samacharsecretary.com

देखिए भारत में पहली बार: गोलगप्पों के सागर में विराजती मां दुर्गा, मनोहर पंडाल का अनोखा अंदाज

बिलासपुर संस्कारधानी के हृदय स्थल मसानगंज में इस साल दुर्गा पूजा का रंग कुछ हटकर होगा। नवयुवक दुर्गोत्सव समिति अपने 57वें साल में मां दुर्गा का दरबार पांच लाख गुपचुप से सजा रही है। पंडाल ही नहीं, देवी की प्रतिमा भी गुपचुप पर विराजमान होंगी। कोलकाता से आए कारीगर इस अनोखे पंडाल को तैयार करेंगे। पांच दिनों तक भोग-प्रसाद के रूप में भक्तों को गुपचुप ही परोसा जाएगा। मसानगंज की नवयुवक दुर्गोत्सव समिति हर साल नए-नए प्रयोगों के लिए जानी जाती है। पिछले साल यहां दो लाख चाकलेट से माता का रूप और पंडाल सजाया गया था, जिसने भक्तों का दिल जीत लिया था। इस बार समिति ने और भी बड़ा प्रयोग किया है।  

सड़क पर बिखरे नए ट्रॉली बैग: रायपुर में ड्रग्स तस्करी का बड़ा सुराग?

रायपुर राजधानी रायपुर में रविवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट जाने वाले एक्सप्रेस-वे पर लावारिस हालत में कई ट्रॉली बैग मिले हैं। बताया जा रहा है कि सभी बैग बिल्कुल नए हैं, लेकिन उन्हें ब्लेड से काटा गया है। इस वजह से इन बैगों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामला माना थाना क्षेत्र का है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि इन बैगों का इस्तेमाल गांजा या अन्य नशे की तस्करी में किया गया हो सकता है, वहीं कैश की सप्लाई से भी इनका कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बैगों को किसी वारदात के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से तो नहीं फेंका गया। खास बात यह है कि जिस जगह बैग फेंके गए हैं, वहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं है। ऐसे में पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मुश्किलें आ रही हैं। हालांकि, पुलिस एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों के फुटेज खंगालने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दुर्ग में 6 करोड़ रुपए नकदी बरामद हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई है। पिछले दिनों रायपुर में पुलिस ने ड्रग्स तस्कर गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। ऐसे में इस तरह सदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग्स के मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इस तरह की घटना से किसी बड़ी साजिश की बू आ रही है।

बम्लेश्वरी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतज़ाम

 डोंगरगढ़ छत्तीसगढ़ का डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी धाम एक बार फिर नवरात्र पर्व के लिए तैयार हो गया है. चैत्र और क्वांर नवरात्र में यहां लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस बार भीड़ के मद्देनज़र मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक हर पहलू पर खास ध्यान दिया है. शारदीय नवरात्र इस साल 22 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा. डोंगरगढ़ का यह धाम लगभग 1,600 फीट ऊंचाई पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए 1,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे की व्यवस्था की गई है, हालांकि हाल ही में हुए हादसे ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया था. तकनीकी जांच और सुधार के बाद रोपवे को दोबारा शुरू किया गया है. इस बार ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि नवरात्र में सुबह से रात तक रोपवे चलेगा और बीच-बीच में नियमित मेंटेनेंस भी होगा. डोंगरगढ़ की कहानी सदियों की आस्था और लोककथाओं का ताना-बाना है: प्राचीन काल में ‘कामावती’ (या कामाख्या नगरी) नाम से प्रसिद्ध यह स्थान लोकमान्य कथाओं के अनुसार राजा कामसेन के राज्य का केन्द्र था, जिनकी तपस्या से मां बगलामुखी/बम्लेश्वरी का यहाँ अवतरण माना जाता है; कुछ वार्ताएं इसे उज्जैन के विक्रमादित्य की कथा से भी जोड़ती हैं और स्थानीय-पुरातात्विक रेकॉर्ड व लोककथाएँ मंदिर को लगभग 2,000–2,200 वर्ष पुराना बताती हैं. ऊँचे पहाड़ी शिखर पर स्थित बड़ी बम्लेश्वरी (लगभग 1,600 फीट) और नीचे की चोटी पर स्थित छोटी बम्लेश्वरी—दोनों ने समय के साथ तीर्थयात्रा की परंपरा गढ़ी; नवरात्र में यहाँ ‘ज्योति कलश’ और श्रद्धालुओं का सैलाब इस धाम को आधुनिक समय में भी जीवित रखता है. विकास के साथ रोपवे और रेल जैसी सुविधाओं ने पहुंच आसान की है, आज मंदिर ट्रस्ट व जिला प्रशासन पारंपरिक आस्था और आधुनिक व्यवस्थाओं को संतुलित करते हुए तीर्थयात्रियों के स्वागत को व्यवस्थित करते हैं. भक्तों की सुविधा के लिए देवी ने पहाड़ी के नीचे भी छोटी बम्लेश्वरी और मंझली रणचंडी के रूप मे यहाँ स्वरूप धारण किया. यही वजह है कि यहां बड़ी और छोटी दोनों माता के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. नवरात्र पर्व के दौरान डोंगरगढ़ की सबसे बड़ी परंपरा है ज्योति कलश प्रज्वलन. इस साल ट्रस्ट के मुताबिक ऊपर वाले मंदिर में करीब 7,000, नीचे वाले मंदिर में 900 और शीतला माता मंदिर में 61 ज्योति कलश जलाए जाएंगे. इनमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए भक्तों के साथ ही अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और नामीबिया जैसे देशों से भी श्रद्धालु अपनी आस्था अर्पित करेंगे. भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रस्ट ने इस बार छिरपानी में विशाल पार्किंग की व्यवस्था की है. रेलवे स्टेशन से मंदिर की दूरी महज आधा किलोमीटर है, जहां तक ऑटो या पैदल आसानी से पहुंचा जा सकता है. मंदिर परिसर और चढ़ाई वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. एसी वेटिंग हॉल, कैंटीन, ठंडे पानी की व्यवस्था और चिकित्सा बूथ जैसी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया गया है, प्रशासन ने मेले की तैयारियां पूरी कर ली हैं. आस्था और विश्वास का प्रतीक मां बम्लेश्वरी धाम सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है. नवरात्र के दौरान यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का सबूत है कि भक्तों के लिए मां बम्लेश्वरी न सिर्फ आस्था का धाम हैं, बल्कि मनोकामनाओं की पूर्ति का विश्वास भी.

नदी पार करते वक्त बह गया हाथी का शावक, बाद में झाड़ियों में मिला शव

कोरबा हसदेव नदी के किनारे झाड़ी में हाथी के शावक की लाश मिली है. बताया जा रहा है कि हाथी शावक नदी पार करने के दौरान बह गया था. सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने शव बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार, कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज के पनगंवा में 54 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. इस झुंड में उनके बच्चे भी हैं. इन्ही में से एक शावक के नदी पार करने के दौरान बहने की जानकारी है. वन टीम ने केंदई रेज के ओड़ार बहरा के पास हाथी शावक के शव को बरामद किया है. बताया जा रहा है कि नदी में बहकर शव यहां पहुंच गया है. रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हसदेव नदी के बहाव के साथ बहकर शव के आने की संभावना है. उसकी मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा. शुरुआती जांच में नदी पार करते समय पानी में बहने से होना माना जा रहा है. एक सप्ताह पहले ही सखोदा में हथिनी ने बच्चों को जन्म दिया था. इसके बाद 27 हाथियों का झुंड आगे बढ़ गया था.

तेलीबांधा तालाब से शुरू हुई ‘नमो युवा रन’, उप मुख्यमंत्री साव ने किया शुभारंभ

रायपुर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वस्थ और नशामुक्त भारत के लिए रायपुर और बिलासपुर में आयोजित ‘नमो युवा रन’ में युवाओं ने जोश और उत्साह से भागीदीरी की. युवाओं को फिट और नशामुक्त रखने देश के 75 शहरों में यह दौड़ आयोजित की गई. राजधानी रायपुर में तेलीबांधा तालाब से शुरू हुई यह दौड़ सुभाष स्टेडियम में समाप्त हुई. वहीं बिलासपुर में सीएमडी कॉलेज मैदान से प्रारंभ कर रीवर-व्यू रोड में इसका समापन किया गया.  उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर के तेलीबांधा तालाब में झंडा लहराकर ‘नमो युवा रन’ को प्रारंभ किया. प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर इसकी प्रतीकात्मक शुरूआत की. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, विधायकगण सर्वश्री मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा तथा छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी इस दौरान उपस्थित थे. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश का हर युवा स्वस्थ हो, समर्थ हो, सक्षम हो और नशे से दूर रहे, इसकी जागरूकता के लिए इस दौड़ का आयोजन किया गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं और खेलों की तरक्की के लिए महत्वपूर्ण काम किए हैं. विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से भारत सरकार युवा शक्ति को तैयार करने का काम कर रही है.  साव ने कहा कि हम हर युवा को फिट रहने के लिए खेल के मैदान से जोड़ना चाहते हैं. वे खेलों से जुड़ेंगे तो नशे से दूर रहेंगे. देश को समृद्ध बनाने के लिए युवा स्वस्थ रहें तथा उत्साह व आत्मविश्वास से भरे रहें, यह जरूरी है. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों से स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्प लेने की अपील की. खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से ‘नमो युवा रन’ का  आयोजन किया गया है. रायपुर और बिलासपुर में आयोजित इस दौड़ में भाग लेने के लिए 20 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उच्च शिक्षा तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है. रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ एथलेटिक संघ के जी.एस. बाम्बरा और केनोइंग-कयाकिंग एसोसिएशन के प्रशांत रघुवंशी सहित अनेक खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में ‘नमो युवा रन’ के शुभारंभ और समापन के मौके पर मौजूद थे. अर्जुन राय और वंशिका पटेल को मिला प्रथम स्थान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और अन्य अतिथियों ने सुभाष स्टेडियम में आयोजित ‘नमो युवा रन’ के समापन कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. पुरूष वर्ग में अर्जुन राय को प्रथम, अक्षय कुमार को द्वीतिय और चंद्रप्रकाश को तृतीय स्थान मिला. वहीं महिला वर्ग में वंशिका पटेल प्रथम, रूख्मणि साहू द्वीतीय और चंचल यादव तृतीय स्थान पर रहीं. दोनों वर्गों में प्रथम, द्वीतीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 25 हजार रुपए, 15 हजार रुपए और दस हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई. वहीं चतुर्थ और पंचम स्थान हासिल करने वालों को पांच-पांच हजार रुपए तथा छटवें से दसवें स्थान पर रहने वालों को दो-दो हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर ‘नमो युवा रन’ के सुभाष स्टेडियम में समापन के दौरान अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और बस्तर ओलंपिक के आइकॉन खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के साथ प्रथम पंक्ति में बैठकर मंच साझा किया. साव ने खुद आग्रहपूर्वक सभी खिलाड़ियों को मंच पर अग्रिम पंक्ति में जगह दी और उनके साथ विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए. कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वेट-लिफ्टर रूस्तम सारंग, हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, फुटबॉलर सुश्री किरण पिस्दा और वॉलीबाल खिलाड़ी दीपेश सिन्हा सहित अन्य खिलाड़ियों हितेश निर्मलकर, प्रवीण कुमार, पलक नाग, राकेश कुमार, मानो ध्रुव, पंडुराम, मानबती बघेल, मनीष मौर्य, अमृत, चुम्मन सिंह, रूपाली साहू, सुनील मोडियाम, सरिता बघेल, अनिरूद्ध, भुनेश्वरी निषाद और दामिनी सिंह को सम्मानित किया गया.

मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान– GST 2.0 में 4 की जगह सिर्फ 2 स्लैब

रायपुर 22 सितंबर से लागू हो रहे प्रदेश में जीएसटी 2.0 को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इसका सब जगह असर दिखेगा. जीएसटी के जो 4 स्लैब थे, उसको घटकर के 2 किया गया है. अब केवल 5 और 18 प्रतिशत का स्लैब है. पहले जो 28 प्रतिशत था, वह घटकर 18 हो गया है. इस तरह से 10 प्रतिशत की कटौती है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में जीएसटी रिफार्म को लेकर कहा कि इससे उद्योग-व्यापार में लाभ होगा, और हमारे अन्नदाता किसान भाइयों को भी बहुत लाभ होगा. कृषि उपकरण, कीटनाशक की कीमत काफी कम होगी, जिससे कृषि की लागत भी कम होगी, और किसानों को फायदा होगा. वहीं भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज भी दिलचस्प मुकाबला होगा. आज इंडिया जीतेगी. इस दौरान बस्तर प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो समाज के कार्यक्रम हैं. सामाजिक भवन का उद्घाटन है.

जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात, सीसरिंगा से महलंग सहसपुर मार्ग के लिए 6.91 करोड़ का बजट मंजूर

रायपुर, मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जशपुर जिले को एक और बड़ा तोहफ़ा मिला है। राज्य सरकार ने सीसरिंगा से महलंग होकर सहसपुर तक 6.5 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 91 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। बरसात में कीचड़ भरे रास्ते और गर्मियों में धूल से परेशान ग्रामीणों को अब सुविधा और सुरक्षित परिवहन की सौगात मिलेगी। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को होने वाली समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी। नई सड़क के बनने से क्षेत्र में सुगम आवागमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। किसानों की फसलें और ग्रामीण उत्पाद अब तेजी से बाजार तक पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। राज्य शासन के द्वारा दी गई इस स्वीकृति से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस सड़क से विकास की गति तेज होगी और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

एसीबी की कार्रवाई: कोयला व्यवसायी के ठिकाने से कागजात खंगाले जा रहे

जांजगीर रविवार को ईओडब्ल्यू के साथ एसीबी भी सक्रिय नजर आ रही है. एसीबी ने अकलतरा के अम्बेडकर चौक के पास स्थित कोयला व्यापारी के निवास पर छापा मारा है. सुबह से चल रही कार्रवाई में घोटाले से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. कांग्रेस सरकार के दौरान सचिवालय में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ रहे जयचंद कोसले के निवास पर सुबह डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने दबिश दी. बताया जा रहा है कि जयचंद कोसले का बेटा कोयले का कारोबार करता है. एसीबी की टीम घर में दस्तावेजों को खंगाल रही है. ईओडब्ल्यू ने 10 जगह दी दबिश एक तरफ अकलतरा में जहां एसीबी ने कोयला घोटाले से जुड़े मामले में दबिश दी है, तो वहीं दूसरी ओर शराब घोटाला में ईओडब्ल्यू ने प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर स्थित शराब कारोबारियों के 10 ठिकानों पर छापेमारी की है. राजधानी में 3 से 4 ठिकानों पर दबिश दी गई है, जिसमें रायपुरा के शिव विहार कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी अवधेश यादव का घर भी शामिल है. क्या है कोयला लेवी मामला दरअसल, राज्य के वरिष्ठ राजनेताओं और नौकरशाहों से मिलीभगत के बाद कुछ लोगों ने ऑनलाइन मिलने वाले परमिट को ऑफलाइन कर कोयला ट्रांसपोर्ट करने वालों से हर टन पर 25 रुपये की अवैध लेवी वसूली गई. खनिज विभाग के तत्कालीन संचालक IAS समीर बिश्रोई ने ऑफलाइन करने का आदेश जारी किया गया था. कोल परिवहन के लिए कोल व्यापारियों को यह परमिट दिया जाता था. पूरे मामले का मास्टरमाइंड कोल व्यापारी सूर्यकांत तिवारी को माना गया. इसमें जो व्यापारी पैसे देता उसे ही खनिज विभाग से पीट और परिवहन पास जारी होता था, यह रकम 25 रुपये प्रति टन के हिसाब से सूर्यकांत के कर्मचारियों के पास जमा होती थी. इस तरह से स्कैम कर कुल 570 करोड़ रुपए की वसूली की गई. कहां खर्च की अवैध कमाई जांच में सामने आया है कि इस घोटाले की राशि को सरकारी अधिकारियों और राजनेताओं को रिश्वत देने में खर्च किया गया. साथ ही चुनावी खर्चों के लिए भी इस अवैध राशि का इस्‍तेमाल किया गया. आरोपियों ने इससे कई चल-अचल संपतियों को खरीदा.

भारत-पाक मैच पर बोले उपमुख्यमंत्री शर्मा, 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आएंगे अमित शाह

रायपुर भारत-पाकिस्तान के बीच आगामी क्रिकेट मैच को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि इस बार पाकिस्तान को पिछली बार से भी ज्यादा करारी शिकस्त भारत की टीम देगी. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस सुधारों के तहत कमिश्नर प्रणाली लागू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा, कमिश्नर प्रणाली लेकर आएंगे, जिससे पर्याप्त व्यवस्था और निर्णय पुलिस स्वयं कर पाएगी. यह प्रणाली पुलिस को अधिक स्वायत्तता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करेगी, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत होगी. विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे अमित शाह वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 4 अक्टूबर को राज्य के दौरे पर रहेंगे. मीडिया से बातचीत में  उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे और बस्तर के प्रसिद्ध दशहरा उत्सव में हिस्सा लेंगे. वे विशेष रूप से मुरिया दरबार में शिरकत करेंगे, जो इस 75 दिनों तक चलने वाले ऐतिहासिक आयोजन का केंद्रीय हिस्सा है. बस्तर दशहरा, जो जगदलपुर में आयोजित होता है, आदिवासी परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़ा 600 वर्ष पुराना उत्सव है. यह नक्सलवाद से मुक्त बस्तर की शांति और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का प्रतीक बन चुका है.  शर्मा ने कहा, “गृहमंत्री जी का यह दौरा बस्तर के लिए ऐतिहासिक होगा. बस्तर अब नक्सलवाद की गिरफ्त से मुक्त होकर शांति और खुशी से अपने त्योहार मना रहा है.” बस्तर सांसद महेश कश्यप ने 19 सितंबर को दिल्ली में शाह से मुलाकात कर यह निमंत्रण दिया था, जिसमें मां दंतेश्वरी की पवित्र छवि भी भेंट की गई. शाह ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वे 75-दिवसीय मुरिया दरबार में भाग लेंगे. यह दौरा राज्य सरकार की नक्सल-मुक्ति अभियान की सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करेगा.

असम राइफल्स पर हमले में शहीदों को मुख्यमंत्री साय ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मणिपुर में असम राइफल्स पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस हमले में छत्तीसगढ़ के बस्तर के वीर सपूत राइफलमैन रंजीत कश्यप सहित दो जवानों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्र शहीद जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने शहीदों को कोटि-कोटि नमन करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों का यह त्याग हम सबको देश की रक्षा और एकता के मार्ग पर और अधिक दृढ़ संकल्पित करता है।