samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री ने 8 हजार करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

महाकाल की नगरी अब उभर रही है ग्रीन एनर्जी हब के रूप में : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री ने 8 हजार करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण उज्जैन–शाजापुर में औद्योगिक विकास की बड़ी दस्तक मालवा बनेगा सोलर उपकरण मैन्युफैक्चरिंग का नया पॉवर हाउस 4 हजार से अधिक रोजगार के अवसर होंगे सृजित भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन–शाजापुर में आयोजित विशाल औद्योगिक कार्यक्रम को प्रदेश की ग्रीन एनर्जी क्रांति की ऐतिहासिक शुरुआत बताते हुए कहा कि बाबा महाकाल की नगरी अब देश के प्रमुख ग्रीन एनर्जी हब के रूप में तेजी से उभर रही है। मक्सी और बरंडवा में स्थापित होने वाली अत्याधुनिक सोलर उपकरण निर्माण इकाइयाँ न केवल राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा को नई दिशा देंगी, बल्कि मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा तकनीक का अग्रणी केंद्र बनाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन, देवास और शाजापुर का उभरता इंडस्ट्रियल ट्रायएंगल अब प्रदेश की आर्थिक गति, औद्योगिक गहराई और निवेश क्षमता को नए आयाम दे रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश की दीर्घकालिक विकास संरचना का नया अध्याय बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन को युवाओं के भविष्य में निवेश बताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के हजारों युवाओं को गुणवत्तायुक्त, कौशल आधारित और स्थायी रोजगार अवसर प्राप्त होंगे, और यह मध्यप्रदेश की युवा शक्ति को नए क्षितिजों तक ले जाने वाली परिवर्तनकारी शुरुआत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात रविवार को उज्जैन तराना तहसील की बरंडवा ग्राम में आयोजित जैक्शन कंपनी के मेगा सोलर प्लांट के भूमिपूजन के अवसर पर कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फेज-2 में 110 एकड़ भूमि पर जैक्सन इंटीग्रेटेड की 7,104 करोड़ रूपये की अत्याधुनिक 6 गीगावॉट एकीकृत सोलर उपकरण निर्माण यूनिट और जैक्सन इंजीनियरिंग लिमिटेड की 1,046 करोड़ रूपये की यूनिट का भूमिपूजन किया। इन दोनों इकाइयों से 4 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इन उद्योगों के आने से आसपास के गांवों और कस्बों में न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यापारों में भी तेजी आएगी। यह परियोजना न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश की ग्रीन एनर्जी मिशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मानी जा रही है। परियोजना पूर्ण होने के बाद उज्जैन जिले का नाम सोलर उपकरण मैन्युफैक्बरिंग के राष्ट्रीय नक्शे पर प्रमुखता से जुड़ जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन सिर्फ उद्योगों का नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के भविष्य का भूमिपूजन है। मध्यप्रदेश निवेश के लिए अब देश का पसंदीदा स्थान बन चुका है। हमारी नीति स्पष्ट है, उद्योग लगाइए, सरकार आपके साथ है। उन्होंने उज्जैन, देवास और शाजापुर को प्रदेश का नया इंडस्ट्रियल ट्रायएंगल बताते हुए कहा कि राज्य में 320 से अधिक औद्योगिक क्षेत्र. 1.25 लाख एकड़ का लैंड बैंक और तेज अनुमति प्रणाली उद्योगों को सेटअप करने में बड़ी सहूलियत दे रही है। उन्होंने कहा कि "बाबा महाकाल की नगरी अब हरित ऊर्जा की नगरी बनने की ओर बढ़ रही है।" जैक्सन समूह के चेयरमैन समीर गुप्ता ने कहा कि परियोजना का प्रथम चरण जुलाई 2026 में पूरा किया जाकर उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। कई अन्य राज्यों से भी हमें बुलाया गया था, लेकिन हमने मक्सी को चुना क्योंकि प्रदेश की नीतियां बेहतर हैं और निवेशकों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का व्यवहार, उनका विकास-उन्मुख दृष्टिकोण और उद्योगों के प्रति सहयोगात्मक रवैया उन्हें मक्सी लेकर आया। श्री गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश की विकास गति और मुख्यमंत्री की कार्यशैली उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय विकास मॉडल जैसी दिखती है, इसलिए वे इस विश्वास के साथ यहां निवेश कर रहे हैं कि प्रदेश आने वाले वर्षों में ग्रीन एनर्जी और टेक्नॉलॉजी हब के रूप में पहचान बनाएगा। कार्यक्रम में मक्सी फेज-1 जिला शाजापुर में भी लगभग 24 करोड़ के निवेश से चार नई इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण हुआ। इसमें आदित्य वृद्ध पैकेजिंग, पुष्टि फार्मा कैम का भूमिपूजन और रुक्मणी एंड सन्स एवं पोको प्रोटीन्स का लोकार्पण किया गया। इन इकाइयों के शुरू होने से 200 से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। इन इकाईयों के से आने वाले समय में मक्सी क्षेत्र की इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित किए जाने की व्यापक संभावनाएं बढ़ गई है। शाजापुर और देवास जिले में पीपलरावा-पोलायकला क्षेत्र में 476 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर एक नया विशाल औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर 500 करोड़ से अधिक की लागत आने का अनुमान है और इसमें 200 से 300 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होगी। इससे क्षेत्र में 40 से 50 हजार प्रत्यक्ष तथा 60 हजार से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होगा, यह ओद्योगिक क्षेत्र स्थानीय युवाओं किसानों, परिवहन, लघु उद्योग एवं एमएसएमई इकाईयों की आर्थिक समृद्धि का नया केंद्र बनेगा। शाजापुर जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए एक नया औद्योगिक पार्क विकसित किया जा रहा है। यह पार्क ग्राम भदौनी, रामनगरखेड़ी और खेड़ाखेड़ी की सीमाओं के बीच विकसित किया जा रहा है। उक्त औद्योगिक क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 40.470 हेक्टेयर है, जिसकी कुल विकास लागत लगभग 30.55 करोड़ है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जिले में छोटे, लघु और मध्यम उद्योगों को बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, सुविधाएँ और विस्तार का अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिल सके। पार्क में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के बाद लगभग 2,500 करोड़ के निवेश की संभावना है और इससे करीब 4 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना न केवल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर भी खोलेगी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, आयुष एवं शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, लोकसभा सांसद बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज सांसद श्री अनिल फिरोजिया और श्री महेंद्र सिंह सोलंकी मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा (उज्जैन उत्तर), श्री सतीश मालवीय (पटिया), श्री अरुण भीमावद (शाजापुर), डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान (नागदा-खाचरौद), श्री धनश्याम चंद्रवंशी (कालापीपल), श्रीमती गायत्री राजे पवार (देवास) एवं श्री राजेश सोनकर (सोनकच्छ) सहित जनप्रतिनिधि शामिल थे। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, एमडी एमपीआईडीसी श्री चंद्रमौलि शुक्ला एवं कार्यकारी निदेशक एमपीआईडीसी उज्जैन श्री … Read more

यूपी में प्रतिदिन बढ़ रहे किसानों के पंजीकरण, धान क्रय में भी आ रही तेजी

यूपी में धान खरीद को निरंतर मिल रहा किसानों का साथ  यूपी में प्रतिदिन बढ़ रहे किसानों के पंजीकरण, धान क्रय में भी आ रही तेजी  शनिवार तक 53330 किसानों से की जा चुकी 3.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीद धान खरीद के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों की संख्या 3.93 लाख पार  सीएम योगी के निर्देश पर क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए की गई है मूलभूत सुविधाएं  लखनऊ धान की सरकारी खरीद को किसानों का निरंतर साथ मिल रहा है। धान खरीद की नियमित समीक्षा भी हो रही है। इसके मुताबिक धान खरीद में प्रतिदिन किसानों के पंजीकरण में वृद्धि हो रही है तो दूसरी तरफ धान क्रय में भी तेजी आ रही है। आंकड़े इसकी गवाही भी दे रहे हैं। शनिवार दोपहर तक धान खरीद सत्र में पंजीकृत होने वाले किसानों की संख्या 3.93 लाख पार कर गई। वहीं अब तक 3.12 लाख मीट्रिक टन की भी खरीद हो चुकी है। सरकार ने 4000 धान क्रय केंद्र का लक्ष्य रखा था, जिससे आगे बढ़ते हुए किसानों की सुविधा के लिए 4143 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं धान लेकर पहुंच रहे किसानों के लिए क्रय केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।   53330 किसानों से की जा चुकी 3.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीद  खाद व रसद विभाग के मुताबिक शनिवार दोपहर तक 53,330 किसानों से 3.12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं धान खरीद विपणन सत्र 2025-26 के लिए 3,93,389 किसानों ने शनिवार तक पंजीकरण भी करा लिया है। सरकार के प्रयासों का नतीजा है कि 4143 धान क्रय केंद्र भी स्थापित हो चुके हैं।  एक नजर  – धान (कॉमन) 2369 रुपये प्रति कुंतल की दर से हो रही खरीद  – धान (ग्रेड-ए) 2389 रुपये प्रति कुंतल की दर से हो रही खरीद – टोल फ्री नंबर 18001800150 के साथ ही जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं किसान  – विभाग की अपील- 17 फीसदी नमी का धान खरीदा जा सकता है। धान को अच्छी तरह सुखाकर, साफ करके क्रय केंद्र पर ले आएं किसान  – खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in या UP KISAN MITRA पर पंजीकरण अनिवार्य, पंजीकृत किसानों से ही होगी धान खरीद  – क्रय केंद्र सुबह 9 से शाम पांच बजे तक खुले हैं। – पश्चिम उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी तक होगी धान खरीद  – पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी 2026 तक होगी खरीद

मक्का-मदीना मार्ग पर बस और टैंकर की टक्कर, भीषण आग में 42 भारतीयों की मौत

 रियाद सऊदी अरब में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 42 भारतीय उमरा यात्रियों के मारे जाने की आशंका है. इनमें से कई यात्रियों के तेलंगाना के हैदराबाद से होने की जानकारी सामने आई है. हादसा उस समय हुआ जब मक्का से मदीना जा रही एक बस मुफ्रिहात इलाके के पास एक डीजल टैंकर से टकरा गई. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. वहीं इस घटना को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों से स्थिति की पुष्टि करने और तत्काल सहायता के लिए विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास के साथ समन्वय करने को कहा है। तेलंगाना सचिवालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस दौरान एक हेल्पलाइन: 79979 59754, 99129 19545 भी जारी किया गया है। वहीं हैदराबाद के व्यक्ति ने बताया मक्का जाने के लिए यात्री उमरा करने गए थे। इस दौरान मदीने से 25 किलोमीटर पहले बस में आग लग गई। इस घटना में शोएब नामक व्यक्ति ने कूद कर जान बचाई। हादसे में वह घायल हो गया और उसे उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। उन्होंने कहा कि 42 हाजी बस में सवार थे। घटना के बारे में लगातार संपर्क किया जा रहा है। 42 यात्रियों में 16 बच्चे शामिल थे और 24 से 25 बड़े यात्री सवार थे। वहीं अन्य वय्क्ति ने कहा कि उमरा के लिए 45 यात्री हैदराबाद से बस में सवार हुए थे। इस यात्रियों में से उसके परिवार के 6 लोग शामिल थे। इस घटना में बस जलकर पूरी तरह से राख हो गई है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव और डीजीपी बी. शिवाधर रेड्डी को तुरंत पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार विदेश मंत्रालय (MEA) और सऊदी दूतावास के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों की मदद के प्रयास कर रही है.

मार्केट ने पकड़ी रफ्तार, विश्लेषकों ने इसे बिहार चुनाव नतीजों से जोड़ा

मुंबई  शेयर बाजार (Stock Market) में सोमवार को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले Sensex ने खुलने के साथ ही 300 अंकों से ज्यादा की छलांग लगा दी, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का Nifty-50 भी अपने पिछले बंद की तुलना में तेज बढ़त लेकर ओपन हुआ. बिहार चुनाव में एनडीए की बंपर जीत (NDA Wins Bihar Election 2025) का असर बाजार पर देखने को मिल रहा है, ये हम नहीं कह रहे, बल्कि ब्रोकरेज हाउस इस जीत से बाजार का सेंटीमेंट पॉजिटिव होने की बात कहते नजर आ रहे हैं.  खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी भागे सबसे पहले बताते हैं सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स-निफ्टी की चाल के बारे में, तो BSE Sensex अपने पिछले बंद 84,562.78 की तुलना में तेजी लेकर 84,700 के लेवल पर ओपन हुआ. जोरदार ओपनिंग के बाद इस इंडेक्स की रफ्तार और तेज हो गई और खबर लिखे जाने तक 15 मिनट के कारोबार के दौरान ही ये उछलकर 84,833 के लेवल पर ट्रेड करता हुआ नजर आया.  सेंसेक्स की तरह ही NSE Nifty ने भी ग्रीन जोन पर कारोबार शुरू किया. ये इंडेक्स अपने पिछले बंद 25,910 के मुकाबले उछलकर 25,948 पर खुला और फिर अचानक सेंसेक्स की चाल से चाल मिलाकर चलते हुए 25,978.95 पर कारोबार करता दिखाई दिया.  ये 10 शेयर सबसे तेज  शेयर मार्केट (Share Market) में तेजी के बीच शुरुआती कारोबार में सबसे तेज भागने वाले स्टॉक्स पर नजर डालें, तो बीएसई लार्जकैप में शामिल Kotak Bank Share (1.70%) और Bharti Airtel Share करीब 1 फीसदी की उछाल के साथ ट्रेड कर रहे थे. वहीं मिडकैप कैटेगरी में शामिल Emcure Share (4.58%), RVNL Share (3.60%), PSB Share (3.10%), Voltas Share (2.50%), Crisil Share (2%) चढ़कर कारोबार कर रहा था. स्मॉलकैप कैटेगरी में देखें, तो VLS Finance Share (19%), Ideaforge Share (12%) और SPAL Share (10%) की तेजी लेकर कारोबार करते दिखे.  अचानक बैंकिंग शेयरों ने मचाया गदर सोमवार को कारोबार के दौरान बैंकिंग शेयरों का गदर देखने को मिला और ज्यादातर Banking Stock तेज रफ्तार से भागते हुए नजर आए. मिडकैप में देखें, तो Central Bank Share (3.40%), Maharashtra Bank Share (3.19%), UCO Bank Share (3.32%) और IDFC First Bank Share (2.40%) AU Bank Share (2.10%), Yes Bank Share (1.90%), Bank Of India Share (1.84%) की तेजी लेकर कारोबार कर रहे थे.  Bihar में बंपर जीत से बमबम बाजार! बाजार में तेजी के पीछे के कारणों के बारे में बात करें, तो ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल (JM Financial) इसे बिहार चुनावों में NDA की बंपर जीत से प्रेरित बता रही है. कंपनी ने कहा कि शेयर बाजार के लिए ये जीत काफी सकारात्मक है. हमें उम्मीद है कि बाजार इस जीत पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देगा, क्योंकि इससे केंद्र में गठबंधन को भी स्थिरता मिलेगी.  बिहार विधानसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन ने 202 सीटें हासिल कर ऐतिहासिक निर्णायक जीत पाई है. ये इससे पहले हुए चुनाव में जीती गई 122 सीटों से काफी ज्यादा हैं. ब्रोकरेज ने यहा तक कहा कि ये जो परिणाम बिहार से आए हैं, ये तमाम Exit Polls के अनुमानों से भी कहीं ज्यादा रहा, जिनमें एनडीए को 146 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था. भाजपा इस चुनाल में 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. 

सियासी गलियारों में चर्चा तेज: CM मोहन यादव बनने जा रहे हैं कांग्रेस नेता के समधी

उज्जैन  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे डॉ अभिमन्यु यादव के बेटे शादी कांग्रेस के दिग्गज नेता की भतीजी से होने जा रही है। उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मलेन दोनों का विवाह होगा। जिसके लिए दो होटल भी बुक किए गए हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता की भतीजी पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव की भतीजी की डॉ इशिता के साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे डॉ अभिमन्यु की शादी होगी। बता दें कि, पूर्व डिप्टी सीएम स्व. सुभाष यादव, दिनेश यादव के मौसा हैं। अरूण यादव और दिनेश यादव मौसरे भाई हैं। साथ ही सीएम की बेटी डॉ. आकांक्षा यादव दिनेश यादव की बहू है। अब दिनेश यादव की बेटी इशिता डॉ. मोहन यादव के परिवार की बहू बनने जा रही हैं।   30 नवंबर को होगी शादी अभिमन्यु-इशिता की शादी 30 नवंबर को अथर्व होटल के पास स्थित मैदान में होगी। शादी कार्यक्रम में कई वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना है। दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार, मंत्री, वरिष्ठ अफसर और पार्टी के प्रमुख के नेता। बताया जा रहा है डॉ मोहन यादव 26 नवंबर को उज्जैन पहुंच जाएंगे। अभिमन्यु-इशिता की शादी पर 5 दिन का कार्यक्रम होगा। जो कि 26 नवंबर से शुरु होगा। उस दिन वीआईपी आवास पर गणेश पूजन होगा। 27 को वीआईपी आवास पर हल्दी, 27 को वीआईपी आवास पर मेंहदी, 28 को गीता कॉलोनी स्थित निवास में माता पूजन, 29 अथर्व होटल में महिला संगीत, 30 की शाम अथर्व होटल में रिसेप्शन होगा। बता दें कि, सीएम डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई तकरीबन पांच महीने पहले खरगोन के किसान दिनेश यादव की बेटी से हुई थी। अभिमन्यु राजधानी भोपाल के एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज में मास्टर्स इन सर्जरी कर रहे हैं। वहीं, डॉ इशिता एमबीबीएस के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।

बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ी, NDA जल्द करेगा विधायक दल की बैठक

पटना बिहार में चुनावी नतीजों के बाद नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। जल्द ही NDA विधायक दल की बैठक होगी। सुत्रों ने अनुसार, कल जदयू विधायक दल की बैठक होने वाली है। उम्मीद है कि जदयू की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ लेगी। वहीं दूसरी तरफ BJP की बैठक भी कल होने की संभावना है। इस बैठक में मंत्री पदों का फॉर्मूला, डिप्टी सीएम का चयन, पर अंतिम चर्चा होगी।   20 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं नीतीश सीएम हाउस सूत्रों के मुताबिक, 17 नवंबर को नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसी दिन वे नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। खबर है कि JDU के 11नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। कुल मिलाकर करीब 18 मंत्री शपथ लेंगे।

कैबिनेट विस्तार से पहले बड़ा खुलासा: डिप्टी CM के लिए तीन नाम, 18 नेताओं की एंट्री तय

पटना बिहार विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अब सरकार गठन की तैयारियों में जुट गया है। चुनाव नतीजों के बाद जेडीयू (JDU) और बीजेपी (BJP) दोनों पार्टियों में बैठकों का दौर जारी है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  के एक बार फिर सत्ता संभाल सकते हैं। वहीं NDA के करीब 18 नेताओं का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। जेडीयू ने कल विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। उम्मीद है कि नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ लेगी। वहीं दूसरी तरफ BJP की बैठक भी कल होने की संभावना है। इस बैठक में मंत्री पदों का फॉर्मूला, डिप्टी सीएम का चयन, पर अंतिम चर्चा होगी। सरकार में JDU का कद बढ़ेगा, 11 मंत्री बन सकते हैं हालांकि 2025 के चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी, परंतु नई सरकार में जेडीयू का कद और भी मजबूत होने वाला है। जानकारी के मुताबिक, 11 JDU नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। कुल मिलाकर करीब 18 मंत्री शपथ लेंगे। वहीं डिप्टी मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी में तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं- सम्राट चौधरी, रामकृपाल यादव, मंगल पांडे। इनमें से किसी एक को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। आज नीतीश देंगे इस्तीफा, उसी दिन पेश होगा दावा सीएम हाउस सूत्रों के मुताबिक, आज नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसी दिन वे नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। JDU और BJP कोटे से इन नेताओं का मंत्री बनना तय विजय चौधरी (JDU) सम्राट चौधरी (BJP) नितिन नवीन (BJP) बिजेंद्र यादव (JDU) श्रवण कुमार (JDU) मंगल पांडेय(BJP) अशोक चौधरी (JDU) लेसी सिंह (JDU) रामकृपाल यादव(BJP) जमा खान (JDU) मदन सहनी (JDU) रजनीश कुमार (BJP) जयंत राज (JDU) महेश्वर हजारी (JDU) संतोष निराला (JDU)

रीवा से इंदौर अब हवाई रास्ते से! लंबी दूरी का सफर होगा मिनटों में आसान

रीवा  मध्यप्रदेश के विंध्य में हवाई सेवाओं का विस्तार लगातार जारी है। रीवा-दिल्ली उड़ान शुरु होने के बाद अब रीवा-इंदौर के बीच सीधी फ्लाइट 22 दिसंबर से शुरु होने जा रही है। जल्द ही इंडिगो एयरलाइंस उड़ान का शेड्यूल जारी करेगा। इन इलाकों को पहुंचेगा फायदा रीवा-इंदौर के बीच फ्लाइट शुरु होने से रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज, पन्ना के यात्रियों को फायदा मिलेगा। जिससे इंदौर की दूरी कम समय में तय हो सकेगी। अभी ट्रेन से इंदौर जाने के लिए कम से कम 15-16 घंटे का समय लग जाता है। ऐसा रहेगा शेड्यूल इंडिगो की रीवा-इंदौर फ्लाइट, इंदौर से सुबह 11:30 उड़ान भरेगी। जो कि रीवा दोपहर 1:15 पर पहुंचेगी। रीवा से फ्लाइट का उड़ान भरने का समय दोपहर 1:35 रहेगा। इंदौर में इसकी लैंडिंग दोपहर 3:20 पर होगी। हालांकि, अभी इंडिगो की वेबसाइट पर ऑफिशियल शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। जिसकी संभावना दिसंबर के पहले सप्ताह में है। रीवा एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेंद्र राजक ने बताया कि रीवा-दिल्ली लाइट को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और रीवा-इंदौर के लिए भी काफी इनक्वायरी थीं। इंडिगो एयरलाइंस के विमान में यात्रियों को सुगम सफर और उत्कृष्ट हॉस्पिटैलिटी की सुविधा मिलेगी।   1040 करोड़ के फोरलेन का काम हुआ शुरू, कम होगी MP से यूपी की दूरी बता दें कि, रीवा एयरपोर्ट से 10 नवंबर को शुरू हुई रीवा-दिल्ली सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित हो रही है। रीवा-इंदौर लाइट शुरू होने के बाद एयरपोर्ट से कुल तीन लाइटें संचालित होंगी, जिससे विंध्य क्षेत्र की हवाई सुविधा और मजबूत होगी। 

धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा में CM मोहन यादव बने हमसफ़र, सड़क किनारे सादा भोजन चर्चा में

भोपाल  इंटरनेशनल कथावाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2.0 का रविवार को समापन हो रहा है। इस यात्रा ने शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मथुरा पहुंचे। इस दौरान सीएम ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बैठकर धीरेंद्र शास्त्री के साथ खाना खाया। वृंदावन में समाप्त होगी यात्रा धीरेंद्र शास्त्री सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2.0 का समापन आज वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर में होगा। इससे पहले चार धाम के पास ही सनातन सभा का आयोजन किया गया है। जिसमें रामभद्राचार्य महाराज, पुंडरीक महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, देवकीनन्दन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में संत महात्मा मंच पर मौजूद हैं। 15 एकड़ के बड़े ग्राउंड में पदयात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। स्वामी रामभद्राचार्य बोले- हिन्दू एकता पदयात्रा निकालेंगे जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने सनातन सभा में कहा कि जल्द दिल्ली से कश्मीर तक हिन्दू एकता पदयात्रा निकालेंगे। मैं पूरा समय दूंगा, अभी तक हम सो रहे थे तो विधर्मी हमारा अपमान कर रहे थे, लेकिन अब हिन्दू जग गया है। बहुत दिनों हम लोगों ने ओम शांति किया लेकिन अब ओम क्रांति ओम क्रांति कर रहे हैं। आगे जगद्गुरु ने कहा कि हम चाहते हैं कि समान नागरिक संहिता लाई जाए। ये भेड़ों की तरह 25-25 बच्चे पैदा कर रहे हैं। सारे हिंदुओं को जागरूक होने की जरूरत है। जो भी हिंदू बनना चाहेंगे। उन्हें हिंदू बनाएंगे और सुरक्षा मुहैया कराएंगे।   10 दिवसीय यात्रा का समापन पंडित धीरेंद्र शास्त्री की 10 दिवसीय पदयात्रा 7 से 16 नवंबर तक तीन राज्यों से होकर गुजरी। जिसमें लाखों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना, हिंदुओं में एकता स्थापित करना समेत कई संकल्पों को लेकर चलना था। 

मध्यप्रदेश बनेगा अंतरराष्ट्रीय निवेश हब: आसियान देशों के साथ इंडस्ट्रियल पार्टनरशिप पर बड़ा कार्यक्रम

भोपाल   ASEAN- मध्यप्रदेश में निवेश के लिए कवायदों का दौर जारी है। इसके लिए 19 नवंबर को एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। होटल कोर्टयार्ड मैरियट में ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार में आयोजित किया गया है जिसमें राज्य के उद्योगपति, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और प्रमुख निवेशक शामिल होंगे। यहां मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों की प्रस्तुति दी जाएगी। खास बात यह है कि सेमिनार में आसियान देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। वे मध्यप्रदेश के साथ औद्योगिक सहयोग पर चर्चा करेंगे। आसियान देशों के उच्चस्तरीय राजनयिकों का एक प्रतिनिधिमंडल एमपी का दौरा कर रहा है। 18 से 20 नवंबर तक के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान ये प्रतिनिधि कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच आर्थिक, औद्योगिक, निवेश के साथ ही सांस्कृतिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 10 देशों के ये प्रतिनिधि भोपाल में राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। पहले दिन ही सीएम से औद्योगिक सहयोग पर चर्चा आसियान देशों का प्रतिनिधिमंडल पहले ही दिन 18 नवंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेगा। राज्य सरकार के निवेश-अनुकूल वातावरण, औद्योगिक नीति और आसियान देशों के साथ साझेदारी पर केंद्रित चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, एग्री-प्रोसेसिंग, पर्यटन और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें रात्रिभोज में दिया जाएगा जिसमें दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा होगी।   राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट और निवेश संगोष्ठी में सहभागिता आसियान प्रतिनिधिमंडल 19 नवंबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट करेगा। इसके बाद प्रतिनिधि होटल कोर्टयार्ड मैरियट में आयोजित ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार में शिरकत करेंगे। इस सेमिनार में राज्य के उद्योगपति, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और प्रमुख निवेशक भी शामिल होंगे। यहां एमपी के औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचनाओं, लॉजिस्टिक नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों के बारे में बताया जाएगा।   आसियान देशों के प्रतिनिधि 19 नवंबर को एमपी के विश्व प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण करेंगे। इनमें सांची और भीमबेटका जैसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची के स्थल भी शामिल हैं। इस प्रकार प्रतिनिधि, एमपी की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा, बौद्ध कला और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हो सकेंगे। 20 नवंबर को ये प्रतिनिधि भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय भी जाएंगे। बता दें कि अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, मजबूत औद्योगिक आधार, निवेश-अनुकूल नीतियों और तेजी से विकसित होते बुनियादी ढांचे से मध्यप्रदेश, आसियान देशों के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के अनुरूप कार्य कर रही है, जिसके माध्यम से भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच आर्थिक, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत किया जा रहा है। क्या है आसियान आसियान (एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशन्स) दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, सुरक्षा, सांस्कृतिक संबंध और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करना है। आसियान में ये 10 देश आसियान में 10 देश हैं। इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, म्यांमार, कम्बोडिया,लाओस और ब्रुनेई इस संगठन के सदस्य हैं।