samacharsecretary.com

होलिका दहन और होली के रंग: विंध्य में चार मार्च को उठेगा खुशियों का गुलाल

मैहर  विंध्य क्षेत्र में इस वर्ष रंगों का पर्व होली परंपरागत मान्यताओं के अनुसार, अलग तिथि पर मनाया जाएगा। मैहर, सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में 2 मार्च की रात होलिका दहन किया जाएगा, जबकि रंगों की होली 4 मार्च को खेली जाएगी। सूतक (शुद्धक) काल लगने के कारण इस बार 3 मार्च को रंग खेलने से परहेज किया जाएगा और तीसरे दिन होली मनाई जाएगी।  2 मार्च की रात होगा होलिका दहन धार्मिक मान्यताओं और पंचांग के अनुसार 2 मार्च को रात्रि लगभग 11 बजे से होलिका दहन का शुभ मुहूर्त प्रारंभ होगा। यह मुहूर्त सुबह तक रहेगा, जिसके दौरान श्रद्धालु परंपरागत विधि-विधान से होलिका दहन करेंगे। विंध्य क्षेत्र में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग होलिका दहन में शामिल होकर पूजा-अर्चना करते हैं। सूतक लगने से 3 मार्च को नहीं खेली जाएगी होली होलिका दहन के बाद सूतक (शुद्धक) काल लगने के कारण कुछ समय तक शुभ कार्य करना वर्जित माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूतक के दौरान रंग खेलना उचित नहीं माना जाता, इसलिए 3 मार्च को होली नहीं खेली जाएगी। इसी कारण विंध्य क्षेत्र में इस बार 4 मार्च को रंगों का त्योहार मनाया जाएगा। पुजारी ने दी धार्मिक जानकारी मैहर के मां शारदा मंदिर के पुजारी पवन पाण्डेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली का पर्व विधि-विधान से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 मार्च की रात 11 बजे से सुबह लगभग 6 बजे तक होलिका दहन किया जा सकता है। इसके बाद सूतक लगने के कारण रंग नहीं खेला जाएगा, इसलिए होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। धार्मिक परंपराओं का रखा जाएगा ध्यान हिंदू संगठन से जुड़े अनुराग मिश्रा ने बताया कि हिंदू धर्म में सूतक काल के दौरान किसी भी प्रकार के शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। होली जैसे धार्मिक पर्व में परंपराओं का विशेष महत्व होता है, इसलिए होलिका दहन 2 मार्च को और रंगों की होली 4 मार्च को मनाने की अपील की गई है। होली को लेकर बढ़ा उत्साह विंध्य क्षेत्र में होली को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बाजारों में रंग-गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की खरीदारी शुरू हो गई है। लोगों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाने की तैयारी की जा रही है। 

सहेलियों को बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव: हॉस्टल से बाहर की गई छात्रा, मोबाइल ऐप से जुड़ती थी अज्ञात युवकों से

 इंदौर  मध्य प्रदेश के इंदौर की देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के कमला नेहरू गर्ल्स हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब डेटा साइंस फर्स्ट ईयर की एक छात्रा की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं. छात्रा पर आरोप है कि वह हॉस्टल की अन्य छात्राओं को कॉलेज लाइफ एन्जॉय करने के बहाने गलत रास्तों पर धकेलने की कोशिश कर रही थी.  मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली यह छात्रा एक विशेष वर्ग से ताल्लुक रखती है. हॉस्टल की 5 छात्राओं ने लिखित शिकायत की है कि वह उन पर 'बॉयफ्रेंड' बनाने का लगातार मानसिक दबाव बना रही थी.  छात्रा पर आरोप है कि वह तमाम मोबाइल ऐप्स के जरिए अज्ञात युवकों से वीडियो कॉल करती थी और अन्य छात्राओं को भी उन युवकों से बात करने के लिए प्रेरित करती थी.   छात्राओं की शिकायत के बाद वार्डन ने जब आरोपी छात्रा के सामान की तलाशी ली, तो वहां से कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद होने की बात सामने आई है. यूनिवर्सिटी का एक्शन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. आरके सिंघई ने कड़ा रुख अपनाया है. छात्रा को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है. पूरे मामले की सत्यता और नेटवर्क का पता लगाने के लिए 5 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है. प्रबंधन इस बात की भी जांच कर रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो काम नहीं कर रहा.  कुलगुरु का बयान कुलगुरु आरके सिंघई ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा और हॉस्टल के माहौल से समझौता नहीं किया जाएगा. जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर छात्रा पर आगे की अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

लोकभवन पहुंचे गोद ग्राम बिजली के ग्रामीण, राज्यपाल की पहल से जागी नई उम्मीद

रायपुर राज्यपाल के गोद ग्राम पंचायत बिजली के ग्रामीणों ने किया लोकभवन का भ्रमण राज्यपाल  रमेन डेका ने आज अपने गोद ग्राम बिजली, जिला गरियाबंद से आए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यो की प्रगति के बारे में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उनके कार्यालय को अवगत कराएं। राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली के ग्रामीण बहुत खुश नजर आए। उनकी आत्मीयता को देखकर ग्रामीण भावुक हो उठे और कहा कि राज्यपाल जी से उन्हें बहुत अपनत्व मिलता है। उनके गांव के विकास के लिए सभी ग्रामीणों ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। सरपंच मती पदमा निषाद ने बताया कि राज्यपाल जी के द्वारा उनके ग्राम पंचायत में टिन शैड, वॉटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पीट, नाडेप इत्यादि का काम करवाया जा रहा है। उनके गांव में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भी है। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G-RAM-G) के तहत भी उनके गांव में काम हो रहा है। इसके अलावा स्कूल में स्मार्ट बोर्ड भी प्रदान किया गया है। जिससे बच्चों की शिक्षा में मदद मिल रही है। उप सरपंच  रोशन राम पटेल ने बताया कि राज्यपाल जी ने जब से उनके गांव को गोद लिया है उनके गांव को विकास की गति मिली है। जिसके लिए पूरे ग्रामीणों की ओर से राज्यपाल का धन्यवाद किया।        बिजली ग्राम पंचायत से आए ग्रामीणों ने इस दौरान लोकभवन का भ्रमण किया और यहां के इतिहास के बारे में जानकारी ली। साथ ही लोकभवन के द्वारा उन्हें महंत घासीदास म्यूजियम का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर राज्यपाल के उप सचिव सु निधि साहू उपस्थित थी।

आग का तांडव: राइस मिल में लगी भीषण आग, भारी नुकसान का अनुमान

राजिम गरियाबंद जिले के बोरिद गांव के पास स्थित तिरुपति सम्पत्ति राइस मिल में शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पलक झपकते ही धान से भरी बोरियां और खाली बारदाने आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते लाखों रुपए का धान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास के हिस्से को सुरक्षित बचा लिया गया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग में करीब 10 लाख रुपये का धान जलकर नष्ट हो गया है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए फिंगेश्वर पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद राइस मिल प्रबंधन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं, समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

होली के मौके पर इंदौर-खड़की स्पेशल ट्रेन: देवास, उज्जैन, नागदा और रतलाम में रुकेगी

इंदौर होली के त्योहार पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने इंदौर से खड़की (पुणे) के बीच स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू करने का ऐलान किया है। गाड़ी नंबर 09324/09323 इंदौर-खड़की-इंदौर स्पेशल ट्रेन स्पेशल किराए पर चलेगी। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, यह ट्रेन होली के दौरान अतिरिक्त भीड़ संभालने के लिए विशेष रूप से संचालित की जा रही है। ट्रेन में एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के कोच शामिल होंगे। दोनों दिशाओं में ट्रेन देवास, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, वसई रोड, भिवंडी रोड, कल्याण और लोनावाला स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन नंबर 09324 की बुकिंग 27 फरवरी 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यह नई ट्रेन न केवल होली यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी, बल्कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। ट्रेन का शेड्यूल • गाड़ी नंबर 09324 (इंदौर-खड़की स्पेशल): 4 मार्च से 25 मार्च 2026 तक हर बुधवार को इंदौर से दोपहर 11:15 बजे रवाना होगी। अगले दिन गुरुवार को सुबह 2:50 बजे खड़की पहुंचेगी। प्रमुख स्टॉप्स देवास (11:50/11:52), उज्जैन (12:40/12:45), नागदा (13:57/14:00), रतलाम (14:35/14:40)। • गाड़ी नंबर 09323 (खड़की-इंदौर स्पेशल): 5 मार्च से 26 मार्च 2026 तक हर गुरुवार को खड़की से सुबह 4:40 बजे रवाना होगी। उसी दिन रात 11:55 बजे इंदौर पहुंचेगी। प्रमुख स्टॉप्स रतलाम (20:30/20:35), नागदा (21:10/21:15), उज्जैन (22:05/22:07), देवास (23:00/23:02)।  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘गुलाल’ होली विशेषांक का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय  में  ‘गुलाल’ होली विशेषांक का विमोचन किया। वरिष्ठ पत्रकार  जगजीत सिंह द्वारा प्रकाशित इस विशेषांक में होली पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक और साहित्यिक पक्षों को समाहित किया गया है। मुख्यमंत्री  साय ने इस अवसर पर कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और भारतीय परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति का पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकाशन हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने इस रचनात्मक पहल के लिए प्रकाशक और उनकी टीम को बधाई दी।  इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री  श्यामबिहारी जायसवाल,  दीपक विश्वकर्मा,  नदीम मेमन तथा श्रमजीवी गिल्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष  आर.के. गांधी उपस्थित थे।

शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, 5 लाख करोड़ का नुकसान

मुंबई  सप्‍ताह का आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार निवेशकों के लिए काफी दर्दनाक रहा. इंट्राडे के दौरान सेंसेक्‍स 1000 अंक और निफ्टी 320 अंक से ज्यादा टूट गए थे. हालांकि कारोबार बंद होने पर शेयर बाजार में थोड़ी रिकवरी रही, फिर भी सेंसेक्‍स 961 अंक या 1.17 फीसदी टूटकर 81287 लेवल पर बंद हुआ और निफ्टी 317 अंक या 1.25 फीसदी गिरकर 25178 पर आ गया.  बीएसई टॉप 30 शेयरों में से 25  शेयर लाल निशान पर बंद हुए. सबसे ज्‍यादा गिरावट सनफार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व और इंडिगो के शेयरों में रही. एफएमसीजी के साथ ही कुछ आईटी शेयरों में भी दबाव दिखाई दिया. बैंकिंग स्‍टॉक भी दबाव में कारोबार करते हुए दिखाई दिए.  क्‍यों आई ये बड़ी गिरावट?     एक्‍सपर्ट्स इस गिरावट को जियो-पॉलिटिकल टेंशन से जोड़ रहे हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर अपडेट सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच अभी कोई समझौता होता हुआ नहीं दिख रहा है. उधर, अमेरिकी सेना  अपनी तैयारियों में जुटी हुई है.      इसके अलावा, अफगानिस्तान और पाकिस्‍तान के बीच जंग छिड़ गई है, जिस कारण एशियाई बजारों में भी दबाव दिखा है, जिस कारण भारतीय शेयर बाजार भी प्रभावित हुआ है.     अमेरिकी S&P 500 और यूरोपीय बाजारों में कमजोरी देखने को मिली है.  टेक-हेवी एशियाई बाजारों ने भी NASDAQ की कमजोरी को फॉलो किया, जिससे भारतीय बाजार दबाव दिखाई दिया.     विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली हो रही है.गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने करीब 3,465.99 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जिससे शेयर बाजार में गिरावट हावी हुई.  5 लाख करोड़ स्‍वाहा भारतीय शेयर बाजार में गिरावट के कारण बीएसई कैपिटलाइजेशन 468.49 लाख करोड़ से घटकर 463.51 लाख करोड़ हो चुका है. इस हिसाब से देखा जाए तो निवेशकों की वैल्‍यूवेशन में 5 लाख करोड़ रुपये की कटौती हुई है. 2,528  शेयरों में गिरावट  बीएसई पर 4,369 एक्टिव शेयरों में से आज 1,660 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,528  शेयर गिरावट पर बंद हुए और 181 शेयर अनचेंज रहे. 340  शेयर 52 सप्‍ताह के निचले स्‍तर पर थे और 100 शेयर 52 वीक के हाई पर पहु्ंच गए. 9 शेयरों में लोअर सर्किट रहा और 10 शेयर 52 वीक के हाई पर पहु्ंच गए. 

Haldiram की 112 किलो मिलावटी मिठाइयाँ होली से पहले पकड़ी, एक्सपायर्ड सामग्री भी थी शामिल

लखनऊ   नवाबों के शहर लखनऊ में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहां मिलावट और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों पर कड़ा एक्‍शन लिया गया है. इस दौरान यहां एक स्टोरेज वेयरहाउस पर छापेमारी की गई तो इस दौरान 1 क्विंटल 12 किलो एक्सपायर्ड मिठाई बरामद की गईं. यहां तक की टीम ने मौके पर ही एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग को नष्ट कर दिया. हैं ना चौंकाने वाली बात? जी, लेकिन बात और बड़ी है.. क्‍योंकि ये मिठाइयां कहीं और नहीं, बल्कि फैजुल्लागंज स्थित हल्दीराम (Haldiram) के यहां पाई गईं. वहीं, अधिकारियों ने छापेमारी में असॉर्टेड पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा और गुजिया के नमूने भी जांच के लिए सील किए हैं. पूरे शहर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 10,415 किलो मसाले और खोया भी सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 55.91 लाख रुपये आंकी गई है. ऐशबाग कोल्ड स्टोरेज पर भी कार्रवाई ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज से 8,499 किलो काली मिर्च और 378 किलो खोया जब्त किया गया. सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने लैब जांच के लिए भेजे गए हैं. महानगर इलाके के ग्लोब कैफे से पनीर और गुजिया के सैंपल लिए गए, जबकि 112 किलो खाद्य सामग्री (करीब 45 हजार रुपये मूल्य) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इंदौर: होली से पहले 11 मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों पर छापे, 37 नमूने लिए गए

इंदौर  इंदौर में होली के त्यौहार को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। इस सप्ताह कलेक्टर शिवम वर्मा ने कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई। इस बैठक में त्यौहार के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि वे अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करें और नमूनों का संग्रहण बढ़ाएं।  अस्वच्छता मिलने पर महिला गृह उद्योग पर कार्रवाई बैठक के बाद प्रशासन की टीम ने न्यू देवास रोड स्थित मालवा मिल क्षेत्र के ओवीके महिला गृह उद्योग पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान वहां मेथी बिस्किट, शकर पारा, मैदा फली और भाकरवाड़ी जैसे उत्पाद बनाए जा रहे थे। मौके पर मौजूद प्रोप्राइटर केतन जैन के सामने यह पाया गया कि निर्माण कार्य अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में हो रहा था। स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी के कारण विभाग ने वहां से 5 नमूने लिए और स्थिति में सुधार होने तक कारखाने में उत्पादन कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया है। विभिन्न क्षेत्रों में सघन सैंपलिंग अभियान खाद्य विभाग की टीम ने शहर के अन्य हिस्सों में भी व्यापक जांच की। बड़ी भमोरी स्थित श्री कृष्ण दूध दही भंडार से मिल्क केक और पेड़ा के नमूने लिए गए, जबकि श्री कृष्ण मिल्क एंड स्वीट्स से मावा और पनीर की जांच की गई। इसी तरह छोटी भमोरी में श्री द्वारकाधीश स्वीट्स और अंबिका स्वीट्स पर कार्रवाई करते हुए बेसन लड्डू, बर्फी और नमकीन के कुल 10 नमूने संकलित किए गए। भमोरी के पार्श्वनाथ स्वीट्स से भी मावा कतली और मिल्क केक के सैंपल लिए गए ताकि त्यौहार पर लोगों को शुद्ध मिठाई मिल सके। दालों और दुग्ध उत्पादों की भी हुई जांच नंदा नगर क्षेत्र में श्री श्याम ट्रेडिंग पर दालों के 5 नमूने और भेरुनाथ नमकीन से नमकीन के 4 नमूने लिए गए। पाटनीपुरा स्थित द्वारकाधीश दूध दही भंडार पर मावा और दही की शुद्धता जांची गई और संचालक को स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा मां उमिया मावा भंडार और महाराजा मिल्क सेंटर पर भी टीम पहुंची, जहां से गुलाब जामुन, घी और दही के नमूने लिए गए। प्रयोगशाला भेजी गई रिपोर्ट  अधिकारियों ने बताया कि आज की कार्रवाई में 11 ठिकानों से कुल 37 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के परिणामों के आधार पर संबंधित मिलावटखोरों या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक यह विशेष जांच अभियान शहर में इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।  

मुख्यमंत्री साय के फैसले से खुश अन्नदाता, धान अंतर राशि पर जताया आभार

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में प्रदेश के किसानों ने सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री साय को धान से तौलकर प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव किसानों की चिंता करते हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है. उन्होंने कहा कि अटल जी के समय किसानों को सशक्त बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होने लगा. इससे पहले किसानों को महाजनों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे वे आर्थिक शोषण का शिकार होते थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा मिल रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंच रहा है और प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक है. उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि धान के अंतर की लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी. 28 फरवरी को बिलासपुर जिले से इस राशि का अंतरण किया जाएगा और पूरे प्रदेश के विकासखंडों में इसे उत्सव की तरह मनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेश भर से आए किसान उपस्थित थे.