samacharsecretary.com

शहीदी सभा के लिए फतेहगढ़ साहिब पूरी तरह तैयार, सुरक्षा–स्वास्थ्य–यातायात के व्यापक इंतजाम

फतेहगढ़  मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के अवसर पर छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की महान कुर्बानी को नमन करने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंध की जानकारी दी. सीएम मान ने बताया कि यहां संगत के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, आवागमन, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सारे इंतजाम व्यापक स्तर पर किए गए हैं. सरकार की कोशिश है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई कठिनाई न आए. यहां दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं. पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि संगत की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं. उन्होंने बताया कि 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं जहां विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों और डिस्पेंसरियों के लिए दवाइयां तथा अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है. मुख्यमंत्री ने दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की महान कुर्बानी के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि छोटे साहिबजादों ने अंतर्मन की आवाज के अनुसार धर्म अपनाने के मानवीय अधिकार की रक्षा के लिए दी गई अनुपम कुर्बानी मानव इतिहास में अनूठी घटना है. सिख इतिहास में इस कुर्बानी को छोटी जिंदगियों के बड़े साके के नाम से याद किया जाता है. इस साके को हुए भले ही तीन शताब्दियों से अधिक समय बीत गया हो, लेकिन समूचे सिख जगत द्वारा इसकी पीड़ा आज भी बड़ी तीव्रता से महसूस की जा रही है. शहर-शहर इंटर सिटी शटल बस सेवा मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहर में संगत के आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने हेतु इंटर सिटी शटल बस सेवा शुरू की जाएगी और शहीदी सभा के दौरान 200 शटल बसें तथा 100 ई-रिक्शा संगत के लिए तैनात होंगे. भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये बसें और ई-रिक्शा बाहर से आने वाली संगतों को पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब और अन्य स्थानों तक ले जाएंगे. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस बार गूगल कंपनी की सेवाएं भी प्राप्त की जा रही हैं जो फतेहगढ़ साहिब आने वाली सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी देगी ताकि किसी सड़क पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक प्रबंध किए जा सकें. उन्होंने बताया कि वाहनों के ठहराव के लिए पांच बड़ी पार्किंग और 16 छोटी पार्किंग बनाई गई हैं. ड्रोन कैमरे गिद्ध की तरह नजर रखेंगे मुख्यमंत्री ने बताया कि 3300 से अधिक पुलिस जवान संगतों की सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है. संगत की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 भी जारी किया गया है. शहर की प्रमुख जगहों पर 300 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जा रहे हैं. शहर पर ड्रोन गिद्ध की तरह नजर रखेंगे. मोबाइल सेवाओं को सुचारू रखने के लिए मोबाइल कंपनियों द्वारा अस्थायी तौर पर टावर स्थापित किए जा रहे हैं. 60 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड गाड़ियां तैनात होंगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की सफाई का काम सबसे महत्वपूर्ण होता है जिसके लिए विभिन्न जिलों से मशीनरी मंगवाकर सफाई करवाई जा रही है. उन्होंने बताया कि सफाई के लिए वॉलंटियरों की टीमें तैनात होंगी जो शिफ्टों में दिन-रात ड्यूटी निभाएंगी ताकि शहर की पवित्रता बनाए रखी जा सके. शहीदी सभा के दौरान फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. यदि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगत की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की मांग की जाती है तो सरकार शिरोमणि कमेटी को पूरा सहयोग देगी.  

किसानों से खिलवाड़ नहीं चलेगा: नकली खाद बेचने वालों पर NSA की कार्रवाई के निर्देश — CM योगी

  लखनऊ    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मिलावटी अथवा नकली खाद बेचने वालों और खाद की कालाबाजारी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे तत्वों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान को यदि खाद को लेकर कोई भी समस्या हुई तो जवाबदेही तय होगी और दोषी चाहे किसी भी स्तर का हो, कार्रवाई से नहीं बचेगा. मंगलवार को कृषि मंत्री और सहकारिता मंत्री की उपस्थिति में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खाद की समुचित उपलब्धता और सुचारू वितरण को लेकर सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सहकारिता और कृषि मंत्री प्रतिदिन खाद की उपलब्धता और वितरण की स्थिति की समीक्षा करें. मुख्यमंत्री कार्यालय से हर जिले पर सीधी निगरानी रखी जाएगी और खाद वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी. 'गड़बड़ी पाई गई तो तत्काल जवाबदेही तय होगी' मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी स्वयं खाद की दुकानों और समितियों पर औचक निरीक्षण करें. ओवर रेटिंग किसी भी दशा में न हो और खाद समितियां निर्धारित अवधि के अनुसार अनिवार्य रूप से खुली रहें. डीएपी, यूरिया और पोटाश किसानों को केवल तय सरकारी दरों पर ही उपलब्ध कराई जाए. जहां भी गड़बड़ी पाई जाए, वहां तत्काल जवाबदेही तय की जाए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फील्ड में तैनात अधिकारियों की गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जाएगी. यदि किसी स्तर पर मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है तो खुली विजिलेंस जांच कराई जाएगी. उनका स्पष्ट संदेश था कि खाद संकट पैदा करने या कृत्रिम अभाव दिखाने की कोशिश करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है. प्रदेश में कितनी यूरिया उपलब्ध? बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में 16 दिसंबर 2025 तक कुल 9.57 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 3.77 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 3.67 लाख मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक किसानों के लिए उपलब्ध है. सहकारी क्षेत्र में 3.79 लाख मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 5.78 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है. डीएपी में सहकारी क्षेत्र में 1.47 लाख मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 2.30 लाख मीट्रिक टन तथा एनपीके में सहकारी क्षेत्र में 0.88 लाख मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 2.79 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्धता बताई गई. 'किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े' मुख्यमंत्री को यह भी बताया गया कि रबी फसलों की बुवाई लगभग पूर्ण हो चुकी है और गेहूं की फसल में टॉप ड्रेसिंग के लिए यूरिया का वितरण किया जा रहा है. गत वर्ष की तुलना में इस अवधि में यूरिया की बिक्री अधिक रही है और वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 54,249 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण हो रहा है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्धता के बावजूद किसी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े, यही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

सुपर सीएम से जेल तक!: 4364 करोड़ के घोटाले में सौम्या चौरसिया की 5वीं गिरफ्तारी

रायपुर  पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव और निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी सौम्या चौरसिया को ईडी ने 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फिर गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी ईडी ने उन्हें 2 दिसंबर 2022 को इसी मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह 822 दिन जेल में रहीं और 3 मार्च को जमानत पर रिहा हुईं। जमानत पर बाहर रहने के करीब 9 महीने बाद, मंगलवार को ईडी ने उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें दोबारा रायपुर केंद्रीय जेल भेजा जाएगा। इस तरह सौम्या पर कुल 4364 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने का आरोप है। पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी एजेंसी का दावा है कि रिटायर आईएएस अनिल टुटेजा, कारोबारी अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल, मनीष उपाध्याय और जयचंद कोसले की चैट रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर सौम्या को गिरफ्तार किया गया है। पिछली सरकार के दौरान पावरफुल अधिकारियों के आधा दर्जन व्हाट्सएप ग्रुप थे, जिनमें 'बिग बॉस', 'जय मां काली ग्रुप', 'पाल ग्रुप', 'डिस्कशन ग्रुप', 'जुगनू ग्रुप', 'अवतार' और 'मंथली ग्रुप' शामिल हैं। 'मंथली ग्रुप' में पैसों के लेन-देन का जिक्र मिलता है। इन्हीं ग्रुप्स में मिले चैट के आधार पर सौम्या के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से जब्त डायरी में भी कोडवर्ड में इन लेन-देन का उल्लेख मिला है। 4364 करोड़ के कुल घोटाले का आरोप सौम्या पर कुल 4364 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने का आरोप है। इसमें 500 करोड़ रुपये के अवैध कोल लेवी केस में ईडी की गिरफ्तारी, 540 करोड़ रुपये के कोल लेवी केस में ईओडब्ल्यू की गिरफ्तारी, 575 करोड़ रुपये के डीएमएफ घोटाला में ईओडब्ल्यू की गिरफ्तारी, और 49 करोड़ रुपये के आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओडब्ल्यू की गिरफ्तारी शामिल है। अब 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में ईडी ने उन्हें फिर से गिरफ्तार किया है। 3200 करोड़ का है घोटाला छत्तीसगढ़ शराब घोटाला भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान सामने आया था। इस घोटाले में ईडी कई बड़े अधिकारियों और नेताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे भी शराब घोटाले के मामले में जेल में हैं। ईडी का दावा है कि कांग्रेस सरकार में नियमों से छेड़छाड़ कर करीब 3200 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया था। सौम्या चौरसिया भूपेश बघेल की करीबी सौम्या चौरसिया 2008 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं। सौम्या चौरसिया का जन्म दुर्ग जिले के भिलाई में हुआ है। सौम्या चौरसिया, पेंड्रा, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और पाटन में एसडीएम रही हैं। भूपेश बघेल पाटन विधानसभा सीट से विधायक हैं। ऐसा कहा जाता है कि जब सौम्या चौरसिया पाटन की एसडीएम रहीं उस दौरान उनकी वर्किंग स्टाइल की चर्चा होती थी। भूपेश बघेल भी उनके वर्किंग स्टाइल से प्रभावित हुए थे। सीएमओ में थी बड़ी जिम्मेदारी सौम्या चौरसिया 2016 रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त थीं। छत्तीसगढ़ में 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी और भूपेश बघेल राज्य के सीएम। भूपेश बघेल के सीएम बनने के बाद सौम्या चौरसिया मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ हुईं थी। उन्हें सीएमओ में उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। सौम्या चौरसिया का नाम कोल लेवी घोटाले में भी जुड़ा है। कोयला घोटाले में भी सौम्या चौरसिया जेल जा चुकी हैं। कौन हैं सौम्या चौरसिया? जांच एजेंसी का दावा है कि सौम्या 2008 बैच की डिप्टी कलेक्टर हैं। उनकी 17 साल की सेवा अवधि में शासन से उन्हें 89.19 लाख रुपये का वेतन मिला है, जबकि परिवार की कुल आय 2.51 करोड़ रुपये है। इसके बावजूद, उन्होंने 49.69 करोड़ रुपये की 45 बेनामी संपत्तियां खरीदीं, जो उनकी आय से 1872 प्रतिशत अधिक है। ईओडब्ल्यू ने सौम्या की 39 करोड़ रुपये की 29 संपत्तियां अटैच की हैं, जबकि ईडी ने 8 करोड़ रुपये की 16 अचल संपत्तियां अटैच की हैं। एफडी और निवेश भी मिले रिश्तेदारों की भी 8 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अटैच हुई है। सौम्या, शांति देवी और ओम नारायण के नाम से इंडियन बैंक रायपुर में कुल 8.60 लाख रुपये की एफडी है। सौम्या और सौरभ के नाम पर डीएसपी म्युचुअल फंड और एचएसबीसी म्युचुअल फंड में कुल 57,308 रुपये का निवेश है। अनुराग चौरसिया ने निपोन इंडिया में 2,25,830 रुपये का निवेश किया है।

भोपाल में डॉ. बत्रा हेल्थकेयर का होम्योपैथिक और अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य क्लिनिक पुनः खुला

भोपाल विश्व स्तर पर होम्योपैथिक क्लीनिकों के सबसे बड़े नेटवर्क के साथ भारत की अग्रणी कंपनी डॉ. बत्रा हेल्थकेयर ने भोपाल में अपने अत्याधुनिक क्लिनिक के पुनः शुभारंभ की घोषणा की है। यह क्लिनिक 100 से अधिक तीव्र और दीर्घकालिक बीमारियों के लिए साक्ष्य-आधारित होम्योपैथी उपचार के साथ-साथ सुरक्षित, गैर-आक्रामक और दुष्प्रभाव-रहित उन्नत अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाल और त्वचा सौंदर्य उपचार प्रदान करेगा। सभी उपचार प्रक्रियाएं और प्रोटोकॉल वैश्विक चिकित्सा मानकों के अनुरूप हैं। उद्घाटन समारोह में मंत्री सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन विश्वास सारंग और होम्योपैथिक कॉस्मेटोलॉजी एवं एस्थेटिक्स में फेलोशिप प्राप्त तथा डॉ. बत्राज® हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक डॉ. अक्षय बत्रा उपस्थित थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, होम्योपैथी विश्व स्तर पर चिकित्सा की दूसरी सबसे बड़ी प्रणाली है, और भारत में 10 करोड़ से अधिक लोग अपने स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी जरूरतों के लिए इस पर निर्भर हैं। वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचारों से समर्थित डॉ. बत्राज® नाम होम्योपैथी का पर्याय है। पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा द्वारा 1982 में एक रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा संस्थान के रूप में स्थापित, डॉ. बत्राज® हेल्थकेयर ने 91% की सफलता दर के साथ 15 लाख से अधिक रोगियों का सफलतापूर्वक इलाज किया है, जैसा कि अमेरिकी गुणवत्ता मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा प्रमाणित किया गया है। भोपाल क्लिनिक व्यक्तिगत, सुरक्षित और प्रभावी देखभाल के प्रति ब्रांड की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।   डॉ. बत्रा भोपाल क्लिनिक विज्ञान-समर्थित उपचार प्रदान करेगा जो न केवल समस्या के मूल कारण का इलाज करते हैं बल्कि होम्योपैथी को उन्नत बाल और त्वचा सौंदर्य उपचारों के साथ मिलाकर तेजी से परिणाम भी देते हैं। इस पुनः लॉन्च के अवसर पर, डॉ. बत्राज® ने अपना नया डॉ. बत्राज® ज़ोडर्मा भी प्रदर्शित किया, नुकसान रहित, सुरक्षित और दुष्प्रभाव-मुक्त त्वचा सौंदर्य उपचार है, यह अपनी तरह का पहला त्वचा कायाकल्प उपचार है जो हाइपरपिग्मेंटेशन, बढ़ती उम्र के धब्बे, महीन रेखाएं आदि जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए होम्योपैथी और एक्सोसोम को संयोजित करता है। इस अभिनव उपचार से, मरीज़ मात्र 3 सत्रों में ही स्पष्ट परिणाम देख सकते हैं। बाल गिरने/झड़ने जैसी समस्याओं के लिए, डॉ. बत्राज® XOGEN एडवांस पेश करते हैं, जो भारत का पहला केश पुनर्जनन उपचार है और 10 बिलियन एक्सोसोम से युक्त है। यह उन्नत अंतरराष्ट्रीय उपचार एक शक्तिशाली एक्सोसोम-आधारित फॉर्मूलेशन का उपयोग करता है जो निष्क्रिय बालों के रोमों को सक्रिय करता है और जड़ों से बालों के पुनर्जनन को सक्षम बनाता है। यह अत्यधिक लक्षित उपचार पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए उपयुक्त है और आनुवंशिक बाल झड़ने की समस्या का समाधान करने वाले उपलब्ध कुछ उपचारों में से एक है। 95%+ सफलता दर के साथ, रोगियों ने मात्र 4 सत्रों में ही स्पष्ट परिणाम देखे हैं। डॉ. बत्रा विभिन्न त्वचा संबंधी समस्याओं जैसे सोरायसिस, विटिलिगो, एक्जिमा आदि के लिए अत्यधिक व्यक्तिगत और प्रभावी होम्योपैथिक उपचार भी प्रदान करता है। डॉ. बत्राज® हेल्थकेयर न्यूयू रेंज के त्वचा सौंदर्य उपचारों में त्वचा  का कसाव, चमक, साफ करना, कायाकल्प करना और लेजर हेयर रिमूवल शामिल हैं। ये सभी उपचार पूरी तरह से सुरक्षित, नुकसान रहित और बिना किसी दुष्प्रभाव के हैं। डॉ. बत्राज® ऑक्सीलंग (श्वसन संबंधी समस्याओं के लिए), एलर्जोन (एलर्जी के लिए), बीफिट शुगरकंट्रोल (मधुमेह प्रबंधन के लिए), बीफिट वेट कंट्रोल (वजन घटाने के लिए), माइंडफिट (तनाव, चिंता और अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए) और पीसीओएस प्रबंधन कार्यक्रम जैसे अनुकूलित उपचार भी प्रदान करते हैं। क्लिनिक के पुनः शुभारंभ के अवसर पर मंत्री सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन   विश्वास सारंग ने कहा, “इस पुनः शुभारंभ का हिस्सा बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। मैं डॉ. बत्राज® की टीम को भारत और विश्वभर में होम्योपैथिक उपचारों का अगुआ बनने और निरंतर तकनीकी प्रगति के साथ इसे और अधिक सशक्त बनाने के लिए बधाई देता हूं। मैं डॉ. बत्राज® के ' हीलिंग पीपुल, चेंजिंग लाइफ (लोगों का स्वास्थ्य सुधारना, जीवन बदलना)' के दृष्टिकोण से भी प्रभावित हूं, जो सभी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा विकल्प उपलब्ध कराता है। मुझे पूरा विश्वास है कि डॉ. बत्राज® की विशेषज्ञता और रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण से भोपाल के लोगों को अत्यधिक लाभ होगा और उन्हें उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त होंगे।” होम्योपैथिक कॉस्मेटोलॉजी और एस्थेटिक्स में फेलोशिप प्राप्त  और डॉ. बत्रा हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक डॉ. अक्षय बत्रा ने कहा, “हमें भोपाल में अपने क्लिनिक के पुनः शुभारंभ की घोषणा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह भारत भर में अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षित, प्रभावी और विश्व स्तरीय होम्योपैथिक देखभाल पहुँचाने के हमारे मिशन को और मजबूत करता है। डेढ़ दशक से अधिक समय से इस शहर की सेवा करते हुए, हम इस क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसी ही एक समस्या मध्य प्रदेश में वेक्टर जनित रोगों का बढ़ता प्रकोप है। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अध्ययन के अनुसार, चिकनगुनिया के मामले 2024 में 3% से बढ़कर 2025 में 6% हो गए हैं। राज्य में भारत भर में दर्ज किए गए कुल डेंगू मामलों में 2% से अधिक का योगदान भी है। डॉ. बत्राज® में, हम होम्योपैथी के सर्वोत्तम तरीकों को अत्याधुनिक वैश्विक सौंदर्य तकनीकों के साथ एकीकृत करने के लिए निरंतर नवाचार कर रहे हैं। यह क्लिनिक न केवल भोपाल के रोगियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करेगा, बल्कि उन्हें बालों और त्वचा के लिए समग्र और दुष्प्रभाव-मुक्त उन्नत समाधान भी प्रदान करेगा।” डॉ. बत्राज® भोपाल क्लिनिक स्थित है: 11, अलंकार कॉम्प्लेक्स, दूसरी मंजिल, जोन-II, महाराणा प्रताप नगर, भोपाल, मध्य प्रदेश 462011।

नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की जानकारी अब ‘प्रेक्षा ऐप’ से देंगे प्रेक्षक

प्रेक्षक प्रेक्षा ऐप से देंगे नगरीय निकाय और पंचायत निर्वाचन संबंधी जानकारी भोपाल राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन के लिये नियुक्त प्रेक्षकों की सुविधा के लिये 'प्रेक्षा' ऐप बनाया गया है। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री दीपक सिंह ने जानकारी दी है कि इस मोबाइल ऐप में प्रेक्षकों को प्रतिवेदन भेजने, नियमों एवं निर्देशों को पढ़ने एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं के प्रशिक्षण संबधी जानकारी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस ऐप को और अधिक उपयोगी बनाने के लिये प्रेक्षकों से सुझाव भी मांगे गये हैं। मोबाइल ऐप में प्रेक्षकों द्वारा भेजी जाने वाली जानकारी का प्रारूप उपलब्ध है। इसमें से अधिकांश जानकारी हाँ/नहीं के रूप में दी जा सकेगी। कुछ बिन्दुओं में संक्षिप्त टीप लिखनी है। यह जानकारी एक क्लिक से राज्य निर्वाचन आयोग भेजी जा सकेगी।  

तेजस्वी यादव पर BJP का पोस्टर अटैक: लापता की तलाश लिखकर साधा निशाना

पटना बिहार बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष पर जोरदार निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर बीजेपी ने पोस्टर जारी कर तेजस्वी यादव को लापता बताया है। "लापता की तलाश! नाम- तेजस्वी यादव, पहचान- 9वीं फेल…", सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए बिहार बीजेपी ने लिखा कि लापता का तलाश! नाम- तेजस्वी यादव, पहचान- 9वीं फेल, आखिरी बार कब देखा- मीडिया से मुंह छिपाकर भागते हुए। लापता की तलाश! नाम: तेजस्वी यादव पहचान: 9वीं फेल pic.twitter.com/wNb41hnwOZ      बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दो दिन ही सदन की कार्यवाही में शामिल रहे और विपक्ष के नेता चुने जाने के बावजूद सेशन की बाकी कार्यवाही में मौजूद नहीं रहे। 1-2 दिसंबर को सदन में हाज़िर रहने के बाद 3 दिसंबर से तेजस्वी यादव से गायब है। उनकी अचानक अनुपस्थिति बिहार की सियायत में चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, इसके कुछ ही समय बाद परिवार संग उनके विदेश यात्रा पर जाने की खबर सामने आई, वहीं विरोधी दलों के नेताओं द्वारा उन पर जमकर निशाना साधा है। बिहार विधानसभा चुनाव में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल सिर्फ 25 सीटों ही कब्जा कर पाई। वहीं हार के बाद तेजस्वी यादव ने कोई बयान दिया। मीडिया से दूरी बनाकर रखी हुई। हालांकि अभी तक आरजेडी का इस पोस्ट पर कोई रिएक्शन नहीं आया।

राहत देने वाला हीटर बना जानलेवा, नानी और नाती की मौत से मचा हड़कंप

धनबाद झारखंड के धनबाद में हीटर ने 2 लोगों की जान ले ली है जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर का है। बताया जा रहा है कि एक महिला हीटर चलाकर कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान अचानक आग लग गई और आग ने विकराल रूप ले लिया। महिला और 15 दिन पहले नानी के घर आया उसका नाती आग की चपेट में आ गए जिससे दोनों की मौत हो गई। इतना ही नहीं आग की चपेट में आने से परिवार के ही छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इलाके में पसरा मातम कहा जा रहा है कि सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। सूचना मिलते ही पहुंची दमकल की गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।  

योगी मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव? UP में तीसरे डिप्टी सीएम को लेकर सियासी हलचल

नई दिल्ली  उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल चुका है। इसके बाद अब कैबिनेट विस्तार की अटकलें चल रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को जल्द नया उपमुख्यमंत्री मिल सकता है। इस पद के लिए पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जा सकता है। इस दौरान छह तक नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल योगी सरकार में 54 मंत्री हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 60 है।   मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस फेरबदल में कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। ऐसे दो से तीन नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को भी मंत्री बनाए जाने पर विचार चल रहा है। इसके अलावा वर्तमान यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के भी राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। समाजवादी पार्टी के बागी नेताओं में पूजा पाल, मनोज पांडेय और महेंद्र सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार में केवल बीजेपी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और अपना दल के नेताओं को भी प्रतिनिधित्व मिल सकता है। भूपेंद्र चौधरी फिर बनेंगे मंत्री? पंकज चौधरी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब सबकी निगाहें भूपेंद्र चौधरी पर है, जो कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक जाट नेता की तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वह प्रदेश अध्यक्ष से पहले योगी कैबिनेट में मंत्री भी थी। इस बात की संभावना है कि उन्हें फिर से मंत्री पद दिया जा सकता है। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "BJP के पूर्व अध्यक्ष को कैबिनेट में शामिल करना तय है, क्योंकि ऐसा करना पश्चिमी UP में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जाट समुदाय को भरोसा दिलाने के लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां चुनावी समीकरण बदलते रहते हैं।" आपको बता दें कि अगस्त 2022 में पार्टी संगठन में अध्यक्ष बनने से पहले, भूपेंद्र चौधरी सरकार में पंचायती राज मंत्री थे। नए नियुक्त BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी OBC समुदाय से आते हैं, इसलिए पार्टी सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार में एक अनुसूचित जाति (SC) नेता को महत्वपूर्ण पद पर लाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। सरकार में फिलहाल CM के बाद दो सबसे महत्वपूर्ण पद डिप्टी CM के एक पद पर OBC से केशव प्रसाद मौर्य और एक पद पर ब्राह्मण समुदाय के बृजेश पाठक हैं। ऐसी अटकलें हैं कि तीसरे डिप्टी CM की नियुक्ति की जा सकती है, जो इस बार SC समुदाय से होंगे।  

दुलारचंद हत्याकांड: कोर्ट का सख्त रुख, अनंत सिंह जेल में ही रहेंगे

पटना बिहार की राजधानी पटना स्थित एक विशेष सत्र अदालत ने बहुचर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में मंगलवार को विधायक अनंत सिंह की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष सत्र अदालत के न्यायाधीश धनंजय कुमार मिश्रा की अदालत में जमानत याचिका पर बहस करते हुए अनंत सिंह के अधिवक्ता सुनील कुमार ने अपने मुवक्किल को इस मामले में निर्दोष बताया और नियमित जमानत पर मुक्त किए जाने की प्रार्थना की थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने अनंत सिंह को नियमित जमानत पर मुक्त करने से इनकार कर दिया। इससे पहले 20 नवंबर 2025 को विशेष निचली अदालत ने विधायक सिंह की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद अनंत सिंह की ओर से सत्र अदालत में उपरोक्त नियमित जमानत याचिका दाखिल की गई थी। क्या है पूरा मामला? गौरतलब है कि पटना जिले के घोसवारी थाना क्षेत्र स्थित बसावनचक गांव में 30 अक्टूबर 2025 को एक राजनीतिक पार्टी के नेता दुलारचंद यादव की उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह विधानसभा चुनाव में प्रचार कर रहे थे। इस संबंध में मृतक के पौत्र नीरज कुमार ने गोसवारी थाना में प्राथमिकी संख्या -110/2025 दर्ज करवाई थी है। यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा 3(5) एवं शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में अनंत सिंह समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। 

महतारी वंदन योजना : बृजबाई कर रही है घर गृहस्थी के कार्यों में राशि का उपयोग

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल रायपुर, राज्य सरकार की फ्लैगशिप महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सकरी निवासी बृज बाई साहू ने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत उन्हें अब तक 22 किश्तों में कुल 22,000 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। इस राशि का उपयोग वे सब्जी-भाजी, राशन सहित अन्य घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में कर रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। बृज बाई साहू ने बताया कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा किया जा रहा यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा अब तक 22 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। हाल ही में 3 दिसंबर 2025 को मोहला-मानपुर जिले से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 22वीं किश्त की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की गई। बृजबाई ने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।