samacharsecretary.com

PBKS vs GT, मुल्लनपुर में शाम 7:30 बजे से शुरू होगी भिड़ंत

न्यू चंडीगढ़ आईपीएल 2026 के चौथे मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का सामना गुजरात टाइटन्स (जीटी) से मंगलवार, 31 मार्च को महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मुल्लनपुर में होगा। पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन में शानदार क्रिकेट खेला था, लेकिन दुर्भाग्यवश फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से छह रन से हार गई थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इस सीजन की अच्छी शुरुआत करना चाहेगी। पंजाब किंग्स पिछले सीजन की सबसे सुसंगत टीम थी और लीग चरण के बाद प्वाइट्स टेबल में शीर्ष पर रही। उनकी बल्लेबाजी की कमान प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और फिनिशर शशांक सिंह संभालेंगे। गेंदबाजी में युजी चहल आक्रमण की अगुवाई करेंगे, जिन्हें अर्शदीप सिंह, वैशाक विजयकुमार और मार्को जेन्सन का समर्थन मिलेगा। अर्शदीप सिंह पिछले सीजन में 21 विकेट लेकर टीम के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। गुजरात भी है दमदार दूसरी ओर, शुभमन गिल गुजरात टाइटन्स की कप्तानी करेंगे। उनकी टीम में जोस बटलर, साई सुदर्शन और ग्लेन फिलिप्स जैसे मजबूत टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं। मोहम्मद सिराज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे, जिन्हें कागीसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा का सहयोग मिलेगा। इन दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कांटे का होने की उम्मीद है। पंजाब और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का चौथा मैच किस तारीख को होना है? पंजाब और गुजरात की टीमों के बीच आईपीएल 2026 का चौथा मैच 31 मार्च 2026, मंगलवार को खेला जाएगा। पंजाब किंग्स की टीम और गुजरात टाइटन्स की टीम के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा? पंजाब और गुजरात की टीमों के बीच आईपीएल 2026 का मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लनपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब बनाम गुजरात आईपीएल मैच आज कितने बजे शुरू होगा? आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच आईपीएल 2026 का रोमांचक मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:30 बजे से होना है। मैच का टॉस 7:00 बजे कराया जाएगा। पंजाब और गुजरात के बीच आज आईपीएल 2026 के मैच को भारत में आप टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में लाइव देख सकते हैं। आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाले मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें? पंजाब-गुजरात के बीच आईपीएल के 19वें संस्करण के चौथे मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट (JioHotstar App And Website) पर देखी जा सकेगी।  

मियामी ओपन,जानिक सिनर ने रचा इतिहास, ‘सनशाइन डबल’ जीतने वाले बने पहले इटालियन

मियामी इटली के विश्व नंबर दो जानिक सिनर ने रविवार को बारिश से बाधित मियामी ओपन फाइनल में चेक गणराज्य के जीरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराकर बिना एक भी सेट गंवाए प्रतिष्ठित 'सनशाइन डबल' पूरा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। सिनर 2017 में रोजर फेडरर के बाद इंडियन वेल्स और मियामी खिताब लगातार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने। कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा में आयोजित इन टूर्नामेंटों को मिलाकर 'सनशाइन डबल' कहा जाता है। इस उपलब्धि के साथ सिनर उस खास क्लब में शामिल हो गए जिसमें फेडरर के अलावा नोवाक जोकोविक, आंद्रे आगासी, मार्सेलो रियोस, पीट सम्प्रास, माइकल चांग और जिम कूरियर जैसे दिग्गज शामिल हैं। सिनर ने अपने पहले सर्व पर 92 प्रतिशत अंक जीते और मैच के दौरान मिले तीनों ब्रेक पाइंट बचाए। इस जीत के साथ उन्होंने मास्टर्स 1000 मुकाबलों में बिना सेट गंवाए अपने मैचों की संख्या 17 तक पहुंचा दी। मैं बहुत उत्साहित हूं: सिनर सिनर ने कहा कि हमने इस स्थिति तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। इसलिए मैं बेहद खुश हूं और घर लौटने को लेकर भी उत्साहित हूं। यहां पहली बार सनशाइन डबल हासिल करना अविश्वसनीय है। यह ऐसा है जिसके बारे में मैंने कभी नहीं सोचा था, क्योंकि इसे हासिल करना बहुत मुश्किल होता है। लेकिन हमने किसी तरह कर दिखाया, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। करीब 90 मिनट की बारिश की देरी से पहले सिनर मैदान पर फुटबाल के साथ हल्का अभ्यास करते नजर आए। बारिश से प्रभावित रहा मुकाबला उन्होंने शुरुआती सेट में 3-1 की बढ़त बनाने के लिए जल्दी ब्रेक किया और फिर दमदार सर्विस के दम पर बिना अंक गंवाए सर्विस होल्ड करते हुए पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट के पहले गेम के दौरान फिर बारिश लौट आई, जिससे खिलाड़ियों को करीब 90 मिनट के लिए कोर्ट छोड़ना पड़ा। इस दौरान सिनर ने दोबारा फुटबाल के साथ खेलते हुए खुद को सक्रिय रखा और टीम के सदस्यों के साथ पासिंग करते रहे। विश्व नंबर 22 लेहेका ने दूसरे सेट में दो सर्विस गेम के दौरान पांच ब्रेक पाइंट बचाए और फिर बिना अंक गंवाए सर्विस होल्ड कर 4-3 की बढ़त बना ली, लेकिन इसके बाद सिनर हावी हो गए। सिनर ने दूसरे सेट में अपने छठे ब्रेक पाइंट को भुनाते हुए 5-4 की बढ़त हासिल की और फिर अपनी सर्विस पर पहले ही चैंपियनशिप प्वाइंट पर ओपन कोर्ट में फोरहैंड वाली लगाकर मुकाबला समाप्त कर दिया।

PBKS vs GT, न्यू चंडीगढ़ की पिच पर बल्लेबाजों या गेंदबाजों में से किसे मिलेगी मदद? जानें मुल्लांपुर स्टेडियम की रिपोर्ट

न्यू चंडीगढ़ आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी पिछले सीजन उपविजेता रही पंजाब, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहला खिताब जीतन . पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स (PBKS) आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। पंजाब को आईपीएल 2025 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही उनका पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया। अब इस सीजन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में वे पहला खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। पंजाब और गुजरात के बीच होने वाले मुकाबले के लिए पिच काफी अहम होने वाली है। आईपीएल में पिछले कुछ सीजन से बड़े-बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। पहले दोनों मैचों में इस सीजन भी चारों पारियों में 200 से अधिक का स्कोर बना है। ऐसे में न्यू चंडीगढ़ में होने वाले इस मुकाबले के लिए पिच पर भी सभी की निगाहें रहने वाली हैं। कैसी रहेगी न्यू चंडीगढ़ की पिच? पंजाब और गुजरात के बीच मुकाबला न्यू चंडीगढ़, मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। यहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए ही मददगार साबित होती है। पिच से शुरूआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इसके अलावा बीच के ओवरों में स्पिनर्स को भी कुछ मदद मिल सकती है। स्टेडियम की आउट फील्ड काफी तेज है और इस वजह से शॉट्स खेलने के बाद गेंद तेजी से बाउंड्री की तरफ जाएगी। कुल मिलाकर ये पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए ही समान व्यवहार करती हुई दिखाई देगी। दोनों टीमों का स्क्वाड गुजरात टाइटंस की टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, इशांत शर्मा, जयंत यादव, जेसन होल्डर, ल्यूक वुड, वॉशिंगटन सुंदर, टॉम बैंटन, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र, अरशद खान, गुरनूर बरार, निशांत सिंधु, अशोक शर्मा। पंजाब किंग्स की टीम:  प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, बेन ड्वारशुइस, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मार्को जैंसन, विजयकुमार विशक, लॉकी फर्ग्यूसन, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, नेहल वढेरा, हरप्रीत बरार, कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पाइला अविनाश, विशाल निशाद।  

सानिया मिर्जा का दिलचस्प खुलासा: बेटे को तलाक के बारे में किस तरह बताया

हैदराबाद  भारतीय टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने अपने निजी जीवन को लेकर हमेशा ही गरिमापूर्ण चुप्पी बनाए रखी है, खासकर शोएब मलिक से अलग होने के बाद से। हालांकि, हाल ही में, पूर्व विश्व नंबर 1 ने तलाक और एकल मातृत्व के अपने सफर के बारे में दिल को छू लेने वाले विचार साझा करना शुरू कर दिया है, जिससे कोर्ट के बाहर उनके जीवन की एक दुर्लभ और ईमानदार झलक मिलती है। फिलहाल अपने पेशेवर दायित्वों और बेटे इज़हान मिर्ज़ा मलिक की परवरिश पर ध्यान केंद्रित करते हुए, सानिया अपने टॉक शो 'सर्व इट अप विद सानिया' के माध्यम से खुलकर अपने विचार व्यक्त कर रही हैं। हाल ही के एक एपिसोड में उद्यमी मसाबा गुप्ता के साथ बातचीत में, दोनों ने तलाक से निपटने और पालन-पोषण पर इसके प्रभाव के बारे में खुलकर चर्चा की। सानिया मिर्जा ने बेटे के साथ तलाक की बातचीत पर अपनी राय व्यक्त की। अपने जीवन के सबसे कठिन अनुभवों में से एक को याद करते हुए, सानिया ने बताया कि अपने छोटे बेटे से अलगाव के बारे में बात करने से पहले उन्होंने पेशेवर सलाह ली थी। उन्होंने साझा किया, “व्यक्तिगत रूप से, जब मैं अपने जीवन में एक कठिन दौर से गुज़र रही थी, तो मैंने एक बाल मनोवैज्ञानिक से सलाह ली थी कि इज़हान से इस बारे में कैसे बात करूं क्योंकि वह छोटा था।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें जो सबसे महत्वपूर्ण सलाह मिली, वह ईमानदारी और सामान्यता के बारे में थी। “एकमात्र सलाह जो मुझे वास्तव में याद रही, वह यह थी कि उसे बाहर से कुछ भी पता नहीं चलना चाहिए। आपको उसे खुद ईमानदारी से बताना होगा, और यह उसके लिए सामान्य बात होनी चाहिए। उसे अजीब महसूस नहीं करना चाहिए,” उन्होंने बच्चों के साथ खुले संवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा। जब उसे पैनिक अटैक आने लगे फिल्म निर्माता और करीबी दोस्त फराह खान के साथ एक और भावुक एपिसोड में, सानिया ने अपने तलाक के बाद आने वाली चुनौतियों के बारे में बात की, जिनमें पैनिक अटैक भी शामिल थे। फराह ने एक ऐसे पल को याद किया जब सानिया एक लाइव शो से पहले संघर्ष कर रही थीं, और कहा, "मैंने आपको कभी पैनिक अटैक से गुजरते नहीं देखा था। मैं बहुत डर गई थी।" सानिया ने उस दौर की अपनी कमजोरी को स्वीकार करते हुए कहा, "मैं कांप रही थी… अगर तुम नहीं आते, तो मैं वह शो नहीं करती," यह इस बात को उजागर करता है कि अलगाव ने उन पर भावनात्मक रूप से कितना गहरा प्रभाव डाला था। बातचीत में तलाक का बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी चर्चा हुई। यह मानते हुए कि अलगाव बच्चे को प्रभावित कर सकता है, सानिया ने एक स्वस्थ वातावरण चुनने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने समझाया, “बच्चे पर असर तो पड़ेगा ही। इसलिए आपको समझना होगा और एक बेहतर स्थिति चुननी होगी। अगर बच्चा दो बेहद दुखी लोगों को देखेगा, तो आपको एक फैसला लेना ही होगा।” उन्होंने आगे कहा कि एक आदर्श परिवार होने का दिखावा करना फायदे से ज्यादा नुकसानदायक होता है। उन्होंने कहा, "अगर आपको लगता है कि आप दिखावा कर सकते हैं, तो आप खुद को धोखा दे रहे हैं क्योंकि बच्चा यह बात समझ जाता है।" कई महीनों की अटकलों के बाद, सानिया मिर्जा और शोएब मलिक ने जनवरी 2024 में अपनी 14 साल की शादी खत्म कर दी। उनका बेटा इज़हान, जिसका जन्म अक्टूबर 2018 में हुआ था, फिलहाल सानिया के साथ दुबई में रहता है।

राजस्थान रॉयल्स की धमाकेदार जीत: CSK को 8 विकेट से रौंदा, वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक

 गुवाहाटी बाएं हाथ के तूफानी वैभव सूर्यवंशी हिटिंग मशीन के तौर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. पहले उन्होंने आईपीएल 2025 में तहलका मचाया और अब 19वें सीजन के पहले ही मैच में 15 बॉल पर 50 रन ठोक तबाही मचा दी. उन्होंने इस पारी के दम पर एक तरह से ऐलान कर दिया है कि सामने कोई भी गेंदबाज हो, उन्हें फर्क नहीं पड़ता. 30 मार्च की शाम जब वो गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में बैटिंग करने आए तो छक्कों की बारिश कर दी. उनकी 17 बॉल पर 52 रनों की तूफानी पारी के दम पर राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंद दिया. जीत के हीरो वैभव ने मैच के बाद अपने गेम प्लान और माइंडसेट के बारे में बड़ा खुलासा किया।  चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 128 रनों का टारगेट सेट किया था, जिसका पीछा करने उतरे वैभव ने पहले ओवर से पिटाई शुरू की. उन्होंने 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 17 बॉल पर 52 रन ठोके. मैच के बाद वैभव ने अपनी शानदार पारी और जन्मदिन के जश्न पर मजेदार बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि 27 मार्च को बर्थडे के दिन कुछ खास सेलिब्रेशन नहीं किया. उन्होंने बताया, 'सच कहूं तो मैंने कुछ खास नहीं किया. केक कटिंग होने वाली थी, लेकिन चेहरे पर केक मलने से बचने के लिए मैं जल्दी सो गया था।  वैभव ने आखिर क्या कहा? अपनी बैटिंग के तरीके के बारे में वैभव ने चेहरे पर एक शरारती स्माइल लेकर कहा कि मैं डिफेंस के बारे में सोचता तो हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में गेम को कंट्रोल करना था, क्योंकि छोटे टारगेट का पीछा करते समय यह दौर बहुत अहम होता है. अगर बॉलिंग टीम वहां अच्छा करती है, तो गेम उनकी तरफ झुक सकता है, लेकिन हमारा पावरप्ले बहुत अच्छा रहा।  चेन्नई के खिलाफ 128 रनों के टारगेट को चेज करने की सोच के बारे में वैभव ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि शुरुआत में विकेट थोड़ा चिपचिपा (Sticky) था, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी हुई, वह बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी. वैभव सूर्यवंशी ने अपने गेम प्लान और मानसिकता के बारे में बताया कि कोचिंग स्टाफ ने मुझसे बस इतना कहा कि वे मुझ पर भरोसा करते हैं और मुझे अपना नेचुरल गेम खेलना चाहिए. मेरे ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल हर गेंद के बाद मुझसे बात कर रहे थे. वह मुझे स्ट्राइक रोटेट करने और अच्छे शॉट्स खेलने के लिए लगातार गाइड कर रहे थे।  मैच का लेखा-जोखा अगर मैच की बात करें तो बरसापारा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 19.4 ओवरों में सिर्फ 127 रन बना सकी थी. राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाई और पहले 6 ओवरों में ही मैच चेन्नई की पकड़ से दूर कर दिया. राजस्थान ने मात्र 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।  ऐतिहासिक जीत यह जीत राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत (गेंद शेष रहने के मामले में) साबित हुई. राजस्थान ने 47 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की और 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. इससे पहले राजस्थान ने 2014 में आरसीबी के खिलाफ 42 गेंद रहते जीत दर्ज की थी. 

जियोस्टार ने बांग्लादेशी ब्रॉडकास्टर के साथ आईपीएल एग्रीमेंट किया खत्म

 दिल्ली बांग्लादेश में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के लाइव प्रसारण पर रोक लगा दी गई है. भारत की जियोस्टार (JioStar) ने बांग्लादेश में अपने आईपीएल प्रसारण समझौते को समाप्त कर दिया है, जिससे 2026 सीजन का देश में टेलीकास्ट नामुमकिन हो गया है. ये फैसला ऐसे समय में आया है जब हाल ही में बांग्लादेश सरकार की ओर से रुख नरम होने के संकेत मिले थे. इस फैसले से बांग्लादेश के क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है, जहां आईपीएल की जबरदस्त लोकप्रियता है. दरअसल,  बांग्लादेशी अधिकारियों ने आईपीएल प्रसारण पर लगाए गए पुराने प्रतिबंध पर दोबारा विचार करने के संकेत दिए थे. हालांकि, जियोस्टार ने ही अपने कदम वापस खींच लिए. जिसके चलते अब इस सीजन में टूर्नामेंट के स्थानीय प्रसारण की कोई संभावना नहीं बची है.जियोस्टार ने बांग्लादेशी ब्रॉडकास्टर टीस्पोर्ट्स को भेजे गए पत्र में कहा, “समझौता तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है.” टीस्पोर्ट्स ने 2023 से 2027 तक आईपीएल सीजन के प्रसारण अधिकार सब-लाइसेंस पर लिए थे. कंपनी ने आगे कहा कि उसके साझेदार की ओर से “समझौते में तय भुगतान समयसीमा का लगातार पालन न करना और भुगतान में चूक” इस फैसले की मुख्य वजह रही. यह निर्णय महिला प्रीमियर लीग पर भी लागू होगा. बांग्लादेश की आईपीएल डील क्यों टूटी? हाल के महीनों में भारत और बांग्लादेश के बीच, खासकर क्रिकेट को लेकर तनाव बढ़ा है, लेकिन आईपीएल प्रसारण समझौते का टूटना मुख्य रूप से व्यावसायिक कारणों की वजह से माना जा रहा है, न कि राजनीतिक कारणों से. इस पूरे मामले के केंद्र में जियोस्टार और उसके बांग्लादेशी पार्टनर टीस्पोर्ट्स के बीच विवाद रहा. भारतीय ब्रॉडकास्टर ने बार-बार भुगतान में चूक को समझौता समाप्त करने की सबसे बड़ी वजह बताया है. इससे साफ है कि आर्थिक विवाद ने इस साझेदारी को तोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाई. इसका मतलब यह भी है कि भले ही बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने आईपीएल प्रसारण पर लगे पुराने प्रतिबंध की समीक्षा के संकेत दिए हों, लेकिन फिलहाल टूर्नामेंट दिखाने के लिए कोई आधिकारिक पार्टनर मौजूद नहीं है. 18.5 बिलियन डॉलर मूल्य वाले आईपीएल को दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग माना जाता है और बांग्लादेश में इसकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है. ऐसे में स्थानीय प्रसारण नहीं होने से दर्शकों की संख्या और फैन एंगेजमेंट पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है.

IPL रिकॉर्ड्स में MI सबसे आगे, टॉप-5 में तीन बार मुंबई इंडियंस का नाम

नई दिल्ली  मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में पिछले 13 सालों से चले आ रहे अपने पहले मैच को हारने के तिलिस्म को तोड़ दिया है। आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में MI ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से शिकस्त दी। यह आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा। इसके अलावा MI ने किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत के अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर किया। ये केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस की 25वीं जीत थी जो आईपीएल इतिहास में किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड है। इतना ही नहीं, टॉप 5 में मुंबई इंडियंस ही 3 बार है। MI ने आखिरकार तोड़ा पहले मैच में हार का तिलिस्म रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि मुंबई इंडियंस ने जीत के लिए 221 रनों के लक्ष्य को 5 गेंद और 6 विकेट बाकी रहते ही हासिल कर लिया। मुंबई के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया जिन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट झटके। KKR के खिलाफ MI का दबदबा आईपीएल के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस का दबदबा साफ-साफ नजर आता है। दोनों टीमें आईपीएल में अब तक 36 बार आमने-सामने हो चुकी हैं और इनमें 25 बार मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की है। ये आईपीएल इतिहास में किसी भी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड है। अपने होमग्राउंड वानखेड़े में मुंबई इंडियंस का केकेआर के खिलाफ रिकॉर्ड जबरदस्त रहा है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान में ये 13वां मुकाबला था और मुंबई इंडियंस ने 11वीं बार जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस यूं ही नहीं है सबसे खतरनाक टीमों में शुमार आईपीएल में किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत के टॉप 5 रिकॉर्ड को देखें तो शीर्ष पर मुंबई इंडियंस है। उसने केकेआर के खिलाफ अब तक 36 मैचों में 25 जीत हासिल की है। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का नंबर आता है। सीएसके ने आरसीबी के खिलाफ अब तक 35 मैचों में 21 जीत हासिल की है। वहीं केकेआर ने ने भी पंजाब किंग्स के खिलाफ 35 मैचों में ही 21 जीत हासिल की है। इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस ने भी दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ अब तक ठीक 21 जीत हासिल की है। एमआई ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अब तक 37 मैचों में 21 और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अब तक 39 मैचों मं 21 जीत हासिल की है। यानी किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत के टॉप 5 में मुंबई इंडियंस का नाम 3 बार है। IPL में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत वालीं टॉप 5 टीमें 1- मुंबई इंडियंस, 36 मैचों में 25 जीत (बनाम केकेआर) 2- चेन्नई सुपर किंग्स, 35 मैचों में 21 जीत (बनाम आरसीबी) 3- केकेआर, 35 मैचों में 21 जीत (बनाम पंजाब किंग्स) 4- मुंबई इंडियंस, 37 मैचों में 21 जीत (बनाम दिल्ली कैपिटल्स) 5- मुंबई इंडियंस, 39 मैचों में 21 जीत (बनाम CSK)

एयरपोर्ट में नौकरी पाने का मौका: 12वीं पास के लिए भी लाखों का पैकेज, जानें कौन सा कोर्स करें

 नई दिल्ली एविएशन सेक्टर आज के दौर में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले इंडस्ट्रीज में से एक बन चुका है, जहां करियर के कई नए रास्ते खुल रहे हैं. अगर आप भी ऐसी नौकरी चाहते हैं जिसमें अच्छी सैलरी के साथ ग्रोथ और प्रोफेशनल माहौल मिले, तो एयरपोर्ट से जुड़े कोर्स आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकते हैं. इन कोर्सेज के जरिए आपको एयरपोर्ट पर कई भूमिकाओं में काम करने का मौका मिल सकता है जिससे आप अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं. इन कोर्सेज के जरिए आप ग्राउंड स्टाफ, केबिन क्रू, कस्टमर सर्विस जैसे कई क्षेत्रों में अपना परचम लहरा सकते हैं।  एयरपोर्ट पर काम करना केवल अच्छी सैलरी नहीं देते बल्कि प्रोफेशनल माहौल, स्मार्ट लाइफस्टाइल और ग्रोथ का भी बेहतरीन मौके देते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि कौन से कोर्स एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाते हैं।  ग्राउंड स्टाफ  ग्राउंड स्टाफ को एयरपोर्ट पर यात्रियों की मदद करने के लिए तैनात की जाती है. इनका काम होता है यात्रियों का चेक-इन करवाना, बोर्डिंग पास देना और यात्रा से जुड़ी हर आवश्यक जानकारी को बताना. किसी भी यात्री को फ्लाइट के टाइम, गेट नंबर समेत किसी भी चीज से जुड़ी जानकारी चाहिए होती है, तो वे ग्राउंड स्टाफ को संपर्क कर सकते हैं।  केबिन क्रू  केबिन क्रू फ्लाइट के अंदर काम करते हैं. वह यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर फोकस करते हैं. फ्लाइट उड़ने से पहले वह यात्रियों को सारी जानकारी शेयर करते हैं. इसके साथ ही वह यात्रा के दौरान खाना भी सर्व करते हैं।  एयरपोर्ट ऑपरेशन स्टाफ  एयरपोर्ट ऑपरेशन स्टाफ का काम एयरपोर्ट के संचालन को सही तरह से चलाना है. ये फ्लाइट के टेक ऑफ और लैंडिंग की प्लानिंग करते हैं. साथ ही वह यह सुनिश्चित करते हैं कि सब कुछ सुरक्षित तरीके से हो जाए।  सिक्योरिटी स्टाफ  एयरपोर्ट पर मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हैं. इनका मुख्य काम यात्रियों और उनके सामान की जांच करना होता है ताकि कोई भी ऐसा सामान फ्लाइट में न जाए जो और यात्रियों के लिए खतरा बन सके।  टेक्निकल जॉब्स  टेक्निकल जॉब्स में वे लोग आते हैं, जो तकनीक से जुड़ा काम संभालते हैं. यानी कि इंजीनियर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) अधिकारी. इंजीनियर फ्लाइट की मरम्मत का ध्यान रखता है ताकि एयरक्राफ्ट सुरक्षित रहे. वहीं ATC अधिकारी हवा में उड़ रहे विमानों को कंट्रोल करते हैं और सुरक्षित तरीके से टेक ऑफ और लैंडिंग करवाते हैं।  एयरपोर्ट इस तरह मिलती है नौकरी? एयरपोर्ट पर नौकरी पाने के कई तरीके होते हैं. एयरलाइन कंपनियां अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर वैकेंसी निकालती हैं, जहां से ऑनलाइन आवेदन कर आप इंटरव्यू और ट्रेनिंग के बाद नियुक्त होते हैं. सरकारी नौकरियों के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी के तहत एग्जाम और इंटरव्यू के जरिए हायरिंग होती है. इसके अलावा थर्ड पार्टी कंपनियां भी ग्राउंड स्टाफ जैसी पोस्ट के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर हायर करती हैं, जबकि सिक्योरिटी जॉब के लिए SSC जैसी सरकारी परीक्षा पास करनी होती है।  करनी होती है ये पढ़ाई  एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए छात्र किसी भी स्ट्रीम से 12वीं या ग्रेजुएशन के बाद एविएशन से जुड़े कोर्स जैसे डिप्लोमा इन  एविएशन हॉस्पिटैलिटी, एयरपोर्ट मैनेजमेंट या ग्राउंड स्टाफ सर्विस कोर्स करना अच्छा होता है. साथ ही इस फील्ड में अच्छी कम्युनिकेशन स्किल, कॉन्फिडेंस और अच्छी पर्सनालिटी होना बहुत आवश्यक है. वहीं, ग्राउंड स्टाफ पोस्ट पर काम करने के लिए 12वीं पास या ग्रेजुएशन के साथ बेसिक कंप्यूटर नॉलेज जरूरी है. केबिन क्रू के लिए 12वीं या ग्रेजुएशन के साथ अच्छी इंग्लिश, कम्युनिकेशन स्किल और अच्छी पर्सनालिटी चाहिए. टेक्निकल जॉब्स के लिए इंजीनियरिंग करनी होती है, जबकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के लिए BSc या B.Tech के साथ इसे जुड़ी परीक्षा पास करना जरूरी होता है।  मिलती है आकर्षक सैलरी  एयरपोर्ट पर सैलरी एक्सपीरियंस पर निर्भर करती है. ग्राउंड स्टाफ को करीब 20,000 से 40,000 तक, केबिन क्रू को 25,000 से 1,00,000 तक और ऑपरेशन स्टाफ को 30,000 से 60,000 तक सैलरी मिलती है. वहीं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को 40,000 से 1.5 लाख रुपये तक सैलरी मिल सकती है। 

ट्राइबल गेम्स 2026 का रोमांच: महिला हॉकी फाइनल में मिजोरम बनाम ओडिशा

रायपुर 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026' के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में महिला हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले आज उत्साह और रोमांच के बीच खेले गए। पहले सेमीफाइनल मैच में मिजोरम की टीम ने झारखंड को कड़े मुकाबले में 3-2 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया। दोनों टीमों के बीच मैच बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसमें मिजोरम ने अंत तक बढ़त बनाए रखी। दूसरे सेमीफाइनल मैच में उड़ीसा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 8-0 से हराया। उड़ीसा की टीम ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। इन परिणामों के साथ मिजोरम और उड़ीसा की टीमें अब फाइनल में आमने-सामने होंगी, जहाँ खेल प्रेमियों खिताब के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

क्या फखर जमां ने की गेंद से छेड़छाड़ जानें क्यों मैच रेफरी ने लगाया लेवल 3 का आरोप

कराची  पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में एक हाई-वोल्टेज मुकाबले के बाद अब मैदान से ज्यादा सुर्खियां कोर्टरूम जैसी सुनवाई बटोर रही हैं. पाकिस्तान के अनुभवी ओपनर फखर जमां ने PSL में हुए विवाद के बाद उन पर लगे बॉल टेंपरिंग के आरोपों को खारिज कर दिया है. यह मामला लाहौर कलंदर्स (Lahore Qalandars) और कराची किंग्स (Karachi Kings) के बीच मुकाबले से जुड़ा है. गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद यह विवाद भड़का. रविवार रात 35 साल के फखर जमां पर मैच रेफरी रोशन महानामा ने PSL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.14 के तहत लेवल-3 का आरोप लगाया- जो सीधे-सीधे गेंद की हालत से छेड़छाड़ से जुड़ा है. क्या है पूरा मामला? पाकिस्तान सुपर लीग के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में कराची किंग्स ने 3 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की, लेकिन असली कहानी आखिरी ओवर से ठीक पहले हुए विवाद ने लिखी. दूसरी पारी के 19 ओवर पूरे होने के बाद मैच में अचानक ड्रामा शुरू हुआ. लाहौर कलंदर्स को आखिरी ओवर में 14 रन बचाने थे और गेंदबाजी कर रहे थे हारिस रऊफ. इसी दौरान रन-अप के पास शाहीन  शाह आफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमां के बीच हल्की बातचीत हुई और इसी दौरान तीनों खिलाड़ियों ने गेंद को हाथ लगाया. मैदान पर मौजूद अंपायर फैजल आफरीदी को यह हरकत संदिग्ध लगी. उन्होंने तुरंत गेंद की जांच करवाई. इसके बाद सरफुद्दौला के साथ लंबी चर्चा के बाद अंपायरों ने फैसला सुनाया- कलंदर्स ने जानबूझकर गेंद की हालत बदली है. आखिरी ओवर में पहले ही गेंद पर खुशदिल शाह आउट हुए, फिर एक वाइड ने दबाव और बढ़ा दिया. इसके बाद अब्बास आफरीदी ने चौका और छक्का जड़कर कराची को रोमांचक जीत दिला दी. मैच के बाद शाहीन आफरीदी इस फैसले से नाराज दिखे, लेकिन उन्होंने ज्यादा विवाद बढ़ाने से बचते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता कि गेंद से छेड़छाड़ हुई या नहीं. हम वीडियो देखकर बात करेंगे. 5 रन की पेनल्टी चुभती है, लेकिन अभी कुछ कहना ठीक नहीं.' आगे क्या? फखर जमां ने सुनवाई के दौरान खुद को निर्दोष बताया है, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं हुआ. मैच रेफरी अगले 48 घंटे में दोबारा सुनवाई करेंगे, जिसके बाद फैसला आएगा. अगर आरोप साबित होते हैं, तो फखर जमां ही नहीं, पूरी लाहौर कलंदर्स टीम पर भी कड़ी कार्रवाई की तलवार लटक रही है.