samacharsecretary.com

हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात: कई गांवों की फसलें चौपट, प्रशासन अलर्ट

कोरबा वनमंडल कोरबा के करतला और बालकोनगर रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बालको रेंज में सक्रिय 12 हाथियों का दल ग्राम सरईपाली में 10 ग्रामीणों के खेतों को तहस नहस करने के बाद ग्राम सोनगुड़ा पहुंच गया है। वहीं, करतला रेंज के ग्राम बोड़ाझाप में मौजूद हाथी आगे बढकर ग्राम सेंद्रीपाली के जंगल में डेरा डाल दिया है। हाथियों के दल ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में अनेक किसानों की धान फसल को बर्बाद कर दिया है। जिसका आंकलन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। बालको रेंजर जयंत सरकार ने बताया कि उनके रेंज में मौजूद हाथियों के अजगरबहार क्षेत्र की ओर बढने की संभावना है। वहां के स्टाफ को सतर्क कर दिया गया है और उनसे हाथियों की निगरानी के साथ क्षेत्र में मुनादी कराने की तैयारी रखने को कहा गया है। इस बीच कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में 53 हाथी अभी भी पचरा जंगल में डेरा डाले हुए हैं। हाथियों का यह दल रात में जंगल से निकलकर गांव के निकट पहुंचता है तथा वहां खेतों में उत्पात मचाने तथा फसल को तहस-नहस करने के बाद वापस जंगल लौट जाता है। हाथियों के उत्पात से क्षेत्र के ग्रामीण हलाकान हैं। वहीं, हाथियों के डेरा डालने से उनमें दहशत भी व्याप्त है। वहीं, कटघोरा वन मंडल के ऐतमा परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा में 53 हाथियों का विशाल झुंड पहुंच गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे ग्राम में भय का माहौल बन गया। हाथियों की आवाज और गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा में लगे रहे। कई स्थानों पर लोगों ने आग जलाकर हाथियों की निगरानी की और उन्हें आबादी से दूर खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड ने काफी खेतों में खड़ी फसलें रौंद दीं। जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। धान की फसल बर्बाद होने से कृषक परिवार चिंतित हैं। कुछ स्थानों पर हाथी गांव की सीमा तक आ पहुंचे, जिससे घरों को भी खतरा उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतना बड़ा झुंड ग्राम के पास घूम रहा है, लेकिन वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं दिखा। अपनी सुरक्षा हमें स्वयं करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लगातार हाथियों की दिशा पर नजर रख रहे हैं ताकि कोई अनहोनी न हो। हाथियों के कारण उत्पन्न स्थिति से ग्राम में दहशत बनी हुई है।

चांडाल कहने वाले चाचा को चिराग का जवाब—‘आपकी हर बात को मानता हूँ आशीर्वाद’

पटना केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति पारस द्वारा बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर बधाई देने पर प्रतिक्रिया दी है। भतीजे चिराग ने कहा कि उनके चाचा पारस ने कभी उन्हें गाली दी थी, चांडाल कहा था, तब भी उनकी बातें आशीर्वाद की तरह थीं क्योंकि वे बड़े हैं। अब वे सही में बधाई दे रहे हैं तो उनकी शुभकामनाएं सिर आंखों पर है। चिराग पासवान ने शुक्रवार को पटना स्थित लोजपा-आर के कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपने चाचा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पर निशाना भी साधा। चिराग ने पारस पर लोजपा के साथ ही रामविलास पासवान के गैर राजनीतिक संगठन दलित सेना को भी हड़पने का आरोप लगाया। पारस ने चिराग को दी दो बार बधाई राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के मुखिया पशुपति कुमार पारस ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद भतीजे चिराग पासवान को दो बार बधाई दी। यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय भी बना। पारस ने बीते रविवार को सोशल मीडिया पर दो घंटे के भीतर 2 पोस्ट साझा किए थे। पहले में उन्होंने एनडीए के सभी घटक दल के नेताओं को एक साथ जीत की बधाई दी। फिर दूसरे पोस्ट में उन्होंने अपने भतीजे चिराग पासवान को अलग से बिहार चुनाव में जीत पर बधाई दी थी। बता दें कि लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान के निधन के बाद पार्टी में टूट हो गई थी। चाचा पशुपति पारस ने 4 अन्य सांसदों को अपने साथ लेकर अलग गुट बना लिया था और नरेंद्र मोदी सरकार में वे मंत्री बन गए थे। चिराग अलग-थलग पड़ गए थे। बाद में पारस वाले गुट का नाम रालोजपा हुआ और चिराग के गुट वाली लोजपा (रामविलास) पार्टी बनी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान की एनडीए में वापसी हुई और पारस साइडलाइन कर दिए गए। चिराग की पार्टी को एनडीए में 5 सीटें मिलीं और सभी पर उनके प्रत्याशी जीते। चिराग पासवान केंद्र में मंत्री बन गए। वहीं, रालोजपा ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। फिर बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पारस ने एनडीए छोड़ने का ऐलान किया। उनकी महागठबंधन में जाने की चर्चा भी चली लेकिन बात नहीं बन पाई। फिर अकेले विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन एक भी सीट पर रालोजपा जीत नहीं दर्ज कर पाई।  

पोस्टरों पर कालिख और वीडियो वायरल: सिरसा की राजनीति में बढ़ी गर्माहट

सिरसा  सिरसा में आधी रात को एक बड़ी राजनीतिक हलचल तब मच गई जब अज्ञात युवकों ने हुडा सेक्टर में स्थित भाजपा जिला कार्यालय और रेलवे स्टेशन पर लगाए गए भाजपा नेताओं के पोस्टरों व तस्वीरों पर काला रंग लगा दिया। इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो यूथ कांग्रेस के स्टेट और नेशनल पेजों पर भी साझा किया गया है। भाजपा का आरोप “यूथ कांग्रेस की साजिश” भाजपा कार्यकर्ता कपिल सोनी ने बताया कि कार्यालय इंचार्ज विष्णु शर्मा की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है, क्योंकि वायरल वीडियो को यूथ कांग्रेस के प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया है। भाजपा नेताओं का दावा है कि यह कृत्य जानबूझकर पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया है। कांग्रेस का जवाब,  हमारे कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की कोशिश दूसरी ओर, कांग्रेस जिला प्रधान संतोष बेनीवाल ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह “पूर्व नियोजित साजिश” है, जिसका मकसद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बदनाम करना है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के कांग्रेस के नाम पर उंगली उठाना गलत है। संतोष बेनीवाल ने यह भी कहा कि “अगर किसी कांग्रेस कार्यकर्ता ने ऐसा किया है तो उसके खिलाफ जांच कराने को तैयार हैं।” आज कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, वीडियो से गरमाई राजनीति गौरतलब है कि शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा सिरसा में लघु सचिवालय पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाना है। इसका नेतृत्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा करेंगी। प्रदर्शन में सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल, और कालांवली विधायक शीशपाल केहरवाला सहित कई नेता शामिल होंगे। इससे पहले ही भाजपा कार्यालय व पोस्टरों पर कालिख लगाने वाला वीडियो वायरल होने से राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया है और दोनों पार्टियों के बीच आरोप–प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

नेशनल कुश्ती में भाईयों की डबल जीत, दोनों ने दिलाया स्वर्ण पदक

भोजपुर बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव के दो सगे भाइयों ने राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन किया है। नथमलपुर निवासी सामू सिंह के पुत्र साहिल कुमार और नमन सिंह ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों भाइयों की इस शानदार उपलब्धि से न केवल नथमलपुर बल्कि पूरे भोजपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे जब दोनों खिलाड़ी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गांव की सड़कों पर जश्न का माहौल नजर आया और छोटे-बड़े सभी लोग इन प्रतिभाशाली भाइयों को देखने और सम्मान देने के लिए उमड़ पड़े। साहिल और नमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच रिजवान, माता-पिता, दादा और बड़े पापा को दिया। दोनों ने कहा कि परिवार और कोच की प्रेरणा और सहयोग के कारण ही वे यह मुकाम हासिल कर सके हैं। ग्रामीणों ने भी दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रशासन से खेल प्रतिभाओं को विशेष प्रोत्साहन देने की मांग की।  

मतदाता सूची अभियान में नई रफ्तार: रिकॉर्ड अपलोडिंग, 78 BLO सम्मानित

जयपुर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 को नई गति और अभूतपूर्व पारदर्शिता मिल रही है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 4 नवंबर से चल रहे इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर–घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और प्राप्त विवरण का तेज गति से डिजिटाइजेशन कर रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि महज 16 दिनों में 2.37 करोड़ गणना प्रपत्र ECINET पर अपलोड किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि बड़े राज्यों में 44 प्रतिशत के साथ राजस्थान को शीर्ष स्थान पर ले आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 78 BLOs ने 19 नवंबर तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा किया है, जिन्हें जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मानित करेंगे। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग ने voters.eci.gov.in पर नई सर्च सुविधा प्रारंभ की है। इसके माध्यम से मतदाता अपना नाम और रिश्तेदार के नाम से पिछली SIR की मतदाता सूची में जानकारी खोज सकेंगे। यह सुविधा मतदाताओं और BLO दोनों के लिए मैपिंग प्रक्रिया को सरल और तेज बनाएगी। जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो जाएगी, उन्हें SIR के दौरान किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। राजस्थान के विविध भौगोलिक क्षेत्रों मरुस्थल, पहाड़ी, मैदानी और नहरी इलाकों के बावजूद BLO प्रभावी रूप से कार्य कर रहे हैं। जिलेवार प्रगति में बाड़मेर 58% डिजिटाइजेशन के साथ पहले स्थान पर है, जबकि सलूंबर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, फलोदी, झालावाड़ और भरतपुर 50% से अधिक अपलोडिंग के साथ अग्रणी जिलों में शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रों में बाड़मेर 64%, जबकि रायसिंहनगर, बाड़ी और वैर 60% से अधिक डिजिटाइजेशन के साथ शीर्ष पर रहे। ऑनलाइन गणना प्रपत्र जमा कराने में भी राजस्थान अग्रणी राज्यों में शामिल है। आयोग ने SIR प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जन–हितैषी बनाने के लिए राष्ट्रीय–राज्य स्तर की हेल्पलाइन, कॉल-सेंटर, हेल्प डेस्क, गाइडलाइन और पब्लिक असिस्टेंस सेंटर विकसित किए हैं। इसके साथ ही SVEEP कार्यक्रम, स्कूल–कॉलेज गतिविधियां, सोशल मीडिया और पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर वृद्ध, दिव्यांग, प्रवासी मजदूर, अशिक्षित और PVTG समुदाय को जोड़ा जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे BLOs की दैनिक समीक्षा करें, कठिनाइयों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें और आवश्यक हो तो वालंटियर्स की मदद लेकर कार्य को समय पर पूरा करें।

किसानों के लिए खुशखबरी: शिवराज सिंह ने वीडियो संदेश में बताई नई राहत

भोपाल   केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शुक्रवार को किसानों को लेकर एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) अब जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान और ज्यादा बारिश के चलते बाढ़ या जलभराव को भी कवर करेगी. किसानों को एक वीडियो मैसेज में चौहान ने कहा कि मैं आज आपको अच्छी खबर दे रहा हूं. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दो नुकसान कवर नहीं किए गए थे और इनकी मांग लंबे समय से की जा रही थी. एक, जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान और दूसरा, ज्यादा बारिश से बाढ़ या पानी भरने से फसलों को नुकसान. मैं आपको बताना चाहूंगा कि ये दोनों नुकसान अब फसल बीमा योजना के तहत कवर किए जा रहे हैं. अगर जंगली जानवर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, तो उसका मुआवजा दिया जाएगा. अगर पानी भरने से फसलों को नुकसान होता है, तो उसका भी मुआवजा अब से किसानों को मिलेगा. इस घोषणा से उन हजारों किसानों को फायदा होगा जिन्हें पहले इन प्राकृतिक वजहों से नुकसान हुआ था, लेकिन वे इंश्योरेंस क्लेम के लिए पात्र नहीं थे. इससे पहले गुरुवार को शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया 'X' पर एक पोस्ट शेयर किया और बताया कि 2024-25 में फसल उत्पादन का फाइनल अनुमान बढ़कर 357.73 मिलियन टन हो गया है, जो पिछले साल से लगभग 8 प्रतिशत ज्यादा है. चौहान ने आगे लिखा कि यह बहुत खुशी की बात है कि हमारे किसान भाई-बहनों ने अपनी मेहनत से अनाज उत्पादन में एक नया रिकॉर्ड बनाया है. 2024-25 में फसल उत्पादन के अंतिम अनुमान बताते हैं कि देश का कुल अनाज उत्पादन बढ़कर 357.73 मिलियन टन हो गया है, जो पिछले साल से लगभग 8 फीसदी ज्यादा है. यह उपलब्धि किसानों की कड़ी मेहनत, आधुनिक टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस्तेमाल और केंद्र सरकार की खेती के अनुकूल नीतियों का मिलाजुला नतीजा है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दस सालों में अनाज उत्पादन में 106 मिलियन टन से ज़्यादा की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने आगे लिखा कि पिछले दस सालों में अनाज के प्रोडक्शन में 106 मिलियन टन से ज्यादा की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. चावल, गेहूं, मक्का और बाजरा समेत सभी मुख्य फसलों में जबरदस्त बढ़ोतरी देश की खेती की मजबूती और केंद्र सरकार की नीतियों के असर का सबूत है. चौहान ने आगे लिखा कि फसलों में बढ़ोतरी 'तिलहन मिशन' और 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशन' की सफलता को दिखाती है. उन्होंने आगे लिखा कि केंद्र सरकार की कोशिशों की वजह से दालों और तिलहनों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है. तिलहन का प्रोडक्शन बढ़कर 42.989 मिलियन टन हो गया है, और कुल दालों का प्रोडक्शन 25.683 मिलियन टन तक पहुंच गया है. मूंगफली, सोयाबीन, चना और मूंग जैसी फसलों में अच्छी बढ़ोतरी 'तिलहन मिशन' और 'दाल आत्मनिर्भरता मिशन' की सफलता को दिखाती है. केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की तूर, उड़द, चना और मूंग के लिए MSP पर खरीद की गारंटी ने किसानों को एक सुरक्षित बाजार दिया है और MSP पर पक्की खरीद से बड़ी संख्या में किसानों को फायदा हो रहा है, और दालों के उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. 

मतदाता सूची ‘SIR’ रिव्यू पर रीवा प्रशासन ने पेश किया अनोखा ऑफर, सरकारी कर्मचारियों को मुफ्त सुविधाएं

रीवा   जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण 'SIR' का कार्य तेजी से जारी है. मतदाता के सत्यापन के लिए गणना पत्रक का शत-प्रतिशत वितरण कर दिया गया है. सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से इसे भरवाकर रिकॉर्ड पर ले रहे हैं. इसी बीच रीवा जिला प्रशास ने SIR के कार्य को तेज गति देने के लिए खास ऑफर दिया है. जिला कलेक्टर कार्यालय से जारी हुए आदेश के मुताबिक प्रोत्साहन बीएलओ फ्री मूवी टिकट डिनर या टाइगर सफारी टिकट की हकदार होंगे बस उन्हें एक शर्त पूरी करनी होगी. रीवा में SIR को लेकर BLO के लिए खास ऑफर रीवा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया तेजी से जारी है. इसी कड़ी में प्रशासन ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को प्रोत्साहित करने के लिए नई पहल की है. योजना के तहत जिस बीएलओ द्वारा अपने बूथ के मतदाताओं की जानकारी का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया जाएगा, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा. ऐसे बीएलओ को परिवार सहित फिल्म देखने के लिए मुफ्त टिकट दिए जाएं अपर कलेक्टर ने सभी SDM को जारी किया ऑफर वाला पत्र 19 नंवबर को इस संबंध में अपर कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को पत्र लिखा और कहा है कि वह सभी बीएलओ को प्रोत्साहित करें. पत्र जारी करते हुए उल्लेख किया गया कि SIR का कार्य प्रचलन में है. प्रत्येक विधानसभा के प्रथम बूथ लेवल ऑफिसर 'BLO' जो 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करेंगे उन्हें प्रोत्साहन के रूप में एक बार परिवार सहित निम्नानुसार सुविधाएं जिला प्रशासन की ओर से मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी.  BLO के लिए रीवा जिला प्रशासन का ये है ऑफर     फ्री मूवी टिकट विथ फैमली     फ्री डिनर विथ फैमली     फ्री टिकट गेम जोन फॉर चिल्ड्रेन     फ्री मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू विथ फैमली     फ्री थीम कार्निवल मेला रीवा विथ फैमली रीवा में गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन में जुटे BLO रीवा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में इन दिनों 'SIR' यानी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. मतदाता के सत्यापन के लिए गणना पत्रक का शत-प्रतिशत वितरण कर दिया गया है. अब सभी BLO ब्लॉक लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना पत्रक भरवाकर उसे रिकॉर्ड पर ले रहे हैं. कई बीएलओ ने अपने सभी मतदाताओं के गणना पत्रक एकत्रित कर डिजिटाइजेशन कर दिया है. अन्य बीएलओ गणना पत्रक संकलित करक बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर रहे हैं. 4.59 लाख गणना पत्रक प्राप्त करके किया गया डिजिटाइज: कलेक्टर इस संबंध में कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया, '' 20 नवम्बर को शाम 5 बजे तक मतदाताओं से 4 लाख 59 हजार 046 गणना पत्रक प्राप्त कर इसे डिजिटाइज कर लिया गया है. बीएलओ घर-घर जाकर गणना पत्रक संकलित कर रहे हैं. अब तक गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में 72261, मनगवां में 76960, रीवा में 73443, सेमरिया में 84549, सिरमौर में 83662 तथा विधानसभा क्षेत्र त्योंथर में 78741 गणना पत्रक डिजिटाइज किए जा चुके हैं.'' रीवा जिले में 2 BLO ने सौ फीसदी लक्ष्य किया पूरा सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ चंद्रमौली सिंह ने समय से पहले लक्ष्य हासिल कर लिया है. उन्होंने SIR मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत सभी कार्य समय से पहले समाप्त कर डिजिटाइजेशन कर लिया है. इसी तरह से मनगवां विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 के मतदान केन्द्र क्रमांक 125 ग्राम हकरिया के बीएलओ रामलोचन कुशवाहा ने भी समय से पूर्व डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया है.   

खराब वायु गुणवत्ता के कारण दिल्ली स्कूलों में खेलकूद रोकी गई

नई दिल्ली दिल्ली में हवा की हालत बेहद खराब हो चुकी है और अब यह दमघोंटू होती जा रही है। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) के लगातार बहुत खराब श्रेणी में होने की वजह से दिल्ली सरकार ने स्कूलों में स्पोर्ट्स और आउटडोर एक्टिविटीज को रद्द करने का आदेश दिया है। यह आदेश ऐसे समय पर आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन पहले ही कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट (CAQM) से कहा था कि दिल्ली के स्कूलों में नवंबर और दिसंबर में खेल गतिवधियों को रोकने के लिए निर्देश जारी करने पर विचार किया जाए। सीएक्यूएम ने अपनी अडवाजरी में कहा है कि सभी तरह की केल प्रतियोगिताओं को टाल दिया जाए। यह भी कहा गया है कि दिल्ली में हवा की मौजूदा गुणवत्ता बच्चों की सेहत के लिए जोखिम भरा है। सीएक्यूएम की सलाह दिल्ली-एनसीआर के सभी स्कूल, कॉलेज यूनिवर्सिटीज और मान्यता प्राप्त खेल संघों के लिए है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मामूली गिरावट के साथ 370 दर्ज किया गया, जो बृहस्पतिवार को 391 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने पहले यह अनुमान लगाया था कि वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में जा सकती है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है। सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कुल 23 निगरानी स्टेशनों ने ‘बेहद खराब’ वायु गुणवत्ता दर्ज की, जबकि 13 स्थानों पर प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ देखा गया। वजीरपुर में एक्यूआई सबसे अधिक 442 दर्ज किया गया। आर के पुरम, बवाना, आनंद विहार, जहांगीर पुरी और रोहिणी में भी यह 400 से ऊपर ही रहा।

नारायण सिंह कुशवाह का आदेश: सामाजिक न्याय विभाग में जल्द होगी नई भर्ती

भोपाल  मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय विभाग में सरकारी नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छा मौका है , राज्य शासन जल्दी ही यहाँ रिक्त पदों पर भर्ती करने वाला है, प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने विभागीय अधिकारियों को इस आशय के निर्देश जारी किये हैं। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन पुनर्वास केन्द्रों में रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र की जायेगी। इस आशय के निर्देश सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सागर संभाग में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए। मंत्री कुशवाह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद को प्राप्त हो सके, इसके प्रयास मैदानीकर्मी लगातार करें। उन्होंने सागर संभाग में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में हितग्राहियों की केवायसी की धीमी प्रगति पर पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 30 नवम्बर तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। पुनर्वास केन्द्रों में पदों की पूर्ति के लिए चलेगा अभियान मंत्री कुशवाह ने छतरपुर जिले में जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केन्द्र और शासकीय बौद्धिक दिव्यांगजन के विशेष विद्यालयों में रिक्त पदों पर चिंता व्यक्त कर प्रदेश में सभी पुनर्वास केन्द्रों में पदों की पूर्ति के लिए अभियान चलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जैविक खेती के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश  सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण के साथ साथ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे  मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सागर संभाग में उद्यानिकी विभाग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में किसान परम्परागत खेती के साथ-साथ जैविक खेती के माध्यम से बेहतर लाभ कमा सकते हैं। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई, सहायक संचालक को नोटिस  विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में निवाड़ी जिले की धीमी प्रगति पर मंत्री कुशवाह ने नाराजगी व्यक्त की तथा निवाड़ी के सहायक संचालक उद्यानिकी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश संयुक्त संचालक उद्यानिकी को दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष  श्याम तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बिहार: शपथ ग्रहण के 24 घंटे भीतर विपक्षी दल के नेता की गोली मारकर हत्या

मोतिहारी मोतिहारी में बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही एक बार फिर अपराधियों का तांडव शुरू हो गया है। जिले के दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में शुक्रवार की अहले सुबह वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) के प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे कामेश्वर सहनी शौच कर लौटने के बाद अपने दरवाजे पर हाथ धो रहे थे। उसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कामेश्वर सहनी वीआईपी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष थे और उनका पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है। जानकारी के मुताबिक, वे पहले नक्सली के रूप में भी जाने जाते थे और उनके ऊपर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। हत्या की जानकारी मिलते ही दरपा थाना पुलिस सहित आसपास के कई थानों की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुटे हुए हैं। मोतिहारी के प्रभारी एसपी विनय तिवारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।