samacharsecretary.com

अयोध्या राम मंदिर: L&T और टाटा कंसल्टेंसी का कार्यकाल बढ़ा, 200 करोड़ से बनेंगी गैलरियां

अयोध्या यूपी के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि में बन रहे भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य की धीमी गति को देखते हुए एल एंड टी और टाटा कंसल्टेंसी का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। अब ये दोनों कंपनियां मार्च 2026 तक काम करेंगी। जबकि, पहले इनका कार्यकाल सितंबर 2025 तक तय था। राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर के शिखर पर पताका फहराने की तिथि 25 नवंबर प्रस्तावित है। आज होने वाली भवन निर्माण समिति व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में इस पर औपचारिक मुहर लगाई जाएगी। अब तक मंदिर निर्माण पर करीब 1400 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। इनमें से 1100 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में बनने वाले म्यूजियम की 20 गैलरियों पर लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन गैलरियों में रामायण काल से लेकर राम मंदिर आंदोलन तक की झलकियां दिखाने की योजना है। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जा चुके हैं। अब इन्हें स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। सुरक्षा इंतजाम इतने पुख्ता होंगे कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को पूरी तरह सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।  

जीएसटी में बदलाव से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति, कारोबारियों और आमजन को मिलेगा लाभ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर,  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में राज्य के विभिन्न व्यावसायिक संघों के प्रतिनिधियों ने भेंट कर जीएसटी में किए गए सुधारों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जीएसटी ने न केवल व्यापार जगत को सशक्त किया है, बल्कि पारदर्शिता और कर संग्रहण में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था भारत को वैश्विक व्यापार में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की कर व्यवस्था में अब तक का सबसे बड़ा सुधार माने जाने वाला वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) राज्य और देश के व्यापार जगत को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। जीएसटी में किए गए हालिया सुधारों से राज्य के उद्योगों और व्यापारियों के साथ-साथ आमजन को भी महत्वपूर्ण राहत मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। यह सुधार भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित राज्य के विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

महागठबंधन में टकराव: भाकपा ने बढ़ाई सीटों की मांग, बिहार चुनाव में सीट बंटवारे पर संकट

पटना भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा (D Raja) ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में पहले से ज़्यादा सीटों की मांग करेगी। राजा ने पार्टी के पांच दिवसीय राज्य सम्मेलन के पहले दिन पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान 2020 के मुकाबले ज़्यादा सीटों की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सभी दल ज़्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं और जनाधार के अनुसार उन्हें भी बढ़ी हुई सीटें मांगने का अधिकार है। भाकपा नेता ने कहा, 'सीट बंटवारे में उनकी पार्टी को आवंटित सीटों की संख्या उचित होनी चाहिए।' डी राजा ने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी का जनाधार मज़बूत है और सदस्यों की संख्या के लिहाज़ से पार्टी बिहार में चौथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजनैतिक इतिहास पर नजर डालें तो बिहार की पटना लोकसभा सीट से भाकपा के सांसद निर्वाचित होते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि महागठबंधन के सभी घटक दल सीट बंटवारे के मुद्दे को आपस में सुलझा लेंगे और आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में गठबंधन के सभी दलों का प्रदर्शन अच्छा रहेगा।

पूर्णिया एयरपोर्ट तैयार, पटना, गया, दरभंगा के बाद अब यह होगा बिहार का नया हवाई गेटवे, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

पूर्णिया पूर्णिया के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के चौथे एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं। यह एयरपोर्ट दशकों से इस क्षेत्र की जनता की मांग रहा है और अब यह साकार होने जा रहा है। उद्घाटन से पहले, राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण करने और अधिकारियों के साथ बैठक करने पूर्णिया पहुंचेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई गई है और मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। पूर्णिया एयरपोर्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसका रनवे है, जिसकी लंबाई 9,000 मीटर होगी। यह इसे बिहार का सबसे लंबा रनवे बनाता है। यह एयरपोर्ट एक पूर्व सैन्य हवाई अड्डे पर बनाया गया है और प्रारंभिक चरण में पोर्टा केबिन के आधार पर संचालित होगा। भविष्य में इसे लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह विकसित किया जाएगा। इस एयरपोर्ट की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 10 साल पहले, 2 नवंबर 2015 को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में एक चुनावी सभा के दौरान की थी। 15 सितंबर के उद्घाटन की तैयारियों के तहत एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और इसे 5 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं के लिए इंडिगो एयरलाइंस के बाद स्टार एयर ने अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान की घोषणा की है। उद्घाटन के दिन, 15 सितंबर को, स्टार एयर की पहली उड़ान अहमदाबाद के लिए भरेगी। क्षेत्र के विकास का इंजन बनेगा एयरपोर्ट इस एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल सीमांचल के लोगों को, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। नेपाल और पश्चिम बंगाल के लोग भी इसका फायदा उठा सकेंगे। पूर्णिया मेडिकल, ऑटोमोबाइल और शिक्षा का एक हब माना जाता है। एयरपोर्ट से इन क्षेत्रों में तेजी से विकास की संभावना है। उड़ान सेवाओं से व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे इलाके का समग्र विकास होगा। राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहा है, इसलिए इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से भी देखा जा रहा है। सीमांचल क्षेत्र में 24 विधानसभा सीटें हैं। 2020 के चुनाव में, एनडीए को 9, महागठबंधन को 10 और एआईएमआईएम को 5 सीटें मिली थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट जनहित से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा है, जिसका लाभ आगामी चुनाव में एनडीए को मिल सकता है।  

अभिनेत्री भूमिका चावला ने साड़ी में शेयर की खूबसूरत तस्वीरें, जताया आभार

मंगलवार,  बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री भूमिका चावला ने ‘तेरे नाम’, ‘बद्री’, और ‘कुशी’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा है। अभिनेत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में उनकी सादगी और खूबसूरती प्रशंसकों का दिल जीत रही है। भूमिका ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे काले और प्रिंटेड डिजाइन वाली साड़ी में नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज पहना, जिसके साथ बड़े-बड़े झुमके, नोज पिन और हल्का मेकअप उनके लुक को निखार रहा है। खुले बालों में उनकी मुस्कान ने तस्वीरों को और आकर्षक बना दिया। इस तस्वीर के साथ भूमिका ने कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपने जीवन और करियर के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “रब का शुक्रिया। व्यस्त दिनों में से थोड़ा समय निकालकर भगवान का आभार व्यक्त करें। मैं हर चीज के लिए आभार में जी रही हूं। इस दिन के लिए, सूरज की रोशनी के लिए, चिड़ियों की चहचहाहट के लिए, इस देश में सुरक्षित होने के लिए, सुबह की ठंडी हवा के लिए।” उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री, खासकर तेलुगु और तमिल सिनेमा, के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए लिखा, “मैं फिल्म इंडस्ट्री और भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे अपना हिस्सा बनाया। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री को धन्यवाद, जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया, तमिल फिल्म इंडस्ट्री को और उन सभी लोगों को जिनके साथ मैंने काम किया। दर्शकों और प्रशंसकों का भी आभार, जिन्होंने मेरे किरदारों को इतना प्यार दिया।” भूमिका ने अपने कैप्शन में हैदराबाद और चेन्नई में मिले अपनेपन का भी जिक्र किया और सभी से हर दिन आभार व्यक्त करने की अपील की। उन्होंने लिखा, “बिना दिल से निकले ‘शुक्रिया’ के ये जिंदगी क्या है? आइए, हर दिन आभार व्यक्त करने के लिए कुछ न कुछ ढूंढें। आभार के जादू को देखें।” प्रशंसक उनकी सादगी और सकारात्मक सोच की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स इमोजी के जरिए अपनी भावनाओं का इजहार करते भी दिखे।  

इंदौर में चूहों द्वारा नवजात काटने की घटना, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्वास्थ्य संस्थानों में प्रभावी उपायों के दिए निर्देश भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में इंदौर में घटित चूहे काटने की घटना पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरी कार्यवाही निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं तथ्यों के आधार पर की जाए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएँ स्वास्थ्य सेवाओं की छवि को धूमिल करती हैं, दोषी व्यक्तियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिये कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी रोकथाम उपाय तुरंत लागू किए जाएँ। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक यादव, प्रो. एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश लाहोटी, प्रो. डॉ. मनोज जोशी एवं सहायक प्रभारी नर्सिंग अधिकारी श्रीमती कलावती भलावी को उक्त घटना के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सहायक अधीक्षक एवं भवन प्रभारी डॉ. मुकेश जायसवाल, प्रभारी नर्सिंग अधिकारी सुप्रवीणा सिंह, नर्सिंग अधिकारी सुआकांक्षा बेंजामिन एवं सुश्वेता चौहान को निलंबित किया गया है। नर्सिंग अधीक्षक श्रीमती मार्गरेट जोसफ को पद से हटाया गया है तथा नर्सिंग अधिकारी श्रीमती प्रेमलता राठौर का स्थानांतरण मानसिक चिकित्सालय में किया गया है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि अस्पताल परिसरों की स्वच्छता, सुरक्षा और मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त तरुण राठी, तथा एम.डी. एम.पी. पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड मयंक अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  

PM ओली के बाद राष्ट्रपति ने भी दिया इस्तीफा, काठमांडू में प्रदर्शनकारियों की जीत परेड

काठमांडू  नेपाल में बीते 30 घंटे के समय में सब कुछ बदल चुका है. युवाओं के प्रदर्शन के सामने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक ने घुटने टेक दिए और इस्तीफा देने को मजबूर हुए. सोशल मीडिया बैन के ख़िलाफ़ युवाओं के आक्रोश से ज्यादातर शहरों में हिंसा हुई. प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति से लेकर गृहमंत्री के घर तक जला दिए. नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगा दी। इसके अलावा, पीएम ओली, राष्ट्रपति, गृहमंत्री के निजी आवास पर तोड़फोड़ के बाद आगजनी की।प्रदर्शनकारियों ने पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा को घर में घुसकर पीटा। वहीं, वित्त मंत्री विष्णु पोडौल को काठमांडू में उनके घर के नजदीक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक प्रदर्शनकारी उनके सीने पर लात मारता दिख रहा है। इन हिंसक घटनाओं के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है। उन्हें सेना हेलिकॉप्टर से अ‍ज्ञात स्थान पर ले गई है। इस हिंसा में अब तक 22 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हैं।प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड, शेर बहादुर देउबा और संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के निजी आवासों को भी आग के हवाले कर दिया। इस्तीफे के बाद भी क्यों शांत नहीं हो रहा है नेपाल? नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा तक राष्ट्रपति की ओर से स्वीकार कर लिया गया है. हालांकि, राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस्तीफे के बाद भी प्रदर्शनकारी शांत क्यों नहीं हो रहे हैं.  दिल्ली में नेपाल दूतावास की बढ़ाई गई सुरक्षा नेपाल में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. प्रदर्शनकारियों और विपक्षी दलों की ओर से बालेन शाह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग तेज होते जा रही है. इस बीच भारत में नेपाल दूतावास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली में नेपाल का दूतावास बाराखंभा रोड पर स्थित है.  चार साल में भारत के 4 पड़ोसी देशों में 'तख्तापलट' बीते चार सालों में भारत के कई पड़ोसी मुल्कों में तख्तापलट हुआ है. इनमें अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के बाद अब नेपाल भी शामिल हो गया है. पड़ोसी मुल्कों की तख्तापलट की कहानी आप यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं – भारत के चार पड़ोसी देशों में जन आक्रोश के आगे झुकी सरकार  बीरगंज में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाया गया बिहार में पूर्वी चंपारण के रक्सौल शहर से सटे नेपाल के बीरगंज में आज सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. स्थिति तनावपूर्ण बना हुआ है. प्रशासन ने हिंसक प्रदर्शन पर लगाम लगाने के लिए पूरे शहर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया. काठमांडू ने प्रदर्शनकारियों ने निकाला जुलूस मार्च नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में अभी भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.  राजधानी काठमांडू की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा है. पुतलीसडक में जुलूस मार्च निकाला गया. प्रदर्शनकारी पुलिस के दंगा निरोधक उपकरण के साथ मार्च करते नज़र आए. युवाओं के आंदोलन की 7 प्रमुख वजहें 1. नेपोटिज्म: जेन-जी को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी ने निराश किया। भाई-भतीजावाद (नेपोटिज्म) और चहेतों को कुर्सी पर बैठाने से नेताओं के बच्चों की विदेशी यात्राएं, ब्रांडेड सामान, शानो शौकत की पार्टियां सोशल मीडिया पर चर्चित होने लगीं। 2. सोशल मीडिया बैन: लोगों को लगा कि उनकी आवाज दबा दी गई है। कई युवा इसके जरिए कमाई भी कर रहे थे। इससे गुस्सा भड़का। 3. तीन बड़े घोटाले: 4 साल में 3 बड़े घोटाले सामने आए। 2021 में 54,600 करोड़ रुपए का गिरी बंधु भूमि स्वैप घोटाला, 2023 में 13,600 करोड़ रुपए का ओरिएंटल कोऑपरेटिव घोटाला और 2024 में 69,600 करोड़ रुपए का कोऑपरेटिव घोटाला। इससे युवाओं में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा था। 4. सियासी अस्थिरता: 5 साल में 3 सरकारें आईं। जुलाई 2021 में शेर बहादुर देउबा पीएम। दिसंबर 2022 में प्रचंड पीएम बने। जुलाई 2024 से ओली आए। 5. बेरोजगारी-आर्थिक असमानता: बेरोजगारी दर 2019 में 10.39% थी, अभी 10.71% है। महंगाई दर 2019 में 4.6% थी। अब 5.2% है। आर्थिक असमानता हावी। 20% लोगों के पास 56% संपत्ति। 6. विदेशी दबाव: ओली सत्ता में आए तो चीन की ओर झुकाव बढ़ा। पहले सरकारों ने कई फैसले अमेरिकी प्रभाव में लिए। सोशल मीडिया बैन के बीच सिर्फ चीनी ऐप टिक-टॉक चलता रहा। युवाओं को लगता है कि बड़े देशों के दबाव में नेपाल मोहरे जैसा इस्तेमाल हो रहा है। 7. भारत से बढ़ती दूरी: ओली पीएम बने तो लिपुलेख दर्रे को नेपाल के नक्शे में दिखाया। चीन से नजदीकी बढ़ाई। दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण हुए तो नेपाल पर आर्थिक दबाव पड़ा। इससे भी युवाओं में बेचैनी।

परंपरागत ऊर्जा के घटते भंडार का सबसे बेहतर विकल्प: इलेक्ट्रिक व्हीकल

परंपरागत ऊर्जा के घटते भंडार का सबसे बेहतर विकल्प इलेक्ट्रिक व्हीकल एसीएस मनु श्रीवास्तव मेनिट के कार्यक्रम में हुए शामिल भोपाल विश्व इलेक्ट्रिक व्हीकल दिवस दुनिया में जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और परंपरागत ऊर्जा के घटते भंडार के बेहतर उपायों में से इलेक्ट्रिक व्हीकल एक है। केन्द्र और राज्यों की सरकारें जनता में इलेक्ट्रिक व्हीकल को लोकप्रिय बनाने के लिये कई तरह की सब्सिडी दे रही है। अनेक मोटर कंपनियां इलेक्ट्रिक व्हीकल में सुधार के लिये निरंतर रिसर्च कर रही हैं। हम सबके सामूहिक प्रयासों से इलेक्ट्रिक व्हीकल को आम जनता का विश्वस्नीय विकल्प बनाया जा सकता है। यह विचार अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव ने मंगलवार को मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान – मेनिट में ईव्ही वर्कशॉप विद्युत-25 में व्यक्त किये। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कोयला ऊर्जा 6 रूपये प्रति यूनिट और सोलर पॉवर 2 रूपये 15 पैसे प्रति यूनिट आये हैं। यह इस बात को साबित करता है कि हम सबको नवकरणीय ऊर्जा की तरफ तेजी से बढ़ने की आवश्यकता है। सोलर पॉवर की एक विशेषता यह भी है कि इसको स्टोर कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सकता है। कार्यक्रम में अपर आयुक्त पारिक्षित झाड़े ने मध्यप्रदेश की नवीन ईव्ही पॉलिसी के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पॉलिसी को आगामी 5 वर्षों के लिये जारी किया गया है। पॉलिसी में उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिये अनेक प्रकार से सब्सिडी दी गई है। समूह चर्चा इेलेक्ट्रिक व्हीकल को जनसामान्य में लोकप्रिय बनाने के लिये विशेषज्ञों ने समूह चर्चा भी की। चर्चा में बताया गया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल की कीमत में कमी लाने पर अभी और रिसर्च की जरूरत है। इसी के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल को एक चार्जिंग में अधिकतम दूरी तय करने की क्षमता विकसित करने पर भी तेजी से कार्य किये जाने की जरूरत है। समूह चर्चा में यह भी बताया गया कि कार्मशियल व्हीकल को इलेक्ट्रिक व्हीकल के रूप में अधिक से अधिक उपयोग किये जाने पर हम ऊर्जा में काफी बचत कर सकते हैं। चर्चा में सर्वरणधीर सिंह, ऋषि टंडन, चंद्रशेखर भिड़े ने प्रमुख रूप से विचार व्यक्त किये। मेनिट के डायरेक्टर शैलेन्द्र जैन ने विश्व इलेक्ट्रिक व्हीकल दिवस के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के संयोजक छात्र अक्षत अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज में इलेक्ट्रिक व्हीकल को लेकर विद्यार्थियों के बीच अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस मौके पर इलेक्ट्रिक ऑटो एक्सपो में नवीनतम फोर व्हीलर, टू व्हीलर और कर्मशियल इलेक्ट्रिक व्हीकल का भी प्रदर्शन किया गया।  

जेनिफर लोपेज और एक्स हसबैंड के बेटे का खास रिश्ता, बेन एफ्लेक से तलाक के बाद भी बनी बॉन्डिंग

लॉस एंजिल्स जेनिफर लोपेज और बेन एफ्लेक को दो साल की शादी के बाद अलग हुए एक साल से ज्यादा समय हो गया है। अपने रिश्ते के खत्म होने के बावजूद सिंगर की अपने एक्स हसबैंड के बच्चों के साथ अच्छी बॉन्डिंग है। जेनिफर को 17 साल की बेटी एम्मे और बेन के 13 साल के बेटे सैमुअल के साथ बेवर्ली हिल्स में शॉपिंग इंजॉय करते हुए देखा गया। सैमुअल का पालन-पोषण उनके पिता बेन और उनकी एक्स वाइफ जेनिफर गार्नर मिलकर करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं फोटोज में 56 साल की एक्ट्रेस जेनिफर लोपेज अपने दोनों बच्चों के साथ जूते देखती हुई नजर आईं। फिर वो दूसरे स्टोर में चली गईं।   पहली बार टूट गया था रिश्ता जेनिफर और बेन साल पहली बार 2000 के दशक में डेट करना शुरू किया था। फिर 2002 में उन्होंने रिंग एक्सचेंज की और 2003 में शादी करने वाले थे। पर इससे पहले बात शादी तक जाती, 2004 में दोनों ने रिश्ता तोड़ दिया। दूसरी बार दिया मौका, पर नहीं चली शादी करीब दो दशक के बाद दोनों ने फिर डेटिंग शुरू की। अप्रैल 2022 में इंगेजमेंट का ऐलान किया और दो महीने बाद दोनों ने लास वेगस में शादी कर ली। पर इनसी शादी ने काम नहीं किया और पिछले साल रिश्ता खत्म हो गया। जेनिफर ने 2024 में तलाक की अर्जी दी जो इस साल फरवरी में फाइनल हो गई। बेन पर कसा था तंज? बीते दिनों जेनिफर ने इटली में 'लुक्का समर फेस्टिवल' में परफॉर्म किया था और बेडरूम सीक्रेट्स बताए थे। उनकी पर्सनल बातें सुनकर दर्शक चौंक गए थे। उन्होंने अपने मूड का जिक्र किया था।

स्टॉकयार्ड में पानी भरने से 300 नई मारुति कारें डूबीं, झज्जर में हड़कंप

झज्जर   हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां आई बाढ़ में करीब 300 नई मारुति सुजुकी कारें एक साथ डूब गईं। आमतौर पर बाढ़ में गाड़ियां डूबने की खबरें आती रहती हैं, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर नई कारों का डूबना काफी असामान्य है।  वायरल हुआ वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि मारुति सुजुकी के स्टॉकयार्ड में खड़ी सैकड़ों नई गाड़ियां पानी में डूबी हुई हैं। इन कारों में अल्टो K10, वैगनआर, ब्रेजा और इनविक्टो जैसे मॉडल शामिल हैं। वीडियो में यह भी नजर आता है कि कई कारों के एयरबैग खुल चुके हैं और कई गाड़ियों के ड्राइवर साइड के शीशे भी निकाले गए हैं।   सात दिनों से पानी में डूबी गाड़ियां रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कारें करीब सात दिनों से पानी में फंसी हुई हैं, जिससे उन्हें बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया है। कई गाड़ियों में पानी इतना ऊपर तक भर गया है कि उनके इंजन तक डूब चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन कारों को दोबारा चलने लायक बनाना बेहद कठिन होगा। फैक्ट्रियों और इलाकों पर भी असर स्थानीय फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया कि ये गाड़ियां बहादुरगढ़ के मारुति सुजुकी शो-रूम मालिकों की थीं। रात में जब अचानक पानी आया, तो वॉचमैन को इसकी जानकारी दी गई। लेकिन तब तक गाड़ियां डूब चुकी थीं और कई कारों के अलार्म बजने लगे थे। फिलहाल इलाके में बाढ़ का हाल और बिगड़ रहा है। पानी बढ़ने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में भी असर दिख रहा है। दिल्ली से लगे आधुनिक इंडस्ट्रियल एरिया की कई फैक्ट्रियों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है और वहां कामकाज बंद करना पड़ा है।