samacharsecretary.com

राहुल गांधी बोले—इस मर्द से ज्यादा हिम्मत थी इंदिरा गांधी में! पीएम मोदी पर कसा तंज

नालंदा  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रुकवाने का दावा करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 50 बार अपमान किया है, लेकिन मोदी ‘डरपोक’ हैं और उनमें यह कहने का दम नहीं है कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं। राहुल गांधी ने बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के समय का उल्लेख करते हुए कहा, ‘1971 में अमेरिका ने अपनी नौसेना का सातवां बेड़ा भेजा, लेकिन इंदिरा गांधी ने साफ कह दिया था कि हम आपकी नौसेना से नहीं डरते, हमें जो करना होगा, हम करेंगे।'' उन्होंने आगे कहा, 'इंदिरा गांधी महिला थीं, लेकिन इस मर्द (मोदी) से ज्यादा दम उस महिला (इंदिरा गांधी) में था।'   उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने संबंधी ट्रंप के दावे का हवाला देते हुए कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति ने 50 बार भारत के प्रधानमंत्री का अपमान किया…ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर रुकवाया। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि सात विमान गिराए गए। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी में यह कहने का दम नहीं है कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं।’ उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी को ट्रंप से मिलने के लिए विदेश जाना था, लेकिन वह डर गए और नहीं गए। उन्होंने नालंदा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि बिहार में सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं चला रहे हैं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और ‘नागपुर’ (आरएसएस) चला रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर नालंदा को एक फिर शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया, ‘नरेन्द्र मोदी जी डरपोक हैं। उनमें न तो दृष्टिकोण है और न ही दम है।’ राष्ट्रपति ट्रंप ने कई बार यह दावा किया है कि उन्होंने व्यापार नहीं करने का हवाला देकर भारत और पाकिस्तान के बीच इस साल मई में संघर्ष विराम करवाया था। भारत ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि इस साल मई में पाकिस्तान के सैन्य परिचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) द्वारा संपर्क किए जाने पर सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार हुआ था। राहुल गांधी ने फिर से यह दावा किया, ‘नरेंद्र मोदी जी के हाथ में नीतीश जी का रिमोट कंट्रोल है। वह जो बटन दबाते हैं, वही चैनल नीतीश चालू कर देते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार जी सरकार नहीं चला रहे हैं। सरकार मोदी जी, अमित शाह और नागपुर चलाते हैं।’’ राहुल गांधी ने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे बिहार के ईमानदार और मेहनती युवाओं को नुकसान होता है। उन्होंने यह दावा फिर किया कि छठ पूजा के लिए दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए यमुना के निकट साफ पानी का एक तलाब बनाया गया था। ‘दो तरह के हिंदुस्तान हैं’ कांग्रेस ने कहा, ‘‘अमित शाह कहते हैं कि बिहार में उद्योग के लिए जमीन नहीं है, लेकिन अदाणी को एक रुपये में जमीन मिल जाती है।’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘दो तरह का हिंदुस्तान है। एक हिंदुस्तान बड़े उद्योगपतियों का है और दूसरा दलितों, अति पिछड़ों, पिछड़ों और गरीबों का है।’’ उन्होंने दावा किया कि देश में सरकारी संपत्तियों को अंबानी और अदाणी के हवाले कर दिया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘क्या आप चाहते हैं कि बिहार देश के लिए मजदूर पैदा करने वाला बने? ऐसा बिहार नहीं चाहिए। हमें नालंदा विश्वविद्यालय वाला बिहार चाहिए जब पूरी दुनिया के लोग शिक्षा के लिए बिहार आते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि एक ऐसा दिन आए जब फोन के पीछे ‘मेड इन बिहार’ और ‘मेड इन नालंदा’ लिखा हो…हम चाहते हैं कि चीन के युवा ‘मेड इन बिहार’ का फोन और टी-शर्ट खरीदें।’  

मंत्री विजयवर्गीय ने सोनकच्छ में 17 करोड़ 54 लाख रूपये के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया

भोपाल  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। इस कार्य में केन्द्र सरकार से निरंतर आर्थिक मदद मिल रही है। मंत्री श्री विजयवर्गीय बुधवार को देवास जिले के सोनकच्छ में 17 करोड़ 54 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इन कार्यों में 'जल जीवन मिशन' अंतर्गत 'नल जल योजना', पानी की टंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भवन और रेस्ट हाउस पहुंच मार्ग के कार्य शामिल हैं‍। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने सवा करोड़ रूपये की लागत के शाला भवन और 3 करोड़ 7 लाख रूपये की राशि से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण किया। विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।   शोक संवेदना मंत्री श्री विजयवर्गीय ने ग्राम संवरसी में शहीद संजय मीणा के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिजन से चर्चा की।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सामाजिक ऑडिट ऐप V-मित्र के 100 दिन पूर्ण

जानकारी दें इनाम पाएं संदेश से नागरिकों को मिले 15 लाख रूपए भोपाल मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नागरिकों को रिपोर्ट करने और पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर देने वाले सामाजिक ऑडिट ऐप वी-मित्र (V-मित्र) को लांच हुए 100 दिन पूर्ण हो गए। ‘जानकारी दें, इनाम पाएं’ का संदेश देने वाले वी-मित्र (V-मित्र) के माध्यम से 100 दिन के दौरान कुल 30 हजार मामले दर्ज हुए। दर्ज मामलों में 17 हजार 200 मामलों की जांच में 3 हजार 850 मामलों में अनियमितताएं पायी गईं। वी-मित्र (V-मित्र) के माध्यम से विद्युत चोरी व अनियमितता की जानकारी देने पर इस दौरान नागरिकों को 3 हजार 150 मामलों में साढ़े 15 लाख रूपए के इनाम बिना किसी कार्यालय गए उनके खातों में ट्रांसफर किए गए। स्ट्राइकिंग रेट 22 फीसदी विभिन्न एजेंसियों द्वारा रिपेार्ट किए गए स्मार्ट मीटर डेटा एनालिसिस मामलों में लगभग सात फीसदी के विरूद्ध वी-मित्र (V-मित्र) ऐप का स्ट्राइक रेट 22 फीसदी रहा। विद्युत चोरी व अनियमितता करने वालों पर पेनाल्टी इस दौरान ऐसे मामलों में 4 करोड़ 64 लाख रूपए की बिलिंग की गई और विद्युत चोरी व अनियमितता करने वालों से कुल 23 लाख रूपए की वसूली की गई। जिन क्षेत्रों में अनियमितता के प्रकरण दर्ज किए गए, वहां के विद्युत अमले पर जुर्माना लगाया गया। ऐसे विद्युत अमले पर 3 लाख 25 हजार रूपए की प्रोविजनल पेनाल्टी लगाई गई। ऐसे 91 मामलों में 26 हजार रूपए की वसूली की गई। इस दौरान नए उपभोक्ता प्रकरण एवं लोड वृद्धि के 3 हजार 100 मामले दर्ज हुए।  

टीकमगढ़ में चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना के साथ ही जिला चिकित्सालय की क्षमता का भी हुआ है उन्नयन

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने भारत में पहली बार पीपीपी मोड पर (सार्वजनिक-निजी सहभागिता) चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना की पहल की है। धार, पन्ना, कटनी और बैतूल में पीपीपी मोड पर चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। द्वितीय चरण में 9 जिलों क्रमश: टीकमगढ़, भिंड, मुरैना, खरगोन, अशोकनगर, गुना, बालाघाट, सीधी और शाजापुर में चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने की कार्यवाही जारी है। प्रदेश में रोगियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि के उद्देश्य से टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर और डिंडौरी में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत निर्मित अतिरिक्त बिस्तरों के संचालन के लिए 810 नवीन पदों के नियोजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, टीकमगढ़ में चिकित्सा सुविधा के विस्तार के लिए उनका आभार मानने मुख्यमंत्री निवास आए युवाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को गजमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह व गदा भेंटकर सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला तथा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ की क्षमता बढ़ाते हुए 300 बिस्तर से 500 बिस्तर में उन्नयन तथा इनके संचालन के लिए 160 नवीन पदों के नियोजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। गत वर्ष टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में 16 करोड़ रूपए की लागत से अतिरिक्त 100 बिस्तरीय नवीन भवन का निर्माण किया गया है। टीकमगढ़ अस्पताल में अब विशेषज्ञ ओ.पी.डी, आपातकालीन सेवायें, परिवार कल्याण सेवायें, लैब, रेडियोलॉजी, ट्रामा केयर, कीमोथैरेपी, डायलिसिस, गहन नवजात देखभाल इकाई आदि सुविधाओं के साथ प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, हाईरिस्क प्रेगनेंसी की पहचान और प्रबंधन, सुरक्षित प्रसव और परिवार कल्याण संबंधी परामर्श व सुविधा उपलब्ध होगी।  

महिलाओं की वीरता और सेवा को मिलेगा राज्य सम्मान

भोपाल महिला एवं बाल विकास विभाग ने वर्ष 2025 के लिए राज्य एवं जिला स्तरीय विभागीय पुरस्कारों के लिये आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार जागरूकता तथा सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करना है। इन विभागीय पुरस्कारों के अंतर्गत कुल सात सम्मान निर्धारित किए गए हैं। पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित तिथियों तक आवेदन जमा करना होगा। रानी अवंतीबाई राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या बालिकाओं को दिया जाएगा जिन्होंने महिलाओं या बच्चों को उत्पीड़न से बचाने, पुनर्वास में योगदान देने या बाल विवाह एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ साहसिक कार्य किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2025 निर्धारित है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, पर्यावरण सुधार, आर्थिक सशक्तिकरण और महिला अधिकार जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2025 निर्धारित है। श्री विष्णु कुमार महिला बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार यह पुरस्कार किसी व्यक्ति या स्वयंसेवी संस्था को दिया जाएगा जो महिलाओं और बच्चों से संबंधित समाज सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण और अधिकार जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र में दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर-2025 निर्धारित है। रानी दुर्गावती पुरस्कार यह सम्मान ऐसी महिला को दिया जाएगा जिसने विपरीत परिस्थितियों-जैसे अत्यधिक गरीबी, विकलांगता, एकल जीवन, गंभीर बीमारी, रेप या घरेलू हिंसा जैसी स्थितियों-में संघर्ष करते हुए समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹2 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इसके लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर-2025 निर्धारित है। मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या पुरुषों को दिया जाएगा जिन्होंने किसी महिला को अपराध या असामाजिक तत्वों से बचाने में असाधारण साहस का परिचय दिया हो। यह पुरस्कार राज्य स्तर पर 4 और जिला स्तर पर 2 व्यक्तियों को दिया जाएगा। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में राज्य स्तर पर ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र और जिला स्तर पर ₹50,000 एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इच्छुक व्यक्ति आवेदन 5 जनवरी 2026 तक कर सकते है। राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या पुरुषों को दिया जाएगा जिन्होंने महिलाओं के सम्मान के लिए असामाजिक तत्वों या कुप्रथाओं के खिलाफ उल्लेखनीय साहसिक कार्य किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि: 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इसके लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2026 निर्धारित है। अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार यह सम्मान ऐसी महिला को दिया जाएगा जिसने स्वयं पर किसी भी प्रकार की हिंसा का वीरतापूर्वक सामना करते हुए आत्मरक्षा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2026 निर्धारित है। आवेदन प्रक्रिया आवेदन का प्रारूप महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है तथा इसे जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन संबंधित कार्यालय में निर्धारित तिथि से पूर्व जमा करना अनिवार्य है। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट http://mpwcdmis.gov.in/ या जिला कार्यक्रम अधिकारी से प्राप्त की जा सकती है।  

त्योहारों में सफर आसान, कोटा-दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन — यह एक्सप्रेस भी लौटी पटरी पर

कोटा कोटा त्योहारी सीजन के बाद यात्रियों की वापसी यात्रा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल से होकर गुजरने वाले मुख्य रेलमार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अतिरिक्त यात्री यातायात को सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से सोगरिया और दानापुर के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो बारां, सालपुरा एवं छबरा गुगोर मार्ग से होकर संचालित होंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर लौटने वाले यात्रियों को कोटा मंडल क्षेत्र से सीधी यात्रा सुविधा प्राप्त होगी। ये ट्रेनें बारां, सालपुरा और छबरा गुगोर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। सोगरिया-दानापुर, सोगरिया स्पेशल ट्रेन का संचालन गाड़ी संख्या 09817 सोगरिया से दानापुर स्पेशल ट्रेन 30 अक्टूबर 2025 को सोगरिया स्टेशन से रात 11:10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09818 दानापुर से सोगरिया स्पेशल ट्रेन 1 नवम्बर 2025 को रात 1:15 बजे दानापुर से रवाना होकर 2 नवम्बर की रात 1:10 बजे सोगरिया पहुंचेगी। कटरा एक्सप्रेस का संचालन पुनः शुरू उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में जम्मू तवी-शहीद कैप्टन तुषार महाजन तथा पठानकोट जंक्शन-जम्मू तवी रेलखंड के बीच भूस्खलन के कारण हाल ही में रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इसके चलते कोटा मंडल से चलने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया था। इन ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जा रहा अब मार्ग की मरम्मत और यातायात बहाली का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद इन ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 19803 कोटा–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का संचालन 1 नवम्बर 2025 से और गाड़ी संख्या 19804 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कोटा एक्सप्रेस का संचालन 2 नवम्बर 2025 से अपने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनः प्रारंभ किया जाएगा।

मोबाइल भारत में असेंबल, लेकिन डेटा चीन के पास! टेक इंडस्ट्री में हड़कंप

नई दिल्ली देश की नामी टेक कंपनी एचसीएल के सह-संस्थापक अजय चौधरी ने भारत के टेक सेक्टर में पिछड़ने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हम मैन्युफैक्चरिंग पर ही मोटे तौर पर निर्भर हैं और यह संकट की स्थिति है। उन्होंने चीन के बढ़ते लेने और भारत का डेटा हासिल करने को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने ANI से पॉडकास्ट में कहा कि आप अपने आसपास जो भी चीजें देखते हैं, उनमें चीन की चिप लगी हैं। नरेंद्र मोदी जब सत्ता में आए तो उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार के हर ऑफिस में अटेंडेंस मशीन देखना चाहता हूं। जो भी अटेंडेंस मशीने लगी हैं, वे चीन की हैं और उनमें वहीं की चिप्स लगी हैं। फिर एक बार इंटेलिजेंस एजेंसी को जांच के लिए कहा गया तो उसने कहा कि सारा डेटा चीन जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह हमारे सभी केंद्रीय कर्मचारियों का डेटा चीन चला गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह भारत में गली-गली में जो सीसीटीवी कैमरे हैं, उनमें भी चीन की ही चिप्स लगी हैं। अजय चौधरी ने कहा कि इस देश में एक भी फोन भारतीय नहीं है। यह दुख की बात है। यहां मैन्युफैक्चरिंग की बातें हो रही हैं, लेकिन असल में यह पेच कसने जैसी बात है। सामान चीन से आता है और हम उन्हें असेंबल करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले हमें यह देखना होगा कि सरकार की डिमांड क्या हैं। उसके बाद किसी भारतीय कंपनी को ही यह काम दिया जाए। चीन में ऐसा ही होता है। चीन का सारा टेलिकॉम का काम हुवावे के पास ही और ही उसे सरकार की ओर से भी फंडिंग होती है। उनसे पूछा गया कि आखिर भारत में ऐसी कौन सी कंपनी है, जो ऐसा काम कर सकती है। इस पर उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह का कोई सपोर्ट ही भारत में नहीं करती है। 'हमारी 60 फीसदी अर्थव्यवस्था मैन्युफैक्चरिंग की, यही बड़ा संकट है' उन्होंने कहा कि हमारी 60 फीसदी अर्थव्यवस्था मैन्युफैक्चरिंग पर ही निर्भर है और यह बेहद खतरनाक है। हमें एक प्रोडक्ट नेशन की ओर बढ़ना होगा। चीन के लोग अपने प्रोडक्ट्स को रीब्रांड कर रहे हैं। सिंगापुर तक के आइटम को वे चीन के नाम पर बेच रहे हैं। चीन के पास बड़े पैमाने पर रेयर अर्थ है और वे उसे हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी जरूरत का 30 से 40 फीसदी रेयर अर्थ मैटिरियल तो ई-वेस्ट से ही मिल सकता है।  

विकसित राज्य के विजन के साथ प्रगति की ओर बढ़ेगा मध्यप्रदेश

भोपाल  राज्य स्थापना दिवस पर रवींद्र भवन में आयोजित होने वाले ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ विजन दस्तावेज का विमोचन करेंगे। यह आयोजन प्रदेश की निरंतर प्रगति यात्रा को नई दिशा देने के साथ अगले दो दशकों के लिए सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के रोडमैप को प्रस्तुत करेगा। मध्यप्रदेश ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आधार बनाकर ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ का विजन तैयार किया है। कार्यक्रम में यह बताया जाएगा कि बीते दो वर्षों में राज्य ने औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन और आधारभूत ढांचे के विस्तार में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आने वाले समय में यही गति प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। कार्यक्रम में ‘द टू-ईयर जर्नी’ शीर्षक से एक प्रेरक लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश की निवेश प्रोत्साहन यात्रा और औद्योगिक उपलब्धियों का प्रभावशाली चित्रण रहेगा। इसके पश्चात् ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ दस्तावेज का विमोचन किया जाएगा, जो राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में दीर्घकालिक योजनाओं, औद्योगिक निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और सामाजिक सशक्तिकरण का समग्र खाका प्रस्तुत करेगा। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन बताएंगे कि प्रदेश ने निवेशकों के लिए नीतिगत स्थिरता, पारदर्शिता और विश्वास का वातावरण तैयार करने के लिये किये गये नवाचारों की जानकारी देंगे। वे यह भी रेखांकित करेंगे कि आने वाले वर्षों में यही वातावरण मध्यप्रदेश को देश और दुनिया के निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में उद्योग एवं निवेशक सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ‘MP ई-सेवा’ और ‘Invest MP 3.0’ पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। ये दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म उद्योगों को सिंगल-विंडो सुविधा, ऑनलाइन स्वीकृति और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सेवाएं प्रदान करेंगे, जिससे औद्योगिक प्रक्रियाएं और अधिक सरल व पारदर्शी बनेंगी। प्रदेश की प्रगति को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से विमानन क्षेत्र में भी नई पहल की जा रही है। उज्जैन हवाई अड्डे के विकास से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे धार्मिक, पर्यटन और औद्योगिक दृष्टि से उज्जैन क्षेत्र विकास की नई ऊचाईयां प्राप्त करेगा। इसी क्रम में रीवा-नई दिल्ली एलायंस एयर उड़ान का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विंध्य क्षेत्र का राजधानी दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी और व्यापार व निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. सुमन के. बेरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू उपस्थित रहेंगे। वे ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ विजन को प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ अभियान की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में रेखांकित करेंगे और राज्य की नीतिगत स्पष्टता तथा दूरदर्शी दृष्टिकोण की विस्तृत जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह संदेश देंगे कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश न केवल निवेश का केंद्र बनेगा, बल्कि मानव विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और नवाचार के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बनाएगा। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उस नए युग की शुरुआत है, जिसमें प्रदेश का हर नागरिक विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनेगा। 

31 अक्टूबर को आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रदेशभर के थानों और मुख्यालयों में आयोजित होगा कार्यक्रम

लखनऊ, देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश गूंजेगा। 31 अक्टूबर को यूपी पुलिस प्रदेश के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालयों पर “Run for Unity” कार्यक्रम का भव्य आयोजन करेगी। पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) एलआर कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी थानों, स्कूलों, कॉलेजों, एनसीसी, स्काउट्स और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ यह दौड़ आयोजित होगी, जिसमें तिरंगे झंडे और राष्ट्रीय नारों के साथ देशभक्ति का वातावरण बनेगा। उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ सुबह 7 से 10 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। प्रत्येक थाने या पुलिस मुख्यालय से 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी तक दौड़ का आयोजन होगा। मार्ग का चिन्हांकन, दिशा संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में प्रशिक्षणरत महिला व पुरुष आरक्षी, विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, स्काउट, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और प्रमुख खेल हस्तियां भी भाग लेंगी। इस अवसर पर प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा लहराएगा, जो एकता और सौहार्द का प्रतीक बनेगा।

फाइनल में पहुंचने की जंग: भारत के सामने 339 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य, ऑस्ट्रेलिया ने मचाया कहर

नवी मुंबई महिला वनडे विश्व कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फोएबे लिचफिल्ड के शतक की मदद से 338 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान एलिसा हिली सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गईं। 25 के स्कोर पर लगे इस पहले झटके से टीम को फोएबे लिचफिल्ड और एल्सी पेरी ने उबारा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की। 155 के स्कोर पर दूसरे विकेट के रूप में लिचफिल्ड आउट हुईं। लिचफिल्ड ने 93 गेंदों पर 3 छक्के और 17 चौकों की मदद से 119 रन की पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए पेरी और मूनी के बीच 40 रन की साझेदारी हुई। मूनी 220 के स्कोर पर 24 रन बनाकर आउट हुईं। जब मूनी का विकेट गिरा, उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 34 ओवर में 3 विकेट पर 220 रन था। यहां भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और अगले 45 रन के अंदर ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट झटके। 41.4 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 6 विकेट पर 265 हो गया। इसमें पेरी का विकेट भी था, जो 77 रन बनाकर आउट हुईं। ऑस्ट्रेलिया 300 के अंदर सिमटती दिख रही थी। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई एश्ले गार्डनर ने 45 गेंद पर 4 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 63 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। गार्डनर सातवें विकेट के रूप में जब आउट हुई, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 48.3 ओवर में 7 विकेट पर 331 था। ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 338 रन बनाए। भारत के लिए श्री चरणी, दीप्ति शर्मा ने 2-2, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव ने 1-1 विकेट लिए। तीन बल्लेबाज रन आउट हुईं। भारत को इस मैच को जीतने और फाइनल में पहुंचने के लिए इतिहास रचना होगा। महिला वनडे क्रिकेट में इससे पहले इतना बड़ा लक्ष्य चेज नहीं किया गया है।