samacharsecretary.com

दशहरा-दीवाली पर योगी सरकार का गिफ्ट, UPSRTC की AC बसों में 10% तक किराया कम

दशहरा-दीपावली पर योगी सरकार का तोहफा, यूपीएसआरटीसी की एसी बसों में 10% तक कम होगा किराया एसी बसों में सफर होगा सस्ता, जनरथ, पिंक, शताब्दी और वोल्वो बसों पर छूट लागू अधिक यात्रियों को आकर्षित करने के लिए चालक-परिचालकों को काउंसलिंग के जरिए किया जा रहा प्रेरित यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने का योगी सरकार का संकल्प लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को दशहरा और दीपावली पर तोहफ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) द्वारा संचालित सभी वातानुकूलित बसों के किराए में की गई लगभग 10% की कमी को अग्रिम आदेशों तक जारी रखा जाएगा। यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने का संकल्प परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि योगी सरकार जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस निर्णय से यात्रियों को कम किराए में आरामदायक सफ़र की सुविधा मिलेगी। यह छूट जनरथ, पिंक, शताब्दी, वोल्वो, वातानुकूलित शयनयान जैसी सेवाओं पर लागू होगी। हालांकि, 01 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत नई वातानुकूलित बसों पर यह छूट लागू नहीं होगी। किराया संरचना (वातानुकूलित बस सेवाएं) ▪️3*2 बस सेवा – ₹1.45 प्रति किलोमीटर ▪️2*2 बस सेवा – ₹1.60 प्रति किलोमीटर ▪️हाई एंड (वोल्वो) बसें – ₹2.30 प्रति किलोमीटर ▪️वातानुकूलित शयनयान – ₹2.10 प्रति किलोमीटर निगम की आय और सेवाओं पर ध्यान परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि निगम की सकल आय पर असर न पड़े इसके लिए बसों पर तैनात चालक-परिचालकों को प्रेरित कर अधिक यात्रियों को आकर्षित करने हेतु विशेष काउंसिलिंग की जाएगी।  

Diwali 2025: सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता, 55% से 58% तक का झटका

नई दिल्ली   केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि दिवाली से पहले केंद्र सरकार बढ़े हुए DA का ऐलान कर सकती है। आज पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगने की संभावना है। अगर यह फैसला लिया जाता है, तो यह 1 जुलाई से लागू होगा, जिससे कर्मचारियों की सैलरी में बंपर इजाफा होगा और उनकी दिवाली की खुशियां डबल हो जाएंगी। कितना बढ़ सकता है DA? यह साल 2025 के लिए दूसरा महंगाई भत्ता संशोधन होगा। केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी की उम्मीद है। साथ ही ऐसा भी कहा जा रहा है कि अगर सरकार उम्मीद के मुताबिक फैसला लेती है, तो मौजूदा 55% का महंगाई भत्ता बढ़कर 58% हो जाएगा। यदि ये फैसला लागू होता है तो इससे 50 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और लगभग 65 लाख पेंशनभोगियों को सीधा लाभ होगा। उन्हें बढ़े हुए भत्ते के साथ 3 महीने का एरियर भी मिलेगा। सैलरी पर कितना पड़ेगा असर? अगर किसी एंट्री लेवल कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है, तो बढ़ोतरी के बाद उसकी सैलरी पर क्या असर पड़ेगा, आइए समझते हैं- इस बढ़ोतरी के बाद एंट्री लेवल की बेसिक सैलरी पर हर महीने ₹540 का सीधा इजाफा होगा, साथ ही एरियर भी मिलेगा। कैबिनेट में अन्य बड़े फैसले भी संभव केंद्रीय कर्मचारियों के DA Hike के अलावा पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हो सकती हैं:     एमएसपी (MSP) में वृद्धि: रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी पर फैसला लिया जा सकता है।     इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स: असम में चार लेन की राजमार्ग परियोजना को मंजूरी मिल सकती है, जिसमें ₹7,000 करोड़ की लागत वाला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हाईवे शामिल है।     दलहन उत्पादन: दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए अगले छह सालों के लिए ₹11,000 करोड़ की नई स्कीम को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।  

प्रसाद लेने का दबाव, इंकार पर श्रद्धालुओं से मारपीट; देवास टेकरी में हंगामा, प्रशासन सख्त

देवास  मध्य प्रदेश के देवास जिले की टेकरी पर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां चामुंडा के दर्शन को पहुंचे उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के साथ अवैध पार्किंग और प्रसादी को लेकर दुकानदारों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार की यह घटना स्टेशन रोड क्षेत्र में स्थित अवैध पार्किंग और प्रसादी की दुकानों पर हुई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी पुरुषों के साथ-साथ उनके साथ आई महिलाओं पर भी हाथ उठाते हुए नजर आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के साथ हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने टेकरी क्षेत्र से गुंडा प्रवृत्ति के लोगों को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग कर दी। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और 5 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए उनमें से 3 को गिरफ्तार भी कर लिया। उधर नगर निगम ने भी सख्ती दिखाते हुए मारपीट में शामिल दुकानदारों की दुकानों को हटा दिया। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। मामले को लेकर पीड़ित श्रद्धालुओं ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के रहने वाले हैं और दो अलग-अलग वाहनों से महिलाओं और बच्चों सहित कुल 14 सदस्य आए थे। उन्होंने कहा, 'स्टेशन रोड पर अचानक एक युवक उनकी कार के सामने आ गया, इस दौरान उसे मामूली खरोंच आई, लेकिन इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जब हमने उन लोगों को समझाने की कोशिश की तो भीड़ ने हम पर हमला कर दिया। इस दौरान मेरी मां सड़क पर पीठ के बल गिर गईं। आगे उन्होंने कहा, मौके पर पहुंची पुलिस ने हमें बचाया। इसके बाद हम सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत की।' प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आस्था स्थल पर किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद श्रद्धालुओं और आम जनता ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि आगे से ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। श्रद्धालुओं ने शिकायत में यह बताया एक श्रद्धालु ने शिकायत में कहा कि उनसे पार्किंग के नाम पर 100 रुपए और प्रसादी के लिए अलग से पैसे मांगे गए। उन्होंने ऐसे व्यवहार को देवास की छवि के लिए शर्मनाक बताया। एक अन्य श्रद्धालु बृजेश दुबे ने बताया कि टेकरी गेट पर एक महिला ने उन्हें वाहन पार्क करने के लिए कहा। उन्होंने वहां पार्किंग की और पैसे देकर प्रसादी ली। दर्शन करने के बाद लौटते समय स्थानीय लोगों ने उनसे बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। टेकरी क्षेत्र में अवैध वसूली हो रही है, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित इंडियन बैंक के सामने अवैध पार्किंग और प्रसादी के नाम पर हुए विवाद में यूपी से आए श्रद्धालुओं से कुछ लोगों ने मारपीट की। जांच में पाया गया कि श्रद्धालुओं की कोई गलती नहीं थी। 2 महिलाओं समेत 5 लोगों पर शांतिभंग की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है। वहीं नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए मारपीट में शामिल दुकानदारों की दुकानें हटवा दी है।

हरिद्वार अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार पर मौत का साया, करनाल में कार-ट्रक भिड़ंत

करनाल हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में हरियाणा में करनाल के रहने वाले 6 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग अस्थियां विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे थे। पानीपत-खटीमा मार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिसमें सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।     मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में 4 व्यक्ति और 2 महिलाएं शामिल हैं। चीख-पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को गाड़ी से निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में भिजवाया है। जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करनाल के फरीदपुर गांव के रहने वाले महेंद्र सिंह की पिछले दिनों कैंसर से मौत हो गई थी। बुधवार सुबह महेंद्र की पत्नी, जीजा, उसकी 2 बहनें और एक बच्चा अर्टिगा कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। कार ड्राइवर चला रहा था। सुबह साढ़े 5 बजे के करीब खटीमा रोड पर उनकी कार सामने आ रहे ट्रक से टकरा गई।  आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। तितावी पुलिस को भी सूचना दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोगों को एक-एक कर बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।     सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद मुजफ्फरनगर तितावी में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री जी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।  

बस्तर पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मां दंतेश्वरी के किए दर्शन

जगदलपुर केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को देखते हुए शासन प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। वहीं, इस कार्यक्रम की रुपरेखा की तैयारी का जायजा लेने के लिए नवरात्रि के 9वें दिन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर पहुंचे। जहां सबसे पहले माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंच बस्तर की सुख शांति की कामना से साथ ही मिशन 2026 के लिए कामना की।   बता दें कि आगामी 4 अक्तूबर को सिरहासार भवन में दशहरा पर्व के प्रमुख रस्म मुरिया दरबार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं इसी कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। अमित शाह के आगमन को देखते हुए पुलिस विभाग के साथ ही शासन प्रशासन के द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को देखते हुए 1 अक्तूबर की सुबह उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर पहुंचे। जहां एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने मां की पूजा अर्चना करने के साथ ही बस्तर की सुख-समृद्धि के लिए कामना भी की। पूजा-अर्चना के बाद विजय शर्मा कार्यक्रम स्थल की तैयारी को देखने के साथ ही स्थल का निरीक्षण करने के लिए भी पहुंचे। विजय शर्मा के द्वारा कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के साथ ही एक बैठक की गई। जहां रूट चार्ट से लेकर अन्य विषयों को लेकर चर्चा की गई।

एक बार फिर खुशखबरी! 40 की उम्र में सोनम कपूर दूसरी बार मां बनने वाली हैं

मुंबईआ  बॉलीवुड एक्ट्रेस और अनिल कपूर की लाडली बेटी सोनम कपूर के घर में जल्द ही नन्हे बच्चे की किलकारी गूंजने वाली है. सोनम कपूर प्रेग्नेंट हैं. वो दूसरी बार मां बनने वाली हैं. एक्ट्रेस जल्द ही अपनी सेकंड प्रेग्नेंसी को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर सकती हैं.  दूसरी बार मां बनने वाली हैं सोनम मिली जानकारी के मुताबिक, सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा शादी के 7 साल बाद दूसरी बार पेरेंट क्लब में शामिल होने वाले हैं. सोनम और आनंद अपना सेकंड बेबी एक्सपेक्ट कर रहे हैं. कपूर और आहूजा परिवार में खुशी का माहौल है. दोनों परिवार अब नन्हे मेहमान के बेकरारी से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, सोनम ने अब तक अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई हिंट नहीं दिया है. मगर वो जल्द ही ऑफिशियली पोस्ट शेयर करके गुडन्यूज दे सकती हैं.  शादी के 7 साल बाद आएगा दूसरा मेहमान सोनम और आनंद के रिश्ते की बात करें तो दोनों इंडस्ट्री के पावर कपल कहे जाते हैं. उनका प्यार और केमिस्ट्री बेमिसाल है. कई सालों की डेटिंग के बाद सोनम ने साल 2018 में शादी रचाई थी. सोनम और आनंद की शादी में कई जानी-मानी बॉलीवुड हस्तियां शामिल हुई थीं.  शादी के 4 साल बाद कपल ने साल 2022 में बेटे वायु का वेलकम किया था. मां बनने के बाद सोनम अक्सर अपनी मदरहुड जर्नी फैंस संग शेयर करती हैं. बेटे संग उनके पोस्ट वायरल रहते हैं. अब एक्ट्रेस की जिंदगी में एक बार फिर नन्हे मेहमान की एंट्री होने वाली है. ये खबर सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट भी डबल हो गई है. फैंस अब सोनम के प्रेग्नेंसी पोस्ट का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं.  सोनम के वर्क फ्रंट की बात करें तो उन्होंने साल 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' से ग्रैंड डेब्यू किया था. मगर बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कमाल नहीं कर पाई थी. इसके बाद सोनम ने 'दिल्ली-6', 'आएशा', 'खूबसूरत', 'वीरे दी वेडिंग' समेत कई फिल्मों में काम किया. आखिरी बार वो 'ब्लाइंड' फिल्म में दिखी थीं. 

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले – बिहार की हर सीट पर होगा गौ भक्त उम्मीदवार

छपरा जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती  ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद कर दिया है। गौ मतदाता संकल्प यात्रा के दौरान उन्होंने घोषणा की कि बिहार की सभी विधानसभा क्षेत्रों में गौ भक्तों को चुनाव लड़ाया जाएगा और उनके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार भी किया जाएगा। साथ ही सनातनी हिन्दुओं से अपील की गई कि वे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए मतदान करें। छपरा में गौ सेवकों और गौ रक्षकों को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि “आप जो कर रहे हैं वही धर्म है और वही अधर्म भी हो सकता है। यदि आपका वोट धर्म हो सकता है, तो अधर्म भी हो सकता है। अगर आपने गौ हत्या समर्थकों को वोट दिया तो वह अधर्म होगा।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वोट की ताकत से देश में गौ हत्या पर रोक लग सकती है। अपने संबोधन में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए आठ हजार करोड़ का विमान खरीदा गया है और यह उनकी चाय बेचने की कमाई से नहीं आया, बल्कि जनता के वोट की ताकत से आया है। “हमारी ही मां (गौ माता) के हत्यारों को सत्ता दिलाकर हम खुद शर्मिंदा हैं।” शंकराचार्य ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब गौ माता का संरक्षण होगा। गौ रक्षा सिर्फ आस्था का विषय नहीं है, बल्कि समाज और संस्कृति की आधारशिला है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए “आई लव मोहम्मद” और “आई लव महादेव” जैसी बयानबाजी कराई जा रही है। इससे जागरूक मतदाताओं का ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आने से पहले देशभर में गौ हत्या पर रोक की बातें करते थे, तो लोग उनसे उम्मीद करते थे। लेकिन बीते 12 वर्षों में गौ हत्या पर पाबंदी लगाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शंकराचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर साफ झलक रहा है।

अली नैनी जेल से हटाए गए अतीक अहमद के बेटे, रंगदारी मामले में भेजा गया झांसी

लखनऊ  यूपी में केंद्रीय कारागार नैनी में पिछले 38 महीने से बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को आखिरकार बुधवार को झांसी जेल में ट्रांसफर कर दिया। नैनी जेल से सुबह लगभग आठ बजे हाई सिक्योरिटी के साथ अली को झांसी जेल ले जाने के लिए टीम रवाना हुई। प्रयागराज के प्रॉपर्टी डीलर से पांच करोड़ रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में 30 जुलाई 2022 से अली नैनी जेल के हाई सिक्योरिटी सेल में बंद था। उसका नाम उमेश पाल हत्याकांड में भी आया है। इसी साल 17 जून को डीआईजी जेल के औचक निरीक्षण में अली के बैरक में 1100 रुपये नकदी भी मिली थी। शासन के आदेश पर अली को झांसी जेल भेजा गया है। माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद ने पांच करोड़ की रंगदारी मामले में 30 जुलाई 2022 को कोर्ट में सरेंडर किया था। प्रॉपर्टी डीलर जीशान उर्फ जानू की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के बाद अली ने लंबे समय तक फरार रहने के बाद कोर्ट में सरेंडर किया था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद उसे हाई सिक्योरिटी बैरक से हाई सिक्योरिटी सेल के आठ बाई दस के कमरे में शिफ्ट कर दिया गया था। साथ ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चार सीसीटीवी कैमरे और तीन शिफ्ट में दो-दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि 17 जून को डीआईजी राजेश कुमार श्रीवास्तव की औचक जांच में अली के पास 1100 रुपये नकद मिले थे। इस मामले में डिप्टी जेलर और एक हेड वार्डन को निलंबित किया गया था। तभी से अली को दूसरे जिले के जेल में स्थानांतरण किए जाने की चर्चा शुरू हो गई थी। केंद्रीय कारागार नैनी के वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर अली अहमद को बुधवार की सुबह आठ बजे हाई सिक्योरिटी के साथ झांसी जेल रवाना किया गया है। कुछ महीने पहले प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस ने अतीक की मौत के बाद अली को गैंग का लीडर घोषित किया था। उसके साथ ही गिरोह के कई बदमाशों पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की गई थी। सूत्रों की मानें तो अली के नैनी जेल में बंद होने से अतीक गिरोह का गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं हो सकी थी। आए दिन रंगदारी, मारपीट व जमीनों पर कब्जा करने के मामले सामने आते रहे हैं।

एक तरफ Arattai की धड़ाधड़ डाउनलोडिंग, दूसरी ओर WhatsApp बीटा वर्जन में यूज़र्स परेशान

मुंबई  मैसेजिंग ऐप Arattai आजकल चर्चा में है. इस स्वदेशी ऐप का मुकाबला विदेशी ऐप WhatsApp से है. जहां आजकल Arattai डाउनलोडिंग में नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है. वहीं यूजर्स से WhatsApp का एक वर्जन इंस्टॉल ना करने को कहा है.  दरअसल, WhatsApp के अपकमिंग फीचर को ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetainfo ने पोस्ट करके बताया है कि ये वर्जन इंस्टॉल ना करें, जिसके बाद कई यूजर्स ने रिपोर्ट की है कि उनके मैसेज डिसअपीयर हो रहे हैं. हालांकि ये हो सकता है कि UI Bug हो, जो मैसेज को डिस्प्ले होने से रोक रहा हो.  साथ ही पोस्ट में बताया है कि अगर आप ये वर्जन पहले अपडेट कर चुके हैं और आपके मैसेज नहीं दिखाई दे रहे हैं. इसके लिए जल्द ही एक नया अपडेट जारी किया जाएगा.  WABetaInfo का पोस्ट  देसी मैसेजिंग ऐप Arattai बना नंबर-1 Arattai अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर पोस्ट करके पहले ही बता चुका है कि वह ऐप स्टोर पर सोशल नेटवर्किंग कैटेगरी में पहले नंबर-1 पहुंच गया है. एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर इसे पहले ही काफी पसंद किया जा रहा है. इस ऐप को जोहो कॉर्पोरेशन ने डेवलप किया है.  काफी कुछ WhatsApp जैसा  Arattai मैसेजिंग ऐप में कई फीचर्स हैं, जो पहले आप व्हाट्सऐप में भी कई बार देखे जा चुके हैं. इसमें मैसेजिंग,कॉलिंग और वीडियो कॉलिंग जैसी सुविधा मिलती है. हालांकि कलर थीम आदि आपको Arattai की थोड़ी कमजोर नजर आ सकती हैं. आने वाले दिनों में इसमें कई और अपडेट मिलेंगे. Arattai में मिलता है मीटिंग का ऑप्शन  Arattai मैसेजिंग ऐप के अंदर का एक खास मीटिंग का ऑप्शन मिलता है. इसकी मदद से आप मीटिंग शेड्यूल कर सकते हैं और मौजूदा मीटिंग को जॉइन भी कर सकते हैं. यहां यूजर्स अपनी अपकमिंग मीटिंग को देख भी सकेंगे. 

NCRB रिपोर्ट में दिख रहा योगी सरकार की सख्ती का असर, महिलाओं के खिलाफ अपराध दर राष्ट्रीय औसत से 11% कम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से यूपी में महिला सुरक्षा मजबूत NCRB रिपोर्ट में दिख रहा योगी सरकार की सख्ती का असर, महिलाओं के खिलाफ अपराध दर राष्ट्रीय औसत से 11% कम  सख्त कानून और मिशन शक्ति के दम पर महिलाओं की सुरक्षा हुई बेहतर, देश में अब 17वें स्थान यूपी – योगी सरकार की कड़ी कार्रवाई ने घटाए विभिन्न श्रेणियों में महिलाओं के खिलाफ अपराध लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति और मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन ने यूपी को महिलाओं की सुरक्षा के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर स्थिति में ला खड़ा किया है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की क्राइम इन इंडिया 2023 रिपोर्ट में योगी सरकार की बेहतर कानून व्यवस्था और महिलाओं सुरक्षा को लेकर सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध दर राष्ट्रीय औसत से कम रही। वर्ष 2023 में महिलाओं से जुड़े 66,381 मामले दर्ज हुए, लेकिन प्रति लाख महिला आबादी पर अपराध दर केवल 58.6 रही, जो राष्ट्रीय औसत 66.2 से करीब 11 प्रतिशत कम है। इस आधार पर यूपी महिलाओं के खिलाफ अपराध दर में देशभर में 17वें स्थान पर है। विभिन्न श्रेणियों में महिलाओं के खिलाफ अपराध में यूपी का बेहतरीन प्रदर्शन  वहीं प्रदेश में विभिन्न श्रेणियों में महिलाओं के खिलाफ अपराध में भी उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला सम्मान भंग (शील भंग) से जुड़े मामलों में भी यूपी राष्ट्रीय औसत से बेहतर स्थिति में रहा। देशभर में ऐसे मामलों की संख्या 83,891 रही और अपराध दर 12.4 रही। जबकि उत्तर प्रदेश में केवल 9,453 मामले दर्ज हुए और अपराध दर 8.3 रही। इस श्रेणी में यूपी अन्य राज्यों की तुलना में 19वें स्थान पर है। वहीं दुष्कर्म (IPC 376) के मामलों में भी उत्तर प्रदेश की स्थिति संतोषजनक रही। पूरे देश में ऐसे 29,670 मामले दर्ज हुए और अपराध दर 4.4 रही। वहीं यूपी में 3,516 मामले दर्ज हुए और अपराध दर 3.1 रही। इस आधार पर प्रदेश 22वें स्थान पर है, यानी राष्ट्रीय औसत से नीचे। बच्चों के यौन शोषण से जुड़े POCSO एक्ट के मामलों में भी यूपी की तस्वीर बेहतर दिखी। देशभर में कुल 67,694 मामले दर्ज हुए और अपराध दर 15.2 रही। वहीं उत्तर प्रदेश में 8,706 मामले दर्ज हुए और अपराध दर 10.2 रही। इस श्रेणी में यूपी देश में 24वें स्थान पर है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी कम है। यदि कुल मिलाकर देखा जाए तो महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यूपी का क्राइम रेट 58.6 रहा, जबकि देश का औसत 66.2 था। इस लिहाज से यूपी कई बड़े राज्यों से बेहतर स्थिति में है। मिशन शक्ति, सख्त कानून व्यवस्था और कार्रवाई का दिख रहा असर महिला अपराध दर में आई कमी केवल पुलिस की सक्रियता का परिणाम नहीं है, बल्कि महिलाओं की शिकायत दर्ज कराने की बढ़ती प्रवृत्ति और त्वरित कानूनी कार्रवाई का भी नतीजा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को आत्मविश्वास दिया है कि वे अपने अधिकारों के लिए खुलकर आगे आएं। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से न्याय सुनिश्चित हुआ है।