल अरेस्ट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. डिजिटल फ्रॉड करने वाले ज्यादातर बुजुर्ग लोगों को ही अपना शिकार बनाते हैं. राजधानी के गुलमोहर पार्क में रहने वाले पूर्व बैंक अधिकारी नरेश मल्होत्रा को लगभग डेढ़ महीने तक डिजिटल अरेस्ट कर उनके खाते से 23 करोड रुपए का डिजिटल फ्रॉड किया गया. नरेश मल्होत्रा ने बताया कि पहली कॉल 1 अगस्त 2025 को आई थी. लैंडलाइन पर कॉल आया कि हम एयरटेल से बोल रहे हैं और आपको मुंबई पुलिस से कनेक्ट कर रहे हैं. क्योंकि आपके आधार से मुंबई के भायखला में नया नंबर जारी हुआ है और अगर आप ने कॉल डिस्कनेक्ट किया तो आप के घर की सारी लाइन काट दी जाएगी. क्या है पूरा मामला? नरेश मल्होत्रा ने बताया कि पहले लैंडलाइन पर फिर मोबाइल पर वॉट्सएप कॉल आया और सारी जानकारी दी. जिसमें कॉल करने वाले ने बताया कि आपके आधार से यह नंबर इशू है और इससे आपने टेरर फंडिंग की है, जिसके बाद आपको डिजिटल अरेस्ट किया जाता है. उन्होंने बोला कि आप पर PMLA एक्ट लगाया गया है क्योंकि आपके नंबर से गैंबलिंग, टेरर फंडिंग की गई है. फैमिली को अरेस्ट करने की धमकी उन्होंने धमकाया कि अगर आप बच्चों को बताओगे तो हम पूरी फैमिली को अरेस्ट कर लेंगे. नरेश मल्होत्रा ने बताया कि पहले मेरे खाते से सोमवार को आरटीजीएस करके 14 लाख रुपए निकाले और बाकी शेयर बेच बेचकर लगभग 4 सितंबर तक अलग-अलग ट्रांजैक्शन में लगभग 23 करोड़ रुपए भेजे. उनकी तरफ से आदेश मिलता था और मैं आरटीजीएस फॉर्म भर देता था, फिर उनको फोटो कॉपी भेजता था. फिर वह अकाउंट नंबर देते थे और बोलते थे कि बैंक जाकर इसमें पैसे भेजिए. बैंक कर्मचारियों ने भी बोला था कि आप इतना सारा पैसा क्यों निकल रहे हैं, हमारे पास छोड़ दो. लेकिन उन्होंने मुझे 14 या 16 सितंबर को अरेस्ट करने की धमकी दी और बोला कि अब ईडी की जांच शुरू हो चुकी है और हमने सारी डिटेल उनको दे दी है. अब आपको 5 करोड़ रुपए का पेमेंट देना है और सुप्रीम कोर्ट का ऑर्डर भेजा. सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस का फर्जी ऑर्डर नरेश मल्होत्रा के मुताबिक उन्होंने बताया कि संसद मार्ग से भी एक डिजिटल आर्डर है और हमें आरबीआई की तरफ से भी इजाजत मिल गई है. आप इस खाते में पैसे ट्रांसफर कर दीजिए. फिर उनकी तरफ से एक प्राइवेट बैंक में पैसा ट्रांसफर करने को कहा गया, जो कोलकाता बेस्ट था. लेकिन मैंनें प्राइवेट बैंक में पैसा भेजने से मना कर दिया. तब उन्होंने मुझे सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की तरफ से एक ऑर्डर दिया, जिसके बाद मैंने पैसा ट्रांसफर किया. उस दिन सुबह से मैंने चार अलग-अलग अकाउंट में पैसे भेजे. इसके बाद मैनें जब यह कहा कि अब आपको एक भी पैसा नहीं दूंगा. अब मैं सुप्रीम कोर्ट में जाकर खुद 5 करोड़ रुपए का चेक दे दूंगा तब उन्होंने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी. दिल्ली पुलिस और साइबर सेल में शिकायत नरेश मल्होत्रा ने बताया कि मैंने 19 सितंबर को दिल्ली पुलिस और साइबर सेल को शिकायत की. जिसके बाद से सभी मेरी पूरी मदद कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वह पूरा मामले पर सही जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से इसमें बैंकों की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी होती है. जिस खाते में एक हजार का बैलेंस है और उसमें करोड़ रुपए आए तो इस पर बैंक और आरबीआई को जांच करनी चाहिए. इसमें पूरी जिम्मेदारी बैंक की है. इन बैंकों की केवाईसी प्राइवेट कर्मचारी करते हैं. ना कस्टमर बैंक जाता है और ना यह कर्मचारी उनको बैंक आने देते हैं. इस तरह के फ्रॉड में बैंक की भी जिम्मेदारी होती है. NIA नियम भी है कि बिना केवाईसी के अकाउंट नहीं खोल सकते हैं. अगर यह कलेक्टिव बैंक पर पाबंदी करेंगे तो डिजिटल फ्रॉड को रोका जा सकता है.  

शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण: शिक्षकों की उपलब्धता से बच्चों में बढ़ा आत्मविश्वास

रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशानुरूप ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में शिक्षा की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए शालाओं एवं शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में जिन विद्यालयों में शिक्षक नहीं थे, वहां अब विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की पदस्थापना की गई है, इससे अब स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ी है। इसी कड़ी में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत एकल शिक्षकीय स्कूल प्राथमिक शाला फुलवारी संकुल केन्द्र पदमपुर को दो अतिरिक्त शिक्षक मिल गए हैं, इससे विद्यार्थियों को शिक्षा की नई रोशनी मिली है।      प्राथमिक शाला फुलवारी की शिक्षिका मती चेतना साहू ने बताया कि पहले यहां कुल 95 बच्चों के लिए एक ही शिक्षक पदस्थ थे, लेकिन युक्तियुक्तकरण के बाद तीन शिक्षक हो जाने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आया है, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। उन्होंने बताया कि शासन की यह योजना स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने की दिशा में सार्थक कदम है। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को नवाचारों और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं। युक्तियुक्तकरण से शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट नजर आ रहा है। विद्यार्थियों के पालकों ने बताया कि पहले के मुकाबले बच्चे ज्यादा रूचि के साथ विद्यालय जा रहे हैं और पढ़ाई भी बेहतर ढंग से हो रही है। पालकों ने युक्तियुक्तरण योजना से स्कूलों में हुए शैक्षणिक बदलाव एवं शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन के लिए शासन-प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

मुख्यमंत्री साय ने 244 करोड़ 43 लाख रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात

रायपुर : धमतरी के कुरूद विधानसभा क्षेत्र को मिला विकास का महा-उपहार मुख्यमंत्री  साय ने 244 करोड़ 43 लाख रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात 74 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज धमतरी जिला के मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेली बड़ी में 244 करोड़ 43 लाख रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।  साय ने धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय महतारी सदन शुभारंभ कार्यक्रम में 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया और जिले को विकास का महा उपहार दिया। उन्होंने कुरूद विधानसभा क्षेत्र में 74 कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह सभी विकास कार्य जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, पेयजल, उद्योग, विज्ञान, पर्यटन और सामाजिक विकास जैसे विविध क्षेत्रों को नई दिशा देने वाले हैं। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  विजय शर्मा, राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा, लोकसभा सांसद मती रूप कुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष  अरूण सार्वा, धमतरी नगर निगम के महापौर  रामू रोहरा पूर्व मंत्री एवं कुरूद के विधायक  अजय चन्द्राकर सहित सचिव मती निहारिका बारीक और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जन एवं गणमान्य नौगरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री  साय ने 245 करोड़ 80 लाख रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात महिला सशक्तिकरण – नए भवनों का शिलान्यास   साय ने महतारी सदन योजना के तहत 51 महतारी सदन भवनों का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित ये भवन महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता के नए केंद्र बनेंगे। यह महतारी सदन छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों की शक्ति और क्षमता को समाज में नई पहचान देंगे। मुख्यमंत्री  साय ने 245 करोड़ 80 लाख रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात औद्योगिक विकास ग्राम करेली बड़ी और भालूझूलन में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 16 करोड़ 61 लाख रूपए की लागत से आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा मुख्यमंत्री ने इसके लिए भूमिपूजन भी किया। इसके अलावा जी-जामगांव औद्योगिक क्षेत्र में 6 करोड़ रूपए की राशि से निर्मित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का लोकार्पण भी किया। इन कार्यों से उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएँ खुलेंगी। शिक्षा एवं कौशल विकास मुख्यमंत्री  साय ने शिक्षा और कौशल उन्नयन के लिए 27 करोड़ 67 लाख रूपए की लागत से आईटीआई भवन, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज और लाइवलीहुड कॉलेज भवन के लिए शिलान्यास भी किया।  साय ने 7 करोड़ 53 लाख रूपए से बने कृषि महाविद्यालय भवन एवं छात्रावास का लोकार्पण भी किया। ये संस्थान युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और कौशल विकास के प्रमुख केंद्र बनेंगे। सड़क और अधोसंरचना मुख्यमंत्री ने धमतरी जिले में 9 सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों का शिलान्यास भी किया। इन सड़कों पर 119 करोड़ 79 लाख रूपए खर्च किए जायेंगे। उन्होंने इसके साथ ही गौरव पथ योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख रूपए से बने गातापार और बकली मार्ग का भी किया। यह सभी नई सड़कें गाँवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।  स्वास्थ्य सुविधाएँ मुख्यमंत्री  साय ने मगरलोड विकासखंड के भेण्ड्री में 75 लाख रूपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया। इससे ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएँ और अधिक सुलभ होंगी। पेयजल एवं सिंचाई  साय ने धमतरी जिले में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 30 करोड़ रूपए की लागत के 39 कार्य का लोकार्पण किया। जिससे जिले की हर बस्ती ‘हर घर जल’ प्रमाणित होगी। उन्होंने कोडेबोड़ में सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत 26 करोड़ 37 लाख रूपए से निर्मित योजना का लोकार्पण किया। और महानदी नहर पर 4 करोड़ 29 लाख रूपए से क्रॉस रेग्युलेटर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। विज्ञान एवं पर्यटन मुख्यमंत्री ने गंगरेल में साइंस पार्क बनाने के लिए शिलान्यास किया। इस साइंस पार्क के बन जाने से बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन की नई संभावनाओं को भी बढ़ावा देगा। सामाजिक विकास आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  साय ने 50 लाख की लागत से बनने वाले कंवर समाज भवन (मधुबन धाम, राकांडीह) की आधारशिला भी रखी। यह भवन जिले में सामुदायिक विकास को नई ऊर्जा देगा। इन सभी विकास कार्यों से धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक दिन जिले की प्रगति और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज़, मंत्री विजयवर्गीय ने अधिकारियों को दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश

विजयवर्गीय का निर्देश: सिंहस्थ की तैयारियों में लापरवाही नहीं, अधिकारी करें नियमित निरीक्षण गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूरे हों निर्माण कार्य-  मंत्री  विजयवर्गीय मंत्रालय में विभागवार सिंहस्थ कार्यों की हुई समीक्षा भोपाल  नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री  कैलाश विजयवर्गीय ने विभागीय अधिकारियों को सिंहस्थ के निर्माण कार्यों का उज्जैन पहुँचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिये हैं। मंत्री  विजयवर्गीय सोमवार को मंत्रालय में बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में ही पूरा किया जाये। बैठक में बताया गया कि करीब 11 हजार 909 करोड़ रुपये के विभिन्न विभागों के 132 कार्यों को मंत्रि-मण्डलीय समिति की अनुशंसा दी जा चुकी है। यह कार्य सिंहस्थ और विभिन्न विभागों की मद से किये जा रहे हैं। इन कार्यों के लिये करीब 673 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की जा चुकी है। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ कार्यों में संस्कृति और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के पीपीपी मोड पर होने वाले कार्यों को भी मंजूरी दी गयी है। मंत्री  विजयवर्गीय ने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिये राज्य सरकार की ओर से संसाधनों की कमी नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने आयोजन की बेहतर व्यवस्था के लिये विभिन्न विभागों के साथ लगातार बैठक करने के भी निर्देश दिये। बैठक में रेलवे द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी। मंत्री  विजयवर्गीय ने कहा कि मेला क्षेत्र में ट्रेन से पहुँचने वाले यात्रियों की सुविधा के लिये रेलवे स्टेशन के पास ही पर्याप्त मात्रा में स्नान-गृह एवं सुलभ कॉम्पलेक्स की व्यवस्था हो। नगरीय विकास मंत्री  विजयवर्गीय ने कहा कि उज्जैन से जुड़े धार्मिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाये। उन्होंने आकस्मिक सेवा, जिनमें अग्निशमन, स्वास्थ्य, पेयजल आदि की भी जानकारी प्राप्त की। मंत्री  विजयवर्गीय ने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ मेला क्षेत्र की मेपिंग का कार्य भी किया जाये, जिससे आवागमन सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने कान्ह नदी के डायवर्सन, सिंहस्थ में क्षिप्रा नदी में जल की निरंतर प्रवाह योजना, घाट निर्माण के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। मंत्री  विजयवर्गीय ने उज्जैन संभाग के बस स्टैण्ड के उन्नयन की योजना के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। अपर मुख्य सचिव  संजय दुबे ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान रेलवे की बेहतर व्यवस्था के लिये आकलन कर जरूरी प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को मंजूरी मिल गयी है, संबंधित एजेंसी को डीपीआर तैयार कर जल्द काम शुरू करने के लिये कहा गया है। निर्माण कार्य और व्यवस्था से जुड़े सभी काम दिसम्बर-2027 तक हर हाल में पूरे किये जायेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त  संकेत भोंडवे ने बताया कि ऊर्जा विभाग के 329 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है। इंदौर-उज्जैन मार्ग का 6 लेन में चौड़ीकरण का कार्य 1692 करोड़ रूपये और इंदौर-उज्जैन वैकल्पिक मार्ग 4 लेन लम्बाई 49 किलोमीटर के लिये 950 करोड़ रुपये की मंजूरी दी जा चुकी है। बैठक में संस्कृति, पर्यटन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गयी।  

दिल्लीवासियों के लिए राहत टली: पहाड़ी राज्यों में बारिश जारी, 15 राज्यों का मौसम ऐसा रहेगा

नई दिल्ली  दिल्ली में लगातार तेज धूप निकल रही है. रविवार को भी दिल्ली में पूरे दिन तेज धूप निकली रही, जिससे लोगों की गर्मी से हालत खराब हो गई. तेज धूप की वजह से लोगों को गर्मी महसूस हो रही है. आने वाले दिनों में भी दिल्ली वालों के लिए राहत की उम्मीद नहीं है. दिल्ली में अगले 4 दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. 26 सितंबर तक दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप का सिलसिला जारी रहेगा. दिल्ली के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आगे भी इसी तरह का तापमान बने रहने की संभावना है. हालांकि, 27 सितंबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है. पहाड़ी राज्यों पर भी बारिश हल्की हो गई है. हालांकि, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अभी भारी बारिश होने की संभावना है. इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना 22 और 23 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की संभावना है. 22 से 24 सितंबर तक पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है. अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में गरज के साथ बौछारें पड़ने और तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. 22-24 सितंबर के दौरान असम और मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है. 22 से 27 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की संभावना है. 22, 26 और 27 सितंबर को केरल और माहे में बारिश होने की संभावना है. 22, 26 और 27 सितंबर को रायलसीमा, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश होने की संभावना है. अगले 5 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों में तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना है. अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल? 24 सितंबर को छोड़कर अगले 7 दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 22 और 25-27 सितंबर के दौरान कोंकण और गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश होने की संभावना है. 25 से 27 सितंबर के दौरान उत्तरी और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. अगले 24 घंटों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो रहा है. 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव बन सकता है. यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 26 सितंबर तक दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के पास एक अवदाब (Low Pressure) में बदल सकता है. इसके 27 सितंबर तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों से टकराने की संभावना है.

सीट शेयरिंग पर सस्पेंस खत्म, JDU निभाएगी बिहार में बड़े भाई की भूमिका

  पटना  बिहार में विधानसभा चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला लगभग तय है. कहा जा रहा है कि JDU 102 सीटों पर, भाजपा 101 और चिराग की पार्टी एलजेपी (आर) 20 (बाद में 1 एक एमएलसी , एक राज्यसभा मिल सकता है) सीटों पर चुनाव लड़ेगी, हम-RLM को 10-10 सीटें. मिल सकती हैं. कहा जा रहा है कि इसमें एक दो सीट घट या बढ़ सकता है कुछ सीटों की अदला बदली हो सकती हैं. हाल ही में मंत्री संतोष सुमन ने बयान दिया. उन्होंने कहा कि बस दस दिनों में सीटों का बंटवारा हो जाएगा. चिराग पासवान के सम्मानजनक सीटों की डिमांड और गठबंधन में रहने के सवाल पर कहा कि सबको सम्मानजनक सीटें मिलेंगी. किसी के नाराज होने की बात नहीं है. पटना में होने वाली कांग्रेस की बैठक पर संतोष सुमन ने कहा कि- कांग्रेस को समझ में आ गया है कि पिछलग्गू बनने से काम नहीं चलेगा. क्रेडिट मिलेगा तो एक ही पार्टी को मिलेगा. अगर चिंतन करने के बाद कांग्रेस को सद्बुद्धि आई है तो मैं उनका स्वागत करता हूं. कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी रही है और मुझे लगता है कि पहली बार उनकी बैठक हो रही है. उनके बड़े-बड़े नेता आएंगे. ज्यादा सीटों की डिमांड बता दें कि, बता दें कि, बीते दिनों केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी मुखिया जीतनराम मांझी ने ज्यादा सीटों की डिमांड की थी. जिसमें उन्होंने हम पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी के रूप में रजिस्टर्ड कराने का हवाला देते हुए सीटों की मांग की थी. उनके साथ ही एनडीए के अन्य घटक दलों में भी सीटों की डिमांड को लेकर खींचतान थी. ऐसे में हर किसी की नजर सीटों के बंटवारे पर टिकी हुई है. जिस पर एनडीए जल्द ही औपचारिक घोषणा कर सकता है. पिछला चुनाव साल 2020 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल जेडीयू ने कुल 243 विधानसभा सीटों में 115 और बीजेपी ने 110 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. इस चुनाव में भी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की अहम भूमिका में थी. तब जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा (सेक्युलर) को सात सीटें मिली थी. बीजेपी के साथ गठबंधन में रही मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने 11 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे.  

सस्ते में अपना घर पाएं: लखनऊ के फ्लैटों पर 2 लाख रुपये तक की अद्भुत छूट

लखनऊ  लखनऊ विकास प्राधिकरण इस फेस्टिव सीजन लोगों के लिए बंपर ऑफर लेकर आया है. इसके तहत पहले आओ पहले पाओ योजना में उपलब्ध फ्लैटों पर 1 लाख से लेकर 2 लाख रुपए तक सीधी छूट मिलेगी. यह ऑफर 22 सितंबर से 22 अक्टूबर, 2025 तक एक माह के लिए वैध रहेगा. इसके साथ पूर्व में दी जा रही सभी प्रकार की छूट भी प्रभावी रहेंगी. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह विशेष ऑफर खोला जा रहा है. ऐसे में इस फेस्टिव सीजन पर लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों को बड़ी सौगात मिलेगी. ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त फ्लैटों को ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ के तहत बेचा जा रहा है. इसमें खरीददारों को कई प्रकार की सहूलियत व छूट मिलती है. इसके तहत 45 से 90 दिनों के अंदर फ्लैट की पूरी धनराशि जमा करने पर 06 से 03 प्रतिशत की छूट दी जाती है. अब नवरात्रि, दशहरा व दीपावली के उपलक्ष्य में पहले आओ पहले-पाओ योजना में उपलब्ध फ्लैटों पर बंपर ऑफर निकाला जा रहा है. इन फ्लैटों पर मिल रही इतनी छूट इसके अनुसार 20 लाख से 50 लाख रुपये कीमत के फ्लैटों का पंजीकरण/आवंटन कराने पर 01 लाख की छूट, 50 लाख से 75 लाख रुपये कीमत के फ्लैटों पर 1.50 लाख रुपये की छूट और 75 लाख रुपये से अधिक कीमत के फ्लैटों पर 2 लाख रुपये की छूट दी जाएगी. यह बंपर ऑफर 22 सितंबर, 2025 से एक महीने के लिए ही मान्य रहेगा. 500 से 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल के फ्लैट उपलब्ध एलडीए की विभिन्न योजनाओं में 500 से 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल के 1 बीएचके, 2 बीएचके व 3 बीएचके फ्लैट उपलब्ध हैं. जिनकी कीमत लगभग 22 लाख रुपये से 1.08 करोड़ रुपये तक है. इसमें सरकारी कर्मचारियों को फ्लैट की कीमत का 25 प्रतिशत व सामान्य नागरिकों को 35 प्रतिशत भुगतान करने पर हायर पर्चेज एग्रीमेंट के तहत फ्लैट का कब्जा भी दिया जा रहा है. इसके अलावा कोई भी व्यक्ति किसी भी बहुमंजिला आवासीय योजना (सुलभ आवास एवं ईडब्ल्यूएस को छोड़कर) में एक से अधिक फ्लैट खरीद सकेगा.  नैमिष नगर के लिए एलडीए ने शुरू किया जमीन का अधिग्रहण लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सीतापुर रोड पर एक नई टाउनशिप लेकर आ रही है. इस टाउशिप को नैमिष नगर नाम से विकसित करने की तैयारी है. इस आवासीय योजना के तरह 3 लाख लोगों का घर का सपना पूरा हो जाएगा. एलडीए इसके लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों की करीब 1084 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है. इसमें ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं. योजना के लिए जमीन जुटाने में लगभग 4,785 करोड़ रुपये का खर्च होने की बात कही जा रही है. इसके लिए प्राधिकरण बोर्ड की स्वीकृति भी दी जा चुकी है.  

बिक्स-मुलाकात: गुरिंदर ढिल्लों से 35 मिनट की बातचीत के बाद मची चर्चा

चंडीगढ़  पंजाब की राजनीति और धार्मिक जगत का संगम मंगलवार को नाभा जेल में देखने को मिला। आय से अधिक संपत्ति मामले में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात करने राधा स्वामी सत्संग ब्यास डेरा प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों पहुंचे। यह मुलाकात जेल परिसर में करीब 35 मिनट तक चली। सुबह करीब 11 बजे डेरा प्रमुख अपनी निजी कार से जेल पहुंचे। सुरक्षा जांच औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उन्हें मजीठिया से मिलने की इजाजत दी गई। मुलाकात को परिवारिक रिश्तेदारी की श्रेणी में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि मजीठिया की पत्नी गनीव कौर की रिश्तेदारी डेरा प्रमुख ढिल्लों से जुड़ी हुई है। हालांकि मंगलवार की मुलाकात को केवल पारिवारिक बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं भी उठ खड़ी हुई हैं। अकाली राजनीति के दिग्गज माने जाने वाले मजीठिया और धार्मिक दुनिया में अहम स्थान रखने वाले डेरा प्रमुख की यह भेंट कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। करीब आधे घंटे से अधिक चली इस मुलाकात के बाद डेरा प्रमुख बिना किसी सार्वजनिक बयान के जेल से रवाना हो गए। वहीं जेल सूत्रों का कहना है कि मुलाकात शांतिपूर्ण माहौल में हुई और इसे सिर्फ पारिवारिक रिश्ता मानकर अनुमति दी गई थी। चार्जशीट में 40 हजार पन्ने, 200 गवाह और 400 बैंक खाते विजिलेंस ब्यूरो ने बीते जून में मजीठिया को गिरफ्तार किया था। उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। जांच एजेंसी ने 22 अगस्त को अदालत में 40 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 200 से ज्यादा गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं, जबकि 400 से अधिक बैंक खातों की लेन-देन जांची गई। मजीठिया द्वारा जेल प्रशासन को दिए गए 10 मुलाकातियों की सूची में डेरा प्रमुख गुरिंद्र ढिल्लों का नाम भी दर्ज था। इसी सूची के आधार पर यह मुलाकात संभव हो पाई। पहले भी पहुंचे परिवार के सदस्य मजीठिया की गिरफ्तारी के बाद से उनके परिवारजन समय-समय पर उनसे मुलाकात करते रहे हैं। हाल ही में उनकी पत्नी गनीव कौर और बहन सांसद हरसिमरत कौर बादल नाभा जेल पहुंची थीं। राखी के त्योहार पर हरसिमरत कौर ने अपने भाई को जेल में राखी भी बांधी थी।

प्रशांत किशोर का हमला: जानिए कैसे कॉलेज के क्लर्क बने दिलीप, मंगल और सम्राट के मालिक

पटना  जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बिहार के बड़े नेताओं पर निशाना साध रहे हैं, उन्होंने एक बार फिर राज्य के तीन प्रमुख बीजेपी नेताओं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, उपमुख्यमत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मंत्री दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रशांत किशोर का कहना है कि इन नेताओं के पास जवाब देने का समय है तो वो मीडिया में आएं और उन पर केस करें. प्रशांत किशोर ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने 86 लाख रुपये में एक फ्लैट खरीदा है. इसमें से 25 लाख रुपये उनकी पत्नी के खाते से दिए गए, जिसका पूरा ब्योरा उनके पास है, उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा दिलीप जायसवाल के खाते से पांडे के पिता के खाते में गया और फिर उनकी पत्नी के खाते में जमा हुआ. उन्होंने कहा कि मंगल पांडे ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसा लिया था, लेकिन बाद में लौटा दिया. इस पर प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि अगर पैसा लौटा दिया तो फ्लैट खरीदने के बाकी पैसे कहां से आए, उन्होंने यह भी दावा किया कि पांडे की पत्नी के खाते में सवा दो करोड़ रुपये जमा किए गए हैं. सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल प्रशांत किशोर ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी बड़ा आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि 1998 के शपथ पत्र में सम्राट चौधरी ने खुद को सातवीं पास बताया था, लेकिन बाद के हलफनामों में उन्होंने ग्रेजुएट और फिर पीएचडी होने का दावा किया. प्रशांत किशोर ने सुप्रीम कोर्ट के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि सम्राट चौधरी, जिनका नाम उस समय सम्राट कुमार मौर्य था वो परीक्षा में फेल हो गए थे और उन्हें केवल 234 अंक मिले थे. ऐसे में उनकी डिग्री और पीएचडी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. दिलीप जायसवाल पर कब्जे और हत्या का आरोप प्रशांत किशोर ने पूर्व मंत्री दिलीप जायसवाल पर भी निशाना साधा, उनका कहना है कि जायसवाल ने सिख समुदाय के अल्पसंख्यक कॉलेज पर कब्जा कर लिया है. ऐसे कॉलेज का प्रबंधन हमेशा सिख समाज के पास होना चाहिए, लेकिन अब यह जायसवाल के हाथ में है. किशोर ने पूछा कि आखिर एक क्लर्क या चपरासी कॉलेज का मालिक कैसे बन सकता है? इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि जायसवाल पर एक व्यक्ति की हत्या का भी आरोप है. मृतक राजेश शाह के परिवार ने भी यह बात कही है. पीके ने कहा कि अगर जायसवाल निर्दोष हैं तो मीडिया में आकर इसका खुलकर जवाब दें.