samacharsecretary.com

ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश, 52,000 नशीले कैप्सूलों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

अबोहर  नगर थाना नंबर 2 की पुलिस को गत रात उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के लाईनपार क्षेत्र में नशीले कैप्सूल व गोलियां बेचने वाले एक गिरोह के पांच जनों को भारी मात्रा में ट्रामाडोल गोलियों व प्रीगाबालिन कैप्सूलों सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस की धारा 22, 29, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है जिन्हें अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल कर कडी पूछताछ की जाएगी। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि सहायक सबइंस्पैक्टर बलविंदर सिंह गत रात पुलिस टीम सहित महाराणा प्रताप मार्केट के निकट गश्त कर रहे थे तो उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि सीडफार्म पक्का निवासी सुखविंदर सिंह पुत्र मिटठू सिंह, विमल कुमार पुत्र पालाराम व नवदीप सिंह पुत्र निशान सिंह तथा ईदगाह बस्ती निवासी आकाश पुत्र बिटटू टांक व बाबा दीप सिह नगर निवासी मोहित पुत्र सुखमंदर सिंह इन्होंनें नई आबादी गली नबर 21 में एक मकान किराये पर लिया हुआ है और यह लोग वहां पर भारी मात्रा में ट्रामाडोल व प्रीगाबालिन कैप्सूलों को स्टोर कर युवकों को चोरी छिपे बेचते हैं जिस पर पुलिस ने बताए स्थान पर दबिश दी तो उक्त सभी युवकों को करीब 52000 प्रेगाबालिन कैप्सूलों व 100 ट्रामाडोल गोलियों सहित गिरफ्तार किया। 

MP Board Exam 2026: 5वीं और 8वीं की डेटशीट घोषित, जानें परीक्षा की तारीखें

भोपाल मध्य प्रदेश में 5वीं और 8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी गई है। एमपी 5वीं 8वीं बोर्ड परीक्षा 26 फरवरी 2026 से शुरू होगी। परीक्षाएं सिंगल शिफ्ट में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच होंगी। स्कूल 10 फरवरी और 10 मार्च, 2026 के बीच प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित करेंगे। प्रथम भाषा के रूप में हिन्दी/उर्दू/मराठी का चयन करने पर द्वितीय भाषा अंग्रेजी और प्रथम भाषा के रूप में अंग्रेजी का चयन करने पर द्वितीय भाषा के रूप में हिंदी का चयन करना अनिवार्य होगा। 8वीं की परीक्षा फर्स्ट लैंग्वेज के पेपर के साथ शुरू होगी। मैथ्स का पेपर 25 फरवरी को होगा। 26 फरवरी को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। एमपी 5वीं बोर्ड परीक्षा टाइम टेबल तारीख विषय 20 फरवरी, 2026 हिंदी (SCERT, NCERT), अंग्रेजी (SCERT, NCERT), उर्दू, मराठी 21 फरवरी, 2026 गणित, संस्कृत (SCERT, NCERT) 23 फरवरी, 2026 हिंदी (SCERT, NCERT), अंग्रेजी (SCERT, NCERT) 25 फरवरी, 2026 पर्यावरण अध्ययन 26 फरवरी, 2026 सामाजिक विज्ञान – (संस्कृत/ क्षेत्रीय भाषा), हिंदी/ उर्दू/ पंजाबी, संस्कृत (SCERT, NCERT) एमपी बोर्ड 8वीं का टाइम टेबल तारीख दिन विषय 20 फरवरी, 2026 शुक्रवार पहली भाषा – (संस्कृत/ क्षेत्रीय भाषा), हिंदी (SCERT, NCERT), अंग्रेजी (SCERT, NCERT), मराठी (SCERT, NCERT) 21 फरवरी, 2026 शनिवार दूसरी भाषा – (संस्कृत/ क्षेत्रीय भाषा), संस्कृत (SCERT, NCERT), हिंदी (SCERT, NCERT), अंग्रेजी (SCERT, NCERT) 23 फरवरी, 2026 सोमवार तीसरी भाषा – (अंग्रेजी / क्षेत्रीय भाषा), अंग्रेजी (SCERT, NCERT), हिंदी / मराठी (SCERT, NCERT) 26 फरवरी, 2026 गुरुवार सामाजिक विज्ञान – (संस्कृत/ क्षेत्रीय भाषा), संस्कृत (SCERT, NCERT), हिंदी / मराठी (SCERT, NCERT) 28 फरवरी, 2026 शनिवार विज्ञान (SCERT, NCERT) एमपी में 5वीं और 8वीं दोनों बोर्ड परीक्षाओं में करीब 24 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हो सकते हैं।  

जम्मू-कश्मीर: नरबल–तांगमर्ग हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की कड़ी चेकिंग, जानिए क्या है वजह

बडगाम  SSP बडगाम के निर्देश पर, नए साल के जश्न से पहले पूरे जिले में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। SDPO मगाम, SHO मगाम, CRPF कंपनी कमांडर और असिस्टेंट कमांडेंट सिक्योरिटी के इंतजामों की निगरानी और उन्हें आसान बनाने के लिए जमीन पर मौजूद रहे। सड़कों की अच्छी तरह से जांच करने और किसी भी संदिग्ध चीज का पता लगाने के लिए खास टीमों ने स्निफ़र डॉग्स, DSMD, और HHMD जैसे मॉडर्न सर्विलांस टूल्स तैनात किए। मगाम इलाके में नरबल-तांगमर्ग हाईवे पर संदिग्ध लोगों और गाड़ियों की फिजिकल जांच की जा रही है। सुरक्षा के इन कड़े उपायों का मकसद जिले में शांति और बिना किसी घटना के नया साल मनाना है। 

ग्लोबल क्वालीफायर की तैयारी पूरी: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए आयरलैंड की टीम फाइनल

डबलिन क्रिकेट आयरलैंड ने आईसीसी महिला टी 20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। गैबी लुईस को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि ओर्ला प्रेंडरगास्ट उप-कप्तान होंगी। यह टूर्नामेंट अगले साल 18 जनवरी से 1 फरवरी तक नेपाल के काठमांडू में खेला जाएगा। हाई परफॉर्मेंस के डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने कहा, हाल ही में साउथ अफ्रीकी दौरा यह दिखाता है कि इंटरनेशनल क्रिकेट कितना मुश्किल हो सकता है, लेकिन इस दौरे ने यह भी बताया कि हमारी टीम कैसे अनुभव से सीखकर खुद को ढाल सकती है और आगे बढ़ सकती है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज कौशल को निखारने और सुधार के लिए जरूरी क्षेत्रों की पहचान करने का एक मौका था। क्वालीफायर में टीम को उस अनुभव को मैदान पर अमल में लाना होगा। उन्होंने कहा, नेपाल का विकेट पारंपरिक रूप से धीमी गति के होते हैं, इसलिए हम टीम में तीन फ्रंटलाइन स्पिनर्स को ले रहे हैं। उम्मीद है कि वे इन परिस्थितियों में अहम भूमिका निभाएंगे। कोई भी खिलाड़ी गंभीर रूप से चोटिल नहीं है। उम्मीद है कि एमी हंटर हल्की चोट से पूरी तरह ठीक हो जाएंगी, जिसकी वजह से वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे से बाहर थीं। हम कोच और टीम को शुभकामनाएं देते हैं। उम्मीद करते हैं कि क्वालीफाइंग अभियान सफल होगा और जून 2026 में आयरलैंड एक बड़े इवेंट में फिर से हिस्सा लेगा। आयरिश टीम 6 जनवरी 2026 को दुबई में 6 दिवसीय कैंप में हिस्सा लेने के लिए रवाना होगी, जिसके बाद 12 जनवरी को नेपाल जाएगी। आयरलैंड की टीम नेपाल और जिम्बाब्वे के खिलाफ दो आधिकारिक वार्म-अप मैच खेलेगी। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर में बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंड, नामीबिया, नेपाल, पापुआ न्यू गिनी, स्कॉटलैंड, थाईलैंड, यूएसए और जिम्बाब्वे की टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। इन टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में बांटा गया है। आयरलैंड को ग्रुप ए में रखा गया है। सभी ग्रुप मुकाबलों के बाद, हर ग्रुप की टॉप तीन टीमें सुपर सिक्स स्टेज में पहुंचेंगी, और इस स्टेज से टॉप चार टीमें टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर के लिए आयरलैंड की टीम: गैबी लुईस (कप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टीना कोल्टर रीली, अलाना डेलजेल, लौरा डेलानी, सारा फॉर्ब्स, एमी हंटर, अर्लीन केली, एमी मैगुइरे, जेन मैगुइरे, लारा मैकब्राइड, कारा मरे, लेह पॉल, ओर्ला प्रेंडरगास्ट, रेबेका स्टोकवेल। 

पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व में शामिल हुए CM नीतीश, लिया आशीर्वाद

पटना  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish) शनिवार को दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व (Guru Gobind Singh Jayanti 2025) पर तख्त श्रीहरिमंदिर जी परिसर, पटना साहिब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।   राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की मुख्यमंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आये जत्थेदारों, श्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमिटी के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा बाल लीला मैणी संगत जाकर वहां भी मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।   इस अवसर पर जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त अनिमेष परासर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण, गुरूद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्यगण, सिख संगत, सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे। 

नेपाल बना बीजिंग की कठपुतली? तिब्बतियों की निगरानी के लिए लगाए गए सीक्रेट कैमरे

चीन चीन ने अपनी निगरानी और दमन नीति को सीमाओं से बाहर फैलाते हुए नेपाल में तिब्बतियों की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए अमेरिकी तकनीक से लैस सर्विलांस कैमरे स्थापित किए हैं। नेपाल से सामने आ रही रिपोर्टों के मुताबिक, काठमांडू और सीमा क्षेत्रों में गुप्त कैमरे बड़ी संख्या में लगाए गए हैं, जिनका उद्देश्य सुरक्षा नहीं बल्कि तिब्बती समुदाय की निगरानी बताया जा रहा है। तिब्बती संसद-इन-एग्ज़ाइल की उपाध्यक्ष डोल्मा त्सेरिंग ने इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ये कैमरे तिब्बतियों को मानवाधिकार प्रदर्शनों में हिस्सा लेने, चीन में हो रहे अत्याचारों पर बोलने और स्वतंत्र आवाज़ उठाने से डराने का जरिया बन गए हैं। उन्होंने कहा कि ल्हासा में घरों की खिड़कियों से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरे हैं, जो चीन की दमनकारी नीति को दर्शाता है। डोल्मा त्सेरिंग ने आरोप लगाया कि नेपाल सरकार चीन के दबाव में आकर तिब्बतियों की आवाजाही सीमित कर रही है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से इस “सीमापार आक्रामकता” पर संज्ञान लेने और कार्रवाई की मांग की। उनके मुताबिक, पहले नेपाल तिब्बती शरणार्थियों के लिए सुरक्षित मार्ग था, लेकिन अब वहां से भारत और अन्य देशों तक पहुंच लगभग ठप हो गई है।   तिब्बती संसद सदस्य ल्हा ग्यारी नामग्याल डोलकर ने भी चिंता जताते हुए कहा कि चीन ने निगरानी तकनीक को वैश्विक स्तर पर तिब्बतियों, उइगरों, मंगोलियनों और हांगकांग वासियों को दबाने के हथियार में बदल दिया है। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों से भी सवाल किया कि उनकी तकनीक का इस्तेमाल मानवाधिकार हनन के लिए हो रहा है। तिब्बती नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने ध्यान नहीं दिया, तो चीन की यह नीति क्षेत्रीय संप्रभुता और भारत सहित पड़ोसी देशों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बन सकती है।  

आलू की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट से हाहाकार, हरियाणा के किसान संकट में; BKU ने CM सैनी को लिखा पत्र

चंडीगढ़  भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य की मंडियों में आलू के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सफेद आलू उत्पादक किसान गंभीर आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भावान्तर भरपाई योजना अब तक लागू नहीं की गई, जो किसानों के साथ अन्याय है।  भाकियू (चढ़ूनी) के अनुसार प्रदेश की अधिकांश मंडियों, विशेषकर पंचकुला, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र की पिपली, शाहाबाद, बैबन आदि मंडियों में सफेद आलू के भाव लगातार गिर रहे हैं और यह भाव किसानों की उत्पादन लागत से काफी नीचे चले गए हैं। यूनियन ने बताया कि दूसरी ओर लाल आलू का भाव अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है, जिससे मंडियों का औसत/मॉडल के कारण भाव ऊपर दिखाया जा रहा है। इसका सीधा नुकसान सफेद आलू उत्पादक किसानों को उठाना पड़ रहा है, क्योंकि इसी औसत के आधार पर उन्हें भावान्तर भरपाई योजना से बाहर किया जा रहा है।   भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने कहा कि जब सफेद आलू का वास्तविक दाम बेहद कम है, तो उसे लाल आलू के साथ जोड़कर औसत निकालना सरासर अन्याय है। यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि आलू की फसल मंडियों में आने के बावजूद पोर्टल पर किसानों द्वारा रजिस्टर्ड फसल का सत्यापन अभी तक पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण ई-खरीद पोर्टल पर कोटा जारी नहीं हो पा रहा और मंडियों में ऑनलाइन गेट पास नहीं कट रहे। इससे किसानों को मजबूरी में औने-पौने दामों पर फसल बेचनी पड़ रही है।  किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया, तो सफेद आलू उत्पादक किसानों को भारी नुकसान होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभागों की होगी, साथ ही यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की मांगों पर जल्दी निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन को आंदोलनात्मक रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।

मद्य निषेध विभाग में तबादलों की लिस्ट जारी, बिहार में 6 अधिकारियों की नई तैनाती

पटना बिहार में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया। करीब आधा दर्जन अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। इस संबंध में विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर जानकारी दी गई है। कई अधिकारियों को वर्त्तमान पदस्थापन से स्थानांतरित कर नए स्थानों पर पदस्थापित किया गया है। यह आदेश अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। किन अधिकारियों का हुआ तबादला? जारी अधिसूचना के अनुसार, अमृता कुमारी को आयुक्त उत्पाद के सचिव के साथ सहायक आयुक्त मद्यनिषेध का दायित्व सौंपा गया है। वहीं आदित्य कुमार को दानापुर का मद्यनिषेध अधीक्षक तो दीपक कुमार मिश्र को किशनगंज का मद्यनिषेध अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त मनोज कुमार राय को औरंगाबाद का मद्यनिषेध अधीक्षक, मनोज कुमार को सहरसा का मद्यनिषेध सहायक आयुक्त, अशोक कुमार को सुपौल का मद्यनिषेध अधीक्षक नियुक्त किया गया है।  

शहीदी दिहाड़े के मौके पर पंजाब में हो ‘ड्राई डे’ घोषित, जत्थेदार गड़गज का बयान!

श्री फतेहगढ़ साहिब/अमृतसर  श्री फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के आखिरी दिन सजाए गए नगर कीर्तन के दौरान श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज विशेष तौर पर शामिल हुए। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया और शहीदों को नमन किया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि श्री फतेहगढ़ साहिब शहीदों की पवित्र धरती है, जहां छोटे साहिबजादों ने धर्म और इंसाफ के लिए अपनी शहादत दी। इसके अलावा जत्थेदार गड़गज ने कहा कि जब मैं आ रहा था तो एक 20 साल का युवक मिला उसके हाथ में एक तख्ती थी जिसमें लिखा था कि अगर 2 अक्टूबर और 15 अगस्त को शराब के ठेके बंद हो सकते हैं तो साहिबजादों के शहीदी दिवस पर शहीदी सभा के दौरान पंजाब में शराब के ठेके बंद क्यों नहीं हो सकते। इस दौरान जत्थेदार गड़गज ने कहा कि पंथ चाहता है कि साहिबजादों के शहीदी समागमों पर पूरे पंजाब में शराब के ठेके बंद होने चाहिए ताकि शहीदों की याद पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जा सके। 

सांस लेना हुआ मुश्किल: Amritsar में हवा बनी जहरीली, AQI बेहद खराब स्तर पर

पंजाब  अमृतसर में वायु प्रदूषण ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, न्यू अमृतसर कॉलोनी में AQI (US) का स्तर 963 तक पहुंच गया है, जिसे “बेहद खतरनाक” श्रेणी में रखा गया है। यह स्तर 27 दिसंबर 2025 को सुबह 10:07 बजे दर्ज किया गया, जिसके बाद अमृतसर दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। हालांकि यह आंकड़े एक एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग वेबसाइट के माध्यम से सामने आए हैं। वहीं दूसरी ओर, अमृतसर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सूत्रों के अनुसार आज सुबह अमृतसर में AQI का स्तर 571 दर्ज किया गया है। यह स्तर देश की सबसे प्रदूषित मानी जाने वाली राजधानी दिल्ली से भी अधिक है। अब सवाल यह उठता है कि वेबसाइट के आंकड़ों और सरकारी आंकड़ों में इतना अंतर क्यों दिखाई दे रहा है। दरअसल, वेबसाइट पर जो डेटा दिखाया गया है वह US AQI स्टैंडर्ड पर आधारित है, जबकि भारत में वायु गुणवत्ता मापने का पैमाना अमेरिका से अलग है। इसी वजह से दोनों आंकड़ों में अंतर देखने को मिल रहा है। इस अंतर को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि अलग-अलग मानकों के कारण AQI का स्तर अलग दिख सकता है, लेकिन दोनों ही हालात अमृतसर की हवा को बेहद खतरनाक स्थिति में दर्शाते हैं।