samacharsecretary.com

अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़, छापेमारी में मकान मालिक और महिला दबोचे गए

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज एक बार फिर पुलिस ने बोईरदादर इलाके में देह व्यापार के अड्डे पर दबिश दी। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार देह व्यापार की सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक योजना बनाकर बोईरदादर स्थित एक मकान में रेड की। कार्रवाई के दौरान मौके से मकान मालिक नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक नारायण वैष्णव के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। वहीं आरोपी के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। इस पूरी कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना, साइबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम शामिल रही, जिन्होंने समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है और देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। बता दें कि एक हप्ते के भीतर पुलिस ने पीटा एक्ट के तहत यह तीसरी कार्रवाई की है। मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस देह व्यापार सहित सभी प्रकार की सामाजिक बुराइयों का पूर्णतः खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन में सर्वदलीय बैठक को किया संबोधित

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक 9 फरवरी (सोमवार) से प्रारंभ होगा विधान मंडल  का बजट सत्र लखनऊ विधान मंडल का बजट सत्र 9 फरवरी (सोमवार) से प्रारंभ होगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री व नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने का अनुरोध करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में रखें और इस पर स्वस्थ चर्चा कर प्रदेश में विकास को गति प्रदान करने के लिए सरकार का सहयोग करें। विधानसभा सत्र संचालन के संबंध में विधान भवन में आयोजित इस सर्वदलीय बैठक में नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन में स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। स्वस्थ चर्चा से प्रदेश का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान होता है। जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के हित से जुड़े हर मुद्दों पर सदन में सुचारु रूप से चर्चा करनी चाहिए। सदन के संचालन में किसी प्रकार की बाधाएं न आएं, इसका ध्यान सभी सदस्यों को रखना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन के सुचारु संचालन के लिए सभी सदस्यों का सहयोग मांगा। बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, निषाद पार्टी के रमेश सिंह, लोकदल के राजपाल बालियान, अपना दल के रामनिवास वर्मा आदि मौजूद रहे।

आध्यात्म के साथ सेवा ही सनातन दर्शन – मंत्री विश्वास कैलाश सारंग

रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर की जिला प्रशासन की बैठक मंत्री सारंग एवं पंडित प्रदीप मिश्रा ने कुबेरेश्वरधाम में अस्पताल का किया लोकार्पण भोपाल सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को सीहोर स्थित कुबेरेश्वरधाम में विट्ठलेश सेवा समिति, सीहोर के तत्वावधान में निर्मित पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री सारंग एवं पंडित मिश्रा ने संयुक्त रूप से अस्पताल का लोकार्पण कर श्रद्धालुओं एवं आमजन को समर्पित किया। मंत्री सारंग ने इस अवसर पर कहा कि आध्यात्म के साथ सेवा ही सनातन दर्शन है। जब भक्ति के साथ मानव सेवा जुड़ जाती है, तो वह समाज के लिए एक सशक्त आधार बनती है। उन्होंने कहा कि पूज्य कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने देश-विदेश में सनातन संस्कृति का ध्वज फहराया है और अपनी कथाओं के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि कुबेरेश्वरधाम में निर्मित यह अस्पताल श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात है। यहां आने वाले हजारों भक्तों को अब बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 20 बिस्तरीय आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल नव निर्मित पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय 20 बिस्तरों की क्षमता वाला एक आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल है, जहां श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। इस अस्पताल में ओपीडी एवं आईपीडी की सुविधा, आईसीयू की व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, ईसीजी, वेंटिलेटर तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त हो सके। रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर की जिला प्रशासन की बैठक मंत्री सारंग ने सुप्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा की उपस्थिति में कुबेरेश्वरधाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि श्रद्धालुओं के लिए शेड बनाए गए हैं, प्रवेश-निकास मार्ग सुव्यवस्थित किए गए हैं तथा अलग-अलग सेक्टर में दर्शन की व्यवस्था की गई है। स्थल पर 500 से अधिक शौचालयों के साथ चलित शौचालयों की भी व्यवस्था की जाएगी। पेयजल के लिए टैंकर लगाए जाएंगे। बताया गया कि आपात स्थिति के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिये 20 से अधिक एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए 1500 से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि महोत्सव सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो। बैठक में जिला कलेक्टर, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।  

बिहार में प्रदूषण का कहर: इस शहर का AQI 400 पार, लोग बेहाल

मुजफ्फरपुर मुजफ्फरपुर शहर में प्रदूषण ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फरवरी महीने में शहर की हवा सबसे ज्यादा खराब दर्ज की गई है। प्रदूषण का स्तर अति खराब श्रेणी में पहुंच गया है और शहर का AQI 439 से अधिक दर्ज किया गया, जो इस महीने का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है। प्रदूषण से लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है और शहर की हवा एक बार फिर बेहद दमघोंटू हो गई है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अब इसकी रोकथाम में जुट गया है। दूसरी बार इस साल दर्ज हुआ इतना खराब AQI बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में प्रदूषण का स्तर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि इस साल दूसरी बार शहर का AQI सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों ने एक बार फिर नगर निगम प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ये आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट पर आधारित हैं। इनके अनुसार मुजफ्फरपुर जिले में प्रदूषण का स्तर 439 दर्ज किया गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में भी स्थिति बेहद खराब रही। मिठनपुरा में AQI 416, ब्रह्मपुरा-दाउदपुर में AQI 406, बुद्ध कॉलोनी में AQI 409 और अरारदह में AQI 413 दर्ज किया गया है। सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ा ठंड से कुछ राहत मिलने के बाद प्रदूषण की यह मार लोगों के लिए एक नई परेशानी बन गई है। इसके चलते सांस से जुड़ी बीमारियों के बढ़ने की आशंका भी काफी बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में धूल, मिट्टी और अन्य कणों की वजह से हालात और बिगड़ गए हैं और मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। नगर निगम की कोशिशें बेअसर प्रदूषण पर काबू पाने में नगर निगम प्रशासन फिलहाल बेबस नजर आ रहा है। नगर निगम की ओर से शहर के अंदर स्प्रिंकल वैन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन यह उपाय अब बेअसर साबित हो रहा है। प्रदूषण के इस खतरनाक आंकड़े के सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और एक बार फिर इसे रोकने के लिए ठोस योजना के साथ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम की टीम बड़ी तैयारी में जुट गई है।  

शिक्षा में एकता: पंजाब के स्कूलों में सभी हितधारक एक मंच पर आए

चंडीगढ़ पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल के तहत पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने आज दूसरी राज्यव्यापी स्कूल-स्तरीय पैरेंट्स (माता-पिता) वर्कशॉप आयोजित की, जिसमें 17.50 लाख से अधिक माता-पिता शामिल हुए। इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बैंस ने कहा कि स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एस.सी.ई.आर.टी.) के नेतृत्व में शुरू की गई इस मेगा पहल ने राज्य की शिक्षा प्रणाली में माता-पिताओं की भागीदारी के लिए एक नया मानक स्थापित किया है, जो पंजाब शिक्षा क्रांति के अंतर्गत शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की सहभागी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत छात्रों के शैक्षिक सफर में माता-पिताओं को सक्रिय भागीदार बनाने का उद्देश्य रखती है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के सरकारी हाई स्कूल, मानकपुर (नंगल) में इस वर्कशॉप में भाग लेते हुए माता-पिताओं और स्कूल के बीच साझेदारी को और मजबूत करने तथा छात्रों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करने के इरादे से माता-पिताओं और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने आगे बताया कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य माता-पिताओं को तनाव-मुक्त परीक्षा तैयारियों संबंधी रणनीतियों से सशक्त बनाना, सकारात्मक रवैये के माध्यम से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना और पंजाब की ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम, जिसमें शीघ्र पता लगाना, रोकथाम और सहायता पर ध्यान केंद्रित करना शामिल है, के तहत नशों की रोकथाम के बारे में जागरूकता पैदा करना था। उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, लालचंद कटारूचक, तरुनप्रीत सिंह सौंद और हरदीप सिंह मुंडियां तथा 40 से अधिक विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में इन वर्कशॉपों में भाग लेकर शिक्षा प्रणाली की मजबूती और समर्थन के प्रति सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैंस ने कहा कि दिसंबर 2025 में आयोजित पहली वर्कशॉप की शानदार सफलता के आधार पर आज आयोजित इस दूसरी वर्कशॉप ने स्कूलों और छात्रों के माता-पिताओं के बीच एक मजबूत साझेदारी को प्रोत्साहित किया, जिसमें माता-पिताओं को अपने बच्चे की शैक्षिक प्रगति के बारे में जानने की इच्छा रखने और होम लर्निंग के समर्थन के बारे में जागरूक किया गया। बैंस ने बताया कि वर्कशॉप की सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने इस आयोजन की निगरानी और सुचारू संचालन के लिए निदेशकों और डी.ई.ओ. सहित 3,000 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया था। उल्लेखनीय है कि इन वर्कशॉपों के लिए पहले ही लगभग 40,000 शिक्षकों को इस वर्कशॉप के बारे में प्रशिक्षण दिया गया था ताकि वास्तविक अर्थों में इस पहल के सकारात्मक प्रभाव को सुनिश्चित किया जा सके। शिक्षा के स्वरूप को बदलने और एक शिक्षित व जागरूक युवा पीढ़ी तैयार करने के लिए स्कूल और माता-पिताओं के बीच तालमेल व सहयोग के प्रभाव को उजागर करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह वर्कशॉप बच्चों की शैक्षिक सफलता और समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक एक सहयोगी घरेलू माहौल सृजित करने के हमारे मिशन का आधार है। भगवंत मान सरकार की राज्यव्यापी पैरेंट्स वर्कशॉप एक सफल कार्यक्रम साबित हुई, जिसमें एक दिन में राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 17.50 लाख से अधिक माता-पिताओं ने भाग लिया। इस दूसरी राज्यव्यापी पैरेंट्स वर्कशॉप में 3,000 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती और लगभग 40,000 प्रशिक्षित शिक्षकों की मौजूदगी ने इसके सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया। इस कार्यक्रम में पांच कैबिनेट मंत्रियों और 40 से अधिक विधायकों ने भाग लिया और प्रत्येक स्कूल में 1 से 1.5 घंटे के सत्र आयोजित किए गए, जो पंजाब शिक्षा क्रांति पहल के अंतर्गत राजनीतिक प्रतिबद्धता, प्रशासनिक तैयारी और सामुदायिक भागीदारी के संयोजन को दर्शाता है।

राजस्थान सीमा पर ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश, राजगढ़ से 5 करोड़ का नशीला केमिकल जब्त

राजगढ़ राजगढ़ जिले की राजस्थान सीमा से सटे माचलपुर क्षेत्र के सुनसान इलाके में एक बार फिर से ड्रग्स बनाने प्रयोग किए जाना वाला कैमिकल पुलिस ने जब्त किया हैं। केमिकल की क़ीमत 5 करोड़ आंकी गई है। इसके चार दिन पहले गोघटपुर गांव में पुलिस ने पकड़ी थी ड्रगस बनाने वाली फैक्ट्री व 4 करोड़ का कैमिक बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक 7-8 फरवरी की रात को थाना माचलपुर में पदस्थ उप निरीक्षक गुड्डू कुशवाह को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में खेत में बनी खंती में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध मादक पदार्थ (एमडी ड्रग्स) निर्माण में प्रयुक्त केमिकल ड्रमों में छिपाकर फेंका गया है। सूचना की तस्दीक एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर तलाशी ली गई।   तलाशी के दौरान खंती में 5 नीले रंग के ड्रम मिले, जिनमें प्लास्टिक की पन्नियों में भरा हुआ सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा केमिकल पाउडर पाया गया, जिससे तेज गंध आ रही थी। प्रारंभिक परीक्षण एवं अनुभव के आधार पर उक्त पदार्थ एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल होना पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से तौल करने पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। पुलिस ने उक्त संपूर्ण मादक पदार्थ को विधिवत सीलबंद कर, साक्षियों की उपस्थिति में जब्त किया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई तथा जब्तशुदा माल को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा किया गया। इस संबंध में थाना माचलपुर में अपराध क्रमांक 35/2026, धारा 30 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। अज्ञात आरोपितो की तलाश की जा रही है तथा अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन जांच जारी है। चार दिन पहले पकड़ी थी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री, 4 करोड़ का कैमिकल मंगलवार रात को राजस्थान पुलिस की स्पेशल टीम झालावाड़ जिले में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक पिकअप को रोककर तलाशी ली। जिसमें ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाला करीब 320 किलो केमिकल मिला। पिकअप सवारों ने बताया कि वह इसे मप्र के आगरा-मालवा जिले की और लेकर जा रहे थे। दस्तावेज मांगने पर कुछ नहीं दिखा सके। उसी से इनपुट मिला था कि राजगढ़ जिले के गोघटपुर गांव में ड्रग्स की फैक्ट्री संचालित हो रही है। इसके बाद राजस्थान व माचलपुर की पुलिस ने संयुक्त रूप से गोघटपुर में रघुनंदन पिता गोवर्धन पाटीदार के मकान पर दबिश दी थी, जहां केमिकल से ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री को पकड़ा। जहां से करीब 4 करोड़ रुपये के केमिकल बरामद किया था, हालांकि आरोपित पाटीदार अभी भी फरार है।

कृषि रथ के माध्यम से किसानों को दी जा रही ई-विकास प्रणाली की जानकारी

भोपाल प्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष“ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हरदा जिले के तीनों विकासखंडों में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। कृषि रथ के साथ कृषि विज्ञान केंद्र, कोलीपुरा के वैज्ञानिक, कृषि विभाग एवं संबद्ध विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा किसानों से सीधा संपर्क कर ई-विकास प्रणाली से उर्वरक क्रय करने के लिये जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नरवाई प्रबंधन, ग्रीष्मकालीन मूंग फसल के स्थान पर उडद, मूंगफली, तिल आदि फसलों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक व जैविक कृषि करने के लिये प्रोत्साहन, मृदा स्वास्थ कार्ड के आधार पर उर्वरको की संतुलित मात्रा का उपयोग करने और भूमि पर बोई गई फसल अनुसार सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग करने आदि का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ किसानों को समसामयिक सलाह भी प्रदान की जा रही है। कृषि रथों द्वारा जिले की 162 ग्राम पंचायतो में भ्रमण किया गया है। इस दौरान 5270 किसानों, 247 जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विभागीय अधिकारी कर्मचारी तथा वैज्ञानिकों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदाय की गई। किसानों को आधुनिक खेती और नरवाई प्रबंधन की दी जा रही जानकारी कटनी जिले के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत खेती की जानकारी देने के लिए कृषि विभाग द्वारा कृषि रथ के माध्‍यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड रीठी के गांवों में 'कृषि रथ' चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं नरवाई प्रबंधन की जानकारी दी गई। किसानों को नरवाई (फसल अवशेष) प्रबंधन के लिए आधुनिक यंत्रों जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिलेज सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, स्ट्रा रीपर और रीपर कम बाइंडर की तकनीकी जानकारी दी। सुपर सीडर और हैप्पी सीडर खेत की तैयारी, नरवाई प्रबंधन और बोनी सहित तीन काम एक साथ करते हैं। इन यंत्रों के उपयोग से न केवल समय और लागत की बचत होती है, बल्कि पैदावार भी अच्छी मिलती है। नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है और वायु प्रदूषण फैलता है, जिससे बीमारियां बढ़ती हैं। नरवाई न जलाकर उसे खाद के रूप में उपयोग करना ही श्रेष्ठ है। किसानों को कस्टम हायरिंग, डीबीटी, यंत्रदूत ग्राम योजना, वर्मी कंपोस्ट, नाडेप और जीवामृत खाद बनाने की विधि की भी जानकारी दी गई।  

धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आग से अफरा-तफरी, मरीजों ने छोड़ा अस्पताल

धनबाद धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के कार्यालय में अचानक आग लग गई। आग से कार्यालय में रखा जरूरी कागजात जल गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के कार्यालय में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। कार्यालय से धुआं उठता देख सुरक्षा कर्मियों और अस्पताल कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। घटना के समय कार्यालय बंद था और बाहर ताला लगा हुआ था। धुआं निकलता देख तुरंत शोर मचाया गया और ताला तोड़कर दरवाजा खोला गया। अंदर घना धुआं फैला हुआ था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों ने सबसे पहले बिजली का कनेक्शन काटा। इसके बाद कार्यालय में प्रवेश कर आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा ली गई, लेकिन तब तक विभाग की कई महत्वपूर्ण फाइलें जलकर नष्ट हो चुकी थीं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। धुएं के कारण अफरातफरी का माहौल घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी.के. गिंदोरिया, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी तुबिद, वरीय अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुमन समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बिजली सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। आग का धुआं पास के वार्डों तक पहुंच गया, जिससे वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। धुएं के कारण कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया और कई लोग अपने मरीजों को लेकर बाहर निकल आए। हालांकि अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों की तत्परता से जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और हालात सामान्य होने के बाद मरीजों को दोबारा वार्डों में भेज दिया गया।  

शातिरों का अनोखा भेष: बोलेरो को बनाया एंबुलेंस, कॉपर और एल्युमिनियम की चोरी करते पकड़े गए

बिलासपुर जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मरों से कॉपर और एल्युमिनियम वायर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य बोलेरो को एंबुलेंस के रूप में तैयार कर पुलिस और लोगों को भ्रमित करते थे। कब्जे से 17.30 लाख का चोरी का माल जब्त इसी वाहन से ट्रांसफार्मरों से चोरी किए गए कॉपर और एल्युमिनियम को कबाड़ी के ठिकाने तक पहुंचाया जाता था। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख 30 हजार रुपये का चोरी का माल, वाहन और औजार जब्त किए हैं।   जांजगीर-चांपा जिले के एएसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि शिवरीनारायण क्षेत्र में जनवरी माह के दौरान ट्रांसफार्मर चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। बिजली विभाग के इंजीनियर ने अपनी शिकायत में बताया कि 13–14 जनवरी की रात रोड दुरपा के पास लगे पुराने ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर चोर ले गए हैं। इसी तरह 22 जनवरी को लोहर्सी के पास लगे ट्रांसफार्मर से लगभग 200 किलो कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट धनंजय यादव ने शिवरीनारायण थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों ने निर्देश पर स्पेशल टीम का गठन किया गया। संगठित गिरोह इस तरह की चोरी में लिप्त जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और पूर्व अपराध रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि एक संगठित गिरोह इस तरह की चोरी में लिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने मस्तूरी क्षेत्र के रिस्दा परसाडीह में रहने वाले अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह गोलमोल जवाब दे रहा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर और केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपित के कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर और एल्युमिनियम वायर, चार मोबाइल, छोटा हाथी वाहन, बोलेरो, कटर मशीन, ब्लेड और पाना-पेंचिस जब्त किए हैं। इनकी हुई गिरफ्तारी पुलिस ने कापर और एल्यूमिनियम चोरी के मामले में अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26), संतोष भास्कर (38), वीरेंद्र सुमन (39), राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20), अमन रात्रे (20) और राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित मस्तूरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। 10 से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आईं पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गिरोह ने मुलमुला और अकलतरा क्षेत्र सहित अन्य गांवों में भी एल्युमिनियम केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके अलावा बलौदाबाजार और बिलासपुर जिले में भी पूर्व में चोरी की वारदातों में शामिल रहे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा 10 से अधिक चोरी की घटनाएं करना सामने आई हैं। आरोपित और उसके सहयोगियों के खिलाफ पूर्व में भी भाटापारा ग्रामीण, गिधौरी, मस्तूरी और पचपेड़ी थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। चोरी का तांबे और एल्यूमिनियम जब्त पूछताछ में पता चला है कि शहर में चोरी के तांबा और एल्यूमिनियम को खपाया जा रहा है। इधर बताया जा रहा है कि शहर के करबला, शनिचरी, सरकंडा, कोनी, उसलापुर ओवरब्रिज, तिफरा ओवरब्रिज और सिरगिट्टी क्षेत्र में तांबा और एल्यूमिनियम खरीदने वालों के बड़े यार्ड हैं।  

एकता कपूर ने किए महाकाल के दर्शन, उज्जैन में दर्शन कर बोलीं – मन को मिली गहरी शांति

उज्जैन उज्जैन महाकाल के दर्शनों के लिए बडी से बडी हस्तियां पहुंचती ही रहती हैं।  इसी कड़ी में प्रसिद्ध टेलीविजन सीरियल निर्माता और फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर आज अपनी टीम के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने अपनी आगामी वेब सीरीज ‘लॉकअप’ की सफलता की कामना को लेकर बाबा महाकाल के दरबार में विधिवत पूजन-अर्चन किया। एकता कपूर ने नंदी हॉल से भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की। इस दौरान दर्शनों के पश्चात उन्होंने “जय श्री महाकाल” का उद्घोष भी किया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा। इस अवसर पर एकता कपूर के साथ फिल्म एवं टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्रियां दीपशिखा नागपाल, नीलम कोठारी, विद्या मालवदे, सीमा किरण सचदेव एवं पूजा भी उपस्थित रहीं। सभी अभिनेत्रियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मंदिर की दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा को अनुभव किया। मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से एकता कपूर एवं उनके साथ आई सभी अभिनेत्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सत्कार किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें बाबा महाकाल की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया और सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद एकता कपूर ने कहा कि उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से उनका नया प्रोजेक्ट दर्शकों का भरपूर प्रेम प्राप्त करेगा। इस धार्मिक यात्रा ने न सिर्फ टीम को मानसिक शांति दी, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा से भी भर दिया।