samacharsecretary.com

विभिन्न राज्यों के अफसरों ने देखा इंदौर का स्मार्ट मीटरीकरण

भोपाल मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में स्मार्ट मीटर परियोजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा हैं। इसी क्रम में आरडीएसएस अंतर्गत पावर फायनेंस कार्पोरेशन ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से भारतीय प्रबंध संस्थान इंदौर में क्षमता वृद्धि की ट्रेनिंग ले रहे बिजली अधिकारी गुरुवार दोपहर पोलोग्राउंड इंदौर स्थित स्मार्ट मीटर मास्टर कंट्रोल सेंटर पहुंचे। श्री के लिंगामूर्ति, श्री एम मूर्ति कुमार, श्री एस विजय प्रताप, श्री जीडी वासनिक समेत अन्य अधिकारियों का स्वागत स्मार्ट मीटर परियोजना निदेशक श्री संजय जैन, अधीक्षण यंत्री श्रीमती कीर्ति सिंह ने किया। विभिन्न राज्यों के अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर परियोजना के संबंध में मीटरीकरण, बिलिंग, पावर फैक्टर छूट, टीओड़ी छूट, सौर ऊर्जा के लिए पृथक मीटर की जरूरत नहीं होने, सटीक बिलिंग, त्रुटिरहित बिलिंग, मोबाइल एप पर खपत का ताजा ब्यौरा इत्यादि की जानकारी प्राप्त की। कंट्रोल सेंटर प्रभारी श्री नवीन गुप्ता ने दल के सदस्यों के स्मार्ट मीटर संबंधी प्रश्नों के उत्तर देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया। दल को बताया गया कि सतत स्मार्ट मीटरीकरण किया जा रहा है, वर्तमान में करीब 13.24 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और कुछ शहर शत प्रतिशत स्मार्ट मीटरीकृत घोषित कर दिए गए हैं।  

पटाखों की धमाल, लेकिन हवा रहेगी फ्रेश! दिल्ली में लागू हुई सुपर-कूल तकनीक

नई दिल्ली  दिल्ली में दिवाली से पहले ही प्रदूषण बढ़ने लगा है. बीते दिन दिल्ली के 5 अलग-अलग सेंटरों आनंद विहार, नॉर्थ कैंपस, मथुरा रोड, द्वारका, वजीरपुर में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया. इसी बीच दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराए जाने की तैयारियां चल रही हैं. तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण पर दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली में क्लाउड सीडिंग यानी कृत्रिम बारिश को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है. दिल्ली सरकार के मंत्री ने कहा कुछ चुनिंदा इलाकों में दिवाली के एक दिन बाद प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कृत्रिम बारिश कराए जाने की तैयारी चल रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका एक सैंपल लिया जाएगा. हालाकिं इसके लिए मौसम विभाग से हरी झंडी मिलने का इंतजार है. उन्होंने कहा कि हम जल्द बादलों के छाने का इंतजार कर रहे हैं. एक प्लेन भेजकर कृत्रिम बारिश के लिए काम शुरू कर सकते हैं. दिल्ली सरकार ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं. इतना ही नहीं 2 पायलट इसके लिए 4 दिन तक ट्रेनिंग ले चुके हैं. 3 घंटे में इसका असर नजर आ जाएगा. इधर, दिल्ली से लगे नोएडा में भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ हो गई थी. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 14 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में GRAP-1 लागू किया था. नोएडा प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण के प्रभावों को कम करने के लिए GRAP-1 उपायों के तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव करा रहा है. दिल्ली में प्रदूषण का लेवल दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज किया गया. यहां एक्यू्आई 345 दर्ज किया गया. वहीं डीयू नॉर्थ कैंपस में 307, सीआरआरआई मथुरा रोड में 307, द्वारका सेक्टर-8 में 314 गया. जबकि वजीरपुर में प्रदूषण का स्तर 325 बेहद खराब कैटेगरी में दर्ज किया गया. दिल्ली के 20 सेंटरों पर AQI खराब कैटेगरी में दर्ज किया, जबकि 13 सेंटरों पर यह मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया. प्रदूषण की वजह पराली जलाना दरअसल, उत्तर और मध्य भारत में दिवाली के बाद किसान पराली जलाना शुरू कर देते है. इसी वजह से प्रदूषण बढ़ने की रफ्तार भी तेज हो जाती है. एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के सबसे नजदीक हरियाणा और पंजाब में सबसे ज्यादा पराली जलाई जाती है. 2015 में एनजीटी ने पराली जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था. हालांकि पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाए जाने से किसानों को पराली का सफाया करने में परेशानी होने लगी. केंद्र सरकार ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) अधिनियम 2021 के तहत पराली जलाने पर नियम लागू किए. इसके मुताबिक 2 एकड़ से कम जमीन पर पराली जलाने पर 5,000 रुपए के जुर्माना लगाने की बात कही गई. 2 से 5 एकड़ जमीन पर 10,000 रुपए और 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर पराली जलाने पर 30,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाता है. AQI 400 के पार पहुंचने पर लगाया जाता है GRAP वायु प्रदूषण की जांच के लिए इसे 4 कैटेगरी में बांटा गया है. इसे ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) कहते हैं. इसकी 4 कैटेगरी के तहत सरकार पाबंदियां लगाती है और प्रदूषण कम करने के उपाय जारी करती है. दरअसल, 201 से 300 तक एक्यूआई होने पर धूल पर नियंत्रण और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाई जाती है. 301 से 400 तक डीजल जनरेटर चालाने पर रोक लगाई जाती है और पानी का छिड़काव शुरू कर दिया जाता है. 401 से 450 एक्यूआई होने पर गैरजरूरी निर्माण और ईंट भट्टों पर पाबंदियां लगा दी जाती हैं. वहीं एक्यूआई 450 से अधिक होने पर भारी वाहन पर रोक, निर्माण पर रोक और स्कूलों को बंद कर दिया जाता है. दिल्ली सरकार ने कृत्रिम बारिश की तैयारियां कर ली है. दरअसल, कृत्रिम बारिश के लिए पहले से तैयारियां की जाती हैं. हेलीकॉप्टर, विमान या ड्रोन से बादलों के पास सिल्वर आयोडाइड छोड़ा जाता है. जिससे भाप इसके संपर्क में आते ही ठंडी होकर बारिश की बूदों में बदल जाती है. इस प्रक्रिया को संघनन कहा जाता है. जानकारी के अनुसार 50 से अधिक देश बारिश के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं.  

सेलिब्रेशन मोमेंट: आईसीसी ने सितंबर के लिए दिया अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना को बेहतरीन खिलाड़ी का खिताब

नई दिल्ली आईसीसी ने भारतीय टी20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा है। बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अभिषेक ने सात मैचों में 44.85 की औसत और 200 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए थे। वे टूर्नामेंट के श्रेष्ठ स्कोरर थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर अभिषेक को सितंबर महीने का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया। अभिषेक ने इस पुरस्कार के दौर में अपनी टीम के साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पछाड़ा। आईसीसी द्वारा जारी एक बयान में अभिषेक ने गुरुवार को कहा, "पुरस्कार जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है और मुझे खुशी है कि यह पुरस्कार कुछ महत्वपूर्ण मैचों के लिए मिला है जिनमें मैं टीम को जीत दिलाने में मदद कर सका। मुझे उस टीम का हिस्सा होने पर गर्व है जो सबसे कठिन परिस्थितियों में भी जीत दिला सकती है।" अभिषेक ने कहा, "टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हमारा हालिया रिकॉर्ड हमारी उत्कृष्ट टीम संस्कृति और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। मैं टीम प्रबंधन को उनके मार्गदर्शन के लिए और अपने सभी साथियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उस पैनल का भी आभारी हूं जिसने मुझे इस पुरस्कार के लिए चुना।" महिला श्रेणी में सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार स्मृति मंधाना को दिया गया। स्मृति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय सीरीज में 58, 117, और 125 रनों की पारी खेली थी। मंधाना ने सीरीज में 77 की औसत और 135.68 के स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए थे। मंधाना ने इस पुरस्कार की रेस में दक्षिण अफ्रीका की तजमीन ब्रिट्स और पाकिस्तान की सिदरा अमीन को पछाड़ा। मंधाना ने कहा, "सितंबर 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार पाकर मैं सचमुच सम्मानित महसूस कर रही हूं। इस तरह का सम्मान मुझे एक खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ने और विकसित होने के लिए प्रेरित करता है। यह सम्मान उस समर्थन, विश्वास और प्रयास को भी दर्शाता है जो हम एक टीम के रूप में सामूहिक रूप से एक साथ देते हैं। मेरा लक्ष्य हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और टीम के लिए मैच जीतना रहा है। मैं उन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं जिनसे आगे आने वाले मैचों में भारत को यादगार जीत मिलेगी।" 

जब पूरा गांव पुलिस नियंत्रण में: माहौल हुआ तनावपूर्ण

जालंधर जालंधर सैंट्रल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 के अंतर्गत आते चोहक कलां गांव में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब निहंग सिंह संगठनों ने गांव के एक सार्वजनिक स्थल, लंगर हॉल के अंदर एक निशान साहिब स्थापित कर दिया और हॉल के अंदर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज जी का प्रकाश करने के बाद, श्री अखंड पाठ साहिब जी का पाठ शुरू कर दिया। एस.सी. समुदाय द्वारा विरोध जताए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसकी सूचना मिलने पर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए तुरंत कार्रवाई की और डी.सी.पी. सुरक्षा नरेश डोगरा, ए.डी.सी.पी. सिटी-1 आकर्षि जैन, ए.डी.सी.पी. इन्वैस्टिगेशन जयंत पुरी, ए.डी.सी.पी. हैडक्वार्टर सुखविंदर सिंह, ए.सी.पी. सैंट्रल अमनदीप सिंह, ए.सी.पी. सुरक्षा गगनदीप सिंह घुमन, एस.एच.ओ. डिवीजन-5 साहिल चौधरी, एस.एच.ओ. रामा-मंडी मनजिंदर सिंह, एस.एच.ओ. थाना-2 जसविंदर सिंह और एस.एच.ओ. थाना नई बारांदरी रविंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत चोहक कलां गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।   प्रमुख दलित नेता, इस गांव के पूर्व सरपंच, सामाजिक न्याय परिषद के संयोजक और पंजाब दलित महासभा के चेयरमैन रमेश कुमार चोहकां ने कहा कि उक्त स्थान गांव का एक साझा स्थान है और इसका इस्तेमाल जंज घर के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर धार्मिक, सामाजिक और शादी समारोह आयोजित किए जाते हैं, लेकिन आज कुछ निहंग सिंह संगठनों ने हॉल के अंदर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश करके श्री अखंड पाठ साहिब जी का जाप शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि चौहकां कलां वैल्फेयर सोसायटी द्वारा हाल को साफ कर जंज घर के रूप में प्रयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ गांवों के लोगों के अनुरोध पर कुछ निहंग संगठनों ने इस स्थान पर कब्जा कर लिया है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन का शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि गांव का सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाना चाहिए।   इस संबंध में नंबरदार जरनैल सिंह ने कहा कि यह स्थान गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का लंगर हॉल है। गुरुद्वारा सिंह सभा हाल मात्र पांच मरले में बना हुआ है और गुरुद्वारा साहिब में न तो शौचालय है और न ही लंगर बनाने और परोसने की सुविधा के लिए जगह है, जिसके लिए यह लंगर हॉल स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह लंगर हॉल गुरुद्वारा साहिब जी के संकल्पों के अनुसार 2014 में बनाया था। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने एस.सी. समुदाय के लोगों को इस स्थान को समागमों के लिए प्रयोग करने की सहमति दी थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से गुरु घर के इस स्थान पर शादी समारोह आयोजित किए गए और गुरु घर के लंगर हॉल में डीजे बजाए गए तथा मांस-मदिरा का सेवन किया गया, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।   उन्होंने कहा कि प्रबंधक कमेटी पिछले तीन महीनों से प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रही पर कोई सुनवाई नहीं की गई, जिसके बाद गुरु घर की प्रबंधक कमेटी ने शहीद तरना दल के जत्थेदार बाबा हरि सिंह जी ग्रंथियां बटाला वाले और जत्थेदार बाबा लखबीर सिंह जी चौलांग वाले से संपर्क किया और इस स्थान पर मर्यादा रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि निहंग सिंह संगठन गुरु घर की मर्यादा के लिए एकत्रित हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हमारी कोई भी बात नहीं सुनी, इसलिए हमें गुरु घर की मर्यादा बनाए रखने के लिए निहंग सिंह संगठनों के समक्ष यह मुद्दा रखना पड़ा, जिसके बाद निहंग संगठन ने मर्यादा अनुसार निशान साहिब स्थापित कर और धन धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज जी का प्रकाश कर श्री अखंड पाठ साहिब जी की शृंखला शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले पर ध्यान देकर दोनों पक्षों का पक्ष जानना चाहिए।

लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने खाद्य मंत्री सपरिवार खरीदी करने पहुंचे बाजार

अपना त्योहार, अपनों के हाथों से बनी वस्तुएं खरीद कर मनाये : गोविंद सिंह राजपूत  भोपाल  स्थानीय दुकानदारों, हस्तशिलपियों एवं लोकल फाॅर, वोकल को बढ़ावा देने के लिए दीपावली के अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने परिवार सहित कटरा बाजार सागर पहुंचकर खरीदारी की । स्थानीय दुकानदारों से बातचीत करते हुए श्री राजपूत ने शहरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि अपना त्यौहार अपने के हांथों से बनी वस्तुओं को खरीदकर मनायें ताकि हर घर में दीवाली की खुशियां पहुंच सकें। यह सभी व्यापारी आपके द्वारा खरीदी गये साज-सामग्री से प्रोत्साहित होते हैं, उनके घर भी त्यौहार की खुशियां पहुंचती हैं। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह ने बाजार से मिट्टी के दीपक तथा अन्य पूजा सामग्री खरीदी। त्योहारी सीजन में लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ और ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ’ अभियान को गति देने के लिए मंत्री श्री राजपूत ने इस दिवाली पर स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का आह्वान किया। त्योहारी सीजन में स्थानीय बाजारों में खरीदारी कर उन्होंने न केवल स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन दिया, बल्कि छोटे व्यापारियों और कारीगरों के लिए रोजगार के अवसरों को भी बल दिया। मंत्री श्री राजपूत ने कटरा बाजार का दौरा कर स्थानीय हस्तशिल्प, मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित वस्त्र और स्वदेशी खाद्य पदार्थों की खरीदारी की। उन्होंने कहा, स्वदेशी अपनाने से न केवल हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि लाखों कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।यह कदम स्थानीय उत्पादकों और विक्रेताओं के लिए आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान का लक्ष्य उपभोक्ताओं को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है, जिससे विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम हो। इससे न केवल देश का पैसा देश में रहेगा, बल्कि स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।  लोकल फाॅर वोकल के मंत्री श्री राजपूत ने बताये फायदे  मंत्री श्री राजपूत ने नागरिकों से अपील की कि वे इस दिवाली स्थानीय दुकानों से खरीदारी करें, ताकि त्योहारों की रौनक के साथ-साथ देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता भी बढ़े। इस पहल से न केवल व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि सांस्कृतिक विरासत भी संरक्षित होगी। स्वदेशी अपनाकर हम एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण कर सकते हैं। मंत्री राजपूत ने कहा कि लोकल फॉर वोकल से स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। लोकल फॉर वोकल से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं, जिससे उनकी आय बढ़ती है और वे अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकते हैं। स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण होता है, जिससे हमारी सांस्कृतिक विरासत बनी रहती है। लोकल फॉर वोकल से परिवहन की आवश्यकता कम होती है, जिससे ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण प्रदूषण कम होता है। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ती है, क्योंकि उत्पादक अपने उत्पादों को अच्छी तरह से बनाने के लिए प्रेरित होते हैं। देश आत्मनिर्भर बनता है, क्योंकि हमें आयात पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है।

18 महीने की जांच के बाद इंसाफ: बच्ची के हत्यारों को मिली फांसी की सजा

आगरा  यूपी के आगरा में मासूम बच्ची से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या करने के मामले में कोर्ट ने गुरुवार को अपना फैसला सुनाया। 18 महीने बाद आए इस फैसले में कोर्ट ने दो दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट सोनिका चौधरी की अदालत ने ये फैसला सुनाया है। बतादें कि 2024 में दो लड़कों ने एक बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बच्ची के पिता को फोन करके छह लाख की फिरौती भी मांगी थी। पीड़ित ने बाह थाने में केस दर्ज कराया था। इसके बाद से कोर्ट में केस विचाराधीन था। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सुभाष गिरि के मुताबिक मामले में गुरुवार को कोर्ट में गवाह और अहम साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। कोर्ट ने दोनों को दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई। मामला बाह थाना क्षेत्र का है। ग्राम पंचायत फरेरा में 18 मार्च 2024 को हुकम सिंह के लड़के हरेंद्र की पुत्री (पल्लवी) को परिवार के ही अमित पुत्र रामसरन जो कि रिश्ते में चाचा लगता है। उसने अपने साथी निखिल निवासी होलीपुरा के साथ 18 मार्च को अगवा करके बलात्कार कर गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया था ‌और हत्या के बाद 6 लाख की फिरौती मांगी गई थी। ‌जिसको परिवार वाले देने को तैयार थे लेकिन हत्या पहले ही कर दी गई थी, जिस कारण आरोपी गुमराह करते रहे और पैसे के लिए बार-बार जगह व मोबाइल नंबर बदल कर गुमराह करते रहे थे। बाद में जिसको पुलिस व एसओजी एवं एसटीएफ ने 20 मार्च 2024 को आरोपियों को पकड़ा था और आरोपियों के निशानदेही पर शव को बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा था, जिसमें पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।  

UP विधानसभा 2027: मायावती की रणनीति पर BSP कार्यकर्ताओं की बैठक में चर्चा

लखनऊ  बसपा प्रमुख मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। हालांकि, उनके भतीजे आकाश आनंद खराब स्वास्थ्य के कारण इसमें शामिल नहीं हो सके। चुनावी रणनीति और पांचवीं बार सरकार बनाने की कोशिश के चलते मायावती ने ये बैठक बुलाई। बैठक के दौरान, मायावती ने पार्टी नेताओं का चुनावी तैयारियों पर मार्गदर्शन किया और उत्तर प्रदेश में बसपा को पांचवां कार्यकाल दिलाने की रणनीति की रूपरेखा पर चर्चा की। मुख्य चर्चा आगामी चुनावों के प्रति पार्टी के दृष्टिकोण पर केंद्रित रही। बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए की बूथ स्तर तक संगठन के गठन का काम अगले तीन महीने में पूरा किया जाए। मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ के लिए बूथ स्तर तक पदाधिकारी जाएं और धन्यवाद ज्ञापित करें। सर्व समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ें। 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटें। 15 जनवरी को मायावती का जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में सभी जिलों में मनाया जाएगा। इसकी अभी से तैयारियां शुरू करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में मायावती और आकाश आनंद के उत्तर प्रदेश भर में होने वाले दौरों के कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया गया। ये दौरे पार्टी का आधार मजबूत करने और चुनाव के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से किए जाएंगे। साथ ही बैठक में निर्देश दिए गए कि 10 प्रतिशत बचे बूथ हर हाल में नवंबर से जनवरी तक गठित किए जाएं। चार बार बसपा की सरकार रही है उस समय सरकार ने जो काम किए वह जन-जन तक पहुंचाए जाएं। अपनी जमीनी रणनीति के अलावा, बसपा अपनी भाईचारा समितियों के जरिए मुसलमानों, ओबीसी, दलितों और ब्राह्मणों सहित विभिन्न समुदायों का समर्थन मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। यह चुनावों से पहले एक व्यापक सामाजिक गठबंधन बनाए रखने के पार्टी के निरंतर प्रयास को दर्शाता है।  

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस की सुनवाई तेज, अदालत ने अगली तारीख 7 नवंबर तय की

प्रयागराज इलाहाबाद हाई कोर्ट में गुरुवार को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि -शाही ईदगाह मस्जिद विवाद की करीब डेढ़ घंटे सुनवाई चली और अगली तारीख सात नवंबर नियत कर दी गई। न्यायमूर्ति अवनीश कुमार सक्सेना की पीठ के समक्ष वादकारियों की तरफ से वाद की पृष्ठभूमि और अब तक विभिन्न तिथियों में हुए आदेशों के बारे में जानकारी दी गई। अर्जी में क्या कहा? मंदिर पक्ष से वाद संख्या नौ में अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने बताया कि कोर्ट ने पक्षों को सुनने के बाद निर्देश दिया कि पूर्व में प्रतिनिधि रूप के रूप में चयनित वाद संख्या 17 पर शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी के आवेदन को लेकर जिन्होंने आपत्ति नहीं दायर की है, वह आगामी तारीख से पहले दे दें। शाही ईदगाह मस्जिद ने अपनी अर्जी में कहा है कि अन्य वाद निरस्त कर केवल वाद संख्या 17 ही सुना जाए। रजिस्ट्री से कहा है कि फाइलों को व्यवस्थित किया जाए।  मामले में पक्षकार और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने वाद संख्या तीन में आर्कियोलॉजी सर्वे आफ इंडिया (एएसआइ) से जवाब नहीं मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि अदालत ने सभी अर्जियों (प्रार्थना पत्रों) को एक साथ करने का आदेश दिया है।  

BJP नेता के बयान से चौंकी AAP, प्रशांत किशोर की बुराई में मिला ‘केजरीवाल गुणगान’ का एंगल

नई दिल्ली  भाजपा नेता और अरविंद केजरीवाल की तारीफ! हैरान हो गए। आम आदमी पार्टी के नेता भी भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के एक ट्वीट में केजरीवाल के जिक्र को पूर्व सीएम की तारीफ मानकर इतने ही अचरज में हैं। दरअसल, जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर की आलोचना करते हुए मालवीय ने केजरीवाल का जिक्र किया। अब इसे आप प्रमुख के लिए तारीफ बताकर आप नेता राजेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हो रहा है। दरअसल, अमित मालवीय ने यह टिप्पणी प्रशांत किशोर के चुनाव नहीं लड़ने के फैसले को लेकर की। प्रशांत किशोर के पहले करगहर से लड़ने की चर्चा थी। बाद में उन्होंने खुद राघोपुर में तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने की बात कही। अब उन्होंने खुद किसी सीट से नहीं उतरने की बात कही तो मालवीय ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि वह (पीके) अरविंद केजरीवाल हैं। मालवीय ने कहा, 'दिल्ली की मीडिया जिनको बिहार चुनाव का X फैक्टर बता रही थी, वो तो Z निकले – Z मतलब जीरो असल में बात ये है कि उन्हें लगा वो अरविंद केजरीवाल हैं, लेकिन बिहार की जनता ने जमीन पर उतार दिया। खबर ये भी है कि उनकी अपनी पार्टी में पैसों और टिकट के बंटवारे को लेकर इतना बवाल है कि अगर वो चुनाव लड़ भी लेते, तो अपने ही कार्यकर्ता उन्हें हरा देते। जो इंसान किसी एक विचारधारा या संगठन के प्रति ईमानदार नहीं हो सकता, वो बिहार के लोगों का क्या होगा? राजनीति में पाले बदलना और कपड़े बदलने में फर्क होता है। राजनीति संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास मांगती है।' 'उन्हें लगा वो अरविंद केजरीवाल हैं, लेकिन…' अब इस बात को आम आदमी पार्टी ने आप के राष्ट्रीय संयोजक की तारीफ के रूप में लिया और हैरानी जाहिर की। दिल्ली के पूर्व विधायक और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने मालवीय के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, 'भाई साहब अगर आप भी अरविंद केजरीवाल जी की तारीफ करेंगे तो हम क्या करेंगे। मुझे तो अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हो रहा।'  

प्रतिस्पर्धात्मक दौर में अपेक्स बैंक के शाखा प्रबंधक उत्कृष्ट कार्य निष्पादित करें – मनोज गुप्ता

अपेक्स बैंक के शाखा प्रबंधकों की बैठक समन्वय भवन में आयोजित। भोपाल अन्तर्राष्ट्रीय सहकारी वर्ष, 2025 के दौरान अपेक्स बैंक के सम्पूर्ण प्रदेश के शाखा प्रबंधकों की बैठक आज अपेक्स बैंक समन्वय भवन स्थित सभागार में आयोजित हुई । इस अवसर पर बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने दिनांक 30.09.25 की स्थिति पर शाखाओं द्वारा की अमानत संग्रहण, ऋण वितरण, वसूली एवं बीमा योजनाओं  की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि प्रतिस्पर्धा के दौर में अपने आप को बेहतर साबित करने की दिशा में सभी अधिकारीगण पूरी ईमानदारी एवं लगन से अपने उत्तरदायित्वों का निवर्हन करते हुए दिनांक 22 अक्टूबर, 25 तक चलने वाले बचत माह के दौरान व्यक्तिगत हितग्राहियों को विभिन्न प्रयोजनों यथा – आवास एवं अचल सम्पत्ति के बंधक पर ऋण पर 8.00 प्रतिशत, वाहन ऋण 8.50 प्रतिशत एवं आवास ऋण 9.00 प्रतिशत पर उपलब्ध कराने के प्रयास करें। उन्होंने बैंक की शाखाओं के माध्यम से माईक्रो एटीएम एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना की अधिक से अधिक जानकारी अपने ग्राहकों एवं आमजन तक पहुॅंचाकर लोगों को इसका अधिकतम लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित करने तथा एन.पी.ए. प्रकरणों के निराकरण करने तथा केन्द्र सरकार की ’’स्वच्छता पखवाड़ा’’ योजना का सतत् वर्षभर आयोजन करने के निर्देश भी प्रदान किये।  आरंभ में बैंक के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री संजय मोहन भटनागर ने महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा करते हुये शाखा प्रबंधकों से अपेक्षा की अपेक्स बैंक द्वारा समय-समय पर प्रदान किये जाने वाले निर्देशों का पालन निश्चित समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें।  उप महाप्रबंधक (ऋण/परिचालन) श्री के.टी.सज्जन ने अधिक से अधिक ऋण वितरण व वसूली समय पर करने की अपेक्षा की, जबकि वि.क.अ.(सीबीएस) श्री अरविंद बौद्ध ने तकनीकी बिन्दुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।   बैठक में श्री आशीष राजौरिया, श्री करूण यादव, श्री विवेक मलिक, श्री समीर सक्सेना व श्री अजय देवड़ा के साथ प्रदेश की समस्त संभागीय एवं अमानत शाखाओं के प्रबंधकगण एवं अन्य अधिकारीण भी उपस्थित हुए। उक्त जानकारी अपेक्स बैंक के जनसम्पर्क अधिकारी अभय प्रधान ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में दी ।