samacharsecretary.com

घाटशिला सीट पर चुनावी शोर हुआ शांत, 14 को मतदाता तय करेंगे 13 उम्मीदवारों का भविष्य

घाटशिला घाटशिला विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रचार का समय आज शाम से थमा चुनाव प्रचार। सोमवार को सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों को सुरक्षा बलों के साथ ईवीएम देकर भेजा जाएगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। उक्त अवधि के पश्चात प्रचार करते हुए पाए जाने या विधानसभा क्षेत्र के बाहर के राजनीतिक व्यक्ति, कार्यकर्ताओं को संबंधित विधानसभा क्षेत्र में मौजूद पाए जाने पर सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। मतदान की तिथि से 72 घंटे पूर्व असामाजिक व विघटनकारी तत्वों की घुसपैठ को रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं व अंतर जिला सीमाएं भी सील होगी। वही, भाजपा और झामुमो के नेताओं द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में पूरी ताकत झोंकी गई। आज भी सभी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंकेगे। बता दें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से खाली हुई इस सीट पर अब उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन मैदान में हैं और भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन ताल ठोक रहे हैं। दोनों ही संताल समाज से आते हैं। इसलिए संभावना है कि आदिवासी मत दोनों तरफ जाएगा। भाजपा के अपने सहयोगी लोजपा के सहारे चार प्रतिशत दलित मतों को साथ लाने की कोशिश में हैं। झामुमो गठबंधन के मुस्लिम मंत्री भी अल्पसंख्यक मतों को अपने पाले में लाने के लिए लगे हैं, लेकिन भाजपा आदिवासी मतों के अलावा कुड़मी, पिछड़ी और अन्य दलित मतों पर नजर रख रही है। चंपाई के गहरे मित्र विद्युतवरण महतो की भी इस क्षेत्र में काफी पकड़ है। वे तीन बार से जमशेदपुर लोकसभा के सांसद भी हैं।

दूसरे चरण की वोटिंग कल, आज थमेगा चुनावी शोर— इन विधानसभा सीटों पर शाम 4 बजे तक होगा मतदान

पटना बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज दूसरे चरण का मतदान दो दिन बाद यानी 11 नवंबर को होगा। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। शाम पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए 45339 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इनमें से 4109 बूथों को संवेदनशील बनाया गया है। इसमें 4003 अतिसंविदनशील बूथ घोषित हैं। यहां पर चार बजे तक मतदान होगा। इन विधानसभा में शाम चार बजे तक वोटिंग कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी के (36 बूथ), बोधगया (200 बूथ), रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा, चकाई विधानसभा में बनाए गए बूथों पर शाम चार बजे मतदान होगा। वहीं बोधगया में 106 बूथों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इन बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात रहने का निर्देश दिया गया है। जानिए, दूसरे चरण में कितने मतदाता दूसरे चरण के मतदान में 1302 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं। इनमें 1165 पुरुष उम्मीदवार, 136 महिला उम्मीदवार और एक थर्ड जेंड हैं। वहीं तीन करोड़ 70 लाख मतदाता दूसरे चरण में मतदान करेंगे। एक करोड़ 95 लाख पुरुष वोटर हैं। एक करोड़ 74 लाख महिला वोटर हैं। चार लाख चार हजार दिव्यांग वोटर हैं। 63373 सर्विस वोटर हैं। 943 थर्ड जेंडर हैं। 43 एनआरआई हैं। वहीं 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या सात लाख 69 हजार 356 है। 

सुरक्षा बढ़ी तो तेजप्रताप यादव का आरोप: मेरी हत्या करवाई जा सकती है

पटना  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेजप्रताप यादव ने कहा है कि उनकी जान को खतरा है इसलिए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार ने तेजप्रताप यादव की हाल में सुरक्षा बढ़ाई है। उन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद तेजप्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे ऊपर खतरा है। इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। मेरी हत्या भी लोग करा देंगे। ढेर सारे लोग लगे हुए हैं। तेजप्रताप यादव ने यह भी उनकी मांगें सुन ली गई हैं और उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गृह मंत्रालय के आदेश के बाद सीआरपीएफ की सुरक्षा टीम उन्हें कवर देगी। तेजप्रताप यादव को यह सुरक्षा वीआईपी प्रोटेक्शन लिस्ट के तहत दी गई है। इस प्रकार की सुरक्षा में 11 कमांडो तैनात किए जाते हैं। इनमें पांच घर और आसपास रहते हैं व छह जवान तीन शिफ्ट में सुरक्षा में तैनात रहते हैं। छोटे भाई को दी जन्मदिन की बधाई इसी के साथ तेजप्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई भी दी है। तेजस्वी यादव 37 साल के हो गए हैं और अपना जन्मदिन मना रहे हैं। तेजस्वी यादव की बहन मीसा भारती ने जन्मदिन की कुछ तस्वीरें शेयर की थी जिसमें तेजस्वी यादव परिवार के सदस्यों के साथ केक काटते और जन्मदिन मनाते नजर आ रहे थे। छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई देते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी का जन्मदिन है औऱ मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। आशा करता हूं कि उनका भविष्य उज्ज्वल हो। उन्हें मेरा आशीर्वाद है।' पहले भी जता चुके हैं अपनी जान पर खतरा आपको याद दिला दें कि इसी साल जून के महीने में भी तेजप्रताप यादव ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा थ कि उनकी जान को खतरा है और उन्होंने सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। तेजप्रताप यादव ने कहा था कि हमको जान का खतरा है। हमारे दुश्मन सभी जगह लगे हुए हैं। जो चार-पांच लोग हैं वो मिलकर हमारे निजी जीवन को बर्बाद करने पर तुले हैं। पार्टी और परिवार से निकाले जा चुके हैं तेजप्रताप यादव लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को इसी साल उनके पिता ने पार्टी औऱ परिवार से बाहर निकाल दिया था। दरअसल तेजप्रताप यादव की एक तस्वीर अनुष्का यादव के साथ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने यह कदम उठाया था। पार्टी और परिवार से अलग होने के बाद तेजप्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल के नाम से अपनी पार्टी बनाई और उनकी पार्टी इस बार बिहार चुनाव के दंगल में भी कूद पड़ी है। तेजप्रताप यादव शुरू से कहते आए हैं कि कुछ जयचंदों ने उनके खिलाफ साजिश रची और उन्हें परिवार से बाहर निकलवाया था।

पैसा, शॉल और गुलदस्ता के साथ तेजस्वी यादव का जन्मदिन, समर्थक जुटे खुशी मनाने

पटना बिहार में चुनावी हलचल तेज है। इस बीच राज्य के नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव अपना जन्मदिन भी मना रहे हैं। तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए उनके समर्थक पटना पहुंचे थे। यह समर्थक गाजे-बाजे के साथ पटना आए थे। चुनावी रैलियों के लिए पटना से निकलने से पहले उनके समर्थकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके आवास के बाहर सुबह से ही समर्थकों का जमावड़ा था। बैंड-बाजा और मिठाई लेकर तेजस्वी यादव के समर्थक खड़े नजर आए। जन्मदिन पर तेजस्वी के समर्थकों ने उन्हें शॉल और गुलदस्ता भेंट किया। इसके अलावा एक समर्थक नोट उड़ाते भी नजर आए। तेजस्वी यादव ने समर्थकों का धन्यवाद भी किया। अपने नेता के जन्मदिन के मौके पर समर्थक सड़क पर नाचते और पैसे लुटाते भी नजर आए। कई समर्थकों के हाथ में मिठाइयों की टोकरियां थीं। तेजस्वी यादव के घर के बाहर जश्न का नजारा दिखा। तेजस्वी यादव ने परिवार संग मनाया बर्थडे इससे पहले तेजस्वी यादव ने परिवार वालों के साथ भी जन्मदिन मनाया है। जन्मदिन मनाने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। तेजस्वी यादव की बहन मीसा भारती ने अपने फेसबुक पेज पर तेजस्वी के जन्मदिन मनाने की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएँ और आशीर्वाद भाई। तुम हमेशा स्वस्थ, प्रसन्न और सफल रहो। जीवन के हर पड़ाव पर तुम्हारी मेहनत, लगन और सच्चाई तुम्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचाए। ईश्वर तुम्हें वो शक्ति दे कि तुम अपने सपनों को साकार कर सको और हर एक आशावान का गर्व बनो। तुम्हारी मुस्कान यूँ ही बनी रहे और हर आने वाला वर्ष तुम्हारे जीवन में नई रोशनी और उपलब्धियाँ लेकर आए। ’ 36 पॉन्ड का केक कटेगा.. बता दें कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव रविवार को 36 वर्ष के हो जाएंगे। राजद ने उनके जन्मदिन को मनाने की पूरी तैयारी की है। पार्टी ने प्रदेश कार्यालय में 36 पॉन्ड का केक काटने का निर्णय लिया है। साथ ही गरीब बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल भी वितरित की जाएगी। वहीं पार्टी नेताओं की ओर से कार्यालय के बाहर एक पोस्टर भी लगाया गया है जिसमें तेजस्वी को बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी उपहार स्वरूप भेंट किया गया है। इस बाबत प्रदेश महासचिव भाई अरुण कुमार और सृजन स्वराज की ओर से लगाए गए पोस्टर में पार्टी के अन्य नेताओं की भी तस्वीर है। चुनाव पर क्या बोले तेजस्वी यादव… नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इस बार माहौल बहुत अच्छा है। बिहार की जनता आशीर्वाद दे रही है और बदलाव के लिए वोट कर रही है। 11 नवंबर को भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हो या केंद्र के मंत्री, ये लोग 65% आरक्षण के बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं जो हमारी सरकार ने 17 महीने में बढ़ाया था। प्रधानमंत्री 65 प्रतिशत आरक्षण खाकर बैठ गए हैं। उन्हें बिहार में पढ़ाई, कमाई, सिंचाई की बात करनी चाहिए। बताना चाहिए कि बिहार को क्या दिया गुजरात को क्या दिया। इस पर कोई बात नहीं हो रही है।

योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर वार: ‘काले अतीत वालों पर विश्वास करना खतरे से खाली नहीं’

पटना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बिहार के अररिया जनपद पहुंचे. जहां उन्होंने सिकटी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि विकसित बिहार’ का निर्माण BJP-NDA की शीर्ष प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील की. सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव चल रहा है. पहले चरण का चुनाव सम्मपन्न हो गया है. दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को आपको मतदान करना है. पहले चरण के मतदान में जो उत्साह आपने दिखाया है, ये उमंग इस बात को बताता है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेंगी तो बिहार की जनता फिर से निर्णय लेने वाली है कि फिर एक बार NDA सरकार. योगी ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है. लेकिन आज बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ने वाले लोग बिहार के असली अपराधी हैं. नौजवानों और बिहार का नागरिकों के सामने पहचान का ये संकट, बिहार में जंगलराज लाने का पाप करने वाल आज भी आपको लालच देने का प्रयास कर रहे हैं, नौकरी के नाम पर बहकाने का प्रयास कर रहे हैं. लेकिन जिन लोगों का अतीत काला है उन लोगों पर विश्वास करने की आवश्यकता नहीं. बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आने देना है- योगी सीएम ने कहा कि ये वहीं लोग हैं जिन्होंने बिहार को पीछे के पायदान पर धकेला वही लोग बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं. कांग्रेस और आरजेडी की सरकार के समय जो बिहार कभी दुनिया को ज्ञान देता था, उस बिहार के सामने खुद की साक्षरता पर संकट ला दिया था. 2005 में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी. जिसके बाद बिहार का नौजवान आईएएस, आईपीएस, आईएफएस बनता है, बिहार का नौजवान हर क्षेत्र में कुछ नया करके देश और दुनिया के लिए नया मॉडल तैयार कर रहा है. बिहार की विकास की यात्रा थमनी नहीं चाहिए. याद रखिए लोग बड़ी-बड़ी बातें करेंगे लेकिन बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आने देना है.

15 नवंबर झारखंड स्थापना दिवस: रांची नगर निगम ने की तैयारियों में झोंकी ताकत

रांची झारखंड राज्य के 25 वें स्थापना दिवस के सफल व भव्य आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने पूरी तत्परता से जुटा है। वर्ष 2000 में झारखंड के गठन की परिणति को यादगार बनाने के लिए 15 और 16 नवम्बर को मोरहाबादी मैदान में भव्य स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में अपर प्रशासक ने कहा कि कार्यक्रम की प्रत्येक गतिविधि समय से पूरी हो और किसी प्रकार की असुविधा आमजन को न हो। उन्होंने साफ-सफाई, पथ बत्ती, अतिक्रमण मुक्त पथ, पेयजल, पाकिर्ंग, रंग रोगन, पेड़ो की छंटाई, चलंत शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उप प्रशासक रविंद्र कुमार, गौतम प्रसाद साहू सहित निगम के कई पदाधिकारी और साफ-सफाई कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि इस बैठक में मौजूद रहे। राज्य स्थापना दिवस से पहले कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 नवंबर को‘रन फॉर झारखंड' के जरिए खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा। 12 नवंबर को रांची के प्रमुख स्थलों पर झारखंड की सांस्कृतिक नृत्यों का आयोजन होगा। मोरहाबादी मैदान में होगा मुख्य आयोजन अपर प्रशासक ने कहा कि 13 नवंबर को 'नो योर टूरिस्ट प्लेस' कार्यक्रम के तहत पर्यटक स्थलों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। 14 नवंबर को वॉल पेंटिंग के जरिए लोगों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्य आयोजन 15 और 16 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झारखंड की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इस तरह के आयोजन न सिर्फ राज्य के गौरव को बढ़ाएंगे बल्कि लोगों में एकता व भाईचारे की भावना भी उत्साहित करेंगे। नगर निगम ने सुनिश्चित किया है कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हो और आमजन के लिए स्वच्छ, संरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल तैयार किया जाए। झारखंड वासियों को इस बार का स्थापना दिवस उत्साह व उमंग से मनाने का अवसर मिलेगा। बता दें कि झारखंड अपना स्थापना दिवस 15 नवंबर को मनाता है, क्योंकि इसी दिन साल 2000 में बिहार से अलग होकर यह भारत का 28वां राज्य बना था। यह दिन बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया  

सीमांचल से अमित शाह का हमला: राहुल और तेजस्वी पर साधा निशाना

पूर्णिया  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार के पूर्णिया में विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान अमित शाह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राजग 160 से अधिक सीट हासिल करके बिहार में सरकार बनाएगा। पहले चरण के चुनाव में आधे राज्य ने पहले ही कांग्रेस-राजद को बाहर का दरवाजा दिखा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्णिया में विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल और तेजस्वी बिहार के सीमांचल क्षेत्र को घुसपैठियों का अड्डा बनाने पर तुले हुए हैं। अभी-अभी राहुल बाबा और लालू प्रसाद का बेटा तेजस्वी यादव घुसपैठिए बचाओ यात्रा लेकर निकले थे। वो चाहते हैं कि सीमांचल घुसपैठियों का गढ़ बने लेकिन मैं कहता हूं कि ना केवल सीमांचल बल्कि पूरे बिहार से एक-एक घुसपैठिए को हम चुन-चुनकर निकालने का काम करेंगे। हर घुसपैठिये की पहचान की जाएगी, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे और उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा इस चुनाव में दो खेमे लगे हैं- एक ओर बिखरा हुआ ठगबंधन है और दूसरी ओर पांच पांडवों की तरह NDA है। आधे बिहार ने वोट डाल दिए हैं। पहले चरण के चुनाव में लालू और राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। बिहार में 160 से ज्यादा सीटों के साथ NDA की सरकार बनने वाली है। मोदी जी और नीतीश बाबू के नेतृत्व में बिहार बहुत आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का नीतीश कुमार पर तीखा हमला, बयान से मचा राजनीतिक बवाल

रांची बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह देते हुए कहा कि PM मोदी की कनपट्टी पर कट्टा रखिए और खुद को CM घोषित करवाइए। "कट्टा" वाली टिप्पणी पर बोलते हुए, खेड़ा ने कहा, "हम नीतीश बाबू को सलाह दे रहे हैं: बंदूक उठाओ और PM मोदी की कनपटी पर लगाओ और खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर दो।" इससे पहले, पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि बिहार चुनाव के पहले चरण में पीढ़ियों से वोट डालने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर हरियाणा में वोटों में हेराफेरी करने के लिए कथित तौर पर मिलकर काम करने का आरोप लगाया। पहले चरण में 72 सीटें जीतने का भरोसा जताया पवन खेड़ा ने  6 नवंबर को हुए बिहार चुनाव के पहले चरण में कुल 121 सीटों में से 72 सीटें जीतने का भरोसा जताया। उन्होंने इस बार स्ट्राइक रेट तोड़ने का भी दावा किया। उन्होंने कहा, "मैंने सुना है कि प्रधानमंत्री मोदी की कुछ रैलियों में कटौती की गई है। उन्हें डर है कि प्रतिक्रिया सकारात्मक नहीं है। चुनाव के पहले चरण के नतीजे सामने हैं। हम 121 में से 72 सीटें पूर्ण बहुमत से जीतेंगे।"

पीके का राहुल गांधी पर वार: बिहार चुनाव को हाईजैक करने की कोशिश हो रही है

पटना जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'वोट चारी' वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में वोट चोरी का मुद्दा न कभी था, न है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा से लड़ रहे हैं। प्रशांत किशोर ने कहा, "बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। बिहार की जनता जानना चाहती है कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोज़गार कब मिलेगा और राज्य की दुर्दशा कब सुधरेगी। इसका वोट चोरी से क्या लेना-देना?… अगर दिल्ली में वोट चोरी का मुद्दा है, तो चुनाव आयोग को घेरिए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। इसके लिए बिहार चुनाव को क्यों हाईजैक कर रहे हैं?" जन सुराज के संस्थापक ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा, "पहले प्रवासी मजदूर एनडीए को वोट देते थे… आज नहीं दे रहे। वे बिहार में कारखाने और रोज़गार चाहते हैं। गृह मंत्री अमित शाह कह रहे हैं कि बिहार में कारखानों के लिए जमीन नहीं है। आप लोगों को उनसे पूछना चाहिए कि अगर कारखानों के लिए जमीन नहीं है, तो पंजाब और बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाली बड़ी सड़कें बनाने के लिए उन्हें बिहार में ज़मीन कहां से मिली? अगर आपको सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने हैं, तो बिहार में जमीन है, लेकिन अगर आप बिहार के बच्चों के लिए कारखाने बनाना चाहते हैं, तो यहां जमीन नहीं है।"

चिराग पासवान बोले — बिहार में एनडीए की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी

पटना, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि एनडीए 160 से अधिक सीट जीतकर सरकार बनाएगा। चिराग पासवान ने कहा कि पहले चरण में हुई दमदार वोटिंग इसी ओर इशारा कर रही है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए दावा किया है पहले चरण के रुझान साफ तौर पर इशारा कर रहे हैं कि एनडीए सरकार बना रही है। हम अपने सभी उम्मीदवारों से फीडबैक ले रहे हैं और उस आधार पर कह रहे हैं कि एनडीए सरकार बना रही है, इसमें कोई शक नहीं है। चिराग ने दावा किया है कि एनडीए बिहार में 175 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मेरा यह भी मानना है कि दूसरे चरण के मतदान के बाद अगर हम 2010 के रिकॉर्ड को भी पार कर जाएं, तो भी कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बिहार के लोगों से प्रेम करते हैं। उनके बार-बार बिहार आने और प्रदेशवासियों को सौगात देने से जनता में डबल इंजन सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। राहुल गांधी के वोट चोरी के बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनाव हार रहे हैं, उन्हें हार का अनुभव है। इस अनुभव से ही वह चुनाव हारने से पहले बहाने तैयार कर लेते हैं। इस बार भी एसआईआर का बहाना बनाया, लेकिन जनता ने मतदान कर जवाब दिया है। चिराग ने कहा कि पहले यह लोग ईवीएम को दोष देते थे। अब नया बहाना एसआईआर का लेकर आए हैं, लेकिन यह मुद्दा कुछ साल चलेगा। इसके बाद राहुल गांधी कुछ और बहाना लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि एसआईआर जरूरी था और वोटर लिस्ट से उन लोगों के नाम काटे गए जो अवैध थे। वैध मतदाताओं ने पहले चरण में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। चिराग ने पूछा कि अगर वैध मतदाताओं के वोट काटे जाते तो राजनीतिक दलों की ओर से आपत्ति जताई जाती, लेकिन कोई आपत्ति नहीं जताई गई। इससे साफ है कि एसआईआर के मुद्दे पर राहुल गांधी ने सिर्फ झूठ बोला। तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए चिराग पासवान ने कहा कि तेजस्वी यादव सिर्फ भावी मुख्यमंत्री ही रहेंगे, इससे ज्यादा कुछ नहीं बन पाएंगे। राजद के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएं। अगर ऐसा हो रहा है तो बिल्कुल गलत है और ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। अगर सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं तो हमें इसकी चिंता उनसे ज्यादा है, क्योंकि हम ईमानदारी और निष्ठा से काम करने वाले लोग हैं। ये तो 90 के दशक में बूथ लूटते थे।