samacharsecretary.com

भारतीय टेनिस में नया सितारा: मानस धामने पहुंचे चैलेंजर फाइनल में

 नई दिल्ली 18 साल के भारतीय खिलाड़ी मानस धामने ने कजाखस्तान के शिमकेंट में खेले जा रहे क्ले कोर्ट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में फ्रांस के एंटोनी गिबाउडो को सीधे सेटों में हराया। इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार एटीपी चैलेंजर फाइनल में जगह बनाई। अब धामने की नजर खिताब जीतने पर होगी, जब वह फाइनल में बेल्जियम के बुवायसार गदामौरी से रविवार को मुकाबला करेंगे। धामने ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गिबाउडो को 6-4, 6-3 से मात दी। पहले सेट में कड़ी टक्कर के बाद उन्होंने अहम मौके पर ब्रेक हासिल किया, जबकि दूसरे सेट में उन्होंने बेसलाइन से खेल पर पूरी तरह नियंत्रण रखते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। इस सप्ताह उनका शानदार प्रदर्शन उनकी रैंकिंग और आत्मविश्वास दोनों को बढ़ावा देगा, क्योंकि वह जूनियर से प्रोफेशनल सर्किट की ओर अपने सफर को आगे बढ़ा रहे हैं। सोमवार को उनकी रैं¨कग में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है और वह टाप-400 में प्रवेश कर सकते हैं।

वजीरपुर में महिला और 4 बच्चों की मौत, पति पर हत्या का शक

गुरुग्राम हरियाणा के गुरुग्राम से एक हिला देनेवाली खबर सामने आई है। यहां के वजीरपुर इलाके में एक घर के अंदर से पांच शव मिले, जिनमें एक महिला और चार बच्चों के शव शामिल हैं। महिला के पति नाजिम की हालत गंभीर है। फिलहाल माना जा रहा है कि शख्स ने अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या करके आत्महत्या करने की कोशिश की। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उस व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी जान लेने की कोशिश करने से पहले अपनी पत्नी और बच्चों को ज़हर दिया था। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है। शनिवार रात करीब 8 बजे घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों और स्थानीय पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और घर से मोबाइल फोन तथा अन्य सबूत ज़ब्त किए। अधिकारी फिलहाल पति के इस कदम के पीछे के संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं। देर रात पुलिस को मिली सूचना पुलिस के मुताबिक, उन्हें शनिवार रात 9.30 बजे से 10 बजे के बीच परिवार के पड़ोसियों ने हेल्पलाइन पर इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को घर के अंदर पांच लोग पड़े मिले। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और शवों को जांच के लिए गुरुग्राम के सेक्टर 10 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला के परिवार को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। आगे की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस को शख्स पर पत्नी और बच्चों की हत्या का शक पुलिस के मुताबिक, पिता पर अपनी पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे की हत्या करने का शक है। इसके बाद उसने अपनी कलाई काट ली और पुलिस को वह भी मौके पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसकी सांसें चल रही थीं। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मुरादाबाद का रहने वाला था परिवार पुलिस ने बताया कि मरने वाला परिवार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला था। नाजिम गुरुग्राम में सलून चलाता था। वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी और चार बच्चों के साथ यहां वजीरपुर इलाके में रहता था।  

राजधानी को मिलेंगे नए मेट्रो कॉरिडोर, हजारों यात्रियों को होगा फायदा

नई दिल्ली राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को दिल्ली सरकार फेज-5B के तहत नई परियोजनाओं की घोषणा कर सकती है। अधिकारियों के अनुसार, फेज-4 के पूरा होते ही फेज-5 के काम में तेजी लाने की रणनीति बनाई जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। बताते चले इससे पहले केंद्र सरकार फेज- 5A के तहत तीन कॉरिडोर को मंजूरी दे चुकी है, जिनमें एरोसिटी-एयरपोर्ट टर्मिनल-1, कालिंदी कुंज-बॉटनिकल गार्डन और आरके आश्रम-इंद्रलोक (सेंट्रल विस्टा) कॉरिडोर शामिल हैं। इन पर निर्माण प्रक्रिया जारी है। फेज-5B के तहत दिल्ली-एनसीआर में कुल 15 नए कॉरिडोर प्रस्तावित हैं, जिनमें से 7 दिल्ली में बनाए जा सकते हैं। इन कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 97 किमी होगी और इनमें 65 स्टेशन शामिल होंगे। परियोजना की अनुमानित लागत 4S,204.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इनमें से चार कॉरिडोर को प्राथमिकता देते हुए 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बाकी तीन कॉरिडोर बाद में बनाए जाएंगे। 97 किमी का होगा नेटवर्क     रविवार को डीएमआरसी के स्थापना दिवस के मौके पर होना है कार्यक्रम     इसके तहत 97 किमी के नेटवर्क में 65 स्टेशन है प्रस्तावित     15 नए कॉरिडोर है प्रस्तावित, इनमें 7 दिल्ली में बन सकते हैं     48,204.56 करोड़ आंकी जा रही है अनुमानित लागत इसकी कौन-कौन से रूट शामिल? प्रमुख प्रस्तावित कॉरिडोर में मयूर विहार फेज-3 से शास्त्री पार्क (13.19 किमी), सेंट्रल विस्टा से वसंत कुंज (14.5 किमी), समयपुर बादली से नरेला स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स (11.6 किमी) और मायापुरी से कश्मीरी गेट (12 किमी) शामिल हैं। इसके अलावा सीजीओ कॉम्प्लेक्स से सूर्य विहार फरीदाबाद तक 18 किमी लंबा कॉरिडोर बनाने की योजना है।  

पलवल से कोसीकलां और मथुरा तक चलेंगी EMU ट्रेनें

फरीदाबाद  उत्तर रेलवे ने पलवल से कोसीकलां और मथुरा तक दो ईएमयू शटल ट्रेनों के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के बाद फरीदाबाद-पलवल रूट पर रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। ये दोनों ट्रेनें 5 मई से कोसीकलां और मथुरा तक चलना शुरू हो जाएंगी। अभी इसे अस्थाई तौर पर 31 जुलाई तक चलाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक और यात्रियों की संख्या पर इसे स्थाई रूप से चलाया जा सकता है। इन ट्रेनों के शुरू होने से कोसी और मथुरा तक सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा होगी। इनका किया गया विस्तार उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 64016 और 64082 ईएमयू सेवाओं के विस्तार को मंजूरी दी गई है। ये दोनों ट्रेनें अभी शकूरबस्ती से पलवल और नई दिल्ली से पलवल के बीच चलती है। इन्हीं ट्रेनों को आगे कोसीकलां और मथुरा तक बढ़ाया गया है। अभी 64016 शकूरबस्ती पलवल शटल दोपहर करीब ढाई बजे शकूरबस्ती से चलती है और 4 बजकर 45 मिनट पर पलवल पहुंचकर खड़ी हो जाती है। यही ट्रेन 64019 पलवल शकूरबस्ती बनकर रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर चलती है और रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर शकूरबस्ती पहुंचती है। जबकि नई दिल्ली से चलकर पलवल जाने वाली 64082 शटल शाम छह बजे नई दिल्ली से चलती है और रात 7 बजकर 40 मिनट पर पलवल पहुंचकर खड़ी हो जाती है। यही ट्रेन 64051 पलवल गाजियाबाद बनकर रात 11 बजकर 5 मिनट पर चलती है और रात 1 बजकर 40 मिनट पर गाजियाबाद पहुंचती है। दैनिक यात्रियों के लिए ये जरूरत भी है और समय की मांग भी। इन ट्रेनों के चलने से हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उनका कहना है कि लंबे समय से इस तरह की सुविधा की मांग की जा रही थी। इन ट्रेनों पर भीड़ का दबाव होगा कम रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उक्त ट्रेनों का विस्तार कोसीकलां और मथुरा तक होने से पीक आवर्स में अन्य ट्रेनों जैसे आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस और मथुरा शटल जैसी ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा। क्यों कि अभी इंटरसिटी और मेवाड़ एक्सप्रेस में दैनिक यात्रियों की भीड़ बेकाबू रहती है। सबसे बुरा हाल 12963 मेवाड़ एक्सप्रेस का होता है। क्योंकि ये ट्रेन शाम छह बजकर 25 मिनट पर निजामुद्दीन से चलती है। इसका स्टापेज बल्लभगढ़ में दिया गया है। ये ट्रेन छह बजकर 46 मिनट पर बल्लभगढ़ पहुंचती है। इस समय घर जाने वाले दैनिक यात्रियों की भीड़ अधिक होती है। कोसीकलां के सैकड़ाें यात्री इस ट्रेन के रिजर्वेशन कोच तक में घुस जाते हैं।ऐसे में रिजर्वेशन के साथ सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। कई बार तो बल्लभगढ़ स्टेशन से चढ़ने वाले रिजर्वेशन वाले यात्री भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ तक नहीं पाते। 5 हजार से अधिक यात्रियों को होगा मिलेगा फायदा रेल अधिकारियों के मुताबिक उक्त दोनों शटल ट्रेनों का विस्तार होने से कोसीकलां और मथुरा तक सफर करने वाले पांच हजार से अधिक यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। क्याेंकि औसतन 12 कोच वाली ट्रेन में करीब 1300 यात्री एक साफ सफर कर सकते हैं। ऐसे में दोनों ट्रेनों के अप और डाउन में करीब 5200 यात्री सफर कर सकेंगे। इन दो ट्रेनों के चलने से पलवल से कोसीकलां और मथुरा स्टेशन के बीच के स्टेशनों के यात्रियों को आठ लोकल ट्रेनें मिल जाएगी। अभी तक केवल दो मथुरा शटल अप व डाउन, एक कोसीकलां शटल अप व डाउन और एक पलवल से आगरा मेमू ट्रेन चलती है।  

नहरों में पानी छोड़ने का आदेश, 39 बनाम 35 गांवों की जंग तेज

 करौली राजस्थान के करौली जिले में स्थित पांचना बांध का विवाद एक बार फिर ज्वालामुखी की तरह फूट पड़ा है. करीब दो दशकों से सूखी पड़ी नहरों में पानी छोड़ने को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने इस बार इतना सख्त रुख अपनाया है कि प्रशासन से लेकर सरकार तक के हाथ-पांव फूल गए हैं. 1 मई की डेडलाइन और अधिकारियों की व्यक्तिगत पेशी की चेतावनी के बाद अब मैदान में खाकी और खादी दोनों की सक्रियता बढ़ गई है. हाईकोर्ट का आदेश, अधिकारियों की नींद उड़ी हाईकोर्ट ने दो टूक शब्दों में आदेश दिया है कि हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर नहरों में पानी छोड़ा जाए. आदेश की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल चीफ इंजीनियर सुरेशचंद ने खुद मोर्चा संभाला है. नहरों की सफाई और मरम्मत के लिए अभियंताओं की फौज उतार दी गई है. विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि इस बार कोर्ट की अवमानना न हो और कमांड एरिया के किसानों तक पानी पहुंच सके. 39 गांव बनाम कमांड एरिया विवाद की असली वजह 'पहले हक' की लड़ाई है. बांध के डूब क्षेत्र में आने वाले 39 गांवों के लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी जमीन खोई है, इसलिए पानी पर पहला अधिकार उनका है. दूसरी ओर, कमांड एरिया के 35 गांवों के किसान पिछले 20 साल से बूंद-बूंद को तरस रहे हैं. 2005 के बाद से नहरी तंत्र ठप होने के कारण करीब 10 हजार हेक्टेयर भूमि बंजर होने की कगार पर है. सामाजिक और राजनीतिक पेच यह मुद्दा केवल सिंचाई का नहीं, बल्कि जातीय और क्षेत्रीय अस्मिता का भी बन चुका है. गुर्जर और मीणा समुदायों के बीच पुराने सामाजिक तनाव और 2008-2013 के बीच हुए राजनीतिक निर्णयों ने आग में घी डालने का काम किया है. 39 गांवों की योजना को छोटा कर 13 गांवों तक समेटने के पुराने फैसलों ने असंतोष को और गहरा कर दिया है. प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती पांचना संघर्ष समिति जहां चंबल से पानी लाने और प्रभावित गांवों को प्राथमिकता देने पर अड़ी है, वहीं प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है. संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती के संकेत हैं.

MI vs LSG: वानखेड़े में टकराव, दोनों टीमों को जीत की तलाश

मुंबई आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. ये सीजन दोनों ही टीमों के लिए काफी निराशजनक रहा है. एमआई की टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है, जबकि एलएसजी 10वें स्थान पर है. दोनों ही टीमों ने 8-8 मैचों में से 2-2 मुकाबले जीते हैं. ऐसे में दोनों ही टीमों की जीत की तलाश है, जिससे एक रोमांचक मुकाबला खेला जा सकता है. इससे पहले जानते हैं कि वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट कैसी है. मुंबई की पिच रिपोर्ट मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. इस मैदान पर अब तक काफी हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं. इस सीजन अब तक इस मैदान पर 5 मैच खेले गए हैं, जिसमें तीन मैच रनों का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है. वहीं सिर्फ दो मैच डिफेंड करने वाली टीम ने अपने नाम किया है. पिछले मैच में हैदराबाद ने एमआई के खिलाफ 244 रनों का टारगेट चेज कर दिया था. MI vs LSG हेड टू हेड रिकॉर्ड आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें एलएसजी ने 6 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि एमआई सिर्फ 2 बार जीती है. आंकड़ों के हिसाब से लखनऊ का पलड़ा एकतरफा भारी नजर आ रहा है. लेकिन इस सीजन दोनों ही टीमें अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसकी वजह से ये एक रोमांचक मुकाबला हो सकता है. दोनों टीमों का फुल स्क्वाड मुंबई- हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रयान रिकलटन, रॉबिन मिंज, राज बावा, रघु शर्मा, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, नमन धीर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, अल्लाह गफनजर, अश्विनी कुमार, दीपक चाहर, विल जैक, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, मोहम्मद इजहार, अथर्व अंकोलेकर और मयंक रावत. लखनऊ– ऋषभ पंत (कप्तान), अब्दुल समद, आयुष बडोनी, ऐडन मार्कराम, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, हिम्मत सिंह, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, मयंक यादव, आवेश खान, मोहसिन खान, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, आकाश सिंह, मोहम्मद शमी, अर्जुन तेंदुलकर, वानिंदु हसरंगा, एनरिक नॉर्खिया, मुकुल चौधरी, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी और जोश इंग्लिश.

पहले से शादीशुदा महिला बनी कुंवारी, दूल्हे को ठगकर फरार, 4 गिरफ्तार

महाराजगंज  उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पहले से शादीशुदा और एक बच्चे की मां बन चुकी महिला ने खुद को कुंवारी बताकर एक शख्स से शादी का स्वांग रचाया। महिला के साथ पूरा गैंग इसमें शामिल था। महिला ने अपने गैंग संग मिलकर शादी की रस्मों के दौरान ही दूल्हे संग कांड कर डाला। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ऐक्टिव हुई और उसे पूरे गैंग संग गिरफ्तार कर लिया। इसी के साथ महराजगंज पुलिस शादी के नाम पर ठगी करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश करने में कामयाब रही। पुलिस ने चिउटहा बाजार के पास से गिरोह की चार महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 39 हजार 500 रुपये नकद, चांदी की पायल और मंगलसूत्र बरामद हुआ है। पुलिस कार्यालय के सभागार में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने लुटेरी दुल्हन गैंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एटा के रहने वाले रंजीत चौहान ने सिंदुरिया थाने में तहरीर देकर बताया था कि जितेन्द्र नामक व्यक्ति और चार महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से उनकी शादी अंजलिका से तय कराई थी। अंजलिका को अविवाहित बताया गया था, जबकि वह पहले से शादीशुदा और एक बच्चे की मां है। सिन्दुरिया के एक मंदिर में शादी की रस्मों के दौरान आरोपितों ने रंजीत से शादी के खर्च और जेवर के नाम पर करीब एक लाख रुपये और गहने ठग लिए। रस्मों के बीच ही आरोपित मारपीट और गाली-गलौज कर भागने लगे। मुख्य आरोपित जितेन्द्र दुल्हन बनी अंजलिका को लेकर फरार हो गया था। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान रविवार को पुलिस टीम ने चिउटहा-सिन्दुरिया रोड से चार महिला आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों में लालती, सुमित्रा, काजल और अंजलिका शामिल हैं। दुल्हन की मां की भूमिका निभाती थी सुमित्रा पूछताछ में सामने आया कि गिरोह की लालती मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि सुमित्रा ने अंजलिका की मां बनकर गूंगी-बहरी होने का नाटक किया था ताकि पीड़ित पक्ष को भावुक किया जा सके। पुलिस के अनुसार लालती का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। गिरोह के फरार सदस्य जितेन्द्र की तलाश की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। क्या बोले एसपी महाराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरोह की चार महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से ठगी के रुपये और जेवर बरामद हुए हैं। फरार एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर

 रांची  चेंबर आफ कामर्स की पहल पर शनिवार को सुखदेवनगर थाने में पुलिस–व्यवसायी समिति की बैठक की गई। थाना क्षेत्र के व्यवसायियों एवं पुलिस प्रशासन के बीच विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर बात की गई। थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने थाना क्षेत्र में नशाखोरी पर नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नशाखोरी पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करें। बैठक में बढ़ती नशाखोरी, क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में सुखदेवनगर थाना में 1 पीसीआर एवं 4 टाइगर मोबाइल कार्यरत हैं। थाना स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हुआ है। चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस बात पर जोर दिया कि थाना में आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए ताकि लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने में संकोच न करें। ला एंड आर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा समय-समय पर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। सह सचिव नवजोत अलंग एवं सह सचिव रोहित पोद्दार ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने पुलिस एवं व्यापारियों के बीच मित्रवत वातावरण बनाने पर जोर दिया। सदस्य बिंदल वर्मा एवं शशांक भारद्वाज ने भी क्षेत्र की विधि-व्यवस्था में सुधार हेतु अपने विचार साझा किये। भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकें आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, सदस्य शशांक भारद्वाज, राजेश पोद्दार, रंजीत कुमार, बिंदुल वर्मा सहित क्षेत्र के कई व्यापारी शामिल थे।

यूपी मंत्री ओपी राजभर का अजीब बयान! महंगाई पर कही ऐसी बात कि छिड़ी नई बहस

लखनऊ यूपी कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर कहा है कि बाइक हर गांव में आ गई। यहां तक कि लगभग हर गांव में 20 फीसदी तक फोर व्हीलर गाड़ियां तक आ गईं हैं। जबकि शहरों में 70 से 80 प्रतिशत चार पहिया वाहन हो गए हैं। ओपी राजभर का ये बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ओम प्रकाश राजभर अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने महंगाई को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है जो चौंकाने वाला है। मीडिया से बात करते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि हर गांव में 25-50 मोटरसाइकिल आ गई। महंगाई बढ़ने से हर गांव में 20 परसेंट फोर व्हीलर गाड़ी आ गई। शहरों में 70 से 80 प्रतिशत फोर व्हीलर हो गए। वहीं, एक पत्रकार ने पूछा कि क्या महंगाई और अधिक हो जाए तो लोग हेलिकॉप्टर भी ले लेंगे? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'हम यह थोड़ा कह रहे हैं। जो लोग कह रहे हैं कि महंगाई है तो इतना तगड़ा मोटरसाइकिल क्यों खरीद रहे हैं?' ओपी राजभर ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में तेल और गैस का दाम बढ़ता है तो यहां भी बढ़ता है। ये कोई नई बात नहीं है। पश्चिम बंगाल के रिजल्ट के बाद उम्मीद है कि डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ेंगे? इस सवाल के जवाब में ओपी राजभर ने कहा कि वह वहां के कैबिनेट में नहीं हैं। जिससे उन्हें कोई जानकारी हो। जब तेल के रेट बढ़ेंगे तो वह सबको पता चल जाएगा। मोदी ने झालमुड़ी खरीदी तो पेट में दर्द होने लगा इससे पहले पंओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को विधान सभा में महिला आरक्षण के मसले पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर तीखी टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा था कि पहले तो प्रधानमंत्री के लिए कहते थे कि ये बेच दिया, वो बेच दिया। अभी जब उन्होंने दस रुपये की झालमुड़ी खरीदी तो इनके पेट में दर्द होने लगा है। राजभर ने कहा कि हमने देखा कि विपक्ष के साथी आरक्षण की तख्तियां लिए खड़े थे यानी ये बताना चाहते हैं कि ये आरक्षण चाहते हैं। हालांकि, बड़ा सवाल यही है कि अगर आरक्षण चाहते हैं तो जब सरकार में थे तो क्यों नहीं पास किया था? मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण की बात करते हैं। यह हमारे संविधान में नहीं है। गाजीपुर के मसले पर सपा के लोग बहुत हंगामा करते हैं। कहते हैं कि रेप हुआ। गलत बात है। पोस्टमॉर्टम में पुष्टि नहीं हुई है। मंत्री के इतना कहते ही सपा सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनके बयान का विरोध किया। इस पर मंत्री ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बाराबंकी और देवरिया जैसी जगहों पर जहां इनके सजातीय लोग आरोपियों में शामिल थे, वहां सपा का प्रतिनिधिमंडल नहीं गया। ये महिलाओं के सशक्तीकरण का दावा करते हैं, लेकिन बसपा के समय में महिलाओं के नाम पर बने जिले कानपुर और हाथरस का नाम बदल दिया।

महादेव की भक्ति में निकले राइडर, देशभर के ज्योतिर्लिंगों तक पहुंचेगा सफर

जमशेदपुर कहते हैं जब महादेव बुलाते हैं, तो रास्ते अपने आप बन जाते हैं. इसी आस्था और हिम्मत के साथ जमशेदपुर के राहरगोड़ा निवासी युवा राइडर आशीष झा ने अपने साथी विष्णु शर्मा के साथ 12 ज्योतिर्लिंगों की 50 दिन की यात्रा शुरू की है. रविवार को जब वे जमशेदपुर से निकले, तो उनके चेहरे पर भगवान शिव के प्रति गहरी श्रद्धा और भरोसा साफ दिख रहा था. राहरगोड़ा स्थित उनके आवास और रवानगी स्थल पर परिवार, दोस्त और शुभचिंतकों ने उन्हें माला पहनाकर और तिलक लगाकर शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दी. 12 हजार से अधिक किलोमीटर की दूरी तय होने का अनुमान यह 50 दिन की यात्रा होगी, जिसमें लगभग 12 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय की जाएगी. इस दौरान आशीष देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित शिवधामों में जाकर मत्था टेकेंगे. इस यात्रा में वे मुश्किल रास्तों से गुजरेंगे और साथ ही पूरे देश में सनातन संस्कृति और साहसिक जीवनशैली का संदेश भी देंगे. सनातन संस्कृति और पर्यटन का संदेश आशीष झा ने बताया कि इस यात्रा के जरिए वे भारत की अलग-अलग जगहों की भौगोलिक विविधता और सांस्कृतिक एकता को करीब से देखना चाहते हैं. उनका कहना है कि यह सिर्फ एक एडवेंचर ट्रिप नहीं है, बल्कि इसका मकसद युवाओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक पर्यटन और साहसिक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है. उनके इस कदम की पूरे शहर में तारीफ हो रही है. खासकर राहरगोड़ा के लोग इसे गर्व की बात मान रहे हैं. राहरगोड़ा से केदारनाथ तक, कुछ इस तरह तय होगी 12 ज्योतिर्लिंगों की दूरी जमशेदपुर के राइडर आशीष झा और उनके साथी विष्णु शर्मा की 50 दिन की बाइक यात्रा किसी कठिन तपस्या से कम नहीं है. इस यात्रा की शुरुआत झारखंड के देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक से होगी. इसके बाद वे उत्तर प्रदेश जाएंगे और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे. मध्य भारत की परिक्रमा: इसके बाद यह सफर मध्य प्रदेश के हृदय स्थल की ओर मुड़ेगा. शिप्रा नदी के तट पर स्थित महाकालेश्वर (उज्जैन) और नर्मदा किनारे बसे ओंकारेश्वर में मत्था टेकने के बाद महाराष्ट्र की ओर प्रस्थान करेंगे. महाराष्ट्र के तीन पड़ाव: पश्चिम भारत में प्रवेश करते ही सबसे पहले भीमाशंकर की पहाड़ियों को नापा जाएगा. जिसके बाद नासिक स्थित त्रयंबकेश्वर और फिर एलोरा के समीप घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग की बारी आएगी. दक्षिण की ओर बढ़ते कदम: महाराष्ट्र की यह यात्रा सह्याद्री पर्वत श्रृंखलाओं के बीच रोमांच से भरी होगी. महाराष्ट्र से आशीष दक्षिण भारत का रुख करेंगे. कृष्णा नदी के तट पर बसे मल्लिकार्जुन (आंध्र प्रदेश) का दर्शन करने के बाद यह सफर देश के अंतिम छोर तमिलनाडु स्थित रामेश्वरम पहुंचेगा. यहां समुद्र तट पर पूजा-अर्चना के बाद यह यात्रा पश्चिम की ओर मुड़ेगी. पश्चिम से हिमालय की ऊंचाई तक: गुजरात के समुद्र तट पर बसे प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ और द्वारका स्थित नागेश्वर का आशीर्वाद लेने के बाद आशीष सीधे हिमालय की वादियों की ओर करेंगे. इस 50 दिवसीय महायात्रा का समापन उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों में स्थित केदारनाथ के कपाट पर होगा. जहां जलाभिषेक के साथ इस संकल्प की पूर्णाहूति होगी.