samacharsecretary.com

‘चुनाव आते ही दलित प्रेम जागता है’: कांशीराम जयंती पर मायावती ने सपा-कांग्रेस को घेरा

लखनऊ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन पर "दलित विरोधी" राजनीति में लिप्त होने और बसपा संस्थापक कांशीराम की विरासत का चुनावी लाभ के लिए लाभ उठाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ, सपा और कांग्रेस दलित वोट के स्वार्थ में एक "सोची-समझी रणनीति" के तहत कांशीराम की जयंती मना रही हैं। उन्होंने कांग्रेस पर यह कहते हुए निशाना साधा कि कांग्रेस पार्टी केन्द्र में अपनी सरकार रहने के दौरान कांशीराम को 'भारतरत्न' की उपाधि नहीं दी और अब दूसरी पार्टी की सरकार से देने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा, ''यह हास्यास्पद नहीं है तो क्या है?'' मायावती ने दावा किया कि सपा और कांग्रेस ने शुरू से ही, बसपा को ख़त्म करने में लगी रहीं, जिस पार्टी की स्थापना कांशीराम ने की थी। उन्होंने कहा कि उसे कांशीराम की 'एकमात्र उत्तराधिकारी'' व बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के जीते-जी कोई हिला नहीं सकता है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टियों पर कांशीराम के जीते जी उनकी उपेक्षा करने और अब उनकी विरासत का फायदा उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांशीराम के सम्मान में तत्कालीन बसपा सरकार द्वारा किये गये कार्यों को भी तत्कालीन सपा सरकार द्वारा ''अधिकांशः बदल दिया गया। यह है इन पार्टियों का इनके प्रति दोग़ला चाल व चरित्र।'' मायावती ने प्रतिद्वंद्वी दलों के समर्थकों को चुप रहने की सलाह देते हुए कांशीराम की पुस्तक उल्लेख किया और कहा कि ''ऐसे लोगों से दूरी बनाने के लिए ही कांशीराम जी ने 'चमचा युग' के नाम से अंग्रेज़ी में एक किताब भी लिखी है।'' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में कांशीराम के लिए भारत रत्न की मांग की थी और इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखा था।  

Bar Council Elections: पंजाब-हरियाणा में वोटिंग जारी, करनजीत vs सैनी मुकाबला बना रोचक

लुधियाना. महानगर के पॉश इलाकों में शुमार बाड़ेवाल रोड पर स्थित एक कीमती प्लॉट को फर्जी दस्तावेजों के सहारे हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर जालसाजों ने एक महिला की संपत्ति पर नजर गड़ाते हुए न केवल उसके जाली कागजात तैयार किए, बल्कि किसी तीसरी पार्टी को बेचकर उस पर अवैध कब्जा करने का भी प्रयास किया। फिलहाल थाना सराभा नगर की पुलिस ने आरोपी कारण अरोड़ा और उमेश शर्मा के खिलाफ जाली दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता रेनू रानी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बाड़ेवाल इलाके की 'शर्मन जी वाटिका' (महावीर एन्क्लेव के नजदीक) में उसका प्लॉट नंबर 37 स्थित है। करीब 400 वर्ग गज के इस कीमती प्लॉट पर भू-माफियाओं की नजर थी। आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत इस प्लॉट के फर्जी और जाली मलकीयती दस्तावेज तैयार करवा लिए। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने इन जाली कागजातों के आधार पर प्लॉट को आगे किसी दूसरी पार्टी को बेच दिया और मौके पर जाकर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। जब पीड़िता को इस धोखाधड़ी की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह साफ हो गया है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी की नीयत से सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की थी।  पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जिनके जरिए इन फर्जी कागजातों को असली बताकर पेश किया गया था। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

रीवा-रायपुर हवाई सेवा से विकास को मिलेगा नया गति: उपमुख्यमंत्री शुक्ल

रीवा-रायपुर हवाई सेवा से बढ़ेगी विकास की रफ्तार : उप मुख्यमंत्री  शुक्ल रीवा-रायपुर हवाई सेवा से बढ़ी नजदीकियां भोपाल /रायपुर उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल दो दिवसीय रायपुर प्रवास में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और शिष्टाचार भेंट कार्यक्रमों में शामिल हुए। मंगलवार को रायपुर आगमन पर उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे क्वींस क्लब में विंध्य समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि रीवा से रायपुर के लिए शुरू हुई हवाई सेवा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़कों और रेल सेवाओं का बेहतर होना जरूरी है। इससे पहले रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने रीवा से दुर्ग तक ट्रेन सेवा जल्द शुरू करने के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विंध्याचल कल्याण सर्व समाज द्वारा उप मुख्यमंत्री  शुक्ल का अभिनंदन किया गया। यह हवाई सेवा केवल दूरी ही नहीं, बल्कि दिलों को भी जोड़ने का करेगी कार्य :  जायसवाल इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच संबंध बहुत गहरे हैं। उन्होंने कहा कि यह हवाई सेवा केवल दूरी ही नहीं, बल्कि दिलों को भी जोड़ने का कार्य करेगी। विधायक  किरण सिंहदेव ने कहा कि रीवा से रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू होना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आवागमन आसान हो गया है। कार्यक्रम में विधायक  मोतीलाल साहू, रीवा के पूर्व विधायक  के.पी. त्रिपाठी, समाज के संरक्षक  शंकर सिंह गहरवार, अध्यक्ष  कल्याण प्रसाद पांडेय, डॉ. व्यास मुनि द्विवेदी,  मधुकर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।  

बिहार में पुलिस महकमे में बदलाव: लखीसराय और नवगछिया के SP समेत 7 अधिकारियों के ट्रांसफर

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर हैं। राज्य में विधि व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कहते आ रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को गृह विभाग की आरक्षी शाखा से सात पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया दिया गया। इनमें भारतीय पुलिस सेवा के चार और बिहार पुलिस सेवा के तीन अधिकारी शामिल हैं। पहले चार आईपीएस अफसर के बारे में जानते हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के गृह जिले के एसपी कौन बने? गृह विभाग की आरक्षी शाखा की ओर से जारी किए गए पत्र के अनुसार, 2012 बैच के अधिकारी अजय कुमार पांडेय को मद्य निषेध एवं एएनटीएफ का डीआईजी बनाया गया है। वह वर्तमान में पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीआईजी पद पर तैनात हैं। 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को  लखीसराय की एसपी पद की जिम्मेदारी दी गई है। वह वर्तमान में लखीसराय में पुलिस अधीक्षक के पद तैनात हैं। वहीं 2016 राजेश कुमार को नवगछिया में एसपी के पद पर तैनात किया गया है। वह वर्तमान में मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, में पुलिस अधीक्षक के पद तैनात हैं। 2019 बैच के अधिकारी को बिहार पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (कर्मिक 1) के पद पर तैनात किया गया है। वर्तमान में वह लखीसराय से पुलिस अधीक्षक पर तैनात हैं। बाढ़ के एसडीपीओ 1 की जिम्मेदारी आनंद कुमार सिंह को गृह विभाग की आरक्षी शाखा की ओर से जारी किए गए पत्र के अनुसार, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी राम कृष्णा को बाढ़ का एसडीपीओ एक बनाया गया है। वह वर्तमान में कटिहार में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के पद पर हैं। इनके अलावा आनंद कुमार सिंह को पुलिस उपाधीक्षक उच्च न्यायालय, सुरक्षा, पटना के पद पर तैनात किया गया है। वह वर्तमान में बाढ़ के एसडीपीओ 1 के पद पर तैनात हैं। वहीं पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना में पुलिस उपाधीक्षक पद पर तैनात विनोद राम को बिहार पुलिस मुख्यालय में योगदान देने के लिए कहा गया है।

एमपी में LPG की बढ़ी डिमांड, 4 दिन तक वेटिंग; होटल-रेस्टोरेंट के लिए कमर्शियल सिलेंडर की नई गाइडलाइन

भोपाल  मध्य प्रदेश में एलपीजी की किल्लत लगातार बनी हुई है और इसका असर खास तौर पर होटल व रेस्टोरेंट कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है. लगातार आठवें दिन भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो पाई है. हालांकि ऑयल कंपनियों ने नई गाइडलाइन में कुछ राहत देने के संकेत दिए हैं, जिसमें 10 प्रतिशत तक कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही गई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं हुए हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि यदि बुधवार को निर्देश मिलते हैं तो प्रदेश के करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट को राहत मिल सकती है. घरेलू सिलेंडर की मांग में तेज उछाल दूसरी ओर, इस संकट का असर घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है. कमर्शियल सिलेंडर की कमी के चलते घरेलू सिलेंडर की मांग अचानक करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ गई है. इसके कारण अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए 3 से 4 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है. भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार शहर में करीब साढ़े 5 लाख गैस कनेक्शन हैं, जिनमें 80 हजार कमर्शियल और 4.70 लाख घरेलू कनेक्शन शामिल हैं. पहले जहां रोजाना करीब 8500 सिलेंडर बुक होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 14 हजार तक पहुंच गई है, जिससे सप्लाई और मांग के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है. इधर, एलपीजी संकट के बाद प्रदेश में घरेलू सिलेंडर की डिमांड 70 प्रतिशत तक बढ़ गई है। इस वजह से वेटिंग 3 से 4 दिन तक चल रही है। भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि भोपाल में साढ़े 5 लाख घरेलू-कमर्शियल सिलेंडर कनेक्शन हैं। इनमें 80 हजार कमर्शियल और 4.70 लाख घरेलू सिलेंडर कनेक्शन शामिल हैं। 7 दिन पहले तक भोपाल में हर रोज एवरेज 8500 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, जो अब 14 हजार तक पहुंच गई है। डिमांड बढ़ने से 5 से 6 हजार सिलेंडर का अंतर आ गया। इस वजह से आंकड़ा 48 हजार तक पहुंच गया है। सिलेंडर सप्लाई बढ़ाई फूड कंट्रोलर जादौन ने बताया, पिछले 2-3 दिन में भेपाल में ही रोजाना 12 से 13 हजार सिलेंडर की सप्लाई कर रहे हैं। अगले 3 से 4 दिन में क्लियर कर देंगे। भरत और एचपी कंपनी की ऑनलाइन और इंडेन की ऑफलाइन बुकिंग की जा रही है। इंडेन के सबसे ज्यादा 65% तक कनेक्शन हैं। गाइडलाइन आई, आदेश का इंतजार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को लेकर मंगलवार को ऑयल कंपनियों की नई गाइडलाइन आई। जिसमें 12 कैटेगिरी को कमर्शियल सिलेंडर देने की बात कही गई है। इनमें रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों को खपत की 10% आपूर्ति भी शामिल हैं। फूड कंट्रोलर जादौन ने बताया कि विस्तृत आदेश आएंगे, तब सप्लाई शुरू कर देंगे। महाराष्ट्र में 70% सप्लाई, एमपी में भी हो एमपी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया, एसोसिएशन को महाराष्ट्र के उपहार गृहों में 70 प्रतिशत रिलीफ यानी, सिलेंडर दिए जाने के आदेश मिले हैं। एमपी में भी ये आदेश आ सकते हैं। फिलहाल मंगलवार को भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिया गया। इस कारण प्रदेश के 50 हजार से अधिक होटल और रेस्टोरेंट में समस्या बनी रही। यदि इन्हें भी सिलेंडर मिलेंगे तो यह होटल इंडस्ट्री के लिए 'ऑक्सीजन' मिलने जैसा रहेगा। पिछले 8 दिन से सप्लाई नहीं होने से भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में होटल-रेस्टोरेंट में गैस का स्टॉक खत्म हो रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इंडक्शन, डीजल भट्‌ठी के इंतजाम जरूर किए हैं, लेकिन यह बहुत ही खर्चिला है। इसलिए मेन्यू में बदलाव करने की गाइडलाइन जारी की। सिलेंडर की कमी और ग्राहकों की संख्या कम होने के बावजूद प्रदेश के किसी भी होटल या रेस्टोरेंट से कर्मचारियों को नहीं निकाला गया।

मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण के कार्यों को भी गिनाया

1.75 लाख से अधिक बेटियों को मिली सरकारी नौकरी  मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण के कार्यों को भी गिनाया  मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अब तक कराई जा चुकी पांच लाख बेटियों की शादी  लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के महिला कल्याण के कार्यों को भी गिनाया। बताया कि प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी भर्ती हुईं। इसमें 1.75 लाख से अधिक बेटियों की भर्ती की गई। स्वयंसेवी समूह की 1.10 करोड़ से अधिक महिलाएं प्रदेश में आजीविका दीदी के रूप में उद्यमी बनकर कार्य कर रहीं हैं। इस बार के बजट में महिला उद्मयी स्कीम के अंतर्गत अलग से पैसे की व्यवस्था की गई है। पीएम के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना (जन्म से स्नातक तक) 25 हजार का पैकेज, बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये की सहायता सामूहिक विवाह योजना में दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब तक पांच लाख बेटियों की शादी संपन्न कराई जा चुकी है।  जल्द ही पेंशन में वृद्धि करेगी कैबिनेट सीएम ने निराश्रित महिला, वृद्ध व दिव्यांगजन पेंशन की भी चर्चा करते हुए बताया कि 1.06 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रदेश सरकार 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन उपलब्ध करा रही है। इनके कल्याण के लिए कैबिनेट जल्द ही इसमें वृद्धि का भी निर्णय लेगा। सरकार स्नातक व परास्नातक की मेधावी बेटियों को स्कूटी भी उपलब्ध कराएगी। बेटी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति का कार्यक्रम भी चल रहा है। उप्र के प्रतिभावान युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार व स्वरोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। एमएसएमई में तीन करोड़ से अधिक रोजगार, बड़े निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक नौकरियां उपलब्ध कराईं। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अब तक 1.30 लाख से अधिक नए उद्यमी उत्तर प्रदेश में बने हैं। सरकार दो करोड़ से अधिक नौजवानों को टैबलेट देगी, इसमें से 50 लाख युवाओं को टैबलेट दिया जा चुका है, शेष को भी जल्द ही उपलब्ध होगा।

Income Tax Raid: पंजाब के मशहूर ज्वेलर पर छापा, लगातार दूसरे दिन भी जांच में जुटा विभाग

बटाला/चंडीगढ़. कल बटाला शहर के मेन मार्केट नेहरू गेट पर एक बड़े गोल्ड (ज्वेलर) बिजनेसमैन के शोरूम में इनकम टैक्स की रेड पड़ी और कहा जा रहा है कि आधी रात तक शोरूम में रिकॉर्ड खंगाले जाते रहे और आज दूसरे दिन भी चेकिंग जारी है। कल ही, करीब 5 अलग-अलग गाड़ियों में आए बड़ी संख्या में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने नेहरू गेट पर मशहूर सुनार के तीन अलग-अलग शोरूम में घुसकर अपनी जांच शुरू की। देर रात तक वहां चेकिंग जारी रही और अब आज सुबह से उनमें से एक स्टोर में चेकिंग जारी है और एक बड़े शोरूम के शटर बंद हैं। जिस स्टोर में अधिकारी मौजूद हैं, वहां किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है और बाहर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के स्टिकर और प्लेट लगी गाड़ियां खड़ी हैं। इस बीच, इस कार्रवाई के बारे में कोई ऑफिशियल मीडिया सामने नहीं आ रहा है और न ही स्टोर मालिक कुछ कह रहे हैं। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की इस कार्रवाई की दो दिन से चल रही चर्चा से दूसरे बड़े गोल्ड ट्रेडर्स भी घबराए हुए हैं। 

यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोग्राम को लगभग 300 मिलियन डॉलर की मदद प्रदान करेगा विश्व बैंक

वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से विश्व बैंक और यूपी सरकार के बीच समझौते पर हस्ताक्षर यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोग्राम को लगभग 300 मिलियन डॉलर की मदद प्रदान करेगा विश्व बैंक विश्व बैंक की यह पहल उत्तर प्रदेश को पर्यावरण-अनुकूल सतत विकास प्राप्त करने में मजबूती प्रदान करेगी लखनऊ उत्तर प्रदेश में वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से विश्व बैंक, भारत सरकार और प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण समझौते पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता उत्तर प्रदेश स्वच्छ वायु प्रबंधन कार्यक्रम (यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोग्राम) को 299.66  मिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता प्रदान करेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परिवहन, कृषि और उद्योग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में वायु की गुणवत्ता और स्वच्छता के लिए एकीकृत समाधानों को बढ़ावा देना है, जिसका लाभ यूपी के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को ध्यान में रखते हुए विश्व बैंक के साथ इस एमओयू को साइन किया गया। एमओयू पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वच्छ वायु प्रबंधन प्राधिकरण की सीईओ एवं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की सचिव बी. चंद्रकला,  भारत सरकार की ओर से आर्थिक मामलों के विभाग की संयुक्त सचिव जूही मुखर्जी और विश्व बैंक की ओर से भारत के कार्यवाहक कंट्री डायरेक्टर पॉल प्रोसी ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। आर्थिक विकास, उत्पादकता और पर्यावरणीय संतुलन एक-दूसरे के पूरक हैं। इस कार्यक्रम से समृद्धि केवल जीडीपी से नहीं, बल्कि स्वच्छ आकाश, स्वस्थ नागरिकों और सतत एवं स्थायी पर्यावरण से मापी जाएगी। विश्व बैंक के भारत के कार्यवाहक कंट्री डायरेक्टर पॉल प्रोसी का कहना है कि यह कार्यक्रम प्रदेश में परिवहन और एमएसएमई क्षेत्रों में लगभग 150 मिलियन डॉलर की निजी पूंजी का लाभ प्रदान करेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों और तीन-पहिया वाहनों में निवेश, उद्योगों में उत्सर्जन निगरानी प्रणालियों और स्वच्छ प्रौद्योगिकियों के प्रयोग से फर्मों की उत्पादकता में सुधार करने में मदद करेगा।  यह कार्यक्रम प्रदेश के 3.9 मिलियन घरों को स्वच्छ खाना पकाने की सुविधा, 700 से अधिक ईंट भट्ठों को संसाधन-कुशल प्रौद्योगिकी को अपनाने में सहायता प्रदान करेगा। साथ ही किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए कुशल उर्वरक के प्रयोग को प्रेरित करेगा। यह कार्यक्रम विश्व बैंक के इंडो-गंगा मैदान और हिमालयी तलहटी क्षेत्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसकी परिपक्वता अवधि 10 वर्ष है। विश्व बैंक और उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल न केवल प्रदेश को वायु प्रदूषण से निपटने में मदद करेगी, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल सतत विकास की दिशा में भी मजबूती प्रदान करेगी।

श्रद्धा कपूर की शादी की तारीख आई सामने, 39 की उम्र में राहुल मोदी से करेंगी शादी

मुंबई बॉलीवुड की ब्यूटी क्वीन श्रद्धा कपूर अपनी शादी को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. लंबे समय से श्रद्धा का नाम राइटर राहुल मोदी संग जुड़ रहा है. दोनों अपनी शादी को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं. फैंस को भी श्रद्धा को दुल्हन के जोड़े में देखने का इंतजार है. अब श्रद्धा की शादी पर उनकी मौसी तेजस्विनी कोल्हापुरे ने चुप्पी तोड़ी है।  कब दुल्हन बनेंगी श्रद्धा? फ्री प्रेस जर्नल संग बातचीत में श्रद्धा कपूर की मौसी तेजस्विनी कोल्हापुरे ने एक्ट्रेस की शादी को लेकर बात की. श्रद्धा की वेडिंग न्यूज पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा- सच में? मुझे इस बारे में नहीं पता. मुझे तो कोई आइडिया ही नहीं है।  तेजस्विनी कोल्हापुरे ने श्रद्धा की तारीफ करते हुए ये भी कहा कि उन्हें गर्व है कि एक्ट्रेस अपने परिवार की लीगेसी को आगे लेकर गई हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धा ने जिस ग्रेस के साथ परिवार के नाम को रोशन किया है उससे वो बहुत ज्यादा खुश हैं। श्रद्धा संग कैसा है बॉन्ड? श्रद्धा कपूर की मौसी, तेजस्विनी कोल्हापुरे ने ये भी बताया कि वो और श्रद्धा एक दूसरे के काम को डिस्कस करती हैं. दोनों सेट से तस्वीरें, वीडियो और अलग-अलग फिल्मों में एक-दूसरे के लुक शेयर करती हैं. तेजस्विनी ने यह भी बताया कि वो और श्रद्धा एक-दूसरे को सलाह तभी देती हैं, जब उन्हें लगता है कि किसी चीज में वाकई सुधार किया जा सकता है। श्रद्धा कपूर और राहुल मोदी की बात करें तो 2024 से दोनों की डेटिंग की चर्चा है, जब उन्हें डिनर डेट पर स्पॉट किया गया था. दोनों वेकेशन से लेकर कई इवेंट्स तक साथ नजर आते हैं. हालांकि, श्रद्धा और राहुल ने कभी ऑफिशियली अपने रिश्ते को कंफर्म नहीं किया है. मगर दोनों की केमिस्ट्री चर्चा में बनी रहती है. फैंस को अब उन दोनों की शादी का बेसब्री से इंतजार है। श्रद्धा के बॉयफ्रेंड राहुल मोदी पेशे से एक राइटर और फिल्ममेकर हैं. श्रद्धा की बात करें तो एक्ट्रेस जल्द ही फिल्म 'ईथा' में नजर आने वाली हैं।  

पुलिस को धमकी देने वाले अपराधी कुंदन ठाकुर का एनकाउंटर, ‘15 लाशें गिरने’ की दी थी चेतावनी

 मोतिहारी बिहार के मोतिहारी में एक तरफ पुलिस को खुली चुनौती देने वाला कुख्यात अपराधी, दूसरी तरफ उसकी तलाश में जुटी टीम और फिर गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच खत्म हुई एक खौफनाक कहानी. लेकिन इस मुठभेड़ की सबसे दर्दनाक बात रही एक STF जवान की शहादत। घटना सिर्फ एक एनकाउंटर नहीं थी, बल्कि उससे पहले की कहानी कहीं ज्यादा खतरनाक और चौंकाने वाली है. मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर का एक ऑडियो अब सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों दोनों को हैरान कर दिया है. इस ऑडियो में कुंदन ठाकुर जिस बेखौफ अंदाज में पुलिस को धमकी देता सुनाई दे रहा है, वह बताता है कि उसका मनोबल किस कदर बढ़ा हुआ था. बताया जा रहा है कि यह ऑडियो मुठभेड़ से दो दिन पहले का है, जिसमें कुंदन ठाकुर ने चकिया के अपर थानाध्यक्ष को फोन कर सीधी चुनौती दी थी. उसने कहा था जहां मन करे जगह और समय तय कर लीजिए, मैं वहां पहले से मौजूद रहूंगा. 10 से 15 पुलिस वालों की लाशें गिरेंगी और आप लोग मुझे पकड़ भी नहीं पाएंगे। यही नहीं, उसने पुलिस पर परिवार को परेशान करने का आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि अगर मेरे परिवार को तंग किया गया, तो मैं भी आपके परिवार वालों को नहीं छोड़ूंगा. बातचीत के दौरान उसकी आवाज में न डर था, न झिझक… बल्कि एक तरह की खुली चुनौती थी. ऑडियो में कुंदन ठाकुर बार-बार यह दोहराता है कि वह भागने वालों में नहीं है. उसने पुलिस से कहा अगर मुठभेड़ होगा तो हम भागेंगे नहीं, सामने से सामना करेंगे. जब पुलिस ने पूछा कि क्या वह धमकी दे रहा है, तो उसने जवाब दिया धमकी नहीं, सलाह दे रहे हैं। पुलिस के रडार पर था चंदन  पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुंदन ठाकुर लंबे समय से पुलिस के रडार पर था. उसकी गतिविधियों को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी. इसी बीच पुलिस को उसके ठिकाने की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद देर रात एक विशेष टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर दी. जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी में एक STF जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. अपने साथी को खोने के बाद भी पुलिस टीम पीछे नहीं हटी. आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें कुंदन ठाकुर समेत दो अपराधी मौके पर ही ढेर हो गए. इस पूरी कार्रवाई में कुछ समय के लिए पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंजता रहा। लगातार दे रहा था धमकी  पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि कुंदन ठाकुर लगातार पुलिस को धमकियां दे रहा था और उसे पकड़ने के लिए कई दिनों से प्रयास किए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि जैसे ही पुलिस ने ठिकाने को घेरा, अपराधियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. एसपी के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान जिस मकान में अपराधी छिपे थे, उसके मालिक उज्जवल कुमार और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराधियों को किस तरह शरण दी जा रही थी. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।