samacharsecretary.com

भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं का हमला: कांग्रेस कार्यालय में घुसकर तोड़े खिड़कियों के शीशे

​भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज राजनीतिक सरगर्मी उस वक्त हिंसक हो गई, जब कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय शिवाजी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके प्रदेश कार्यालय (PCC) में घुसकर तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद राजधानी में भारी पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने उनके कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों को फाड़ा और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर दोनों गुटों के बीच जमकर नारेबाजी और धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। बीजेपी का पूरे प्रदेश में प्रदर्शन दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा का पूरे प्रदेश में प्रदर्शन है।  भोपाल संभाग के अंतर्गत शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिवाजी नगर चौराहा के पास, भोपाल ग्रामीण में प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही युवा मोर्चा के नेतृत्व में ग्वालियर, मुरैना, सागर, इंदौर, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और छिंदवाड़ा जिलों में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस की घटिया कार्यशैली सामने आई बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बताया कि आज पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता एआई में नेतृत्व की सराहना कर रहा था। तब राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी घटिया कार्यशैली का परिचय देते हुए भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के स्थल के अंदर अर्धनग्न प्रदर्शन कर भारत की छवि धुमिल करने का प्रयास किया है। इस प्रकार के प्रदर्शन से पूरे राष्ट्र का सिर शर्म से झुका है, जिसके विरोध में 21 फरवरी को प्रदेश भर में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर राहुल गांधी एवं कांग्रेस के विरोध में आक्रामक प्रदर्शन किया गया।

CBSE के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी रहें ‘पेपर लीक’ से सावधान

लुधियाना. सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही सोशल मीडिया पर सक्रिय असामाजिक तत्वों ने 'पेपर लीक' जैसी भ्रामक जानकारियां फैलाकर विद्यार्थियों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ा दी है। इस स्थिति को देखते हुए सी.बी.एस.ई. ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी कर सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है। सी.बी.एस.ई. की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से आरंभ हो चुकी हैं। आंकड़ों के अनुसार, इस बार देश-विदेश के परीक्षा केंद्रों पर 43 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। 10वीं क्लास की परीक्षाएं 11 मार्च तक और 12वीं क्लास की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। विद्यार्थियों की इसी बड़ी संख्या का फायदा उठाकर कुछ शरारती तत्व यूट्यूब, व्हॉट्सएप, टैलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (पुराना ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर फर्जी खबरें फैला रहे हैं। कैसे फैलाई जाती हैं फर्जी खबरें?  बोर्ड द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि कुछ असामाजिक तत्व सी.बी.एस.ई. के पुराने क्वैश्चन पेपर्स को एडिट करके या फर्जी पी.डी.एफ. बनाकर उन्हें 'असली पेपर' के रूप में पेश करते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि ये लोग केवल विद्यार्थियों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी फर्जी खबरें विद्यार्थियों के मन में बेवजह का डर, भ्रम और तनाव पैदा करती हैं जिससे उनका फोकस टूटता है और इसका सीधा असर उनके अगले पेपर्स की तैयारी पर पड़ता है। सी.बी.एस.ई. ने चेतावनी दी है कि गलत सूचना फैलाने या परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। बोर्ड ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आई.टी. एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। आरोप साबित होने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ जेल की सजा का भी प्रावधान है।

जयपुर में भी किफायती सफर का मिलेगा नया विकल्प

जयपुर. राजधानी जयपुर में महंगे ऑटो-टैक्सी किराये से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जयपुर शहर में जल्द ही किफायती दर पर सफर का नया विकल्प मिलने जा रहा है। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने विभाग की अनुदान मांगों पर बहस का जवाब देते हुए विधानसभा में कहा कि जयपुर में जल्द ही नई सरकारी 'भारत टैक्सी' सेवा शुरू होगी। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर मार्च-अप्रैल में जयपुर में भारत टैक्सी शुरू होगी। इस सेवा के लिए ड्राइवरों को पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही लोगों को किफायती दर पर सफर की सुविधा मिलेगी। उदयपुर में सहकारी ‘बाइक ऑन रेंट’ सेवा शुरू मंत्री गौतम दक ने बताया कि उदयपुर में सहकारी ‘बाइक ऑन रेंट’ सेवा शुरू हो चुकी है, जबकि जयपुर में ‘भारत टैक्सी’ जल्द शुरू होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार की नई पहल के तहत सहकारी समितियों को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे। क्या है 'भारत टैक्सी'? 'भारत टैक्सी' एक सरकारी और सहकारी मॉडल पर आधारित ऐप है, जिसे ओला और उबर जैसी प्राइवेट कंपनियों के विकल्प के रूप में पेश किया गया है। इसका संचालन 'सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड' द्वारा किया जा रहा है। इस ऐप की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें टैक्सी चलाने वाला ड्राइवर ही इस प्लेटफॉर्म का हिस्सेदार यानी मालिक है।

छत्तीसगढ़ में डिप्टी कलेक्टर की पोस्ट पर 50–50 का फार्मूला

रायपुर. कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा के पदों नायब तहसीलदार-तहसीलदार से राज्य प्रशासनिक सेवा डिप्टी कलेक्टर के पदों पर पदोन्नति के लिए कोटा बढ़ाया गया है. अब डिप्टी कलेक्टर के 50% रिक्त पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे. गणेश प्रशासनिक सेवा संघ ने इसके लिए राज्य सरकार का आभार जताया है. राज्य प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के माध्यम से आने के लिए पदोन्नती का प्रतिशत पूर्व की भांति 40% से बढ़ा कर पूर्ववत 50% किया गया है. राजपत्र में इसका प्रकाशन भी कर दिया गया है. बता दें 2020 से पूर्व भी यह प्रतिशत 50% ही था, जिसे घटाकर 40% कर दिया गया था. संघ ने सरकार का जताया आभार छ. ग. कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा लगातार पूर्व की भांति पदोन्नति तथा सीधी भर्ती से भरे जाने वाले पद का अनुपात पूर्व की भांति 50%-50% अनुपात करने की मांग किया जाता रहा है. छ. ग. कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के मांग पर विचार करते हुए राज्य शासन ने पुनः पदोन्नति में 50% अनुपात बहाल किया गया है. शासन के इस कदम का छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ स्वागत करते हुए, मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के साथ ही साय सरकार के केबिनेट को आभार ब्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित करता है. कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रवक्ता शशिभूषण सोनी ने बताया कि शासन के इस निर्णय से सभी तहसीलदार/ नायब तहसीलदार लाभान्वित होंगे और प्रमोशन के लिए ज्यादा अवसर मिलेंगे. तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत अधिकारी के पास लगभग 10-12 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव होता हैं, जिसका लाभ प्रशासन के साथ-साथ आम जनता को मिलेगा. यह निर्णय साय सरकार का सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय है. संघ ने आभार जताते हुए बताया कि साय सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में हर्ष व्यापत है.

होली के मौसम में स्पेशल ट्रेनें: इंदौर से पटना और दिल्ली के लिए चलाई जाएंगी नई ट्रेनें

 इंदौर होली के त्यौहार के दौरान ट्रेनों में मची मारामारी और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेल विभाग ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इंदौर से पटना और इंदौर से हजरत निजामुद्दीन के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। ये स्पेशल ट्रेनें एक महीने की अवधि के लिए संचालित की जाएंगी। त्यौहार के मद्देनजर नियमित ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो रहा था, जिसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इन दो प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। इस सुविधा से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी और सफर आसान होगा। इन ट्रेनों के संचालन की समय-सारणी जल्द ही जारी की जाएगी। होली के आसपास इंदौर से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों में टिकटों की भारी किल्लत देखी जा रही थी। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा बहुत ऊपर पहुँच गया है। जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई। इस दबाव को कम करने के लिए रेल विभाग ने इन विशेष ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी है। पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रतलाम रेल मंडल से डाॅ.आंबेडकर नगर (महू) से पटना के लिए साप्ताहिक ट्रेन (ट्रेन संख्या 09343 व 09344 का संचालक होगा। 26 फरवरी से ट्रेन का संचालन होगा। 18 बजे यह ट्रेन महू से रवाना होगी और अगले दिन 18.30 बजे पटना पहुंचेगी। यह ट्रेन 26 फरवरी से 26 मार्च तक चलेगी। हर शुक्रवार को ट्रेन पटना से 21.30 बजे चलेगी और दूसरे दिन 23.55 बजे इंदौर पहुंचेगी।   इसके अलावा 22 फरवरी से 27 मार्च तक इंदौर से हजरत निजामुद्दीन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। जिसका संचालन रविवार व शुक्रवार को होगा। स्पेशल ट्रेन( संख्या-09309) शाम पांच बजे चलेगी और दूसरे दिन सुबह पांच बजे हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन (संख्या-09310) 23 फरवरी से हर सोमवार व शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से 8.20 बजे चलेगी और 21 (ट्रेन समय से) बजे इंदौर पहुंचेगी।

3645 करोड़ के प्रोजेक्ट का 16 अप्रेल को काम होगा पूरा

चित्तौडगढ़़. जाखम प्रोजेक्ट के तहत चार जिलों को मिलने वाले पानी का इंतजार लम्बा होता जा रहा है। घोषणा के डेढ़ साल बाद भी अभी तक टेक्निकल बिड तक नहीं खुल पाई है। इसे खोलने के लिए 16 फरवरी निर्धारित की थी, जिसे बढ़ाकर 16 अप्रेल कर दिया है। उक्त प्रोजेक्ट को तीन साल में पूरा करना है, जबकि अब तक डेढ़ साल से अधिक समय गुजर चुका है। राज्य सरकार ने 20224-25 के बजट में जाखम प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। पूरे प्रोजेक्ट पर 3645.56 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पहले चरण में चित्तौडगढ़़ और प्रतापगढ़ जिलों के करीब 800 गांव 622 ढाणी में पाइप लाइन से पीने का शुद्ध पानी पहुंचाया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 1692.30 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जलदाय विभाग की ओर से इसके लिए टेण्डर आमंत्रित किए गए। टेण्डर को खोलने से पहले टेक्निकल बिड खोली जाती है। इसे खोलने के लिए 16 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 16 अप्रेल कर दिया है। ऐसे में अब इस पूरे प्रोसेस में देरी होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि तकनीकी बोली को खोलने के बाद टेण्डर खोले जाते हैं। दस्तावेजों की जांच आदि के बाद सबसे कम बोली लगाने वाली फर्म को वर्क ऑर्डर दिया जाता है। इसके बाद काम शुरू होता है। दूसरे चरण में 1953.26 करोड़ होंगे खर्च जाखम बांध पेयजल परियोजना दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में चित्तौडगढ़़ और प्रतापगढ़ जिलों के करीब 800 गांव 622 ढाणी में पानी पहुंचाया जाता है। दूसरे चरण में राजसमंद और उदयपुर जिले के 1697 गांव और ढाणी में पानी पहुंचाने की योजना है। राजसमंद जिले के 790 गांव-ढाणी और उदयपुर जिले के 907 गांव-ढाणी को शामिल किया गया है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 1692.30 करोड़ एवं दूसरे चरण में 1953.26 करोड़ रुपए खर्च होंगे। टेक्निकल बिड अब अप्रेल में खुलेगी जाखम बांध पेयजल परियोजना के प्रथम चरण में चित्तौडगढ़़ और प्रतापगढ़ के लिए टेण्डर आमंत्रित किए गए हैं, इसकी टेक्निकल बिड 16 फरवरी को खोली जानी थी, जिसे अब अप्रेल में खोला जाएगा। -सुनीत कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्री विभाग चित्तौडगढ़़

अंचल कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ाने अब सीसीटीवी से निगरानी: विजय सिन्हा

पटना. राज्य के सभी 537 अंचलों में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद मानिटरिंग में लगे अधिकारी अंचल कार्यालयों की हरेक गतिविधि को आनलाइन देख सकेंगे। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी अंचलों में उच्च गुणवत्ता वाले 2 एमपी कलर एवं आडियो सपोर्टेड कैमरे, 16 चैनल एनवीआर तथा 30 दिनों की अनिवार्य रिकार्डिंग की व्यवस्था होगी। ये दिशा निर्देश सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता और कार्यालय की सुरक्षा बनाये रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है। इसका सभी स्तर पर सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले आम लोगों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था रहेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कैमरों को बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (बिस्वान) अथवा हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़कर रिमोट मानिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। अंचल अधिकारी कक्ष, प्रशासनिक कक्ष और मुख्य द्वार को अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कवरेज में रखा जाएगा। इसके माध्यम से पटना स्थित सेंट्रल कमांड सेंटर से सभी अंचल कार्यालयों की निगरानी की जा सकेगी। सभी जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीओ एवं डीसीएलआर मोबाइल ऐप के जरिए किसी भी समय लाइव फीड देख सकेंगे। अंचल अधिकारी को भी अपने मोबाइल पर सभी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।

11 वैज्ञानिकों को CM सैनी की मौजूदगी में मिलेगा विज्ञान रत्न व युवा विज्ञान रत्न सम्मान

चंडीगढ़. हरियाणा के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा 28 फरवरी को हरियाणा लोक भवन में हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार एवं हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों का सम्मान किया जा रहा है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा समारोह में बतौर विशिष्ठ अतिथि शिरकत करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2022 से 2024 तक के पुरस्कारों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 5 वैज्ञानिक और हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार 6 वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। 5 वैज्ञानिकों को मिलेगा हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कारः उन्होंने बताया कि हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए सी.एस.आई.आर. भावनगर के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डा. अरविंद कुमार व पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा के प्राध्यापक डा. राजकुमार, वर्ष 2023 के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से सम्मानित आई.आई.एस.ई.आर., मोहाली और एमेरिटस पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की प्राध्यापक डा. सुदेश कौर खंडूजा को और वर्ष 2024 के लिए क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र फरीदाबाद के प्राध्यापक डा. दीपक थंकप्पन नायर व राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केंद्र मानेसर के वैज्ञानिक डा. अनिर्बान बासू को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 6 चयनितः प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर के सहायक प्राध्यापक डा. विनीत वशिष्ठ व डी. वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान देहरादून के वैज्ञानिक डा. विकास, वर्ष 2023 के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान अगरतला के सहायक प्राध्यापक डा. परमवीर सिंह व भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलोर के सहायक प्राध्यापक डा. चिराग जैन तथा वर्ष 2024 के लिए आई.आई.एस.ई.आर., मोहाली के सहायक प्राध्यापक डा. जोगेंद्र सिंह एवं एलवीप्रसाद नेत्र संस्थान हैदराबाद की परामर्शदाता नेत्र चिकित्सक डा. स्वाति सिंह वैज्ञानिक को पुरस्कृत किया जाएगा।

खेल के मैदान से मिलता है स्वास्थ्य, समन्वय और सफलता का मंत्र: अरुण साव

खेल के मैदान से मिलता है स्वास्थ्य, समन्वय और सफलता का मंत्र : अरुण साव स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में पहुंचे उप मुख्यमंत्री, पत्रकार खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह बिलासपुर  उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब द्वारा सुभाष स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पहुंचकर पत्रकार खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल मड़ई के सफल आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब और पत्रकारों को बधाई दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने फाइनल मैच खेल रही संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम के कप्तान एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी तथा विस्तार न्यूज टीम के कप्तान श्री मृगेंद्र पांडेय सहित दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम ने विस्तार न्यूज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सुभाष स्टेडियम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल का मैदान व्यक्ति को जीवन की अनमोल पूंजी प्रदान करता है। खेल हमें अच्छा स्वास्थ्य देता है, अच्छे दोस्त देता है, समन्वय की भावना सिखाता है और संबंधों को मजबूत बनाता है। जब व्यक्ति को यह सब मिलता है तो वह जीवन में प्रसन्न रहता है, खुशहाल रहता है और निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर होता है। श्री साव ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पिछले कई दिनों से आयोजित इस खेल मड़ई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी स्नेह को बढ़ाते हैं और स्वस्थ जीवन-शैली के लिए प्रेरित करते हैं। पत्रकारिता जैसे दायित्वपूर्ण क्षेत्र में सक्रिय साथियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार साथी इसी तरह मुस्कुराते रहें, स्वस्थ रहें और अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते रहें।

जालंधर के 105 साल पुराने जर्मन ट्रैक्टर की करोड़ों में डील

जालंधर. 105 साल पुराना ट्रैक्टर करोड़ों रुपए में बिक गया है। जालंधर के भगत सिंह चौक के पास एक खंडहरनुमा बिल्डिंग में पड़ा 105 साल पुराना ट्रैक्टर 1.25 करोड़ रुपये में बिक गया। यह दुर्लभ विंटेज ट्रैक्टर अब कैलिफोर्निया (अमेरिका) के एक म्यूजियम में प्रदर्शित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग के साथ लगी दुकान के मालिक पुनीत बेदी ने बताया कि स्थानीय लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि कबाड़ समझा जाने वाला यह ट्रैक्टर विंटेज दुनिया का अनमोल नमूना है। बताया जा रहा है कि, मुंबई की एक ट्रैक्टर कंपनी ने पहले 2 लाख से लेकर 28 लाख रुपये तक की पेशकश की थी, लेकिन बाद में एक विदेशी कंपनी ने इसे 1.25 करोड़ रुपये में खरीद लिया। अब ये ट्रैक्टर कैलिफोर्निया की म्यूजिम में रखा जाएगा। बता दें कि, यह ट्रैक्टर जर्मनी में 1921 में बना लेंज बुलडॉग एचएल-12 (Lanz Bulldog HL-12) मॉडल है, जो अपनी खास तकनीक के लिए विंटेज वाहनों की दुनिया में अलग पहचान रखता है। इसमें सिंगल सिलेंडर हॉट-बलब इंजन लगा है, जिसे स्टार्ट करने से पहले इंजन को गर्म करना पड़ता था, जिसके बाद कम गति पर भी यह अधिक ताकत देता था। अपने समय में इस ट्रैक्टर का उपयोग खेतों में हल चलाने, पानी के पंप और चक्की चलाने जैसे कार्यों के लिए व्यापक रूप से किया जाता था। अब यह ऐतिहासिक विरासत के रूप में विदेशी म्यूजियम की शोभा बढ़ाएगा।