samacharsecretary.com

फिटनेस आइकन से सफल कारोबारी तक: प्रतीक यादव की प्रेरणादायी कहानी

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजनीति का सबसे बड़ा नाम मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। प्रतीक के जाने से न केवल यादव परिवार शोक में है, बल्कि लखनऊ के व्यावसायिक हलकों में भी सन्नाटा पसर गया है। जहां मुलायम सिंह का बेटा होने के नाते उनके लिए राजनीति का रास्ता सबसे आसान था, वहीं प्रतीक ने सत्ता की चकाचौंध से दूरी बनाकर अपनी मेहनत से 'व्यावसायिक साम्राज्य' खड़ा किया। लखनऊ में सबसे बड़ा जिम बनाया और रियल इस्टेट के कारोबार में भी खुद को मजबूत किया। पिता की विरासत नहीं, खुद का रास्ता चुना साल 2014 में जब मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ और मैनपुरी दोनों सीटों से लोकसभा चुनाव जीता था, तब सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि रिक्त होने वाली एक सीट से प्रतीक यादव चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन प्रतीक ने इन कयासों पर विराम लगा दिया। उन्होंने पिता की राजनीतिक विरासत के बजाय अपने जुनून जिम और रियल एस्टेट को अपना करियर चुना। उन्होंने साबित किया कि एक बड़े राजनीतिक घराने का वारिस भी एक सफल कॉर्पोरेट लीडर बन सकता है। लखनऊ का सबसे बड़ा जिम और फिटनेस साम्राज्य प्रतीक यादव को 'फिट इंडिया' का पहला सियासी आइकन माना जाता है। उनके पास लखनऊ का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक जिम था। 11वीं में पढ़ने के दौरान ही 100 किलो से अधिक वजन के बाद भी प्रतीक ने अपनी फिटनेस यात्रा से सबको चौंका दिया था। उन्होंने न केवल वजन घटाया, बल्कि एक 'आयरन मैन' जैसी काया हासिल की। उनकी फिटनेस का लोहा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी माना गया और उनका सफर 'इंटरनेशनल फिटनेस मैगजीन' के कवर पेज तक पहुंचा। फिटनेस इंडस्ट्री में उनका बहुत बड़ा निवेश और प्रभाव था। रियल एस्टेट और 'प्रतीक एडुविज' का सफर प्रतीक की व्यावसायिक सूझबूझ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने विरासत में मिली संपत्ति को अपने टैलेंट से कई गुना बढ़ाया। लखनऊ के रियल एस्टेट मार्केट में उनका बड़ा नाम था। वे 'प्रतीक एडुविज' (Prateek Eduwiz) जैसी कंपनियों के जरिए कॉर्पोरेट जगत में सक्रिय थे। उनकी नेटवर्थ और व्यावसायिक पोर्टफोलियो में कई प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट्स शामिल थे। उन्होंने कभी भी अपने काम के लिए राजनीतिक प्रभाव का सहारा नहीं लिया, बल्कि अपनी व्यावसायिक योग्यता से अलग मुकाम हासिल किया। समाज सेवा और गो-सेवा का प्रेम प्रतीक और उनकी पत्नी अपर्णा यादव को पशु प्रेम के लिए भी जाना जाता है। लखनऊ के कान्हा उपवन में अपर्णा की एक बड़ी गोशाला है। इस गोशाला में खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दौरा कर चुके हैं और सराहना भी की थी। प्रतीक इस गोशाला के प्रबंधन और समाज सेवा के कार्यों में भी सहयोग करते थे। इसके अलावा स्ट्रीट डॉग को लेकर भी वह चिंतित रहते और उनकी व्यवस्थाओं में भी कई कार्य किए थे। आज वे अपने पीछे एक सफल बिजनेस एम्पायर, करोड़ों की संपत्ति और फिटनेस की एक प्रेरणादायी कहानी छोड़ गए हैं।

PBKS ने क्यों डिलीट किया अपना पोस्ट? सोशल मीडिया विवाद पर मचा बवाल

नई दिल्ली पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 में लगातार 4 हार के बाद दबाव में है। इस बीच टीम और इसके कुछ खिलाड़ियों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर फ्रेंचाइजी ने बहुत तल्ख प्रतिक्रिया दी है। पंजाब किंग्स के ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल से मंगलवार रात को पोस्ट करके लोगों से टीम और खिलाड़ियों को लेकर 'दुष्प्रचार' फैलाने से बचने की अपील की है। टीम की को-ओनर प्रीति जिंटा ने उस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि आलोचना और दुष्प्रचार में फर्क होता है। पंजाब किंग्स ने हालांकि देर रात अपने उस बयान को डिलीट कर दिया और एक नया पोस्ट लिखा जिसमें 'स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स'शब्द को हटा दिया गया था। पंजाब किंग्स का ऑरिजिनल पोस्ट पंजाब किंग्स ने अपने ऑरिजिनल पोस्ट में लिखा, 'आलोचना, हंसी-मजाक और ऑपिनियन खेल के हिस्से हैं। चीफ इंगेजमेंट के लिए फर्जी कहानियां और मनगढ़ंत नैरेटिव खेल का हिस्सा नहीं हैं। हम सभी से और खास तौर पर 'स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स' से गुजारिश करते हैं कि अटेंशन पाने के लिए गलत सूचनाओं के फैलाने से पहले तथ्यों की जांच करें।' बाद में संशोधित बयान जारी किया पंजाब किंग्स ने बाद में अपने ऑरिजनल पोस्ट को डिलीट कर दिया और एक नया पोस्ट लिखा जिसमें 'स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स' वाला हिस्सा हटा दिया था। जानबूझकर फर्जी बातें फैलाने को हल्के में नहीं लेंगे: जिंटा पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने भी पूरे मामले पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है। PBKS के ऑरिजिनल पोस्ट को शेयर करते हुए जिंटा ने लिखा कि जानबूझकर फेक नैरेटिव फैलाने को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। जिंटा ने एक्स पर लिखा, ‘आलोचना और सोचे-समझे दुष्प्रचार में अंतर होता है। खेल को लेकर स्वस्थ बहस का स्वागत है लेकिन व्यक्तियों, टीम या ब्रैंड को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर फेक नैरेटिव फैलाने को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और न लिया जाएगा। मैं वेरिफाइड हैंडल्स और मीडिया प्रफेशनल्स समेत सभी से गुजारिश करती हूं कि अपुष्ट सूचनाओं को फैलाने से पहले जिम्मेदारी का परिचय दें। धन्यवाद।’ पंजाब किंग्स को क्यों करना पड़ा पोस्ट? आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स लड़खड़ाती दिख रही है। शुरुआती 7 मैचों में अजेय रही टीम पिछले 4 मैचों से लगातार हार रही है। इस बीच टीम के खिलाड़ियों को लेकर कुछ नकारात्मक चर्चाएं भी चल रही हैं। हाल ही में स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल के एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा जिसमें वह फ्लाइट के दौरान कथित तौर पर ई-सिगरेट पीते दिख रहे हैं। इसी तरह ओपनर प्रभसिमरन सिंह की फिटनेस को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है। चर्चाओं के मुताबिक टूर्नामेंट के दौरान प्रभसिमरन का कथित तौर पर वजन बढ़ गया है। इसने पंजाब किंग्स के फैंस के बीच भी बहस को जन्म दिया है। पंजाब किंग्स अब भी प्लेऑफ की मजबूत दावेदार पंजाब किंग्स भले ही अपने पिछले 4 मुकाबले हार गई हो लेकिन टीम अब भी पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है। टीम अब भी प्लेऑफ में पहुंचने की मजबूत दावेदार है। पंजाब किंग्स ने अब तक खेले गए 11 मैचों में 6 में जीत हासिल की है और 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा। वह 13 अंकों के साथ आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है। गुजरात टाइटंस 16 अंकों के साथ पहले पायदान पर है। आरसीबी दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे नंबर पर है। दोनों के 14-14 अंक हैं।

महाराष्ट्र के बारामती में दोबारा विमान दुर्घटना, अजित पवार के प्लेन हादसे वाली जगह पर मचा हड़कंप

बारामती  महाराष्ट्र के बारामती में एक बार फिर बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक यह ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया गया टू सीटर विमान था, जो बारामती के गोजूबाबी गांव में जा गिरा. इससे पहले अजित पवार का प्लेन भी यहीं क्रैश हुआ था।  शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रेड बर्ड कंपनी का यह दो सीटर ट्रेनिंग विमान तकनीकी खराबी के बाद गोजूबाबी गांव के पास क्रैश लैंड किया. बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान के इंजन में खराबी आ गई थी. इसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित उतारने की कोशिश की और बारामती के गोजूबाबी इलाके में हार्ड लैंडिंग की गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।  पुलिस ने क्या बताया? पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘आज सुबह करीब 8:50 बजे, रेड बर्ड एविएशन का एक ट्रेनिंग विमान बारामती हवाई अड्डे के पास गोजुबावी गांव में क्रैश लैंड हो गया. मौके पर मौजूद चश्मदीदों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कम ऊंचाई पर उड़ते समय विमान में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी. क्रैश लैंडिंग के दौरान, विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया और उसके बाद विमान ज़मीन पर जा गिरा. विमान में केवल एक ट्रेनी पायलट सवार था. गनीमत रही कि पायलट को कोई गंभीर चोट नहीं आई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, और अब ज़रूरी जांच-पड़ताल के साथ-साथ आगे की कार्रवाई भी की जा रही है. जैसे ही कोई और जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।  बारामती में इससे पहले इसी साल जनवरी में भी एक विमान क्रैश कर गया. उस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया था. ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने विमानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर इंजन फेल होना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। 

पंजाब की राजनीति में हलचल, भाजपा नेता अनिल कुमार सेठी ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन

चंडीगढ़  फाजिल्का जिले में भारतीय जनता पार्टी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब भाजपा के सीनियर नेता अनिल कुमार सेठी अपने साथियों सहित आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अनिल कुमार सेठी को औपचारिक रूप से पार्टी का सिरोपा पहनाकर 'आप' परिवार में शामिल करवाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की लोक-पक्षीय नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर दूसरी पार्टियों के ईमानदार नेता लगातार आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अनिल सेठी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से फाजिल्का इलाके में पार्टी के संगठन को नई ताकत मिलेगी।  

सोना-चांदी के दामों में आग: ड्यूटी बढ़ते ही गोल्ड ₹9231 और सिल्वर ₹16675 उछला

मुंबई  केंद्र सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट टैरिफ को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है. इन कीमती धातुओं पर इंपोर्ट टैरिफ में यह बढ़ोतरी सोने के इंपोर्ट को कम करने और चालू खाता घाटे (CAD) पर लगाम लगाने के उपायों में से एक है. इस कदम से भारतीय मुद्रा को भी सहारा मिलने की संभावना है, जो लगभग हर हफ्ते नए ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच रही है।  इसी के साथ MCX पर चांदी की कीमत 2,95,805 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जबकि सोना 1,62,648 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. यह महंगाई और भू-राजनीतिक तनावों के बीच वैश्विक स्तर पर मिल रहे मजबूत समर्थन को दर्शाता है. चांदी की कीमत 6% के अपर सर्किट पर पहुंच गई है।      सरकार ने सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से 15% कर दी.     यह कदम चालू खाता घाटा और डॉलर की निकासी रोकने हेतु.     ड्यूटी बढ़ने से चांदी 7.25% बढ़कर 2,99,283 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंची.     भारत का गोल्ड इम्पोर्ट बढ़ा, व्यापार घाटा 333.2 अरब डॉलर पहुंचा. आज सोने का लेटेस्ट रेट  शहर  24 कैरेट सोने की कीमत (प्रति ग्राम) 22 कैरेट सोने की कीमत (प्रति ग्राम) दिल्ली 16,804 14,331 मुंबई 16,789 15,390 चेन्नई 15,634 14,331 कोलकाता  16,789 15,390 बेंगलुरु 16,789 15,390 केरल 16,789 15,390 वडोदरा 16,794 15,395 अहमदाबाद 16,794 15,395 पुणे 16,789 15,390 चांदी की कीमत  इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के सरकार के फैसले के बाद आज वायदा (MCX) और रिटेल बाजारों में चांदी की कीमतों में करीब 16675 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है. इम्पोर्ट ड्यूटी का ऐलान होते ही MCX पर चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 7.25 परसेंट की भारी तेजी के साथ 2,99,283 प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गया. चेन्नई जैसे देश के कई बड़े शहरों में आज चांदी का भाव उछलकर 3,00,100 प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे महानगरों में भी कीमत 2,90,100 रुपये प्रति किलो पर बनी हुई हैं ।  भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना उपभोक्ताओं में से एक है. हालांकि, अधिकारियों ने सरकार के इस कदम पर चिंता जताते हुए कहा है कि कस्टम ड्यूटी बढ़ाने से कीमती धातुओं की स्मगलिंग बढ़ सकती है. अधिकारियों का तर्क है कि साल 2024 के बदा से स्मगलिंग के मामलों में कमी आई थी. गौरतलब है कि भारत सरकार ने साल 2024 के बजट में सोने-चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कस्टम ड्यूटी में बड़ी कटौती की थी।  भारत सरकार ने तब सोने-चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कस्टम ड्यूटी 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दिया था. सरकार के इस कदम के बाद सोना-चांदी के आयात में रिकॉर्ड इजाफा देखने को मिला था. अब ताजा फैसले के बाद कस्टम ड्यूटी फिर से 2024 के बजट से पहले वाले स्तर पर पहुंच गया है।  सरकार ने एकाएक क्यों बढ़ाई इम्पोर्ट ड्यूटी?  भारत अपनी जरूरत का लगभग पूरा सोना और चांदी विदेशों से आयात करता है. इसका भुगतान डॉलर में होता है. पश्चिम एशिया में संकट के चलते वैश्चिक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें काफी बढ़ गई हें, जिससे देश का विदेशी मुद्रा भंडार तेजी से खर्च हो रहा है. डॉलर की इसी बाहरी निकासी को रोकने के लिए सरकार ने गैर-जरूरी आयातों पर रोक लगाई है. कारोबारी साल 2025-26 में भारत का टोटल गोल्ड इम्पोर्ट 24 परसेंट बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पहुंच गया. इससे देश का कुल व्यापार घाटा (Trade Deficit) बढ़कर 333.2 अरब डॉलर हो गया और चालू खाता घाटा (CAD) भी GDP के 1.3 परसेंट तक पहुंच गया. इस बढ़ते हुए आर्थिक अंतर को पाटने के लिए टैक्स बढ़ाना जरूरी हो गया था. 

PM मोदी की अपील का असर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कारकेड में कम किए वाहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर अपने कारकेड में घटाई वाहनों की संख्या राष्ट्र हित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने पर मध्यप्रदेश में होगा अमल, निर्देश जारी भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर आगामी आदेश तक अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को राज्य मंत्री परिषद की बैठक में मंत्री परिषद के सदस्यों से वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने सहित राष्ट्र हित में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने की अपील की थी। मध्यप्रदेश गंभीरता से इस पर अमल करेगा। इस तारतम्य में राज्य सरकार ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री के काफिले में चलेंगे 8 वाहन आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहनों के स्थान पर 8 वाहन ही चलेंगे। उनके भ्रमण के समय वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्रीगण यात्रा में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे। यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि नव नियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी सादगी से कार्यभार ग्रहण करें और वाहन रैली आयेाजित न करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के आहवान और दिए गए सुझावों के अनुरूप मध्यप्रदेश में शासकीय कार्यों में मितव्ययता के उपायों पर अमल करने को कहा है। मंत्रीगण सहित निगम-मंडल के पदाधिकारियों और आम नागरिकों से वाहनों के कम से कम प्रयोग करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से वाहनों का उपयोग न किए जाने को कहा गया है।  

2 भाइयों से शुरू हुआ NEET लीक कांड! डॉक्टर से 30 लाख में खरीदा पेपर, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

 जयपुर राजस्थान के सीकर से जुड़े NEET 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को लगातार बड़े खुलासे मिल रहे हैं. जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड तक फैला हुआ था और परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लाखों रुपये में बेचे जा रहे थे. मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां पेपर लीक के पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी हैं।  सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला है कि गुरुग्राम के एक डॉक्टर से जमवारामगढ़ निवासी दो भाई मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल ने 26 और 27 अप्रैल को करीब 30 लाख रुपये में कथित तौर पर NEET का पेपर खरीदा था. इसके बाद दिनेश बिवाल ने यह पेपर अपने बेटे को दिया, जो सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. जांच एजेंसियों का दावा है कि इसके बाद 29 अप्रैल को यही पेपर कई अन्य छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाया गया।  बिवाल के 4 बच्चों का पिछले साल नीट में हुआ था चयन जांच में यह भी सामने आया है कि दिनेश बिवाल के परिवार के चार बच्चों का पिछले साल NEET में चयन हुआ था. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें करीब एक महीने पहले ही जानकारी मिल गई थी कि परीक्षा का पेपर लीक होकर उपलब्ध कराया जाएगा. इसी भरोसे पर उन्होंने पहले से तैयारी कर रखी थी।  मामले में एक और बड़ा खुलासा देहरादून से गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार मंडवारिया को लेकर हुआ है. जांच एजेंसियों के अनुसार राकेश ने करीब 700 छात्रों तक पेपर पहुंचाने का काम किया था. बताया जा रहा है कि पेपर पहले डिजिटल माध्यम से भेजा गया और बाद में उसका प्रिंट निकालकर भी बेचा गया. जांच एजेंसियां अब उन छात्रों और अभिभावकों की पहचान करने में जुटी हैं जिन्होंने कथित तौर पर पैसे देकर पेपर हासिल किया था।  सीकर, जो देशभर में मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग के बड़े केंद्र के रूप में जाना जाता है, अब जांच एजेंसियों के रडार पर है. जांच में सामने आया है कि यहां कुछ छात्रों और कोचिंग संचालकों ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप बना रखे थे, जिनके जरिए प्रश्नपत्र और उत्तर साझा किए गए. एजेंसियां अब इन ग्रुप्स के एडमिन और सदस्यों की डिजिटल डिटेल खंगाल रही हैं।  पेपर लीक से छात्रों और अभिभावकों में गुस्सा इस मामले में हरियाणा से यश यादव नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि उसने भी छात्रों को पेपर बेचने का काम किया था. पुलिस और जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पेपर आखिर मूल स्रोत से कैसे बाहर आया और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।  पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है. कई छात्र संगठनों ने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ की जा रही है। 

IPL 2026: नया रायपुर में आज भिड़ेंगे बेंगलुरू और कोलकाता

 रायपुर आज (13 मई 2026, बुधवार) आईपीएल में एक और रोमांचक मैच के साथ आ रहा है। टूर्नामेंट में प्लेऑफ में पहुंचने की रेस तेज और दिलचस्प होती जा रही है। पिछली रात गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद पर 82 रनों से विशाल जीत दर्ज करते हुए सीधे अंक तालिका के टॉप पर जगह बना ली है। जो हैदराबाद की टीम कुछ ही दिन पहले शीर्ष पर आई थी, अब वो तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। गुजरात ने तो 16 अंकों का जादुई आंकड़ा छू लिया जिसे प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए काफी माना जाता है, लेकिन हैदराबाद की टीम अभी भी फंसी हुई है। ऐसे में आज होने वाला मुकाबला भी दो टीमों के लिए बहुत अहम होने वाला है। आज आईपीएल में किसका मैच हैः इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण में आज का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स (RCB vs KKR) के बीच खेला जाना है। दोनों ही टीमें प्लेऑफ की दौड़ में अब भी बरकरार हैं, बस फर्क इतना है कि आरसीबी प्लेऑफ के ज्यादा करीब है, जबकि कोलकाता को अभी काफी सफर तय करना है। आईपीएल अंक तालिका में बेंगलुरू की टीम इस समय 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के बाद 14 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। अगर आज आरसीबी जीतती है तो गुजरात की तरह वे भी 16 अंकों के जादुई आंकड़े तक पहुंचकर लगभग प्लेऑफ में जगह बना लेंगे। उनका नेट रन रेट भी बेहतर है इसलिए वे फिर से टेबल टॉपर बन सकते हैं। दूसरी तरफ हैं कोलकाता की टीम जिसने अब तक 10 मैचों में सिर्फ 4 मैच जीते हैं, 5 मैच हारे हैं और 1 मैच बेनतीजा रहा था। उनके अब 9 अंक हैं और वे आठवें नंबर पर हैं। कोलकाता के अभी 4 मैच बाकी हैं, उन्हें अगर प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित करनी है तो अपने सभी 4 मैच जीतने होंगे। एक भी हार उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दे सकती है। आईपीएल 2026 में आज किसका मैच है, कब और कहां होगा मुकाबला? किन टीमों का मैच     बेंगलुरू बनाम कोलकाता (RCB vs KKR)     कहां होगा मुकाबला    मैच का समय शहीद वीर नरायन सिंह स्टेडियम (नया रायपुर)    शाम 7:30 बजे IPL में बेंगलुरू और कोलकाता के आमने-सामने के आंकड़े कैसे हैं? रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 35 मैच आयोजित हो चुके हैं। इनमें 20 बार कोलकाता ने बेंगलुरू को शिकस्त दी है। जबकि बेंगलुरू ने 15 बार जीत हासिल की है। न्यू रायपुर के मैदान पर इन दोनों टीमों की ये पहली टक्कर होगी।

गांव-गांव मुनादी कर पशुपालकों को करें जागरूक, ज्यादा से ज्यादा पशुओं का हो टीकाकरण

गांव-गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को करें जागरूक, जिससे अधिक से अधिक पशुपालक अपने पशुओं का करा सकें टीकाकरण पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने डिंडोरी जिले की ग्राम पंचायत बरगांव में वृहद पशु टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ 35 गांवों में पहुंचेगी 50 टीमें भोपाल  पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने डिंडोरी जिले के विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगांव में मंगलवार को वृहद पशु टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के अंतर्गत 35 गांवों में 50 टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य गलघोंटू जैसे संक्रामक रोगों की रोकथाम कर पशुधन को सुरक्षित रखना है, जिससे पशुपालकों को होने वाली आर्थिक हानि से बचाया जा सके। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने 4 बसों एवं 18 चार पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में पशु चिकित्सक, पैराबेट, सहायक एवं अन्य तकनीकी कर्मचारी शामिल हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम सहित राजकुमार मटाले (अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख), कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, डॉ. राखी वैश्य (डीन, वेटरनरी कॉलेज जबलपुर), डॉ. मंजीत शर्मा (कुलगुरु, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय), मनोहर लाल साहू, सुनील कांत, एच.पी. शुक्ला, डॉ. आदित्य मिश्रा, डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. कृष्ण कुमार एवं सतीश चौबे राष्ट्रीय संयोजक अखिल भारतीय सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री पटेल ने टीकाकरण शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन पशुपालकों के हित में लगातार कार्य कर रहा है तथा पशुओं को रोगमुक्त रखने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पशुपालक अपने पशुओं का टीकाकरण करा सकें। इस अभियान में नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर, पशुपालन विभाग जबलपुर एवं पशुपालन विभाग डिंडोरी के चिकित्सकों एवं तकनीकी टीम का विशेष सहयोग रहा।  

IPL 2026: 86 रन पर ढही SRH, गुजरात टाइटन्स ने 82 रन से दर्ज की बड़ी जीत

अहमदाबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-56 में मंगलवार (12 मई) को गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने 82 रनों से जीत हासिल की. गुजरात ने हैदराबाद को जीत के लिए 169 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 86 रनों पर ही सिमट गई. इस धमाकेदार जीत के चलते गुजरात टाइटन्स अब अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई. मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन शानदार रहा है. गुजरात टाइटन्स ने 12 में से 8 मुकाबले जीते हैं और उसके 16 अंक हैं. दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 में से 7 मुकाबलों में जीत हासिल की है. सनराइजर्स हैदराबाद के 14 पॉइंट्स हैं. हैदराबाद अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. होल्डर-रबाडा ने किया SRH को पस्त रनचेज में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही. हैदराबाद ने पावरप्ले में ही 4 विकेट खो दिए. मोहम्मद सिराज ने ट्रेविस हेड को खाता भी नहीं खोलने दिया. वहीं कगिसो रबाडा ने अभिषेक शर्मा (6 रन), ईशान किशन (11 रन) और स्मरण रविचंद्रन (9 रन) के विकेट झटके. स्मरण के आउट होने के समय हैदराबाद का स्कोर 32/4 था. सलिल अरोड़ा ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन उनकी ज्यादा देर तक नहीं चली. सलिल (16 रन) को प्रसिद्ध कृष्णा ने चलता किया. अब विकेट्स लेने की बारी जेसन होल्डर की थी. होल्डर ने एक ही ओवर में हेनरिक क्लासेन (14 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (2 रन) के विकेट्स लेकर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 60/7 कर दिया. शिवांग कुमार (4 रन), पैट कमिंस (19 रन) और प्रफुल्ल हिंगे (3 रन) आउट होने वाले आखिरी तीन बल्लेबाज रहे. गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट झटके. प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलताएं हासिल हुईं. जबकि राशिद खान और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट झटका. ऐसी रही गुजरात टाइटन्स की बैटिंग गुजरात टाइटन्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 168 रन बनाए. गुजरात टाइटन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में कप्तान शुभमन गिल (5 रन) का विकेट गंवा दिया, जो प्रफुल्ल हिंगे का शिकार बने. हिंगे ने फिर खतरनाक बल्लेबाज जोस बटलर (7 रन) को भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. इसके बाद निशांत सिंधु और और साई सुदर्शन ने तीसरे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी कर इनिंग्स को संभाला. निशांत ने 22 रनों का योगदान दिया और उनका विकेट पैट कमिंस ने झटका. वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन ने चौथे विकेट के लिए 60 रनों की शानदार पार्टनरशिप की. सुदर्शन ने 44 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. सुदर्शन को तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने चलता किया. सुदर्शन के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने पूरी तरह मोर्चा संभाल लिया. सुंदर ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 33 गेंदों पर 50 रन बनाए. सुंदर आखिरी ओवर में साकिब हुसैन का शिकार बने. इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान गुजरात टाइटन्स ने 6 मैचों में जीत दर्ज की. जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने एक मुकाबला जीता. साथ ही एक मुकाबले का रिजल्ट नहीं निकला. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच जो दो मुकाबले खेले गए थे, उनमें गुजरात टाइटन्स ने बाजी मारी थी. गुजरात vs हैदराबाद h2h कुल IPL मैच: 8 गुजरात ने जीते: 6 हैदराबाद ने जीते: 1 बेनतीजा: 1 गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज. इम्पैक्ट सब: प्रसिद्ध कृष्णा. सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे. इम्पैक्ट सब: ट्रेविस हेड.