samacharsecretary.com

IPL 2026 में ओपनिंग सेरेमनी का नहीं होगा आयोजन, BCCI ने लिया बड़ा फैसला, ग्रैंड सेलिब्रेशन कब होगा?

बेंगलुरु  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के भव्य आगाज को लेकर एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। पिछले साल बेंगलुरु में आरसीबी की पहली खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ की दुखद घटना के कारण इस साल ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। इस दुर्घटना ने 11 लोगों की जान चली गई थी। जिसके कारण आरसीबी को फैंस के गुस्से का भी सामना करना पड़ा था। पीड़ितों को श्रध्दांजली देने के लिए रद्द हुआ जश्न बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने  बातचीत में पुष्टि की है कि 4 जून, 2025 को बेंगलुरु में हुई उस त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले 11 पीड़ितों की याद में यह फैसला लिया गया है। 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले शुरुआती मैच से पहले कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा। बीसीसीआई इसे उन दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रध्दांजली के रूप में देख रहा है। 31 मई को होगा ग्रैंड क्लोजिंग समारोह भले ही टूर्नामेंट की शुरुआत सादगी से होगी, लेकिन बीसीसीआई आईपीएल के 19वें सीजन के समापन को यादगार बनाने की तैयारी कर रहा है। देवजीत सैकिया ने बताया कि 31 मई को फाइनल मैच के दिन एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। पिछले साल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाहरुख खान, श्रेया घोषाल और करण औजला जैसे सितारों ने अपनी प्रस्तुति दी थी, वैसी ही कुछ चमक इस साल के अंत में देखने को मिल सकती है। संवेदनशीलता की पुरानी परंपरा यह पहली बार नहीं है जब बीसीसीआई ने किसी त्रासदी के कारण जश्न रद्द किया हो। इससे पहले 2019 में पुलवामा हमले के बाद भी आईपीएल 12 की ओपनिंग सेरेमनी को रद्द कर दिया गया था। उस समय समारोह के लिए आवंटित धन को शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिवारों को दान कर दिया गया था। बीसीसीआई ने जल्द ही आईपीएल के बाकी मैचों के शेड्यूल की घोषणा करने की बात भी कही है। RCB vs SRH: डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी बेंगलुरु सीजन का पहला मुकाबला बैंगलोर में ही  28 मार्च को शाम 7:30 बजे से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. आरसीबी इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी, क्योंकि पिछले सीजन में टीम ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला ऐतिहासिक खिताब जीता था. क्लोजिंग सेरेमनी का होगा आयोजन  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)आईपीएल फाइनल वाले दिन ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी की तैयारी कर रहा है. आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा. पूरे सीजन का शिड्यूल अभी तय नहीं हुआ है  10 टीमों वाली इस लीग के लिए पहले चरण में  बीसीसीआई ने अभी केवल 20 मैचों का शेड्यूल तय किया है. उम्मीद की जा रही है कि इस सीजन का क्लोजिंग सेरेमनी भव्य और शानदार होगा. क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल? बेंगलुरु के मौसम को लेकर क्रिकेट फैंस थोड़े चिंतित हो सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को मैच के दौरान 10 से 15 प्रतिशत बारिश की संभावना है. हालांकि, फैंस को उम्मीद है कि डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और हैदराबाद के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा. मैच और वेदर अपडेट्स: एक नज़र में विवरण                           जानकारी पहला मैच                      RCB vs SRH तारीख और समय           28 मार्च, शाम 7:30 बजे स्थान                           एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु बारिश की संभावना       10% से 15% फाइनल की तारीख      31 मई 2026  

IPL 2026 का सबसे बड़ा सीजन: 84 मैचों का आयोजन, हर टीम खेलेगी 16 मुकाबले, 28 मार्च से शुरुआत

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन इस बार अब तक का सबसे बड़ा और विस्तारित संस्करण होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। इस सीजन में कुल 84 मैच खेले जाएंगे, जिसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी और हर टीम 16 मुकाबले खेलेगी। सीजन का उद्घाटन मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन टीम और हैदराबाद की टीम के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। शुरुआती चरण में 12 अप्रैल तक के 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया गया है। अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण पूरा कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से घोषित किया जा रहा है। इस बार लीग का आयोजन देश के 13 अलग-अलग शहरों में किया जाएगा। सात टीमों के पास एक-एक होम ग्राउंड है, जबकि तीन टीमों को दो-दो घरेलू मैदान दिए गए हैं। खास बात यह है कि रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम 13 साल बाद IPL मैच की मेजबानी करेगा, जिसे एक टीम ने सेकेंड होम वेन्यू के रूप में चुना है। फॉर्मेट के लिहाज से इस बार लीग पहले से अधिक प्रतिस्पर्धी होगी। सभी टीमों को 16-16 मैच खेलने का मौका मिलेगा, जिससे प्लेऑफ की दौड़ और दिलचस्प हो जाएगी। प्लेऑफ मुकाबले मई के अंतिम सप्ताह में खेले जाने की संभावना है, जिसमें क्वालिफायर, एलिमिनेटर और फाइनल शामिल होंगे। इस सीजन में कुछ नए नियम भी लागू किए गए हैं। मैच के दिन किसी भी टीम को नेट प्रैक्टिस की अनुमति नहीं होगी और एक टीम दूसरी टीम के प्रैक्टिस एरिया का उपयोग नहीं कर सकेगी। खिलाड़ियों की यात्रा, सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े दिशा-निर्देश भी सख्त किए गए हैं। टीम स्टाफ के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य किया गया है, वहीं डगआउट में सीमित लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। ब्रॉडकास्ट और ड्रेस कोड को लेकर भी बदलाव किए गए हैं। खास कैप धारण करने वाले खिलाड़ियों को मैच के दौरान नियमों का पालन करना होगा और पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में निर्धारित ड्रेस कोड लागू रहेगा। पिछले सीजन में पहली बार खिताब जीतने वाली टीम इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। वहीं ऑक्शन में विदेशी और घरेलू खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लगी, जिससे टीमों का संतुलन और मजबूत हुआ है। IPL 2026 के मुकाबले टीवी पर प्रसारित होंगे, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सीजन लंबे समय तक रोमांच बनाए रखने वाला साबित हो सकता है। प्लेऑफ कब से होंगे? अभी पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, लेकिन BCCI ने इतनी जानकारी दे दी है कि फाइनल 31 मई को बेंगलुरु में खेला जाएगा। इस हिसाब से 26 मई को पहला क्वालिफायर, 27 मई को एलिमिनेटर और 29 मई को दूसरा क्वालिफायर खेला जा सकता है। कितने ग्राउंड्स पर मैच होंगे IPL 2026 के मुकाबले इस बार भारत के 13 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। 10 टीमों में 7 ने 1-1 होमग्रउंड चुना, वहीं बेंगलुरु, पंजाब और राजस्थान के पास 2-2 होमग्राउंड हैं। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 13 साल बाद कोई IPL मैच खेला जाएगा। RCB ने इसे अपना सेकेंड होम वेन्यू बनाया है। रायपुर स्टेडियम में आखिरी बार 2013 में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच हुआ था। इस बार क्या नया? मैच वाले दिन प्रैक्टिस नहीं: किसी भी टीम को मैच के दिन नेट प्रैक्टिस करने की परमिशन नहीं होगी। कोई टीम दूसरी टीम के नेट्स का इस्तेमाल नहीं कर सकती। अगर एक टीम जल्दी प्रैक्टिस खत्म कर दे, तो भी दूसरी टीम उस पिच पर नहीं खेल पाएगी। यात्रा और सुरक्षा नियम: खिलाड़ियों को टीम बस से ही सफर करना होगा। परिवार के सदस्यों को केवल हॉस्पिटैलिटी जोन में ही रहने की परमिशन होगी। खिलाड़ी और टीम अनुशासन: सभी स्टाफ मेंबर्स को हर समय अपना आईडी कार्ड साथ रखना होगा। डगआउट और मैदान में बच्चों या बिना परमिशन वाले फैमिली मेंबर्स को लाने की मनाही रहेगी। ब्रॉडकास्ट और ड्रेस कोड: ऑरेंज और पर्पल कैप रखने वाले खिलाड़ियों को मैच के दौरान कैप पहनना ही होगा। अगर फील्डिंग के दौरान कैप उतारने का मन करे तो भी पारी के शुरुआती 2 ओवर कैप पहननी पड़ेगी। पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान स्लीवलेस जर्सी नहीं पहन सकेंगे। पिछली चैंपियन कौन? IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) डिफेंडिंग चैंपियन है। RCB ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला IPL खिताब जीता था। टीम ने 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था। सबसे महंगे खिलाड़ी IPL 2026 के ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने ₹25.20 करोड़ में खरीदा। वहीं भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20-14.20 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया।

9 साल का सुनहरा सफर खत्म: Mohamed Salah छोड़ेंगे Liverpool FC, फैंस भावुक

नई दिल्ली दिग्गज फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने लिवरपूल एफसी को छोड़ने की घोषणा कर दी है। इस सीजन के अंत के साथ ही उनका लिवरपूल के साथ कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो जाएगा। उनके कॉन्ट्रैक्ट का नवीनीकरण नहीं होगा। इसकी घोषणा उनके साथ ही क्लब ने भी कर दी है। मोहम्मद सलाह सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी। अपने भावुक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि उनके समर्थक यह खबर सीधे उनसे सुनें। उन्होंने इसे अपने ‘फेयरवेल का पहला हिस्सा’ बताया, जो दर्शाता है कि आने वाले समय में और भी विदाई संदेश सामने आ सकते हैं। 33 साल के सलाह 2017 में एसएस रोमा से लगभग 50 मिलियन डॉलर में लिवरपूल आए थे। उन्होंने 435 मैचों में 255 गोल किए, जिससे वह क्लब के ऑल-टाइम टॉप स्कोरर्स में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। सलाह ने अपना नाम क्लब के महान खिलाड़ियों में दर्ज करा लिया है। लिवरपूल में अपने नौ साल के करियर के दौरान, सलाह ने टीम को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाईं। क्लब की प्रीमियर लीग, यूईएफए चैंपियंस लीग, एफए कप, लीग कप, क्लब वर्ल्ड कप और यूईएफए सुपर कप जैसी बड़ी खिताबी जीत में सलाह का अहम योगदान रहा। व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो सलाह ने चार बार प्रीमियर लीग गोल्डन बूट जीता, जिससे उन्होंने थियरी हेनरी के रिकॉर्ड की बराबरी की। 2017-18 का उनका पहला सीजन, जिसमें उन्होंने 44 गोल किए, आज भी प्रीमियर लीग इतिहास के सबसे शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शनों में गिना जाता है। अपने विदाई संदेश में सालाह ने क्लब, शहर और फैंस के प्रति गहरी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि लिवरपूल उनके लिए सिर्फ एक क्लब नहीं, बल्कि एक भावना, इतिहास और आत्मा है। उन्होंने उन पलों को याद किया जब टीम ने जीत का जश्न मनाया और कठिन समय में साथ खड़ी रही। सलाह का अलग होना लिवरपूल के लिए एक बड़ा झटका है।  

न्यूजीलैंड ने 4-1 से जीती सीरीज, 5वें टी20 में दक्षिण अफ्रीका को 92 रन से हराया

क्राइस्टचर्च न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने कप्तान अमेलिया केर की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को क्राइस्टचर्च में खेले गए पांचवें टी20 में 92 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने कप्तान अमेलिया केर के 55 गेंदों पर 19 चौकों और 1 छक्कों की मदद से बनाए 105 रन की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए थे। जॉर्जिया प्लिमर ने 26 गेंदों पर 27 और ब्रूक हॉलिडे ने 24 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली थी। दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। तुमी सेखुखुने ने भी 3 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। 195 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। टीम ने अपने शुरुआती 4 विकेट 40 रन पर गंवा दिए थे। शुरुआती झटकों से दक्षिण अफ्रीका कभी ऊबर नहीं सकी और 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 102 रन ही बना सकी और मैच 92 रन से बड़े अंतर से हार गई। न्यूजीलैंड के लिए ली ताहुहु ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। सोफी डिवाइन ने 2 ओवर में 8 रन देकर 2 और कप्तान अमेलिया केर ने 3 ओवर में 6 रन देकर 2 विकेट लिए। नैंसी पटेल और फ्लोरा डेवनशायर को 1-1 विकेट मिला। 105 रन बनाने और 2 विकेट लेने वाली कीवी कप्तान अमेलिया केर प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। अमेलिया को ही सीरीज का श्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। केर ने सीरीज में 5 विकेट लेने के अलावा 276 रन बनाए।  

गॉफ की शानदार जीत, बेनकिक बाहर; अब सेमीफाइनल में मुचोवा से होगा मुकाबला

मियामी कोको गॉफ ने पहली बार मियामी ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गॉफ ने क्वार्टर फाइनल में बेलिंडा बेनकिक को हराया। दो घंटे 15 मिनट तक 3 सेट में चले इस मुकाबले को गॉफ ने 6-3, 1-6, 6-3 से जीता। गॉफ ने मुकाबले की शुरुआत जबरदस्त अंदाज में की, और आक्रामक तरीके से शुरू में ही मैच में नियंत्रण स्थापित कर लिया। उन्होंने शुरुआती स्टेज में सर्व तोड़ी और पहले सेट में अपने सभी आठ नेट पॉइंट जीत लिए। मजबूत सर्व और सटीक शॉट-मेकिंग के दम पर, उन्होंने पहला सेट 51 मिनट में आराम से जीत लिया। हालांकि, बेनकिक ने दूसरे सेट में जोरदार जवाब दिया। स्विस खिलाड़ी ने अपनी गलतियां कम की और रैलियों को ज्यादा असरदार तरीके से नियंत्रित किया। बेनकिक ने दूसरा सेट 30 मिनट से भी कम समय में जीतकर मैच में वापसी की। आखिरी सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। गॉफ को सर्व करते समय एक अहम पल का सामना करना पड़ा। उन्होंने मुकाबले में बने रहने के लिए एक ब्रेक पॉइंट को रोका। थोड़ी सी चूक और छूटे हुए मौकों पर साफ दिख रही निराशा के बावजूद, उन्होंने इस पल को एक टर्निंग पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल किया। गॉफ ने ब्रेक लेकर 3-3 से बराबरी कर ली और फिर से नियंत्रण बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने अहम मौकों का फायदा उठाया, मजबूत सर्व दिए और चालाकी से शॉट चुने, जिसमें एक अहम ड्रॉप शॉट भी शामिल था। उन्होंने मैच में सर्व करते हुए अपना धैर्य बनाए रखा और वापसी पूरी की। इस जीत से गॉफ अपने करियर में पहली बार मियामी सेमीफाइनल में पहुंची हैं। उनका सामना कैरोलिना मुचोवा से होगा। अमेरिकी खिलाड़ी का चेक खिलाड़ी के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड शानदार है। गॉफ ने मुचोवा के खिलाफ पिछले सभी 5 मैच जीते हैं। दूसरे क्वार्टरफाइनल में, मुचोवा ने सीधे सेटों में जीत के साथ अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। चेक खिलाड़ी ने अपनी विरोधी खिलाड़ी को 7-5, 7-6(5) से हराया, और एक घंटे, 47 मिनट के मुकाबले में दूसरे सेट में एक सेट पॉइंट बचाया। इस नतीजे से मुचोवा का 2026 सीजन का मजबूत रिकॉर्ड 18-3 हो गया है।  

जैनिक सिनर मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में, बने रिकॉर्ड के मालिक; 2-5 से पिछड़ने के बाद की जबरदस्त वापसी

मियामी वर्ल्ड नंबर-2 Jannik Sinner ने मियामी ओपन में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अमेरिकी खिलाड़ी Alex Michelsen को 7-5, 7-6(4) से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही इंडियन वेल्स जीतने वाले सिनर का ‘सनशाइन डबल’ जीतने का सपना अभी भी जिंदा है। खास क्लब में शामिल हुए सिनर 24 वर्षीय सिनर मियामी ओपन के अपने पहले पांच मुकाबलों में क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि Yannick Noah और Stefan Edberg हासिल कर चुके हैं। सिनर ने दूसरे सेट में 2-5 से पीछे होने के बाद शानदार वापसी की और 1 घंटा 42 मिनट में मैच जीत लिया। मैच के बाद क्या बोले सिनर मैच के बाद सिनर ने कहा कि उनकी सर्विस ने अहम मौकों पर काफी मदद की, खासकर टाई-ब्रेक में। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अगर उन्हें इस टूर्नामेंट में आगे तक जाना है तो बेसलाइन से अपने खेल में सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि अब उन्हें एक दिन का ब्रेक मिलेगा और वह प्रैक्टिस में अपनी लय बेहतर करने की कोशिश करेंगे। अमेरिकी खिलाड़ियों पर सिनर का दबदबा सिनर का अमेरिकी खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड जारी है। वह 2023 में शंघाई में Ben Shelton से हारने के बाद से लगातार 28 मैच अमेरिकी खिलाड़ियों के खिलाफ जीत चुके हैं। लांडालूसे ने भी किया बड़ा उलटफेर वहीं, स्पेन के युवा खिलाड़ी Martin Landaluce ने भी बड़ा उलटफेर करते हुए अमेरिकी खिलाड़ी Sebastian Korda को 2-6, 7-6(6), 6-4 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। वर्ल्ड नंबर 151 लांडालूसे इस टूर्नामेंट के सबसे कम रैंक वाले क्वार्टरफाइनलिस्ट बन गए हैं। अब उनका सामना Jiri Lehecka से होगा, जिन्होंने वर्ल्ड नंबर 7 Taylor Fritz को हराया।

RCB बिकी 16,706 करोड़ में, IPL की डिफेंडिंग चैम्पियन को किसने खरीदा?

बेंगलुरु आईपीएल की सबसे चर्चित टीमों में से एक और मौजूदा डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है. आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन ने मिलकर टीम को करीब 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में खरीद लिया है. ये डील मंगलवार को हुई।  खास बात ये है कि आरसीबी की इस डील से पहले राजस्थान रॉयल्स को भी अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी ने करीब 15 हजार करोड़ की रकम में खरीदा है. यानी एक ही दिन में आईपीएल की दो टीमों का मालिकाना हक बदल गया है।  क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी की ये डील United Spirits Limited (जो Diageo की सब्सिडियरी है) के साथ हुई है, जिसमें RCB की 100% हिस्सेदारी ट्रांसफर की जाएगी. इस डील में आईपीएल के साथ-साथ WPL (महिला टीम) भी शामिल है. यानी आरसीबी की मेन्स और वुमेंस टीम का मालिकाना हक अब इन्हीं 4 हिस्सेदारों को मिल गया है।  RCB और RR दोनों ब‍िके, फिर कीमत में फर्क इतना क्यों? आईपीएल इतिहास में पहली बार फ्रेंचाइज़ियों की बिक्री ने $3.4 बिलियन (करीब ₹30,306 करोड़) का आंकड़ा पार कर लिया है. द‍िग्गज कमेंटेटर और क्रिकेट व‍िश्लेषक हर्षा भोगले ने इस मेगा डील पर अपनी राय रखते हुए बताया कि क्यों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स की कीमतें लगभग बराबर रहीं।  RCB को आद‍ित्य बिरला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम (कंपन‍ियों के समूह) ने खरीदा, जिसमें टाइम्स ऑफ इंड‍िया, डेव‍िड ब‍िल्टजर , ब्लैक स्टोन और बोल्ट वेंचर्स भी शामिल हैं. यह डील $1.78 बिलियन (करीब ₹16,706 करोड़) में हुई, जो IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील बन गई।  वहीं, राजस्थान रॉयल्स को को काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने खरीदा, जिसे वॉलमार्ट और फोर्ड परिवार का सपोर्ट हासिल है.  यह सौदा $1.63 बिलियन (करीब ₹13,600 करोड़) में पूरा हुआ।  भोगले ने हैरानी जताई कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का ब्रांड वैल्यू ज्यादा होने के बावजूद उसकी कीमत राजस्थान रॉयल्स से बहुत ज्यादा नहीं रही. उन्होंने बताया कि IPL का इकोसिस्टम ही ऐसा है, जहां टीमों की कमाई और खर्च लगभग बराबर होते हैं. इसी वजह से फ्रेंचाइज‍ियों की वैल्यू एक-दूसरे के करीब रहती है।  कौन संभालेगा टीम? नई ओनरशिप के तहत- * आर्यमान विक्रम बिड़ला (आदित्य बिड़ला ग्रुप) चेयरमैन होंगे. * सत्यान गजवानी (टाइम्स ग्रुप) वाइस चेयरमैन होंगे. इसके अलावा कंसोर्टियम में David Blitzer (बोल्ट वेंचर्स) और Viral Patel (ब्लैकस्टोन) भी शामिल हैं।  अभी बाकी हैं कुछ मंजूरियां यह डील फिलहाल कुछ शर्तों पर निर्भर है. इसे BCCI, कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया और बाकी रेगुलेटरी अथॉरिटीज से मंजूरी मिलनी बाकी है।  इस डील को लेकर आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, आईपीएल ने पिछले 20 साल में क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है और RCB जैसी टीम के साथ जुड़ना उनके लिए बड़ी बात है. उन्होंने कहा कि वे इस टीम की विरासत को और आगे बढ़ाएंगे।  वहीं, टाइम्स ग्रुप के Satyan Gajwani ने कहा, RCB सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि आईपीएल की सबसे पॉपुलर ब्रांड्स में से एक है. उनका लक्ष्य इसे एक ग्लोबल स्पोर्ट्स ब्रांड बनाना है।  बोल्ट वेंचर्स के David Blitzer ने कहा, RCB के पास शानदार फैन बेस है और IPL दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती लीग्स में से एक है. वहीं ब्लैकस्टोन के Viral Patel ने कहा, RCB एक मजबूत ब्रांड है और इसमें आगे बढ़ने के कई मौके हैं।  नए चेयरमैन आर्यमान बिड़ला ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है और वह टीम को अगले लेवल पर ले जाने के लिए काम करेंगे. उन्होंने कहा कि टीम मैदान पर ही नहीं, बल्कि फैंस और कम्युनिटी के साथ भी “Play Bold” अप्रोच जारी रखेगी।  डिफेंडिंग चैम्पियन है आरसीबी बता दें कि आरसीबी की टीम डिफेंडिंग चैम्पियन है. पिछले सीजन का खिताब आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर जीता था. ये पहला मौका था जब आरसीबी की टीम ने खिताब अपने नाम किया था. आरसीबी टीम का हिस्सा विराट कोहली हैं जिसके चलते इस टीम की फैन फॉलोइंग एक अलग ही लेवल की है. आईपीएल फैन्स में आरसीबी के लिए एक अलग ही जुनून है. इस टीम के फैन्स को सबसे लॉयल फैन्स कहा जाता है. अब खिताब जीतने के बाद इस टीम की लोकप्रियता और बढ़ गई है। 

MS धोनी के ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ रोल पर बवाल, आकाश चोपड़ा का फूटा गुस्सा

नई दिल्ली पिछले कई आईपीएल सीजन से पहले ये सवाल जरूर उठता है कि क्या इस बार भी महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे। जब ये साफ हो जाता है कि हां, वो खेलेंगे तब सवाल थोड़ा सा बदल जाता है- क्या ये बतौर खिलाड़ी धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन होगा? इस बार भी ये सवाल उठे। धोनी सीएसके की तरफ से आईपीएल 2026 में खेलेंगे लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि वह इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में रह सकते हैं। सिर्फ बल्लेबाजी करेंगे क्योंकि सीएसके को संजू सैमसन के रूप में एक शानदार विकेटकीपर बल्लेबाज मिल ही चुका है। लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर वाली इस चर्चा से पूर्व क्रिकेटर और एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा बिदक गए हैं। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि अगर एमएस को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलना है तो बेहतर यही होगा कि वह आईपीएल में खेलने से संन्यास ही ले लें। आकाश चोपड़ा ने कहा कि धोनी अगर खेलते हैं तो उनका मैदान पर रहना बहुत जरूरी है। वह बहुत तेज दिमाग के हैं और फील्ड पर रहकर वह खेल पर अपना अच्छा प्रभाव डाल सकते हैं। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार के 'आईपीएल टुडे लाइव' पर कहा, ‘आप डगआउट में बैठकर टीम नहीं चलाते हैं, यह फुटबॉल नहीं है। क्रिकेट में आपको फील्ड पर रहने की जरूरत होती है और एमएस धोनी की सबसे बड़ी ताकत खेल को किसी भी अन्य के मुकाबले बेहतर ढंग से पढ़ने की काबिलियत है। यही क्लैरिटी और प्रतिबद्धता उन्हें वो बनाती है जो वह हैं। किसी भी सूरत में, मुझे लगता है कि यह उनका आखिरी सीजन होगा।’ चोपड़ा ने आगे कहा, ‘उनके पास तो अब साफ तौर पर उत्तराधिकारी है। संजू सैमसन आखिरकार ग्लव्स संभालेंगे और यह इस सीजन में किसी भी समय हो सकता है। और फिर एमएस धोनी की फिटनेस और उनका घुटना मायने रखेगा। लेकिन वह इम्पैक्ट प्लेयर नहीं हो सकते। अगर वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं तो मैं समझता हूं कि अब समय आ गया है कि वह संन्यास ले लें।’ दरअसल आईपीएल में 2023 में इम्पैक्ट प्लेयर रूल लागू किया गया था। इसके मुताबिक टीमें मैच के दौरान अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल किसी खिलाड़ी के बदले में बाहर बैठे 5 सब्स्टिट्यूड प्लेयर्स में से किसी एक को खिला सकती हैं। टॉस के वक्त दोनों टीमों के कप्तान अंपायर को प्लेइंग इलेवन के साथ-साथ 5 सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों की भी लिस्ट देते हैं। अगर बल्लेबाजी के दौरान किसी टीम को लगता है कि उसके लिए सब्स्टिट्यूट प्लेयर अच्छा कर सकता है तो विकेट गिरने के बाद वह प्लेइंग इलेवन में मौजूद किसी बैटर की जगह पर उसे बल्लेबाजी का मौका दे सकता है। इसी तरह वह चाहे तो किसी सब्स्टिट्यूट प्लेयर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किसी खिलाड़ी को बैठाकर उससे गेंदबाजी करा सकता है। तब जो खिलाड़ी बाहर होता है वो आगे फिर उस मैच में बल्लेबाजी या गेंदबाजी नहीं कर पाएगा। इस नियम की वजह से ऑलराउंडर्स की भूमिका सीमित होने की चिंताएं जताई जा रही हैं।

आईपीएल 2026 से पहले गरजा विराट कोहली का बल्ला, इन खिलाड़ियों ने दिखाया अपना दम

मुंबई आरसीबी के प्रैक्टिस मैच में विराट कोहली, जितेश शर्मा, टिम डेविड और वेंकटेश अय्यर ने शानदार प्रदर्शन किया। जितेश ने 81 रन बनाए, जबकि कोहली ने तेज पारी खेलकर टीम की मजबूत फॉर्म दिखाई आईपीएल 2026 से पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार खिलाड़ियों ने पहले ही प्रैक्टिस मैच में शानदार प्रदर्शन कर फैंस और मैनेजमेंट दोनों को राहत दी है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 22 मार्च को खेले गए इंट्रा-स्क्वाड मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, जिससे टीम की तैयारी मजबूत नजर आ रही है। जितेश शर्मा ने मचाया धमाल इस प्रैक्टिस मैच के सबसे बड़े स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा रहे। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 81 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। मैदान के चारों ओर लगाए गए उनके शॉट्स ने सभी को प्रभावित किया। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि आगामी सीजन में भी जितेश फिनिशर की भूमिका में अहम योगदान देंगे। विराट कोहली की फॉर्म से बढ़ी उम्मीद आरसीबी के लिए सबसे बड़ी पॉजिटिव बात विराट कोहली की लय में वापसी रही। कोहली ने केवल 12 गेंदों में 29 रन बनाए और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए। उनके शॉट्स में आत्मविश्वास झलक रहा था। ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने भी कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिस इरादे से बल्लेबाजी की, वह टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। कोहली का फॉर्म में होना आरसीबी के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है। टिम डेविड और वेंकटेश अय्यर का योगदान मिडिल ऑर्डर में भी आरसीबी के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टिम डेविड ने 14 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 30 रनों की उपयोगी पारी खेली। टीम अभी वेंकटेश अय्यर की भूमिका को लेकर रणनीति बना रही है, लेकिन उनका प्रदर्शन टीम के लिए बड़ा प्लस पॉइंट माना जा रहा है। गेंदबाजी यूनिट ने भी किया प्रभावित सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी टीम ने दम दिखाया। भुवनेश्वर कुमार ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से प्रभावित किया। वहीं अभिमन्यु सिंह और मंगेश यादव ने भी अपनी गेंदबाजी से अच्छा प्रदर्शन किया। इससे साफ है कि टीम संतुलन के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। आरसीबी आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी। शुरुआती दो मुकाबले बेंगलुरु में खेले जाएंगे, जिसके बाद टीम राजस्थान और मुंबई का दौरा करेगी। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर खिताब जीतने वाली आरसीबी इस बार अपने खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।  

दिल्ली गोल्फ क्लब मेंबर्स लीग का पांचवां संस्करण 26 मार्च से

नई दिल्ली रेडिको द्वारा संचालित दिल्ली गोल्फ क्लब मेंबर्स लीग का 5वां संस्करण 26 मार्च, 2026 को प्रतिष्ठित दिल्ली गोल्फ क्लब में शुरू होगा, जो भारत की प्रमुख एमेच्योर गोल्फ लीग के रूप में अपनी स्थिति को फिर से साबित करेगा। 24 टीमों और 480 गोल्फरों को शामिल करते हुए, यह लीग जूनियर्स, महिलाओं, वरिष्ठ सदस्यों और अनुभवी खिलाड़ियों के एक विविध समूह को एक अनोखे रूप से समावेशी और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी प्रारूप में एक साथ लाती है। यह टूर्नामेंट 18 अप्रैल, 2026 को भव्य समापन के साथ समाप्त होगा। 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से, लीग ने उल्लेखनीय वृद्धि देखी है-18 टीमों से बढ़कर 24 टीमें-जो भारतीय गोल्फ में इसके बढ़ते कद को रेखांकित करता है। 2024 के संस्करण का समापन बेहद रोमांचक रहा, जिसमें एमएमजी कोका-कोला और टी बर्ड्स ने एक ज़बरदस्त प्लेऑफ़ के बाद संयुक्त रूप से खिताब साझा किया, जो पाँच होल के बाद भी अनिर्णित रहा था। यह प्रतियोगिता ‘फोर-बॉल बेटर बॉल मैच प्ले’ प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें टीमें राउंड रॉबिन चरण से नॉकआउट दौर की ओर आगे बढ़ेंगी, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान उच्च गुणवत्ता वाले और कड़े मुकाबले सुनिश्चित होंगे। दिल्ली गोल्फ क्लब के अध्यक्ष राज खोसला ने कहा, “जो एक मामूली पहल के रूप में शुरू हुआ था, वह अब एक प्रमुख गोल्फिंग आयोजन के रूप में विकसित हो गया है। 5वां संस्करण हमारे सदस्यों, प्रायोजकों और प्रतिभागियों के जुनून और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो हर साल उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करते रहते हैं।” दिल्ली गोल्फ क्लब के कप्तान विक्रम सेठ ने आगे कहा, “लीग की ताकत इसकी समावेशिता और प्रतिस्पर्धी भावना में निहित है। इस स्तर पर खिलाड़ियों के इतने विविध मिश्रण को प्रतिस्पर्धा करते देखना दुर्लभ है, जो इसे वास्तव में विशेष बनाता है।” रेडिको खेतान लिमि. के प्रवक्ता ने कहा, “हमें दिल्ली गोल्फ क्लब की प्रतिष्ठित ‘मेंबर्स ओनली’ लीग के ‘पावर्ड बाय’ स्पॉन्सर के तौर पर अपना जुड़ाव जारी रखते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह लीग मार्च 2026 में अपने ऐतिहासिक पाँचवें संस्करण में प्रवेश करेगी। यह साझेदारी हमें अपने प्रीमियम ब्रांड पोर्टफोलियो को प्रदर्शित करने के लिए एक मज़बूत और सार्थक मंच प्रदान करती है, साथ ही गोल्फ के खेल को बढ़ावा देने में क्लब के सराहनीय प्रयासों का समर्थन भी करती है। हम इस रिश्ते को और मज़बूत करने और दिल्ली में गोल्फ समुदाय के विकास में योगदान देने के लिए तत्पर हैं।” यह लीग भारत के कुछ सबसे कुशल गोल्फरों को लगातार आकर्षित करती रही है, जिनमें पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता नोनिता लाल कुरैशी और अमित लूथरा, साथ ही गौरव घई, अली शेर और विवेक भंडारी जैसे प्रमुख पेशेवर शामिल हैं। इस टूर्नामेंट का संचालन मुख्य रेफरी शहज़ाद अली और उनकी रेफरी टीम द्वारा किया जाएगा।