samacharsecretary.com

हाईटेक टाउनशिप में गड़बड़ी पर कार्रवाई तय, सुविधाओं की होगी सख्त जांच

लखनऊ  यूपी की योगी सरकार हाईटेक टाउनशिप योजनाओं में सुविधाओं के नाम पर खानापूर्ति करने वाले बिल्डरों के खिलाफ शिकंजा कसने जा रही है। टाउनशिप में सुविधाओं की जांच कराई जाएगी और देखा जाएगा कि आवंटियों को वादे के मुताबिक चीजें मिली हैं या नहीं। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि विस्तार या क्षेत्रफल कम करने वाले बिल्डरों ने अब तक कितना काम कराया है। संशोधित डीपीआर देने की क्या स्थिति है। इसमें खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। हाईटेक टाउनशिप योजना में विकास प्राधिकरणों द्वारा 13 बिल्डरों को निजी क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने का लाइसेंस दिया गया था। इनमें से सात परियोजनाएं ही शुरू हुईं और शेष शुरू नहीं हो पाईं। आवास विभाग रुकी हुई परियोजनाओं को शुरू करने के लिए हाईटेक टाउनशिप नीति में संशोधन किया और बिल्डरों को एक बार फिर से काम करने का मौका दिया। टाउनशिप में 1500 एकड़ तक क्षेत्रफल करने की सुविधा बिल्डरों को दी गई। परियोजना अवधि में समय विस्तार शुल्क देकर संशोधित डीपीआर स्वीकृत कराने और पांच साल तक काम करने का मौका दिया गया। बिल्डरों को रुकी हुई टाउनशिप पूरी करने का पूरा मौका दिया गया। शासन को इसके बाद भी जानकारी मिल रही है कि कुछ बिल्डर इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं और रुकी हुई योजनाओं को पूरा करने व डीपीआर देने में हीला हवाली कर रहे हैं। पिछले दिनों बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण द्वारा नोएडा में टाउनशिप लाने के लिए उत्तम स्टील्स एंड एसोसिट का लाइसेंस निरस्त किया गया है। लाइसेंस निरस्त करने का कारण बताया गया कि कंपनी ने परियोजना की स्वीकृति के लगभग 17 वर्ष बाद टाउनशिप स्थल पर केवल 10 प्रतिशत ही विकास कार्य कराया। इसीलिए उच्च स्तर पर प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों से रिपोर्ट मांगी गई है। उनसे पूछा गया है कि उनके द्वारा हाईटेक टाउनशिप लाइसेंस लेकर कितने बिल्डरों ने काम कराया है। विस्तार करने या फिर संशोधित डीपीआर देने की क्या स्थिति है। इसके आधार पर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। बताया जाता है कि हाईटेक टाउनशिप नीति के तहत निजी बिल्डरों को बड़े भूखंडों पर अत्याधुनिक सुविधाएं देने के लिए लाइसेंस दिए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। शासन के संज्ञान में आया है कि कई बिल्डरों ने टाउनशिप के क्षेत्रफल को 1500 एकड़ तक बढ़ाने की सुविधा तो ली, लेकिन इसके लिए आवश्यक संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) अब तक जमा नहीं की है। बुलंदशहर में उत्तम स्टील्स एंड एसोसिएट्स का लाइसेंस रद्द होना एक बड़ी चेतावनी है, क्योंकि इस कंपनी ने 17 साल में केवल 10 प्रतिशत काम किया था।

PAI 2.0 रिपोर्ट: रोहतास की तेलकप पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई खास पहचान

 पटना पंचायती राज मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0 रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में देश के 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 2,59,867 ग्राम पंचायतों ने भाग लिया। रिपोर्ट के अनुसार, देशभर की 3,635 ग्राम पंचायतें ‘फ्रंट रनर’ (ग्रेड-ए) श्रेणी में शामिल हुई हैं, जबकि 1,18,824 पंचायतों ने ‘उत्कृष्ट’ (ग्रेड-बी) श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। पंचायतों ने खासतौर पर ‘गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका’ और ‘स्वस्थ पंचायत’ थीम्स में बेहतर प्रदर्शन किया है। बिहार का प्रदर्शन बिहार के लिए यह रिपोर्ट मिश्रित लेकिन महत्वपूर्ण रही है। राज्य की दो ग्राम पंचायतों ने ग्रेड-ए (फ्रंट रनर) श्रेणी में जगह बनाई है, जबकि 771 पंचायतें ग्रेड-बी में शामिल हुई हैं। शेष पंचायतें ग्रेड-सी और ग्रेड-डी श्रेणी में रही हैं। रोहतास जिले की तेलकप ग्राम पंचायत का प्रदर्शन सबसे उल्लेखनीय रहा है। इस पंचायत ने स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) से जुड़े सभी नौ थीम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल करने पर तेलकप पंचायत का चयन ‘नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार’ (राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार) के लिए किया गया है। पीएआई 2.0 क्या है? पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0 पंचायतों के समग्र प्रदर्शन का एक विस्तृत ‘रिपोर्ट कार्ड’ है। इसे सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के स्थानीय संस्करण (LSDGs) के आधार पर तैयार किया जाता है। इस सूचकांक के माध्यम से पंचायतों के विकास, आधारभूत संरचना, सुशासन, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतें (थीमवार)     थीम 1 (गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका): अम्बा उतर, प्रखंड पिपराही, जिला शिवहर     थीम 2 (स्वस्थ पंचायत): कहलावा, प्रखंड नौतन, जिला सिवान     थीम 3 (बाल अनुकूल पंचायत): डुमरी भागरावा, प्रखंड पिपरासी, जिला पश्चिम चंपारण     थीम 4 (पर्याप्त जल युक्त पंचायत): पिपरासी, प्रखंड पिपरासी, जिला पश्चिम चंपारण     थीम 5 (स्वच्छ एवं हरित पंचायत): दुल्लाहपुर, प्रखंड सिमरी, जिला बक्सर     थीम 6 (आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना): जजुआर मध्य, प्रखंड कटरा, जिला मुजफ्फरपुर     थीम 7 (सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सुरक्षित): बहेरा, प्रखंड बांका, जिला बांका     थीम 8 (सुशासन युक्त पंचायत): समोहता, प्रखंड रोहतास, जिला रोहतास     थीम 9 (महिला अनुकूल पंचायत): गौरा-1, प्रखंड तेघरा, जिला बेगूसराय  

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई इलाकों में बिजली गुल

लखनऊ उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है और आंधी-बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। हालात ऐसे हो गए कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। आसमान में घने काले बादल छा गए, तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कती रही, जिससे लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। तेज हवाओं का असर शहर के कई हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं, जिससे कई जगहों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। लखनऊ में अचानक बदला मौसम, सुबह होते अंधेरा इसके अलावा कई बिजली के पोल भी गिर गए, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली कटौती के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम के इस अचानक बदले रुख ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दफ्तर जाने वाले लोग रास्ते में फंस गए, वहीं स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र भी प्रभावित हुए। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मौसम जारी किया था अलर्ट मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय सिस्टम के सक्रिय होने की वजह से यह स्थिति बनी हुई है। आने वाले कुछ घंटों में भी मौसम इसी तरह खराब रहने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। रविवार को भी बिगड़ा था मौसम, कई इलाकों की बिजली हुई थी गुल इससे पहले आंधी और बारिश के कारण रविवार को भी लखनऊ की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। कहीं पेड़ गिरने से तार टूट गए, तो कहीं अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आ गया। इससे गोमतीनगर, चिनहट, बीकेटी और रहीमाबाद जैसे बड़े इलाकों को अंधेरे में डूब गए। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पोल उखड़ गए और भारी पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर पड़े। बिजली गुल होने का सुबह के समय घरों में पानी न आने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने उपकेंद्रों पर हंगामा किया। निगोहां में बाधित रही बिजली निगोहां के दयालपुर फीडर अंतर्गत बरवालिया टी-ऑफ के पास रविवार को एक कौए के हाईटेंशन लाइन से टकराने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। मौके पर ही कौए की मौत हो गई। विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेट्रोलिंग कर फॉल्ट का पता लगाया। कर्मचारियों ने आपस में चिपके तारों को अलग कर लाइन को दुरुस्त किया, जिसके बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। इस दौरान दयालपुर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में करीब 1 घंटा 50 मिनट तक बिजली आपूर्ति ठप रही। मलिहाबाद में आम की फसल को नुकसान हुआ मलिहाबाद में रविवार तड़के आई आंधी से फलपट्टी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आम की फसल को नुकसान हुआ। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में कच्चे आम (कैरियां) टूटकर कर असमय गिर गए। कई बागों में तो आम जमीन पर बिछ गया। आंधी का असर रहीमाबाद और माल क्षेत्र में अधिक देखा गया। माल क्षेत्र के बागवान सर्वेश ने बताया कि आंधी से क्षेत्र में लाखों रुपये का आम टूट कर गिर गया है। बाग में बड़े आकार का आम गिर जाने से काफी नुकसान हो गया है। रहीमाबाद क्षेत्र में भी तेज हवाओं ने बागों को नुकसान पहुंचाया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने चिल्फी और सरोधा दादर की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की

 रायपुर : चिल्फी और सरोधा दादर की प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत हुए वन मंत्री केदार कश्यप छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के बैगा एथनिक रिजॉर्ट की सराहना भोरमदेव अभ्यारण्य के शुभारंभ पर किया प्रवास  रायपुर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा संचालित बैगा एथनिक रिजॉर्ट (सरोधा दादर) में प्रवास के दौरान राज्य के उभरते पर्यटन स्थलों की मुक्तकंठ से सराहना की। भोरमदेव अभयारण्य के शुभारंभ के अवसर पर पहुंचे मंत्री कश्यप ने यहाँ एक दिवसीय रात्रि विश्राम किया और चिल्फी घाटी सहित सरोधा दादर की मनमोहक प्राकृतिक छटा का आनंद लिया। मेडिटेशन के लिए उपयुक्त       कश्यप ने कहा कि सरोधा दादर का वातावरण इतना सुकून, शांतिपूर्ण और स्फूर्तिदायक है कि यहाँ एक दिन का प्रवास भी कम प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि यह स्थान मेडिटेशन के लिए उपयुक्त है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यहाँ का मौसम और नैसर्गिक परिवेश मानसिक शांति, योग और ध्यान के लिए सर्वथा उपयुक्त है। पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नवाचार और सतत विकास के कारण छत्तीसगढ़ अब राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। मंत्री कश्यप ने बताया कि सरोधा दादर जैसे स्थलों का विकास न केवल पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि स्थानीय जनजातीय संस्कृति और जीवनशैली को भी वैश्विक मंच प्रदान कर रहा है। बैगा एथनिक रिजॉर्ट की विशेषता       मंत्री कश्यप ने रिजॉर्ट की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के सानिध्य में पारंपरिक जनजातीय जीवनशैली का एक अनूठा और जीवंत अनुभव प्राप्त होता है। प्रवास के अंत में उन्होंने संकेत दिया कि वे शीघ्र ही पुनः इस शांत और सुरम्य स्थल का भ्रमण करेंगे। यह प्रवास क्षेत्र में पर्यटन विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

घर बैठे प्लॉट की बकाया, लोकेशन और डिटेल्स देख सकेंगे खरीदार और निवेशक

नोएडा उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा में प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन को पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब यहां किसी भी प्लॉट या संपत्ति की पूरी जानकारी जैसे बकाया राशि, आवंटन की तारीख, क्षेत्रफल, लोकेशन और विभागीय देनदारियां घर बैठे एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। नोएडा प्राधिकरण ने जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सिस्टम (GIS) आधारित यह प्लेटफॉर्म तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही वेबसाइट पर लाइव किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से न केवल आम खरीदारों और विक्रेताओं को राहत मिलेगी, बल्कि निवेशकों के लिए भी नोएडा में निवेश करना अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बन जाएगा। GIS सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता और सुविधा नोएडा प्राधिकरण द्वारा तैयार किया गया GIS सिस्टम शहर की संपत्तियों का डिजिटल डेटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इसमें यूजर प्लॉट नंबर डालते ही संबंधित प्लॉट का प्रकार, सेक्टर, क्षेत्रफल और अन्य जरूरी जानकारियां आसानी से देख सकेगा। इससे प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने से पहले पूरी जानकारी हासिल करना आसान होगा और किसी भी तरह की अनिश्चितता कम होगी। बकाया और NOC से जुड़े झंझट होंगे आसान नोएडा में अधिकतर संपत्तियां लीज पर होती हैं और उनके ट्रांसफर के लिए ट्रांसफर ऑफ मेमोरेंडम (TM) प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसमें प्रॉपर्टी ट्रांसफर तभी संभव होता है, जब मूल आवंटी का पूरा बकाया साफ हो और उसे एनओसी जारी हो। GIS सिस्टम के जरिए अब प्रॉपर्टी पर बकाया राशि और अन्य देनदारियों की जानकारी पहले से उपलब्ध होगी, जिससे खरीदार धोखाधड़ी से बच सकेंगे और ट्रांसफर प्रक्रिया भी तेज होगी। रियल टाइम डेटा से निवेशकों को मिलेगा भरोसा प्राधिकरण के अनुसार, इस सिस्टम में रेसिडेंशियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल प्रॉपर्टी का डेटा रियल टाइम में अपडेट किया जा रहा है। इससे निवेशकों को सटीक और ताजा जानकारी मिलेगी, जो निवेश के फैसलों को अधिक सुरक्षित बनाएगी। हालांकि, ग्रुप हाउसिंग प्रॉपर्टी को अभी पूरी तरह रियल टाइम नहीं किया जा सका है, क्योंकि कई सोसाइटियों में रजिस्ट्री प्रक्रिया अधूरी है। इसे भी जल्द सिस्टम में शामिल करने की तैयारी है। सैटेलाइट मैप से दिखेगी शहर की पूरी तस्वीर GIS प्लेटफॉर्म में सैटेलाइट मैपिंग की सुविधा भी दी गई है, जिससे यूजर शहर की भौगोलिक स्थिति को समझ सकेगा। फिलहाल इसमें वर्ष 2022 तक का डेटा उपलब्ध है, जिसे लगातार अपडेट किया जा रहा है। यूजर्स बिना किसी रजिस्ट्रेशन के नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर GIS लिंक के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। रियल एस्टेट और निवेश को मिलेगा बढ़ावा नोएडा प्रदेश के राजस्व में बड़ी हिस्सेदारी रखता है। ऐसे में यह सिस्टम विदेशी और घरेलू निवेशकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। पारदर्शी डेटा उपलब्ध होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी।

मुंबईवासियों के लिए अलर्ट: 5 और 6 मई को बड़ी पानी कटौती, कई इलाके होंगे प्रभावित

मुंबई मुंबई नगर निगम (BMC) ने शहर के पानी सप्लाई सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अमर महल में तैयार नए वॉटर टनल को मुख्य लाइन से जोड़ने के काम के चलते 5 मई (मंगलवार) सुबह 10 बजे से 6 मई (बुधवार) दोपहर 4 बजे तक करीब 30 घंटे पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इस पानी कटौती का असर दक्षिण और मध्य मुंबई के छह वार्डों पर पड़ेगा। किन इलाकों में रहेगा पानी बंद 30 घंटे तक पानी की कटौती का असर मुंबई के माटुंगा, सायन, वडाला, परेल, शिवड़ी, कुर्ला, साकीनाका, गोवंडी, मानखुर्द, चेंबूर, घाटकोपर और विद्याविहार समेत कई इलाकों पर पड़ेगा। बीएमसी के अनुसार, यह कटौती एफ/नॉर्थ (माटुंगा, सायन, वडाला), एफ/साउथ (परेल, शिवडी), एल वार्ड (कुर्ला, साकी नाकी), एम/ईस्ट (गोवंडी, मानखुर्द), एम/वेस्ट (चेंबूर) और एन वार्ड (घाटकोपर, विद्याविहार) के कई इलाकों को प्रभावित करेगी। क्यों जरूरी है यह काम बीएमसी ने बताया कि अमर महल में तैयार नई वॉटर टनल अब मुख्य जल आपूर्ति नेटवर्क से जोड़ी जा रही है। इससे शहर के पूर्वी उपनगरों में पानी सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा और भविष्य में पानी की कमी जैसी समस्याओं को कम किया जा सकेगा। इस परियोजना के तहत 1,800 मिमी व्यास की एक सुरंग का निर्माण किया जाएगा, साथ ही उससे जुड़े अन्य सहायक कार्य भी किए जाएंगे। इस दौरान बीएमसी तुर्भे के हाई-लेवल और लो-लेवल जलाशयों से मौजूदा सुरंगों के जरिए होने वाली जल आपूर्ति बंद देगी। प्रभावित इलाकों की पूरी सूची- एफ/नॉर्थ वार्ड – प्रतीक्षा नगर, शास्त्री नगर, संजय गांधी नगर, शांति नगर, एच एम रोड, के डी गायकवाड़ नगर, वडाला ट्रक टर्मिनस, न्यू कफ परेड, आल्मेडा कॉम्प्लेक्स, सायन (पूर्व) और सायन (पश्चिम) । एफ/साउथ वार्ड- डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग, दिनशॉ पेटीट मार्ग, डॉ. आर. एस. अर्नेस्ट बोर्जेस मार्ग, परमार गुरुजी मार्ग, गोखले मार्ग, दादासाहेब फाल्के मार्ग, गोविंदजी केणी मार्ग, जेरबाई वाडिया मार्ग, बी. जे. देवरुखकर मार्ग, सेंट पॉल मार्ग, सेंट जेवियर मार्ग, खशाबा मार्ग, महादेव पालव मार्ग, जीजीभॉय लेन, आचार्य डोंडे मार्ग, विठ्ठल चव्हाण मार्ग, जगन्नाथ भातणकर मार्ग, बाटलीवाला गली, चामर बाग मार्ग, आई माई मेरवानजी मार्ग, शिरोडकर मार्ग, चिवड़ा गली, साने गुरुजी मार्ग, आनंद मालवणकर मार्ग, गैस कंपनी गली। एल वार्ड- साबले नगर, संतोषी माता नगर, क्रांतिनगर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, न्यू तिलक नगर, कुरेशी नगर (कसाईवाड़ा), हिल मार्ग, ताड़ी पेठ, मुक्तादेवी मार्ग, गावदेवी मंडल, डोंगर क्षेत्र, पाटिल गली, गुलमोहर गली, पंचशील नगर, नेहरू नगर, शिव सृष्टि मार्ग, नाइक नगर, मदर डेयरी मार्ग, एस. जी. बर्वे मार्ग (कुर्ला पूर्व), केदारनाथ मंदिर रोड, नवरे बाग, कामगार नगर, हनुमान नगर, पुलिस कॉलोनी, कुर्ला कारशेड, रेलवे कॉलोनी, टैक्सिला नगर, चाफे गली, राहुल नगर, एवरार्ड नगर, पान बाजार, त्रिमूर्ति मार्ग, वी. एन. पुरव मार्ग, उमरवाड़ी मार्ग, अली दादा स्ट्रीट, स्वदेशी मिल चाल, चुनाभट्टी फाटक, म्हाडा कॉलोनी, समर्थ नगर। एम/ईस्ट वार्ड- लल्लुभाई कॉम्प्लेक्स, कमला रमण नगर, रमण मामा नगर, शिवाजी नगर, लोटस कॉलोनी, गौतम नगर, गायकवाड़ नगर, अयोध्या नगर, वाशी नाका, मानखुर्द, बैंगनवाड़ी, भारत नगर, म्हाडा बिल्डिंग्स, चिता कैंप, साठे नगर, जाकिर हुसैन नगर, देवनार गांव, देवनार वसाहत, न्यू भारत नगर, हशु अडवाणी नगर, नटवर पारेख कॉम्प्लेक्स, सह्याद्री नगर, वडवली गांव, बार्क वसाहत, डंपिंग सप्लाई, रफीक नगर, मंडाला गांव, न्यू मंडाला, पद्मा नगर, विष्णु नगर, एल. यू. गडकरी, आर. एन. ए. पार्क, कुकरेजा बिल्डिंग्स, महाराष्ट्र नगर, इंडियन ऑयल नगर, पाटिल मार्ग स्थित बी. डी. रिफाइनरी विभाग, एचपीसीएल और बीपीसीएल। एम/वेस्ट वार्ड- मैत्री पार्क, घाटला, चेंबूर गांव, सुभाष नगर, लालडोंगर, सिद्धार्थ वसाहत, स्वास्तिक पार्क, पोस्टल वसाहत, डब्ल्यू. टी. पटेल मार्ग, मुक्ति नगर, काशीनाथ पाटिल वाड़ी, संतोष नगर, केलकर वाड़ी, डायमंड गार्डन, सेंट्रल एवेन्यू मार्ग, एन. बी. पाटिल मार्ग, जनार्दन पाटिल मार्ग, घाटला गांव, सेंट एंथनी मार्ग, चंद्रोदय सोसायटी, एस. जी. बर्वे मार्ग, चराई गांव, बोरला सोसायटी। इसके अलावा, एम. एस. बिल्डिंग नंबर 1-32, चेंबूर कैंप, सिंधी कैंप, विजय विहार, सुमन नगर, भक्ति भवन, चिखल वाड़ी, समर्थ नगर, बसंत पार्क, गांधी बाजार, जनता बाजार, इंदिरा नगर, नवजीवन सोसायटी, गोल्फ क्लब, राम टेकड़ी, तोलाराम टावर, चेंबूर वसाहत, कोंकण नगर, गणेश नगर, विजय नगर, अशोक नगर, अन्नाभाऊ साठे मार्ग, सिंधी सोसायटी, कलेक्टरेट वसाहत, मरावली चर्च, आर. सी. रूट, महुल गांव, अंबापाड़ा गांव, मैसूर कॉलोनी, वाशी गांव, डीवाई बी रियल्टी बिल्डिंग, वडवली, शरद नगर, लक्ष्मी नगर, जनता नगर, वाशी नाका, जीजामाता नगर और भक्ति पार्क की सभी इमारतें। साथ ही तिलक नगर, सहकार नगर, वत्सलाताई नाइक नगर, श्रमजीवी नगर, पी. एल. लोखंडे मार्ग, एकता मित्र मंडल, मालेकर वाड़ी, पी. वाई. थोरात मार्ग, रमाबाई वसाहत, आमिर बाग, जनता नगर, मोतीलाल रेजिडेंशियल एसोसिएशन, कादरिया नगर, महात्मा फुले नगर, अजंता वसाहत, साहदीप वसाहत, मुकुंद नगर, पंजाबी चाल, नागे वाड़ी, छेड़ा नगर।  

रायगढ़ में 50 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, नई सुविधा से क्षेत्रवासियों को मिलेगा लाभ

रायपुर : 50 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण, रायगढ़ को मिली नई सौगात सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा भवन : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी नालंदा परिसर और नव गुरुकुल जैसी योजनाओं से शिक्षा व युवा सशक्तिकरण को मिल रही नई दिशा रायपुर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने  रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 6 में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह भवन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनकर स्थानीय समुदाय को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए विश्वास और समर्थन को विकास कार्यों के माध्यम से लौटाना उनका दायित्व है। शहर में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। वित्त मंत्री चौधरी ने बताया कि रायगढ़ में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। कला महाविद्यालय, उद्यानिकी महाविद्यालय, फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्रयास विद्यालय, स्विमिंग पूल, विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन, सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण तथा गजमार पहाड़ी और बाल समुंद तालाब का सौंदर्यीकरण जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली और बीटी सड़कों का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए 22 स्थानों पर नालंदा परिसर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें रायगढ़ का नालंदा परिसर लगभग 40 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन है। इसके अलावा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘नव गुरुकुल’ पहल के माध्यम से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के समग्र विकास के लिए शासन, प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

वॉशिंगटन सुंदर के छक्के से खत्म हुआ मैच, गुजरात ने दिलाई सांस रोक देने वाली जीत

अहमदाबाद  आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें आखिरी ओवर में गुजरात की टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में भले ही पंजाब की टीम ने सिर्फ 163 रन बोर्ड पर लगाए। लेकिन गुजरात को जीत हासिल करने में आखिरी ओवर तक जोर लगाना पड़ा। आखिरी ओवर में गुजरात की टीम को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी और मार्कस स्टोइनिस की 5वीं गेंद पर वाशिंगटन सुंदर ने छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। गुजरात ने आखिरी ओवर में जीता मुकाबला गुजरात के लिए इस मैच में ओपनिंग करने आए साई सुदर्शन ने 41 गेंद पर 57 रन की पारी खेली। वहीं नाबाद 40 रन की पारी खेलकर वाशिंगटन सुंदर ने अपनी टीम की जीत को तय किया। इसके अलावा 26 रन जोस बटलर और 15 रन की पारी निशांत सिद्धू ने खेली। वहीं पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और विजयकुमार वैशाख ने 2-2 विकेट हासिल किए। पंजाब का टॉप ऑर्डर फेल पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के लिए 164 रन का टारगेट रखा था। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इस टीम को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियांश आर्य (2) और तीसरी गेंद पर कूपर कोनोली (0) के रूप में लगातार दो झटके लगे। किंग्स ने महज 2 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। टिक नहीं पाए पंजाब के बल्लेबाज प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 35 के स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 47 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश शेडगे के साथ 44 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यांश ने ठोकी फिफ्टी सूर्यांश 29 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 40 रन की पारी खेली। इस पारी में मार्को यानसेन ने 20 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट निकाले। राशिद खान ने 1 विकेट हासिल किया।

प्वाइंट्स टेबल के निचले पायदान की भिड़ंत, हार का सिलसिला तोड़ने उतरी MI और LSG

मुंबई  मुंबई इंडियंस (एमआई) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 47वां मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धूमिल होती उम्मीदों को फिर से जगाने के लिए बेताब हैं। यह मुकाबला सीजन की सबसे निचले पायदान पर मौजूद टीमों के बीच है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स 8 में से 6 मकाबले गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर मौजूद है। ये टीम लगातार पांच हार से जूझ रही हैं। उनकी सबसे ताजा शिकस्त कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली दिल तोड़ने वाली हार है। लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल बेहाल ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी टीम को मुख्य रूप से बल्लेबाजी में बार-बार मिल रही असफलताओं के कारण संघर्ष करना पड़ा है, जबकि उनके गेंदबाजों ने सराहनीय प्रयास किए हैं। अपने पिछले मुकाबले में, मोहसिन खान की शानदार गेंदबाजी बेकार चली गई, जबकि निकोलस पूरण से जुड़ा एक विवादास्पद सुपर ओवर का फैसला टीम को भारी पड़ा। मुंबई ने गंवाए 7 मैच मुंबई इंडियंस ने 9 में से 7 मैच गंवा दिए हैं। यह टीम 9वें पायदान पर है। एमआई इस मुकाबले में लगातार तीन हार के बाद उतरेगी, जिसमें हाल ही में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 8 विकेट की करारी हार भी शामिल है। मुंबई का अभियान प्रमुख खिलाड़ियों जैसे जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पंड्या के लगातार बदलते प्रदर्शन के कारण प्रभावित हुआ है। हार्दिक की कप्तानी भी अब सवालों के घेरे में आ गई है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी से टीम कमजोर पड़ती नजर आ रही है, जिससे अब टीम के पास आगे बढ़ने के लिए गलतियों की गुंजाइश बहुत कम बची है। लखनऊ का रिकॉर्ड अच्छा दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 8 मैच खेले गए हैं, इनमें 6 मैच एलएसजी ने जीते, जिसमें वानखेड़े स्टेडियम में मिली दो जीत भी शामिल हैं। मुंबई इंडियंस की टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), श्रीजीत कृष्णन (विकेटकीपर), बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, केशव महाराज, राज अंगद बावा, विग्नेश पुथुर, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, वीएस पेनमेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह। लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम: ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), एडेन मार्करम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीत्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिशेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्त्जे, नमन तिवारी, मयंक यादव और मोहसिन खान।

वरुण-नरेन की फिरकी और रघुवंशी-रहाणे की बल्लेबाजी से KKR की तीसरी लगातार जीत

कोलकाता  कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूती से बनाए रखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को उनके घर में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत ट्रेविस हेड के दम पर बेहद तूफानी रही थी, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में जबरदस्त वापसी की। हैदराबाद की पूरी टीम 19 ओवरों में महज 165 रनों पर ही ढेर हो गई, जो इस सपाट पिच पर एक औसत स्कोर से भी कम था। वरुण और नरेन की फिरकी में उलझी सनराइजर्स सनराइजर्स को कम स्कोर पर रोकने का पूरा श्रेय केकेआर के गेंदबाजों को जाता है, जिसमें वरुण चक्रवर्ती एक बार फिर सबसे बड़े हीरो साबित हुए। वरुण ने 36 रन देकर तीन मुख्य विकेट चटकाए, जबकि दिग्गज सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट लेकर हैदराबाद के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। ट्रेविस हेड ने हालांकि 28 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। कप्तान रहाणे ने मैच के बाद अपनी बॉलिंग यूनिट और कोच ड्वेन ब्रावो की रणनीतियों की जमकर तारीफ की। रघुवंशी और रहाणे ने आसान की जीत की राह 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और अनुभवी अजिंक्य रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। रहाणे ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और 43 रनों की सधी हुई पारी खेलकर यह सुनिश्चित किया कि टीम कहीं भी दबाव में न आए। इन दोनों की बल्लेबाजी के दम पर केकेआर ने मात्र 18.2 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्लेऑफ की रेस में केकेआर की जोरदार वापसी लगातार तीसरी जीत के साथ केकेआर ने अब प्लेऑफ की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है। 9 मैचों में 7 अंकों के साथ टीम अभी भी टॉप-4 में जगह बनाने की दावेदार बनी हुई है। हालांकि उन्हें अगले दौर में जाने के लिए अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे, लेकिन इस समय टीम का जो फॉर्म और ड्रेसिंग रूम का माहौल है, उससे वापसी की पूरी उम्मीद दिख रही है। कप्तान रहाणे ने साफ किया कि शुरुआती 5 मैच हारने के बाद भी टीम का हौसला नहीं टूटा था और अब वे इसी लय को अंत तक बरकरार रखना चाहते हैं।