samacharsecretary.com

राजनीतिक तनाव ने लिया उग्र रूप, भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पथराव

इंदौर दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन घेरने की घोषणा की थी। लेकिन वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध स्वरूप एकत्र होकर उनका सामना किया। दोनों तरफ से पत्थर, पानी की बोतलें और टमाटर एक-दूसरे पर फेंके गए। पुलिस ने आमने-सामने हुए दोनों दलों के प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस पथराव में छह लोगों सहित एक मीडियाकर्मी और एक पुलिस अधिकारी को चोटें आई हैं। एक महिला नेत्री बिंदू चौहान को पथराव में गंभीर चोट आई है। उन्हे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।   एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद देशभर में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय घेरने की योजना बनाई थी। इसके अलावा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा में दिए गए बयान के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन प्रदेशभर में जारी थे। इसी कारण कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर एक बजे से गांधी भवन पर भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध में जुट गए थे। पुलिस ने संभावित टकराव को देखते हुए मार्ग के दोनों तरफ बैरिकेड लगा दिए थे। लेकिन जैसे ही भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने गांधी भवन की ओर बढ़े, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। वे विजयवर्गीय के खिलाफ नारे लगा रहे थे। तभी अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। दोनों तरफ से पत्थर, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं। बैरिकेड की वजह से दोनों कार्यकर्ताओं के बीच अधिक निकटता नहीं थी। पथराव के कारण छह से अधिक लोग घायल हुए है। इस घटना के बाद अफरा तफरी मच गई और व्यापारियों ने भी दुकानें धड़ाधड़ बंद कर दी। पुलिस ने स्थिति संभाली और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला। दंगा नियंत्रक वाहन वज्र भी तैनात था और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का उपयोग किया गया, लेकिन पानी का प्रेशर कम होने के कारण यह प्रभावी नहीं हुआ। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता पढ़रीनाथ थाने का घेराव करने पहुंचे और कांग्रेसजनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने की मांग की।

हरियाणा में फरवरी के आखिरी दिनों में अचानक बदला मौसम

चंडीगढ़. हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से आज सूबे के कई इलाकों में गहरी धुंध देखने को मिली। हवाओं के कारण सुबह ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान में 0.7°C की वृद्धि हुई है, जबकि अधिकतम तापमान औसतन 1.4°C बढ़ा है। दिन का तापमान सामान्य से 2.3°C ऊपर चल रहा है, जिससे दोपहर में गर्मी लग रही है। आने वाले अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन 1.4°C की वृद्धि के साथ दिन का तापमान सामान्य से 2.3°C अधिक चल रहा है। सबसे अधिक तापमान 29.9°C पलवल में दर्ज हुआ। धूप तेज होने के कारण दोपहर के समय गर्मी का अहसास बढ़ रहा है। किसानों को दी ये सलाह किसान शुष्क मौसम को देखते हुए आवश्यकता अनुसार सिंचाई करें। गेहूं की फसल में पीला रतुआ और दीमक की निगरानी करें। सरसों में माहू (एफिड) दिखने पर दवा का छिड़काव करें। मौसम साफ रहेगा इसलिए किसान गन्ने की कटाई शुरू करें। फलदार पौधों में गोबर की सड़ी खाद डालें और सिंचाई करें।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 3500 लाभार्थी परिवारों को भी 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी सीएम ने

अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी रहेगी डबल इंजन सरकार: मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का किया वितरण मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 3500 लाभार्थी परिवारों को भी 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी सीएम ने सीएम ने बागपत, शामली, कासगंज, भदोही के उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं, मऊरानीपुर झांसी में 50 शैय्या के छात्रावास तथा लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो का किया शिलान्यास लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी व आजमगढ़ में होगी डॉप्लर वेदर राडार की स्थापनाः सीएम योगी  लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 3500 लाभार्थी परिवारों को भी 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने बागपत, शामली, कासगंज, भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं, राजकीय भूमि संरक्षण केंद्र मऊरानीपुर झांसी में 50 शैय्या के छात्रावास भवन तथा लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई का शिलान्यास भी किया। सीएम योगी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि डबल इंजन सरकार मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अन्नदाता किसान उन्नत खेती के माध्यम से प्रदेश की समृद्धि में योगदान देते रहेंगे।  460 करोड़ रुपये किसानों के खाते में पहुंचे, बिचौलियों की भूमिका समाप्त  सीएम योगी ने कहा कि कल ही उत्तर प्रदेश सरकार का 2026-27 का बजट पारित हुआ है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से बजट के माध्यम से प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों के लिए ढेर सारी योजनाएं पास कराई गई हैं। जब बजट होता है तो लाभार्थियों के अकाउंट में सीधे पैसा जाता है और उन्हें लाभ प्राप्त होता है। आज एक बटन दबाते ही 460 करोड़ रुपये किसानों के खाते में पहुंच रहे हैं, बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई। लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जनपदों में लाभार्थी परिवारों को इन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।  डीएम को निर्देश- कल तक हर हाल में खाते में पहुंच जाए पैसा  सीएम योगी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से 2.51 लाख किसान परिवारों को मिली 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति को संबल बताया। कहा कि फसल को सूखे-अतिवृष्टि के कारण नुकसान हुआ है। जब हम फसल का बीमा कराते हैं तो जरूरत पर रिटर्न भी मिलता है। आपदा के कारण नुकसान हुआ तो भरपाई होती है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि योजना के तहत पहले केवल किसान कवर होता था, उसके परिवार के सदस्य, बटाईदार, सह किसान कवर नहीं होते थे। हमारी सरकार में 1000 करोड़ से अधिक की धनराशि के जरिए किसान या उसके परिवार के सदस्यों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। किसी मनुष्य की कमी की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन सरकार संबल देने के लिए खड़ी हो सकती है। आपदा प्रभावित 3500 पीड़ित किसानों, सह किसानों, पारिवारिक सदस्यों, बटाईदारों आदि को आज लाभान्वित किया गया है। इससे पहले 16 जून 2025 को 11,690 किसानों व आश्रितों को 561.86 करोड़ रुपये वितरित किए गए थे। सीएम ने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि कल तक यह पैसा सभी किसानों या आश्रित परिवारों के खाते में पहुंच जाए।  आपदा मित्रों को मिला तीन साल तक पांच लाख का बीमा कवर सीएम योगी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में फर्स्ट रिस्पॉन्डर आपदा मित्र हो सकता है। पीएम मोदी ने इस संबंध में बड़ा अभियान चलाया है। उत्तर प्रदेश ने पीएम की इस पहल को बढ़ाने का कार्य किया। 25 जनपदों में 29,772 युवा स्वयंसेवकों (एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस, भारत स्काउट एंड गाइड) को प्रशिक्षित कर आपदा मित्र प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया है। इन स्वयंसेवकों को सात दिवसीय प्रशिक्षण के साथ भी जोड़ा गया है। इन्हें इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट,  आपदा मित्र ट्रेनिंग, मॉड्यूल आईडी, आईडी कार्ड व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट में लाइफ जैकेट, सर्च टॉर्च, फर्स्ट-एड बॉक्स, सेफ्टी हेलमेट, चश्मा समेत 15 आइटम हैं। प्रदेश सरकार ने प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों का तीन वर्ष का जीवन व चिकित्सा बीमा करने का निर्णय लिया है। 10 फरवरी को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के साथ एमओयू किया गया है, जिसमें आपदा मित्र को तीन वर्ष के लिए 5 लाख का बीमा कवर प्रदान किया गया है। प्रदेश में अभी तक 2959 युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षित किए जा चुके हैं, शेष का प्रशिक्षण भी आगे बढ़ाया जाएगा।  हमारा प्रयास- आपदा के 24 घंटे के भीतर पीड़ितों के खाते में पहुंच जाए पैसा  सीएम ने कहा कि पहले आपदा आने पर वर्षों तक पीड़ितों को कोई पूछता तक नहीं था। उन्हें क्षतिपूर्ति तक नहीं मिल पाती थी। 2015-16 में एक बार किसी किसान के खाते में दो रुपये, किसी के खाते में चार रुपये आए थे। हमारा प्रयास है कि बाढ़, आकाशीय बिजली, आगजनी जैसी आपदा आते ही 24 घंटे के भीतर पीड़ित के खाते में पैसा पहुंच जाए। 2025-26 में राज्य आपदा मोचक निधि में 876 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें से फसल क्षति से प्रभावित 5,14,322 किसानों को 260 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान, जनहानि के 5398 पीड़ितों को 216 करोड़, मकान क्षति के 27448 प्रभावितों को 24 करोड़ रुपये सरकार वितरित कर चुकी है।  लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी व आजमगढ़ में होगी डॉप्लर वेदर राडार की स्थापना  सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी व आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार की स्थापना होने जा रही है। इससे मौसम का पूर्वानुमान लगाने के साथ ही यह भी बता सकेंगे कि कहां पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। प्रदेश में 450 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ब्लॉक स्तर पर 2000 ऑटोमेटिक रेन गेज स्थापित करने की कार्रवाई लगभग पूर्ण हो चुकी है।  इस अवसर पर में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, उप्र आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी, प्रमुख सचिव (कृषि) रवींद्र कुमार, प्रमुख सचिव (राजस्व) अपर्णा यू आदि की मौजूदगी रही। होमगार्ड की भर्ती में आपदा मित्र को … Read more

पंजाब से होली पर बिहार जाने वालों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

फिरोजपुर. रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से फिरोजपुर छावनी–दानापुर तथा अमृतसर–कटिहार के बीच आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में काफी राहत मिलेगी। सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर छावनी–दानापुर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 26 फरवरी, दो मार्च एवं छह मार्च को फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12 बजे चलकर 29 घंटे बाद शाम 5:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04615 दानापुर–फिरोजपुर छावनी 27 फरवरी, तीन मार्च एवं सात मार्च को दानापुर से रात्रि 9:10 बजे रवाना होकर लगभग 26 घंटे बाद रात 11:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर एवं आरा रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 04614 अमृतसर–कटिहार आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 25 फरवरी, एक मार्च एवं पांच मार्च को अमृतसर से दोपहर 2:15 बजे प्रस्थान कर लगभग 34 घंटे बाद कटिहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04613 कटिहार–अमृतसर 27 फरवरी, तीन मार्च एवं सात मार्च को सुबह चार बजे कटिहार से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। मार्ग में यह रेलगाड़ी ब्यास, जालंधर शहर, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा एवं नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रायपुर आईजी ने पुलिस अधीक्षकों को अपराध और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के दिए सख्त निर्देश

रायपुर. आईजी अमरेश मिश्रा ने रायपुर रेंज के पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली, जिसमें उन्होंने अपराध समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने अंतर्राज्यीय सीमा में निगरानी और एंड टू एंड जांच करने कहा। इसके अलावा किशोर अपराधों में नियंत्रण, दुर्घटनाओं में कमी लाना के भी निर्देश दिए। आज आईजी अमरेश मिश्रा की बैठक में रायपुर जोन के अतंर्गत रायपुर (ग्रामीण), महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार जिलों के पुलिस अधीक्षकों एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। बैठक में बेहतर कार्यालय प्रबंधन एवं मानव संसाधन प्रबंधन पर परिचर्चा की गई। बैठक में लंबित अपराध, चिटफंड प्रकरण, सायबर अपराध की समीक्षा करते हुए नवीन कानून के अतंर्गत दर्ज अपराधों का गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर समयावधि में निराकरण करने, थानों में जप्त वाहनों के निराकरण, राजसात एवं निलामी, गौवंश तस्करी पर प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेंज स्तर पर चलाये जा रहे निश्चय अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही करते हुए अंर्तराज्यीय सीमा में निगरानी एवं चेकिंग कर मादक पदार्थ की तस्करी, फायनेंशियल एण्ड टू एण्ड इन्वेस्टीगेशन, PIT NDPS तथा सफेमा के तहत कार्यवाही करने की बात कही। स्कूलों में बच्चो की सुरक्षा सुनिश्चित करने व किशोर अपराधो में नियंत्रण के लिए सभी स्तरों पर बैठक आयोजित कर कार्ययोजना बनाने, स्कूल के आसपास नशे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। होली, रमजान आदि त्यौहारों में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने आसूचना संकलन कर गुण्डा बदमाशों के विरूद्ध कार्रवाई एवं संभावित चाकूबाजी/अड्डेबाजी आदि संवेदनशील स्थानों को चिन्हांकित कर लगातार चेकिंग अभियान व प्रभावी पेट्रोलिंग करने के भी निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने मालवाहक वाहनो में यात्री परिवहन, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध एवं अवैध पार्किंग पर कार्ययोजना के साथ सघन कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगामी विधानसभा बजट सत्र के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने संबंधी भी दिशा-निर्देश दिए गए।

62 साल के हुए विष्णु देव साय, सीएम के जन्मदिन पर मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

रायपुर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए राज्य में विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर साय के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने विकास प्रयासों की सराहना की प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री साय के प्रयास छत्तीसगढ़ की प्रगति को गति दे रहे हैं और लोगों के जीवन पर परिवर्तनकारी प्रभाव डाल रहे हैं। उन्होंने साय के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की। सीएम विष्णुदेव साय ने केक काटा-चॉकलेट खिलाई छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक छात्रावास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना जन्मदिन बच्चों के साथ बड़ी सादगी से मनाया. उन्होंने छात्रावास में बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें केक खिलाकर चॉकलेट बांटी. सीएम साय ने बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई और भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें उपहार भी दिए. यह आयोजन प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत न्योता भोज कार्यक्रम का हिस्सा था, जहां सीएम ने बच्चों के साथ भोजन साझा किया और उन्हें प्रेरित किया. बाद में उन्होंने जगन्नाथ मंदिर जाकर प्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया. मां जसमनी देवी से आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद सीएम सत्यनारायण कथा में शामिल हुए और भक्ति भाव से प्रार्थना की. गृह ग्राम बगिया पहुंचकर परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के साथ-साथ सीएम ने सामाजिक संदेश दिया कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर बच्चों या जरूरतमंदों के साथ बिताना चाहिए. इस सादगी भरे जन्मदिन ने स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर काफी सराहना बटोरी, जहां लोग इसे जनसेवा का जन्मदिन कह रहे हैं. सीएम साय ने प्रधानमंत्री को जताया आभार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से राज्य की डबल इंजन सरकार जनकल्याण की नई ऊंचाइयों तक पहुंच रही है। उन्होंने ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ के पूर्ण योगदान का भरोसा दिलाया। केंद्रीय अमित शाह और किरन रिजिजू ने भी दी बधाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण को मजबूत बताया और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्वा सरमा और रेखा गुप्ता सहित कई नेताओं ने साय को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में राज्य के विकास और सुशासन की सराहना की। ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनेगा मुख्यमंत्री साय का 62वाँ जन्मदिन  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 62वें जन्मदिवस को इस वर्ष पूरे प्रदेश में एक ऐतिहासिक और सेवाभावी उत्सव के रूप में मनाया जायेगा।  भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि इस विशेष अवसर को ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में समर्पित करते हुए, भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।  भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन को जन-सेवा से जोड़ने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में फल वितरण किया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री श्री साय के पर्यावरण प्रेम को देखते हुए राज्यभर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आम जनमानस की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में नि:शुल्क मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे, जहाँ विशेषज्ञों द्वारा जाँच और दवाइयों का वितरण होगा। सुशासन के संकल्प को दोहराने के लिए जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन होगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने बताया कि भाजपा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को इस निमित्त अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। प्रत्येक मोर्चा अपनी विशिष्ट कार्ययोजना के अनुसार इस दिन को यादगार बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रहेगा। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री श्री साय के विजन ‘सुशासन’ को जन-जन तक पहुँचाना और अंतिम व्यक्ति की सेवा करना है। साय के 62वें जन्मदिवस पर पार्टी कार्यकर्ता गरीब कल्याण और छत्तीसगढ़ की प्रगति के लिए स्वयं को समर्पित किया हैं। 

क्या सच में उदयपुर जा रहे हैं विजय और रश्मिका? शादी की अटकलों के बीच एयरपोर्ट पर हुए स्पॉट

 उदयपुर रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी की खबरें इन दिनों बी-टाउन का हॉट टॉपिक बनी हुई हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों 26 फरवरी को उदयपुर में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी करने वाले हैं। दोनों के इन्विटेशन कार्ड की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर फैल रही है। हालांकि, अभी तक कपल की ओर से शादी को लेकर कोई कंफर्मेशन सामने नहीं आई है। इस बीच अब ये जोड़ा एयरपोर्ट पर नजर आया है। हालांकि, दोनों अलग-अलग दिखे, लेकिन इनके एयरपोर्ट पर नजर आते ही ये कयास लगाए जाने लगे कि दोनों उदयपुर के लिए रवाना हो रहे हैं। कैजुअल लुक में एयरपोर्ट पर दिखा कपल आज सुबह यानी शनिवार 21 फरवरी को शादी की चर्चाओं के बीच रश्मिका और विजय देवरकोंडा को एयरपोर्ट पर देखा गया है। इसके बाद ये अटकलें लगाई गईं कि दोनों शादी के लिए उदयपुर रवाना हो रहे हैं। हालांकि, अभी तक ये कंफर्म नहीं है कि दोनों कहां के लिए रवाना हुए हैं। लेकिन दोनों सेलेब्स एयरपोर्ट पर कैजुअल अंदाज में नजर आए। इस दौरान विजय देवरकोंडा जहां ओपन ब्लैक शर्ट और ब्लैक पैंट में नजर आए। वहीं रश्मिका ग्रे स्लीवलेस टी-शर्ट और ब्लैक लोअर में नजर आईं।   इस दौरान रश्मिका के माथे पर छोटी सी बिंदी भी नजर आई। दोनों ही सेलेब्स इस दौरान चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। गाड़ी से उतरते समये रश्मिका फोन में व्यस्त दिखीं। हालांकि, पैपराजी को देखकर उन्होंने हाय किया। इस दौरान दोनों साथ में नहीं बल्कि अलग-अलग नजर आए।  सजे हुए विजय के घर का वीडियो और कार्ड की तस्वीरें वायरल बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विजय देवरकोंडा का घर झालरों से सजा हुआ नजर आ रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं और भी तेज हो गईं। वहीं दोनों के इन्विटेशन कार्ड की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। इनमें शादी की तारीख 26 फरवरी बताई जा रही है, जबकि 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कपल या उनके परिवार की ओर से शादी को लेकर को आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शादी में होगी नो फोन पॉलिसी बीते दिनों कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रश्मिका और विजय ने शादी के कार्यक्रम में नो फोन पॉलिसी को लागू किया है। यानी कोई भी गेस्ट फोन लेकर फंक्शन में शामिल नहीं हो सकेगा। यहां तक कि शादी को शूट करने वाली टीम ने भी एनडीए (गैर-खुलासा समझौता) पर हस्ताक्षर किए हैं। वहीं रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि दोनों ने शादी की सिक्योरिटी के लिए विदेशी कंपनी से डील की है।  

सिहोरा में हुए बवाल के बाद जबलपुर पुलिस अलर्ट, 49 गिरफ्तार; ड्रोन से चल रही निगरानी

जबलपुर  सिहोरा में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, ड्रोन से निगरानी की जा रही है और पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। यह घटना गुरुवार रात आजाद चौक में हुई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव बना रहा और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। घटना में शामिल अन्य आरोपियों को चिह्नित कर उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। शुक्रवार को घटना क्षेत्र में तनाव बना रहा। हिंदूवादी संगठनों ने थाना घेरा घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सिहोरा थाना घेरा। हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया। पुलिस के सख्ते पहरे के बीच मस्जिद में जुमे की नमाज हुई। इसके बाद पुराने बस स्टैंड के पास दोनों समुदाय के एकत्रित लोगों की भीड़ में टकराव की स्थिति निर्मित हुई। भीड़ ने एक फल के ठेले को पलटा दिया। तभी मौके पर तैनात पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को तितर-बितर किया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त और बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। घटना स्थल वाले संवेदनशील क्षेत्र में अब सन्नाटा है। व्यापारियों ने खुद बंद रखी दुकानें सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार को व्यापारियों ने स्वयं प्रतिष्ठान बंद रखे। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। शेष शहर में लोगों का जनजीवन सामान्य रहा। सांप्रदायिक तनाव को फैलने से रोकने के लिए शहर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। उपद्रव वाली जगह पर दोनों समुदायों के धर्मस्थल के कारण यह अतिसंवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। पुलिस ने रात में ही उपद्रव वाले इलाके की बैरीकेडिंग कर दी। वहां, अनावश्यक आवाजाही रोक दी गई। हमने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और अब तक 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों पर एनएसए जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी से चिह्नित किए चेहरे रात में ही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और घटना के वीडियो को देखकर आरोपियों को चिह्नित किया। नाबालिगों और वृद्धों को चेतावनी देकर छोड़ा। हिरासत में लिए गए अन्य आरोपितों को बस से शहर के पुलिस थाने में ले जाया गया। उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। कैसे बिगड़ी सिहोरा की फिजा 1. सिहोरा के आजाद चौक में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर में आरती और मस्जिद में तरावीह की नमाज के दौरान लाउडस्पीकर को लेकर विवाद शुरू हुआ। 2. विवाद इतना बढ़ा कि भीड़ ने पथराव कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए 12 थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। 3. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर 49 उपद्रवियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें बस से थाने ले जाया गया। 4. शुक्रवार को तनावपूर्ण शांति रही, व्यापारियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखा और पुलिस ने ड्रोन कैमरों से छतों की तलाशी ली। 5. अफवाह रोकने के लिए सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च निकाला।

विष्णु देव साय का सफर: पंच, सरपंच, सांसद और अब मुख्यमंत्री – जशपुर के लाल की अद्भुत यात्रा

रायपुर  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 फरवरी को अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं.  आज विष्णु देव साय अपने गृह ग्राम बागिया जाएंगे. यहां वे अपने परिवार के साथ जन्मदिन मनाएंगे और क्षेत्र के लोगों से भी मुलाकात करेंगे. सीएम के 62वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी. 1964 में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे विष्णु देव साय ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत गांव की राजनीति से की. उनका राजनीतिक सफर पंच, सरपंच, विधायक, और फिर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने तक का रहा. उनकी सादगी, संगठन में स्थापित प्रभाव और शांत स्वभाव की राजनीति उन्हें एक अलग पहचान देती है. बीजेपी के आदिवासी चेहरे के तौर पर उभरे साई को जमीनी नेता और संगठन के भरोसेमंद कार्यकर्ता के तौर पर जाना जाता है. 21 फरवरी 1964 में हुआ था जन्म विष्णु देव साय के जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं, उनके जीवन और राजनीतिक सफर के बारे में. विष्णु देव साय का 21 फरवरी 1964 में किसान परिवार में जन्म हुआ था. उनका जन्म जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम बगिया में हुआ था. उनके पिता राम प्रसाद साय एक किसान थे और उनकी मां जसमनी देवी गृहिणी थीं. गांव के माहौल में पले-बढ़े साय ने कुनकुरी से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई की. उन्होंने 1991 में कौशल्या देवी साय से शादी की. उनके परिवार के पॉलिटिकल रिश्ते भी थे. उनके दादा नरहरि प्रसाद साय, मेंबर ऑफ पार्लियामेंट और यूनियन मिनिस्टर रहे, जबकि परिवार के दूसरे सदस्य भी विधायक रहे. पंच के तौर पर शुरू हुआ पॉलिटिकल करियर साय ने अपना पॉलिटिकल करियर 1989 में बगिया ग्राम पंचायत में पंच के तौर पर शुरू किया था. 1990 में वे बिना किसी विरोध के सरपंच चुने गए यह साल उनके लिए एक बड़ा पॉलिटिकल टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. उसी साल उन्होंने अविभाजित मध्य प्रदेश की तपकारा विधानसभा सीट से बीजेपी कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ा और विधायक बने. 1990 से 1998 तक विधायक चुने गए साय 1990 से 1998 तक विधायक के तौर पर लगातार दो कार्यकाल के दौरान, उन्होंने आदिवासी इलाके में अपनी मजबूत पकड़ बनाई और संगठन में खुद को एक भरोसेमंद लीडर के तौर पर स्थापित किया. 1999 से 2014 सांसद रहे विष्णु देव साय विष्णु देव साय पहली बार 1999 में रायगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए. जिसके बाद वो 1999, 2004, 2009 और 2014 में लगातार चार बार सांसद चुने गए. अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कई महत्वपूर्ण समितियों में काम किया, जिनमें खाद्य और सार्वजनिक वितरण, सूचना प्रौद्योगिकी, जल संसाधन और वाणिज्य समितियां शामिल थीं. 2014 से 2019 तक केंद्रीय मंत्री रहे साय जिसके बाद 2014 में केंद्र में बीजेपी की सरकार आने के बाद उन्हें माइंस और स्टील के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया. 2014 से 2019 के बीच उन्होंने स्टील, माइंस और लेबर एंड एम्प्लॉयमेंट जैसे मंत्रालयों में जिम्मेदारियां संभालीं.  लखीराम अग्रवाल को माना जाता है साय का पॉलिटिकल गुरु अविभाजित मध्य प्रदेश में बीजेपी के सीनियर नेता लखीराम अग्रवाल को साय का पॉलिटिकल गुरु माना जाता है. कहा जाता है कि लखीराम अग्रवाल ने उन्हें आगे बढ़ाया और 1990 में उन्हें विधानसभा का टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उनके अनुशासन, आदिवासी समुदाय में मजबूत असर और विवादों से दूर रहने की पहचान ने साय को बीजेपी के अंदर एक भरोसेमंद नेता बना दिया. 2023 में छत्तीसगढ़ के सीएम बने साय 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने साय को अहम जिम्मेदारियां दीं. उन्होंने मैनिफेस्टो कमेटी, बस्तर और सरगुजा इलाकों में बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान में एक अहम भूमिका निभाई. आदिवासी समुदाय के नेता के तौर पर उन्हें स्ट्रेटेजी के साथ आगे बढ़ाया गया. विष्णु देव साई 3 दिसंबर, 2023 को MLA चुने गए और 10 दिसंबर 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेकर राज्य का नेतृत्व संभाला.    

इंदौर में पानी की गंभीर कमी, 60 क्षेत्रों में पानी बंद; 35 मौतों के बाद हालात चिंताजनक

 इंदौर इंदौर शहर के भागीरथपुरा में हुई 35 मौतों का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब शहर में जल संकट की स्थिति ने लाखों शहरवासियों को परेशान कर दिया है। शुक्रवार के बाद आज यानी शनिवार को भी जल संकट बरकरार रहेगा। नर्मदा परियोजना के तीसरे चरण के तहत जलूद में 1200 एमएम की मुख्य पाइपलाइन बदलने, सोलर प्लांट के कार्यों और राजीव गांधी चौराहे पर 1100 एमएम लाइन के लीकेज सुधारने के चलते 20 फरवरी की सुबह से बंद किए गए पंपों को आज भी शहर के बड़े इलाके के लिए नहीं खोला जाएगा। इससे करीब करीब लाखों लोग प्रभावित होंगे। नर्मदा तीसरे चरण के पंप बंद रहने से शनिवार, 21 फरवरी को सुबह 60 टंकियों से होने वाली जलापूर्ति ठप रहेगी। इस कारण संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ेगा। -प्रमुख योजनाएं: स्कीम 54, स्कीम 59, स्कीम 71, स्कीम 74, स्कीम 78 (स्लाइस 1 व 2), स्कीम 94, स्कीम 113, स्कीम 114 (पार्ट 1 व 2) और स्कीम 136। -मध्य एवं उत्तर इंदौर: एमआईजी, तुकोगंज, यशवंत क्लब, एमवायएच, पीडब्ल्यूडी, सीपी शेखर नगर, पागनिसपागा, गाड़ी अड्डा, स्नेह नगर, खातीवाला और काटन अड्डा। -पूर्वी इंदौर और विजयनगर: खजराना, महालक्ष्मी नगर, सुखलिया, वीणा नगर, लवकुश विहार, बर्फानी धाम, बजरंग नगर, नंदा नगर (नई, पुरानी और रोड नं. 13) और जनता क्वार्टर। -दक्षिण एवं पश्चिमी इंदौर: बिलावली, भवरकुआ, रेती मंडी, सूर्यदेव नगर, हवा बंगला, विदुर नगर, ग्रेटर वैशाली, प्रगति नगर, चंदन नगर, अंबिकापुरी, नगीन नगर और मित्रबंधु नगर। -अन्य प्रभावित बस्तियां: मूसाखेड़ी, टूटी प्रेस, शिव नगर, महावीर नगर, कुलकर्णी का भट्टा, अंबेडकर नगर, साईं कृपा, लोहा मंडी, राजीव आवास विहार, भागीरथपुरा, ईंट भट्टा, उर्दू स्कूल और मां विहार।