samacharsecretary.com

योग से ही सशक्त होगा युवा भारत : मंत्री सुश्री भूरिया

स्वामी विवेकानंद जयंती पर झाबुआ में हुआ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार भोपाल महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि योग हमारी सदियों पुरानी परंपरा है, जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को लक्ष्यबद्ध जीवन की प्रेरणा देते हैं। स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं "राष्ट्रीय युवा दिवस" के अवसर पर झाबुआ जिले में योग, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुआ। पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन शैली है, जिसे अपनाकर हम तनावमुक्त, स्वस्थ और ऊर्जावान समाज का निर्माण कर सकते हैं। हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित योग परंपरा को आज की पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का रेडियो के माध्यम से प्रसारण किया गया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थितजनों एवं छात्राओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास किया गया।

रायपुर में APEDA क्षेत्रीय कार्यालय से खुलेगा छत्तीसगढ़ के कृषि निर्यात का नया वैश्विक द्वार: मुख्यमंत्री साय

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा  कि रायपुर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के किसानों, एफपीओ (Farmer Producer Organisations) और निर्यातकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाज़ार से जोड़कर राज्य की कृषि को नई ऊँचाई देगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के मंच से शुरू हुई यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य कृषि निर्यात के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करेगी। जीआई टैग प्राप्त विशिष्ट चावल किस्में जैसे जीराफूल और नागरी दुबराज, साथ ही राज्य के अन्य कृषि एवं प्रोसेस्ड फूड उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में नई पहचान बनाएंगे। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ कृषि आधारित उद्यमों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और हर खेत तक नए अवसर पहुँचाने के लिए निरंतर काम कर रही है। APEDA का क्षेत्रीय कार्यालय इस दिशा में एक मजबूत संस्थागत आधार प्रदान करेगा, जिससे निर्यात प्रक्रियाएं सरल होंगी, गुणवत्ता मानक सुधरेंगे और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य, सतत और प्रतिस्पर्धी कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ले जाएगी और राज्य के किसानों की समृद्धि को स्थायी आधार प्रदान करेगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार में ऋषि कुलम का किया भूमिपूजन

संतों के निवास के लिये प्रथम चरण में बनेंगे तीन ऋषि आश्रम भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार रीवा में ऋषि कुलम का भूमिपूजन किया। वन विहार में संतों के निवास के लिये सर्वसुविधायुक्त तीन ऋषि आश्रम का निर्माण कराया जायेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ऋषि आश्रम की ड्राइंग का अवलोकन किया और निर्देश दिये कि सुविधायुक्त आश्रम का निर्माण तत्काल प्रारंभ करें और गुणवत्ता के साथ बनाये। उन्होंने कहा कि बसामन मामा गौवंश वन विहार की राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हो गई है। गौसंरक्षण के लिये गौ अभयारण्य के साथ ही यहां प्राकृतिक खेती के प्रकल्पों की भी शुरूआत हो गई है। यह प्राकृतिक खेती का बड़ा प्रशिक्षण केन्द्र बनेगा और यहाँ संतों का नियमित प्रवास होता रहेगा। ऋषि आश्रम में रसोई, बैठक कक्ष शयन कक्ष व अन्य आवश्यक व्यवस्थायें भी सुनिश्चित करायें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन विहार में प्राकृतिक खेती का अवलोकन किया और जैविक इनपुट, मिट्टी की उर्वरता तथा बीजामृत से बोई गई फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीजामृत निर्माण व प्राकृतिक खेती के लिये की जाने वाली तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिये जमीन के सुधार से लेकर सभी प्रक्रियाओं का विवरण प्रदर्शित करें जिससे आने वाले किसान इससे भलीभांति अवगत हो सकें और यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेतों में प्राकृतिक खेती प्रारंभ कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र में प्राकृतिक खेती का गहन प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपेक्षा मास्टर ट्रेनर्स से की जिससे वह पूर्ण प्रशिक्षित होकर किसानों को अद्यतन जानकारी दे सकें। उन्होंने कहा कि रीवा जिले को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाना है। हिनौती सहित हरिहरपुर में भी प्राकृतिक खेती में संबंध में किसानों का भ्रमण कराकर उन्हें इसे अपनाने के लिये जागरूक किया जायेगा। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौमाता की पूजा कर ग्रास व गुड़ खिलाया। उन्होंने भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना की। एसडीएम सुश्री दृष्टि जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नंदिनी तिवारी, गौवन विहार संचालन समिति के सचिव डॉ. राजेश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर किया शिलान्यास

सुल्तानपुर, कासगंज व फतेहपुर को मिली ग्रामीण स्टेडियम की सौगात खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 21 करोड़ रुपये से निर्मित पांच (लखनऊ में दो, हरदोई, कन्नौज व सहारनपुर) मल्टीपर्पज हॉल का किया लोकार्पण लखनऊ, मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर सोमवार को सुल्तानपुर, कासगंज व फतेहपुर में ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास किया। यह स्टेडियम 26 करोड़ से तैयार होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 21 करोड़ रुपये से बने पांच मल्टीपर्पज हॉल का भी लोकार्पण किया। योजना के तहत लखनऊ में दो, हरदोई, कन्नौज व सहारनपुर में एक-एक हॉल का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य स्तर पर विवेकानंद युवा पुरस्कार भी प्रदान किए। यह पुरस्कार व्यक्तिगत श्रेणी के साथ ही युवक व महिला मंगल दल को भी दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इन्हें मिला पुरस्कार विवेकानंद यूथ अवार्ड- व्यक्तिगत श्रेणी (50 हजार का चेक, प्रशस्ति पत्र व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा) 1-    अभिनीत कुमार मौर्य- हरदोई 2-    महिका खन्ना- शाहजहांपुर 3    प्रणव द्विवेदी- गोरखपुर 4-    शिखा सहलोत – गाजियाबाद 5-    अभिषेक पांडेय- मऊ 6-    सचिन गौरी वर्मा- गोरखपुर 7-    संजना सिंह- बरेली 8 –    मार्तंड राम त्रिपाठी-गोरखपुर 9-    साक्षी झा- गाजियाबाद 10-    दिव्यांश टंडन-मेरठ युवक मंगल दल 1-    संतकबीर नगर- विकास खंड व ग्राम पंचायत सेमरियावां – रिजवान मुनीर 2-    बिजनौर- विकास खंड नूरपुर व ग्राम पंचायत शहदपुरगुलाल- घनश्याम सिंह 3-    शाहजहांपुर- विकास खंड भावलखेड़ा व ग्राम पंचायत चौधेरा- इंद्रजीत लोधी-आशीष महिला मंगल दल 1-    बिजनौर- नहटौर विकास खंड- बसेड़ाखुर्द ग्राम पंचायत- दामिनी   2-    फिरोजाबाद- अरांव विकास खंड- अकबरपुर सराय ग्राम पंचायत- शिवानी चंदेल- अंजली चंदेल 3-    संतकबीर नगर- सांथा विकास खंड- पसाई ग्राम पंचायत- सुमन कुमारी-राधिका प्रथम पुरस्कार- एक-एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार- 50-50 हजार रुपये व तृतीय पुरस्कार- 25-25 हजार रुपये व प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र, ट्रॉफी व स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा

स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का होता है वास : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

राष्ट्र निर्माण में करें युवा अपनी ऊर्जा का सदुपयोग युवा दिवस पर रीवा में किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है। हम स्वस्थ एवं प्रसन्न रहेंगे तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो तब तक अनवरत अपने कार्य में लगे रहना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल कहा कि सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहा जा सकता है और बीमारियाँ कोसों दूर रहेंगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाये जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस में अपने भीतर की ऊर्जा का सदुपयोग समाज एवं देश के हित में करें और देश को विश्व गुरू बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमें सफलता मिलने पर अहंकारी नहीं होना चाहिए और असफलता मिलने पर निराश भी नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जीवन में बहुत चुनौतियाँ सामने आती हैं। पूरे धैर्य के साथ इनका सामना करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के कदम यदि नशे की राह की ओर बढ़ गए तो हर तरह का विकास निरर्थक हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल नशे के विरूद्ध रीवा जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। रीवा के मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक ग्राउण्ड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम भी किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजीनियर श्री नरेन्द्र प्रजापति, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने बहुत कम उम्र में ऐसी ख्याति प्राप्त की जिससे दुनिया में उनका नाम हुआ। स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी साकार हो रही है कि भारत विश्व गुरू बनेगा। 21वीं सदी में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ते हुए विश्व गुरू बनने के करीब पहुंच चुका है। हमारा देश आर्थिक महाशक्ति के तौर पर उभरा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन न केवल हमें मार्ग प्रशस्त करता है वरन उनके द्वारा दिये गये वाक्य हमें जीवन में आगे बढ़ने में मददगार है। उनके जीवन चरित्र को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्रीय युवा दिवस का उद्देश्य पूरा करने में समवेत होने का अह्वान उप मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने सभी को युवा दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि योग हमारी सनातन परंपरा का एक अंग है। इसको अपनाने से मनुष्य स्वस्थ एवं चुस्त-दुरूस्त रहता है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि नियमित रूप से सुबह उठकर योग एवं प्राणायाम की प्रक्रियाएं दिनचर्या में शामिल करें। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण युवा दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा में माल्यार्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में उपस्थितजनों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।  

कमांड सेंटर ने महाकुम्भ-25 में भारी भीड़ को कंट्रोल करने के साथ 60 लाख से अधिक साइबर अटैक को किया ध्वस्त

45 दिनों में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई थी आस्था की डुबकी लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिव्य-भव्य महाकुम्भ- 25 आयोजन की देश ही नहीं पूरी दुनिया ने सराहना की, जहां 45 दिनों में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिये यूपी पुलिस की भी देश और विदेश में तारीफ हुई। इस आयोजन को थल से लेकर नभ तक सुरक्षित बनाने के लिये यूपी पुलिस के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) ने अहम भूमिका निभाई। इस सेंटर ने जहां एक ओर जमीन पर भारी भीड़ को कंट्रोल किया, वहीं 60 लाख से अधिक साइबर अटैक को ध्वस्त किया। नर्व सेंटर बना इंट्रीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच का ही नतीजा है कि प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ-25 को वैश्विक स्तर पर सराहना मिली और आईसीसीसी को स्काच गोल्ड अवार्ड (SKOCH Gold Award) से सम्मानित किया गया। प्रयागराज के महाकुंभ-25 को दुनिया के सबसे बड़े मानवीय समागमों में गिना गया, जहां 45 दिनों में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं, मौनी अमावस्या जैसे दिनों में असाधारण पीक-फुटफॉल, हजारों हेक्टेयर में फैली अस्थायी नगरी और अभूतपूर्व लॉजिस्टिक्स का समन्वय देखने को मिला। इस विराट आयोजन की तैयारी एक साल पहले शुरू हुई थी। इसमें “पब्लिक-फर्स्ट” चिंता और जमीन-आसमान दोनों मोर्चों पर चलती क्राइसिस-मैनेजमेंट की मशीनरी का नर्व सेंटर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बना। 12 महीने पहले ही शुरू हुआ “वार-रूम मॉडल महाकुम्भ-25 की तैयारी “इवेंट मैनेजमेंट” नहीं, बल्कि सिस्टम-इंजीनियरिंग थी। इसे अमलीजामा पहनाने के लिये योजना बनाने से लेकर धरातल पर उतारने के लिये एक साल पहले तैयारी शुरू की गई। इसमें टेबल-टॉप एक्सरसाइज़, परिदृश्य-आधारित परीक्षण (scenario testing) और भीड़-ओवरफ्लो जैसी स्थितियों के लिए डिजिटल-ट्विन सिमुलेशन तक शामिल था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संदेश था कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित अनुभव और मेले का सुचारू संचालन हो। इसके लिये कटिंग-एज टेक्नोलॉजी को जनहित में तैनात किया गया। आईसीसीसी:नर्व सेंटर, जो भीड़, आपदा और प्रतिक्रिया को एक स्क्रीन पर लाया महाकुम्भ-25 में आईसीसीसी को केंद्रीय कमांड हब की तरह डिजाइन किया गया जो चौबीसों घंटे सक्रिय रहा। इसमें भीड़-प्रबंधन, पब्लिक-सेफ्टी, आपदा-प्रतिक्रिया, ट्रैफिक-मैनेजमेंट और इंटर-एजेंसी समन्वय से लेकर रीयल-टाइम शामिल थी। इस प्रणाली में 2,750 से अधिक एआई समर्थित कैमरे, चार ऑपरेशनल आईसीसीसी यूनिट्स, 400 से अधिक कार्मिक, 1920 कॉल-सेंटर (हर शिफ्ट में 50 ऑपरेटर), जैम-प्रूफ वायरलेस ग्रिड, ANPR-आधारित वाहन मॉनिटरिंग, VMD डिस्प्ले, और श्रद्धालुओं की सहायता हेतु 11 भाषाओं वाला AI चैटबॉट “Kumbh Sah’AI’yak” जैसे घटक शामिल रहे। यही वह “सिंगल-पॉइंट कमांड” था जहाँ से QRT डिस्पैच, ग्रीन-चैनल एक्टिवेशन, रेलवे-बस-स्टैंड इनफ्लो अलर्ट, और बहु-विभागीय सूचना-हैंडओवर ज़ीरो-डिले लक्ष्य के साथ चलाया गया। जमीन पर भीड़ और ऑनलाइन “डिजिटल हमला”: 60 लाख से अधिक साइबर अटैक महाकुम्भ-25 जितना भौतिक-रूप से बड़ा था, उतना ही “डिजिटल-फुटप्रिंट” बड़ा स्वरूप था। इसी डिजिटल निर्भरता ने इसे साइबर हमलावरों के लिए हाई-वैल्यू लक्ष्य बनाया। 45-दिवसीय आयोजन के दौरान 60 लाख से अधिक malicious/ संदिग्ध साइबर हमले रोके गए, जिनके IP 25+ देशों से ट्रेस हुए; हमलों में DDoS, ransomware-टाइप गतिविधियां, DNS poisoning, SQL injection, spoofing, brute force, web-app attacks आदि शामिल बताए गए। यह सफलता केंद्रीय एजेंसियों के समय पर अलर्ट और राज्य पुलिस/सिस्टम-इंटीग्रेटर्स की त्वरित कार्रवाई से संभव हुई। साथ ही आईआईटी कानपुर और ट्रिपलआईटी प्रयागराज की तकनीकी टीमों ने साइबर-सिक्योरिटी असेसमेंट व ऑन-ग्राउंड सपोर्ट में भूमिका निभाई। STQC (MeitY) के माध्यम से डिजिटल-इन्फ्रास्ट्रक्चर के टेस्टिंग/क्वालिटी-चेक का भी उल्लेखनीय योगदान रहा है। डिजिटल कुम्भ के साथ डिजिटल सेफ्टी को किया गया सुनिश्चित आईपीएस भानु भास्कर ने बताया कि महाकुम्भ की टेक-तैनाती में 56 “साइबर वॉरियर्स” द्वारा सक्रिय मॉनिटरिंग ने “डिजिटल कुम्भ” के साथ-साथ “डिजिटल सेफ्टी” को भी सुनिश्चित किया। महत्वपूर्ण बात यह रही कि साइबर-डिफेंस को केवल “आईटी-इश्यू” नहीं माना गया, बल्कि इसे भीड़-प्रबंधन, इमरजेंसी-रिस्पॉन्स और पब्लिक-ट्रस्ट से सीधे जोड़कर देखा गया क्योंकि एक भी सफल defacement/DoS/हैकिंग घटना गलत सूचना, अफरा-तफरी और ऑपरेशनल बाधा पैदा कर सकती थी। इंटर-एजेंसी कॉर्डिनेशन: एक प्लेटफॉर्म, अनेक विभाग आईसीसीसी मॉडल की ताकत “टेक्नोलॉजी” से भी ज्यादा उसकी इंटर-एजेंसी सिंक्रोनाइज़ेशन क्षमता रही। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, आपदा-प्रबंधन, ट्रैफिक, नगर-सेवाएँ, रेलवे-समन्वय तथा तकनीकी/शैक्षणिक संस्थानों का सहयोग भी अहम है। साइबर-सुरक्षा के लिए भी यही सहयोग-आर्किटेक्चर अपनाया गया। CERT-In की सरकारी इकाइयों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप CISO-फंक्शन, समर्पित साइबर-टीम और रिपोर्टिंग/रेस्पॉन्स-मैकेनिज़्म जैसी सर्वोत्तम प्रथाओं की दिशा में समन्वय की सोच दिखाई देती है। साइबर हमलों से निपटने को देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों को सहयोग लिया गया आई जी प्रेम गौतम ( तत्कालीन आईजी रेंज प्रयागराज) द्वारा डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर की संभावित कमजोरियों एवं साईबर हमलों से निपटने के लिए देश के कई  प्रतिष्ठित संस्थानों/केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग प्राप्त किया गया जो अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। फील्ड-स्तर पर जहां 60,000+ प्रशिक्षित कर्मियों की विशाल तैनाती रही, वहीं आईसीसीसी  में “मानव-मशीन” साझेदारी ने ऑपरेशंस को गति और सटीकता दी। महाकुम्भ आईसीसीसी का पर्यवेक्षण भानु भास्कर (पूर्व ADG Prayagraj Zone) ने किया, जिन्हें वरिष्ठ अधिकारियों/टीम ( तरुण गाबा, पुलिस आयुक्त प्रयागराज, प्रेम गौतम आईजी रेंज प्रयागराज, डीआईजी महाकुम्भ वैभव कृष्ण ) का सहयोग मिला।  “ऑफिसर-इन-चार्ज” के रूप में Amit Kumar, IPS ने ऑपरेशनल कमांड व टेक्नोलॉजी-ह्यूमन इंटीग्रेशन की जिम्मेदारी निभाई। SKOCH Gold Award 2025 महाकुम्भ-25 के आईसीसीसी मॉडल को 105th SKOCH Summit में SKOCH Gold Award 2025 से सम्मानित किया गया। Skoch समिति द्वारा तत्कालीन एडीजी जोन प्रयागराज भानु भास्कर को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया जिसे तत्कालीन एसपी आईसीसीसी अमित कुमार द्वारा ग्रहण किया गया। यह अवॉर्ड यूपी पुलिस की टेक-ड्रिवन, नागरिक-केंद्रित पहलों को राष्ट्रीय मान्यता देता है जिसमें आईसीसीसी को “24×7 nerve centre” के रूप में रेखांकित किया गया।

मुख्यमंत्री साय बोले – विकास की रफ्तार बढ़ी, युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुण्डरदेही में 233 करोड़ रुपये की लागत से 103 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें ₹163.88 करोड़ के 61 कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹69.82 करोड़ के 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुण्डरदेही में एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए ₹1 करोड़ तथा प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों हेतु ₹1 करोड़ की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास किया गया है, वे सिर्फ इमारतें नहीं, बल्कि अवसरों के नए द्वार हैं। उन्होंने कहा कि ₹1 करोड़ की लागत से बनने वाले व्यावसायिक परिसर से युवाओं को स्वरोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं सड़क, पुल एवं अधोसंरचना के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, तेंदूपत्ता संग्राहकों को उच्चतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, और चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ कर आदिवासी श्रमिकों को राहत पहुंचाई जा रही है। वनोपज के मूल्य संवर्धन से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना से आमजन को देश की संस्कृति और विरासत से जोड़ा जा रहा है। वहीं प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति लौट रही है और बस्तर अंचल में विकास की नई रोशनी फैल रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी रजत जयंती मना रहा है और इस अवसर पर रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की एक विशेष सौगात है, जहां आदिवासी नायकों की गौरवगाथा सहेजी गई है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बस्तर, जो कभी लाल आतंक के लिए जाना जाता था, अब शांति, प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ रहा है और इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय का स्थानीय व्यापारियों द्वारा लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए।कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने स्वागत उद्बोधन में नगर की विकास आवश्यकताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

आयुक्त श्री भोंडवे ने मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में अनियमितता पर की कड़ी कार्यवाही

3 उपयंत्रियों सहित 6 अधिकारियों/कर्मचारियों की रोकी गई की वेतनवृद्धियां भोपाल नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने नगर परिषद सोनकच्छ में मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में अनियमितता पाये जाने पर 3 उपयंत्रियों सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कर वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश दिये हैं। आयुक्त श्री भोंडवे के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के अंतर्गत पाईपलाइन के कार्य में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत को सही पाये जाने पर उपयंत्री श्रीमती शिवानी गर्ग और श्री ओमप्रकाश द्विवेदी की 3 वेतनवृद्धियां साथ ही उपयंत्री श्री शशांक शाह की 2 वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकी गई है। इसके अतिरिक्त तत्कालीन सीएमओ श्री सी.एल. कैथल की एक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से तथा श्री मोहम्मद अशफाक खान एवं श्री रवि भट्ट की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई है। आयुक्त श्री भोंडवे ने कहा कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का यह कृत्य घोर लापरवाही, उदासीनता एवं शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर उपेक्षा का परिचायक है। इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।  

झारखंड में सरकारी कंबल चोरी करते BDO की गाड़ी ग्रामीणों ने रोकी

हरिहरगंज/पलामू. पिपरा प्रखंड में कंबल वितरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बीडीओ व कर्मचारियों पर कंबल चोरी करने का आरोप लगाया और उनकी गाड़ी को सड़क पर रोक दिया। यह हंगामा छतरपुर थाना क्षेत्र के दीनादाग मोड़ के पास एनएच 98 पर हुआ। इससे, काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। जाकारी के अनुसार, पिपरा के बीडीओ अपनी सरकारी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीडीओ सरकारी कंबल चोरी कर बाहर ले जा रहे हैं। इसी दौरान प्रखंड में तैनात एक अन्य कर्मचारी की मोटरसाइकिल को भी रोका गया। इसके पास दो कंबल पाए गए। बीडीओ की गाड़ी से 10 कंबल मिला। आक्रोशित कई ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ की गाड़ी की चाबी छीन ली। स्थिति बिगड़ती देख छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर हस्ताक्षेप कर मामले को शांत कराया। पुलिस के समझाने के बाद बीडीओ की गाड़ी की चाबी वापस कर दी गई। छुट्टी के दिन कंबल ले जाने पर उठे सवाल पिपरा के प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव ने कहा कि बीडीओ पहले भी 10 कंबल लेकर जा चुके थे। जरूरतमंद लगातार कंबल की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छुट्टी के दिन बीडीओ कंबल लेकर प्रखंड क्षेत्र से बाहर जा रहे थे, जो संदेहास्पद है। कंबल वितरण के लिए था तो प्रखंड क्षेत्र में ही गाड़ी रोकी जा सकती थी। जानबूझकर छतरपुर क्षेत्र में ले जाकर उन्हें कंबल बाहर ले जाने की कोशिश की गई। बीडीओ ने आरोपों को किया खारिज इस मामले में पिपरा के बीडीओ विनय कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रखंड को कुल 800 कंबल उपलब्ध कराए गए थे। इनमें से करीब 700 का वितरण पहले हो चुका है। उनकी गाड़ी में हर समय कुछ कंबल रहते हैं, ताकि जरूरतमंदों को तुरंत दिया जा सके। छुट्टी के दिन वह बस पकड़ने के लिए छतरपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी को रोक दिया गया। चाबी छीन ली गई। पूरे मामले के कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।

राजस्थान में भीषण शीतलहर के बीच 13 जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं

जयपुर. राजस्थान में जारी भीषण शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं और कहीं-कहीं स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। छात्रों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 12 और 13 जनवरी के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान के 11 जिलों में शीतलहर को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 14–15 जनवरी के बाद ही ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। जिलावार स्कूलों को लेकर आदेश जयपुर में कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों में 12 और 13 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल 14 जनवरी से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। नागौर में कक्षा 5 तक के स्कूल 12 और 13 जनवरी को बंद रहेंगे। दौसा में कक्षा 8 तक के सभी छात्रों के लिए 12 जनवरी से अवकाश घोषित किया गया है। सीकर में कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल बंद किए गए हैं। जालोर में कक्षा 5 तक के स्कूल 12 से 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। झुंझुनूं में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों की छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। झालावाड़/जूनागढ़ में कक्षा 5 तक के स्कूल 12 और 13 जनवरी को बंद रहेंगे। डूंगरपुर में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, हनुमानगढ़ में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में सोमवार को अवकाश रहेगा, जबकि मंगलवार को लोहड़ी का अवकाश रहेगा। स्कूल 14 जनवरी से खुलेंगे। अजमेर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल अगले आदेश तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। चूरू में कक्षा 8 तक के स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। जोधपुर संभाग में सभी स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलाए जाएंगे। बच्चों को लेकर प्रशासन की अपील लगातार पड़ रही ठंड और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें और जिला स्तर पर जारी होने वाले निर्देशों पर नजर बनाए रखें। राज्य में ठंड का प्रकोप फिलहाल जारी रहने की संभावना है, ऐसे में आने वाले दिनों में स्कूलों को लेकर और भी आदेश जारी किए जा सकते हैं।