samacharsecretary.com

शिवपुरी: बिजली कंपनी के कर्मचारियों से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने पर दो लोगों पर एफआईआर

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शिवपुरी वृत्त के अंतर्गत नरवर में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले आरोपित के विरूद्ध थाना नरवर में एफ.आई.आर दर्ज कराई गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक प्रबंधक नरवर वितरण केन्द्र  राजकुमार जैन ने बताया कि 15 अक्टूबर को उनके द्वारा कंपनी कार्यालय में शासकीय कार्य किया जा रहा था इस दौरान ग्राम सूड, शिवपुरी निवासी  बंटी रावत और  जवाहर रावत द्वारा कार्यालय में घुसकर अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डाली गई। घटना के विरूद्ध कंपनी द्वारा दोनों आरोपितों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा एवं अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बिजली कंपनी के मैदानी कर्मचारियों और अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट / दुर्व्यवहार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तुरन्त एफ.आई. आर. कराने के निर्देश दिए हैं। कंपनी ने कहा है कि प्रायः देखने में आ रहा है कि बिजली कर्मियों पर ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट / दुर्व्यवहार किया जा रहा है। चूंकि ऐसी घटनाएं विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल गिराती हैं, इसलिए कंपनी के कार्यक्षेत्र में कार्यरत सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मैदानी अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार या मारपीट की घटनाओं को पूरी गंभीरता से लिया जाए। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक  क्षितिज सिंघल ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों से दुर्व्यवहार या मारपीट के मामलों को शासकीय कामकाज में बाधा डालने के तौर पर लिया जाकर तुरंत कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। कंपनी ने मैदानी अधिकारियों/कर्मचारियों से कहा है कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जिले के कलेक्टर / पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर किसी भी अप्रिय स्थिति में उनसे आवश्यक सहयोग प्राप्त करें।  

ललमोतिया की दिवाली: मिट्टी के दीयों से रोशन होंगे घर-आंगन, इस बार होगा खास उत्सव

मिट्टी के दीयों से घर-आंगन जगमगाने वाली ललमोतिया की दिवाली इस बार होगी खास महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक मदद से बढ़ाया उत्पादन, दोगुनी हुई कमाई रायपुर अम्बिकापुर जिले के ग्राम कुमरता की कुम्हार महिला ललमोतिया की इस बार की दिवाली पहले से कहीं ज्यादा खास रहने वाली है। मिट्टी के दीये बनाकर लोगों के घरों को रोशन करने वाली ललमोतिया की मेहनत को अब शासन की महतारी वंदन योजना से नया सहारा मिला है। योजना से मिली आर्थिक सहायता के चलते उन्होंने इस वर्ष दीयों और कलशों की मात्रा बढ़ाई, जिससे उनकी कमाई दोगुनी हो गई है। ललमोतिया बताती हैं कि यह उनका पारंपरिक व्यवसाय है वे मिट्टी से दीये, कलश और अन्य सामग्री बनाकर जीवन-यापन करती हैं। पहले सीमित आमदनी के कारण उत्पादन बढ़ाना मुश्किल था, क्योंकि मिट्टी की व्यवस्था से लेकर भट्टी में पकाने तक हर चरण में मेहनत और खर्च दोनों अधिक लगते थे। लकड़ी, कोयला और अन्य सामग्रियों की व्यवस्था करने में भी कठिनाई होती थी।     उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाले एक हजार रुपये को उन्होंने बचाकर दिवाली के लिए उपयोग किया। इस राशि से आवश्यक सामग्री खरीदी और उत्पादन की मात्रा बढ़ा दिया। अब वे पहले की तुलना में अधिक दीये बना रही हैं, जिससे बिक्री और आय दोनों में वृद्धि हुई है। पहले वे केवल अपने गांव के बाजार में सामग्री बेचती थीं, पर अब नवानगर, दरिमा, कर्रा और टपरकेला जैसे आसपास के बाजारों में भी अपने उत्पाद बेचने जाती हैं। ललमोतिया कहती है कि पहले लगा था कि पारंपरिक काम छोड़कर मजदूरी करनी पड़ेगी, लेकिन महतारी वंदन योजना ने हमारी उम्मीदों को फिर से जगाया। इस योजना ने न केवल हमारी आर्थिक स्थिति सुधारी है बल्कि हमारी कला और परंपरा को भी संजोने का अवसर दिया है।     मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस बार उनकी भी दिवाली खुशियों और रोशनी से भरपूर होगी।

18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे राजगढ़ एवं सीहोर जिलों के कार्यक्रमों में शिरकत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 18 अक्टूबर को राजगढ़ एवं सीहोर जिले के कार्यक्रमों में होंगे शामिल ब्यावरा में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में 277 करोड़ की राहत राशि का होगा अंतरण सीहोर के बिलकिसगंज में 118 करोड़ से अधिक की राशि होगी अंतरित भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 अक्टूबर को राजगढ़ एवं सीहोर जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ब्यावरा में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को 277 करोड़ रूपये की राहत राशि का अंतरण करेंगे एवं 33 करोड़ रूपये की लागत की ब्यावरा में नगर जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री 193 करोड़ रूपये लागत के 41 विकास कार्यों का भी भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीहोर जिले के बिलकिसगंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जिले के 02 लाख से अधिक किसानों को फसल क्षति की 118 करोड़ रूपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम किसानों के खाते में अंतरण करेंगे।  

धनतेरस 2025 राशिफल: मकर वालों को मिलेंगे अच्छे संकेत, बाकी राशियों का भी जानें भविष्यफल

मेष राशि- आज आपको ऑफिस में नई जिम्मेदारियां मिल सकती है। कोई नई स्किल सीखने का मौका मिल सकता है। आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। आर्थिक रूप से स्थिति अच्छी होगी। व्यापारियों को नई पार्टनरशिप से मुनाफा होगा। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। वृषभ राशि- आज आपको अपने खान-पान का ध्यान रखना चाहिए, वरना इसका प्रभाव सेहत पर पड़ेगा। आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। आत्मविश्वास पहले से ज्यादा होगा। हालांकि आज आप छोटी-छोटी चीजों पर खर्च कर सकते हैं, जिससे परेशानी हो सकती है। रोमांस के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। व्यावसायिक स्थिति अच्छी होगी। मिथुन राशि- आज आपकी एनर्जी ज्यादा रहेगी, जिससे आप जरूरी कामों को निपटाने में सफल रहेंगे। आपका धन बेकार की चीजों पर खर्च हो सकता है, जिससे मानसिक तनाव हो सकता है। अगर आप धन संचय करना चाहते हैं, तो एक आर्थिक प्लान बनाकर चलें। माता-पिता का साथ मिलेगा। सिंगल जातकों के लिए योग्य विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। जीवनसाथी के साथ एक शानदार दिन बिताएंगे। कर्क राशि- आज आपकी सेहत में सुधार होगा। धन के बचाने में सफल रहेंगे। आज किसी भाई-बहन की मदद करने की जरूरत पड़ सकती है। दूसरों पर जरूरत से ज्यादा खर्च करने से बचें। आज आपको लवर का सहयोग मिलेगा। ऑफिस की समस्याओं को सुलझाने की कोशिश में तनाव आपके दिमाग पर छा सकता है। परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे। सिंह राशि- आज आपका कोई सपना हकीकत में बदल सकता है। अपने उत्साह पर काबू रखें। धन की स्थिति में सुधार होगा। यात्रा से रोमांटिक रिलेशनशिप को बढ़ावा मिलेगा। नए प्रोजेक्ट या किसी महत्वपूर्ण काम को करने के लिए दिन अनुकूल रहने वाला है। आज जीवनसाथी के साथ तनाव की स्थिति बन सकती है, इसलिए शब्दों का चयन सोच-समझकर करें। कन्या राशि- आज आपकी लाइफस्टाइल में बदलाव करने से सेहत अच्छी हो सकती है। आज आपको अपने पैसों को संभालकर रखने में परेशानी हो सकती है। बेकार की चीजों पर खर्च करने से बचें, वरना परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लव लाइफ अच्छी रहेगी। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। तुला राशि- आज आपको अपने धैर्य पर काबू रखना चाहिए। आज किसी करीबी दोस्त की मदद से कुछ करोबारियों को धन लाभ होने की संभावना है। प्यार और रोमांस आपको ख़ुशमिजाज रखेंगे। व्यापारिक स्थिति अच्छी रहेगी। आज फैसले को सोच-समझकर कर लें। आपका कोई पुराना दोस्त आपके जीवनसाथी के साथ पुरानी यादें ताजा कर सकता है। वृश्चिक राशि– आज आपको मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी। आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं। परिवार में किसी बाहरी व्यक्ति का दखल रिश्तों में परेशानी ला सकता है। उच्चाधिकारियों का साथ मिलेगा। यात्रा से लाभ के संकेत हैं। कारोबारियों को आज मुनाफा होगा, जिससे व्यापार विस्तार करने में आसानी होगी। धनु राशि- आज आप जीवनसाथी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर सकते हैं। आज आप अच्छा पैसा कमाएंगे- लेकिन इसे अपने हाथों से फिसलने नहीं दें। आज रोमांस की स्थिति अच्छी रहेगी। काम के बोझ के बावजूद भी आप अपने कार्यस्थल पर एनर्जेटिक बने रह सकते हैं। जीवनसाथी के साथ भविष्य को लेकर चर्चा कर सकते हैं। व्यापारिक स्थिति अच्छी रहेगी। मकर राशि- आज सिंगल जातकों की लाइफ में कोई खास व्यक्ति आ सकता है। परिवार में खुशियों का आगमन होगा। आप अपने वर्कप्लेस पर एनर्जेटिक बने रह सकते हैं, जिसे सीनियर्स भी नोटिस करेंगे। आज आप पार्टनर के किसी राज को जानकार परेशान हो सकते हैं। धन की स्थिति में सुधार होगा। व्यापारियों को नई पार्टनरशिप मिल सकती है। कुंभ राशि- आज आपको जीवनसाथी की सेहत पर नजर रखने की जरूरत है। अप्रत्याशित मुनाफे के जरिए आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। आपकी फिजूलखर्ची घर में तनाव पैदा कर सकती है। आप एक्स्ट्रा कामों को निपटाने के लिए आज का दिन चुन सकते हैं। काम में आपकी मेहनत रंग लाएगी। मीन राशि- आज आपको कई स्रोतों से धन लाभ होगा। जीवन में खुशियों का आगमन होगा। अपने काम और प्राथमिकताओं पर फोकस करें। आज जीवनसाथी के साथ कहीं बाहर घूमने जाने का प्लान बन सकता है। व्यापार में विस्तार के योग हैं। नौकरी पेशा करने वालों को ग्रोथ के अवसर मिल सकते हैं।

सिराली में बिजली के तार चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा हरदा वृत्त के अंतर्गत ग्राम बड़झिरी में बिजली के तार चोरी करने वाले अज्ञात आरोपित के विरूद्ध थाना रहटगांव में एफ.आई.आर दर्ज कराई गई है। सहायक प्रबंधक सिराली  योगेश कुमार गौर ने बताया कि सिराली वितरण केन्द्र के ग्राम बड़झिरी में 24 सितंबर को अज्ञात व्यक्ति द्वारा 11 केवी पटाल्दा फीडर के 4 पोल के विद्युत लाइन से कीमत 53,434 रूपए के तार चोरी कर लिए गए थे। ग्रामीणों द्वारा 30 सितंबर को चोरी की जानकारी मिलने पर कंपनी द्वारा पंचनामा तैयार कर थाना रहटगांव में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है।  मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक  क्षितिज सिंघल ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। प्रबंध संचालक ने मैदानी कर्मचारियों और अधिकारियों को सजग रहने को कहा है, जिससे चोरी की घटनाएं न हों और बिजली कंपनी को आर्थिक हानि न हो। कंपनी ने मैदानी अधिकारियों/कर्मचारियों से कहा है कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जिले के कलेक्टर / पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर किसी भी अप्रिय स्थिति में उनसे आवश्यक सहयोग प्राप्त करें।  

CBI की कार्रवाई में DIG भुल्लर की करोड़ों की संपत्ति बरामद, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

चंडीगढ़ पंजाब पुलिस के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. गुरुवार को पुलिस उप महानिरीक्षक (रोपड़ रेंज) भुल्लर को 8 लाख रुपए के रिश्वत के एक मामले में जांच के दौरान सीबीआई ने गिरफ्तार किया था. उनके चंडीगढ़ के सेक्टर 40 स्थित घर से 5 करोड़ रुपए नकद, 1.50 किलो सोना, अचल संपत्तियों के दस्तावेज, दो लग्जरी कारों की चाबियां, 22 लग्जरी घड़ियां, लॉकर की चाबियां, 40 लीटर विदेशी शराब, एक डबल बैरल बंदूक, एक पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और एक एयरगन सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ था. जानकारी के मुताबिक, यह मामला एक कबाड़ व्यापारी की शिकायत के बाद सामने आया है. फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी आकाश बट्टा ने सीबीआई में शिकायत दी कि डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने उनके खिलाफ 2023 में दर्ज एफआईआर को निपटाने के लिए 8 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी. इस शिकायत में बताया गया कि भुल्लर ने यह डील अपने बिचौलिए किरशनु के जरिए तय कराई थी. यही नहीं उन्होंने व्यापारी से यह भी कहा था कि यह सेवा-पानी हर महीने देना होगा, वरना पुलिस उनके स्क्रैप कारोबार में फर्जी केस डाल देगी. 16 अक्टूबर को दर्ज एफआईआर में लिखा है कि 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर 9-डी मार्केट में हुई एक रिकॉर्डेड व्हाट्सएप कॉल में डीआईजी भुल्लर अपने बिचौलिए किरशनु को निर्देश देते सुने गए. उन्होंने उससे कहा, ''8 फाड़ने ने 8. जिन्ना देंदा नाल नाल फाड़ी चल, ओहनु कहे 8 कर दे पूरा."' यानी उन्होंने बिचौलिए को साफ निर्देश दिया कि शिकायतकर्ता से 8 लाख रुपए वसूल करो. इस पर किरशनु ने आगे व्यापारी से कहा, ''एड्डा कहना पता की है. कहना है अगस्त दा नी आया, सितंबर दा नी आया.'' यानी डीआईजी रिश्वत को महीने वसूलने की तैयारी में थे. सीबीआई की जांच में यह भी पाया गया कि मोबाइल कॉल में जो नंबर इस्तेमाल हुआ, वो भुल्लर के नाम से पंजीकृत था. जांच टीम ने कॉल रिकॉर्डिंग और स्टेटमेंट्स का मिलान कर यह निष्कर्ष निकाला कि रिश्वत की मांग न सिर्फ स्पष्ट थी, बल्कि उसका सौदा भी पक्का हो चुका था. इस आधार पर सीबीआई ने बिचौलिए किरशनु को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 21 लाख रुपए नकद बरामद हुए. उससे पूछताछ के बाद डीआईजी को भी गिरफ्तर कर लिया गया. दोनों को सीबीआई कार्यालय चंडीगढ़ ले जाया गया. यहां आज दोनों अदालत में पेश किया गया. सीबीआई जांच के दौरान यह भी साबित हुआ कि डीआईजी भुल्लर ने अपने सहयोगी के जरिए से शिकायतकर्ता से 8 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने की सहमति दी थी. यह रिश्वत 2023 की एफआईआर को निपटाने और उसके बाद स्क्रैप कारोबार में बिना पुलिस हस्तक्षेप के काम जारी रखने के एवज में दी जा रही थी. हरचरण सिंह भुल्लर नवंबर 2024 में डीआईजी (रोपड़ रेंज) बनाए गए थे. उनके अधिकार क्षेत्र में मोहाली, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जैसे अहम जिले शामिल थे. वो पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक एम.एस. भुल्लर के बेटे हैं. उन्होंने करियर में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं. वे डीआईजी (पटियाला रेंज), संयुक्त निदेशक सतर्कता ब्यूरो और जगराओं, मोहाली, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, खन्ना, होशियारपुर और गुरदासपुर में एसएसपी रह चुके हैं. इन्होंने ही साल 2021 में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ दर्ज ड्रग्स केस की जांच करने वाले विशेष जांच दल का नेतृत्व किया था. उस वक्त वे पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशिया विरुद्ध' में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे. कभी माफिया पर शिकंजा कसने वाले अफसर पर अब वसूली का जाल बुनने का आरोप है.

सीएम योगी ने लोकभवन में प्रदेश के 10 लाख से अधिक छात्रों को वितरित की स्कॉलरशिप

अब मुझे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए परिवार पर आश्रित नहीं होना पड़ता: वर्तिका रावत   सीएम योगी ने लोकभवन में प्रदेश के 10 लाख से अधिक छात्रों को वितरित की स्कॉलरशिप मुख्यमंत्री के हाथों से स्कॉलरशिप पाकर बच्चें के चेहरे खिले  बोले, छात्रवृत्ति मिलने से अब हमें पढ़ाई की सामग्री रखने के लिए परिवार का चेहरा नहीं देखना पड़ता  लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन सभागार में प्रदेश के 10 लाख से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की। दिवाली से पहले छात्रवृत्ति पाकर बच्चाें के चेहर की मुस्कान देखते ही बन रही थी। स्कॉलरशिप पाने वाले सभी छात्रों ने एक स्वर में छात्रवृत्ति मिलने पर सीएम योगी को धन्यवाद दिया। साथ ही प्रदेश सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने अपने विचार भी रखें, जो इस प्रकार हैं। सीएम ने दिवाली से पहले छात्रवृत्ति का दिया गिफ्ट, पढ़ाई में नहीं आएगी कोई समस्या  मैं प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से छात्रवृत्ति पाकर काफी खुश हूं। मुख्यमंत्री ने दिवाली से पहले छात्रवृत्ति देकर दिवाली का गिफ्ट दिया है। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद देता हूं। प्रदेश सरकार की सहायता से हमें आर्थिक सहयोग मिला है, जो मेरी आगे की पढ़ाई को जारी रखेगा। मैं आगे भी अपनी पढ़ाई पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ करूंगा।  ऋषभ देव मिश्रा, राजकीय जुबली इंटर काॅलेज, लखनऊ प्रदेश सरकार ने मेरे आगे की पढ़ाई के सपनों को रौशन किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले स्कॉलरशिप देकर मेरे आगे की पढ़ाई के सपनों को रौशन किया है। अब मैं इस धनराशि से अपनी पढ़ाई की सामग्री के साथ अन्य तैयारियों को बखूबी कर सकूंगी। मेरी पढ़ाई में अब पैसों की कमी सामने नहीं आएगी। इसके लिए मैं और मेरा पूरा परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं।  अंशिका वर्मा, आरपीडी इंटर कॉलेज, लखनऊ  पहले छात्रवृत्ति के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन अब खाते में पहुंच रही स्कॉलरशिप  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हम बच्चों को लेकर काफी कुछ कर रहे हैं। पहले जहां हमें अपनी छात्रवृत्ति के लिए काफी भटकना पड़ता था, वहीं जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सीएम बनें हैं, समय पर हमारे खाते में स्कॉलरशिप पहुंच रही है। इससे हमारी पढ़ाई आसान होने के साथ हमें आगे की पढ़ाई के लिए हौसला बढ़ा है। अब मुझे अपनी पढ़ाई के लिए परिवार पर अाश्रित नहीं होना पड़ता है।  वर्तिका रावत, राजकीय हाई स्कूल, काकोरी अब हमें अपनी पढ़ाई के लिए परिवार पर नहीं होना पड़ता था आश्रित प्रदेश सरकार द्वारा हर साल दी जाने वाली छात्रवृत्ति से हमें काफी मदद मिलती है। इससे हमारी पढ़ाई लगातार जारी है। पहले परिवारिक आर्थिक समस्याओं की वजह से पढ़ाई को लेकर समझौता करना पड़ता था, लेकिन अब नहीं करना पड़ता है। मुझे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए जिन भी सामग्री की जरूरत पड़ती है, इस स्कॉलरशिप से खरीद लेती हूं। इसके लिए मैं और मेरा परिवार जितना भी सीएम योगी को धन्यवाद दें, कम है।  दिव्यता, 10वीं की छात्रा, लखनऊ

‘मिशन शक्ति के लिए, रोशन करो दीये’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 88 हजार से अधिक बेटियों ने लिया हिस्सा

योगी सरकार की पहल से नारी सशक्तिकरण को नया आयाम, मिशन शक्ति से आलोकित हुए केजीबीवी परिसर   'मिशन शक्ति के लिए, रोशन करो दीये' थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 88 हजार से अधिक बेटियों ने लिया हिस्सा  बालिकाओं ने दी आत्मविश्वास और सृजनशीलता को नई दिशा, दीपों से रचा मिशन शक्ति का संदेश – ‘नारी ही शक्ति है’ की भावना से सजे विद्यालय, हेल्पलाइन नंबरों और सशक्त स्लोगनों से गूंजा हर परिसर – प्रदेश में जनांदोलन बन चुका है नारी सशक्तिकरण : संदीप सिंह – ‘विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवेदना और सुरक्षा की संस्कृति स्थापित कर रहा है मिशन शक्ति’: डीजी स्कूल शिक्षा लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में चल रहा मिशन शक्ति अभियान दीपावली के अवसर पर नई ऊर्जा से दमक उठा। प्रदेश के 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में 'मिशन शक्ति के लिए, रोशन करो दीये' थीम पर आयोजित कार्यक्रमों ने 88 हजार से अधिक बेटियों के आत्मविश्वास और सृजनशीलता को नई दिशा दी।  बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति आज प्रदेश में नारी सशक्तिकरण का जनांदोलन बन चुका है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में दीपों से सजे ये संदेश केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज में चेतना, आत्मविश्वास और बदलाव की लौ हैं। जब बेटियाँ शिक्षित और सुरक्षित होंगी, तभी उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा। हर बालिका तक पहुंचा सुरक्षा और सहायता का संदेश बेटियों ने दीपों से 1090, 1098, 112 जैसे प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों को सजाया, ताकि सुरक्षा और सहायता के ये संदेश हर बालिका तक पहुँच सकें। विद्यालयों के परिसर रंगोलियों, मिशन शक्ति के लोगो और नारी सशक्तिकरण के प्रेरक स्लोगनों से आलोकित रहे। ‘नारी ही शक्ति है’, ‘सुरक्षा मेरा अधिकार है’ जैसे संदेशों को रंगोली और दीपों में ढालकर बालिकाओं ने सशक्त समाज का उजला प्रतीक प्रस्तुत किया। कैंडिल मार्च में दिखा आत्मविश्वास, बेटियों ने जलाई चेतना की लौ प्रदेश मे विभिन्न केजीबीवी में कैंडिल मार्च के दौरान बालिकाओं ने मिशन शक्ति से जुड़े संदेशों की तख्तियाँ हाथों में थामकर नारी सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया। क्योरियोसिटी कार्यक्रम के अंतर्गत तैयार किए गए लैंप्स और D20 सीरीज़ से प्रेरित हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं ने विद्यालयों को रचनात्मकता और नवाचार का केंद्र बना दिया। कार्यक्रम की तस्वीरों और वीडियोज ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर खूब धूम मचाया। इस दौरान विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा। ‘विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवेदना और सुरक्षा की संस्कृति स्थापित कर रहा है मिशन शक्ति’: डीजी स्कूल शिक्षा महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश मोनिका रानी का कहना है कि मिशन शक्ति की यह पहल विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवेदना और सुरक्षा की संस्कृति स्थापित करने वाली रही। दीपावली के अवसर पर बेटियों द्वारा जलाए गए ये दीप नारी गरिमा और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। बेसिक शिक्षा विभाग इस दिशा में निरंतर कार्यरत है कि हर बालिका स्वयं पर विश्वास करे और समाज उसे समान अवसर दे।

2047 तक 7 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को छात्रवृत्ति से जोड़ने का लक्ष्य

ओबीसी छात्रों के उत्थान में योगी सरकार अव्वल 2047 तक 7 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को छात्रवृत्ति से जोड़ने का लक्ष्य  2017 से अब तक 2.07 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को छात्रों को मिल चुकी है छात्रवृत्ति  पिछले आठ वर्षों में ओबीसी छात्रों के कल्याण के लिए उठाए कई ऐतिहासिक कदम  ग्रामीण और वंचित ओबीसी युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने में सफल हुई योगी सरकार लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के सशक्तीकरण में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है। ओबीसी समुदाय के उत्थान के बिना 'विकसित यूपी' का सपना अधूरा है और योगी सरकार इसे साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। शुक्रवार को 10,28,205 से अधिक छात्र-छात्राओं को 300 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप डीबीटी के जरिए वितरित की गई, जिसमें ओबीसी के 4,83,000 से अधिक छात्रों को 126.69 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। सरकार ने 2047 तक 7 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को 80,000 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति देने का संकल्प लिया है। 2016-17 तक केवल 46 लाख बच्चे स्कॉलरशिप का लाभ ले पाते थे, लेकिन योगी सरकार ने इसे बढ़ाकर 62 लाख तक पहुंचा दिया। यह पारदर्शी और त्वरित वितरण योगी सरकार की तकनीकी दक्षता का परिणाम है कि इस बार अनुसूचित जाति-जनजाति के 3,56,000 छात्रों को 114.92 करोड़, सामान्य वर्ग के 97,000 से अधिक छात्रों को 29.18 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 90,758 छात्रों को 27.16 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप डीबीटी के जरिए दी गई।  ग्रामीण और वंचित ओबीसी युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने में सफल हुई योगी सरकार पिछले आठ वर्षों में योगी सरकार ने ओबीसी कल्याण में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। वर्ष 2024-25 में 32,22,499 ओबीसी छात्रों को स्कॉलरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति दी गई, जबकि 2017 से अब तक 2,07,53,457 छात्रों को 13,535.33 करोड़ रुपये का लाभ मिला। यह राशि पूर्ववर्ती सरकार के 4,197 करोड़ रुपये के व्यय से चार गुना अधिक है, इसमें उन ओबीसी छात्रों की बड़ी संख्या शामिल है जो प्रदेश के ग्रामीण इलाकों और सुदूर क्षेत्रों से आते हैं। यह आंकड़ा न केवल सरकार की नीतियों की सफलता दर्शाता है, बल्कि ग्रामीण और वंचित ओबीसी युवाओं को उच्च शिक्षा तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।   ओबीसी समुदाय का सशक्तीकरण 'विकसित उत्तर प्रदेश' का मूलमंत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मौके पर कह चुके हैं कि शिक्षा सामाजिक समानता का आधार है। ओबीसी समुदाय का सशक्तीकरण 'विकसित उत्तर प्रदेश' का मूलमंत्र है। हमारा लक्ष्य हर वंचित छात्र को शिक्षा का अवसर देना है। सरकार ने 2047 तक 7 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को 80,000 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति देने का संकल्प लिया है। यह दीर्घकालिक दृष्टिकोण ग्रामीण ओबीसी युवाओं को तकनीकी, चिकित्सा और अन्य उच्च शिक्षा क्षेत्रों में आगे बढ़ाने में मदद करेगा। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने डीबीटी के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की है, जिससे स्कॉलरशिप सीधे छात्रों के खातों में पहुंच रही है। यह पहल न केवल छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि ओबीसी समुदाय में आत्मविश्वास और सामाजिक गौरव भी जगा रही है। योगी सरकार के इस प्रयास से उत्तर प्रदेश सामाजिक और शैक्षिक समानता का नया मॉडल बन रहा है। पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार ने ओबीसी और दिव्यांगजनों के लिए खजाना खोल दिया है। हमारा लक्ष्य है कि पिछड़ों को शिक्षा से सशक्त बनाकर सामाजिक समानता सुनिश्चित करें। यह प्रयास 'विकसित यूपी' का आधार बनेगा।

योगी सरकार दे रही अयोध्या को नया स्वरूप, रामायण थीम पर बन रहे 20 सेल्फी प्वाइंट

अयोध्या दीपोत्सव 2025: रामायण के अध्यायों पर आधारित कलात्मक नज़ारे श्रद्धालुओं को करेंगे आकर्षित  योगी सरकार दे रही अयोध्या को नया स्वरूप, रामायण थीम पर बन रहे 20 सेल्फी प्वाइंट दीपोत्सव 2025 में धर्मपथ, लता चौक और राम की पैड़ी पर दिखेगी कला और आस्था की झलक  रामायण के अध्यायों से सजे सेल्फी प्वाइंट, धनुष आकार में उकेरी जा रही अनोखी कलाकृतियाँ – श्रद्धालु ले जाएंगे दीपोत्सव की यादें, श्रीराम और हनुमान के दृश्यों के संग खिंचेंगी तस्वीरें अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि दीपोत्सव 2025 केवल प्रकाश पर्व न होकर, श्रद्धा, संस्कृति और डिजिटल अनुभव का ऐसा संगम बने जो विश्व को अयोध्या की नई पहचान दे। इसी कड़ी में अयोध्या धाम को और भव्य स्वरूप देने के लिए 20 विशेष “सेल्फी प्वाइंट” तैयार किए जा रहे हैं। ये सेल्फी प्वाइंट रामायण के विभिन्न अध्यायों पर आधारित होंगे और धर्मपथ, लता चौक, राम की पैड़ी तथा रामकथा पार्क सहित प्रमुख स्थलों पर स्थापित किए जा रहे हैं। रामायण के इन 20 प्रसंगों के आधार बनें हैं सेल्फी प्वाइंट हर सेल्फी प्वाइंट की थीम रामायण के किसी खास प्रसंग से जुड़ी होगी। इनमें सुमेरु पर्वत को लेकर उड़ते हुए हनुमान जी, भगवान श्रीराम को वर्षा से बचाने के लिए केले के पत्ते के नीचे खड़े हनुमान, श्रीराम और लक्ष्मण को कंधे पर लेकर उड़ते हनुमान, जटायु से वार्तालाप करते प्रभु श्रीराम, अशोक वाटिका में मां सीता से भेंट करते हनुमान, रावण वध का दृश्य, भगवान राम और माता सीता से मिलते केवट, रावण पर बाण चलाते श्रीराम, लंका दहन करते हनुमान, अग्नि परीक्षा देती मां सीता जैसे भावनात्मक व प्रेरक दृश्य शामिल हैं। इन संरचनाओं को विशेष रूप से धनुष के आकार में कार्विंग किया जा रहा है, जो अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और प्रभु श्रीराम के प्रतीक को जीवंत करेगा।श्रद्धालु इन सुंदर सेल्फी प्वाइंट्स के साथ तस्वीरें लेकर दीपोत्सव की स्मृति को हमेशा के लिए सहेज सकेंगे। अयोध्या को मिलेगी नई पहचान उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा चयनित कार्यदायी संस्था सार्क मीडिया इन सेल्फी प्वाइंट्स का निर्माण कर रही है। संस्था के संचालक सौरभ कुमार सिंह ने बताया,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या केवल धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि आधुनिक कला और आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बन रही है। ये 20 सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं को ‘रामायण अनुभव’ से जोड़ने का माध्यम बनेंगे। हमारा उद्देश्य है कि हर आगंतुक अपने कैमरे में अयोध्या की अनोखी सांस्कृतिक झलक कैद कर सके। डिजिटल युग में श्रद्धा और संस्कृति का संगम अयोध्या दीपोत्सव 2025 में इन थीमैटिक इंस्टॉलेशनों के माध्यम से डिजिटल आकर्षण और पारंपरिक भक्ति का मेल देखने को मिलेगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ये सेल्फी प्वाइंट ‘रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में देखने और अनुभव करने’ का अद्भुत अवसर प्रदान करेंगे।दीपोत्सव के दौरान जब धर्मपथ, राम की पैड़ी और लता चौक रोशनी से नहाएंगे, तब इन कलात्मक पृष्ठभूमियों के साथ ली गई तस्वीरें अयोध्या की भव्यता की गवाही देंगी और यही योगी सरकार की उस दृष्टि का हिस्सा है, जिसमें अयोध्या न केवल विश्वास का, बल्कि संस्कृति और कला का भी वैश्विक केंद्र बने।