samacharsecretary.com

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने मारी गोली, एनकाउंटर में खत्म

दिल्ली दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक एनकाउंटर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो सदस्यो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधियों की पहचान कार्तिक जाखड़ और कविश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि जब दोनों अपराधियों का पीछा किया गया तो उन्होंने पुलिस पर ही गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारी और घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। इसी महीने झारखंड एटीएस ने मयंक सिंह को अजरबैजान से प्रत्यर्पित किया है। मिली जानकारी के अनुसार, मामला न्यू अशोक नगर का है। यहां दिल्ली पुलिस ने दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैरों में गोली मारी और दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में झारखंड एटीएस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर मयंक सिंह को बाकू से प्रत्यर्पित किया। इसके बाद उसे अजरबैजान से वापस लाया गया है। यह प्रत्यर्पण झारखंड एटीएस का ऐतिहासिक काम था। इस मामले की जानकारी देते हुए एटीएस के एसपी ऋषव कुमार झा ने कहा था कि हमने उसे बाकू, अज़रबैजान से प्रत्यर्पित किया है। झारखंड पुलिस के इतिहास में यह पहला सफल प्रत्यर्पण है और हमें उम्मीद है कि देश से बाहर रह रहे बाकी अपराधियों को भी जल्द ही प्रत्यर्पित या निर्वासित कर दिया जाएगा। झा ने कहा कि वह अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के बीच संपर्क सूत्र प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि हम मयंक से पूछताछ करेंगे और जेल में बंद दोनों गिरोहों के बीच रिश्तों के बारे में सभी जानकारी जुटाएंगे और उसके खिलाफ झारखंड, राजस्थान और अन्य जगहों पर 50 मामले दर्ज हैं। इसकी जांच की जाएगी।

रिश्वत लेते सीबीआई ने पकड़ा हेड कांस्टेबल, 1 लाख रुपए का मामला सामने आया

नई दिल्ली  केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। सीबीआई को हेड कांस्टेबल के रिश्वत लेने की जानकारी मिली थी। इसी क्रम में सीबीआई ने आरोपी पुलिसकर्मी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। सीबीआई ने 25 अगस्त को थाना अशोक विहार में तैनात दिल्ली पुलिस के आरोपी हेड कांस्टेबल और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोप है कि एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता से उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज न करने के लिए 3 लाख रुपए की मांग की थी। बातचीत के बाद, आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता के खिलाफ लंबित शिकायत को बंद करने के लिए 2 लाख रुपए की रिश्वत लेने पर सहमति जताई। आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता को 25 अगस्त को ही 1 लाख रुपए का आंशिक भुगतान करने का निर्देश दिया। सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी हेड कांस्टेबल को एक लाख रुपए की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। शिकायतकर्ता से आंशिक भुगतान के रूप में एक लाख रुपए वसूले गए। फिलहाल, सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। भ्रष्ट लोक सेवकों के विरुद्ध सीबीआई की सख्त कार्रवाई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जिन नागरिकों को भ्रष्टाचार के मामले देखने को मिलते हैं या जिनसे सरकारी अधिकारियों की ओर से रिश्वत की मांग की जाती है, तो वे व्यक्ति शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, सीबीआई ने नागरिकों के लिए 011-24367887 और मोबाइल नंबर 9650394847 भी साझा किए हैं, जहां वे अपनी शिकायत दे सकते हैं।

‘आप’ पार्टी पर कोई असर नहीं, आतिशी ने किया भरोसा दिलाने वाला बयान

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सौरभ भारद्वाज के घर हुई ईडी की रेड को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की डिग्री पर देशभर में उठ रहे सवालों से ध्यान भटकाने के लिए यह छापेमारी कराई गई है। आतिशी ने मंगलवार को यह आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और इसका मकसद जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाना है। जब एक आरटीआई कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री की डिग्री की जानकारी मांगी थी, तो केंद्रीय सूचना आयोग ने दिल्ली विश्वविद्यालय को डिग्री दिखाने का आदेश दिया। इसके बावजूद विश्वविद्यालय ने डिग्री नहीं दिखाई, बल्कि सीआईसी के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह कैसी यूनिवर्सिटी है, जिसे इस बात का गर्व नहीं है कि देश के प्रधानमंत्री उसके पूर्व छात्र रहे हैं? उदाहरण देते हुए आतिशी ने कहा कि जब रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री बनीं तो दिल्ली यूनिवर्सिटी ने उन्हें सम्मानित किया। इसी तरह, जब वह खुद मुख्यमंत्री बनीं तो सेंट स्टीफंस कॉलेज और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। लेकिन, दिल्ली यूनिवर्सिटी डिग्री सार्वजनिक करने से लगातार बच रही है। आतिशी ने कहा कि जिस समय का मामला बताया जा रहा है, 2018-19 के दौरान दिल्ली के 24 अस्पतालों के निर्माण से जुड़ा, उस वक्त सौरभ भारद्वाज मंत्री नहीं थे ही। वह दो साल बाद मंत्री बने। ऐसे में इस केस की कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इसी तर्क पर रेड हो सकती है तो क्या भाजपा-कांग्रेस शासनकाल के 2जी, कोल गेट और कॉमनवेल्थ घोटाले में प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री पर भी छापे मारे जाएंगे? आतिशी ने कहा कि 'आप' ने आज तक भ्रष्टाचार का एक भी मामला नहीं किया। उन्होंने सत्येंद्र जैन का उदाहरण दिया, जिन पर वर्षों तक कार्रवाई चली, लेकिन आखिरकार सीबीआई और ईडी को क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी क्योंकि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। इसी तरह, सौरभ भारद्वाज पर डाली गई रेड भी राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि 'आप' को डराने की हर कोशिश नाकाम होगी। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और सरकार की सच्चाई सामने लाते रहेंगे।

राजधानी स्टेशन से शुरू होगी मालाणी एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली स्टेशन अब नहीं

नई दिल्ली नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की संख्या अधिक होने से भीड़ प्रबंधन में परेशानी होती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य भी शुरू होने वाला है। इसे ध्यान में रखकर यहां से चलने वाली कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। पिछले माह नई दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित करने की घोषणा की गई थी। अब मालाणी एक्सप्रेस को पुरानी दिल्ली की जगह सराय रोहिल्ला से चलाने का निर्णय लिया गया है। मालाणी एक्सप्रेस (20487/20488) पुरानी दिल्ली से बाड़मेर के बीच चलती है। 29 अगस्त से इसका परिचालन सराय रोहिल्ला स्टेशन से होगा। यह ट्रेन सराय रोहिल्ला स्टेशन पर दोपहर 12.30 बजे सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। यहां से बाड़मेर के लिए अपराह्न 3.40 बजे रवाना होगी। जानकारी अनुसार आठ अन्य ट्रेनों के स्टेशन बदलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नई दिल्ली-बरौनी क्लोन ( 02563/02564) और नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन (02569/02570) को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से चलाने का प्रस्ताव है। वहीं, पुरानी दिल्ली-श्रीगंगानगर इंटरसिटी (12481/12482)। पुरानी दिल्ली-बठिंडा किसान एक्सप्रेस (14731/14732), पुरानी दिल्ली-हिसार पैसेंजर (54423/54424), पुरानी दिल्ली-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस (14023/14024), जाखल-पुरानी दिल्ली पैसेंजर (54036) और पुरानी दिल्ली-नरवाना पैसेंजस (54033) को शकूरबस्ती से चलाने की प्रस्ताव है। हाल ही में छह ट्रेनों को नई दिल्ली से अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित करने की घोषणा की गई थी।

सौरभ भारद्वाज के घर ED के छापे, हॉस्पिटल निर्माण घोटाले में जांच तेज

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के 13 ठिकानों पर ईडी छापेमारी कर रही है. उनके घर पर भी रेड चल रही है. AAP सरकार के दौरान स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मामले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्रियों सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन के खिलाफ ईडी ने जुलाई में केस दर्ज किया था. अब रेड की जा रही है, जिसपर पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है" और ये कि "AAP को टारगेट किया जा रहा है." सौरभ भारद्वाज के घर ED की रेड पर पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है. मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है. जिस तरह “आप” को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया. “आप” को इसलिए टारगेट किया जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्ट कामों के खिलाफ सबसे मुखर आवाज “आप” की है. मोदी सरकार हमारी आवाज दबाना चाहती है. ये कभी नहीं होगा." AAP के कार्यकाल के दो स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन की भूमिका 5,590 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में जांच के दायरे में है. ईडी के मुताबिक, 2018-19 में आम आदमी पार्टी सरकार ने 24 अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी थी. योजना थी कि छह महीने के भीतर आईसीयू अस्पताल तैयार कर दिए जाएंगे, लेकिन दावा है कि अब तक काम पूरा नहीं हुआ, जबकि 800 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं. अब तक सिर्फ 50% काम ही पूरा हुआ है. ईडी ने यह भी पाया कि दिल्ली सरकार के लोक नायक अस्पताल में निर्माण लागत 488 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. एजेंसी का आरोप है कि कई अस्पतालों में बिना सही मंजूरी के ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए. ACB ने अपने बयान में कहा था कि साल 2018-19 में अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी, जिनमें 11 ग्रीनफील्ड और 13 ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट शामिल थे. एसीबी ने क्या आरोप लगए? एसीबी द्वारा दर्ज मामले में कहा गया था कि शहरभर में अस्पतालों, पॉलीक्लिनिक और आईसीयू इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में भारी अनियमितताएं, बिना वजह देरी और बड़े पैमाने पर फंड की हेराफेरी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कई सौ करोड़ रुपये तक की लागत बढ़ोतरी दर्ज की गई और तय समय सीमा के भीतर एक भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ. केस उस समय का जब सौरभ नहीं थे मंत्री- आतिशी दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने एक एक्स पोस्ट में सौरभ भारद्वाज के घर रेड्स पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, "आज सौरभ जी के यहां रेड क्यों हुई? क्योंकि पूरे देश में मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं – क्या मोदी जी की डिग्री फर्जी है? इस चर्चा से ध्यान हटाने के लिए ही रेड डाली गई है. जिस समय का केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ जी मंत्री भी नहीं थे. यानी पूरा केस ही झूठा है. सत्येंद्र जी को भी तीन साल जेल में रखकर आखिरकार CBI/ED को क्लोजर रिपोर्ट देनी पड़ी. इससे साफ है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगाए गए सारे केस सिर्फ झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं." वीजेंद्र गुप्ता ने सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन के खिलाफ की थी शिकायत 22 अगस्त 2024 को उस समय के दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मामले की शिकायत की थी. इस शिकायत में जीएनसीटीडी (GNCTD) के तहत चल रही कई स्वास्थ्य से संबंधित परियोजनाओं में गंभीर अनियमितताओं और संदिग्ध भ्रष्टाचार की ओर इशारा किया गया था. शिकायत में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन का नाम लिया गया था, उन पर परियोजनाओं के बजट में सुनियोजित हेरफेर, सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और निजी ठेकेदारों के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए गए थे.

अब मेट्रो की टिकट पर बचत का मौका, इन ट्रिक्स से मिलेगा फ्री और डिस्काउंट

नई दिल्ली दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों की जेब अब ज्यादा ढीली होगी। दरअसल दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोमवार से टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं। यह बढ़ोतरी 1 रुपये से 4 रुपये के बीच होगी। वहीं एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर किराये में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस बात की जानकारी DMRC ने X पर अपने अकाउंट से पोस्ट करके दी है। इसके बाद से मेट्रो का सबसे कम किराया 10 रुपये से बढ़कर 11 रुपये हो जाएगा और लंबी दूरी के लिए अब 64 रुपये खर्च करने होंगे। सोशल मीडिया पर लोग इस बढ़ोतरी की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि कुछ तरीके हैं जिन्हें अपना कर आप न सिर्फ कम किराए में मेट्रो में सफर कर सकते हैं, बल्कि एक बार के लिए सफर को मुफ्त में भी एंजॉय कर सकते हैं। चलिए इनके बारे में डिटेल में जानते हैं। Rapido करवा रहा मेट्रो का मुफ्त सफर अगर आप मेट्रो में मुफ्त में सफर करना चाहते हैं, तो आप Rapido ऐप का इस्तेमाल करके ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए पहले आपको अपने फोन में Rapido ऐप को डाउनलोड करना होगा और उसमें लॉग इन करने के बाद आपको Book Metro Ticket के नाम से एक ऑप्शन दिख जाएगा। इसके बाद उन दो मेट्रो स्टेशन को चुनना होगा जहां से आप मेट्रो लेंगे और जहां उतरेंगे। मेट्रो स्टेशन चुनने के बाद METRO नाम का एक डिस्काउंट कूपन अपने आप अप्लाई हो जाएगा और आपका किराया 0 रुपये रह जाएगा। इस तरह से एक बार आप Rapido ऐप की मदद से मुफ्त में मेट्रो में सफर कर सकते हैं। Uber दे रहा 10% डिस्काउंट जिस तरह से फिलहाल Rapido मुफ्त में मेट्रो का सफर ऑफर कर रहा है, उसी तरह कुछ समय पहले Uber भी मुफ्त में मेट्रो टिकट ऑफर कर रहा था। हालांकि Uber पर यह ऑफर फिलहाल खत्म हो चुका है। हालांकि आप चाहें, तो Uber से मेट्रो टिकट बुक करवा कर किराये में 10% की छूट पा सकते हैं। इसके लिए आपको Uber की ऐप पर जाकर मेट्रो स्टेशन चुनने होंगे। इसके बाद किराये में खुद-ब-खुद 10% का डिस्काउंट अप्लाई हो जाएगा। बता दें कि यह डिस्काउंट ज्यादा से ज्यादा 10 रुपये तक मिलेगा। ऐसे में मेट्रो के किराए में हुई 1 से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी को आप इस डिस्काउंट के जरिए अपने लिए खत्म कर सकते हैं। WhatsApp से मेट्रो टिकट बता दें कि पिछले कुछ समय से अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर DMRC ने मेट्रो टिकट को बुक कराना संभव बनाया है। यही वजह कि अब आप चाहें, तो WhatsApp से आसानी से मेट्रो का टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए आपको 9650855800 पर WhatsApp मैसेज करना होगा। इसके बाद आपके सामने एक के बाद एक ऑप्शन आते जाएंगे और अपनी यात्रा के अनुसार उन्हें चुन कर आप आसानी से WhatsApp पर मेट्रो टिकट बुक करवा पाएंगे। WhatsApp पर टिकट बुक करवाने के बाद आपको QR Code की शक्ल में टिकट प्राप्त होंगी। इसे मेट्रो के गेट पर स्कैन कर आप आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

रेखा गुप्ता की सुरक्षा बदलने का फैसला, CRPF की जगह दिल्ली पुलिस देगी सुरक्षा

नई दिल्ली केंद्र ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को दी गई केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली है। कुछ दिन पहले ही गुप्ता पर हुए हमले के बाद उन्हें यह सुरक्षा प्रदान की गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनकी सुरक्षा का जिम्मा फिर से दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। सीएम रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त की सुबह सिविल लाइंस इलाके में स्थित उनके ऑफिस में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान गुजरात के राजकोट निवासी एक व्यक्ति ने हमला कर दिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हमले को ‘‘उनकी हत्या की सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया था। इस घटना के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विशिष्ट व्यक्तियों को दी जाने वाली सीआरपीएफ की ‘वीआईपी’ सिक्योरिटी विंग को केंद्र के ‘जेड’ श्रेणी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया था। सूत्रों ने बताया कि सीआरपीएफ सुरक्षा वापस ले ली गई है और अब दिल्ली पुलिस ही फिर से मुख्यमंत्री को सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ सुरक्षा बढ़ाने का आदेश केंद्र द्वारा औपचारिक रूप से जारी किया जाना था, लेकिन योजना में बदलाव हुआ और सुरक्षा वापस लेने के आदेश जारी किए गए। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री पर हमले की जांच के सिलसिले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें मुख्य आरोपी 41 वर्षीय राजेशभाई खिमजी सकारिया भी शामिल है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी है।

दिल्ली मेट्रो टिकट रेट अपडेट: अब कितने में होगी आपकी यात्रा?

नई दिल्ली दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए किराए में मामूली बढ़ोतरी की है. DMRC ने एक्स पोस्ट में जानकारी दी कि 25 अगस्त 2025 (सोमवार) से नई दरें लागू हो गई हैं. नए नियमों के तहत किराए में एक रुपये से चार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर यह बढ़ोतरी अधिकतम पांच रुपये तक होगी. DMRC का कहना है कि यह संशोधन दूरी के आधार पर तय किया गया है और इसे "मिनिमल इन्क्रीज" यानी मामूली बढ़ोतरी के रूप में लागू किया गया है. नई फेयर स्लैब्स अब सभी रूट्स पर लागू हो गए हैं और यात्री इन्हीं दरों पर यात्रा करेंगे. दूरी के हिसाब से तय किया गया किराया नए किराए के मुताबिक, सामान्य दिनों में 0-2 किलोमीटर की यात्रा का किराया 10 रुपये से बढ़कर 11 रुपये हो गया है. वहीं 2-5 किलोमीटर तक का किराया 20 रुपये से 21 रुपये कर दिया गया है. 5-12 किलोमीटर की दूरी पर किराया 30 रुपये से 32 रुपये और 12-21 किलोमीटर के लिए 40 रुपये से 43 रुपये कर दिया गया है. दिल्ली मेट्रो ने एक्स पोस्ट में आगे जानकारी दी है कि, 21-32 किलोमीटर की यात्रा के लिए किराया 50 रुपये से 54 रुपये और 32 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए 60 रुपये से बढ़ाकर 64 रुपये किया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने किराया बढ़ोतरी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करके दी. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “दिल्ली मेट्रो सेवाओं के यात्री किराए आज यानी 25 अगस्त 2025 से संशोधित किए गए हैं. वृद्धि न्यूनतम है, जो यात्रा की दूरी के आधार पर है.” नया किराया      मेट्रो में 0-2 किलोमीटर दूरी तक सफर करने पर पहले 10 रुपये किराया लगता था, जो अब बढ़कर 11 रुपये हो गया है.      2-5 किलोमीटर दूरी तक के सफर पर 20 रुपये किराया लगता था, अब यह बढ़कर 21 रुपये हो गया है.      5 से 12 किलोमीटर दूरी के लिए पहले 30 रुपये किराया लगता था, वहीं अब 32 रुपये लगेगा.      12 से 21 किलोमीटर दूरी के लिए पहले 40 रुपये का किराया था, अब 43 रुपये लगेगा.      21 से 32 किलोमीटर दूरी तक सफर करने पर पहले 50 रुपये लगते थे, अब 54 रुपये लगेंगे.      32 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर पहले 60 रुपये किराया लगता था, वहीं अब 64 रुपये लगेगा. स्मार्ट कार्ड का उपयोग करने वाले यात्रियों को मिलेगी छूट मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किराया बढ़ोतरी के बाद भी उन यात्रियों को किराए में 10 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी जो स्मार्ट कार्ड का उपयोग करते हैं. इसके अलावा ऑफ-पीक घंटों—यानी सुबह 8 बजे से पहले, दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक और रात 9 बजे के बाद—अतिरिक्त 10 प्रतिशत छूट भी मिलेगी.

झमाझम बारिश से बदला दिल्ली-एनसीआर का मिजाज

नई दिल्ली दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शनिवार को शाम को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। कई इलाकों में झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में यलो अलर्ट जारी किया था। इस बारिश की वजह से लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली है। झमाझम बारिश होने की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दस दिनों से जेवर क्षेत्र में वर्षा न होने से लोगों का उमस भरी गर्मी से हाल बेहाल था। वहीं धान सहित खरीफ की सभी फसलों में सिंचाई को लेकर किसानों ने तैयारियां शुरू कर दी थी। लेकिन शनिवार दोपहर तेज हवा के साथ बादलों का रूख बदला और रिमझिम वर्षा शुरू हो गई। शाम होते होते जोरदार वर्षा से मौसम सुहावना हो गया जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। किसानों के खेतों में खड़ी धान,गन्ना, बाजरा व ज्वार सहित सभी फसलों में सिंचाई का काम भी पूरा हो गया जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है।  

खाटूश्यामजी दर्शन के लिए शुरू हुई हेलिकॉप्टर सेवा, दिल्ली से मिनटों में पहुंचेंगे भक्त

नई दिल्ली  दिल्ली-एनसीआर के श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! बाबा श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन अब पहले से कहीं अधिक आसान और शानदार हो गए हैं। 23 अगस्त 2025 को दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ हुआ। इस सेवा का उद्घाटन प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉ कुमार विश्वास ने अपने परिवार के साथ पहली यात्रा करके किया। यह सेवा श्रद्धालुओं को एक ही दिन में दोनों प्रमुख धामों के दर्शन का अवसर प्रदान करती है, जिसमें लग्जरी यात्रा और VIP सुविधाएं शामिल हैं। बता दें, पहली उड़ान शनिवार सुबह 9:30 बजे रोहिणी हेलीपोर्ट से रवाना हुई और खाटूश्यामजी से 9 किलोमीटर दूर जालूण्ड हेलीपैड पर उतरी। वहां से श्रद्धालुओं को कारों के जरिए खाटूश्यामजी मंदिर ले जाया गया, जहां उन्हें बिना कतार के गर्भगृह में VIP दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दर्शन के बाद यात्री हेलिकॉप्टर से सालासर बालाजी रवाना हुए और शाम तक दिल्ली वापस लौट आए।   किराया और सुविधाएं इस हेलिकॉप्टर सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 95,000 रुपये निर्धारित किया गया है। यह किराया केवल हेलिकॉप्टर की लग्जरी यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई विशेष सुविधाएं भी शामिल हैं। यात्रियों को दोनों मंदिरों में VIP दर्शन की सुविधा मिलती है, जिससे लंबी कतारों से बचा जा सकता है। हेलिकॉप्टर में आरामदायक सीटिंग, हवाई नजारे का आनंद और अनुभवी पायलटों की देखरेख में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जाती है। इसके अलावा, खाटूश्यामजी में होटल में ट्विन-शेयरिंग आधार पर फ्रेश-अप के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। अलग कमरे के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन की व्यवस्था भी की जाती है। साथ ही, यात्रियों को दोनों मंदिरों के इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाती है। कुमार विश्वास का अनुभव पहली यात्रा के यात्री डॉ. कुमार विश्वास ने इस सेवा को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रथम यात्री के रूप में बाबा श्याम के दर्शन का सौभाग्य मिला। यह दैवीय विधान है कि जब बाबा बुलाते हैं, तभी दर्शन संभव होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में आध्यात्मिकता के प्रति लोगों, खासकर युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। इस साल ताजमहल की तुलना में राम मंदिर, वृंदावन और खाटूश्यामजी जैसे तीर्थस्थलों पर अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। कुमार विश्वास ने कहा कि यह सेवा भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिदृश्य के उदय का प्रतीक है। खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जैसे तीर्थस्थल भक्तों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। यह हेलिकॉप्टर सेवा न केवल समय बचाती है, बल्कि श्रद्धालुओं को एक अनूठा और आरामदायक अनुभव भी प्रदान करती है। सेवा का संचालन और महत्व गौरतलब है कि यह हेलिकॉप्टर सेवा स्पंदन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है, जो देशभर में निजी चार्टर सेवाओं, सरकारी सर्वेक्षण और लग्जरी ट्रैवल में पहचान रखती है। फिलहाल, प्रतिदिन एक उड़ान संचालित होगी, जो सुबह शुरू होकर शाम तक पूरी हो जाएगी। खाटूश्यामजी में 52 बीघा पार्किंग क्षेत्र में हेलीपैड बनाया गया है। यह सेवा दिल्ली-एनसीआर के उन श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी।