samacharsecretary.com

तैयारी के बीच सुकून का पल: टीम इंडिया ने लखनऊ में थिएटर जाकर फिल्म का आनंद लिया

 लखनऊ भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा और अहम मुकाबला आज लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी रिलैक्स मूड में नजर आए. व्यस्त मैच शेड्यूल के बीच भारतीय टीम ने मूवी ब्रेक लिया और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ देखी. खिलाड़ियों की मौजूदगी से मॉल में हलचल जरूर बढ़ी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. लखनऊ में टीम इंडिया ने मैच की तैयारियों के बीच थोड़ा सुकून भरा वक्त बिताया. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इकाना स्टेडियम के पास स्थित फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंचे, जहां उन्होंने रात 10:30 बजे का शो देखा और रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का आनंद लिया. खिलाड़ियों की मौजूदगी से हॉल में दिखी उत्सुकता सबसे पहले मॉल पहुंचने वाले खिलाड़ियों में टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा शामिल थे. इसके कुछ समय बाद टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, अन्य खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी वहां पहुंचे. खिलाड़ियों की मौजूदगी से मॉल में उत्सुकता और हलचल का माहौल देखने को मिला. सुरक्षा व्यवस्था रही बेहद सख्त हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई थी. सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में पूरी मूवी विजिट शांतिपूर्वक संपन्न हुई और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई. टीम इंडिया के मूवी ब्रेक की खबर फैलते ही क्रिकेट फैंस के बीच भी खासा उत्साह देखा गया. टीम इंडिया का आज मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाना है. इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर लखनऊ में पहले से ही क्रिकेट का माहौल बना हुआ है, जो खिलाड़ियों की इस सार्वजनिक मौजूदगी के बाद और ज्यादा गर्म हो गया है. सुरक्षा कारणों को देखते हुए टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका की टीम को हयात होटल में ठहराया गया है. होटल परिसर में डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की मदद से सुरक्षा जांच की गई है और पूरे इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

कप्तान सूर्यकुमार की परीक्षा, भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीत की चुनौती

लखनऊ शुभमन गिल का खराब प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है लेकिन साथ ही खराब फॉर्म से जूझे रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव भी समीक्षा के दायरे में हैं क्योंकि भारत बुधवार को यहां चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सही संतुलन तलाश कर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला में विजयी बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगा। तीसरे मैच में सूर्यकुमार के पास वह लय हासिल करने का अच्छा मौका था जिसने उन्हें दुनिया का शीर्ष बल्लेबाज बनाया था क्योंकि भारत 118 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा किया कर रहा था लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया और सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। एक समय उनका दबदबा स्थापित करने वाले शॉट अनियमित परिणाम दे रहे हैं और धर्मशाला में मैच भी अलग नहीं था क्योंकि वह अपना चिर-पिरचित पिक-अप शॉट खेलते हुए आउट हुए जो उनके निरंतर संघर्ष को उजागर करता है। सूर्यकुमार ने हालांकि कहा कि वह खराब फॉर्म से नहीं जूझ रहे। उन्होंने रविवार को धर्मशाला में भारत की जीत के बाद कहा, ‘‘मैं नेट में शानदार बल्लेबाजी कर रहा हूं। मैं वह सब कुछ करने की कोशिश कर रहा हूं जो मेरे नियंत्रण में है। जब रन आने होंगे तो वे निश्चित रूप से आएंगे। मैं खराब फॉर्म से नहीं जूझ रहा लेकिन निश्चित तौर पर रन नहीं बना पा रहा।’’ हालांकि आंकड़े एक चिंताजनक कहानी बताते हैं। भारतीय कप्तान एक साल से अधिक समय से लय हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं। मौजूदा सत्र में इस प्रारूप में उनका औसत 15 से कम है। इसके अलावा 2025 में उनके नाम कोई अर्धशतक नहीं है जो उनके करियर में इस तरह का सबसे लंबा चरण है। वह इस दौरान केवल दो बार 20 गेंद से अधिक बल्लेबाजी करने में सफल रहे हैं। टी20 विश्व कप में दो महीने से भी कम समय बचा है और ऐसे में गत चैंपियन टीम चाहेगी कि उनका कप्तान और प्रमुख बल्लेबाज जल्द से जल्द लय फिर से हासिल कर ले। उप कप्तान शुभमन गिल का प्रदर्शन भी काफी खराब रहा है। उनके पारी का आगाज करने से भारत का शीर्ष क्रम अस्थिर हो गया है। गिल ने अच्छी तरह से स्थापित संजू सैमसन की जगह ली। केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज को अभिषेक शर्मा के साथ एक प्रभावी साझेदारी बनाने के बावजूद पहले निचले क्रम में धकेल दिया गया और अंततः बाहर कर दिया गया। गिल ने अन्य प्रारूपों में अपना स्तर दिखाया है लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्हें अब भी उस आश्वस्त बल्लेबाज की झलक नहीं दिखाई है जो वह टेस्ट और एकदिवसीय में है। वह रविवार को कम लक्ष्य का पीछा करते हुए भी सिर्फ 28 रन ही बना पाए जिसने विश्व कप से पहले चिंताओं को कम नहीं किया है। विश्व कप से पहले भारत के पास इस प्रारूप में अब सिर्फ सात मैच हैं। अक्षर पटेल के बीमारी के कारण श्रृंखला से बाहर होने के बाद भारत ने शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है जिससे कुलदीप यादव को अधिक मौके मिल सकते हैं। निजी कारणों से पिछला मैच नहीं खेलने के बाद जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उनकी अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह पिछले मुकाबले में मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए जबकि हर्षित राणा ने भी धर्मशाला में उनका अच्छा साथ दिया। भारत फिलहाल पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 से आगे है। श्रृंखला में अब तक किस्मत बहुत तेजी से बदली है। पहले मैच में भारत का दबदबा था लेकिन दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने बाजी पूरी तरह से पलट दी। तीसरे मैच में भारत ने फिर एकतरफा जीत दर्ज की और दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला को जीवंत रखने के लिए बुधवार को हर हाल में जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगा। पिछले साल जून में टी20 विश्व कप फाइनल के बाद से दक्षिण अफ्रीका ने सबसे छोटे प्रारूप में 28 में से 18 मैच गंवाए हैं जो प्रदर्शन में निरंतरता की कमी को दर्शाता है। दक्षिण अफ्रीका को व्यवस्थित संयोजन की तलाश है और इसके लिए टीम प्रबंधन लगातार बदलाव कर रहा है जिससे खिलाड़ी लय हासिल नहीं कर पा रहे और टीम को मैच गंवाने पड़े हैं। पिछले सत्र की उपविजेता टीम के पास नौ फरवरी को टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच से पूर्व अंतिम एकादश को अंतिम रूप देने के लिए पांच मैच बचे हैं जिसमें से दो भारत के खिलाफ जबकि तीन घरेलू सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ हैं। यह देखना होगा कि टीम खिलाड़ियों के रोटेशन की नीति पर कायम रहती है या नहीं। टीम इस प्रकार हैं: भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, एनटी तिलक वर्मा, शाहबाज अहमद, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर। दक्षिण अफ्रीका: एडेन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, लूथो सिपाम्ला, ओटनील बार्टमैन, एनरिक नोर्किया, लुंगी एनगिडी, कोर्बिन बॉश, केशव महाराज और जॉर्ज लिंडे। समय: मैच शाम सात बजे शुरू होगा  

भोपाल में 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप: मंत्री विश्वास सारंग ने 50 मीटर राइफल विजेताओं को किया सम्मानित

भोपाल में 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन मंत्री विश्वास सारंग ने किया 50 मीटर राइफल इवेंट के विजेताओं को सम्मानित भोपाल राजधानी भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के अंतर्गत 50 मीटर राइफल इवेंट के फाइनल मुकाबले एवं पदक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को सहभागिता करते उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनसे संवाद किया। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी आज विश्व की श्रेष्ठ शूटिंग अकादमियों में अपनी पहचान बना चुकी है। यहाँ खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ, श्रेष्ठ प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल अधोसंरचना के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में संचालक (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी. एस. यादव सहित राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शूटिंग अकादमी के ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण पदक मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 597/600 अंक अर्जित किए तथा फाइनल में 470.5 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही डेफ केटेगरी में अकादमी के खिलाड़ी कुशाग्र सिंह राजावत ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उल्लेखनीय है कि इस स्पर्धा में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के सीनियर, जूनियर, यूथ, डेफ एवं हैंडीकैप्ड केटेगरी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न श्रेणियों में पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं प्रेरणादायी रहा।  

मैदान पर मचा कोहराम: 17 चौके-9 छक्कों के साथ भारतीय स्टार ने ODI में जड़ा डबल सेंचुरी

नई दिल्ली  भारत के 17 साल के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने इतिहास रच दिया है. अभिज्ञान कुंडू यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले भारत के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. एसीसी मेंस U19 एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में मलेशिया (MLY) के खिलाफ मैच के दौरान बल्ले से तबाही मचा दी है. अभिज्ञान कुंडू ने केवल 101 गेंद पर यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक ठोक दिया. भारत के खूंखार क्रिकेटर ने ODI में ठोका दोहरा शतक अभिज्ञान कुंडू ने मंगलवार को मलेशिया के खिलाफ U19 एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के मैच में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए 125 गेंदें पर नाबाद 209 रन जड़ दिए. अभिज्ञान कुंडू ने अपनी इस पारी में 167.20 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 17 चौके और 9 छक्के उड़ाए. अभिज्ञान कुंडू की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत भारतीय U19 टीम (INDU19) ने मलेशिया U19 टीम (MLYU19) के खिलाफ 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 408 रन का स्कोर खड़ा कर दिया.   गेंदबाज त्राहि-त्राहि करते हुए नजर आए अभिज्ञान कुंडू के धमाके के सामने मलेशिया U19 टीम के गेंदबाज त्राहि-त्राहि करते हुए नजर आए. अभिज्ञान कुंडू ने अपना शतक महज 80 गेंदों पर ही पूरा कर लिया था. शतक बनाने के बाद अभिज्ञान कुंडू और भी ज्यादा खतरनाक हो गए और उन्होंने अपनी अगली 41 गेंदों पर 100 से ज्यादा रन जोड़ लिए.अभिज्ञान कुंडू अंत में 125 गेंद पर 209 रन बनाकर नाबाद लौटे. मलेशिया U19 टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. मलेशिया U19 टीम का यह फैसला उन्हीं पर भारी पड़ गया. भारत ने दिया 409 रनों का टारगेट भारतीय U19 टीम (INDU19) ने मलेशिया U19 टीम (MLYU19) को 50 ओवर में जीत के लिए 409 रनों का टारगेट दिया है. भारतीय पारी में अभिज्ञान कुंडू के अलावा वेदांत त्रिवेदी ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंद पर 90 रन ठोक दिए. अभिज्ञान कुंडू यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले भारत के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. अभिज्ञान कुंडू का 209 रन का स्कोर अब यूथ ODI इतिहास में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. इससे पहले अगस्त 2002 में अंबाती रायडू ने टॉन्टन में इंग्लैंड के खिलाफ यूथ ODI मैच में 169 गेंदों पर नाबाद 177 रन बनाए थे. 

इंडिया आकर सीधे वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद महाराज जी से की मुलाकात

नई दिल्ली   भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का वृंदावन में आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने देश भर के फैंस का ध्यान खींचा है। यह कपल जो अपनी गहरी आध्यात्मिक आस्था के लिए जाना जाता है, पवित्र शहर में प्रार्थना और ध्यान करने के लिए गए थे।   वीडियो में, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा विनम्रता से प्रेमानंद महाराज को प्रणाम करते और ध्यान से उनकी बातें सुनते हुए दिख रहे हैं, जब वे उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं। सादे कपड़े पहने हुए इस कपल ने इस यात्रा के दौरान लो प्रोफाइल बनाए रखा, जो शांति और भक्ति की भावना को दिखाता है।  वीडियो में उन्हें सम्मानपूर्वक बैठे हुए, वृंदावन के आध्यात्मिक माहौल में डूबे हुए देखा गया जो भगवान कृष्ण से जुड़ा एक पवित्र स्थान है। ग्लोबल फेम के बावजूद आध्यात्म को अपनाने के लिए इस कपल की खूब तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके ज़मीन से जुड़े स्वभाव और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की तारीफ़ करने वाले मैसेज भर गए। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहले भी आध्यात्म और माइंडफुलनेस के महत्व के बारे में बात कर चुके हैं, और अक्सर आश्रमों और आध्यात्मिक गुरुओं के पास जाते रहते हैं। वृंदावन की उनकी यात्रा ने एक बार फिर उनकी ज़िंदगी के इस पहलू को उजागर किया, जिससे फैंस को उनकी पर्सनल मान्यताओं की झलक मिली जो लाइमलाइट से परे उनकी यात्रा को आकार देने में मदद करती हैं।  

कठिन चुनौती के लिए तैयार सात्विक–चिराग, BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स में मिला ‘ग्रुप ऑफ डेथ’

हांगझोउ सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बुधवार से यहां शुरू होने वाले सत्रांत बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी को उस ग्रुप में जगह मिली है जिसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ (सबसे मुश्किल ग्रुप) माना जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हर वर्ग में आठ शीर्ष खिलाड़ी या जोड़ियां शामिल होती हैं जिनका चयन विश्व टूर कैलेंडर में प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। दुनिया की पूर्व नंबर एक और अब तीसरे नंबर की सात्विक और चिराग की जोड़ी इस एलीट प्रतियोगिता में एकमात्र भारतीय प्रतिनिधि हैं। एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग को ग्रुप बी में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा क्योंकि इस ग्रुप में कई ओलंपिक पदक विजेता शामिल हैं। भारतीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ करेगी जो पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता हैं। इसके बाद उनकी भिड़ंत इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिक्री से होगी। शुक्रवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में भारतीय जोड़ी अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी आरोन चिया और सोह वूई यिक की मलेशियाई जोड़ी से भिड़ेगी जो पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता हैं। चिया और यिक को यहां दूसरी वरीयता मिली है। आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें तो सात्विक और चिराग ने दुनिया की सातवें नंबर की चीन की जोड़ी के खिलाफ तीन मैच जीते हैं जबकि सात मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। सितंबर में हांगकांग ओपन फाइनल में भी सात्विक और चिराग को लियांग और वांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जोड़ी ने हालांकि चीन मास्टर्स में पिछले मुकाबले में इस जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज की थी। सात्चिक और चिराग को दुनिया की 11वें नंबर की इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ अपनी एकमात्र भिड़ंत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था जबकि आरोन और सोह के खिलाफ भारतीय जोड़ी को अपने करियर में अधिकांश समय परेशानी का सामना करना पड़ा है। प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष दो जोड़ियां सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और ऐसे में गलती की गुंजाइश बहुत कम है। सात्विक और चिराग ने इस साल कोई खिताब नहीं जीता लेकिन भारतीय जोड़ी ने चोट के कारण ब्रेक के बाद वापसी करते हुए निरंतरता और लचीलापन दिखाया है। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक के साथ फॉर्म में वापसी की और हांगकांग ओपन तथा चीन मास्टर्स में उपविजेता रहे। भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन, इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन, चीन ओपन और डेनमार्क ओपन में भी सेमीफाइनल में पहुंची। साल के आखिर में होने वाले फाइनल्स में भारत की उपस्थिति छिटपुट लेकिन महत्वपूर्ण रही है। पीवी सिंधू यह खिताब जीतने वाली एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने 2018 में महिला एकल का खिताब जीता था जबकि साइना नेहवाल 2011 में फाइनल में पहुंची थीं। युगल में ज्वाला गुट्टा और वी दिजू 2009 के सुपर सीरीज फाइनल में मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंचे थे।  

एशेज : बॉन्डी बीच गोलीबारी की घटना के बाद एडिलेड टेस्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एडिलेड ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच बुधवार से एडिलेड ओवल में खेला जाना है। इससे पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का ऐलान किया है। यह फैसला सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद लिया गया है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के स्टेट प्रीमियर पीटर मलिनाउस्कस ने बताया कि स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा नियम लागू किए जाएंगे। इनमें राइफल से लैस पुलिसकर्मियों की तैनाती भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि सिडनी की घटना को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है और फिलहाल सतर्क रहना जरूरी है। डेली मेल के हवाले से मलिनाउस्कस ने कहा, “सिडनी में हुई घटनाओं को देखते हुए, एडिलेड ओवल में अतिरिक्त प्रोटोकॉल लागू किए जाएंगे। यह सिर्फ़ एहतियात के तौर पर किया जा रहा है, लेकिन यह सही है कि इस समय हम ज़्यादा सतर्क रहें।” बॉन्डी बीच पर यह हमला एक यहूदी धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ था, जिसमें दो लोगों ने गोलीबारी की। इस घटना में 16 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा अस्पताल में गंभीर हालत में है। इस घटना के बाद दक्षिण ऑस्ट्रेलिया पुलिस आयुक्त ग्रांट स्टीवंस ने बताया कि मैच के दौरान एडिलेड ओवल के आसपास विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल क्रिकेट मैच या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों पर किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने संयुक्त बयान जारी कर इस हमले पर गहरा दुख जताया है और पीड़ितों व उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सम्मान के तौर पर मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा और दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे। पांच मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 2-0 से आगे है और तीसरा टेस्ट जीतकर एशेज ट्रॉफी अपने पास बनाए रखने की कोशिश करेगा।  

CSK का मास्टरस्ट्रोक! IPL 2026 ऑक्शन में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर करोड़ों की बोली

अबू धाबी  प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' बन गए हैं। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों को 14.2-14.2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। बाएं हाथ के खिलाड़ी प्रशांत वीर का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था। उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सबसे पहले दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद मुंबई इंडियंस बिड वॉर में कूद पड़ी। 1.30 करोड़ रुपए की बोली लगाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने भी प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई। इस बीच राजस्थान रॉयल्स भी इस होड़ में शामिल हो गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए की बोली लगाकर सभी को चौंकाया, लेकिन सीएसके ने आखिरकार प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की। 20 वर्षीय प्रशांत वीर ने 2 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 9 टी20 मुकाबलों में 16.66 की औसत के साथ 12 विकेट निकाले। इस खिलाड़ी ने 28 की औसत के साथ 112 रन भी बनाए हैं। दूसरी ओर, रणजी ट्रॉफी में शतक लगाने वाले 19 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने दिलचस्पी दिखाई। आखिरकार, चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ने में सफलता हासिल की। कार्तिक 8 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 9 लिस्ट-ए मुकाबले और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 2 शतक, जबकि फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 3 शतक लगाए हैं। इससे पहले, आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' का रिकॉर्ड आवेश खान के नाम पर था, जिन्हें आईपीएल 2022 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा था। आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने कृष्णप्पा गौतम पर 9.25 करोड़ रुपए खर्च किए थे। शाहरुख खान (पंजाब किंग्स) और राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस) आईपीएल 2022 की नीलामी में 9-9 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे।

रैकेट की बजाय सोशल मीडिया की गूंज से सुर्खियों में ओशियान डोडिन, जानिए कमाई का तरीका

पेरिस  टेनिस की दुनिया में वापसी आमतौर पर रैकेट की गूंज से होती है, लेकिन ओशियान डोडिन की वापसी ने सुर्खियों, कैमरों और सोशल मीडिया पर अलग ही शोर मचा दिया. 29 साल की फ्रेंच टेनिस खिलाड़ी ने न सिर्फ कोर्ट पर लौटकर सबको चौंकाया, बल्कि करियर के बीच लिए गए अपने निजी फैसलों से भी खेल जगत में नई बहस छेड़ दी        2024 के अंत में इनर-ईयर कंडीशन के चलते डोडिन को टेनिस से लंबा ब्रेक लेना पड़ा. चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी WTA सिंगल्स रैंकिंग गिरकर 744 तक पहुंच गई. बड़े टूर्नामेंट्स से दूर, वह महीनों तक प्रतिस्पर्धी टेनिस से बाहर रहीं.  इसी खामोशी भरे दौर में डोडिन ने वह किया, जो वह लंबे समय से चाहती थीं- मिड-करियर ब्रेस्ट एन्हांसमेंट सर्जरी. सितंबर में जब उन्होंने ITF टूर्नामेंट के जरिए वापसी की, तो टेनिस की दुनिया ने उन्हें एक नए अंदाज में देखा. फ्रांस में दिए गए इंटरव्यू में डोडिन ने बिना किसी झिझक के अपने फैसले पर बात की. उन्होंने कहा, अगर मुझे छह महीने रुकना ही था, तो मैंने सोचा कि क्यों न वही करूं जो मैं सच में चाहती हूं. मैं 40 की उम्र में यह करने से बेहतर अभी करना चाहती थी.'  उनकी साफगोई ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया. डोडिन पहली सक्रिय टेनिस खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने खुले तौर पर मिड-करियर कॉस्मेटिक सर्जरी की बात स्वीकार की. कुछ ने तारीफ की, कुछ ने सवाल उठाए- लेकिन चर्चा थमी नहीं. अब, तीन महीने बाद, डोडिन ने एक और बड़ा कदम उठाया है. वह OnlyFans से जुड़ गई हैं. OnlyFans एक सब्सक्रिप्शन-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां क्रिएटर्स अपने फैन्स के लिए एक्सक्लूसिव कंटेंट साझा करते हैं. हालांकि यहां फिटनेस, लाइफस्टाइल और स्पोर्ट्स कंटेंट भी मौजूद हैं. हाल के वर्षों में कई खिलाड़ी और सेलेब्रिटी पारंपरिक कमाई से अलग सीधी कमाई के लिए इस प्लेटफॉर्म का रुख कर चुके हैं.  डोडिन भी सचिया विकरी और निक किर्गियोस जैसे टेनिस खिलाड़ियों की राह पर चल पड़ी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह OnlyFans से एक साल में अपने पूरे टेनिस करियर (करीब 2.85 मिलियन डॉलर) से ज्यादा कमाई कर सकती हैं. डोडिन का कहना है कि वह सिर्फ टेनिस तक सीमित होकर नहीं जीना चाहतीं. 'हम खिलाड़ी हैं, लेकिन सामान्य लोग भी हैं. हमारी निजी जिंदगी है, हमारी पसंद है.' उनके फैसले को लेकर चेतावनियां भी मिलीं- यहां तक कहा गया कि वह अब खेल नहीं पाएंगी. 

IPL ऑक्शन में ग्रीन का तूफान, ₹25.20 करोड़ की बोली ने उड़ाए सबके होश

अबू धाबी इंडियन प्रीमियर लीग (2026) के लिए 16 दिसंबर (मंगलवार) को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर पैसों की बारिश हुई. ग्रीन को तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. ग्रीन ने अपने हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) आईपीएल के सबसे महंगे प्लेयर हैं.  कैमरन ग्रीन के लिए पहली बिड मुंबई इंडियंस (MI) ने 2 करोड़ रुपये की लगाई, जो ग्रीन का बेस प्राइस था. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने एंट्री की. फिर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2.8 करोड़ की बोली लगाई. देखते ही देखते बोली 8 करोड़ के पार पहुंच गई, जहां केकेआर और रॉयल्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. राजस्थान रॉयल्स ने बोली बढ़ाकर 11.8 करोड़ कर दी, जो उनके कुल पर्स का 80 प्रतिशत से ज्यादा था. वहीं, सबसे ज्यादा पर्स वाली केकेआर ने बोली को 12 करोड़ तक पहुंचा दिया. राजस्थान की टीम ने एक आखिरी कोशिश करते हुए बोली 13.6 करोड़ कर दी, शायद यह जानते हुए कि केकेआर यहां रुकने वाली नहीं है. इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर होती नजर आई. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 13.8 करोड़ की बोली लगाकर एंट्री मारी. अब मुकाबला केकेआर और सीएसके के बीच था. बोली तेजी से बढ़ते हुए 16.2 करोड़ तक पहुंच गई, जिसमें सीएसके आगे थी. देखते ही देखते केकेआर ने बोली को 18.4 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन सीएसके ने बिना देर किए बोली को 18.6 करोड़ रुपये कर दिया. पैडल इतनी तेजी से उठ रहे थे कि टेबल पर रखी कैलकुलेटर भी पीछे छूट गई. अब बोली 24 करोड़ के पार जा चुकी थी, लेकिन सीएसके फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी. आखिरकार केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बोली लगाई. सीएसके ने यहां हार मान ली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया. अपने पहले ही सीजन में छा गए थे कैमरन ग्रीन ने आईपीएल में अपना डेब्यू साल 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए किया था, अपने पहले ही सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 452 रन बनाए और साथ ही 6 विकेट भी झटके. उनके ऑलराउंड खेल ने उन्हें लीग के सबसे प्रभावशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले उन्हें एमआई ने 17.5 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों ट्रेड कर दिया गया. आरसीबी के लिए खेलते हुए कैमरन ग्रीन ने 255 रन बनाए और गेंदबाजी में भी अहम योगदान देते हुए 10 विकेट अपने नाम किए, हालांकि, पीठ की चोट के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी, जिस वजह से कैमरन ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया.अब वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और आईपीएल में केकेआर के लिए धमाल मचाने के लिए उत्सुक हैं.