samacharsecretary.com

राशिफल 5 अप्रैल 2026: मेष से मीन तक, जानिए किसका भाग्य में है साथ और कैसा रहेगा आपका दिन

मेष राशि आज का दिन भागदौड़ वाला रह सकता है। काम एक साथ कई आ सकते हैं, जिससे थोड़ा दबाव महसूस होगा। ऑफिस में किसी बात को लेकर अचानक बदलाव हो सकता है, इसलिए पहले से प्लान बनाकर चलना ठीक रहेगा। पैसों के मामले में जल्दबाजी से बचें। परिवार में सामान्य माहौल रहेगा, लेकिन छोटी बातों को लेकर बहस से बचना होगा। सेहत ठीक रहेगी, बस थकान महसूस हो सकती है। वृषभ राशि आज आपको काम में स्थिरता महसूस हो सकती है। जो काम पिछले कुछ समय से अटका हुआ था, उसमें धीरे-धीरे सुधार दिख सकता है। पैसों के मामले में स्थिति संभली रहेगी। खर्च रहेगा, लेकिन कंट्रोल में रहेगा। परिवार का साथ मिलेगा और किसी पुराने दोस्त से बात हो सकती है। सेहत सामान्य रहेगी, लेकिन खानपान का ध्यान रखें। मिथुन राशि आज आपका ध्यान एक जगह टिकाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। काम के बीच-बीच में ध्यान भटक सकता है। ऐसे में जरूरी काम पहले निपटाना बेहतर रहेगा। पैसों के मामले में कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। रिश्तों में बात साफ रखने की जरूरत है। सेहत ठीक रहेगी, लेकिन नींद पूरी लेना जरूरी रहेगा। कर्क राशि आज मन थोड़ा उलझा रह सकता है। छोटी-छोटी बातों को लेकर ज्यादा सोच सकते हैं। कामकाज में सब ठीक रहेगा, लेकिन आपका ध्यान बार-बार बदल सकता है। परिवार में किसी बात को लेकर चर्चा हो सकती है। पैसों के मामले में स्थिति सामान्य है। सेहत के लिहाज से मानसिक शांति जरूरी रहेगी। सिंह राशि आज काम में देरी या रुकावट आ सकती है। जो चीजें जल्दी होनी चाहिए, उनमें समय लग सकता है। ऐसे में गुस्से से बचना जरूरी रहेगा। ऑफिस में किसी की बात को गलत समझने से बचें। पैसों के मामले में सोच-समझकर खर्च करें। परिवार में माहौल ठीक रहेगा। सेहत सामान्य है। तुला राशि आज आपको काम में संतुलन बनाकर चलना होगा। ज्यादा जिम्मेदारियां एक साथ आ सकती हैं। किसी के साथ मिलकर काम करना पड़े तो बात साफ रखें। पैसों के मामले में दिन ठीक है। रिश्तों में समझदारी दिखानी होगी। सेहत के लिहाज से दिन सामान्य है। धनु राशि आज दिन व्यस्त रह सकता है। काम ज्यादा रहेगा और समय कम लगेगा। ऐसे में प्राथमिकता तय करना जरूरी रहेगा। ऑफिस में कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है। पैसों के मामले में स्थिति ठीक है। परिवार में सहयोग मिलेगा। सेहत का ध्यान रखें, खासकर थकान से बचें। मकर राशि आज आप चीजों को गहराई से समझने की कोशिश करेंगे। हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचेंगे। कामकाज में स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन आप ज्यादा सोच सकते हैं। पैसों के मामले में सावधानी रखें। रिश्तों में दूरी न आने दें। सेहत ठीक है, लेकिन दिमाग को आराम देना जरूरी रहेगा। कुंभ राशि आज घर और काम दोनों जगह संतुलन बनाना जरूरी रहेगा। किसी एक चीज पर ज्यादा ध्यान देने से दूसरी चीज प्रभावित हो सकती है। पैसों के मामले में दिन सामान्य है। किसी पुराने काम को पूरा करने का मौका मिल सकता है। परिवार का साथ मिलेगा। सेहत ठीक रहेगी। कन्या राशि आज आपको सोच-समझकर फैसले लेने होंगे। जल्दी में लिया गया फैसला बाद में बदलना पड़ सकता है। कामकाज में धीरे-धीरे प्रगति होगी। पैसों के मामले में स्थिति ठीक है, लेकिन खर्च पर नजर रखें। रिश्तों में बात साफ रखना जरूरी रहेगा। सेहत सामान्य है। वृश्चिक राशि आज पैसों के मामले में सतर्क रहने की जरूरत है। खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए प्लान बनाकर चलें। कामकाज में स्थिति सामान्य रहेगी। ऑफिस में किसी बात को लेकर दोबारा सोचने की जरूरत पड़ सकती है। परिवार में माहौल ठीक रहेगा। सेहत ठीक है। मीन राशि आज आप थोड़ा अंदर की तरफ रह सकते हैं। ज्यादा बोलने के बजाय सोचने का मन करेगा। कामकाज में जल्दीबाजी से बचना बेहतर रहेगा। पैसों के मामले में कोई बड़ा फैसला टाल सकते हैं। रिश्तों में समय देने की जरूरत है। सेहत के लिहाज से आराम करना जरूरी रहेगा।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में एमपी ट्रांसको की ट्रांसफार्मेशन क्षमता में हुई उल्लेखनीय वृद्धि : ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अपनी स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता में वृद्धि कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत में जहां कुल स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता 81911 एमवीए थी, वहीं मार्च 2026 की स्थिति में यह बढ़कर 84293 एमवीए हो गई है। यह वृद्धि प्रदेश की बढ़ती विद्युत मांग को सुचारु रूप से पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि इस वित्तीय वर्ष में क्षमता विस्तार के लिए एमपी ट्रांसको द्वारा कुल 35 ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए, जिनमें 11 सब-स्टेशनों की क्षमता वृद्धि तथा 21 सब-स्टेशनों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना शामिल है। मंत्री  तोमर ने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। ट्रांसमिशन लाइनें हुईं 43 हजार सर्किट किलोमीटर से अधिक ऊर्जा मंत्री  तोमर ने बताया कि एमपी ट्रांसको ने इस वित्तीय वर्ष में 138 सर्किट किलोमीटर नई एक्स्ट्रा हाईटेंशन लाइनों का निर्माण कर उन्हें ऊर्जीकृत किया है। इसके परिणामस्वरूप कंपनी की कुल ट्रांसमिशन लाइनें बढ़कर 43128 सर्किट किलोमीटर हो गई हैं। पॉवर ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़कर हुई 1046 वर्तमान में मध्यप्रदेश में एमपी ट्रांसको अपने 417 सब-स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कर रही है, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सब-स्टेशन शामिल हैं। 31 मार्च 2026 की स्थिति में एमपी ट्रांसको में कुल क्रियाशील पॉवर ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़कर 1046 हो गई है। इनमें 400 केवी स्तर के 40, 220 केवी के 218 तथा 132 केवी स्तर के 788 ट्रांसफार्मर शामिल हैं।  

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सूरज कुण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने की चली मुहिम

भोपाल जल संरक्षण व संवर्धन के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार सम्पूर्ण प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं को संरक्षित करने एवं संवारने का कार्य किया जा रहा है। ग्वालियर दुर्ग पर स्थित ऐतिहासिक सूरज कुण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर के नेतृत्व में शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्यों और नागरिकों ने सूरज कुण्ड की सफाई का कार्य विशेष अभियान चलाकर किया। ऊर्जा मंत्री  तोमर के नेतृत्व में सूरज कुण्ड की काई को साफ करने के लिये सभी लोगों ने मिल-जुलकर प्रयास किए। नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय के नेतृत्व में निगम का अमला मय संसाधनों के विशेष सफाई अभियान में लगा रहा। ऊर्जा मंत्री  तोमर ने सभी से आग्रह किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सम्पूर्ण जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण व संवर्धन का कार्य सभी के सहयोग से हाथ में लिया जाए। बरसात का पानी अधिक से अधिक संग्रहीत हो, इसके लिये शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में सार्थक प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण का कार्य केवल सरकार के भरोसे ही नहीं बल्कि समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर किया जाना चाहिए।  

ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपनगर ग्वालियर में नाला निर्माण एवं सीवर लाइन का किया निरीक्षण

भोपाल ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड-3 एवं 4 में सीवर लाइन, सड़क, नाला निर्माण, पेयजल, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था का घर-घर जाकर निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना एवं अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त  प्रदीप तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ऊर्जा मंत्री  तोमर ने मोहिते गार्डन के सामने नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाला कचरे से भरा हुआ पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा नाले की शीघ्र सफाई कर एक चेंबर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों के दिए। साथ ही विनय नगर सेक्टर-03 में चल रहे सीवर कार्यों का निरीक्षण किया तथा स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। ऊर्जा मंत्री  तोमर ने वार्ड-4 के इंद्रा नगर, ओम नगर,  राम विहार कॉलोनी, सूरज नगर वार्ड 03 विनय नगर सेक्टर 3 आदि क्षेत्र में सीवर लाइन, सड़क, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी ऊर्जा मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। लोगों ने जल भराव, गंदगी और सीवर जाम जैसी समस्याओं की शिकायत की, जिस पर मंत्री  तोमर ने अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर और नाला निर्माण का मुख्य उद्देश्य आम जनता को जल भराव और गंदगी से राहत दिलाना है, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। ऊर्जा मंत्री  तोमर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मोहिते गार्डन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता एवं आमजन को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा संजीवनी क्लीनिक पर कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री  तोमर समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते रहते हैं और मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश देते हैं।  

प्रमुख सचिव उमराव ने जबलपुर एवं मंडला जिले का किया भ्रमण, क्षीरधारा योजना अंतर्गत चयनित पशुपालकों के घर जाकर की भेंट

भोपाल प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी  उमाकांत उमराव औचक भ्रमण पर जबलपुर पहुंचे। यहां पर पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय सभागार में पशु चिकित्सकों के साथ बैठक की। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर जबलपुर  राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव  उमराव ने बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के प्रकरणों में विस्तार से एक-एक पशु चिकित्सक से विस्तृत चर्चा कर लंबित प्रकरण बैंकों से स्वीकृत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के अंतर्गत चयनित क्षीरधारा ग्रामों में चलाई जा रही गतिविधियों एवं दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान पर भी चर्चा की। अवार्णित पशुओं में नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की प्रशंसा की प्रमुख सचिव  उमराव ने कृत्रिम गर्भाधान कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की प्रशंसा की। साथ ही न्यूनतम कार्य करने वाले पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार करने के निर्देश दिए। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों एवं मैत्री कार्यकर्ताओं से फील्ड में कार्य करने में आ रही कठिनाइयों एवं उनके निराकरण पर विस्तार से चर्चा की। प्रमुख सचिव  उमराव ने पाटन के क्षीर धारा ग्राम के पशु चिकित्सालय नुनसर का औचक निरीक्षण भी किया। बैठक में संयुक्त संचालक पशुपालन एवं डेयरी जबलपुर डॉ. व्ही.एन. मिश्रा एवं उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. प्रफुल्ल मून भी उपस्थित रहे। मंडला जिले के क्षीरधारा अंतर्गत चयनित ग्राम मैली का किया भ्रमण प्रमुख सचिव  उमराव मंडला जिले के ग्राम मैली पहुंचे। क्षीरधारा योजना अंतर्गत चयनित मैली ग्राम का भ्रमण किया। इस दौरान वे पशुपालक इंद्रकुमार सिंगरौरे, गौरीशंकर सिंगरौरे एवं कृष्णकांत झरिया, ग्राम बिनेका में शिवा चंदरोल, अशोक चंदरोल के घर पहुंचकर भेंट की। पशुपालकों को चयनित सीमेंन के उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही पशुओं के नस्ल सुधार में इसका अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया। अधिकारियों को सघन बधियाकारण एवं बांझ निवारण शिविर लगाने को कहा। जिससे पशुओं में नस्ल सुधार किया जा सके। साथ ही दुग्ध उत्पादन में वृद्धि भी हो सके।।  

संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र सहित अन्य अधिकारी पहुंचे स्कूल, विद्यार्थियों से किया संवाद

भोपाल स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत शनिवार को प्रदेश की स्कूलों में भविष्य से भेंट कार्यक्रम का आयोजन हुआ। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र  हरजिंदर सिंह भोपाल के पीएम  नवीन कन्या विद्यालय तुलसी नगर पहुंचे और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बात करते हुए उन्हें किताबी पढ़ाई के साथ-साथ दैनन्दिनी जीवन में खेलों के माध्यम से शारीरिक सुदृढता एवं कम्प्यूटर और एआई जैसी तकनीकी सुविधाओं के समावेश पर भी जोर दिया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन की दृष्टि से 4 अप्रैल को प्रदेश की समस्त शालाओं में समाज के प्रमुख व्यक्तियों की सहभागिता में “भविष्य से भेंट’’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रबुद्ध और सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट के लिये शालाओं में आमंत्रित किया गया था, जिसके तहत प्रदेश की अनेक शालाओं में स्थानीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, मीडिया, संचार मित्रों, पुलिस अधिकारी, राज्य शासन के अधिकारी विशेष रूप से बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें जीवन में आगे बढने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अनेक शालाओं में सामाजिक संस्थाओं एवं आमंत्रित व्यक्तियों द्वारा स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भी भेंट की गई। स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगणों द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और सत्रारंभ के अवसर पर शालाओं में आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्रत्येक जिले में प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों ने भी चयनित शालाओं में जाकर एक कालखण्ड अध्यापन कराया। भविष्य से भेंट कार्यक्रम में राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर संचालक  शीतांशु शुक्ला ने सीहोर, अपर संचालक डॉ. अरूण सिंह इंदौर और देवास जिले की विभिन्न शालाओं में विद्यार्थियों के बीच जाकर संवाद किया इस अवसर पर राज्य शिक्षा केन्द्र के समस्त जिला प्रभारी अधिकारियों के द्वारा जिलों में प्रवास कर स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों का शाला नामांकन, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं नि:शुल्क साईकिल वितरण आदि का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।  

हरित खाद, नीली-हरी शैवाल के उत्पादन तकनीक और उपयोग को गांव-गांव तक पहुंचाएं

रायपुर कृषि उत्पादन आयुक्त  शहला निगार ने कृषि अधिकारियों और वैज्ञानिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ की। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि “हरित खाद, नीली-हरी शैवाल एवं जैव उर्वरकों” पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी खरीफ सीजन से पहले किसानों को रासायनिक उर्वरकों के विकल्पों के प्रति जागरूक करना और सतत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करना था।       इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों की संभावित कमी को देखते हुए हरित खाद, नीली-हरी शैवाल और जैव उर्वरक जैसे विकल्प फसलों की पोषक आवश्यकताओं का लगभग 50 प्रतिशत तक पूरा कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले दो से तीन महीनों में इन तकनीकों के उत्पादन और उपयोग को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।        प्रशिक्षण कार्यक्रम में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए 150 से अधिक कृषि अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।         इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर उभरती अनिश्चितताओं के बीच छत्तीसगढ़ ने टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दक्षिण-पूर्व एशिया और विशेषकर ईरान में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोलियम उत्पादों एवं उर्वरक निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चे माल के आयात पर संभावित असर को देखते हुए राज्य सरकार ने वैकल्पिक पोषक स्रोतों को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी है।       तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने मृदा स्वास्थ्य सुधार और दीर्घकालिक कृषि स्थिरता के लिए जैविक एवं पर्यावरण-अनुकूल उपायों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने बताया कि नीली-हरी शैवाल नाइट्रोजन स्थिरीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, विशेषकर धान की खेती में इसकी उपयोगिता अधिक है। वहीं, हरित खाद से मृदा की संरचना बेहतर होती है और पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ती है। समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन को भविष्य की कृषि के लिए अनिवार्य बताया गया।     कार्यक्रम में कृषि अधिकारियों और वैज्ञानिकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें नीली-हरी शैवाल उत्पादन की तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा खरीफ सीजन के लिए इन विकल्पों के व्यापक उपयोग की रणनीति पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन वैकल्पिक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया गया, तो न केवल रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटेगी, बल्कि किसानों की लागत में कमी और मृदा स्वास्थ्य में सुधार भी सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम के अंत में सतत, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।  

भोपाल रेल मंडल में RPF का अद्भुत प्रयास: 720 बच्चों को मिली घर वापसी, 33 लोगों को सुरक्षा—‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’

भोपाल  रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और रेल संपत्ति की रक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया है। चौबीसों घंटे मुस्तैद रहकर आरपीएफ ने जहां अपराधों पर सख्ती से नियंत्रण किया, वहीं विशेष अभियानों के माध्यम से बिछड़े बच्चों को परिवार से मिलाया, खोया सामान लौटाया और जरूरतमंद यात्रियों को त्वरित सहायता प्रदान की। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई कर रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया है। 33 लोगों की बचाई जान आपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 720 बिछड़े, घर से भागे या अपहृत बच्चों को सुरक्षित परिजनों या चाइल्ड लाइन को सौंपा गया। वहीं आपरेशन अमानत में 973 यात्रियों को करीब 2.88 करोड़ रुपए मूल्य का खोया सामान वापस दिलाया गया। आपरेशन जीवन रक्षा के जरिए 33 लोगों की जान बचाई गई। महिलाओं को दी जा रही सुरक्षा महिला सुरक्षा के लिए आपरेशन मेरी सहेली के तहत प्रतिदिन औसतन 110 ट्रेनों में महिला यात्रियों को सहायता दी गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेल अधिनियम के तहत 53,566 मामलों में कार्रवाई कर 3.81 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया। अनाधिकृत वेंडरों पर सख्ती इसके अलावा अवैध ई-टिकट कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 64 लोगों को गिरफ्तार कर 52 लाख रुपए से अधिक के टिकट जब्त किए गए। अनाधिकृत वेंडरों पर सख्ती दिखाते हुए 18,166 लोगों पर कार्रवाई की गई। रेल संपत्ति चोरी के 328 मामलों में 635 आरोपियों को गिरफ्तार कर संपत्ति बरामद की गई। वहीं नशे के खिलाफ आपरेशन नारकोस के तहत 27 मामलों में 43 तस्करों को पकड़कर 27 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए। साथ ही साइबर सेल के माध्यम से 180 मोबाइल ब्लाक कर 39 फोन यात्रियों को लौटाए गए।  

US पायलट की मां की दुआ पर ईरान का पलटवार: ‘हमारे पास सुरक्षित, ट्रंप से नहीं

तेहरान   ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. शुक्रवार (3 मार्च) को ईरान ने अमेरिका के दो खतरनाक लड़ाकू विमानों (F-15 और A-10) को मार गिराया. इस घटना के बाद एक अमेरिकी पायलट लापता है, जिसकी तलाश में ईरान की सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. इस बीच, लापता पायलट की मां ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे की सलामती के लिए दुआ मांगी, जिस पर ईरान के दूतावासों ने काफी तीखा जवाब दिया है।  ईरान का पलटवार: ‘ट्रंप से ज्यादा हमारे पास सुरक्षित है आपका बेटा’ पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका में मौजूद ईरानी दूतावासों ने पायलट की मां के पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि उनके बेटे ट्रंप की कमान में रहने से ज्यादा ईरान की कैद में सुरक्षित रहेंगे. ईरानी दूतावास ने ‘एक्स’ पर लिखा कि दुआ कीजिए कि आपका बेटा अमेरिकी रेस्क्यू टीम के हाथ लगने के बजाय ईरान की गिरफ्त में रहे. हम सभ्य लोग हैं और कैदियों के साथ सम्मान से पेश आना जानते हैं. दक्षिण अफ्रीका स्थित दूतावास ने तो यहां तक कह दिया कि वे अमेरिका या उनके साथियों की तरह ‘पाषाण युग’ वाली सोच नहीं रखते।  23 साल बाद अमेरिका को लगा इतना बड़ा झटका वॉल स्ट्रीट जर्नल और रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2003 के इराक युद्ध के बाद यह पहली बार है जब किसी जंग में अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया गया है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा तेहरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुई इस जंग के छठे हफ्ते में यह अमेरिका के लिए सबसे बड़ी सैन्य हार मानी जा रही है. लापता पायलट को खोजने के लिए गए दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों पर भी ईरान ने फायरिंग की, जिसके बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा।  ग्राउंड जीरो के हालात: ईरान में तलाशी अभियान और इनाम का ऐलान ईरानी मीडिया के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ईरान के क्षेत्रीय गवर्नर ने लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने या मारने वाले के लिए इनाम की घोषणा की है. वहीं, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के जवान पूरे इलाके में छानबीन कर रहे हैं. दूसरी ओर, कुवैत में क्रैश हुए A-10 वॉर्थोग विमान का पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के डेटा के अनुसार, इस युद्ध में अब तक 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं और 300 से ज्यादा घायल हुए हैं।  न्यूक्लियर प्लांट के पास हमला और आम लोगों की मौत तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास एक मिसाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, हालांकि प्लांट सुरक्षित है. ईरानी स्टेट मीडिया ने बताया कि इस जंग में अब तक ईरान के 4,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें उनके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई भी शामिल हैं. शनिवार को ईरान के पेट्रोकेमिकल जोन और पानी के गोदामों पर भी हवाई हमले हुए हैं।  बातचीत का रास्ता बंद  प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान को ‘पाषाण युग’ में भेजने की धमकी दी थी, लेकिन जमीन पर स्थिति इसके उलट दिख रही है. ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलीबाफ ने तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका का मकसद अब ‘सत्ता पलटना’ नहीं बल्कि अपने ‘पायलटों को बचाना’ रह गया है. पाकिस्तान की मध्यस्थता में होने वाली शांति वार्ता भी रुक गई है क्योंकि ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों से मिलने से साफ मना कर दिया है। 

5500 पदों के लिए दौड़ शुरू: 15 से फिजिकल टेस्ट, लाखों अभ्यर्थी आजमाएंगे दमखम

चंडीगढ़. हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के 5500 पदों की भर्ती के लिए मैदान में पसीना बहा रहे युवाओं के लिए परीक्षा का समय आने वाला है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने शनिवार को संभावित शेड्यूल जारी करते हुए 15 अप्रैल से शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) शुरू करने की सूचना दी है। प्रवेश पत्र जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने भी फेसबुक और एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है। पीएमटी के बाद शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) किए जाएंगे। पीएमटी के लिए आयोग की ओर से पहले ही खेल निदेशक को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल हाल को आरक्षित करने का अनुरोध किया जा चुका है। खेल विभाग से कोच भी मांगे गए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खेल विभाग की ओर से पीएमटी के लिए कितने कोच उपलब्ध कराए जाएंगे। तैयारियों को लेकर एचएसएससी चेयरमैन ने खेल विभाग के संयुक्त निदेशक अश्विनी मलिक के साथ बैठक भी की है, जिसमें स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा हुई। एचएसएससी की टीम ने खेल स्टेडियम में जाकर भी तैयारियों का जायजा लिया है। पीएमटी के लिए सीना और कद मापने की मशीनों के लिए अलग-अलग कंपनियों से टाईअप किया जाएगा। जल्द ही मशीनें आयोग के पास पहुंच सकती हैं। भर्ती में करीब दो लाख 70 हजार युवाओं ने आवेदन किया है। ऐसे में लगातार कई दिन तक पीएमटी की प्रक्रिया चलेगी।