samacharsecretary.com

तुर्की में भूकंप का कहर: दहशत में लोग घरों से भागे, कई इमारतों में दरारें

इस्तांबुल देर रात तुर्की के पश्चिमी प्रांत बालिकेसिर में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों के मुताबिक इसकी दहशत से ही 19 लोग घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्री केमल मेमिसोग्लू ने एक्स पर कहा कि मुख्य रूप से घबराहट और ऊंची जगहों से कूदने के कारण लोग जख्मी हुए। उन्होंने कहा कि 15 घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि इमरजेंसी कॉल सेंटर्स को कुल 504 रिपोर्ट मिलीं, जिनमें से 25 इमारतों के नुकसान से जुड़ी थीं। उन्होंने कहा, "हर रिपोर्ट का अलग-अलग आकलन किया जा रहा है।" एजेंसी ने येरलिकाया के हवाले से बताया कि तीन इमारतें (प्रयोग में नहीं थीं) और एक दुकान ढह गए, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल क्षेत्रवार निरीक्षण जारी है। अधिकारी लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि वे क्षतिग्रस्त बिल्डिंग में न जाएं। दहशत के कारण कई निवासियों ने रात खुले में बिताई, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने लोगों के इस्तेमाल के लिए स्कूल और मस्जिदें खोल दीं। तुर्की की आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी ने एक्स पर बताया कि भूकंप स्थानीय समय रात 10:48 बजे (1948 जीएमटी) बालिकेसिर प्रांत के सिंदिरगी जिले में आया। इसकी गहराई जमीन से 5.99 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप के झटके इस्तांबुल, बर्सा और इजमिर में भी महसूस किए गए। रनवे निरीक्षण के लिए इस्तांबुल एयरपोर्ट और सबिहा गोकसेन एयरपोर्ट पर उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। एनटीवी ने कुछ फुटेज में दिखाया कि भूकंप के झटके लगते ही लोग सड़कों पर भागने लगे थे। अगस्त में, इसी जिले में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 29 अन्य घायल हो गए थे। अप्रैल में, इस्तांबुल गवर्नर के कार्यालय ने बताया कि 6.2 तीव्रता के भूकंप के दौरान घबराहट और ऊंचाई से कूदने की घटनाओं के कारण 151 लोग घायल हो गए थे। 23 अप्रैल को कई निवासी बिल्डिंग गिरने या बाद में आने वाले भूकंपों से बचने के लिए पार्क, स्कूल के मैदान और अन्य खुली जगहों पर चले गए थे। कुछ लोगों ने पार्कों में टेंट भी लगा लिए थे। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने कहा कि भूकंप लगभग 7 किमी (4.3 मील) की गहराई पर आया था और 13 सेकंड तक रहा। तुर्की में भूकंप अक्सर आते रहते हैं, क्योंकि यह दो प्रमुख फॉल्ट लाइनों पर स्थित है। फरवरी 2023 में, 7.8 तीव्रता के भूकंप और दूसरे शक्तिशाली झटके से दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी तुर्की में 53,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और लाखों बिल्डिंग नष्ट हो गईं या क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पड़ोसी सीरिया के उत्तरी हिस्सों में भी 6,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

एयर इंडिया की बस में अचानक आग, दिल्ली एयरपोर्ट पर बाल-बाल बचे यात्री

नई दिल्ली  दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हो गया है। यहां टर्मिनल 3 पर खड़ी बस में भीषण आग लग गई है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। हादसा मंगलवार दोपहर को उस वक्त हुआ जब बस एक विमान के पास खड़ी थी। बस का संचालन एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया था। यह एक थर्ड पार्टी प्रोवाइडर है जो कई एयरलाइनों की ग्राउंड सर्विस संभालता है। ये आग कैसे लगी और इसमें कोई घायल हुआ है या नहीं, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। दोपहर करीब एक बजे, आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में एयर इंडिया की एक बस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सीआईएसएफ सहित अन्य संबंधित एजेंसियों ने घटना पर तुरंत कार्रवाई की। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, उस समय बस में कोई यात्री या सामान नहीं था। घटना के समय बस में केवल ड्राइवर ही मौजूद था। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए बस की जांच की जाएगी।

चोटिल कार्वाजल बने रियल मैड्रिड के लिए चिंता का कारण, 8 हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे

मैड्रिड रियल मैड्रिड को एफसी बार्सिलोना के खिलाफ जीत की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। मैड्रिड के डिफेंडर दानी कार्वाजल को घुटने में चोट लगी है, जिसके बाद अब वह 2026 की शुरुआत तक मैदान से बाहर रहेंगे। रियल मैड्रिड ने बार्सिलोना पर 2-1 जीत दर्ज की थी, लेकिन इस दौरान टीम का यह डिफेंडर चोटिल हो गया। अब दानी कार्वाजल को ठीक होने में लगभग दो महीने का समय लगेगा। रियल मैड्रिड की आधिकारिक वेबसाइट ने बताया, ‘रियल मैड्रिड की मेडिकल टीम ने दानी कार्वाजल की जांच की, जिसमें उनके दाएं घुटने के जोड़ में एक ‘लूज बॉडी’ पाया गया है। डिफेंडर अब ‘आर्थ्रोस्कोपी सर्जरी’ से गुजरेंगे।” स्पेन के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को मांसपेशियों में चोट के कारण एक महीने तक खेल से बाहर रहना पड़ा था, जिसके बाद बार्सिलोना के खिलाफ दूसरे हाफ में स्थानापन्न के रूप में वापसी की। अगर रिकवरी टाइमलाइन सही रही, तो कार्वाजल 2025 में फिर से नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में दानी लगभग 10 मैच मिस कर सकते हैं, जिनमें से 7 ला लीगा और 3 चैंपियंस लीग के मुकाबले होंगे। 33 वर्षीय खिलाड़ी को घुटने के लिगामेंट में चोट के कारण 2024-25 में लगभग पूरे सीजन बाहर रहना पड़ा था। वह मौजूदा सत्र की शुरुआत में ही मैदान पर लौटे, ताकि टीम में नए शामिल हुए ट्रेंट अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड के साथ राइट-बैक की जगह के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकें। अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड भी हाल ही में मांसपेशियों की चोट से उबरे हैं, जिसके चलते अलोंसो ने उरुग्वे के मिडफील्डर फेडे वाल्वरडे को अपनी टीम के डिफेंस के दाईं ओर तैनात किया है। रियल मैड्रिड की बर्नब्यू में बार्सिलोना पर एल क्लासिको जीत के साथ कार्वाजल ने अपनी 200वीं ला लीगा जीत दर्ज की थी। उन्होंने 293 मैच खेले, जिसमें 10 गोल किए हैं। इस दौरान 4 बार ट्रॉफी जीती। कार्वाजल ने इस प्रतियोगिता में 18 अगस्त 2013 को पदार्पण किया था। ला लीगा में उन्होंने रियल सोसिएदाद के खिलाफ 14 बार जीत दर्ज की है।  

भारत में ChatGPT प्रीमियम सभी के लिए फ्री, OpenAI ने घोषित किया विशेष ऑफर

नई दिल्ली OpenAI ने मंगलवार को ऐलान किया है कि सभी भारतीय यूजर्स को ChatGPT GO मुफ्त में मिलेगा. इसकी मंथली कीमत 399 रुपये है और इसकी शुरुआत 4 नवंबर से होने जा रही है. ये ऐलान कंपनी के हेड और वाइस प्रेसिडेंट निक टर्ली ने की है. चैटजीपीटी के लिए भारत दूसरा सबसे बड़ा मार्केट है.  OpenAI का राइवल परप्लेक्सिटी पहले से भारतीय यूजर्स को मुफ्त में पेड सब्सक्रिप्शन दे रहा है. Perplexity Pro AI के एनुअल प्लान की कीमत 17 हजार रुपये है. Perplexity Pro AI का मुफ्त एक्सेस पाने के लिए यूजर्स को Airtel की सिम चलानी होगी.  अगस्त में लॉन्च हुआ था ChatGPT Go OpenAI ने ChatGPT Go को इस साल अगस्त में लॉन्च किया है. इसकी मदद से कंपनी किफायदी कीमत में कुछ एडवांस्ड फीचर्स का एक्सेस देती है. इसमें ज्यादा सवाल और बेहतर एक्युरेसी वाली इमेज भी तैयार कर सकेंगे.  कंपनी ने बताया कि भारत में ChatGPT के पेड सब्सक्राइबर की संख्या सिर्फ एक महीने में डबल हो गई है. हालांकि कंपनी ने कोई संख्या रिवील नहीं की है. कंपनी ChatGPT Go को करीब 90 देशों में शुरू कर चुकी है.  चैटजीपीटी के हेड और वाइस प्रेसिडेंट निक टर्ली ने भारत में चार दिन तक चलने वाले इवेंट DevDay Exchange के पहले दिन ही बड़ा ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि हम भारत में सभी के लिए 1 साल तक मुफ्त में ChatGPT Go का एक्सेस देंगे.  ChatGPT के प्लान्स और उनके फीचर्स  ChatGPT Go के फीचर्स  ChatGPT Go के तहत यूजर्स को कई फीचर्स का बेहतर एक्सेस मिलेगा. GPT-5 का इस्तेमाल करते हुए यूजर्स ज्यादा सवाल पूछ सकेंगे. साथ ही इमेज जनरेशन टूल्स का भी बेहतर एक्सेस मिलेगा और ज्यादा इमेज तैयार कर सकेंगे. ज्यादा फाइल को अपलोड भी कर सकेंगे. बेहतर तरीके से डेटा एनालाइज करने की भी सुविधा मिलती है.  ChatGPT क्या है?  ChatGPT, असल में AI चैटबॉट है. OpenAI ने अपने इस चैटबॉट को साल 2022 में लॉन्च किया था और अब तक इसको कई अपडेट दिए जा चुके हैं. साथ ही बेहतर एक्युरेसी भी देखने को मिलती है. कंपनी ने प्रोफिट के लिए कुछ पेड सब्सक्रिप्शन को भी लॉन्च किया है, जिसमें Go, Plus, और प्लस जैसे ऑप्शन दिये हैं. 

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस : गौरवशाली अतीत के नायक सम्राट विक्रमादित्य को समर्पित

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस : अभ्युदय का उत्सव मध्यप्रदेश स्थापना दिवस : गौरवशाली अतीत के नायक सम्राट विक्रमादित्य को समर्पित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का मंचन भोपाल  अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश "मध्यप्रदेश" अपना 70वाँ स्थापना दिवस 'अभ्युदय मध्यप्रदेश' के रूप में मनाने जा रहा है। यह भव्य समारोह 1 से 3 नवंबर, 2025 तक भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित होगा। 'विरासत से विकास' की यात्रा को दर्शाने वाला यह आयोजन 'उद्योग एवं रोजगार वर्ष' की थीम पर आधारित है। इस तीन दिवसीय समारोह का मुख्य आकर्षण होगा महानाट्य 'सम्राट विक्रमादित्य'। इसके साथ ही सुप्रसिद्ध गायकों की सुगम संगीत प्रस्तुतियाँ, प्रदर्शनियाँ, शिल्प मेला और व्यंजन मेले जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी। यह समारोह केवल सांस्कृतिक रंगों से ही नहीं सजेगा, बल्कि महानाट्य 'सम्राट विक्रमादित्य' के मंचन से नागरिकों को यह जानने का अवसर मिलेगा कि मध्यप्रदेश का अतीत कितना गौरवशाली रहा है। सम्राट विक्रमादित्य, जिनके राज्य की पहचान जनकल्याण, सुशासन और शौर्य थी, वे हमारे लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं। विकसित राज्य और राष्ट्र की अवधारणा की प्रेरणा हमें ऐसे ही अतीत के महानायकों से मिली है। महानाट्य का भव्य मंचन सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और उनके महान योगदान से जनता को परिचित कराने के लिए यह महानाट्य 2 और 3 नवंबर, 2025 को सायं 6:30 बजे से लाल परेड मैदान भोपाल में दो दिनों तक मंचित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के वैभवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुँचाना है। सम्राट विक्रमादित्य का वैश्विक सम्मान विक्रमादित्य भारत के सर्वाधिक लोकप्रिय सम्राट नायक माने जाते हैं। उनकी वीरता, देश को पराधीनता से मुक्त करने की उत्कृष्ट अभिलाषा, राजनीतिक उपलब्धियाँ, न्याय की अनोखी पद्धति और कला-साहित्य को दिए गए उदार संरक्षण ने उन्हें केवल भारत में ही नहीं बल्कि सुदूर देशों में भी प्रतिष्ठित किया है। विक्रम संवत काल गणना का सर्वश्रेष्ठ आधार विक्रमादित्य ने शकों और यवनों के आतंक से भारत को मुक्त कराया था। उन्होंने 96 शक सामंतों को पराजित कर उन्हें देश छोड़ने पर विवश किया जिसके बाद उन्हें 'शकारि' और 'साहसांक' जैसी उपाधियाँ मिलीं। आज 2082 वर्ष पूर्व उनके द्वारा प्रारंभ किया गया 'विक्रम संवत' न केवल भारत में बल्कि दुनिया में भी काल गणना का सर्वश्रेष्ठ आधार है। ज्ञान और कला का प्रतीक दरबार 'बेताल पच्चीसी' और 'सिंहासन बत्तीसी' में उनके अद्भुत न्याय, वीरता और महानता की कथाएँ प्रचलित हैं। उनके दरबार में कालिदास, वराहमिहिर, धन्वंतरि जैसे नवरत्न थे, जो जनकल्याणकारी कार्यों में संलग्न रहते थे। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत प्राचीन काल से ही विज्ञान, खगोल शास्त्र, ज्योतिष और साहित्य-कला के क्षेत्रों में कितना समृद्ध और सशक्त रहा है। महानाट्य की भव्यता विक्रमादित्य की गाथा को जन-जन तक पहुँचाने का यह चुनौतीपूर्ण संकल्प उज्जैन की संस्था 'विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति' ने लिया है। लगभग 150 कलाकारों और 50 सहयोगियों द्वारा मंचित इस विराट प्रस्तुति में दृश्यों को सजीव बनाने के लिए अश्व (घोड़े), रथ, पालकी और ऊँट का भी प्रयोग किया गया है। तीन मंचों और एलईडी ग्राफिक्स के स्पेशल इफेक्ट्स से इसे अत्यंत प्रभावी बनाया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रशंसित महानाट्य इस महानाट्य की प्रस्तुति को दिल्ली के लाल किला, हैदराबाद, आगरा सहित देश के अनेक प्रमुख शहरों में भरपूर सराहना मिली है। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी स्वयं इस महानाट्य की प्रशंसा कर चुके हैं। अब यह भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड में मंचित होने जा रहा है। विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ 2 और 3 नवंबर को 'अभ्युदय मध्यप्रदेश' के अंतर्गत लाल परेड ग्राउंड में दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनेक गतिविधियाँ आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिक प्रदेश की शिल्प कला, हस्त कला, पारंपरिक कला, व्यंजन, विरासत और वैभव से परिचित हो सकेंगे। प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं:         12 प्रदर्शनियाँ, जिनमें 'विक्रमादित्य और अयोध्या', 'विक्रमादित्य की मुद्राएं और सिक्के', 'राजा भोज का भोपाल', 'मध्यप्रदेश की बावड़ियाँ', और 'मध्यप्रदेश के मंदिर देवलोक' प्रमुख हैं।         वनौषधि और वैद्य पर केंद्रित 'वन मेला'।         'एक जिला-एक उत्पाद' के अंतर्गत 'शिल्प मेला' (प्रदर्शन सह विक्रय)।         देशज व्यंजनों का 'स्वाद' व्यंजन मेला।  

विश्व पक्षाघात दिवस: बुधवार को आयोजित होगा विशेष जागरूकता कार्यक्रम

भोपाल भोपाल स्थित शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में स्थापित पक्षाघात विशेषज्ञ इकाई में बुधवार 29 अक्टूबर को विश्व पक्षाघात दिवस के उपलक्ष्य में दोपहर 2 बजे से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पक्षाघात से पीड़ित लोगों को इस रोग से होने वाली समस्याओं और सीमाओं से उबरने में मदद करना है। वर्तमान समय में कम आयु में पक्षाघात के बड़ी संख्या में प्रकरण देखने को मिल रहे हैं, जिनके कारण विक्षिप्त जीवन शैली, भोजन में अनियमिताएं एवं विभिन्न प्रकार के व्यसन आदि हैं। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सहयोग से शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित इस विशेषज्ञ इकाई में पक्षाघात से पीड़ित समस्त रोगियों का उपचार उपलब्ध है, जो होम्योपैथी एवं फिजियोथेरेपी के माध्यम से प्रदान किया जाता है। दोनों विषयों के विशेषज्ञ दल यहां पर प्रतिदिन प्रात 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। लाभार्थी अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0755 2992970 पर शासकीय कार्य दिवस एवं समय पर संपर्क कर सकते हैं।।  

अब कैरेंस में मिलेगा CNG विकल्प, लॉन्च हुई नई वेरिएंट, जानें कीमत

मुंबई  किआ इंडिया ने कैरेंस लाइनअप का विस्तार करते हुए एक नया सीएनजी वेरिएंट लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 11.77 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। यह सीएनजी किट डीलर-लेवल फिटमेंट के रूप में उपलब्ध है, जिसकी कीमत एकमात्र प्रीमियम (O) पेट्रोल वेरिएंट से 77,900 रुपये अधिक है, जिसकी कीमत 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। सीएनजी इंस्टॉलेशन एक सरकारी स्वीकृत लोवाटो डीआईओ किट है, जिस पर 3 साल या 1,00,000 किमी की थर्ड-पार्टी वारंटी मिलती है।  पावरट्रेन विकल्प किआ कैरेंस सीएनजी में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन लगा है जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जुड़ा है। डिज़ाइन और आयाम बाहर की तरफ, कैरेंस सीएनजी में बॉडी कलर के बंपर और डोर हैंडल, सिल्वर सराउंड वाली किआ सिग्नेचर टाइगर नोज़ ग्रिल, इंटीग्रेटेड रियर स्पॉइलर, शार्क-फिन एंटीना, और हैलोजन हेडलैंप और टेललैंप हैं। इसमें फुल-साइज़ व्हील कवर के साथ R15 या R16 स्टील व्हील लगे हैं।इसके साथ ही यह एमपीवी R15 या R16 स्टील व्हील्स और फुल-साइज व्हील कवर के साथ आती है। डाइमेंशंस की बात करें तो कार की लंबाई 4,540 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊंचाई 1,708 मिमी (रूफ रेल्स सहित) है। इसका व्हीलबेस 2,780 मिमी है, जो केबिन के अंदर पर्याप्त जगह सुनिश्चित करता है। आयामों की बात करें तो, कैरेंस की लंबाई 4,540 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊँचाई 1,708 मिमी (रूफ रेल के साथ) है, जबकि इसका 2,780 मिमी व्हीलबेस पर्याप्त आंतरिक स्थान सुनिश्चित करता है। रंग विकल्प कैरेंस सीएनजी छह एक्सटीरियर रंगों में उपलब्ध है – क्लियर व्हाइट, स्पार्कलिंग सिल्वर, ग्रेविटी ग्रे, ऑरोरा ब्लैक पर्ल, इंपीरियल ब्लू और प्यूटर ऑलिव। विशेषताएँ इस एमपीवी के अंदर एक प्रीमियम, परिवार-अनुकूल केबिन है जिसमें सेमी-लेदरेट (काला और इंडिगो) सीटें, स्लाइडिंग, रिक्लाइनिंग और टम्बल फंक्शन वाली 60:40 स्प्लिट दूसरी पंक्ति की सीटें, और रिक्लाइनिंग और पूरी तरह से फ्लैट फोल्डिंग क्षमता वाली 50:50 स्प्लिट तीसरी पंक्ति की सीटें जैसी सुविधाएँ हैं। पीछे के यात्रियों को दूसरी और तीसरी दोनों पंक्तियों में रूफ-फ्लश्ड डिफ्यूज़्ड एसी वेंट का लाभ मिलता है। इस केबिन को सैटर्न ब्लैक, कोकून बेज और नेवी रंगों में डिज़ाइन किया गया है, और इंडिगो मेटल पेंट डैशबोर्ड इसे और भी बेहतर बनाता है। एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, वॉइस रिकग्निशन और छह-स्पीकर वाला ऑडियो सेटअप कनेक्टेड और आनंददायक ड्राइविंग सुनिश्चित करता है। कैरेंस सीएनजी में बर्गलर अलार्म के साथ कीलेस एंट्री, एलईडी टर्न इंडिकेटर्स के साथ इलेक्ट्रिक-एडजस्ट ओआरवीएम, डायनामिक गाइडलाइन्स वाला रियर-व्यू कैमरा, रियर डोर सनशेड कर्टेन, मैनुअल ड्राइवर सीट हाइट एडजस्टमेंट और सभी पंक्तियों में यात्रियों के लिए कई यूएसबी टाइप-सी पोर्ट (कुल पांच) जैसे सुविधाजनक फीचर्स मौजूद हैं। कैरेंस सीएनजी 10 सेफ्टी पैकेज से लैस है जिसमें छह एयरबैग, ईएससी, वीएसएम, बीएएस, एचएसी, डीबीसी, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक, एबीएस, रियर पार्किंग सेंसर और एक हाईलाइन टीपीएमएस शामिल हैं। किया कैरेंस सीएनजी का यह नया वेरिएंट भारतीय बाजार में उन खरीदारों के लिए आकर्षक विकल्प है जो बेहतर माइलेज, कम रनिंग कॉस्ट और प्रीमियम फीचर्स की तलाश में हैं। किफायती कीमत, बेहतरीन सुरक्षा पैकेज और किया की भरोसेमंद तकनीक इसे फैमिली और कमर्शियल दोनों उपयोग के लिए एक शानदार विकल्प बनाती है।

स्थापना दिवस पर दो वर्ष में अर्जित विशेष उपलब्धियां दिखेंगी विकास प्रदर्शनी में

मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम दो वर्ष में अर्जित विशेष उपलब्धियां दिखेंगी विकास प्रदर्शनी में राजधानी भोपाल सहित जिलों में भी होंगे कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि परिषद की बैठक प्रारंभ होने से पहले किया संबोधित भोपाल मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले मंत्रीगण को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्थापना दिवस पर राजधानी और जिलों में विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रदेश में गत 2 वर्ष में अर्जित महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी विकास प्रदर्शनी के माध्यम से दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि लाल परेड ग्राउंड और रवीन्द्र भवन परिसर इन कार्यक्रमों के केंद्र होंगे। एक नवंबर को रवीन्द्र भवन में जहां 2 वर्ष में निवेश संवर्धन सहित अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी वहां ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त निवेश से अर्जित उपलब्धियों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। इस अवसर पर डिजिटल सेवाओं, मध्यप्रदेश ई-सेवा और इन्वेस्ट एमपी 3.0 पोर्टल का लोकार्पण होगा। उद्योग एवं रोजगार वर्ष 2025 के तहत हुए कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। वर्ष 2026 के लिए आगामी वर्ष की थीम की घोषणा भी की जाएगी। समृद्ध मध्यप्रदेश@ 2047 दृष्टि पत्र का विमोचन भी होगा। यह दृष्टिपत्र सुखद मध्यप्रदेश, संपन्न मध्यप्रदेश और सांस्कृतिक मध्यप्रदेश की परिकल्पना पर आधारित है। लाल परेड मैदान भोपाल में महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का मंथन एवं प्रसिद्ध पार्श्वगायक जुवैन नोटियाल का गायन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यह दृष्टि पत्र मिशन "ज्ञान" अर्थात गरीब, युवा ,अन्नदाता और नारी सहित प्रदेश के सर्वांगीण विकास पर केन्द्रित है। अंगदान से मिल रहा लोगों को नया जीवन, देहदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में अंगदान और देहदान की भावना विकसित हो रही है। हाल ही में भोपाल के एक ऑटो चालक गणेश की दो किडनियां और दिल तीन लोगों को प्रत्यारोपित किया गया। साथ ही उनके कार्निया से भी दो लोगों को रोशनी मिलेगी। ऑटो ड्राइवर के परिवार का यह योगदान सराहनीय है। इस भावना को प्रोत्साहित करने के लिए अंगदान करने वाले व्यक्तियों के अंतिम संस्कार में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है। हाल ही में उज्जैन के किशन सिंह भाटिया के परिवार और अन्य कई परिवारों द्वारा देहदान की पहल की गई है जो समाज के लिए प्रेरक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण से आग्रह किया कि अपने प्रभार के जिलों में देहदान की भावना के प्रचार प्रसार में सहयोग करें ताकि अपने किसी परिजन की मृत्यु के बाद दिवंगत व्यक्ति के अंग अन्य जरूरतमंद लोगों को प्रत्यारोपित करने की प्रेरणा मिलेगी। जीवनकाल में ही अंगदान या देहदान के संकल्प को सार्वजनिक कर ऐसे दान के माध्यम से व्यक्ति जीवन के बाद भी परिवार सहित समाज में याद रखा जाता है। भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर मनाएंगे जनजातीय गौरव दिवस मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के समापन पर प्रदेश में एक से 15 नवंबर तक राजधानी से ग्राम पंचायत तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। स्वतंत्रता के संघर्ष में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

महागठबंधन का घोषणापत्र जारी, बिहार में नए एजेंडे के तहत ‘तेजस्वी प्रण’

पटना  महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया है. इसका नाम 'तेजस्वी प्रण' रखा गया है. इस घोषणापत्र के कवर फोटो पर तेजस्वी यादव का ही फोटो छपा है. बता दें कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की ओर से सीएम फेस हैं. महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव, पवन खेड़ा, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी मौजूद हैं. 'हमें बिहार को पटरी पर लाना है' कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'महागठबंधन ने सबसे पहले अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की. हमने अपना घोषणापत्र भी सबसे पहले जारी किया. इससे पता चलता है कि बिहार को लेकर कौन गंभीर है. हमने पहले दिन से ही तय कर लिया था कि हम बिहार के लिए क्या करेंगे. हमें बिहार को पटरी पर लाना है. आज का दिन बहुत ही शुभ है क्योंकि बिहार राज्य इस 'प्रण' का इंतजार कर रहा था.' तेजस्वी का प्रण नाम से घोषणा पत्र जारी किए जाने के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि महागठबंधन ने सबसे पहले सीएम फेस घोषित किया और सबसे पहले मेनिफेस्टो भी किया जारी. उन्होंने कहा कि आज बहुत पावन दिन है जिसमें हम यह संकल्प पत्र जारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार 20 साल पीछे चला गया है. सीपीआई राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने बयान दिया कि बिहार के इतिहास में पहला घोषणा पत्र है जिसमें सरकार हर परिवार के सदस्य को नौकरी और 5 डिसमिल जमीन देगी. महागठबंधन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने बयान दिया कि ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग इस घोषणा पत्र में है. युवाओं को नौकरी, रोजगार समेत सभी वायदों को हम पूरा करेंगे. शिक्षकों,स्वास्थ्यकर्मियों समेत सभी की मांगे पूरी होंगी. पहले दिन से ही हम घोषणा पत्र के हिसाब से काम करेंगे. '30-35 वर्ष बिहार की सेवा करेंगे' इस मौके पर वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के डिप्टी सीएम चेहरे मुकेश सहनी ने कहा, '…आज हमने एक नए बिहार के लिए संकल्प पत्र लॉन्च किया है. अगले 30-35 वर्षों तक हम बिहार के लोगों की सेवा के लिए काम करेंगे. हम जनता की सभी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे. हम जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे. राज्य की जनता महागठबंधन के समर्थन में खड़ी है और हम बिहार में सरकार बना रहे हैं. दूसरी ओर, एनडीए के पास कोई 'संकल्प' नहीं है.'

रामलला के भक्त ध्यान दें! इस तारीख को नहीं मिल पाएंगे दर्शन, प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

अयोध्या  राम मंदिर में होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह की तैयारी तेज हो चुकी है,,, ध्वजारोहण समारोह के दिन आम श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन नहीं मिल पाएंगे। आपको बता दें कि 25 नवंबर को भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन होगा…इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं,,,इसमें पीएम नरेंद्र मोदी समेत आठ से दस हजार मेहमान शामिल होंगे,,, ऐसे में सुरक्षा कारणों से मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी,,,,राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बैठक से पहले तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि समारोह के दिन बड़ी संख्या में मेहमान मौजूद रहेंगे,,,विवाह पंचमी का भी दिन है,,,ऐसे में राम मंदिर में अचानक भीड़ बढ़ सकती है,,,इसलिए हमने निर्णय लिया है कि सुबह सात बजे से ही मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जाएगा। दरअसल मेहमानों के ठहरने के लिए तीन हजार से अधिक कमरे आरक्षित किए गए हैं,,,वहीं अतिथियों को आमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है,,,मेहमानों को राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव की ओर से मैसेज भेजा जा रहा है। उन्हें कार्यक्रम के समय रूपरेखा की जानकारी दी जा रही है।