samacharsecretary.com

कोहली ने लिखा नया इतिहास – सचिन का रिकॉर्ड अब बीते ज़माने की बात!

नई दिल्ली टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला आखिरकार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में चला। पहला दो वनडे में विराट खाता भी नहीं खोल पाए थे। सिडनी वनडे में पहला रन बनाने के बाद उनके चहरे पर खुशी देखने वाली थी। पहला रन लेते ही उन्होंने अपनी नर्वस को सेटल किया और फिर चेज मास्टर का असली रूप दिखाया। ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिले 237 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 74 रनों की नाबाद पारी खेली, इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा के साथ शतकीय साझेदारी भी की, जिन्होंने नाबाद 121 रन बनाए। विराट कोहली ने अपनी इस पारी के दम पर इतिहास रच दिया है, वह लिमिटेड ओवर में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। लिमिटेड ओवर क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने सिर्फ एक टी20 मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 10 रन बनाए थे। वहीं वनडे क्रिकेट में उनके नाम सबसे अधिक 18426 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। यह कहना मुश्किल है कि वनडे में विराट कोहली सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे या नहीं, मगर उन्होंने वनडे और टी20 मिलाकर लिमिटेड ओवर क्रिकेट में उन्हें जरूर पछाड़ दिया है। विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में 14255 रन है, जो इस फॉर्मेट में दुनिया के किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए दूसरे सबसे अधिक रन है। वहीं टी20 में उनके नाम 4188 रन दर्ज है। वह सबसे छोटे फॉर्मेट में भी सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे पायदान पर हैं। लिमिटेड ओवरों में सबसे ज्यादा रन (वनडे+T20I) 18443 – विराट कोहली* 18436 – सचिन तेंदुलकर 15616 – के. संगकारा 15601 – रोहित शर्मा* 14143 – एम. ​​जयवर्धने 14105 – रिकी पोंटिंग भारत 9 विकेट से जीता रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बैटिंग के दम पर सीरीज में लाज बचाने में कामयाब रहा। पहले दो मैच हारकर टीम इंडिया पर सूपड़ा साफ होने का खतरा मंडरा रहा था, मगर आखिरी मुकाबले को भारत ने 9 विकेट से जीता। भारत की अगली वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर है।

सिडनी में चमके कोहली, संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रचा

सिडनी  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली का भी जलवा देखने को मिला है. 25 अक्टूबर (शनिवार) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में हुए इस मैच में विराट कोहली ने फिफ्टी जमाई. कोहली ने चार चौके की मदद से 56 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की. कोहली के ये वनडे इंटरनेशनल करियर का 75वां अर्धशतक रहा. कोहली ने नाबाद 74 रन बनाए, वहीं रोहित शर्मा के बल्ले से 121 रन निकले. विराट कोहली ने 54 रन बनाते ही कुमार संगकारा को ओडीआई क्रिकेट में रनों के मामले में पछाड़ दिया. कोहली अब वनडे इंटरनेशनल में सबसे जयादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर आ चुके हैं. श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा ने 14234 रन बनाए थे, जिनसे आगे कोहली निकल चुके हैं. वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्याद रन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं. सचिन ने 463 ओडीआई मैचों में 18426 रन बनाए थे. विराट कोहली और रोहित शर्मा ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (नाबाद 168 रन) की. ये वनडे इंटरनेशनल में दोनों के बीच 19वीं शतकीय पार्टनरशिप रही. देखा जाए तो विराट कोहली 82 मौकों पर वनडे इंटरनेशनल में शतकीय पार्टनरशिप में शामिल रहे हैं. विराट कोहली ने वनडे इंटरनेशनल में रनचेज में 70वीं बार पचास या उससे ज्यादा रन बनाए हैं, जो एक रिकॉर्ड है. वनडे इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन 18426 सचिन तेंदुलकर (452 ​​पारी) 14255 विराट कोहली (293) * 14234 कुमार संगकारा (380) 13704 रिकी पोंटिंग (365) 13430 सनथ जयसूर्या (433) सर्वाधिक 100+ साझेदारियों में शामिल (वनडे) 99 सचिन तेंदुलकर 82 विराट कोहली * 72 रिकी पोंटिंग 68 रोहित शर्मा * 67 कुमार संगकारा वनडे इंटरनेशनल में सर्वाधिक शतकीय साझेदारी 26 सचिन तेंदुलकर & सौरव गांगुली (176 पारी) 20 तिलकरत्ने दिलशान & कुमार संगकारा (108 पारी) 19 रोहित शर्मा & विराट कोहली (101 पारी) * 18 रोहित शर्मा & शिखर धवन (117 पारी)

फॉर्म से बाहर विराट… एडिलेड में फिर जीरो, इंटरनेशनल कमबैक के बाद लगातार दो डक!

 एडिलेड  भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर (गुरुवार) को एडिलेड ओवल में खेलने उतरी. इस मुकाबले में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से धमाकेदार बल्लेबाजी की उम्मीद थी. लेकिन किंग कोहली उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके. कोहली इस मैच में भी खाता नहीं खोल पाए. कोहली को तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. विराट कोहली भारतीय पारी के सातवें ओवर में आउट हुए. उस ओवर में बार्टलेट की पांचवीं गेंद अंदर की ओर स्विंग होकर आई. कोहली क्रीज में फंस गए और गेंद बल्ले का संपर्क होने से पहले ही पैड पर जा लगी थी. कोहली पूरी तरह से गेंद को जज नहीं कर पाए. बॉल ट्रैकर ने दिखाया कि गेंद सीधे मिडिल स्टम्प पर टकरा रही थी. अंपायर सैम नोगाज्स्की ने बिना किसी झिझक के उंगली उठा दी. कोहली ने रिव्यू नहीं लिया क्योंकि वह आउट साफ आउट थे. एडिलेड ओवल पर सन्नाटा छा गया और दर्शक अवाक रह गए. कोहली ने सिर झुकाकर और ग्लव्स उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया. फिर शांत कदमों से पवेलियन लौट गए. कोहली के करियर में पहली बार हुआ ऐसा विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हुए हैं. इससे पहले पर्थ वनडे में भी उनका खाता नहीं खुला था. तब कोहली को मिचेल स्टार्क ने ऑफ-स्टम्प से बाहर की गेंद पर फंसाया था. कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर में ऐसा पहली बार हुआ है, जब वो लगातार दो इनिंग्स में शून्य पर चलते बने हैं. विराट कोहली का ये आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा माना जा रहा है, ऐसे में ये एडिलेड ओवल पर उनका शायद आखिरी मैच था. कोहली का इस ग्राउंड पर रिकॉर्ड शानदार रहा है. कोहली ने एडिलेड ओवल में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 60.93 के एवरेज से 975 रन बनाए हैं. इस दौरान कोहली के बल्ले से 5 शतक निकले. देखा जाए तो कोहली ने इस मैदान पर 5 वनडे इंटरनेशनल मैचों में भाग लिया है, जिसमें उनके नाम पर 48 की औसत से 244 रन दर्ज हैं. कोहली ने इस मैदान पर वनडे इंटरनेशनल में दो शतक जड़े हैं.

पॉवर ऑफ अटॉर्नी के जरिए विराट ने अपने भाई के नाम किया 80 करोड़ का बंगला

गुरुग्राम भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने गुरुग्राम स्थित अपने भव्य बंगले की जिम्मेदारी अपने बड़े भाई विकास कोहली को सौंप दी है। जानकारी के मुताबिक, कोहली ने अपने भाई विकास को जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (GPA) प्रदान की है, जिसके तहत वे इस संपत्ति से जुड़े सभी कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय निर्णय ले सकेंगे। यह आलीशान बंगला गुरुग्राम के पॉश इलाके DLF सिटी फेज-1 में स्थित है और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 करोड़ रुपये बताई जा रही है। लंदन में रह रहे हैं विराट, संपत्ति प्रबंधन के लिए उठाया कदम सूत्रों की मानें तो विराट कोहली इस समय अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और दो बच्चों के साथ लंदन में रह रहे हैं। भारत में मौजूद संपत्तियों की देखरेख और उससे जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं को आसानी से संचालित करने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया है। पावर ऑफ अटॉर्नी के तहत उनके भाई विकास कोहली अब इस संपत्ति के रखरखाव, उपयोग, और आवश्यकता पड़ने पर लेन-देन जैसे अधिकार भी संभाल सकेंगे। व्यावहारिकता के आधार पर लिया गया फैसला कोहली परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह व्यावहारिक सोच के तहत उठाया गया है ताकि विराट को विदेश में रहते हुए भारत में अपनी संपत्तियों से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पावर ऑफ अटॉर्नी मिलने के बाद अब विकास कोहली स्थानीय स्तर पर किसी भी आवश्यक प्रक्रिया को निर्बाध रूप से पूरा कर सकेंगे। प्रॉपर्टी से जुड़ी जिम्मेदारियों में होगा सहूलियत पावर ऑफ अटॉर्नी के तहत विकास कोहली को अब बंगले की मरम्मत, किराये पर देना, किसी प्रकार का कर भुगतान या भविष्य में संभावित खरीद-फरोख्त जैसे मामलों में पूर्ण अधिकृत अधिकार प्राप्त हैं।

कोहली का फैन के लिए खास अंदाज: एयरपोर्ट पर किया ये यादगार काम

नई दिल्ली भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की तगड़ी फैन फॉलोइंग है। उनकी एक झलक पाने को फैंस बेकरार रहते हैं। अगर किसी फैन को ऑटोग्राफ मिला जाए तो सोने पर सुहागा। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होने से पहले एक फैन का दिन बना दिया। उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर फैन का दिल जीता, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। शुभमन गिल की अगुवाई वाली वनडे टीम का पहला बैच बुधवार को दिल्ली से पर्थ के लिए रवाना हुआ। भारत को 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे मैच खेलने हैं। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ के मैदान पर आयोजित होगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि 36 वर्षीय कोहली जब बस में बैठे थे तो उन्हें भीड़ के बीच एक छोटा सा आरसीबी फैन नजर आया। उन्होंने फौरन बाहर खड़े सिक्योरिटी का हिस्सा शख्स को रोका और उस बच्चे के हाथ से 'कोहली' का पोस्टर लाने को कहा। फिर कोहली ने पोस्टर पर अपना ऑटोग्राफ दिया और उसे आरसीबी की जर्सी पहने हुए फैन को लौट दिया। इसके बाद, फैन ने बस के सामने आकर एक तस्वीर खिंचवाई। उस वक्त फैन की खुशी देखने लायक थी। वीडियो पर जमकर रिएक्सन आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, ''कोहली के नाम इतने सारे रिकॉर्ड हैं, शोहरत और बुलंदी पर सालों से होने के बावजूद भी वह उन लोगों को कभी नहीं भूलते, जिन्होंने उन्हें बनाया। छोटी-छोटी बातें हैं लेकिन बड़ा दिल दिखाया। यही चीज दिग्गजों को स्टार्स से अलग करती है।'' अन्य ने कहा, ''किंग कोहली यूं नहीं कहा जाता। यह बहुत ही प्यारा जेस्चर है। इससे पता चलता है कि वह अपने फैंस का कितना सम्मान करते हैं।'' कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हैं। कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा और अपने दो बच्चों के साथ इंग्लैंड में बस गए हैं। कोहली चार महीने बाद मंगलवार को भारत लौटे। वह आईपीएल 2025 खत्म होने के बाद इंग्लैंड चले गए थे, जहां उन्होंने कुछ हफ्तों के आराम के बाद फिर से ट्रैनिंग शुरू की। उन्होंने बीसीसीआई द्वारा अनिवार्य प्री-सीजन फिटनेस टेस्ट भी दिया। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके कोहली सात महीने बाद भारतीय टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वह पिछली बार मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेले थे।

कई साल पहले…: अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में कोहली के विजन का किया समर्थन

नई दिल्ली रविचंद्रन अश्विन ने देश में अच्छी पिचों वाले स्थायी टेस्ट केंद्र बनाने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में होने वाला टेस्ट मैच परिस्थितियों से अनभिज्ञ होने के कारण दोनों टीमों के लिए विदेश में होने वाला मैच जैसा हो सकता है। गुवाहाटी का बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम भारत का सबसे नया टेस्ट वेन्यू बन जाएगा, जब यह 22 से 26 नवंबर तक विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की गत विजेता साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे और अंतिम मैच की मेजबानी करेगा। अश्विन ने कहा कि वह इस मैदान पर खेलने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उन्होंने स्थायी टेस्ट केंद्र बनाने के विचार का समर्थन किया। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों में से किसी ने भी इस मैदान पर लाल गेंद का मैच नहीं खेला होगा। अश्विन ने अपने हिंदी यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘साउथ अफ्रीका चैंपियन के रूप में भारत आ रहा है लेकिन मुझे नहीं लगता कि उसका स्पिन विभाग बहुत मजबूत है और उसके पास ऐसे बल्लेबाज भी नहीं है जो स्पिनर को अच्छी तरह से खेल सकें। लेकिन हमें टेस्ट केंद्रों के बारे में बात करनी होगी। हम साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स और गुवाहाटी में खेल रहे हैं।’’ इस ऑफ स्पिनर ने कहा, ‘‘विराट कोहली ने कई साल पहले कहा था कि हमारे पास मानक टेस्ट केंद्र होने चाहिए। मेरा व्यक्तिगत तौर पर मानना ​​है कि अब समय आ गया है कि हम इस पर गंभीरता से विचार करें। हमें स्थायी टेस्ट केंद्र और अच्छी पिचें तैयार करने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब हम गुवाहाटी में टेस्ट मैच खेलते हैं तो यह साउथ अफ्रीका और भारत दोनों के लिए विदेशी धरती पर होने वाले मैच की तरह हो सकता है। मुझे नहीं लगता कि भारतीय टीम में से किसी ने गुवाहाटी में फर्स्ट क्लास मैच खेला है।’’ अश्विन ने कहा कि परिस्थितियों की जानकारी और वर्ष के किसी निश्चित समय में पिच का व्यवहार कैसा होगा, यह जानना किसी भी घरेलू टीम के लिए जरूरी होता है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी स्टेडियम में टेस्ट मैच का आयोजन करना केवल भीड़ जुटाना नहीं होता है। यह परिस्थितियों से परिचित होने से जुड़ा है। भारत के हर कोने में पिच अलग तरह की होती है। देश के पूर्वी हिस्सों की पिचों में सचमुच कोई उछाल नहीं होता। वहां विकेट खराब नहीं होता है।’’