samacharsecretary.com

रीवा–भोपाल सुपरफास्ट ट्रेन का इंजन धधका, इटारसी स्टेशन पर अफरातफरी

इटारसी इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर खड़ी 22146 रीवा-भोपाल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन में अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। इंजन के ड्राइवर कैब से धुआं उठने के बाद रेलकर्मियों ने आग भड़कने से पहले इसे काबू कर लिया। बताया गया है कि सुबह 6 बजे जब ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी, तभी इंजन से धुंआ उठने लगा। आग कैसे लगी इसे लेकर अभी अधिकारी कुछ भी कहने से इंकार कर रहे हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। घटना के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद रेल कर्मचारियों ने यात्रियों को इंजन से दूर रहने को कहा। घटना स्थल पर पहुंचे रेलकर्मियों और सुरक्षा जवानों ने इंजन में लगी आग बुझाई। ड्यूटी पर तैनात लोको पायलट और अन्य रेल कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर आग भड़कने से पहले उसे काबू कर लिया। हादसे की वजह से ट्रेन अपने निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से रवाना हो सकी। ट्रेन का इंजन हटाकर दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को यहां से रवाना किया गया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजह जांच के बाद सामने आएगी। अभी खराब इंजन को इटारसी डिपो में खड़ा कर लिया गया है।

बाइक सवार छात्र पर कैप्सूल वाहन की टक्कर, मौके पर हुई मौत, ग्रामीणों ने सड़क बंद की

जांजगीर-चांपा  जिले में फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जांजगीर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम नरियरा में रविवार तड़के कैप्सूल वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी दी. हादसे के दौरान बाइक पर दो लोग सवार थे. दोनों ट्यूशन क्लास जा रहे थे. एक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक का नाम अतुल कुमार साहू बताया जा रहा है. वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा गांव में हुआ है. बताया जा रहा है कि मृतक अपने दोस्त के साथ ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क के बीच शव रखकर चक्काजाम कर दिया है. सूचना पर मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन यह बातचीत विफल रही. उनकी मांग है कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजा दिया जाए. बताया जा रहा है कि कैप्सूल वाहन नरियरा स्थित जिंदल पवार प्लांट का है. जिसकी टक्कर के बाद युवक की मौत हुई है. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है. वहीं घायल युवक को उपचार के लिए बिलासपुर भेजा गया है.

सुरक्षा बढ़ी तो तेजप्रताप यादव का आरोप: मेरी हत्या करवाई जा सकती है

पटना  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेजप्रताप यादव ने कहा है कि उनकी जान को खतरा है इसलिए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार ने तेजप्रताप यादव की हाल में सुरक्षा बढ़ाई है। उन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद तेजप्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे ऊपर खतरा है। इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। मेरी हत्या भी लोग करा देंगे। ढेर सारे लोग लगे हुए हैं। तेजप्रताप यादव ने यह भी उनकी मांगें सुन ली गई हैं और उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गृह मंत्रालय के आदेश के बाद सीआरपीएफ की सुरक्षा टीम उन्हें कवर देगी। तेजप्रताप यादव को यह सुरक्षा वीआईपी प्रोटेक्शन लिस्ट के तहत दी गई है। इस प्रकार की सुरक्षा में 11 कमांडो तैनात किए जाते हैं। इनमें पांच घर और आसपास रहते हैं व छह जवान तीन शिफ्ट में सुरक्षा में तैनात रहते हैं। छोटे भाई को दी जन्मदिन की बधाई इसी के साथ तेजप्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई भी दी है। तेजस्वी यादव 37 साल के हो गए हैं और अपना जन्मदिन मना रहे हैं। तेजस्वी यादव की बहन मीसा भारती ने जन्मदिन की कुछ तस्वीरें शेयर की थी जिसमें तेजस्वी यादव परिवार के सदस्यों के साथ केक काटते और जन्मदिन मनाते नजर आ रहे थे। छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई देते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी का जन्मदिन है औऱ मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। आशा करता हूं कि उनका भविष्य उज्ज्वल हो। उन्हें मेरा आशीर्वाद है।' पहले भी जता चुके हैं अपनी जान पर खतरा आपको याद दिला दें कि इसी साल जून के महीने में भी तेजप्रताप यादव ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा थ कि उनकी जान को खतरा है और उन्होंने सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। तेजप्रताप यादव ने कहा था कि हमको जान का खतरा है। हमारे दुश्मन सभी जगह लगे हुए हैं। जो चार-पांच लोग हैं वो मिलकर हमारे निजी जीवन को बर्बाद करने पर तुले हैं। पार्टी और परिवार से निकाले जा चुके हैं तेजप्रताप यादव लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को इसी साल उनके पिता ने पार्टी औऱ परिवार से बाहर निकाल दिया था। दरअसल तेजप्रताप यादव की एक तस्वीर अनुष्का यादव के साथ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने यह कदम उठाया था। पार्टी और परिवार से अलग होने के बाद तेजप्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल के नाम से अपनी पार्टी बनाई और उनकी पार्टी इस बार बिहार चुनाव के दंगल में भी कूद पड़ी है। तेजप्रताप यादव शुरू से कहते आए हैं कि कुछ जयचंदों ने उनके खिलाफ साजिश रची और उन्हें परिवार से बाहर निकलवाया था।

देर रात भूकंप से हिली रतलाम की धरती, तहसीलदार ने मुआयना किया

रतलाम मध्य प्रदेश के रतलाम में शनिवार की रात भूकंप के झटके महसूस किए गए है। जिससे बाद लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल गए। भूकंप के झटके से एक घर की छत पर बनी दीवार भी गिर गई। वहीं सूचना मिलते ही तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। एंकर/रतलाम जिले के जावरा ब्लॉक की पिपलोदा तहसील मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मचून में शनिवार रात करीब 8.15 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे कई लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। ग्रामवासी शंकरलाल सोलंकी ने बताया कि धड़ाम की आवाज आई और उनका घर हल्का-हल्का हिलने लगा। थोड़ी देर बाद छत पर बनी एक दीवार भी गिर गई। वहीं शंभु सोलंकी ने बताया कि उनके घर के बर्तन इस तरह हिल रहे थे, जैसे कोई जानबूझकर हिला रहा हो जिससे वे घबरा गए। तहसीलदार देवेंद्र दानगढ़ ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वे देर रात मचून पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। उन्होंने निर्माणाधीन दीवार गिरने की जानकारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है।

सरकारी स्कूल से DSP तक: पूजा जाट की सफलता की कहानी

नीमच मध्य प्रदेश के नीमच जिले के लिए बेहद की गर्व का क्षण है। दरअसल, जीरन तहसील के छोटे से गांव हरवार की बेटी पूजा जाट ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। पूजा ने उप-पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद के लिए क्वालिफाई किया है। पूजा जाट पिता बलवीर सिंह जाट के लिए यह सफलता कई मायनों में खास है। उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है, जहां उनके माता-पिता और भाई किसान हैं। पूजा ने अपनी पूरी शिक्षा सरकारी स्कूल और कॉलेज से प्राप्त की है। ये भी पढ़ें: MPPSC 2023 का फाइनल Result जारी: टॉप 5 में लड़कों का दबदबा, 13 लड़कियां बनीं DSP, किसान के बेटे अजीत मिश्रा ने किया टॉप, CM डॉ. मोहन ने दी बधाई पढ़ाई के लिए सामाजिक दबाव का किया सामना बेटी को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उसे इंदौर जैसे बड़े शहर भेजकर पढ़ाना परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती थी। बताया जाता है कि परिवार को पूजा की पढ़ाई को लेकर कई सामाजिक दबावों का सामना भी करना पड़ा। हालांकि, पिता बलवीर सिंह जाट और परिवार के समर्थन के दम पर पूजा ने यह मुकाम हासिल किया है। गांव समेत जिलेभर में खुशी का माहौल पूजा की इस उपलब्धि से हरवार गांव और समूचे नीमच जिले में खुशी का माहौल है। उनकी यह सफलता उन ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ा उदाहरण है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। टॉप 5 में लड़कों ने मारी बाजी MPPSC में टॉप 5 में लड़कों ने बाजी मारी है। वहीं 13 लड़कियों ने DSP रैंक हासिल की है। जबकि टॉप 10 में भी 3 लडकियां शामिल हैं। बता दें कि कुल 229 पदों के लिए प्री एग्जाम दिसंबर 2023 में हुआ था। वहीं मुख्य परीक्षा 11 मार्च से 16 मार्च 2024 में हुई और फाइनल इंटरव्यू 7 जुलाई से 7 अगस्त के बीच हुआ था।

गौरव का पल: ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर विश्वभर में हुआ विशेष आयोजन

वाशिंगटन  दुनिया भर में भारतीय दूतावासों ने देश के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने पर सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक समारोहों के साथ प्रवासी भारतीयों में एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रतिबिंबित किया। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 1875 में रचित, वंदे मातरम को सबसे पहले उनके उपन्यास आनंदमठ में शामिल किया गया था और बाद में यह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान एक नारा बन गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को इसकी 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में साल भर जारी रहने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया। वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सात नवंबर को भारतीय प्रवासी छात्रों द्वारा सामूहिक गायन के साथ इस मील के पत्थर को चिह्नित किया गया। ओटावा में, उच्चायुक्त दिनेश के. पटनायक ने भारतीय प्रवासी सदस्यों और उच्चायोग के अधिकारियों के साथ ‘वंदे मातरम' गायन का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम में ओडिसी नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया। मिशन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस अमर स्तुति का सम्मान करते हुए, हम एक आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और पुनरुत्थानशील विकसित भारत 2047 के प्रति अपने संकल्प की पुष्टि करते हैं।'' दोहा में, राजदूत विपुल ने एक कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन का नेतृत्व किया, जिसे दूतावास ने राष्ट्र को जोड़ने वाली देशभक्ति और एकता की भावना के प्रति एक सम्मान बताया। रियाद में, राजदूत सुहेल एजाज खान ने भारतीय समुदाय के साथ ‘वंदे मातरम' गायन में भाग लिया और कहा कि उन्हें मातृभूमि की भावना को महसूस करने पर ‘‘गर्व'' हो रहा है। कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने पर्थ में एक सामुदायिक सभा का आयोजन किया, जहां उच्चायुक्त डी. पी. सिंह ने राष्ट्रगीत गायन का नेतृत्व किया। मिशन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘इस सामूहिक गायन में आईएएसवी त्रिवेणी पर सवार तीनों सेनाओं के अभियान ‘समुद्र प्रदक्षिणा' की सभी महिला दल की सदस्य भी शामिल हुईं-जो समुद्र के पार भारत की भावना, एकता और नारी शक्ति के प्रति एक सम्मान है।'' लंदन में, उच्चायोग के अधिकारियों ने राष्ट्रगीत गाकर इसे मातृभूमि के लिए एक सम्मान बताया, जो भारत के लिए एकता, गौरव और प्रेम को प्रेरित करती रहती है। इसी तरह नेपाल, पेरू, चिली, अर्जेंटीना, कोलंबिया, दुबई, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका सहित कई अन्य देशों के भारतीय मिशन ने भी राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गायन और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। भारत की संविधान सभा ने 24 जनवरी 1950 को आधिकारिक तौर पर ‘वंदे मातरम' को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाया था। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अपने भाषण में कहा कि वंदे मातरम ‘‘हमें हमारे इतिहास से जोड़ता है और हमारे भविष्य को नया साहस देता है''। इस गीत को हर युग में प्रासंगिक बताते हुए मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर' का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘जब दुश्मन ने आतंकवाद का इस्तेमाल करके हमारी सुरक्षा और सम्मान पर हमला करने का दुस्साहस किया, तो दुनिया ने देखा कि भारत दुर्गा का रूप धारण करना जानता है।''    

मोहन भागवत का कांग्रेस पर निशाना: हिंदू धर्म का उदाहरण देते हुए दिया जवाब

नई दिल्ली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रजिस्ट्रेशन पर कांग्रेस के सवाल के बाद आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने जवाब दिया है कि आखिर उन्होने संगठन का रजिस्ट्रेशन क्यों नहीं करवाया। मोहन भागवत ने कहा कि आरएसएस की स्थापना 1925में ही हो गई थी। ऐसे में क्या ब्रिटिश सरकार के साथ इसका रजिस्ट्रेशन करवाना चाहिए था? मोहन भागवत ने कहा कि आरएसएस की पहचान व्यक्तियों के संगठन के तौर पर है। भागवत बेंगलुरु के एक कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। मोहन भागवत ने कहा, आजादी के बाद भारत सरकार ने रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं किया था। हम विशेष पहचान रखने वाले संगठन हैं और यह जनता का निकाय है। इसे आयकर से भी छूट दी गई है। उन्होंने कहा, हमें तीन बार बैन किया गया। इसका मतलब सरकार ने हमें मान्यता दी है। अगर हमारी मान्यता ही ना होती तो फिर बैन कैसे किया जाता? उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और अदालतें भी आरएसएस को बॉडी ऑफ इंडिविजुअल्स के रूप में मान्यता देती हैं। बहुत सारी ऐसी चीजें हैं जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। जैसे कि हिंदू धर्म का भी कोई रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। केवल भगवा झंडे को सम्मान देने के आरोपों पर भागवत नेकहा कि भगवा को आरएसएस में गुरु के तौर पर सम्मान दिया जाता है। वहीं भारत के तिरंगे का सम्मान किसी मायने में कम नहीं है। हम हमेशा तिरंगे का सम्मान करते हैं और उसकी सुरक्षा का संकल्प लेते हैं। बतादें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि आरएसएस को बैन कर देना चाहिए। यहीं देश में फसाद की जड़ है। खरगे के बेटे और कर्टाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खरगे ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर मांग की थी कि सार्वजनिक स्थानों पर आरएसएस की शाखाओं को बैन कर दिया जाए। उन्होंने आरएसएस के रजिस्ट्रेशन नंबर को लेकर भी सवाल किया था। एक दिन पहले ही मोहन भागवत ने कहा था कि आरएसएस का लक्ष्य हिंदू समाज को सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव के लिए संगठित करना है और हिंदू भारत के लिए ‘‘जिम्मेदार’’ हैं। उन्होंने कहा कि भारत में कोई "अहिंदू" नहीं है, क्योंकि सभी एक ही पूर्वजों के वंशज हैं और देश की मूल संस्कृति हिंदू है। उन्होंने कहा, "शायद उन्हें यह बात पता नहीं है, या उन्होंने यह बात भुला दी है।" उन्होंने कहा, "जानबूझकर या अनजाने में, हर कोई भारतीय संस्कृति का पालन करता है, इसलिए कोई भी अहिंदू नहीं है, और प्रत्येक हिंदू को यह समझना चाहिए कि वह हिंदू है, क्योंकि हिंदू होने का मतलब भारत के लिए जिम्मेदार होना है।"  

भगवान महाकाल के दरबार में दीप्ति शर्मा: भस्म आरती में हुई शामिल, मंदिर समिति ने सम्मानित किया

उज्जैन भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रविवार सुबह उज्जैन में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। नंदी हॉल से विधि-विधान पूजन किया और मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। इंडियन महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा भगवान महाकाल के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल होकर पूजा अर्चना की। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने उन्हें भगवान का प्रसाद और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। आपको बता दें कि दीप्ति शर्मा ने महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 58 गेंदों पर 58 रन बनाए थे और 5 विकेट लेकर पहली बार भारत को वर्ल्ड कप जिताया। उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली दीप्ति शर्मा को जल्द ही यूपी सरकार भी सम्मानित करेगी।

पैसा, शॉल और गुलदस्ता के साथ तेजस्वी यादव का जन्मदिन, समर्थक जुटे खुशी मनाने

पटना बिहार में चुनावी हलचल तेज है। इस बीच राज्य के नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव अपना जन्मदिन भी मना रहे हैं। तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए उनके समर्थक पटना पहुंचे थे। यह समर्थक गाजे-बाजे के साथ पटना आए थे। चुनावी रैलियों के लिए पटना से निकलने से पहले उनके समर्थकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके आवास के बाहर सुबह से ही समर्थकों का जमावड़ा था। बैंड-बाजा और मिठाई लेकर तेजस्वी यादव के समर्थक खड़े नजर आए। जन्मदिन पर तेजस्वी के समर्थकों ने उन्हें शॉल और गुलदस्ता भेंट किया। इसके अलावा एक समर्थक नोट उड़ाते भी नजर आए। तेजस्वी यादव ने समर्थकों का धन्यवाद भी किया। अपने नेता के जन्मदिन के मौके पर समर्थक सड़क पर नाचते और पैसे लुटाते भी नजर आए। कई समर्थकों के हाथ में मिठाइयों की टोकरियां थीं। तेजस्वी यादव के घर के बाहर जश्न का नजारा दिखा। तेजस्वी यादव ने परिवार संग मनाया बर्थडे इससे पहले तेजस्वी यादव ने परिवार वालों के साथ भी जन्मदिन मनाया है। जन्मदिन मनाने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। तेजस्वी यादव की बहन मीसा भारती ने अपने फेसबुक पेज पर तेजस्वी के जन्मदिन मनाने की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएँ और आशीर्वाद भाई। तुम हमेशा स्वस्थ, प्रसन्न और सफल रहो। जीवन के हर पड़ाव पर तुम्हारी मेहनत, लगन और सच्चाई तुम्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचाए। ईश्वर तुम्हें वो शक्ति दे कि तुम अपने सपनों को साकार कर सको और हर एक आशावान का गर्व बनो। तुम्हारी मुस्कान यूँ ही बनी रहे और हर आने वाला वर्ष तुम्हारे जीवन में नई रोशनी और उपलब्धियाँ लेकर आए। ’ 36 पॉन्ड का केक कटेगा.. बता दें कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव रविवार को 36 वर्ष के हो जाएंगे। राजद ने उनके जन्मदिन को मनाने की पूरी तैयारी की है। पार्टी ने प्रदेश कार्यालय में 36 पॉन्ड का केक काटने का निर्णय लिया है। साथ ही गरीब बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल भी वितरित की जाएगी। वहीं पार्टी नेताओं की ओर से कार्यालय के बाहर एक पोस्टर भी लगाया गया है जिसमें तेजस्वी को बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी उपहार स्वरूप भेंट किया गया है। इस बाबत प्रदेश महासचिव भाई अरुण कुमार और सृजन स्वराज की ओर से लगाए गए पोस्टर में पार्टी के अन्य नेताओं की भी तस्वीर है। चुनाव पर क्या बोले तेजस्वी यादव… नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इस बार माहौल बहुत अच्छा है। बिहार की जनता आशीर्वाद दे रही है और बदलाव के लिए वोट कर रही है। 11 नवंबर को भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हो या केंद्र के मंत्री, ये लोग 65% आरक्षण के बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं जो हमारी सरकार ने 17 महीने में बढ़ाया था। प्रधानमंत्री 65 प्रतिशत आरक्षण खाकर बैठ गए हैं। उन्हें बिहार में पढ़ाई, कमाई, सिंचाई की बात करनी चाहिए। बताना चाहिए कि बिहार को क्या दिया गुजरात को क्या दिया। इस पर कोई बात नहीं हो रही है।

भारत-अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में सफलता, जॉर्जिया से पकड़े गए हरियाणा के दो कुख्यात अपराधी

जॉर्जिया सुरक्षा एजेंसियों और हरियाणा पुलिस को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी सफलता मिली है। विदेशों में छिपे गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए गए एक विशेष ऑपरेशन के तहत भारत के दो मोस्ट वांटेड अपराधी वेंकटेश गर्ग और भानु राणा को क्रमश: जॉर्जिया और अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। ये दोनों गैंगस्टर हरियाणा और पंजाब में कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित थे। जॉर्जिया में वेंकटेश गर्ग गिरफ्तार कुख्यात गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया में हिरासत में लिया गया है। वह लंबे समय से विदेश भागकर अपने आपराधिक नेटवर्क को सक्रिय रखे हुए था। वेंकटेश गर्ग कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के गैंग से जुड़ा हुआ है। इसे भारत वापस लाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उसे जल्द ही जॉर्जिया से प्रत्यर्पित (Extradited) किया जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए हरियाणा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम जॉर्जिया पहुंच चुकी है।  अमेरिका में पकड़ा गया कुख्यात अपराधी भानु राणा दूसरी तरफ हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। यह गिरफ्तारी भारत की ओर से दिए गए इनपुट और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का हिस्सा है। भानु राणा को भी जल्द ही अमेरिका से डिपोर्ट करके भारत भेजा जाएगा।  लॉरेंस बिश्नोई गैंग कनेक्शन पुलिस जांच में सामने आया है कि भानु राणा लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। उसका नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है। पंजाब में हुए एक ग्रेनेड हमले की जांच में उसका नाम सामने आया था। जांच एजेंसियों के अनुसार अमेरिका में बैठे उसके कुछ संपर्क भी इस नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस पहले ही भानु राणा के कई साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उसके खिलाफ कई मामलों में चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि विदेशों में छिपे गैंगस्टरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।