samacharsecretary.com

साम्प्रदायिक तनाव को नियंत्रित करने फ्लैग मार्च, बक्सर में एसएसपी और पुलिस तैनात

मेरठ मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के बक्सर गांव में पिकअप वाहन चलाने को लेकर विवाद बढ़कर साम्प्रदायिक तनाव में बदल गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। वीडियो वायरल होने पर SSP विपिन ताड़ा ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की। मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के लू-बक्सर गांव में शुक्रवार को मामूली विवाद साम्प्रदायिक तनाव का कारण बन गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सारिक अपनी महिंद्रा पिकअप तेज गति से चला रहा था, जिसका बेगराज ने विरोध किया। इस बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।   मारपीट के दौरान धारदार हथियार भी चले, जिसमें एक पक्ष से ललिन, सौरभ, आदेश और गौरव घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से फारूख, इकराम और अनस को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।  इस बीच, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे गांव में तनाव और बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए एसएसपी विपिन ताड़ा भारी पुलिस बल के साथ बक्सर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित पक्ष से बातचीत की और गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी।

देहदान का पुण्यकारी निर्णय परोपकार की अद्वितीय मिसाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

देहदान करने वाली श्रीमती रमा का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा का भोपाल में हुआ पहली बार अमल भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देहदान करने वाली भोपाल निवासी श्रीमती रमा चौदा जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि देहदान का यह पुण्यकारी निर्णय समाज में करुणा, सहअस्तित्व की भावना और परोपकार की अद्वितीय मिसाल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुसार राज्य शासन द्वारा गांधी मेडिकल कॉलेज में देहदान के उपरांत श्रीमती रमा को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ससम्मान अंतिम विदाई दी गई। भोपाल में यह पहला अवसर है जब किसी का राजकीय सम्मान के साथ देहदान संपन्न हुआ। 

280 कांग्रेस नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, रायसेन में राजनीतिक समीकरण बदले

भोपाल भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर शनिवार को रायसेन जिले के 280 कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के समक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश उपाध्याय, जिला यूथ कांग्रेस महामंत्री आदित्य स्थापक, सेक्टर अध्यक्ष राजेश पचौरी, माखन धाकड़, अशोक घनघोरिया, सुरेश धामले (सेवानिवृत्त डीएसपी), रामकिशोर राजोरिया, नवनीत भार्गव (वकील) सहित 280 से अधिक कांग्रेस कार्यकताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।   सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर मिस्ड काल के माध्यम से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। बरेली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रहे उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की पूछ-परख नहीं होती। कांग्रेस में फील्ड नहीं, सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वालों का होता है सम्मान     इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हम सब मिलकर भाजपा परिवार के साथ-साथ देश को बढ़ाने का कार्य करेंगे। भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा-बड़ा नहीं होता।     सबको सम्मान मिलता है। छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी मिल जाती है और वो उसे ईमानदारी से निभाता है।     आप सभी ने दिल से कांग्रेस का कार्य किया होगा, लेकिन कांग्रेस में जमीनी कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन नहीं होता।     वहां पर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वालों का मूल्यांकन होता है और फील्ड में काम करने वालों को नजरअंदाज किया जाता है।     इसलिए कांग्रेस का परिवार रोज घट रहा है और भाजपा का परिवार बढ़ रहा है।

90 लाख की संदिग्ध राशि उजागर, साइबर धोखाधड़ी केस में पुलिस की बड़ी सफलता

कांकेर कांकेर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा लगभग 90 लाख रुपये की संदिग्ध राशि अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट से जुड़े अन्य खातों की जांच शुरू कर दी है और कई खातों को फ्रीज भी करा दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने गृह मंत्रालय, भारत सरकार के साइबर अपराध पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, शाखा कांकेर के खाते क्रमांक 10181380466 में अवैध रूप से साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम जमा की गई थी। आरोपी यह जानते हुए भी खाते का इस्तेमाल कर रहे थे कि इसमें धोखाधड़ी से अर्जित रकम है। मामले में थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 305/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 318(4), 111 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। मामले में कांकेर थाना में धारा 317(2), 317(4), 317(5), 318(4), 111 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। इस दौरान पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमन पासवान (30 वर्ष), पिता श्रीराम पासवान, निवासी पंखाजुर, थाना पंखाजुर। सुजित मजुमदार (38 वर्ष), पिता सुधीर मजुमदार, निवासी गढ़चिरौली, महाराष्ट्र।

महंगा हुआ हरियाणा से राजस्थान का बस सफर, किराए में की गई इतने प्रतिशत बढ़ोतरी

हरियाणा  हरियाणा से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। अब उन्हें बस में सफर करने के लिए पहले से ज्यादा किराया देना पडे़गा। राजस्थान परिवहन निगम की ओर से किराए में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है।  बता दें कि यह सभी प्रमुख बस कैटेगरी जैसे साधारण, एक्सप्रेस, सेमी डीलक्स, डीलक्स, AC और सुपर लग्जरी बसों में प्रति किलोमीटर की दर से लागू की गई है। यात्रियों को हरियाणा से राजस्थान के विभिन्न शहरों में जाने के लिए 10 से लेकर 40 रुपए तक ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। हरियाणा रोडवेज ने किराया नहीं बढ़ाया है, लेकिन जैसे राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेंगे तो किराया राजस्थान की बढ़ी हुई दरों के हिसाब से ही देना होगा। हरियाणा का सबसे बड़ा बॉर्डर राजस्थान से लगता है। प्रदेश के महेंद्रगढ़ जिले की 3 ओर की सीमाएं राजस्थान से टच हैं। इसके अलावा भिवानी, हिसार, सिरसा, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और गुरुग्राम की सीमा भी राजस्थान से लगती है। 

सुकमा में ड्यूटी के दौरान CRPF जवान की आत्महत्या, कैंप में अफरा-तफरी

सुकमा जिले के घोर नक्सल प्रभावित कैंप मिनपा जहां सीआरपीएफ की सेकेंड बटालियन तैनात है। वहां मोर्चे पर ड्यूटी कर रहे जवान ने अपनी एलएमजी (लाइट मशीन गन) से खुद गोली मार दी। गोली सिर के आर- पार हो गई और जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जवान एक दिन पहले ही अवकाश से वापस लौटा था। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने घटना की पुष्टि करते हुए पूरे मामले की जांच करने की बात कही। घटना से मच गई अफरा-तफरी शनिवार दोपहर 2 बजे घोर नक्सल प्रभावित सीआरपीएफ कैंप मिनपा जहां अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। कैंप के किनारे में स्थित मोर्चे की तरफ से गोली की आवाज सुनाई दी। बाकी जवान सावधानी से मोर्चे की तरफ बड़े और सोचे कि कहीं ये माओवादियों का हमला तो नहीं। लेकिन मोर्चे के पास जाकर देखे तो ड्यूटी पर तैनात जवान शशि भूषण कुमार का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।   आसपास खून ही खून था और सिर का एक हिस्सा गायब था। बिहार के गया जिले के रहने वाले शशि भूषण कुमार यहां सैकंड बटालियन मे तैनात थे और शुक्रवार को अवकाश खत्म कर घर से वापस कैंप लौटे थे। वो अपनी ड्यूटी कर रहे थे तभी अचानक खुद को ही अपनी राइफल से गोली मार दी। पुलिस कर रही घटना की छानबीन घटना की जानकारी मिलते ही चिंतागुफा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। और घटना क्यों हुई और आत्म हत्या के पीछे क्या कारण हो सकते है इस पर छानबीन करने लगी। वही जवान का पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद गृहग्राम भेजा जाएगा। खबर की पुष्टि एसपी किरण चव्हाण ने की।

प्रदेश के 6 शहरों में बदलाव की तैयारी, सैनी सरकार ने दिया विशेष तोहफा

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार प्रदेश के छह शहरों में बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने जा रही है, जिसके लिए लगभग 35 हजार एकड़ जमीन की जरूरत होगी। खास बात यह है कि जमीन पारंपरिक अधिग्रहण से नहीं बल्कि किसानों की सहमति और इच्छा से ही जुटाई जाएगी। इसके लिए किसानों से सीधे ई-भूमि पोर्टल पर जमीन की पेशकश मांगी गई है।  ई-भूमि नीति के तहत किसान न केवल जमीन देने या न देने का फैसला करेंगे बल्कि जमीन की कीमत भी भू-मालिक ही तय करेगा। सरकार और किसान के बीच बातचीत व मोल-भाव के बाद सहमति बनने पर ही सौदा होगा। इस प्रक्रिया में न तो कोई दबाव होगा और न ही किसी तरह की अनिवार्यता। हालांकि 35 हजार एकड़ जमीन लेने की इस कवायद पर अब कानूनी पेच फंस गया है। इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई है और कोर्ट ने सरकार को नोटिस भी जारी कर दिया है। इससे किसानों और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सरकार का दावा है कि इस नीति से किसान मजबूरी में नहीं बल्कि बराबरी की शर्तों पर विकास का हिस्सा बनेंगे। वहीं, विपक्ष और किसान संगठनों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में जमीन जुटाने की कवायद के पीछे औद्योगिक जरूरतों को किसानों के हितों से ऊपर रखने की आशंका है। 

फर्जी कर्नल का बड़ा खेल बेनकाब, पुलिस की नाक तले चलता रहा धंधा

पंजाब  चंडीगढ़ पुलिस ने एक ऐसे कर्नल को गिरफ्तार किया है, जो करीब एक साल तक एक नकली कर्नल बनकर पुलिस महकमे को गुमराह करता रहा और विभाग में धाक जमाता रहा। आरोपी की गणेश भट्ट के रूप में हुई है, जो न सिर्फ वर्दी पहनकर थानों में आता-जाता रहा, बल्कि पुलिसकर्मियों से सलामी तक पाता रहा। चौंकाने वाली बात यह है कि नकली कर्नल ने पुलिस के बीच इतना रुतबा बना लिया कि एक महिला कांस्टेबल तक उसकी चालबाजी का शिकार हो गई। उसने अपने रिश्तेदार की नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी को पांच लाख रुपये दे दिए। वादा पूरा न होने पर जब असलियत खुलने लगी, तब तक गणेश भट्ट फरार हो चुका था। सूत्र बताते हैं कि आरोपी अक्सर एक इंस्पेक्टर के साथ थानों में पहुंचता था और पुलिसकर्मी बिना शक किए उससे प्रभावित होते रहे। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने लंबे समय तक किसी ने उसकी वर्दी और रुतबे की जांच क्यों नहीं की। आखिरकार क्राइम ब्रांच को सूचना मिलने के आरोपी को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया गया है।    गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच हाथापाई भी हुई। गणेश भट्ट के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित को क्राइम ब्रांच की कस्टडी में रखा गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसे पानी तक नहीं दिया गया और उसके कान, आंख, शरीर के अन्य हिस्सों सहित गुप्तांगों में गंभीर चोटें आई हैं।

विधायक की नाराजगी पर भड़के डॉक्टर, बोले- आपके जैसे कई आए-गए

गाजीपुर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एमएलए और डॉक्टर के बीच जमकर कहासुनी हुई। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि डॉक्टर ये कहते हुए कुर्सी से उठ गए कि आपके जैसे विधायक आए और गए। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल पुष्टि नहीं करता है। ये मामला शुक्रवार का है। जखनिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विधायक बेदी राम औचक निरीक्षण करने पहुंचे। सुबह 11 बजे तक कई कर्मचारी अनुपस्थित रहे तो कइयों ने उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं किया था। इस दौरान विधायक और सीएसची अधीक्षक डॉ. योगेंद्र यादव के बीच कहासुनी हो गई। डॉक्टर विधायक पर बिना वजह दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कुर्सी छोड़कर केबिन से बाहर चले गए। इसके बाद विधायक ने मरीजों से बातचीत की और उसने मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार जखनिया विधायक बेदी राम सुबह करीब 11 बजे सीएचसी पहुंचे। इस दौरान अधीक्षक डॉ. योगेंद्र यादव ने बताया कि 19 कर्मचारी कार्यरत है। जबकि संविदा पर 29 हैं। एएनएम की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई जाती है इसलिए उनके हस्ताक्षर रजिस्टर पर नहीं हुए हैं। सुभाषपा विधायक ने प्रभारी डॉक्टर से कहा कि अस्पताल पर जो भी कर्मचारी कार्यरत हैं उन्हें स्पष्ट निर्देश दीजिए कि वे आने के बाद उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद ही काम शुरू करें। पूछताछ के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी और विधायक में नोकझोक होने पर डॉक्टर अपनी कुर्सी छोड़कर बाहर चले गए। कहा कि सम्मान से और शासन की मंशा के अनुरूप ही कार्य कर रहा हूं। नाजायज ऊपर दबाव बनाया जाएगा तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। इस दौरान विधायक ने वार्डो में भर्ती मरीजों से दवा,भोजन,नास्ता मिलने की पूछताछ की। मरीजों ने बताया कि उन्हें भोजन हो या नास्ता बाहर से मंगवाना पड़ता है। विधायक के भड़कने पर डॉक्टर ने कहा, "आप जिस तरह चिल्लाकर बात कर रहे हैं। ऐसा मुझे बिलकुल पसंद नहीं है। मैं नौकरी करूं या नहीं…मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सरकार की मंशा के अनुरूप से काम कर रहा हूं। मैं इस्तीफा भेज दूंगा। आपके जैसे कई विधायक आए और गए।"  

तारामंडल में लगेगा विज्ञान का मेला

–    जल्द बनेगा सोविनियर शॉप –    वीआर थियेटर में मिलेगा रोमांचक अनुभव पटना,  विज्ञान को समझना अब सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नई तकनीक और रोमांचक साधनों के जरिए लोग विज्ञान की को और बेहतर तथा व्यवहारिक तरीके से अनुभव कर सकेंगे। इसके लिए पटना के इंदिरा गांधी प्लेनेटेरियम, तारामंडल परिसर में सोविनियर शॉप और वीआर थियेटर तैयार किए जा रहे हैं। इसके जरिए अब विज्ञान प्रेमियों और विद्यार्थियों को एक अनोखा अनुभव प्रदान किया जाएगा। तारामंडल में बन रही सोविनियर शॉप का टेंडर फाइनल हो गया है और इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस दुकान में विज्ञान से जुड़े उपकरण, विभिन्न विषयों की किताबें, स्पेस सूट, ड्रोन, साइंटिफिक मॉडल और बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक खिलौने उपलब्ध रहेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा जगाना है। यह एक विज्ञान के मेले के जैसा दिखेगा जहां हर तरफ सिर्फ विज्ञान से जुड़ी चीजें ही दिखेंगी। वहीं दूसरी ओर, परिसर में 25 सीटों वाला वीआर थियेटर भी तैयार हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इसका उद्घाटन इसी माह के अंत तक होने की संभावना है। इस थियेटर में दर्शकों को 3डी और 4डी का अनुभव मिलेगा। खास सिम्युलेटर कुर्सियों और वीआर हेडसेट की मदद से लोग रोलर कोस्टर राइड, पानी के भीतर जाने का अहसास और कंपन जैसी गतिविधियों को प्रत्यक्ष अनुभव की तरह महसूस कर पाएंगे। बता दें कि तारामंडल में एक दिन में आठ शो चलाए जाते हैं और हर रोज यहां 2000 की संख्या में लोग आते हैं। इसके साथ ही लोग तारामंडल परिसर में ‘बिहार से’ नाम से रेस्टोरेंट की भी शुरूआत की गई है जहां पत्तल में खाना और कुल्हड़ की गिलास में पानी दिया जाता है। यहां का माहौल भी बिहार थीम पर आधारित है। दीवारों का रंग मिट्टी जैसा है जिस पर मिथिला पेंटिंग बनाई हुई है। यहां बिहार के हर जिले के व्यंजन  मिलते हैं जिसमें मालपुआ, प्याजी, बचका, मुर्गा झोर, तली हुई मछली, लिट्टी चोखा, खुरमा आदि हैं। यहां का मेनू भी देसी अंदाज में लिखा गया है, ताकि हर व्यक्ति  आसानी से समझ सकें।