samacharsecretary.com

PM मोदी कर सकते हैं भोपाल मेट्रो की पहली सवारी, कमर्शियल रन को जल्द हरी झंडी

भोपाल  भोपाल शहर में मेट्रो के कमर्शियल रन के लिए सबसे अहम कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी अपनी रिपोर्ट इसी हफ्ते मेट्रो कॉरपोरेशन को दे सकते हैं। सब कुछ ’ओके’ होने के बाद प्रदेश सरकार को रिपोर्ट दी जाएगी। वहीं, नई दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद मेट्रो के कमर्शियल रन की शुरुआत हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करेंगे। वे भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बन सकते हैं। इंदौर में 31 मई को उन्होंने वर्चुअली तरीके से लोकार्पण किया था। सीएमआरएस 12 नवंबर को भोपाल पहुंची थी। अब बस रिपोर्ट का इंतजार अगले 3 दिन यानी, 13, 14 और 15 नवंबर को टीम ने डिपो से लेकर ट्रैक और ट्रेन तक निरीक्षण किया था। कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता के साथ टीम ने मेट्रो के नट-बोल्ड तक देखे थे। इसके बाद टीम वापस लौट गई। इसके साथ ही अब रिपोर्ट का इंतजार है। मेट्रो अफसरों का कहना है कि मेट्रो के कमर्शियल रन के लिए वे सभी काम पूरे हो चुके हैं, जो जरूरी है और सीएमआरएस के पैमाने के हैं। स्टेशनों का कुछ काम जरूर बचा है, लेकिन उससे कमर्शियल रन पर असर नहीं पड़ेगा। इसलिए उम्मीद है कि सीएमआरएस की रिपोर्ट ’ओके’ ही रहेगी। इन हिस्सों की जांच हुई -रख-रखाव मानकों की जांच। -ट्रेन परीक्षण दस्तावेजों और संचालन नियंत्रण केंद्र की समीक्षा। -पावर सप्लाई और थर्ड रेल सिस्टम का परीक्षण। -स्वचालित ट्रेन नियंत्रण, एटीएस/एटीपी सिस्टम। -आपातकालीन ब्रेकिंग, इंटरलॉकिंग। -फायर सेफ्टी, यात्री सुविधाएं व स्टेशन मैनेजमेंट की भी जांच।

ASI पत्नी नियुक्ति मामला: अगले महीने मिल सकती है बड़ी राहत, सरकार पूरा करेगी मांग

रोहतक जींद के जुलाना निवासी एएसआई संदीप लाठर की पत्नी संतोष को लेक्चरर पद पर अगले माह तक नौकरी दी जाएगी। अगले सप्ताह बैठक कराकर परिवार की यह मांग पूरी कराई जाएगी । मुख्यमंत्री से दोबारा बात कराने की जरूरत पड़ी तो यह प्रयास भी किया जाएगा। यह आश्वासन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने एएसआई के परिवार को सोमवार रात एमडीयू में मुलाकात के दौरान दिया।  एएसआई संदीप लाठर के ममेरे भाई लाढ़ौत निवासी संजय ने बताया कि मंत्री से मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात में जिन मांगों पर सहमति बनी थी उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। एएसआई मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। इसमें जल्दी ही परिवार को भी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।  

निठारी हत्याकांड में नया मोड़: मकान मालिक पांधर ने खोले पुराने राज, आखिर किसने की थी हत्याएं?

नोएडा  नोएडा के निठारी इलाके में 2005-06 के बीच कई महिलाओं और बच्चों के अचानक लापता होने की घटनाओं ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। मामला तब और गंभीर हो गया जब जांच में घर के पास नालियों से मानव अस्थियां बरामद हुईं और गंभीर आरोप सामने आए – बलात्कार, हत्या और नेक्रोफिलिया तक। इस खौफनाक कहानी का केंद्र बिंदु बना बंगलो D-5, जिसके मालिक मोनिंदर सिंह पांधर और उनके घरेलू सहायक सुरेंद्र कोली पर आरोप लगे। हालांकि, 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को सभी मामलों में बरी कर दिया, लेकिन सवाल अब भी वही है: बच्चों की हत्या किसने की? 17 साल की जेल, अब खुला मोनिंदर पांधर का सच व्यवसायी पांधर ने भारत टुडे के साथ विशेष बातचीत में अपने 17 साल के जेल जीवन और रहस्यमयी घटनाओं के बारे में बताया। उनका कहना है कि उन्हें हमेशा मीडिया हंगामा और जांच में अनियमितताओं का सामना करना पड़ा। पांधर ने कहा, “मुझे हत्या या बलात्कार के किसी भी मामले में कभी चार्जशीट नहीं किया गया। फिर सवाल उठता है कि जिम्मेदार कौन? क्या पुलिस, क्या मैं, या कोई और?” उन्होंने दावा किया कि मीडिया दबाव के कारण जांच पूरी तरह प्रभावित हुई और कई बार जांचकर्ताओं को सही दिशा में काम करने का मौका ही नहीं मिला। लापता बच्चों की कहानी 2005-06 के दौरान निठारी इलाके से कई बच्चे, ज्यादातर लड़कियां, गायब हुईं। उनकी अस्थियां घर के पास की नाली से बरामद हुईं। पांधर का कहना है कि बच्चों के लापता होने की खबरें 2006 में केस सामने आने के बाद ही सुर्खियों में आईं। उन्होंने साफ किया कि अधिकांश बच्चे D-1 से D-6 घरों और निठारी ब्रिज के आसपास गायब हुए थे, केवल D-5 तक ही सीमित नहीं थे। पांधर ने यह भी बताया कि वह बिजनेस के चलते सप्ताह में केवल कुछ दिन ही घर में रहते थे। वहीं, घर के पास पहले से ही पुलिस की गश्त लगी हुई थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया और कहा कि जवान ज्यादा उम्र के थे, जो पर्याप्त सतर्क नहीं रह पाए। सुरेंद्र कोली पर मोनिंदर पांधर की राय पांधर ने जोर देकर कहा कि उन्होंने कभी सुरेंद्र कोली में कोई संदेहजनक गतिविधि नहीं देखी। कोली को मुख्य आरोपी मानते हुए जनता के बीच छवि बनाई गई थी। पांधर ने कहा, “अगर वह अच्छा नहीं होता, तो मैं उसे अपने घर में नहीं रखता।” हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि घर में कभी-कभार एस्कॉर्ट्स आती थीं, लेकिन लगातार पार्टी या असामान्य गतिविधियों का मुद्दा नहीं था। कुछ लड़कियां घर में इसलिए आती थीं क्योंकि वहां वातावरण शांत और आरामदायक था।   रहस्य ही रह गया सवाल यह है कि क्या एस्कॉर्ट्स की उपस्थिति ने कोली को प्रभावित किया? पांधर ने स्पष्ट किया, “मैं किसी के मन की बात नहीं जान सकता, केवल वही इसका जवाब दे सकता है।” पांधर को खुद तब पता चला जब पुलिस ने उनकी हिरासत में skeletal remains की सूचना दी। उन्होंने कहा, “सबसे पहले जनता को पता था, मुझे नहीं। मैं सबसे ज्यादा हैरान हुआ जब मेरे घर का नाम सामने आया।” 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया होटल द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस का शुभारंभ

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश को दी वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत ट्रेन की सौगात भारत में चिन्हित की गई 17 आइकोनिक सिटीज में खजुराहो भी शामिल राजगढ़ पैलेस होटल के जरिए स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार   भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और पन्ना टाइगर रिजर्व के आसपास पर्यटकों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। खजुराहो में एयरपोर्ट तो पहले से है ही, अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से खजुराहो नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात दे दी है, जिससे बुंदेलखंड की शान मतंगेश्वर महादेव सीधे काशी विश्वनाथ से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटकों की सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए नई पीएमश्री हेली टूरिस्ट सर्विस शुरू की है। इसके अलावा प्रदेशवासियों को इंटर स्टेट हवाई सेवा और एयर एंबुलेंस की सुविधा भी मिल रही है। पर्यटक इन सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। बीते साल 13 करोड़ 41 लाख से अधिक पर्यटक मध्यप्रदेश की धरती पर आए। हमारी पर्यटन प्रोत्साहन योजनाओं के कारण भविष्य में यह आंकड़ा और भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को खजुराहो में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने खजुराहो में 'होटल द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस' का दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर ओबेरॉय ग्रुप के स्वामी श्री अर्जुन ओबेरॉय ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढाकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खजुराहो का ईश्वर का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। ओबेरॉय ग्रुप के राजगढ़ पैलेस होटल के माध्यम से आज खजुराहो समृद्धि के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। खजुराहो की प्राचीनतम स्थापत्य कला को देखने के लिए पूरी दुनिया खिंची चली आती है। खजुराहो महाराजा छत्रसाल की राजधानी रही है। बुंदेलखंड में आल्हा-ऊदल की वीरता की कहानियां जोश से भर देती हैं। यहां 70 एकड़ में यह भव्य होटल बनकर तैयार हुआ है, जिससे पर्यटकों को तो लग्जरियस फेसिलिटी मिलेगी ही, स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। क्षेत्रीय सांसद श्री वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। खजुराहो एक विश्व धरोहर है, यहां रोजाना दुनियाभर के पर्यटक आते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत में 17 आइकोनिक सिटी चिह्नित की हैं, इनमें खजुराहो भी शामिल है। यहां नजदीक ही पन्ना टाइगर रिजर्व को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खजुराहो को हवाई सेवा के साथ सुपरफॉस्ट ट्रेन वंदे भारत की रेगुलर कनेक्टिविटी भी दे दी है। पन्ना में हीरे तो मिलते ही हैं, भविष्य में राजगढ़ पैलेस 'होटल इंडस्ट्री का डायमंड' बनकर उभरेगा। राजगढ़ पैलेस की भव्यता की जानकारी देते हुए श्री अर्जुन ओबेरॉय ने बताया कि मध्यप्रदेश अतुलनीय पर्यटन संभावनाओं और संस्कृति का केंद्र है। राजगढ़ पैलेस के डिजाइन और रूप आगंतुकों को मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखने का मौका देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजगढ़ पैलेस पर्यटकों के लिए मध्यप्रदेश का गेट-वे बनेगा। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्री अरविंद पटेरिया, विधायक श्रीमती ललिता यादव, विधायक श्री राजेश शुक्ला, विधायक श्री कामाख्या प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री, अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला, डी आईजी विजय खत्री, कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ओबेरॉय ग्रुप के स्टॉफ मेंबर्स उपस्थित रहे।  

गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई गिरफ्तार: NIA की बड़ी कार्रवाई, अमेरिका से डिपोर्ट के बाद कोर्ट में पेशी

नई दिल्ली  जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई, जिसे पूर्व महाराष्ट्र मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या और सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग जैसे मामलों में नामजद किया गया है, अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद भारत लाया गया। भारत पहुंचते ही NIA ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। 200 भारतीयों की डिपोर्टेशन लिस्ट में शामिल अनमोल, पंजाब के फ़ाज़िल्का का रहने वाला है और वह उन 200 भारतीय नागरिकों में शामिल है जिन्हें हाल ही में अमेरिका ने वापस भेजा है। इनमें पंजाब के दो फरार आरोपी भी शामिल बताए जाते हैं अनमोल बिश्नोई पर देशभर में करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।    इन बड़े मामलों में शक की सुई अनमोल पर जांच एजेंसियों की नज़र तीन हाई-प्रोफाइल मामलों में उसकी कथित भूमिका पर है—     2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या     2024 में NCP नेता बाबा सिद्दीकी का मर्डर     सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागने का आरोप मूसेवाला की हत्या के बाद 2022 में अनमोल के फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागने की आशंका जताई गई थी। वह पिछले साल अमेरिका में पकड़ा गया था। अदालत ने हाल ही में उसका शरण आवेदन (Asylum) भी खारिज कर दिया था, जिसके बाद डिपोर्टेशन की कार्रवाई पूरी की गई। भारत ने की थी औपचारिक मांग भारत सरकार ने जनवरी 2024 में अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक अनुरोध भेजा था। NIA ने 2023 में दायर चार्जशीट में आरोप लगाया था कि अनमोल ने गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर 2020 से 2023 के बीच कई आतंकी और संगठित अपराध गतिविधियों में मदद की।  

राज्यपाल ने आसियान समिति से कहा मध्यप्रदेश के साथ साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएं

मध्यप्रदेश में स्थिर, सुरक्षित और उद्योग अनुकूल वातावरण: राज्यपाल मंगुभाई पटेल आसियान समिति का प्रतिनिधि मंडल राजभवन में मिला भोपाल  राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने आसियान समिति से कहा है कि मध्यप्रदेश के साथ साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएं हैं। भारत और आसियान देश साझी सभ्यता वाले क्षेत्र हैं। मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता, व्यापारिक समानता और सहयोग की संभावनाएँ अत्यंत मजबूत हैं। दोनों क्षेत्रों के पास युवा जनसंख्या की ऊर्जा, नवाचार की क्षमता, विविध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति तथा विकास के प्रति समान संवेदनशील दृष्टिकोण मौजूद है। प्रदेश के साथ व्यापार, निवेश, पर्यटन, शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में असाधारण और दीर्घकालिक साझेदारियाँ करने की अनंत संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में स्थिर, सुरक्षित और उद्योग अनुकूल वातावरण इस यात्रा को और अधिक अर्थपूर्ण बनाएगा। राज्यपाल श्री पटेल राजभवन में आमंत्रित आसियान समिति के प्रतिनिधि मंडल के साथ बुधवार को चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला भी मौजूद थे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। यह नीति भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के साझा इतिहास, सांस्कृतिक जड़ों और भविष्य की समृद्ध साझेदारी को मजबूत करने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के साथ व्यापारिक, निवेश, तकनीकी, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों में निरंतर वृद्धि से पारस्परिक रिश्ते मजबूत होंगे। नए अवसर उत्पन्न होंगे। हमारी सहभागिता आने वाले वर्षों में एक नए अधिक विकसित युग का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पारदर्शी नीतियों के साथ निवेशकों को सुरक्षा प्रदान करती है। इसी वर्ष प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री मोदी के द्वारा 18 नवीन इन्वेस्टर फ्रेंडली नीतियाँ लॉन्च की गईं। ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में मध्यप्रदेश देश के उत्कृष्ट सुधारक राज्यों में शामिल है। मध्यप्रदेश की जनता सरलता, परिश्रम, सहिष्णुता और सौहार्द की मिसाल है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भारत का हृदय कहा जाता है, क्योंकि इस राज्य की धड़कनें भारत की संस्कृति, परंपराएँ, प्रकृति, अध्यात्म, सामाजिक विविधता, आर्थिक क्षमता और आधुनिक विकास को समेटे हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के नगरों, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के विकास और पर्यावरणीय संतुलन को रेखांकित किया। बताया कि राज्य में 11 एग्रो क्लाइमेटिक जोन होने के कारण इसे देश की “फूड बास्केट” कहते हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने आसियान समिति नई दिल्ली के प्रतिनिधियों को सांची की प्रतिकृति, स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। आसियान नई दिल्ली समिति के अध्यक्ष भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त श्री दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा ने मध्यप्रदेश में प्रतिनिधि मंडल के गरिमामय स्वागत सत्कार के लिए आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आसियान समूह के सभी देश शांति, समृद्धि के लिए मैत्री भाव के साथ सहकार के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की कृषि, आधारभूत अवसंरचना, उत्पादन, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। फार्मास्यूटिकल, शिक्षा और कौशल उन्नयन के क्षेत्र में पारस्परिक सहकार के द्वारा मध्यप्रदेश और आसियान राष्ट्रों के संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाया जा सकता है। स्वागत उद्बोधन प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने दिया। मध्यप्रदेश प्रवास पर आए आसियान समिति नई दिल्ली के सदस्यों का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि आसियान समिति पहली बार मध्यप्रदेश भ्रमण पर आई है। समिति ने गत दिवस मुख्यमंत्री से भेंट की है। आभार अतिरिक्त सचिव विदेश मंत्रालय भारत सरकार श्री प्रशांत अग्रवाल ने व्यक्त किया। आसियान समिति प्रतिनिधि मंडल भारत में वियतनाम के राजदूत श्री गुयेन थान्ह हाई, भारत में फिलीपींस के राजदूत श्री जोसेफ एफ. इग्नासियों, भारत और श्रीलंका में कंबोडिया की राजदूत सुश्री रथ मनी, भारत में तिमोर लेस्ते के राजदूत श्री कार्लितो नुनेस, भारत में थाईलैंड की राजदूत सुश्री छवनार्ट थांगसुमफंट, भारत और भूटान में इंडोनेशिया की राजदूत सुश्री इना एच कृष्णमूर्ति और मिशन प्रमुख द्वितीय सचिव ब्रुनेई दारुस्सलाम गणराज्य श्री पेंगिरन मोहम्मद शफी अलवाली बिन पेंगिरन अबू बकर शामिल है। आसियान समिति प्रतिनिधि मंडल के राजभवन आगमन पर राज्यपाल के अपर सचिव श्री उमाशंकर भार्गव ने चंदेरी वस्त्र से बना अंगवस्त्र एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया।  

दिव्यांगजन को विशेष अवसर देने पर बल, वंचित समाज को मुख्यधारा में लाया जाएगा

महिला और बाल विकास पर विशेष प्राथमिकता, महिलाएं देश और समाज की मुख्य धुरी कामकाजी महिलाओं के लिए पिंक इंडस्ट्रियल पार्क बनेगा, पिंक ट्रांसपोर्ट की भी व्यवस्था उत्तर प्रदेश 2047 तक बनेगा विकसित प्रदेश, AI और महिला सशक्तिकरण से होगा वास्तविक विकास  स्टेकहोल्डर वर्कशॉप में सामाजिक सुरक्षा पर बनी रणनीति विकसित उत्तर प्रदेश विजन-2047 पर एक साथ 9 विभागों ने साझा की अपनी रणनीति समाज कल्याण विभाग की स्टेकहोल्डर वर्कशॉप में योजना के क्रियान्वयन पर दिया गया जोर लखनऊ उत्तर प्रदेश को 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने के लिए समाज कल्याण विभाग ने बुधवार को गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में विभागीय स्टेकहोल्डर वर्कशॉप आयोजित की। यह वर्कशॉप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समावेशी व सक्षम उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। इसमें प्रदेश के 9 विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग कर उज्जवल भविष्य की नई परिकल्पना और नीतियों को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। 2047 तक प्रत्येक क्षेत्र में होगा समेकित विकास समाज कल्याण विभाग की इस कार्यशाला का उद्देश्य सशक्त समाज, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी प्रगति, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास की दिशा में आवश्यक नीतिगत हस्तक्षेपों पर विचार-विमर्श करना था। हितधारकों के सामूहिक विमर्श ने राज्य के दीर्घकालिक विकास एजेंडे को नई दिशा देने का कार्य किया। ‘उत्तर प्रदेश बनेगा बदलाव का मॉडल’ समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि विजन 2047 केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज-केन्द्रित बदलाव का संकल्प है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक कमजोर वर्ग महिलाएं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, बच्चे, अल्पसंख्यक और ट्रांसजेंडर समुदाय तक नीतियों का लाभ तेजी और समानता के साथ पहुंचे। दिव्यांगजन को विशेष अवसर देने की रणनीति पर बल समाज कल्याण विभाग की इस कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि समाज के हर वर्ग और समुदाय का विकास होगा। उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ है जिसमें 75 लाख दिव्यांगजन हैं। विकसित उत्तर प्रदेश के तहत उनके सर्वांगीण विकास पर काम किए जाने के लिए एक रुपरेखा प्रस्तुत की गई । इस कार्यशाला में दिव्यांगजन के उत्थान पर विशेष चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश सरकार नौकरी के साथ साथ, उद्योग के लिए ऋण की भी व्यवस्था कराएगी। वंचित समाज और बुजुर्गों को मुख्यधारा में लाया जाएगा उत्तर प्रदेश विकसित सही मायने में तभी बनेगा जब हाशिए पर पड़ी अनुसूचित जाति, जनजाति ओबीसी और अल्पसंख्यकों को भी शिक्षित और समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सामाजिक सुरक्षा और विकास पर कार्य करने के लिए प्रतिबद्धता जताई गई। कार्यशाला में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में अभी 3 करोड़ वृद्धजन हैं। इनके लिए सेवा साथी एप से रोजगार और स्वावलंबन की दिशा में काम किया जा रहा है। वृद्धजनों के लिए एक व्यापक रणनीति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इनके सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। वृद्धों के लिए आवास बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। युवाओं और बच्चे के विकास पर जोर देना होगा उत्तर प्रदेश के विकास में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और आगे निभाएंगे। प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध करना सरकार की प्राथमिकता है जिस पर कई विभाग अपने स्तर पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही जो बच्चे विकास की दौड़ में पीछे छूट गए हैं उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा।     महिला और बाल विकास पर विशेष प्राथमिकता विकसित उत्तर प्रदेश @47 विजन में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके स्वावलंबन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। इसके लिए पिंक इंडस्ट्रियल पार्क बनेगा जो केवल कामकाजी महिलाओं के लिए होगा। इस इंडस्ट्रियल पार्क में केवल महिलाएं ही उद्योग संचालित करेंगी और काम करेंगी। उनके लिए  महिला आधारित पिंक ट्रांसपोर्ट सेवा होगी जिसमें केवल महिलाएं ही यात्रा करेंगी। इस इंडस्ट्रियल पार्क में क्रेच होगा जहां छोटे बच्चों का ध्यान रखा जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों को उचित पोषाहार महिला और बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने कहा कि अगर सही मायने में विकास करना है तो सबको साथ में मिलकर काम करना होगा। हमें केवल योजनाएं ही नहीं बनानी है बल्कि उसका क्रियान्वयन भी करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1890000 आंगनबाड़ी हैं। इसके माध्यम से बच्चों के पोषण का भरपूर ध्यान रखा जा रहा है। इसके माध्यम से हम बच्चों का ध्यान रखते हैं। उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं। जब बच्चें स्वस्थ होंगे तो स्वत: प्रदेश और देश का विकास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने से देश सशक्त होता है। उन्होंने बच्चों के मानसिक विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्र आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित होंगे ‌ 2047 तक उन्हें प्ले स्कूल की तरह विकसित किया जाएगा।  2047 के लिए एक विस्तृत रुपरेखा पर काम करने का आवश्यकता  पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि देश काल और परिस्थिति तीनों को ध्यान में रखते हुए काम करना होगा। भारत अन्य देशों के मुकाबले भिन्न है इसलिए इसकी विविधता को देखते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें 2047 में प्रदेश की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करना होगा।   

रूस-नाटो आमने-सामने? रोमानिया की हवाई सीमा में घुसे फाइटर जेट, पोलैंड ने बढ़ाई सैन्य तैनाती

रोमानिया नाटो देशों के लिए बुधवार सुबह बेहद तनावपूर्ण रही। एक रूसी हमला-ड्रोन पहले दो बार रोमानिया के एयरस्पेस में घुस आया, और थोड़ी ही देर बाद रूस ने यूक्रेन पर संयुक्त मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए, जिस कारण पोलैंड को भी अपने फाइटर जेट्स हवा में भेजने पड़े और दो बड़े एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद करने पड़े।  रूसी अटैक ड्रोन की लुका-छुपी रोमानिया के रक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की कि बुधवार सुबह एक रूसी अटैक ड्रोन ने पहले तुल्चेआ काउंटी में लगभग 8 किमी अंदर तक उड़ान भरी। इसके बाद वह यूक्रेन और मोल्दोवा के रास्ते घूमकर फिर फोल्तेश्टी के पास दोबारा रोमानिया की वायु सीमा में घुसा और फिर रडार से गायब हो गया। घुसपैठ के तुरंत बाद जर्मनी और रोमानिया के फाइटर जेट्स अलर्ट पर भेजे गए। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रूस के हमले यूक्रेन-नाटो सीमा के और करीब आते जा रहे हैं।  रूसी हवाई हमले से दहली पोलैंड सीमा रूस के व्यापक हवाई हमले से यूक्रेन का पश्चिमी हिस्सा बुधवार सुबह दहल उठा जो पोलैंड की सीमा के बेहद करीब है। इस खतरे को देखते हुए पोलैंड ने भी अपने फाइटर जेट्स तैनात किए और एयरस्पेस को सुरक्षित करने के लिए रज़ेशोव और ल्यूब्लिन एयरपोर्ट्स को कुछ समय के लिए बंद कर दिया।पोलिश ऑपरेशनल कमांड ने बताया“तेज-प्रतिक्रिया फाइटर जेट्स और अर्ली-वॉर्निंग एयरक्राफ्ट हवा में भेजे गए हैं। जमीनी एयर-डिफेन्स और रडार सिस्टम उच्चतम सतर्कता पर हैं।” एयरपोर्ट्स बाद में फिर खोल दिए गए।   ज़ेलेंस्की पहुंचे तुर्की रूस के हमलों में बुधवार को यूक्रेन के कई इलाकों में बिजली ठप हो गई। खारकीव में ड्रोन हमलों ने आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचाया, कारों में आग लगी और दर्जनों लोग घायल हो गए।  यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की तुर्की पहुंचे, जहां वे शांति वार्ताओं और युद्धबंदी अदला-बदली को फिर सक्रिय करने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिका ने Patriot सिस्टम अपग्रेड डील को मंजूरी दी इसी बीच अमेरिका ने 105 मिलियन डॉलर की Patriot सिस्टम अपग्रेड डील को मंजूरी दी। इस हफ्ते यूक्रेन ने फ्रांस से 100 राफाल फाइटर जेट, एंटी-एयर डिफेन्स और ड्रोन खरीदने का समझौता किया है। रोमानिया में ड्रोन घुसपैठ, पोलैंड में फाइटर जेट्स का उड़ना और यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से पर ताजा हमले—ये सब संकेत देते हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध अब सीधे नाटो सीमाओं को छूने लगा है, जिससे यूरोप में सुरक्षा चिंता और बढ़ गई है।  

इंदौर में स्टूडेंट वीज़ा का दुरुपयोग! अफ्रीकी युवती कोकीन सप्लाई करते पकड़ी गई, मोबाइल से मिले कोडवर्ड नंबर

इंदौर इंदौर नारकोटिक्स पुलिस ने रेसिडेंसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी युवती लिंडा अनाबा को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। 25 वर्षीय लिंडा जून में स्टूडेंट वीजा पर भारत आई थी। तलाशी के दौरान उसके फोन में कोडवर्ड में सेव किए गए संदिग्ध नंबर मिले, साथ ही उसने अवैध धंधे में शामिल होने और ड्रग्स सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है। DIG (नारकोटिक्स) महेशचंद्र जैन ने बताया कि लिंडा मूल रूप से अफ्रीकी देश कोटे दी आईवोर के एक शहर की रहने वाली है और इन दिनों मुंबई के नालासोपारा क्षेत्र में रह रही थी। मंगलवार रात पुलिस ने उसे उस वक्त पकड़ा जब वह कोकीन लेकर पहुंची थी। महिला अधिकारियों ने उसकी तलाशी लेकर 31 ग्राम कोकीन बरामद की।   निरीक्षक हरीश सोलंकी के अनुसार, पूछताछ में लिंडा ने बताया कि भारत आने के बाद उसकी मुलाकात अनैतिक गतिविधियों में शामिल एक एजेंट से हुई, जिसके साथ वह मुंबई सहित कई शहरों में जाने लगी। एजेंट उसे इंदौर भी लेकर आए थे और ड्रग डिलीवरी करवाते थे। इंदौर आने से पहले उसे मुंबई में ही कोकीन का पैकेट सौंपा गया था। पुलिस लिंडा के वीजा संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है और संबंधित जानकारी दूतावास को भेज दी गई है। वह इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग करती है और उसके फोन की चैट 24 घंटे में डिलीट हो जाती है। कई नंबर कोडवर्ड में दर्ज होने के कारण पूछताछ में कठिनाई आ रही है। साइबर एक्सपर्ट की मदद से डिलीट डेटा रिकवर करवाया जा रहा है।  

पुलिस छापे में खुला रैकेट: पॉश एरिया से मिली महंगी अंग्रेजी शराब, तस्कर मौके से भागा

भोपाल शाहपुरा क्षेत्र की पॉश कॉलोनी से बुधवार को आबकारी टीम ने साढ़े तीन लाख की अंग्रेजी शराब बरामद की है। आबकारी टीम को सूचना मिली थी कि बावड़िया कलां क्षेत्र की एक कॉलोनी में तस्कर कार से महंगे ब्रांड की शराब अवैध रूप से लेकर जा रहा है। इससे टीम मौके पर पहुंची तो तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। विभाग ने अज्ञात तस्कर के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जिला आबकारी कंट्रोलर आरजी भदौरिया ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि बावड़िया कलां स्थित आकृति रिट्रीट कॉलोनी परिसर में एक कार से अज्ञात व्यक्ति महंगी अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा है। इससे मौके पर टीम को भेजा गया, जहां घेराबंदी कर दबिश दी तो कार चालक भाग खड़ा हुआ। टीम ने वाहन को जब्त कर तलाशी ली तो उसमें से विभिन्न महंगे ब्रांडेड अंग्रेजी शराब के 34 कार्टनों में करीब 306 लीटर शराब बरामद हुई है।   शराब की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये इसकी कीमत करीब तीन लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है। टीम ने अज्ञात आरोपित की तलाश शुरू कर दी है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जाए।