samacharsecretary.com

होला-मोहल्ला में संगतों को रंग बेचने और फेंकने पर पाबंदी

श्री आनंदपुर साहिब. श्री अकाल तख्त साहिब के एग्जीक्यूटिव और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने सिख समुदाय को संदेश देते हुए कहा कि होला-मोहल्ला खालसा पंथ का राष्ट्रीय त्योहार है, जिसे खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब की धरती पर खालसाई आन-बान और शान के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार गुरमत मर्यादा और पूरे कोड ऑफ कंडक्ट के अनुसार मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को रात 12 बजे गुरुद्वारा किला आनंदगढ़ साहिब में पांच नगाड़े बजाकर होला-मोहल्ला की शुरुआत की जाएगी। 27 फरवरी को गुरुद्वारा श्री पातालपुरी साहिब कीरतपुर साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू होंगे, जिसका भोग 1 मार्च को डाला जाएगा। इसी तरह, तख्त श्री केसगढ़ साहिब में 2 मार्च को श्री अखंड पाठ साहिब शुरू होगा और 4 मार्च को पूरा भोग डाला जाएगा। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने साफ किया कि श्री कीरतपुर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब में रंग बेचने और एक-दूसरे पर रंग फेंकने पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारा होला-मोहल्ला गुरबानी और नाम के रंगों में रंगने का त्योहार है, इसलिए किसी भी तरह की रंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निहंग सिंह फौजा अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सीमित गुलाल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आम संगत पर रंग फेंकना या बेचना मना है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का किया वितरण

मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदान किए चेक लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी परिवारों को क्षतिपूर्ति राशि दिए जाने के अवसर पर कुछ लाभार्थियों को स्वयं चेक वितरण के जरिये आर्थिक सहायता प्रदान की। इनमें मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत हरदोई के गोकर्ण को 2.11 लाख रुपये,  हमीरपुर से मोहन लाल को 1.72 लाख, एटा की विनीता देवी को 1.17 लाख, जालौन के शिवम राजावत को 1.03 लाख तथा कन्नौज की सुशीला सिंह को 88 हजार की क्षतिपूर्ति का चेक प्रदान किया।   कृषि यंत्रीकरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि यंत्रीकरण के तहत एग्रीग्रेटर में रायबरेली के कुलदीप मौर्य को 32 लाख, सीएचसी (कस्टम हायरिंग सेंटर) में लखनऊ के दीपचंद्र को 22.33 लाख, लखनऊ के मटरू प्रसाद को चार लाख, एफएमबी (फॉर्म मशीनरी बैंक) के लिए रायबरेली के कृपाशंकर शुक्ल तथा सीतापुर के अखिलेश तिवारी को 8-8 लाख रुपये का अनुदान दिया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के तहत रायबरेली की प्रीति, सीतापुर की रागिनी वर्मा, उन्नाव की शगुना, लखनऊ की इंदरानी व ऊषा को 5-5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का चेक प्रदान किया। युवा आपदा मित्रों को दी जीवन बीमा पॉलिसी   सीएम योगी ने मंच पर युवा आपदा मित्र कौशलेंद्र कुमार सिंह (लखनऊ), महक श्रीवास्तव (लखीमपुर खीरी), हज्र फातिमा (लखीमपुर खीरी), सुखमन कौर (लखीमपुर खीरी) व शोभित कुमार चौहान (लखीमपुर खीरी) को 5-5 लाख की जीवन बीमा पॉलिसी प्रदान की।

दो पुलिसवालों की चैक पोस्ट पर गोली लगने से संदिग्ध हालत में मौत

गुरदासपुर/दीनानगर. गुरदासपुर जिले के दोरांगला पुलिस स्टेशन के तहत आधियां चेक पोस्ट पर दो पुलिस कर्मियों की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह चेक पोस्ट भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की दूसरी डिफेंस लाइन में है। जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों के शव संदिग्ध हालात में चेक पोस्ट के अंदर मिले हैं। आपको बता दें कि दोनों पुलिस कर्मियों को गोली लगी है। मृतकों की पहचान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और ASI गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसने बाद में गंभीर रूप ले लिया और फायरिंग हो गई। फिलहाल, मौत के असली कारण के बारे में साफ जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी। 

दुर्ग में एसआईआर के बाद घटे 2.17 लाख मतदाता

दुर्ग. चार महीने तक चले एसआईआर के बाद आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया. एसआईआर शुरू होने के पहले 31 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 1452509 मतदाता थे जो आज एसआईआर के बाद अंतिम प्रकाशन के अनुसार घटकर 1235230 रह गए अर्थात एसआईआर के बाद जिले में 2 लाख 17 हजार 279 मतदाता घट गए एसआईआर के दौरान सर्वाधिक 44 हजार 746 मतदाताओं के नाम वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में कटे हैं. शनिवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में महिला मतदाताओं की संख्या 620522 एवं पुरुष 614665 है वहीं 43 तृतीय लिंग है. एसआईआर के पहले व अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं के आंकड़े के अनुसार वैशाली नगर विधान सभा में पहले 254291 मतदाता थे जो एसआईआर के बाद घटकर 209545 हो गया है. इसी प्रकार दुर्ग शहर में 42954 मतदाता गायब हो गए. यहां 236265 से घटकर अब 195368 मतदाता रह गए हैं. अहिवारा में 39358 मतदाताओं के नाम कटे हैं. यहां 243616 से घटकर कुल मतदाता अब 2204258 हो गए हैं, जबकि भिलाईनगर में 163324 से घटकर अब 127023 मतदाता रह गए हैं. सबसे कम पाटन में 17125 मतदाताओं के नाम कटे: एसआईआर के दौरान सबसे कम पाटन विधानसभा में मात्र 17125 मतदाताओं के नाम कटे हैं. एसआईआर के पहले मतदाताओं की संख्या के हिसाब से पाटन जिले का चौथे नंबर का बड़ा विधानसभा था जो अब वैशाली नगर के बाद दूसरा सबसे बड़ा विधानसभा हो गया है. पाटन में 222681 से घटकर अब 205556 मतदाता हो गए हैं. इसी प्रकार दर्ग ग्रामीण में 222544 से घटकर अब 195368 मतदाता रह गए हैं. वहीं जिले के अंतर्गत आने वाले साजा विधानसभा के आंशिक क्षेत्र में 7359 एवं बेमेतरा आंशिक में 2260 मतदाता कम हुए हैं. प्रारूप प्रकाशन के बाद हुई 31786 मतदाताओं की वृद्धि : गौरतलब है कि एसआईआर के दौरान घर घर जाकर 4 नवम्बर से 18 दिसंबर 2025 तक गणना पत्रक भरे गए. इसके बाद 23 दिसंबर 2025 को इसका प्रारूप प्रकाशन किया गया. इसके अनुसार मतदाता सूची में जिले में कुल 1203444 मतदाता थे. इसके उपरांत दावा आपत्ति प्राप्त किए गए एवं नोटिस जारी कर सुनवाई की गई, इसमें प्रारूप प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 31786 और बढ़ गई.

15 मार्च तक मनरेगा और जून तक पीएम आवास पूर्ण करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा.  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने जिले के सभी जनपद सीईओ, सहायक अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक और रोजगार सहायकों को निर्देश दिए हैं कि मनरेगा के तहत सूचीबद्ध सभी कार्यों को 15 मार्च तक निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने, श्रमिकों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने और गुणवत्ता से समझौता न करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण और साप्ताहिक प्रगति समीक्षा के निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों में हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन आवासों को जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। सीईओ ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जल संचयन और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों की समय पर पोर्टल एंट्री सुनिश्चित की जाए तथा युक्तधारा पोर्टल पर योजनाओं की कार्ययोजना नियमित रूप से अपलोड की जाए। जल संरक्षण के तहत निजी डबरी प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए। सीईओ ने चेतावनी दी कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर भारत की ट्रेनों का ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के कारण बदला रूट

बिलासपुर. उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के व्यास नगर–काशी सेक्शन में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कुछ गाड़ियां परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। 25 फरवरी 2026 को गोंदिया से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस चुनार–प्रयागराज–फाफामऊ–जंघई–जौनपुर मार्ग से होकर बरौनी जाएगी। इसी तरह 25 फरवरी 2026 को दुर्ग से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18201 दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस मानिकपुर–प्रयागराज–माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–सुल्तानपुर–अयोध्या धाम–गोरखपुर के रास्ते नौतनवा पहुंचेगी। शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त एसी-3 कोच यात्रियों की सुविधा और अधिकाधिक कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 18030/18029 शालीमार–एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 कोच जोड़ा जा रहा है। यह सुविधा 21 से 27 फरवरी 2026 तक शालीमार से चलने वाली गाड़ी संख्या 18030 शालीमार–एलटीटी एक्सप्रेस में उपलब्ध रहेगी। वहीं 23 से 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को एलटीटी से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस में यह सुविधा दी जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।

धान उपार्जन में फर्जीवाड़ा करने वाले राइस मिल के मुंशी समेत 4 गिरफ्तार

बिलासपुर. बिल्हा थाना क्षेत्र में धान उपार्जन में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राइस मिल के मुंशी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 360 क्विंटल धान की फर्जी आवक-जावक दर्शाकर शासन को लगभग 8 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। मामले में प्रार्थी धर्मराज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मुंशी श्यामसुंदर अग्रवाल ने बिना जानकारी के फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर उपार्जन केंद्र बोडसरा और बिटकुली से 180-180 क्विंटल, कुल 360 क्विंटल धान (करीब 450 बोरी) की हेराफेरी की। इस धान की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत पर बिल्हा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान श्यामसुंदर अग्रवाल को सिलतरा, रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर बोडसरा केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर धनंजय यादव और प्रभारी प्रबंधक अशोक मरावी के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी की, जिससे करीब 4 लाख रुपये की अवैध कमाई हुई। इसी प्रकार बिटकुली केंद्र में प्रभारी प्रबंधक ललित बघेल के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी कर शासन को लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने श्यामसुंदर अग्रवाल, अशोक कुमार मरावी, ललित कुमार बघेल और धनंजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिल्हा के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

कौशल्या धाम में पहुंची प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा

रायपुर. चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापना के लिए ग्वालियर से भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी प्रतिमा रायपुर पहुंच गई है. प्रतिमा रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट डिजाइन सेंटर में प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने इस मूर्ति का निर्माण किया है. प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा की स्थापना कांग्रेस शासनकाल में कौशल्या धाम परिसर में वर्ष 2021 में 51 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा के स्थान पर की जाएगी. बता दें कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने उस समय राम वन पथ गमन और कौशल्या धाम जीर्णोद्धार को एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रचारित किया था. प्रतिमा के स्वरूप को लेकर विपक्ष में रही भाजपा ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि भगवान राम के स्वरूप के अनुरूप मनमोहक नहीं है. यह प्रतिमा भी ग्वालियर के मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा द्वारा बनाई गई थी. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र विगत वर्ष 20 नवंबर को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद भी नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए नई प्रतिमा के संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा था. पत्र में उल्लेख किया गया था कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद भी यह मांग लगातार उठती रही, किंतु दो वर्षों के बाद भी मूर्ति परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से जनता में निराशा व्याप्त है. पर्यटन मंत्री ने दिया था आश्वासन पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में इसी माह प्रभु श्रीराम की नई मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी. मूर्ति पूरी तरह तैयार है. रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान के साथ इसकी स्थापना की जाएगी.

ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी 15% बढ़ा दिया टैरिफ

नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर एक बार फिर से बड़ा ऐलान किया है। शनिवार को उन्होंने कहा कि अब से तुरंत प्रभाव से दुनिया के सभी देशों पर लगने वाला 10% टैरिफ बढ़ाकर 15% कर दिया जाएगा। ट्रंप का कहना है कि कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठाते आए हैं, लेकिन अब उनकी सरकार इसे रोक रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में वे और नए-नए टैक्स तय करेंगे, जो कानूनी होंगे। उनका मकसद अमेरिका को और भी मजबूत और महान बनाना है – पहले से कहीं ज्यादा! डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 20 फरवरी को 6-3 के फैसले में बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने माना कि ट्रंप ने इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) का दुरुपयोग किया, जो राष्ट्रीय आपातकाल के लिए आरक्षित है और इस कानून के तहत वैश्विक टैरिफ लगाना असंवैधानिक है। इस फैसले से ट्रंप के आर्थिक एजेंडे को गहरा धक्का लगा, क्योंकि ये टैरिफ लगभग सभी अमेरिकी व्यापारिक भागीदारों पर लागू थे। हालांकि, स्टील और एल्युमिनियम जैसे क्षेत्र-विशेष टैरिफ प्रभावित नहीं हुए, जो सेक्शन 232 जैसे अलग कानूनों के तहत लगाए गए थे। इस निर्णय से अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ गई है और व्यवसायों को अरबों डॉलर के टैरिफ रिफंड की उम्मीद है। कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन जी. रॉबर्ट्स जूनियर ने फैसले में लिखा कि कांग्रेस ही टैरिफ लगाने का अधिकार रखती है, राष्ट्रपति नहीं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भड़के ट्रंप ट्रंप ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी, इसे भयानक और शर्मनाक बताते हुए न्यायाधीशों को मूर्ख कहा। उन्होंने इसे गहरा निराशाजनक करार दिया और कहा कि विदेशी देश खुश हैं, लेकिन ज्यादा देर नहीं टिकेगा। फैसले के कुछ घंटों बाद ही ट्रंप ने नया 10% वैश्विक टैरिफ लागू कर दिया, जिसमें कनाडा और मैक्सिको को छूट दी गई है, क्योंकि वे उत्तर अमेरिकी व्यापार समझौते के तहत संरक्षित हैं। ट्रंप ने कहा कि उनके पास बैकअप प्लान है और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कुछ न्यायाधीशों पर शर्म आने की बात कही। उनकी यह प्रतिक्रिया उनके आक्रामक व्यापार नीति को दर्शाती है, जो वैश्विक बाजारों में अस्थिरता पैदा कर रही है। ट्रंप के पास अब क्या है रास्ता डोनाल्ड ट्रंप के पास अब भी कई विकल्प बचे हैं, जैसे सेक्शन 232 और 301 जांचों के तहत क्षेत्र-विशेष टैरिफ लगाना, जो स्टील, एल्युमिनियम और ऑटो जैसे उत्पादों पर पहले से लागू हैं। ये टैरिफ अगले दशक में 635 अरब डॉलर की कमाई कर सकते हैं। ट्रंप अन्य कानूनों का सहारा ले सकते हैं, जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा आधारित टैरिफ, जो सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रभावित नहीं हैं। वे नए कार्यकारी आदेश जारी कर सकते हैं या कांग्रेस से नए कानून की मांग कर सकते हैं, हालांकि राजनीतिक विभाजन के कारण यह मुश्किल है। कुल मिलाकर ट्रंप की व्यापार युद्ध जारी रह सकता है, लेकिन अब अधिक कानूनी जांच के साथ।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण मुठभेड़, जैश का बड़ा आतंकी ढेर

किश्तवाड़ जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में आज सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। जिसमें संगठन का शीर्ष कमांडर मारा गया। अधिकारियों के अनुसार यह एनकाउंटर तब शुरू हुआ जब सेना ने छात्रू के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। उन्हें दो संदिग्ध आतंकवादियों के इलाके में होने की सूचना मिली थी। इस ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर मारा गया। यह संयुक्त कार्रवाई जम्मू और कश्मीर पुलिस, 2 पैराशूट बटालियन विशेष बल और भारतीय सेना ने की। हालांकि, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जारी ऑपरेशन के कारण आतंकवादी का शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और अन्य आतंकवादियों की मौजूदगी को खत्म करने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।