samacharsecretary.com

एंटी माओवादी ऑपरेशन में सफलता: बीजापुर में दो नक्सलियों का खात्मा, एसएलआर-इंसास बरामद

बीजापुर बीजापुर जिले के इंद्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर एक संयुक्त टीम ने एंटी माओवादी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान बृहस्पतिवार सुबह इंद्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद की गई सर्चिंग में वर्दीधारी दो माओवादियों के शव बरामद किए गए। मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल और एक 12 बोर राइफल सहित विस्फोटक तथा अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।  

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुकेश बनिया और संजू दबोचे गए, गांजा, नशीली गोलियां व हथियार बरामद

रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीबाड़ी-नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय अवैध नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहा हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसका भाई संजू गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, नशीली गोलियां और हथियार बरामद किए गए हैं। बता दें कि यह पूरी कार्रवाई डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने अंजाम दिया। गौरतलब है कि मामले की कड़ियां 24 फरवरी 2026 को जुड़ीं, जब थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी। यह ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस पाया गया। यहां से लगभग 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह ठिकाना कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से हाईटेक तरीके से तैयार किया गया था। अब्दुल जाफर के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण भी शामिल हैं। दरम्यानी रात दबिश, सरगना और भाई धराए 25-26 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर की सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी। सूचना को विधिवत रोज़नामचा में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और निर्देशानुसार कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान नेटवर्क का सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू मौके से पकड़े गए। तलाशी में दोनों के कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए। मुकेश बनिया के खिलाफ दर्ज हैं 31 से अधिक आपराधिक मामले पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मुकेश बनिया के खिलाफ 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडागर्दी, बलवा, मारपीट, अवैध शराब बिक्री और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर प्रकरण शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार था और क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाए हुए था। उसका भाई संजू भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ 15 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि मुकेश बनिया लगातार मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और उड़ीसा में अपने ठिकाने बदलता रहा, ताकि गिरफ्तारी से बच सके। नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की पतासाजी में जुटी पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चेन की पतासाजी में जुटी है। पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि सूखे नशे के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया जिला पंचायत का लिपिक, कटनी में लोकायुक्त ने किया एक्शन

कटनी  जिला पंचायत में रिश्वतखोरी का अजब मामला सामने आया है। जहां दो साल पहले रिश्वत लेते पकड़े गए एक सचिव से हाईकोर्ट के आदेश पर बहाली के नाम पर बाबू ने रिश्वत मांगी। सचिव ने लोकायुक्त से शिकायत कर बाबू को ही ट्रैप करवा दिया। जिला पंचायत के लिपिक को लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने पांच हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई से जिला पंचायत में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सह फरियादी सचिव आशीष दुबे वर्ष 2024 में रिश्वत लेने के एक मामले में ट्रैप हुए थे और उन्हें सह आरोपी बनाया गया था। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ ने उन्हें निलंबित कर दिया था। सचिव ने मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके आधार पर आठ माह पूर्व न्यायालय ने उन्हें बहाल करने के आदेश दिए थे। 55,000 रुपये कीमत का मोबाइल मांगा बहाली की फाइल आगे बढ़ाने के लिए वह जिला पंचायत की स्थापना शाखा में पदस्थ लिपिक सत्येंद्र सिंह सोलंकी के पास पहुंचे। वहां उन्होंने फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 55,000 रुपये कीमत का मोबाइल मांगा। सचिव ने इतनी राशि एक साथ न देने की बात कही, जिस पर लिपिक ने किस्तों में राशि लेने की बात तय की। लिपिक ने सचिव से पहली किस्त में 5,000 रुपये, अगले माह 10,000 रुपये और बहाली के बाद शेष राशि देने की बात तय की थी। इसकी शिकायत सचिव आशीष दुबे ने लोकायुक्त जबलपुर एसपी से की थी। लिपिक को रंगे हाथ पकड़ लिया लोकायुक्त एसपी ने मामले की जांच कर शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार को जिला पंचायत में टीम भेजी और जैसे ही आशीष ने किस्त के 5,000 रुपये दिए, लिपिक को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर कार्रवाई जारी है।  

नकली ED बनकर पहुंचे लुटेरे, घर की मेड निकली मास्टरमाइंड

साउथ दिल्ली पुलिस ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक बुज़ुर्ग कपल के घर पर नकली रेड करने वाले घरेलू नौकर और साली को गिरफ्तार कर लिया है। ED ऑफिसर बनकर रेड करने वाले तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, कपल ने 13 फरवरी को नकली ED रेड की खबर दी थी। ED के वकील ने किया नकली रेड का खुलासा एडिशनल DCP ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि घटना 11 फरवरी की है। रेड के दौरान, रिटायर्ड डॉक्टर उषा सभरवाल ने जल्दी से अपने पोते कुणाल सभरवाल को एक एक्स्ट्रा फोन से कॉल किया। कुणाल ED का वकील है। उसने नकली रेड का खुलासा किया। तब तक, आरोपियों ने सारा कैश, ज्वेलरी और महंगी घड़ियां एक टेबल पर जमा कर ली थीं। दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस की गिरफ्त में आरोपित रेखा व पूजा। जब अलार्म बजा, तो आरोपी लगभग 4 लाख रुपये कैश और 6-7 महंगी घड़ियां लेकर भाग गए। CCTV फुटेज में एक नीली बलेनो कार न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से निकलती हुई दिखी। लगभग 350 CCTV फुटेज की जांच करने के बाद, टीम वैशाली के सेक्टर 4 में एक घर पहुंची। घरेलू नौकरानी रेखा देवी की भूमिका भी संदिग्ध लगी। रेखा और पूजा अरेस्ट उसे ट्रेस करने पर पता चला कि वैशाली में जिस घर में टीम पहुंची थी, वह रेखा की ननद पूजा राजपूत का था। टीम ने घर पर रेड की और रेखा और पूजा को अरेस्ट कर लिया। घर से कैश, 6-7 महंगी घड़ियां, एक पिस्टल, ITBP डिप्टी कमांडेंट की नकली यूनिफॉर्म और ID मिली। टीम पूजा के पति प्रकाश कुमार समेत तीन आरोपियों की तलाश कर रही है, जिसने नकली ऑफिसर बनकर लूटपाट की थी। प्रकाश कुमार ITBP में कांस्टेबल है।

मंदिर भूमिपूजन में राष्ट्रपति बोलीं—‘भेदभाव नहीं, सबके लिए है भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद’

जमशेदपुर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को जमशेदपुर के कदमा (मरीन ड्राइव) में प्रस्तावित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा, ''भगवान जगन्नाथ की कृपा पूरी मानवता पर बिना किसी भेदभाव के समान रूप से बरसती है।” राष्ट्रपति ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से की और कहा कि महाप्रभु का दरबार भेदभाव से परे है। यहां जाति, वर्ग या ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं। उन्होंने लोकप्रचलित उक्ति 'जगन्नाथ के भात, जगत पसारे हाथ' का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परंपरा साझा जीवन-मूल्यों और सामूहिकता की प्रतीक है, जहां सभी एक साथ महाप्रसाद ग्रहण कर समरसता का अनुभव करते हैं। मंदिर निर्माण के भूमिपूजन के समय को उन्होंने ईश्वरीय संयोग बताया। उन्होंने कहा कि जैसे रथयात्रा में प्रभु अपनी इच्छा से नंदीघोष रथ पर विराजमान होते हैं, उसी प्रकार इस शिलान्यास का भी यही उचित समय था। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र सामाजिक जागरण का माध्यम बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब नीलांचल के प्रभु का आशीर्वाद जमशेदपुर की धरती पर भी स्थायी रूप से स्थापित होगा। झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं राष्ट्रपति ने जगन्नाथ संस्कृति को जनजातीय और गैर-जनजातीय परंपराओं के अद्भुत समन्वय का प्रतीक बताया। सबर जनजाति के राजा विश्वावसु और ब्राह्मण विद्यापति की कथा का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक एकात्मता की विरासत को रेखांकित किया। ‘दारुब्रह्म’ स्वरूप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लकड़ी के देवता के रूप में भगवान जगन्नाथ प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण-सम्मत जीवनशैली का संदेश देते हैं, जो आदिवासी समाज की मूल चेतना से जुड़ा है। मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ट्रस्ट अध्यक्ष एस.के. बेहरा के अनुसार, करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से ढाई एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना में मुख्य मंदिर डेढ़ एकड़ और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक केंद्र एक एकड़ में बनाया जाएगा। मंदिर की वास्तु-शैली श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी से प्रेरित होगी। 4 वर्षों में मंदिर और दो वर्षों में आध्यात्मिक केंद्र पूरा करने का लक्ष्य है। यहां गीता, भागवत जैसे ग्रंथों के अध्ययन के माध्यम से युवाओं में नैतिकता, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करने की योजना है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का झारखंड आगमन, पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्य सरकार ने किया अभिनंदन

रांची  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को अपने निर्धारित दौरे पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचीं। उनका स्वागत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भव्य तरीके से किया गया। राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। राष्ट्रपति ने भव्य जगन्नाथ मंदिर का किया शिलान्यास राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रोटोकॉल के अनुसार पुलिस और विशेष सुरक्षा बल तैनात किए गए, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी उनके साथ थे। जमशेदपुर प्रशासन ने भी सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली थी। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुआ भूमि पूजन जमशेदपुर के कदमा मरीन ड्राइव पहुंचकर राष्ट्रपति ने भव्य जगन्नाथ मंदिर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनेगा।  

चैंपियंस लीग में रियल मैड्रिड की जीत, विनीसियस की चमक से बेनफिका पस्त

मैड्रिड 15 बार के यूरोपीय चैंपियन रियल मैड्रिड ने शानदार वापसी करते हुए बेनफिका को 2-1 से हराया और कुल 3-1 की बढ़त के साथ यूईएफए चैंपियंस लीग के अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। सैंटियागो बर्नब्यू में खेले गए रोमांचक मुकाबले में विनीसियस जूनियर ने निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई। पहले चरण में 1-0 से पीछे चल रही बेनफिका ने आक्रामक शुरुआत की और 14वें मिनट में राफा सिल्वा के गोल से बढ़त बना ली। गोलकीपर थिबाउट कोर्टुआ ने पहले शानदार बचाव किया, लेकिन रिबाउंड पर राफा ने गेंद को जाल में पहुंचा दिया। हालांकि, रियल मैड्रिड ने तुरंत जवाब दिया। दो मिनट बाद फेडेरिको वाल्वेर्दे के पास पर औरेलियन त्चौआमेनी ने सटीक शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। मुकाबला बराबरी पर आने के बाद दोनों टीमों के बीच तेज़ टक्कर देखने को मिली। 32वें मिनट में आर्डा गुलर ने गोल किया, लेकिन वीएआर ने ऑफसाइड करार देते हुए उसे रद्द कर दिया। पहले हाफ के अंत तक बेनफिका ने भी कई मौके बनाए, लेकिन कोर्टुआ ने शानदार बचाव कर टीम को मैच में बनाए रखा। दूसरे हाफ में रियल ने लय पकड़ी। 60वें मिनट में एक चूक के बाद राफा सिल्वा का जोरदार शॉट क्रॉसबार से टकराया, जिससे रियल को बड़ा झटका लगते-लगते बचा। निर्णायक क्षण 80वें मिनट में आया, जब वाल्वेर्दे ने मिडफील्ड से सटीक पास दिया। विनीसियस जूनियर ने ऑफसाइड ट्रैप को भेदते हुए बॉक्स में प्रवेश किया और शांत दिमाग से गेंद को निचले कोने में पहुंचाकर स्कोर 2-1 कर दिया। इसी के साथ मुकाबले का फैसला हो गया। मैच के बाद त्चौआमेनी ने कहा, “हमने शुरुआत अच्छी नहीं की, लेकिन हमें भरोसा था कि गोल मिलेंगे। मैच के साथ हमने बेहतर प्रदर्शन किया। रक्षा में थोड़े सुधार की जरूरत है, लेकिन जीत सबसे अहम है।” अब अंतिम-16 के ड्रॉ में रियल मैड्रिड का सामना मैनचेस्टर सिटी या स्पोर्टिंग लिस्बन से हो सकता है।  

स्कूल में रेनोवेशन कार्य देखने पहुंचे शिक्षा मंत्री हरजोत ने बच्चों से मांगी माफ़ी

मानसा/अमृतसर. पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मानसा स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस का दौरा कर चल रहे रेनोवेशन कार्य और शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। मंत्री एक अन्य कार्यक्रम में जा रहे थे, तभी रास्ते में स्कूल दिखाई देने पर उन्होंने स्थानीय विधायक डॉ. विजय सिंगला के साथ स्कूल का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्राइमरी विंग में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और पंजाबी विषय से जुड़े कुछ प्रश्न पूछे। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए। मंत्री ने अध्यापकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की सराहना की। स्कूल में इन दिनों करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा रेनोवेशन का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण कुछ कक्षाएं अस्थायी रूप से टीन शेड के नीचे लगाई जा रही हैं। इस पर मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि यह व्यवस्था अस्थायी है और 31 मार्च तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया। रेनोवेशन के काम की रिपोर्ट ली मंत्री ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और स्कूल प्रिंसिपल विजय मिढ्ढा से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। स्कूल में प्रतिदिन लगभग 250 विद्यार्थी पढ़ाई करने आते हैं। निर्माण कार्य के चलते इस बार स्कूल को बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। दौरे के दौरान मंत्री ने स्कूल परिसर और आसपास की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने के आदेश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल के आसपास स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिल सके। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेनोवेशन पूरा होने के बाद यह स्कूल क्षेत्र के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में शामिल होगा।

शिक्षा विभाग ने जारी किया अलर्ट, 7 दिन अनुपस्थिति वाले कर्मचारियों को लगेगा कड़ा कदम

भोपाल  मध्यप्रदेश में अब स्कूलों से गायब रहने वाले शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है। लोक शिक्षण संस्थान विभाग के नए निर्देश के मुताबिक यदि कोई शिक्षक लगातार 7 दिन तक बिना सूचना के अनुपस्थित रहता है, तो उसकी सेवा सीधे समाप्त की जा सकती है। इस फैसले ने शिक्षा महकमे में हलचल मचा दी है। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप ने दो टूक कहा कि विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है। “हर सिस्टम की अपनी मर्यादा होती है। अगर शिक्षक ही जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा?” मंत्री ने साफ कर दिया कि शिक्षा व्यवस्था में ढिलाई या मनमानी अब किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।  क्या है नया आदेश? लगातार 7 दिन बिना सूचना गैरहाजिरी पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई संबंधित अधिकारी को अनुपस्थिति की रिपोर्ट अनिवार्य विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने पर जवाबदेही तय क्यों लिया गया फैसला? सूत्रों के अनुसार, कई जिलों से शिक्षकों की लगातार गैरहाजिरी की शिकायतें मिल रही थीं। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही थी। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है।सख्ती या सख्त संदेश?मंत्री राव उदय प्रताप ने कहा कि यह कदम किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए है। “बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होगा। जो जिम्मेदारी निभाएगा, उसे पूरा सम्मान मिलेगा; लेकिन लापरवाही पर सीधी कार्रवाई होगी। अब देखना होगा कि इस सख्त आदेश के बाद शिक्षा व्यवस्था में कितना सुधार आता है और गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों पर क्या असर पड़ता है। फिलहाल, शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है ड्यूटी से गायब रहना अब महंगा पड़ेगा। 

क्लासिक अवतार में अक्षय कुमार की वापसी, ‘भूत बंगला’ का पहला गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ हुआ रिलीज

मुंबई एक्टर अक्षय कुमार 14 साल बाद अब जल्द ही हॉरर-कॉमेडी के बादशाह डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ फिर से काम कर रहे हैं. इस OG बॉलीवुड जोड़ी की अपकमिंग फिल्म भूत बंगला ​10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. हाल ही में मेकर्स ने इस फिल्म का पहला गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ रिलीज कर दिया है. बता दें कि बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म का ये गाना एक हाई-स्पिरिटेड ट्रैक है. जिसमें अक्षय कुमार को फिर से उनके क्लासिक अवतार को दिखा रहा है. कॉमिक एनर्जी से भरपूर यह एक स्पिरिटेड और पेपी ट्रैक है, ‘राम जी आके भला करेंगे’ फिल्म के सार को बखूबी कैप्चर कर रहा है. इसके इन्फेक्शियस हाई-ऑक्टेन बीट्स और प्लेफुल विजुअल्स हंसी से भरी सवारी के लिए मूड सेट कर देते हैं, जो भूत बंगला ​को एक फुल-थ्रॉटल एंटरटेनर के रूप में मजबूती से एस्टेब्लिश करते हैं. ​प्रीतम द्वारा कंपोज किए गए और अक्षय कुमार के लिखे लिरिक्स के साथ गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ को अरमान मलिक और आरवन (देव अरिजीत) ने गाया है. फिल्म भूत बंगला में अक्षय कुमार के अलावा वामीका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव लीड रोल में नजर आएंगे. प्रियदर्शन द्वारा डायरेक्टेड इस फिल्म को अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म को फारा शेख और वेदांत बाली द्वारा को- प्रोड्यूस किया है.