samacharsecretary.com

हरियाणा सदन में एक लाख लोगों की पेंशन कटने को CM सैनी ने बताया विपक्ष का भ्रम

पंचकूला. हरियाणा विधानसभा के सत्र के दौरान पिछले डेढ़ साल में काटी गई बुढ़ापा पेंशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में मंत्री कृष्ण बेदी ने पेंशन से जुड़ी जानकारी सदन को दी। पेंशन के आंकड़ों को लेकर सदन में भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पेंशन कटने की गलत अफवाह फैलाना पाप है। उन्होंने कांग्रेस शासन काल की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस के समय बुजुर्गों को 6-6 महीने तक पेंशन के लिए भटकना पड़ता था। लेकिन आज हमारी सरकार में बुजुर्गों को घर बैठे सम्मानपूर्वक पेंशन मिल रही है और मोबाइल पर सीधा मैसेज आता है। बुजुर्गों का सम्मान सर्वोपरि सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बुजुर्गों को पिता समान मानती है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के मुफ्त इलाज की सुविधा को ऐतिहासिक कदम बताया। विनेश फोगाट की प्रतिक्रिया विनेश फौगाट ने रामराय गांव में नेशनल ओर इंटरनेशनल प्लेयर्स की सुविधा के लिए स्विमिंग पूल नहीं होने का मुद्दा उठाया तो खेल मंत्री से हुई बहस। कांग्रेस विधायक विनेश ने कहा कि प्लेयर्स की समस्याओं को लेकर मंत्री जी को बार-बार कॉल करती हूं लेकिन यह फोन ही नहीं उठाते। खेल मंत्री ने कहा की पॉलिसी के अनुसार वहां स्विमिंग पुल बनाना व्याहारिक नहीं है।

हरियाणा में CET Group D परीक्षा को लेकर आवेदन पोर्टल जल्द होगा शुरू

हिसार. हरियाणा में सीईटी ग्रुप-D की परीक्षा का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर आई है। हरियाणा कर्मचारी आयोग (HSSC) द्वारा CET Group D भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इस संबंध में अमेंडमेंट नोटिफिकेशन प्राप्त कर लिया गया है। हाल ही में हरियाणा कर्मचारी आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म का प्रयोग कर पोस्ट शेयर की, जिसमें उम्मीदवारों के लिए आवेदन पोर्टल जल्द शुरू करने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही भर्ती को लेकर एक विस्तृत नोटिस भी जल्द जारी किया जाएगा, जिसमें आवेदन से लेकर अन्य आवश्यक सूचना दी गई है। जानें HSSC CET Group D 2026 आवेदन कैसे करें 1. आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। 2. वेबसाइट पर दिए गए 'HSSC CET Group D 2026 Application Form' के लिंक पर क्लिक करें। 3. स्क्रीन पर खुले लॉगिन पेज पर वैध आईडी और मोबाइल नंबर की सहायता से लॉगिन क्रिएट करें आवेदन फॉर्म भरें। 4. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवश्यक दस्तावेज (मार्कशीट, फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र आदि) अपलोड करें। 5. आवेदन शुल्क का भुगतान कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और फॉर्म को डाउनलोड करना न भूलें।

हरियाणा में समय से पहले सर्दी खत्म होने से चढ़ेगा पारा

हिसार. प्रदेश में इस बार सर्दी तय समय से करीब एक माह पहले ही विदा ले ली है। बीते वर्षों में जहां 15 मार्च तक हल्की-मीठी ठंड बनी रहती थी, वहीं इस बार फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले एक सप्ताह में पारा 30 डिग्री के पार जा सकता है। पश्चिमी हवाओं के कारण हवा में नमी लगातार घट रही है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में धुंध और कोहरे की संभावना बेहद कम है। शुष्क हवाएं नमी को सोख लेती है, जिससे मौसम साफ और गर्म बना रहता है। मौसम विज्ञानी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि एक मार्च और सात मार्च को प्रदेश में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, लेकिन इनका विशेष प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। इन प्रणालियों से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ कैस्पियन सागर क्षेत्र से उत्पन्न होकर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी ग्रहण करते हैं। चक्रवाती परिसंचरण बनने पर वर्षा की संभावना बनती है, लेकिन फिलहाल प्रदेश में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के संकेत नहीं हैं। ऐसे में मार्च महीने में अधिकांश जिलों का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को मौसम साफ और शुष्क रहा। दिन में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि सुबह हल्की ठंड महसूस हुई। हवा में नमी कम रहने से मौसम शुष्क बना रहा। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री के आसपास रहा। हिसार में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक मेवात में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान (डिग्री सेल्सियस में)     जिला – न्यूनतम – अधिकतम     अंबाला – 13.6 – 26.4     हिसार – 11.0 – 29.4     महेंद्रगढ़ – 12.0 – 28.0     रोहतक – 12.0 – 27.1     भिवानी – 12.0 – 27.0     गुरुग्राम – 12.0 – 28.3     जींद – 10.4 – 27.7     मेवात – 14.3 – 29.8     सोनीपत – 13.6 – 29.7

अनिल विज की सेहत में लगातार हो रहा सुधार

चंडीगढ़. विपरीत परिस्थितियों से निकलकर और मजबूत होकर सामने आना—यही अनिल विज की राजनीतिक यात्रा की पहचान रहा है।  हरियाणा की राजनीति में कुछ नाम ऐसे हैं जो केवल पद से नहीं, बल्कि अपने जुझारू स्वभाव और निरंतर सक्रियता से पहचाने जाते हैं। अनिल विज उन्हीं नेताओं में से एक हैं। वर्तमान में दोनों टांगों में फ्रैक्चर के कारण विश्राम पर होने के बावजूद उनका राजनीतिक और प्रशासनिक संकल्प चर्चा का विषय बना हुआ है। अतीत गवाह है कि विपरीत परिस्थितियाँ उन्हें रोक नहीं पाईं, बल्कि हर चुनौती के बाद वे और अधिक दृढ़ होकर उभरे हैं। कोरोना काल: नेतृत्व की कठिन परीक्षा कोविड-19 महामारी आधुनिक इतिहास के सबसे बड़े स्वास्थ्य संकटों में से एक मानी जाएगी। जब पूरा देश भय, अनिश्चितता और संसाधनों की कमी से जूझ रहा था, तब हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग की कमान अनिल विज के हाथों में थी। यह वह समय था जब एक-एक निर्णय हजारों लोगों के जीवन से जुड़ा था। महामारी की पहली और दूसरी लहर के दौरान अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सबसे बड़ी चुनौती थी। संसाधनों की सीमाएँ, तेजी से बढ़ते संक्रमण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति तंत्र की बाधाओं ने परिस्थितियों को और जटिल बना दिया। विपक्ष और सामाजिक संगठनों की ओर से सवाल भी उठे, लेकिन स्वास्थ्य तंत्र को संभालना अपने आप में बड़ी परीक्षा थी। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझने के बावजूद अनिल विज ने सक्रिय प्रशासनिक भूमिका निभाई। उपचार के दौरान भी वे विभागीय बैठकों की निगरानी करते रहे और स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के निर्देश देते रहे। ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहते हुए सचिवालय पहुंचकर समीक्षा बैठकें करने की उनकी छवि ने समर्थकों के बीच उन्हें “कर्तव्यपथ का योद्धा” बना दिया। ऑक्सीजन संकट से मुकाबला दूसरी लहर के दौरान देश के कई हिस्सों में ऑक्सीजन की कमी गंभीर समस्या बन गई थी। हरियाणा में ऑक्सीजन आपूर्ति की नियमित समीक्षा, नए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना और अस्पतालों में पाइपलाइन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयास किए गए। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी बढ़ाई गई। संकट की इस घड़ी में त्वरित निर्णय और समन्वयात्मक प्रशासनिक कार्रवाई पर विशेष जोर रहा। सात बार विधायक: स्थायी जनविश्वास का प्रमाण अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र से सात बार विधायक चुना जाना उनके लंबे राजनीतिक सफर और मजबूत जनाधार का प्रमाण है। छात्र राजनीति से शुरू हुआ उनका सार्वजनिक जीवन राज्य के वरिष्ठ नेताओं की श्रेणी तक पहुंचा। 1996 में पहली बार विधानसभा पहुंचने के बाद क्षेत्रीय समस्याओं—सड़क, पेयजल, सीवरेज और शहरी विकास—को प्रमुखता से उठाया। 2000 में पुनः जीत ने उनके जनाधार को और विस्तृत किया। 2014 में सत्ता परिवर्तन के बाद मंत्री के रूप में स्वास्थ्य, खेल और शहरी स्थानीय निकाय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। अस्पतालों के उन्नयन, खेल अधोसंरचना और नगर निकायों में सुधार की दिशा में पहलें की गईं। 2019 के बाद गृह और स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विभागों की जिम्मेदारी उनके पास रही। महामारी के कठिन दौर में प्रशासनिक सक्रियता और संसाधनों की व्यवस्था पर उनका विशेष ध्यान रहा। स्पष्टवादिता और प्रशासनिक शैली अनिल विज की सबसे बड़ी पहचान उनकी स्पष्टवादिता है। वे राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं—चाहे वह विपक्ष पर टिप्पणी हो या प्रशासनिक निर्णयों की घोषणा। उनकी कार्यशैली में सीधा संवाद, त्वरित निर्णय लेने की प्रवृत्ति, विभागीय जवाबदेही पर जोर और सार्वजनिक मंचों पर स्पष्ट रुख शामिल रहा है। समर्थक उन्हें जुझारू और निर्भीक नेता मानते हैं, जबकि आलोचक उनकी तीखी बयानबाजी को विवादास्पद बताते हैं। परंतु यह निर्विवाद है कि वे हरियाणा की राजनीति के प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं। संघर्ष से सशक्त नेतृत्व वर्तमान में स्वास्थ्यगत कारणों से विश्राम पर होने के बावजूद उनके समर्थकों का मानना है कि यह दौर भी अस्थायी है। अतीत में भी स्वास्थ्य चुनौतियों और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच उन्होंने सक्रियता बनाए रखी है। नेतृत्व की असली परीक्षा संकट के समय होती है। कोरोना काल से लेकर वर्तमान परिस्थितियों तक, उनका सार्वजनिक जीवन इस बात का उदाहरण प्रस्तुत करता है कि चुनौतियाँ यदि दृढ़ इच्छाशक्ति से टकराएँ तो वे बाधा नहीं, बल्कि नई शक्ति का स्रोत बन जाती हैं। विपरीत परिस्थितियों से निकलकर और मजबूत होकर सामने आना—यही अनिल विज की राजनीतिक यात्रा की पहचान रही है।

बोर्ड परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थियों पर शिकंजा कसेंगे क्यूआर कोड और उड़नदस्ते

भिवानी. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार परीक्षार्थियों की रोल नंबर स्लिप (प्रवेश-पत्र) पर विशेष सुरक्षा फीचर और क्यू.आर. कोड लगाए गए हैं, जिनकी मदद से फर्जी परीक्षार्थियों पर सख्ती की जाएगी। प्रवेश-पत्र पर लगाए गए क्यू आर कोड को उड़नदस्ते मौके पर स्कैन कर परीक्षार्थी की फोटो और विवरण की जांच कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी। इस बार कुल 5,71,767 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इनमें 10वीं के 1,55,027 छात्र और 1,40,721 छात्राएं तथा 12वीं के 1,41,566 छात्र और 1,29,097 छात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डी.एल.एड. परीक्षा में 5,356 छात्र अध्यापक भी शामिल होंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 60 हजार अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च को तथा 12वीं की परीक्षाएं 1 अप्रैल को संपन्न होंगी। राज्यभर में बनाए गए लगभग 1,420 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 325 उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वायड) तैनात किए गए हैं। 30 मिनट पहले पहुंचे परीक्षार्थी बोर्ड चेयरमैन ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे, इसलिए प्रवेश-पत्र का लैमिनेशन न करवाया जाए। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। रंगीन प्रिंट आऊट अनिवार्य बोर्ड की वैबसाइट www.bseh.org.in  पर उपलब्ध लिंक से प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साइज पेपर पर निकालना अनिवार्य होगा। विद्यालयी और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों को आवेदन के समय स्कैन की गई फोटो रंगीन प्रवेश पत्र पर चिपकाकर सत्यापित करवानी होगी। प्रवेश-पत्र और मूल पहचान पत्र (आधार कार्ड आदि) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को अपने आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट कराने की भी सलाह दी है।

राजकीय सम्मान के साथ पीएसआई का अंतिम संस्कार

फरीदाबाद. थाना मुजेसर क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 24 स्थित एक केमिकल वर्कशॉप में भीषण आग व केमिकल विस्फोट के दौरान जान माल के बचाव राहत कार्य में बहादुरी व साहस से ड्यूटी निभाते हुए पीएसआई रवि कुमार कश्यप शहीद हो गये। वह मूल रूप से जिला कैथल के गांव क्योड़क के रहने वाले थे और उनकी तैनाती मुजेसर थाना में थी। मुजेसर स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर पीएसआई रवि कुमार कश्यप बिना देरी किये मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए बचाव राहत कार्य शुरू करवाया। इसी दौरान अचानक आग ने विस्फोट का रूप ले लिया, जिससे कई लोग झुलस गए। लोगों को बचाने के प्रयास में पीएसआई रवि कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए। जिनका सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में इलाज चल रहा था, जहां 21 फरवरी को उपचार के दौरान उनका देहांत हो गया। रविवार को शहीद पीएसआई रवि कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव क्योड़क में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

सिडनी में हरियाणा के मां-बेटे की जोड़ी ने शूटिंग में जमाई धाक

भिवानी. हरियाणवी हुनर विदेशों में खुद को साबित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग में एक साथ उतरने वाली हरियाणवी मां और बेटे की यह जोड़ी प्रदेश और देश का नाम विदेशी धरती पर चमका रही है। सिडनी इंटरनेशनल शूटिंग सेंटर में 20 से 22 फरवरी तक हुए सिडनी कप प्रथम में हरियाणवी मां सुनैना सांगवान और बेटे सामर्थ्य सांगवान ने टाप टेन में जगह बनाकर शूटिंग प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई है। शहर की इंदिरा कालोनी निवासी सुनैना सांगवान ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग–2 व्यक्तिगत स्पर्धा में 534 अंक अर्जित कर 11 प्रतिभागियों के बीच 9वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी छह सीरीज में 88, 89, 88, 93, 89 और 87 अंक हासिल किए। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में सुनैना सांगवान के बेटे सामर्थ्य सांगवान ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 541 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में 10वां स्थान हासिल किया। कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। निशानेबाजी सिखाने मां अपने बेटे के साथ जाते-जाते खुद भी कब निशानेबाज बन गई उनको पता ही नहीं चला। सामर्थ्य सांगवान पूर्व सांसद जंगबीर सिंह की बहन के पोते हैं। सामर्थ्य के दादा सज्जन सांगवान बताते हैं कि इंजीनियर बेटे प्रवीण सांगवान वर्ष 2016 में नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। सुनैना सांगवान बेटे के साथ आती थी। उन्होंने खुद भी शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया। अब वह निशानेबाजी में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। दोनों मां बेटा अंतरराष्ट्रीय स्तर स्टीक निशाना लगा कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।  – प्रदीप बेनीवाल कोच एवं निदेशक, लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी     बहू और पोते की उपलब्धि ने मेरा सीना चौड़ा किया है। मुझे उन पर गर्व है। दोनों की इस उपलब्धि पर परिवार में भी खुशी का माहौल है।  – सज्जन सांगवान, दादा     हरियाणवी चाहे दुनिया में कहीं भी हों, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा ही लेते हैं। मां-बेटे का अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में खेलना ही अपने आप में बेमिसाल है। सुनैना और उनके बेटे सामर्थ्य ने यह साबित किया है कि उनका निशाना चिड़िया की आंख है। आने वाले समय में मां-बेटा की यह जोड़ी कमाल जरूर करेगी। – एडवोकेट राजनारायण पंघाल, खेल प्रेरक

हरियाणा में खाद की कालाबाजारी से पहले 550 बैग से भरा ट्रक पकड़ा

यमुना नगर. यमुनानगर में एक ओर जहां किसानों को यूरिया खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ खाद माफिया की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। ताजा मामले में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक ट्रक को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें सैकड़ों बैग यूरिया खाद बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद को अवैध तरीके से कहीं सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद बरामद हुआ, जो किसानों की फसलों में उपयोग होने योग्य बताया जा रहा है, लेकिन यह खाद गलू बनाने के लिए फैक्ट्रीयो में बेचा जाता है  पुलिस ने जब ट्रक चालक से खाद से संबंधित दस्तावेज और बिल की मांग की तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर लिया और उसे सदर थाना में खड़ा कर दिया गया। खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा बताया जा रहा है कि इस तरह की खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा है, जिससे किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और पूरे मामले की जांच उनके हवाले कर दी गई है। ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद मिला है। फिलहाल खाद की जांच करवाई जा रही है कि यह तकनीकी उपयोग के लिए है या फिर खेती में इस्तेमाल होने वाला है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक कोई भी बिल प्रस्तुत नहीं कर पाया है, इसलिए ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह खाद कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हरियाणा के बेटे ने इंडोनेशिया में जीता Gold Medal

यमुना नगर/बराड़ा. मुलाना के गांव नहोनी के युवा खिलाड़ी आर्यन ने इंडोनेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भारत लौटने पर आर्यन का भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर आर्यन को लेने पहुंचे परिजनों व रिश्तेदारों ने ढोल बजाकर और हार पहना कर स्वागत किया। इसके बाद श्री गुरु रविदास धर्म स्थान सिरसगढ़ पहुंचकर आर्यन ने माथा टेका, जहां संत मनदीप दास जी ने फूलमाला और सिरोपा भेंट कर आशीर्वाद दिया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साहा चौक पर गाड़ियों और मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ आर्यन का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद आर्यन के पैतृक नाहोनी गांव और बाजार में विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर और पटाखे छोड़कर खुशी जाहिर की। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य अमर सिंह नंदगढ़ ने आर्यन को बधाई देते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दे रही है तथा खेल नर्सरियां खोलकर खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा रहा है। वही उन्हों ने कहा कि आर्यन की उपलब्धि से पूरे देश का नाम रोशन हुआ है और गांव को उस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीति में प्रावधान हुआ तो आर्यन को नौकरी दिलाने की मांग भी की जाएगी। आपको बता दे कि आर्यन के पिता रजनीश कुमार गांव में दुकानदार हैं, जबकि माता पूनम गांव के सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, मार्गदर्शक सुशील कुमार तथा भारतीय बाल बैडमिंटन महासंघ के सचिव आशुतोष राणा को दिया, जिन्होंने लगातार उसका हौसला बढ़ाया।

हरियाणा में डाक्टरों ने पेशेंट के एक साथ डाले 4 स्टेंट

अंबाला. अंबाला कैंट में बना हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के ड्रीम प्रोजेक्ट आधुनिक सुविधाओं से भरा नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट अपने अच्छे इलाज और नई नई सर्जरी के लिए जाना जाता है। वही अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में बना हार्ट सेंटर ने एक और बड़ा कमाल कर दिखाया है जहां एक साथ एक पेशेंट के 4 स्टेंट डाले गए है, ये पेशेंट खुद हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भाई यानी राजिंदर विज है।  इस सर्जरी को करने वाले डॉक्टर डॉक्टर प्रताप कुमार ने बताया कि यू तो वो केरला में काम करते है लेकिन कई साल पहले अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में कार्यकर्ता थे । अब उन्होंने एक विशेष उबलब्धी हासिल की है जिसमें राजिंदर विज के दिल के आस पास कैल्शियम भरा हुआ था जिसके लिए लगभग 3.5 घंटे की सर्जरी में 4 स्टेंट डाले गए ,जबकि हरियाणा में ऐसा कभी नहीं हुआ और अच्छी बात तो ये रही कि सर्जरी के कुछ ही घंटों के बाद राजिंदर विज ठीक हो गए और रात के समय ही डिस्चार्ज होकर अपने घर चले गए। इस बारे में बताते हुए राजिंदर विज ने बताया कि उनके दिल के आस पास कैल्शियम चला गया था जो बहुत खतरनाक होता है। डॉक्टर ने उन्हें बायपास की सलाह दी थी लेकिन वे बायपास सर्जरी नहीं करवाना चाहते थे और जब उन्होंने इस बारे में डॉक्टर प्रताप से बात की तो उन्होंने एंजियोग्राफी की बात कही और एक समय निर्धारित करके इलाज की बात कही। जिसके बाद कल उन्होंने अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में बने हार्ट सेंटर में अपने एंजियोग्राफी कारवाई और डॉक्टर ने 4 स्टेंट डाले जिसके बाद वे कुछ ही घंटों में पहले की तरह नॉर्मल हो गए।