samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री साय सर्व रविदास समाज के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

रायपुर, सामाजिक विकास का वास्तविक आधार शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार हो, कृषि हो या कोई अन्य क्षेत्र — हर क्षेत्र में सफलता का पहला कदम शिक्षा ही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व रविदास समाज के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री साय ने मंच पर सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य गठन के समय जहाँ मात्र एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ में आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स, सिपेट जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को बड़े अवसर प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज को मजबूत और संगठित होना समय की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मूलमंत्र — “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” — का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार राज्य सरकार 23 महीनों से सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल के महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसमें अन्नदाताओं के लिए कृषक उन्नति योजना, प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महतारी वंदन योजना, दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब तक विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई हैं, जिससे युवाओं में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने नई उद्योग नीति लागू की है, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक अवसर, रोज़गार और स्वरोजगार प्राप्त हो सकेगा। मुख्यमंत्री साय ने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा ने भी संबोधित किया और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेहरा, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, दिलीप वासनीकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सुनवाई का नया अवसर: दुर्ग पुलिस हर रविवार करेगी पुरुषों की शिकायतों का निपटारा

दुर्ग  पारिवारिक विवादों में निष्पक्षता और संतुलन की दिशा में दुर्ग पुलिस ने एक ऐतिहासिक और बेहद सराहनीय पहल की शुरुआत की है। महिला थाना, दुर्ग के पारिवारिक परामर्श केंद्र में अब पुरुष पक्ष की भी समस्याओं की आधिकारिक सुनवाई होगी। यह पहली बार है जब प्रदेश में किसी महिला थाना ने पुरुषों के लिए भी अलग परामर्श व्यवस्था शुरू की है। रविवार, 07 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की उपस्थिति में इस नई व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही 8 पुरुष आवेदकों की शिकायतों पर सुनवाई की गई, जहाँ उन्हें काउंसलरों और पुलिस अधिकारियों ने कानूनी व मानसिक सहायता उपलब्ध कराई। एसपी ने व्यक्तिगत रूप से सभी आवेदनों को सुना और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  क्यों जरूरी पड़ा यह कदम? कई पुरुष आवेदकों ने शिकायत की थी कि पारंपरिक महिला परामर्श केंद्रों में उनकी बात को पर्याप्त महत्व नहीं मिलता। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए परिवार को बचाने, दोनों पक्षों को समान अवसर देने, और निष्पक्ष समाधान तक पहुँच बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने पुरुष काउंसलरों की नियुक्ति कर यह नई व्यवस्था लागू की।  नई व्यवस्था कैसे काम करेगी? अब हर रविवार पुरुष अपनी किसी भी पारिवारिक या वैवाहिक समस्या लेकर यहाँ आ सकेंगे। पुरुष एवं महिला काउंसलरों की संयुक्त टीम उनकी बात सुनेगी।  कानूनी सहायता, पारिवारिक समन्वय और व्यवहारिक समाधान उपलब्ध कराए जाएंगे।वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी निगरानी में उपस्थित रहेंगे, ताकि किसी भी पक्ष को उपेक्षित महसूस न हो। काउंसलिंग में उपस्थित रहे अधिकारी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे अशोक जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सेवानिवृत्त) – पुरुष काउंसलर ,रत्ना डाकलिया एवं मोनिका सिंह  महिला काउंसलर,पद्मश्री तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW),भारती मरकाम, उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW),नीता राजपूत, थाना प्रभारी महिला थाना पुलिस स्टाफ एवं अन्य सदस्य सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि महिला थाना अब परिवार को जोड़ने का केंद्र बनेगा, न कि केवल शिकायत सुनने का स्थान। एसपी दुर्ग का स्पष्ट संदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए “प्रत्येक शिकायत निष्पक्ष रूप से सुनी जाए। किसी भी पक्ष को कमतर न समझा जाए। हमारा उद्देश्य परिवार को टूटने से बचाना और न्यायपूर्ण संस्कृति स्थापित करना है।

भयानक सड़क हादसा लुधियाना में, रात में कार दुर्घटना से 5 की जान गई

लुधियाना लुधियाना में लाडोवाल के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार में सवार दो नाबालिग लड़कियों सहित पांच की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग जगरांव एरिया के थे। सूचना मिलने के बाद थाना लडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देर रात को पांचों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। तीन मृतकों की पहचान जगरांव निवासी सतपाल, वीरू और सिमरन के ताैर पर हुई है। सतपाल व वीरू दोनों निवासी कोठे खंजूरा और सिमरन निवासी अजीत नगर जगरांव के ताैर पर हुई है। सतपाल के पिता हलवाई का काम करते है जबकि वीरू के पिता ड्राइवर है। सिमरन के पिता फौज से रिटायर्ड हैं। जानकारी के अनुसार कार में दो नाबालिग लड़कियां भी थी। सभी जगरांव से होते हुए अमृतसर की तरफ जा रही थीं। उनकी कार काफी तेज रफ्तार थी और बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शवों को बाहर निकाला। थाना लाडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस मृतकों के परिवार वालों का पता लगाने में जुटी है।

मुख्यमंत्री ने आदिवासी प्रतिनिधियों का किया स्वागत, कई मुद्दों पर बनी सहमति के संकेत

रांची आदिवासी प्रतिनिधियों ने देशभर में चल रहे आदिवासी संघर्षों को मजबूत नेतृत्व देने की अपील की. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज आज हेमन्त सोरेन जैसे नेतृत्व की ओर आशा से देख रहा है.झारखंड  के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में रविवार को देश के विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी प्रतिनिधियों ने CM सोरेन से मुलाकात की. CM ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की धरती वीरता, संघर्ष और स्वाभिमान की जीवंत पहचान रही है. उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक आदिवासी वीर-वीरांगनाओं के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.CM सोरेन ने बताया कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के लिए झारखंड सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है. CM ने बोल कि झारखंड देश का पहला राज्य बन गया है जहां आदिवासी विद्यार्थी सरकारी खर्च पर विदेशों में  उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. CM ने कहा कि पूरे देश में आदिवासी समाज को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने कहा, “सशक्त और आत्मनिर्भर आदिवासी समाज ही भविष्य के भारत की मजबूत नींव बन सकता है.” इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने झारखंड सरकार की नीतियों और आदिवासी हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. गुजरात, महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मणिपुर सहित देश के कई राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने झारखंड सरकार के प्रयासों को ऐतिहासिक बताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया.इस कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान और संघर्ष को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुआ, मंत्री चमरा लिंडा, विधायक मती कल्पना सोरेन, अशोक चौधरी समेत देशभर से आए सैकड़ों आदिवासी प्रतिनिधि मौजूद रहे.

हाड़ कंपाने वाली सर्दी की दस्तक: कई जिलों में जारी हुआ अलर्ट, तापमान गिरेगा 5 डिग्री तक

पटना बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में तापमान तेजी से गिर रहा है और आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 15 दिसंबर के बाद बिहार के कई जिलों में शीतलहर चल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठंड उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर अब बिहार के मौसमपर भी पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में चल रही बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंडी पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ गई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा की तीव्रता की वजह से ठंड का एहसास बरकरार है। 15 दिसंबर के बाद तापमान में बड़ी गिरावट IMD के अनुसार, 15 दिसंबर के बाद बिहार में न्यूनतम तापमान 5°C तक गिर सकता है। दक्षिण बिहार और पठारी जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा तीव्र रहने की संभावना है।     न्यूनतम तापमान: 5°C – 7°C     अधिकतम तापमान: 24°C – 26°C (सामान्य से कम) अब दिन में भी सर्दी करेगी परेशान अभी तक बिहार में ठंड का असर सुबह और रात तक सीमित था, लेकिन अब हालात बदलेंगे। 15 दिसंबर के बाद दिन में भी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे धूप का असर कम महसूस होगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड और अधिक बढ़ सकती है। क्रिसमस और नए साल के आसपास बिहार में इस सीजन की सबसे ठंडी रातें दर्ज हो सकती हैं।

सफारी बस में लगी आग, नाहरगढ़ पार्क में लॉयन्स के बीच बची जान

जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित आमेर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में रविवार को लॉयन सफारी के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, सैलानियों से भरी एक सफारी बस में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर से भी दिखाई दे रही थीं। घटना के समय करीब 30 पर्यटक जंगल की सैर कर रहे थे। अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और पर्यटक जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरने लगे। जैसे ही घटना की सूचना वन विभाग को मिली, टीम को अलर्ट किया गया। एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि रेस्क्यू टीम तुरंत दूसरी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची और सभी सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रही। राठौड़ ने कहा, “हमारी प्राथमिकता थी कि कोई भी पर्यटक खतरे में न पड़े। समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।” इस दौरान पर्यटकों के सामने आग और जंगल में घूम रहे शेर, दोनों का खतरा था। यदि वे गाड़ी से उतरते तो शेर का हमला हो सकता था और अगर नहीं उतरते तो आग से जान को खतरा था। रेस्क्यू टीम की तुरंत मदद से सभी सैलानी सुरक्षित बाहर निकाले गए। सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल यह नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी सफारी के दौरान गाड़ी का पहिया गड्ढे में फंसने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार ऐसे हादसों से वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर सवाल उठ रहे हैं।  

नई नियुक्ति सूची प्रकाशित: छत्तीसगढ़ के हिस्से आए 3 IAS अधिकारी

रायपुर केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC-CSE 2024) के परिणामों के आधार पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चुने गए उम्मीदवारों को कैडर आवंटित कर दिया है. ऑल इंडिया टॉपर शक्ति दुबे को होम स्टेट कैडर उत्तर प्रदेश मिला है. वहीं छत्तीसगढ़ को इस बार 3 नए आईएएस मिले हैं. यूपीएससी 2024 में 65 वीं रैंक हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ कैडर की आईपीएस पूर्वा अग्रवाल को झारखंड कैडर मिला है. किसे मिला छत्तीसगढ़ कैडर ? छत्तीसगढ़ को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 3 अधिकारी मिले हैं. गोकुल आरके ने यूपीएससी 2024 की परीक्षा में 424 रैंक हासिल किया. वी. यशवंथ ने यूपीएससी 2024 की परीक्षा में 424 रैंक हासिल किया. वहीं इशांत जायसवाल ने 441 रैंक हासिल किया है. कैंडिडेट        होम स्टेट            अलॉट हुआ कैडर गोकुल आरके             तमिलनाडू            छत्तीसगढ़ वी. यशवंथ             तेलंगाना            छत्तीसगढ़ इशांत जायसवाल        यूपी            छत्तीसगढ़   UPSC परीक्षा टॉपर्स और उनके कैडर:     शक्ति दुबे – यूपी     हर्षिता गोयल – गुजरात     डोंगरे अर्चित पराग – कर्नाटक     शाह मार्गी चिराग – गुजरात     आकाश गर्ग – AGMUT     कोमल पुनिया – यूपी     आयुषी बंसल – मध्य प्रदेश     राजकृष्ण झा – बिहार     आदित्य विक्रम अग्रवाल – यूपी     मयंक त्रिपाठी – यूपी  

इंडिगो का उड़ान शेड्यूल प्रभावित: जयपुर से 7 उड़ानें आज भी कैंसल

जयपुर  बीते 3 दिनों से देश भर के एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से कोहराम मचा हुआ था। सोमवार को जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमानों ने उड़ान भरनी शुरू कर दी। राजस्थान से इंडिगो की प्रतिदिन करीब 90 उड़ाने संचालित होती हैं। हालांकि आज भी देश भर में इंडिगो की कई उड़ाने कैंसल हो गई हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर  इंडिगो की करीब 7 उड़ाने रद्द हुई हैं। इनमें जयपुर से कोलकाता जाने वाली  (6E 207 JAI-CCU)  जयपुर से हैदराबाद के लिए  (6E-815 JAI-HYD) कोलकाता से जयपुर (6E-715 CCU-JAI), चेन्नई से जयपुर  (6E-6113 MAA-JAI) जयपुर से चेन्नई (6E-5362 JAI-MAA) , दिल्ली से जयपुर ( 6E-5337 DEL-JAI) और बॉम्बे से जयपुर  (6E-5052 BOM-JAI) की उड़ानें रद्द की गई हैं।  इसके अलावा भी देश भर में 100 से ज्यादा उड़ानें आज रद्द होने की जानकारी मिली है। बीते 3 दिनों में जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर करीब 60 से ज्यादा उड़ाने रद्द हुई जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीजीसीए की तरफ से इंडिगो को फ्लाइट कैंसिलेशन को लेकर नोटिस जारी किया जा चुका है तथा कंपनी को निर्देशित किया गया है कि यात्रियों का रिफंड तुरंत जारी किया जाए। इन फ्लाइट्स ने भरी उड़ान     सुबह 5:35 बजे: बेंगलुरु की फ्लाइट 6E-839     सुबह 5:45 बजे: गोवा की फ्लाइट 6E-6977     सुबह 5:50 बजे: चंडीगढ़ की फ्लाइट 6E-7742     सुबह 6:10 बजे: हैदराबाद की फ्लाइट 6E-752     सुबह 6:25 बजे: इंदौर की फ्लाइट 6E-7744     सुबह 6:40 बजे: गुवाहाटी की फ्लाइट 6E-748     सुबह 6:40 बजे: उदयपुर की फ्लाइट 6E-7465     सुबह 9:05 बजे: जयपुर से कोलकाता फ्लाइट 6E-6247     सुबह 9:20 बजे: जयपुर से जैसलमेर फ्लाइट 6E-7675     सुबह 9:45 बजे: जयपुर से चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-7718

डॉ मोहन यादव ने उपभोक्ता संरक्षण और खाद्य आपूर्ति विभाग का किया मूल्यांकन

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा प्रारंभ मुख्यमंत्री जी ने विभाग द्वारा पीडीएस अंतर्गत संपन्न ईकेवायसी प्रक्रिया को सराहा, विभाग को बधाई दी भोपाल  * प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में 5.25 करोड़ से अधिक हितग्राहियों को 22 हजार 800 करोड़ की लागत का 66.25 लाख मेट्रिक टन नि:शुल्का खाद्यन्न वितरण। * पीडीएस अंतर्गत 536.23 लाख हितग्राहियों में से 497.08 लाख हितग्राहियों का हुआ ईकेवायसी। * ईकेवायसी के बाद 34.87 लाख हितग्राहियों का पोर्टल से बिलोपन। इससे प्रतिमाह 32.43 करोड़ की बचत प्रतीक्षारत लगभग 14 लाख नवीन हितग्राहियों को पात्रता पर्ची जारी कर नि:शुल्क  खाद्यन्न का वितरण। * केवायसी करने के 72 घण्टे में पात्रता पर्ची जारी की। * लाड़ली बहनों एवं उज्जवला योजना से लाभान्वित महिलाओं को विगत दो वर्ष में 911.3 करोड़ राशि का अनुदान।  * शहरी गैस वितरण कंपनी को अपेक्षित सहयोग के लिए जिला स्तर पर सिंगल विडों पोर्टल का शुभारंभ।  * इंदौर जिले की 30 उचित मूल्य दुकानों का जन पोषण केंद्र के रूप में उन्नयन।  * पात्र हितग्राहियों के मोबाइल पर एसएमएस द्वारा राशन प्रदाय की सूचना। * मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के वाहनों में जीपीएस के माध्यम से स्टेट लेवल से मॉनिटरिंग।  * उचित मूल्य दुकानों पर आधुनिक पीओएस मशीन लगाई जाएंगी।  * वर्ष 2024-25 में गेहूं के समर्थन मूल्य पर 125 रुपए और वर्ष 2025-26 में 175 रुपए का बोनस दिया गया।  * खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना में प्रोत्साहन राशि का भुगतान। * मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा संचालित गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग  के लिए इमेजिनेशन मेजरमेंट एप, फुमिगेशन एप और इंस्पेक्शन एप बनाए गए हैं। * गोदामो की छत पर सोलर पैनल की स्थापना प्रस्तावित है। * सिंहस्थ 2028 के लिए मेला क्षेत्र में 40 उचित मूल्य दुकानों की स्थापना और अखाड़ों की मांग अनुसार अस्थाई राशन कार्ड जारी किया जाना प्रस्तावित है। अखाड़ों को अस्थाई गैस कनेक्शन भी जारी किए जाएंगे।

फरियाद लेकर 42 से अधिक लोग पहुंचे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक की सुनीं समस्याएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में आये नागरिकों से की मुलाक़ात फरियाद लेकर 42 से अधिक लोग पहुंचे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक की सुनीं समस्याएं  सीएम ने चिकित्सा सहायता, आवास, पुलिस, कब्जे आदि की शिकायत पर अधिकारियों को दिया कार्रवाई का निर्देश  लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यस्तताओं के बीच भी सोमवार को ‘जनता दर्शन’ किया। प्रदेश के हर तबके की खुशहाली के लिए सीएम योगी आमजन से सीधे मुखातिब होकर जनता दर्शन करते हैं। इसके जरिए वे सभी की समस्याएं सुनते और उनका निस्तारण भी कराते हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी अपनी फरियाद लेकर ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे हर नागरिक से सीएम योगी ने मुलाकात की। उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी निश्चिंत होकर घर जाइए, हर समस्या का उचित समाधान कराया जाएगा।  आर्थिक सहायता के लिए लगाई गुहार  ‘जनता दर्शन’ में 42 लोग अपनी परेशानी लेकर पहुंचे। इसमें से पांच लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से एस्टिमेट बनवाने को कहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार पहले ही दिन से चिकित्सा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। धन के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं प्रभावित होगा। प्रदेश में जिस भी जरूरतमंद को इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी तो सरकार सदैव उसके साथ सदैव खड़ी रहेगी।  पुलिस, आवास, अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई का निर्देश  ‘जनता दर्शन’ में लोग पुलिस, अवैध कब्जे की शिकायत लेकर भी पहुंचे। सीएम योगी ने सभी का प्रार्थना पत्र लिया और आदेश दिया कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसके बाद शिकायत करने वालों से फीडबैक भी लिया जाए। सरकार हर पीड़ित की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं आवास की मांग को लेकर भी कुछ जरूरतमंदों ने सीएम योगी से निवेदन किया, जिस पर विचार करते हुए उन्होंने पीएम/सीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।