samacharsecretary.com

मोगा के मेयर बलजीत सिंह चानी ने अपने पद से दिया इस्तीफा

मोगा  मोगा के मेयर बलजीत सिंह चानी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब भर में चुने जाने वाले पहले मेयर थे। उनके कार्यकाल के दौरान उन पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगे थे, जिसके कारण लंबे समय तक राजनीतिक दबाव बना हुआ था। सूत्रों के अनुसार पार्टी की ओर से भी दबाव बना हुआ था। हालांकि इस्तीफे के कारणों के बारे में मेयर चानी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

टमाटर की बोरियों में छुपा रखी थी नशीली खेप, पुलिस ने खोले तो उड़ गए होश

जींद  पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला जींद में अवैध  गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे हैं विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 72 किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को काबू किया है।  थाना सदर जीन्द के प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि चौकी सीएसआरयू की टीम मुख्य हाईवे जीन्द–रोहतक रोड पर किनाना पुल के पास गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि ट्रक में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना को विश्वनीय मानते हुए पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर में उक्त ट्रक मौके पर पहुंचा जिसे पुलिस टीम ने घेरकर रोका। ट्रक में बैठे दो युवकों ने अपना नाम मनजीत वासी उचाना  व मनदीप उर्फ दीपा वासी गांव पाई  कैथल बताया। दोनों आरोपियों की नियमानुसार तलाशी ली गई, उनसे कोई पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन ट्रक की बाड़ी की जांच की गई तो टमाटरों के ऊपर 4 प्लास्टिक कट्टे रखे मिले।  कट्टों को नीचे उतारकर खोलने पर डोडा पोस्त बरामद हुआ। जिनका नियमानुसार वजन करने पर कुल वजन 72 किलो 50 ग्राम मिला। जिसको पुलिस ने कब्जे में लिया तथा आरोपियों मनजीत व मनदीप उर्फ दीपा के खिलाफ़ थाना सदर जींद में धारा 15(सी), 61, 85 एन डी पी  एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

BJP का पाकिस्तान पर हमला: राम मंदिर मुद्दे पर बयान को बताया दोहरापन, दिलाया ओसामा की याद

अयोध्या  अयोध्या में भव्य तरीके से किए गए राम मंदिर ध्वज रोहण कार्यक्रम को लेकर पाकिस्तान ने एक बयान जारी किया था। उसके इस बयान को लेकर विदेश मंत्रालय पहले ही उसकी आलोचना कर चुका है। अब भारतीय जनता पार्टी ने भी पाकिस्तान को उसके गिरेबान में झांकने का संकेत देते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर पाकिस्तान का बोलना ऐसा है मानो 'ओसामा बिन लादेन दुनिया को शांति का संदेश दे रहा हो।'   भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान जैसे देश को किसी को अल्पसंख्यकों और मानवाधिकारों पर भाषण नहीं देना चाहिए। वह जरा अपने रिकॉर्ड पर नजर डालें… सबसे मजेदार बात यह है कि वह यह सब 26/11 के दिन कह रहे हैं। ठीक उसी दिन जब उन्होंने सबसे घृणित आतंकवादी हमला किया था, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई थी।" अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पूनावाला ने कहा, "पाकिस्तान में आईएसआई और आर्मी का ढांचा कई समुदायों को प्रताड़ित करता है। इसलिए उन्हें दूसरे देशों को इस मामले में भाषण देने का कोई हक नहीं है।" क्या कहा था पाकिस्तान ने? अयोध्या में राम मंदिर के ऊपर पीएम मोदी के ध्वजारोहण करने के बाद पाकिस्तान की तरफ से एक बयान जारी किया गया था। इस बयान अयोध्या में हुए इस आयोजन को मुस्लिम विरासत को मिटाने का प्रयास और भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर दबाव का संकेत बताया था। विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब इस्लामाबाद की तरफ से जारी इस बयान पर विदेश मंत्रालय ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सीधे शब्दों में कहा कि पाकिस्तान को दूसरों को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, "हमने पाकिस्तान की टिप्पणियों को देखा है और हम उन्हें पूरी तरह से खारिज करते हैं। एक ऐसा देश जिसका इतिहास कट्टरता, दमन और अपने ही अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न से भरा हुआ हो, उसे दूसरों को नैतिक ज्ञान नहीं देना चाहिए। पखांडी बयान देने की बजाय पाकिस्तान को अपने अंदर झांकना चाहिए और अपने देश के मानवाधिकार रिकॉर्ड को देखना चाहिए।" इससे पहले भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पाकिस्तान के साथ-साथ विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भारत में इस्लामाफोबिया और हिंदुत्व पाकिस्तान की एक अलग राय है। लेकिन एक बात हमेशा हैरान करती है कि यह राय विपक्ष से मेल कैसे खाती है। खासतौर पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस से.. यह दोनों की भाषा मेल खाती है।  

सचिन पायलट बोले—SIR प्रक्रिया लोकतंत्र पर प्रहार, चुनाव आयोग की भूमिका पर तीखी टिप्पणी

जगदलपुर  कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने जगदलपुर प्रवास के दौरान SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर सीधा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में छेड़छाड़ देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर गंभीर प्रहार है. सचिन पायलट ने दावा किया कि जिस तरह बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लाखों वोटरों के नाम सूची से हटाए गए थे, उसी पैटर्न को अब छत्तीसगढ़ में लागू करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार सबूत और दस्तावेज प्रस्तुत कर रही है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट और ठोस कार्रवाई नज़र नहीं आ रही. चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर सवाल पायलट ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने जैसी गंभीर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है, लेकिन कई अहम सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग को इसमें स्पष्टता बरतनी चाहिए, क्योंकि यह मुद्दा सीधे-सीधे लोकतंत्र से जुड़ा है. बीजेपी पर भी साधा निशाना पत्रवार्ता में उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि घुसपैठ का मुद्दा केवल चुनाव के समय उठाया जाता है, जबकि 11 साल के शासन में केंद्र सरकार कितने लोगों को देश से बाहर कर सकी—इसका आंकड़ा देने से बचती है. “दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के वोटर सुरक्षित रहेंगे” पायलट ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर दलित, आदिवासी और ओबीसी वर्ग के मतदाताओं का नाम सूची से कटने नहीं देगी. उन्होंने कहा कि इन समुदायों की सुरक्षा और अधिकारों को किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा. नक्सल विरोधी अभियान पर भी बोले पायलट पत्रवार्ता के दौरान उन्होंने बस्तर में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने बस्तर में कई बड़े नेता खोए हैं और पार्टी हमेशा हिंसा के खिलाफ खड़ी रही है. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना ज़रूरी है और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. जगदलपुर में पायलट के इस बयान ने SIR प्रक्रिया को लेकर सियासत को और तेज कर दिया है. पूर्व विधायक गुलाब कमरो का कटा नाम : महंत नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बड़ा खुलासा किया कि भरतपुर के पूर्व विधायक गुलाब कमरो का नाम उनके ही पैतृक गांव की मतदाता सूची से हटा दिया गया है. महंत ने बताया कि कई बार खोजबीन के बाद उनका नाम रायगढ़ जिले के एक गांव की मतदाता सूची में पाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पूर्व विधायक तक चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया से प्रभावित हो सकते हैं, तो आम लोगों को कितनी परेशानी झेलनी पड़ रही होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.

मुजफ्फरपुर जाम से बेहाल: सड़क पर 14 किमी तक वाहनों की कतार, एंबुलेंस भी न निकल सकी

मुजफ्फरपुर मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार देर शाम लगा भीषण जाम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। दरभंगा एनएच 57 और मोतिहारी एनएच 27 फोरलेन पर अचानक शुरू हुआ जाम देर रात तक 12 से 14 किलोमीटर तक फैल गया। स्थिति यह रही कि मुजफ्फरपुर के मेडिकल ओवरब्रिज से लेकर कांटी थाना क्षेत्र के लालू मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और दोनों लेन पूरी तरह पैक हो गईं। देर शाम शुरू हुआ ये महाजाम रात 12 बजे तक जारी रहा। सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां घंटों रेंगती रहीं। हालात इतने खराब हो गए कि आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे का समय लग रहा था। जाम की भयावह स्थिति के बीच कहीं भी पुलिस की सक्रियता नहीं दिखी। अहियापुर और कांटी थाना की गश्ती गाड़ियां जाम देखकर पीछे लौट गईं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। महाजाम में आधा दर्जन एंबुलेंस, बारातियों की गाड़ियां और दर्जनों मरीजों के परिजन फंसे रहे। एम्बुलेंस में मौजूद मरीज गंभीर असुविधा झेलते रहे, जबकि शादी में शामिल होने जा रहे बाराती भी घंटों जाम में अटके रहे। जाम की शुरुआत कांटी थाना क्षेत्र के शनिचरा स्थान मोड़ से हुई, जहां शहर से लौटने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने पर अचानक गाड़ियां रुकनी शुरू हो गईं। इसके बाद धीरे-धीरे जाम गहराता गया। हालात और बिगड़ गए जब मेडिकल ओवरब्रिज और एनएच 57 मोड़ की ओर से दूसरी लेन में भी उल्टी दिशा से वाहन घुसने लगे। इससे शनिचरा स्थान से मेडिकल ओवरब्रिज तक दोनों लेन पूरी तरह ठप हो गईं। दोनों लेन जाम होने का असर आगे तक पड़ा और सदातपुर मोड़ से लेकर कांटी के लालू मोड़ और चांदनी चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगातार बढ़ता गया और देर रात तक लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना रहा।

बिहार में छह बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप लूटी, फायरिंग कर मौके से फरार

सारण उधर पटना में बिहार के पुलिस महानिदेशक माफिया राज को खत्म करने को लेकर बड़ा बयान दे रहे थे और इधर सीवान मैं हथियारबंद अपराधियों ने तकरीबन एक करोड़ की लूट की बड़ी घटना को दिनदहाड़े अंजाम दिया। एक ज्वेलरी शॉप में हुई इस लूट की घटना के दौरान 5-6 राउंड फायरिंग कर अपराधियों ने दहशत फैला दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह भारतीय जनता पार्टी के सम्राट चौधरी के पास पहली बार गृह विभाग आया है और अब इतनी बड़ी घटना के साथ अपराधियों ने अपने मनोबल का प्रमाण दिया है। नकाबपोश छह अपराधी ज्वेलरी शॉप में घुसे और दिनदहाड़े लूट के वारदात को अंजाम देकर निकल भी गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी बड़ी आसानी से दुकान में घुसे, लाखों रुपये के जेवरात और कैश लूट लिया और निकलते समय फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गोलियों की आवाज से पूरा बाजार दहशत में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। इलाके के व्यापारियों में प्रशासन के प्रति गुस्सा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री को खुली चुनौती, अविनाश गहलोत बोले- हर योजना में सुधार और कार्यान्वयन किया

जोधपुर राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को खुला चैलेंज दिया है। मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने किसी भी योजना को बंद नहीं किया है, बल्कि सभी योजनाओं में सुधार कर उन्हें नए सिरे से लागू किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारी सरकार के होते हैं, किसी के नहीं, और अब प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते भ्रष्टाचार पर पूरी तरह नियंत्रण है। अविनाश गहलोत आज जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निरंतर प्रयास से सभी विभागों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो रही है और आम नागरिक, गरीब और हितग्राही योजनाओं का लाभ समय पर पा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बच्चों की स्कॉलरशिप और अन्य फ्लैगशिप योजनाएं सही समय पर लाभार्थियों तक पहुंच रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा उनकी सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाने पर अविनाश गहलोत ने कहा कि एक भी योजना का नाम बताएं जिसे राजस्थान सरकार ने बंद किया हो। मंत्री ने बताया कि पेंशन में 15% की वृद्धि उनके सरकार ने की और कई योजनाओं में सुधार कर उन्हें जनता के लिए और अधिक प्रभावी बनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी लाभ के लिए घोषित योजनाओं का फायदा कांग्रेस को नहीं मिला और जनता ने समझदारी दिखाई। अविनाश गहलोत ने कहा कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर पूर्ण नियंत्रण है और किसी अधिकारी या विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अधिकारी प्रभावी मॉनिटरिंग के तहत काम कर रहे हैं और जनता को सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार ने किसी भी योजना को बंद नहीं किया है और अगर पूर्व मुख्यमंत्री या किसी कांग्रेस नेता को इस बात का विरोध है, तो वह खुले तौर पर एक भी योजना का नाम बताएं। उन्होंने यह चैलेंज दोहराया कि उनके नेतृत्व में सरकार सभी योजनाओं में सुधार कर उन्हें सुचारू रूप से लागू कर रही है।

राजस्थान भाजपा में बदलाव: नई कार्यकारिणी में शामिल हुए युवा और अनुभवी नेता

जयपुर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर भाजपा राजस्थान की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इस नई टीम में संगठनात्मक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, अनुभव और युवा ऊर्जा का समावेश किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर 9 नेताओं की नियुक्ति प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर इन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है—     सरदार सुरेन्द्रपाल सिंह टी.टी. (श्रीगंगानगर)     नाहरसिंह जोधा (पाली)     मुकेश दाधीच (झुंझुनू)     बिहारी लाल विश्नोई (बीकानेर)     छगन माहूर (कोटा)     हकरू माईडा (बांसवाड़ा)     डॉ. ज्योति मिर्धा (नागौर)     अल्का मुन्दड़ा (उदयपुर)     सरिता गेना (अजमेर) चार महामंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी महामंत्री पद पर निम्न नियुक्तियां की गईं—     श्रवण सिंह बगड़ी (सीकर)     कैलाश मेघवाल (हनुमानगढ़)     भूपेन्द्र सैनी (दौसा)     मिथिलेश गौतम (अजमेर) मंत्री पद पर 7 नेताओं की तैनाती मंत्रियों की नई सूची में शामिल—     नारायण मीणा (जयपुर)     अजीत मांडन (जयपुर)     अपूर्वा सिंह (बीकानेर)     आईदान सिंह भाटी (जैसलमेर)     एकता अग्रवाल (जयपुर)     नारायण पुरोहित (सिरोही)     सीताराम पोसवाल ‘गुर्जर’ (सवाई माधोपुर) कोषाध्यक्ष व अन्य संगठनात्मक पद     कोषाध्यक्ष: पंकज गुप्ता (चुरू)     सह-कोषाध्यक्ष: डॉ. श्याम अग्रवाल (जयपुर)     प्रकोष्ठ प्रभारी: विजेन्द्र पूनिया (हनुमानगढ़) प्रवक्ता दल में 7 नए चेहरे शामिल     कैलाश वर्मा (जयपुर देहात)     कुलदीप धनकड़ (जयपुर देहात)     रामलाल शर्मा (जयपुर देहात)     दशरथ सिंह (बीकानेर)     मदन प्रजापत (देहात)     राखी राठौड़ (जयपुर)     स्टेफी चौहान (जयपुर)

तेज़ रफ्तार का कहर! पंजाब में ट्रक और बस की भिडंत, 2 यात्रियों ने गंवाई जान

चंडीगढ़  पंजाब में फाजिल्का-मलौट रोड पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां टाहलीवाला बोदला गांव के पास एक बस और कैंटर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और लगभग 15 यात्री घायल हुए हैं. बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जबकि ट्रक में 5 लोग सवार थे. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में 15 लोग घायल जानकारी के अनुसार, फाजिल्का-मलौट रोड़ पर बुधवार तड़के एक ट्रक और बस की आमने-सामने की जोरदार भिडंत हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस मौके पर पहुंची. फाजिल्का सरकारी अस्पताल के चिकित्सक डा करण के अनुसार, ट्रक में सवार 5 में से तीन घायलों समेत 15 लोगों को अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई. डॉ. करण ने बताया कि घायलों में से एक यात्री की हालत गंभीर है और उसे एडवांस इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि बाकी खतरे से बाहर हैं.   ट्रक चालक समेत 2 यात्रियों की मौत हादसे में मृतक ट्रक ड्राइवर के एक रिश्तेदार ने कहा कि जैसे ही उन्हें एक्सीडेंट के बारे में पता चला, वह हॉस्पिटल पहुंचे. एक्सीडेंट बहुत भयानक था, जिसमें ट्रक ड्राइवर और एक और पैसेंजर की मौत हो गई. घायल बस पैसेंजर के अनुसार एक्सीडेंट होते ही वह पूरी तरह से हैरान रह गए थे. उन्होंने कहा, “सब कुछ अस्त-व्यस्त था. जिन पैसेंजर को चोट नहीं आई थी, वे घायलों की देखभाल करने लगे, जबकि मौके पर पहुंचे गांववालों और राहगीरों ने उन्हें बाहर निकालने में मदद की.” घायल पैसेंजर ने कहा कि वह खुद बस से बाहर निकले, और एक दूसरा पैसेंजर उन्हें हॉस्पिटल ले गया.

नायब सैनी बोले— मजबूत व सशक्त भारत ही संविधान की मूल भावना

चंडीगढ़  संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत, सशक्त और एकजुट करना ही भारतीय संविधान की मूल भावना है और इसी सिद्धांत के साथ हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अवसर, न्याय और गरिमा के साथ आगे बढ़ने का अधिकार देता है और यही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पारदर्शिता, सुशासन, सामाजिक न्याय और नागरिकों की भागीदारी लोकतांत्रिक शासन की आत्मा हैं। हरियाणा सरकार इन मूल्यों पर आधारित नीतियों को प्राथमिकता दे रही है ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान पूर्णतः सुरक्षित है और ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास सबका प्रयास’ संविधान की भावना का वास्तविक प्रतिबिंब है। सैनी ने कहा कि देशहित और संविधान की गरिमा सर्वोपरि है और हर नागरिक को अपने मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान की समझ के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, क्योंकि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधानसभा परिसर में स्थित डॉ. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर सहित अनेक विधायक उपस्थित रहे। संविधान ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : कल्याण विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि संविधान ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और अगले वर्ष संविधान दिवस पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधायकों के लिए संसद परिसर का अध्ययन दौरा आगामी दिनों में आयोजित किया जाएगा। संसद परिसर का अध्ययन दौरा भी प्रस्तावित है जो आगामी दिनों में आयोजित होगा।