samacharsecretary.com

कर्नाटक में वंदे मातरम को लेकर सियासी घमासान, शिवराज ने कांग्रेस पर साधा निशाना

सक्ती/ रायपुर. कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए निर्णय पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना रोष जाहिर करते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है. संसद में विधेयक को पारित कर वंदे मातरम पर कानून बना है. कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक है. कांग्रेस सरकार का यह फैसला भारत माता का अपमान है. सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित PM आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा की. कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा को बहुत प्यार दिया. छत्तीसगढ़ में विकास की बाजार बह रही है. कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था. उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया. 3 लाख 65 हजार से ज्यादा मकान गरीबों के लिए स्वीकृत हुए हैं. आज मुख्यमंत्री को स्वीकृति पत्र दे रहा हूं. छत्तीसगढ़ में हर दिन 1600 मकान पूरे हो रहे हैं. विकसित भारत जीरामजी में भी छत्तीसगढ़ का सहयोग मिल रहा है. विकसित भारत के तहत खेत से सड़क योजना सम्मिलित कर ली गई है. 36 करोड़ रुपए की छत्तीसगढ़ स्वीकृत हुई है. ग्रामीण विकास विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए सड़कें स्वीकृत की हैं. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देश का स्वाभिमान बढ़ाया है. भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है. विश्व गुरु के पथ पर चल रहा है. वहीं BRICS समिट पर कांग्रेस के सवाल उठाए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व एक धरती पर इकट्ठा हो रहा है. पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर हैं. जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है. कांग्रेस हमारे देश की प्रतिष्ठा पर उंगली उठाती है. देश की प्रगति और विकास से कांग्रेस प्रसन्न नहीं हो सकती. 

आगामी पर्व-त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता से गड्ढामुक्त करें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बारिश से खराब सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाएं, बरसात के बाद नवीनीकरण भी हो: मुख्यमंत्री आगामी पर्व-त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता से गड्ढामुक्त करें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी पर्वों के लिए 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित, प्राथमिकता के आधार पर होंगे गड्ढामुक्त शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख बाजारों की सड़कों को प्राथमिकता पर लेकर तत्काल शुरू कराएं मरम्मत कार्य: मुख्यमंत्री 09 विभागों के करीब 4.36 लाख किमी मार्गों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, 50 हजार किमी के गड्ढामुक्ति लक्ष्य पर चल रहा काम लखनऊ,   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन के योग्य बनाने और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार उनका नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बारिश अभी जारी है, इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और बारिश से नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पर्वों से पहले आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण के काम पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति का काम केवल पैचवर्क तक सीमित न रहे। जहां सड़क तत्काल खराब स्थिति में है, वहां उसे अभी मोटरेबल बनाया जाए और बरसात समाप्त होने के बाद जरूरत के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। बैठक में बताया गया कि अतिवृष्टि के साथ ही एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय मार्ग, रेलवे आदि की निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इन मार्गों का विभागवार सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर गड्ढामुक्ति के विभागवार लक्ष्य तय किए जाएंगे। आगामी पर्वों को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान अधिक आवागमन वाले मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्थिति में रखने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से भी उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। साथ ही मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। विभाग के प्रस्तुतिकरण में बताया गया कि गड्ढामुक्ति अभियान में 09 विभागों के मार्ग शामिल हैं। इन विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं। वर्तमान लक्ष्य के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाना है, जिसमें अब तक करीब 5,751 किलोमीटर पर काम पूरा किया जा चुका है। क्षतिग्रस्त मार्गों के सर्वे के बाद विभागवार लक्ष्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। नवीनीकरण और विशेष मरम्मत के कार्यों की भी समीक्षा की गई। विभाग के अनुसार नवीनीकरण के लिए करीब 30 हजार किलोमीटर और विशेष मरम्मत के लिए करीब 5 हजार किलोमीटर का लक्ष्य रखा गया है। अब तक नवीनीकरण में करीब 14 हजार किलोमीटर और विशेष मरम्मत में करीब 700 किलोमीटर की प्रगति बताई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क आम आदमी के रोजमर्रा के जीवन से सीधे जुड़ी है। शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और ऐसे अन्य स्थानों, जहां आमजन का आवागमन अधिक रहता है, वहां की सड़कों को प्राथमिकता पर लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मार्गों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए और जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां बिना देरी किए सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि काम में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग ब्रजेश सिंह, राज्य मंत्री औद्योगिक विकास विभाग जसवंत सिंह सैनी, राज्य मंत्री जल शक्ति रामकेश निषाद तथा राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विजय लक्ष्मी गौतम उपस्थित रहे।

उद्योगपतियों की समस्याओं का जल्द होगा समाधान, पीलूखेड़ी में संभाग आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

पीलूखेड़ी में उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के संभाग आयुक्त ने दिए निर्देश मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और अधोसंरचना सुदृढ़ करने के लिए समन्वित कार्रवाई करें स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और नए निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर भोपाल     मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजगढ़ जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीलूखेड़ी में ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग आयुक्त भोपाल कर्मवीर शर्मा ने की। उन्होंने उद्योगपतियों एवं उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए समस्याओं के निराकरण और औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।     संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए कि पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने उद्योगपतियों द्वारा रखी गई समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने पर जोर दिया।     उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है। उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना शासन की प्राथमिकता है। जलापूर्ति, सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की सुविधाओं पर निर्देश     उद्यम संवाद में उद्योगपतियों ने पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रेसाई डैम से जलापूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की सुविधा, उप स्वास्थ्य केंद्र, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट तथा महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े विषय संभाग आयुक्त के समक्ष रखे।     संभाग आयुक्त शर्मा ने इन विषयों पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने के लिए समन्वित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।     उद्योगपतियों ने कर्मचारियों से संबंधित कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कार्यालय ग्वालियर में होने से दूरी के कारण आ रही कठिनाइयों से भी अवगत कराया और ईपीएफ से संबंधित सुविधाओं के दृष्टिगत कार्यालय भोपाल में स्थानांतरित किए जाने का सुझाव रखा। स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर     नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जानी चाहिए। इससे क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और औद्योगिक विकास को भी गति प्राप्त होगी। कचनारिया फूड क्लस्टर सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा     उद्यम संवाद में जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कचनारिया फूड क्लस्टर, पचोर, डाबली कला एवं गोरखपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।     कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा,सचिव ऊर्जा विभाग विशेष गढ़पाले, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा,पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपति उपस्थित रहे।  

कमजोर मानसून ने बिगाड़ा धान का गणित, पिछैती फसल सूखे की चपेट में; बढ़ी सिंचाई लागत

बहादुरगढ़  धान उत्पादक किसान इस बार आशा और निराशा के बीच झूल रहे हैं। मानसून की बेरुखी ने खेती का पूरा गणित बिगाड़ दिया है। समय पर रोपाई या बिजाई की गई धान की फसल फिलहाल संभली हुई है, लेकिन उसे बचाए रखने के लिए किसान दिन-रात ट्यूबवेल चला रहे हैं। दूसरी ओर, पिछैती रोपाई वाले खेतों में सूखे का असर पहले ही दिखाई दे चुका है। कहीं फसल की जुताई की जा चुकी है तो कहीं किसान उसे पशु चारे के लिए काटने को मजबूर हैं। बहादुरगढ़ क्षेत्र में इस बार करीब 20 हजार हेक्टेयर में धान की फसल है। मानसून कमजोर रहने और लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसानों के सामने खेतों में नमी बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। समय पर रोपी गई फसल की स्थिति ठीक समय पर रोपी गई फसल की स्थिति अभी अपेक्षाकृत ठीक है, मगर इसके लिए लगातार सिंचाई करनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि धान को पानी की जरूरत के समय नहरों में भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में ट्यूबवेल ही एकमात्र सहारा है। इससे डीजल और बिजली के साथ सिंचाई का खर्च बढ़ रहा है। किसान आनंद के अनुसार, पिछले सप्ताह तीन-चार दिन बूंदाबांदी हुई, जिससे कुछ राहत मिली, लेकिन खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई। तापमान बढ़ने के साथ पानी की जरूरत और बढ़ गई है। यदि ट्यूबवेल से सिंचाई नहीं की जाए तो फसल पर असर पड़ने का डर है। क्या इस बार बचेगा मुनाफा? लगातार सिंचाई के बावजूद इस बात की चिंता है कि अंत में उत्पादन कितना होगा और बढ़ी हुई लागत के बाद हाथ में मुनाफा कितना बचेगा। पिछैती रोपाई वाली फसल पर संकट सूखे की सबसे ज्यादा मार पिछैती रोपाई वाली फसल पर पड़ी है। मौसम में अगले एक-दो दिन में बदलाव और बारिश की संभावना से किसानों को उम्मीद बंधी है। अब देखना यह है कि आसमान से कितनी राहत मिलती है और खेतों में खड़ी धान की फसल किसानों की उम्मीद को उत्पादन और मुनाफे में कितना बदल पाती है। इधर, कृ़षि विभाग के एसडीओ डा. सुनील कौशिक ने बताया कि अभी फसल की स्थिति ठीक है।  

115 फूड प्रोडक्ट्स पर FSSAI की कार्रवाई, किंडर जॉय से अमूल आइसक्रीम और एनर्जी ड्रिंक तक शामिल

रांची पतंजलि दूध बिस्कुट, किंडर जॉय, सफोला टोटल हार्ट प्रो कुकिंग ऑयल, रेड बुल, स्टिंग एनर्जी, मॉन्स्टर एनर्जी, गेटोरेड स्पोर्ट्स ड्रिंक और अमूल शुगर-फ्री आइसक्रीम समेत 115 खाद्य उत्पादों को बाजार से हटाने का निर्देश दिया गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से भ्रामक दावों, मिस-लेबलिंग और खाद्य मानकों से जुड़े उल्लंघनों के मामले में इन उत्पादों को चिन्हित किया गया है। एफएसएसएआई, नई दिल्ली और झारखंड के अपर मुख्य सचिव-सह-खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर राज्यभर में इन उत्पादों की बिक्री और उपलब्ध स्टॉक की जांच शुरू कर दी गई है। रांची में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच और कार्रवाई तेज कर दी है। कारोबारियों को स्टॉक तत्काल वापस लेने का आदेश रांची के अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (खाद्य सुरक्षा शाखा) की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है। इसमें खाद्य कारोबार संचालकों, वितरकों, खुदरा विक्रेताओं और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को एफएसएसएआई की ओर से चिन्हित 115 उत्पादों का मौजूदा स्टॉक तत्काल बाजार से वापस लेने (रिकॉल) और उनकी बिक्री रोकने का निर्देश दिया गया है। कई लोकप्रिय ब्रांड जांच के दायरे में एफएसएसएआई की सूची में रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले कई चर्चित उत्पाद हैं। इनमें पतंजलि दूध बिस्कुट, किंडर जॉय और सफोला टोटल हार्ट प्रो कुकिंग ऑयल प्रमुख हैं। पतंजलि दूध बिस्कुट पर 100 प्रतिशत आटा होने के दावे, किंडर जॉय में मिल्क सॉलिड्स से संबंधित दावे और सफोला टोटल हार्ट प्रो में हार्ट-हेल्थ से जुड़े दावों को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है। रेड बुल, स्टिंग और गेटोरेड भी सूची में कैफीनयुक्त पेय पदार्थों में स्टिंग एनर्जी, रेड बुल, मॉन्स्टर एनर्जी, हेल एनर्जी, एड्रेनालिन रश, कैम्पा एनर्जी और गेटोरेड स्पोर्ट्स ड्रिंक शामिल हैं। इन उत्पादों में निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक प्रावधानों के बिना ‘एनर्जी ड्रिंक’ अथवा ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे नामों के इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई गई है। आइसक्रीम, नूडल्स और बेबी फूड तक शामिल सूची में अमूल शुगर-फ्री आइसक्रीम, बिसलेरी के एडेड मिनरल्स संबंधी दावे वाले उत्पाद, रॉ प्रेसरी मैंगो ड्रिंक, मास्टरचाउ रेमन नूडल्स, लोटे चोको पाई और डाबर हार्ट केयर समेत ब्राउन ब्रेड, टोफू और बेबी फूड के उत्पाद भी शामिल हैं। रॉ प्रेसरी मैंगो ड्रिंक में ‘बिना एडेड शुगर’ जैसे दावे को लेकर आपत्ति जताई गई है। नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाजार से उत्पाद वापस लेने के निर्देश का पालन नहीं करने, भ्रामक विज्ञापन करने या गलत ब्रांडिंग करने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 और 53 समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार जांच कर संबंधित उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील विभाग ने उपभोक्ताओं से भी खाद्य उत्पाद खरीदते समय पैकेजिंग पर लिखे दावों और पोषण संबंधी जानकारी को ध्यान से देखने की अपील की है। खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकना है, जिनकी लेबलिंग, ब्रांडिंग अथवा उत्पाद संबंधी दावे निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं।  

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर बहगढ़ में विधायक, डीआईजी, कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने किया जन संवाद

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर बहगढ़ में विधायक, डीआईजी, कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने किया जन संवाद आमजन की समस्याएं सुनीं, मौके पर ही 20 समस्याओं का किया गया निराकरण शहडोल   मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत बुढार के ग्राम बहगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक जय सिंह मरावी, डीआईजी, कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शिविर में प्राप्त 20 समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। शिविर में संबल योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उर्मिला तिवारी, राजकुमार बैगा, मुन्नी पांव एवं तैरसिया बाई सहित हितग्राहियों को अनुग्रह राशि, पात्रता पर्ची तथा संबल पंजीयन कार्ड का वितरण किया गया। योजना का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं से लिया कौशल प्रशिक्षण का फीडबैक शिविर के दौरान कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं विधायक जय सिंह मरावी ने वन धन केन्द्र बहगढ़ की स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार के लिए प्राप्त किए जा रहे कौशल प्रशिक्षण, प्रशिक्षण से मिलने वाले लाभ तथा समूह की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी आजीविका को और बेहतर बनाने तथा स्थानीय संसाधनों से जुड़े रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। विधायक जय सिंह मरावी ने कहा विधायक जय सिंह मरावी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार और लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं को शिविर में रखें, ताकि उनका नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्व-सहायता समूहों एवं युवाओं से शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित किया। संवाद कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, एसडीएम जैतपुर दीपक मण्डावी, सीईओ जनपद संहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

दिल्ली में वोटर लिस्ट सुधार की कवायद तेज, 9 सितंबर तक 2.12 लाख लोगों ने Form-6 से किया दावा

नई दिल्ली  राजधानी दिल्ली में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत फाइनल वोटर लिस्ट में शामिल होने के लिए क्लेम और ऑब्जेक्शन की प्रक्रिया जारी है। ड्राफ्ट रोल में नाम न आने के बाद लोग फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। सभी 13 जिलों में 9 सितंबर तक 2,12,400 फॉर्म-6 के आवेदन दाखिल मिनट पते हुए है। जबकि ड्राफ्ट रोल में करीब 43 लाख लोगों के नाम अबसेंट, शिफ्टेड, डेड, डप्लीकेट (ASDD) लिस्ट में शामिल किए गए हैं। उसके अनुपात में यह आंकड़ा अभी काफी कम है। हालांकि, 30 सितंबर तक आवेदन का वक्त है और उम्मीद की जा रही है कि यह आंकड़ा और बढ़ेगा। 35,495 और नए आवेदन प्राप्त हुए 31 अगस्त से 9 सितंबर की अवधि के दौरान 35,495 और नए आवेदन प्राप्त हुए हैं। नए आवेदनों के मामले में वेस्ट दिल्ली जिला सबसे आगे रहा, जहां इस अवधि में 4,387 आवेदन मिले। इसके बाद नॉर्थ वेस्ट में 3,586, ईस्ट में 3,583, साउथ ईस्ट में 3,400 और नॉर्थ ईस्ट में 3,150 आवेदन दर्ज किए गए। साउथ वेस्ट में 3,025, साउथ में 3,030, नॉर्थ में 2,604, सेंट्रल नॉर्थ में 2,488, आउटर नॉर्थ में 2,433, ओल्ड दिल्ली में 1,529, सेंट्रल में 1,518 और नई दिल्ली जिले में 762 नए आवेदन फॉर्म-6 के तहत प्राप्त हुए। 30 अगस्त तक 1,351 आवेदन मिले थे प्रवासी या ओवरसीज भारतीय वोटर्स के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-6A के तहत 30 अगस्त तक 1,351 आवेदन मिले थे, जबकि 31 अगस्त से 9 सितंबर के बीच 83 अतिरिक्त आवेदन दर्ज हुए। वोटर लिस्ट से नाम हटाने या किसी प्रविष्टि पर ऑब्जेक्शन दर्ज कराने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-7 की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी गई है। 30 अगस्त तक जहां 51,471 फॉर्म-7 प्राप्त हुए थे, वहीं 31 अगस्त से 9 सितंबर के बीच 374 नए आवेदन मिले। वोटर लिस्ट में एड्रेस के बदलाव, सुधार या नया फोटो पहचान पत्र (EPIC) जारी करने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-8 के आवेदनों की संख्या सबसे ज्यादा दर्ज की गई है। 30 अगस्त तक दिल्ली भर में 2.60,768 फॉर्म 8 प्राप्त हुए थे, जबकि 31 अगस्त से 9 सितंबर के बीच 14,538 नए फॉर्म-8 मिले हैं। 29 अक्टूबर तक सभी भेजे गए क्लेम और ऑब्जेक्शन का निपटारा किया जाएगा।

बैंकों में हड़ताल से सेवाएं प्रभावित, कामकाज ठप; परेशान होकर लौट रहे ग्राहक

बठिंडा. विभिन्न बैंक कर्मचारी यूनियनों की ओर से अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल की गई। हड़ताल का असर बठिंडा में भी सरकारी बैंकों की कई शाखाओं के कामकाज पर देखने को मिल रहा है। बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण शाखाओं में पहुंचने वाले ग्राहकों को कई बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और अन्य ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध रहने के कारण नियमित बैंकिंग से जुड़े कुछ काम इन माध्यमों से किए जा सकेंगे। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के समक्ष लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव से संबंधित मांगों पर कार्रवाई करना सहित अन्य मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कर्मचारियों से जुड़ी कई मांगों पर अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही है। हड़ताल के चलते सरकारी बैंकों की शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज नहीं हो सकेगा। शाखाओं में नकदी लेन-देन, चेक जमा और भुगतान, विभिन्न दस्तावेज जमा करवाने, खातों से जुड़े कार्य तथा अन्य शाखा स्तर की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। जिन ग्राहकों को बैंक शाखा में जाकर ही काम करवाना जरूरी था, उन्हें हड़ताल समाप्त होने तक इंतजार करना पड़ेगा। ग्राहकों को हो रही परेशानी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित सरकारी बैंकों की शाखाओं के बाहर कुछ ग्राहकों को हड़ताल के कारण वापस लौटना पड़ा रहा है ।विशेषकर चेक संबंधी कार्य और दस्तावेज जमा करवाने जैसे कार्यों के लिए शाखा में पहुंचे लोगों को परेशानी हो रही है ।बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल को जरूरी बताते हुए कहा कि मांगों पर सकारात्मक पहल होने तक कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा। बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का असर हालांकि शाखा स्तर पर अधिक रहा। ऑनलाइन ट्रांसफर, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं के माध्यम से किए जाने वाले काम सामान्य रूप से जारी रहेगे।

बस्तर में बारिश का कहर, सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी का ऐलान

जगदलपुर. जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर में देर रात से तेज बारिश का दौर जारी है। कलेक्टर ने तेज बारिश को देखते हुए आज स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। बस्तर क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जगदलपुर समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। इस इलाके में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है तथा इसके साथ उपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 9.4 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर हरियाणा से उत्तर बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब के क्षेत्र के साथ स्थित उपरि हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तक, 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जम्मू, देहारादून, फतेहगढ़, प्रयागराज, अम्बिकापुर, झलसुगुड़ा होते हुये, उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब तक स्थित है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू के ऊपर स्थित है। प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर वज्रपात होने तथा भारी बारिश होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिले संभावित है। दिनांक 12 से 14 सितंबर तक भारी बारिश का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। बस्तर का प्रवेश द्वार केशकाल घाट में लगा भीषण जाम, घंटों से दोनों ओर वाहनों की कतार बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में शुक्रवार सुबह जाम की स्थिति निर्मित हो गई। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बताया जा रहा है कि वाहन चालक घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।  

जहरीली शराब केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रवि लखेरा के पैर में लगी गोली; 26 पेटी शराब भी बरामद

सागर  सागर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से रवि लखेरा घायल हो गया। पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन पुलिस ने रवि लखेरा को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। उसके खिलाफ बहेरिया थाने में भी अवैध शराब का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। पुलिस को गुरुवार रात जानकारी मिली कि वो बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्लान बनाया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पहले भी सामने आ चुका है नाम बंडा जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित रवि लखेरा पहले भी नकली शराब के मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है। उसका नाम मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री मामले में सामने आया था। ललितपुर पुलिस ने उस समय कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की थी।जांच में सामने आया था कि गिरोह का संबंध मध्य प्रदेश में अवैध शराब की सप्लाई से भी था और रवि लखेरा का नाम इस नेटवर्क से जोड़ा गया था। सागर में जहरीली शराब मामले में 26 पेटी शराब जब्त सागर के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू को पुलिस क्राइम स्पॉट पर लेकर पहुंची। यहां आरोपी ने जमीन के अंदर शराब दबाकर रखने और कुछ शराब नहर में फेंकने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खुदाई कराई, जिसमें 26 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार मौके से 1128 जले हुए क्वार्टर भी मिले हैं। आरोपियों ने शराब को नष्ट करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। चंदू की निशानदेही पर शराब और जले क्वार्टर मिले पुलिस ने आरोपी चंदू से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कार्रवाई की। इसमें करीब 1.30 लाख रुपए कीमत की 26 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 1128 जले हुए क्वार्टर मिले। शराब को नष्ट करने में इस्तेमाल 12 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और करीब 40 लाख रुपए कीमत की पोकलेन मशीन भी जब्त की गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत, भंडारण, परिवहन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आईजी ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से की पूछताछ कार्रवाई के दौरान सागर संभाग के नवागत आईजी इरशाद वली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके पर मौजूद आरोपी चंदू से पूछताछ की। आईजी ने बताया कि जहरीली शराब मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसपी अनुराग सुजानिया, एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया और एएसपी नरेंद्र सोलंकी भी मौजूद रहे। देवरी के डिलोना में 45 किलो महुआ लाहन जब्त अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई में देवरी के ग्राम डिलोना में भी दबिश दी गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने राजा भैया लोधी के पुराने खंडहर मकान की तलाशी ली। मकान में रखे तीन कुप्पों से करीब 45 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाना था। टीम ने महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कराया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। हीरापुर में मकान से 2.80 लाख की विदेशी शराब मिली पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम हीरापुर में एक मकान पर दबिश देकर 261 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की। इसकी कीमत करीब 2.80 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान का इस्तेमाल अवैध शराब के गोदाम के रूप में किया जा रहा है। जांच में इस शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से बताया गया है।मकान से ओल्ड मोंक, लंदन प्राइड, ब्लेंडर्स प्राइड, गोवा रम, व्हाइट मिश्चिफ, रॉयल सिलेक्ट, फॉक्स ऑरेंज, 8 पीएम, महावत, रॉयल स्टैग, ग्रीन लेबल और ब्लैक फोर्ट रम समेत विभिन्न ब्रांड की शराब मिली। आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।