samacharsecretary.com

ड्रोन खतरे का जवाब बनेगी भारत की ‘ज्वाला’! माइक्रो-मिसाइल के रॉकेट मोटर्स का सफल परीक्षण

 नई दिल्ली भारत की निजी रक्षा कंपनी आईजी डिफेंस ने अपने ज्वाला माइक्रो-मिसाइल कार्यक्रम के तहत दो सॉलिड रॉकेट मोटर्स का सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण 3 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब चार बजे किया गया. यह उपलब्धि कंपनी के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई है. ज्वाला भारत का पहला स्वदेशी निजी माइक्रो-मिसाइल कार्यक्रम है जो हार्ड-किल काउंटर-यूएएस यानी ड्रोन को नष्ट करने वाला सिस्टम विकसित करने पर केंद्रित है।  आधुनिक युद्धों में ड्रोनों का बढ़ता इस्तेमाल वायु रक्षा के लिए नई चुनौती बन गया है. सस्ते और बड़ी संख्या में ड्रोन भेजने की क्षमता ने किफायती जवाबी उपायों की जरूरत बढ़ा दी है. ज्वाला इसी जरूरत को पूरा करने के लिए बनाई जा रही है ताकि मौजूदा वायु रक्षा परतों के साथ मिलकर ड्रोन खतरों से बड़े पैमाने पर निपटा जा सके।  आज के संघर्षों में ड्रोन झुंड आम हो गए हैं. ये सस्ते होने के साथ प्रभावी भी साबित हो रहे हैं. महंगी मिसाइलों से हर ड्रोन को मार गिराना आर्थिक रूप से संभव नहीं है. इसलिए सस्ती और बड़ी संख्या में उत्पादित की जा सकने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलों की मांग बढ़ी है।  आईजी डिफेंस के एवीपी विंग कमांडर अनूप शर्मा ने कहा कि ड्रोन खतरा तेजी से बदल रहा है और काउंटर-यूएएस सिस्टम को भी उसी गति से विकसित होना चाहिए. ज्वाला ठीक इसी सोच के साथ बनाई जा रही है. सफल प्रोपल्शन टेस्ट इस स्वदेशी हार्ड-किल क्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. यह मिसाइल न सिर्फ सस्ती होगी बल्कि बड़े पैमाने पर तैनात की जा सकेगी जिससे मिसाइल भंडार की गहराई भी बढ़ेगी।   ग्रिड सिस्टम के साथ इंटीग्रेटेड आर्किटेक्चर   ज्वाला को अकेले मिसाइल के रूप में नहीं बल्कि आईजी डिफेंस के व्यापक ग्रिड इकोसिस्टम के हिस्से के रूप में विकसित किया जा रहा है. ग्रिड डिफेंड एक एआई आधारित बैटल मैनेजमेंट सिस्टम है जो सेंसर, इफेक्टर्स और कमांड सिस्टम को जोड़ता है. यह सिस्टम डिटेक्शन, पहचान, ट्रैकिंग, खतरे का आकलन और एंगेजमेंट मैनेजमेंट को एक साथ लाता है. ग्रिड कई सेंसरों से जानकारी लेकर साझा तस्वीर बनाता है, हवाई खतरों को ट्रैक करता है और उपलब्ध हथियारों को निर्देशित करता है।  इस तरह सेंसर से शूटर तक का पूरा आर्किटेक्चर तैयार होता है जिसमें ज्वाला हार्ड-किल इंटरसेप्टर का काम करती है और ग्रिड बुद्धिमत्ता व मिशन मैनेजमेंट उपलब्ध कराता है. कंपनी के फाउंडर और सीईओ बोधिसत्त्व संघप्रिय ने कहा कि वे ज्वाला को बुद्धिमान रक्षा आर्किटेक्चर का हिस्सा बना रहे हैं ताकि डिटेक्शन से लेकर एंगेजमेंट तक अधिकृत मिशन स्वायत्त तरीके से पूरे हो सकें।  यह विकास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निजी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भागीदारी दर्शाता है. आईजी डिफेंस स्वदेशी प्रोपल्शन, इंटरसेप्टर और काउंटर-यूएएस तकनीकों पर काम कर रही है. सफल परीक्षण के बाद कंपनी सिस्टम की परिपक्वता, विश्वसनीयता, विनिर्माण क्षमता और स्केलेबिलिटी पर ध्यान केंद्रित करेगी।  आधुनिक युद्ध में ड्रोन खतरे के खिलाफ सस्ती और प्रभावी प्रणाली तैयार करना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी है. ज्वाला और ग्रिड का संयोजन महंगी रक्षा प्रणालियों पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा. यह उपलब्धि दिखाती है कि भारतीय निजी कंपनियां अब जटिल रक्षा तकनीकों में भी आगे बढ़ रही हैं और देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं। 

इंदौर में 4.5 लाख वोटरों को राहत! हटे नामों का फिर होगा सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे

इंदौर. निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाने से छूट गए और विभिन्न कारणों से विलोपित किए गए मतदाताओं को एक और मौका मिलेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश ने शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विलोपित मतदाताओं के प्रकरणों का दोबारा परीक्षण कर पात्र पाए जाने पर उनके नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। वीसी में दिए गए छूटे मतदाताओं की पहचान के निर्देश – वीसी में इंदौर से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए हैं, उनकी भी पहचान की जाए। जिन मतदान केंद्रों में बाद में परिवर्तन हुआ है, वहां पुरानी और वर्तमान सूचियों का मिलान कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फार्म-6 के साथ लगाया जाने वाला घोषणा पत्र केवल एसआईआर के दौरान ही उपयोग था। गैर-एसआईआर अवधि में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1960 के तहत निर्धारित प्रपत्रों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। अभियान की होगी साप्ताहिक समीक्षा – बैठक में डीएसई प्रकरणों का तेजी से निराकरण, रिक्त बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर पदों को भरने तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। अभियान की साप्ताहिक समीक्षा होगी और जिला स्तर पर प्रतिदिन की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। गौरतलब है कि इंदौर में साढ़े चार लाख के करीब मतदाताओं के नाम हटाए गए थे।एसआइआर के बाद सूची में 24.20 मतदाता शामिल थे। दो दिन में उपलब्ध कराई जाएगी सूची – दो दिन के भीतर बीएलओ और बीएलए को छूटे नामों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। एईआरओ को सूची तैयार कराने और ईआरओ को प्रतिदिन इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए ईआरओ स्तर पर हेल्पडेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। यहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने सहित निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता मिलेगी। नवीन बसाहटों में भी डोर-टू-डोर सर्वे कर पात्र मतदाताओं को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रीनगर में ट्रैफिक कैमरों का बढ़ा नेटवर्क, 66 जंक्शन पर 835 कैमरों से हो रही निगरानी

श्रीनगर यदि आप बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, तेज ड्राइविंग या गलत पार्किंग कर रहे हैं, तो सावधान रहें। आपकी इन हरकतों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आपके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों की अनदेखी करने के परिणामस्वरूप हजारों लोगों को दंडित किया गया है। इस वर्ष अप्रैल से जून 2026 के बीच श्रीनगर में 52,545 ट्रैफिक चालान काटे गए, जो पिछले 12 महीनों में काटे गए चालानों की संख्या से लगभग दोगुना है। यह वृद्धि शहर में ट्रैफिक कैमरों के बढ़ते नेटवर्क के कारण हुई है, जो आटोमेटेड एनफोर्समेंट (स्वचालित निगरानी और कार्रवाई) को बढ़ावा दे रहा है। 12 महीनों में कटे 27000 चालान यह जानकारी हाल ही में संपन्न विधानसभा सत्र में पेश किए गए 'श्रीनगर ट्रैफिक एंड अर्बन मोबिलिटी फ्रेमवर्क' में दी गई। फ्रेमवर्क के अनुसार, पिछले 12 महीनों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 26,331 चालान काटे गए थे, जबकि अप्रैल से जून 2026 में 52,545 चालान काटे गए। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों की खैर नहीं आटोमेटेड एनफोर्समेंट डेटा में बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने के मामले सबसे अधिक हैं। इस प्रणाली में 66 जंक्शनों पर 835 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 792 कैमरे (95 प्रतिशत) और 62 जंक्शन (94 प्रतिशत) पूरी तरह से कार्यरत हैं। यह सिस्टम आटोमेटेड चालान बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसे आईटीएमएस – आईटीएलएस कंट्रोल रूम और ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित किया जाता है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त हुई पुलिस सरकार ने ट्रैफिक-मैनेजमेंट उपायों को छह-स्तंभीय फ्रेमवर्क के तहत एकीकृत किया है, जिसमें स्मार्ट एनफोर्समेंट, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमन शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी को भी सहन नहीं किया जाएगा।  

अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स को राष्ट्रीय सम्मान मध्य भारत में ‘Most Emerging Jewellery Retailer in tiar 2-3 से समानित

रायपुर भारतीय आभूषण उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित मंच पर मध्य भारत के व्यापारिक कौशल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। रायपुर के आभूषण जगत में दशकों पुराने और भरोसेमंद नाम अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स प्रा. लि. (AT Jewellers) को इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित IIJA (India International Jewellery Awards) / IBJA Awards Night में संस्थान को Most Emerging Jewellery Retailer in tiar 2-3 की श्रेणी में सर्वोपरि चुना गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान ब्रांड की बेदाग शुद्धता, ग्राहकों के दशकों पुराने अटूट विश्वास, समकालीन एवं पारंपरिक डिज़ाइनों के अनूठे संगम और मध्य भारत में ब्रांड की सुदृढ़ व उत्कृष्ट रिटेल उपस्थिति (Retail Excellence) का प्रमाण है। आईबीजेए (IBJA – इण्डिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन) देश की सबसे पुरानी, प्रामाणिक और शीर्ष बुलियन संस्थाओं में शुमार है। इस भव्य IIJA अवार्ड नाइट में देश भर के चुनिंदा और अग्रणी ज्वेलरी ब्रांड्स को उनकी विनिर्माण उत्कृष्टता (Manufacturing), डिजाइन नवाचार और खुदरा विपणन (Retailing) में असाधारण योगदान के लिए आंका जाता है, जहाँ अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स प्रा. लि. ने अपनी विशिष्ट जगह बनाई है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में देश-विदेश की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की, जिनमें IBJA के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट श्री पृथ्वीराज कोठारी और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज एवं गोल्ड गोल्ड मेटवेर्स के संस्थापक श्री जिग्नेश शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बॉलीवुड के जाने-माने सितारे अरबाज खान, अमीषा पटेल, सेलिना जेटली, मीनाक्षी शेषाद्रि और संगीता बिजलानी जैसी मशहूर हस्तियों ने इस शाम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश के कलाकारों द्वारा विशेष फैशन शो और रंगारंग प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया। इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन तिलोकचंद बरडिया ने कहा की  "यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह हमारे ग्राहकों के उस अटूट भरोसे और स्नेह की मुहर है, जो उन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी हम पर बनाए रखा है। हमारी स्थापना के मूल में हमेशा से पारदर्शिता, शुचिता और ग्राहक-संतोष सर्वोपरि रहे हैं, और यही हमारी वास्तविक पूंजी है।" इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर नितिन बरडिया ने कहा की  "यह हमारे लिए बेहद गौरव का क्षण है कि राष्ट्रीय स्तर पर हमारे कार्य और गुणवत्ता को सराहा गया है। हम अपने ग्राहकों को हमेशा बेहतरीन और आधुनिक डिज़ाइनों के साथ बेहतरीन सर्विस देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और यह सम्मान हमारी इसी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।" भविष्य के विजन पर बात करते हुए कंपनी के डायरेक्टर निकेश बरडिया ने कहा की  "यह राष्ट्रीय मान्यता हमारी पूरी टीम के अथक परिश्रम, प्रतिबद्धता और उच्च गुणवत्ता मानकों का परिणाम है। मध्य भारत के ज्वेलरी सेक्टर में हमने हमेशा लीक से हटकर ग्राहकों को विश्वस्तरीय अनुभव देने का प्रयास किया है। यह पुरस्कार हमें और अधिक ऊर्जा के साथ अपने सेवा और डिज़ाइन के मानदंडों को नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रेरित करता है।" इस प्रतिष्ठित उपलब्धि से न केवल अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स प्रा. लि. के परिवार में, बल्कि पूरे मध्य भारत के व्यापारिक समुदाय में गर्व और उत्साह का माहौल है।  

साइबर, महिला और SC-ST थाना समेत चार यूनिट एक छत के नीचे, देवघर में बनेगा G+6 भवन

देवघर  आने वाले समय में देवघर की पुलिस व्यवस्था ना केवल व्यवस्थित होगी बल्कि आधुनिक व मजबूत बनाने के लिए वर्तमान साइबर थाना परिसर में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला जी-प्लस सिक्स भवन बनाया जाएगा। इसके बनने के बाद लोगों को अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। दुर्गा पूजा के बाद संभवत: भवन निर्माण की प्रक्रिया बहुत शुरू होगी। शुक्रवार को एसपी प्रवीण पुष्कर ने एमकेएस कंस्ट्रक्शन के निदेशक मनोज सिंह, हाउसिंग कॉरपोरेशन के इंजीनियर, सार्जेंट मेजर के साथ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइबर थाना सहित पुलिस क्वार्टर के पीछे साइट विजिट किया। निर्माण कार्य से जुड़ी तमाम प्रक्रिया से अवगत हुए। बताया गया कि गृह विभाग के निर्देश पर बनने वाले इस भवन में साइबर थाना, महिला थाना, एससी-एसटी थाना और मानव तस्करी से जुड़े मामलों के लिए विशेष थाना एक ही परिसर में संचालित होगा। भवन में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग, आधुनिक लिफ्ट, थाना प्रभारी कक्ष, कार्यालय, रिकार्ड रूम, जांच कक्ष, बैठक कक्ष, हाजत और कर्मचारियों के कार्यस्थल बनाया जाएगा। वहीं, शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों की सुविधा के लिए वेटिंग हाल भी होगा। पेयजल, महिला व पुरुष शौचालय के साथ-साथ बैठने की व्यवस्था भी होगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन से हो चुकी है। एमकेएस कंस्ट्रक्शन को कार्य भी मिल चुका है। कंपनी ने एग्रीमेंट भी कर लिया है। नगर थाना परिसर स्थित क्वार्टर भी एसपी ने लिया जायजा इसके बाद एसपी ने पूरे नगर थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वायरलेस आफिस, यातायात थाना, बैरक, महिला थाना, नगर थाना के बगल जर्जर क्वार्टर का भी जायजा लिया। बताया कि नगर थाना के मरम्मत कार्य का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। इस दौरान नगर थाना परिसर को सुसज्जित करने को लेकर कार्ययोजना के प्रस्ताव से संबंधित बातों की चर्चा की गई।

मछली पालन के लिए अब बिना गारंटी मिलेगा 2 लाख तक का लोन, सुपौल में विशेष KCC अभियान शुरू

सुपौल पूंजी के अभाव में मछली पालन का कारोबार बढ़ाने में परेशानी झेल रहे मत्स्य पालकों के लिए राहत की खबर है। मछली पालन के लिए अब बैंक से ऋण लेना आसान हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर जिले के मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जोड़ने के लिए शनिवार से विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत जिले के 8,900 मत्स्य पालकों को केसीसी का लाभ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शनिवार को अभियान की शुरुआत शुक्रवार को अवकाश रहने के कारण अभियान की शुरुआत शनिवार को की गई। पहले दिन छातापुर और राघोपुर को छोड़कर शेष नौ प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय मेगा कैंप लगाया गया। कैंप में बड़ी संख्या में मत्स्य पालक पहुंचे और केसीसी ऋण के लिए आवेदन जमा किए। आवेदनों को बैंकों के माध्यम से शीघ्र स्वीकृत कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई मत्स्य पालकों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए अब प्रत्येक शुक्रवार को प्रखंड स्तर पर मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को अवकाश रहने की स्थिति में अगले कार्य दिवस पर कैंप लगेगा। जिला स्तर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी और लीड बैंक मैनेजर को अभियान का संयोजक बनाया गया है। दोनों अधिकारी बैंकों से समन्वय स्थापित कर आवेदनों की स्वीकृति और ऋण वितरण की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। जिले को 8,900 केसीसी का लक्ष्य मिला कैंपों का निरीक्षण करते हुए जिला मत्स्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले को 8,900 केसीसी का लक्ष्य मिला है। निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मत्स्य पालकों से कैंप में पहुंचकर आवश्यक कागजात के साथ आवेदन करने की अपील की। केसीसी के लिए आवेदक को पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड या मतदाता पहचान पत्र में से कोई एक देना होगा। इसके अलावा आवासीय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और चालू मोबाइल नंबर आवश्यक है। निजी तालाब होने की स्थिति में जमीन की अद्यतन रसीद देनी होगी। तीन लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध वहीं, किराये के तालाब के लिए स्टांप पेपर पर तैयार लीज एग्रीमेंट प्रस्तुत करना होगा।केसीसी के तहत कृषि एवं संबंधित गतिविधियों के लिए अधिकतम तीन लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, केवल मछली पालन के लिए मत्स्य पालकों को बिना किसी गारंटी के दो लाख रुपये तक ऋण देने का प्रविधान है। ऋण पर सामान्य ब्याज दर सात प्रतिशत वार्षिक है। समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को ब्याज में तीन प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलती है। इस प्रकार समय पर भुगतान करने पर प्रभावी ब्याज दर चार प्रतिशत वार्षिक रह जाती है।  जिले में विशेष अभियान की शुरुआत कर दी गई है। मेगा कैंप के माध्यम से 8,900 मत्स्य पालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर केसीसी का लाभ देने का लक्ष्य है। मछली पालन के लिए आवेदक के पास निजी तालाब या जलाशय होना चाहिए। निजी जमीन नहीं होने की स्थिति में कम से कम सात से 10 वर्ष के एग्रीमेंट पर लिया गया तालाब भी मान्य होगा। – संजय कुमार सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी  

भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की रिकॉर्डतोड़ जीत: 350+ रन बनाकर भी नहीं बचा पाई टीम इंडिया

नई दिल्ली न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने इतिहास रच दिया। होप की 143 गेंदों में 162 रनों की नाबाद और जुझारू पारी की बदौलत कैरेबियाई टीम ने 352 रनों के विशाल लक्ष्य को 48.2 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस यादगार जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप होने से खुद को बचा लिया। वेस्टइंडीज क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज न्यू चंडीगढ़ में मिली यह जीत कैरेबियाई क्रिकेट के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गई है। वेस्टइंडीज ने अपने 907 वनडे मैचों के लंबे इतिहास में पहली बार 350 से अधिक रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया है। इससे पहले वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन चेज 328 रनों का था जो उन्होंने साल 2019 में आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में हासिल किया था। यह कुल छठा मौका है जब कैरेबियाई टीम ने 300 या उससे अधिक का स्कोर सफलता के साथ चेज किया है। भारतीय टीम के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के लिए जहां यह मुकाबला ऐतिहासिक खुशियां लेकर आया, वहीं भारतीय टीम के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही। भारतीय वनडे क्रिकेट इतिहास में यह सिर्फ तीसरा मौका है जब टीम इंडिया 350 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद अपने स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही। भारतीय गेंदबाज बोर्ड पर एक विशाल स्कोर लगे होने के बाद भी विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए। भारतीय गेंदबाजों का लचर प्रदर्शन भारतीय आक्रमण की बात करें तो मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और नमन धीर ने 1-1 विकेट जरूर चटकाए लेकिन वे पूरी पारी के दौरान कप्तान शाई होप को रोकने का कोई तोड़ नहीं निकाल सके। ओपनिंग करने उतरे शाई होप अंत तक क्रीज पर खूंटा गाड़कर डटे रहे और अकेले दम पर मैच का पासा पलट दिया। उनकी इस मैच जिताऊ पारी ने दोनों टीमों के बीच का अंतर साफ तौर पर तय कर दिया।  

अरबाज खान से सलमान पर पूछा सवाल तो बिगड़ा माहौल, जवाब दिए बिना पैपराजी से चले गए एक्टर

हाल ही में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मुंबई में एक इवेंट के दौरान एक्टर अरबाज खान 'द वेस्टिन मुंबई पवई लेक' में फोटोग्राफर्स से मिले. लेकिन माहौल तब अजीब हो गया जब एक पैपराजी ने उनसे उनके भाई, एक्टर सलमान खान के बारे में सवाल पूछा. जिससे अरबाज काफी चिढ़ गए. दरअसल पैपराजी ने अरबाज से 'बिग बॉस 20' पर ट्रोलर्स को लेकर सलमान की हालिया टिप्पणियों के बारे में पूछा. अरबाज़ ने सवाल का जवाब देने से बचने की कोशिश की और जल्दी से 'एक्सक्यूज़ मी… थैंक यू, थैंक यू' कहा और फोटोग्राफर्स के पास से चले गए. हालांकि, बातचीत यहीं खत्म नहीं हुई. बाद में अरबाज मुड़े और पैपराजी से पूछा, 'क्या यह ज्वेलरी से जुड़ा था? क्या वह सवाल आज के इवेंट से जुड़ा था?' इससे पता चलता है कि शायद उन्हें इवेंट से जुड़े सवालों की उम्मीद थी. अभी तक कोई सफाई नहीं इस छोटी सी बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा है. अरबाज के रिएक्शन से यह जानने की एक्साइटमेंट बढ़ गई है कि उन्होंने सलमान से जुड़े सवाल का जवाब क्यों नहीं दिया. अभी तक अरबाज की तरफ से वहां से चले जाने के फैसले या उनके रिएक्शन के पीछे किसी खास वजह के बारे में कोई सफाई नहीं दी गई है. सलमान ने क्या कहा था? बीते दिनों बिग बॉस 20 में सलमान खान ने पैपराजी के काम करने के तरीके और उनकी मानसिकता पर कड़ा एतराज जताया था. उन्होंने कहा कि गाड़ियों से उतरते-बैठते वक्त एक्ट्रेसेस के गलत एंगल से फोटो-वीडियो लिए जाते हैं, जिन्हें कोई भी महिला पसंद नहीं करती.  उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों को मीडिया कार्ड किसने दिए हैं और इनकी मानसिकता आखिर क्या है?   वर्क फ्रंट एक्टर आखिरी बार 'बिहू अटैक' में दिखे थे, जिसे सुजाद इकबाल खान ने डायरेक्ट किया था. इस फिल्म में देव मेनारिया, डेज़ी शाह, राहुल देव, रजा मुराद, युक्ति कपूर, हितेन तेजवानी, मीर सरवर, डिम्पू बरुआ और एमी मिसोबाह ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. 59 साल के अरबाज ने 24 दिसंबर 2023 को मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान (36) से शादी की थी. इस कपल के घर 5 अक्टूबर 2025 को बेटी सिपाारा खान का जन्म हुआ. इससे पहले अरबाज की शादी मलाइका अरोड़ा से हुई थी, जो 1998 से 2017 तक चली. इस पूर्व कपल का एक बेटा है, अरहान खान.  

6 अक्टूबर को मचेगा ऑटो धमाका! Honda, Skoda समेत 4 बाइक्स की एक साथ होगी लॉन्चिंग

 नई दिल्ली अक्टूबर का महीना लॉन्चेज के भरा होने वाला है. इस महीने कई बाइक और कारें लॉन्च होने वाली है. हालांकि, उसमें भी 6 अक्टूबर की तारीख ऐसी है, जिस दिन एक साथ कई प्रोडक्ट्स लॉन्च होने वाले हैं. 6 अक्टूबर को दो कारें और चार बाइक लॉन्च होने वाली है. इन सभी प्रोडक्ट्स के टीजर आने शुरू हो गए हैं।  सबसे पहले बात करते हैं उस प्रोडक्ट की जो रिवील हो चुका है. हम बात कर रहे हैं स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट (Skoda Slavia Facelift) की, जो रिवील हो चुकी है. ये मार्केट में उपलब्ध एक पॉपुलर सेडान है. अपडेट के तहत इस कार में काफी कुछ नया मिलेगा।  स्लाविया फेसलिफ्ट में क्या होगा खास? नई स्कोडा स्लाविया में रिवाइज्ड फ्रंट एंड दिया जाएगा, जिसमें हेडलैम्प्स को अभी बदला गया है. इसमें कनेक्टिंग एलईडी बार, एलईडी डीआरएल्स, नए एलॉय व्हील्स, रिवाइज्ड टेल लैम्प्स, बंपर और कई दूसरे बदलाव देखने को मिलेंगे. कैबिन में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।  मुख्य अंतर 10.24 इंच का ड्राइवर डिस्प्ले है, जिस पर टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन मिलेगा. इसके अलावा कार में 10 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा. कार में पहले वाला ही 1.0 लीटर का टीएसआई और 1.5 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा. ये कार 6 अक्टूबर को लॉन्च होगी।  होंडा फेसलिफ्ट  दूसरा बड़ा लॉन्च होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट है. इस एसयूवी का अपडेटेड वर्जन 6 अक्टूबर को लॉन्च होगा. इस कार में कई डिजाइन बदलाव होंगे. इसमें ट्विक्ड हेडलैम्प्स, एलईडी डीआरएल्स, कनेक्टिंग एलईडी बार, एक रिवाइज्ड फ्रंट ग्रिल और बंपर मिलेगा. इसमें नए एलॉय व्हील्स और रिवाइज्ड टेल लैम्प्स मिलेंगे।  इंटीरियर की बात करें, तो एसयूवी में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट यूनिट मिलेगा. इसके अलावा 8 स्पीकर ऑडियो सिस्टम, एक वायरलेस चार्जर, 7 इंच का सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, रियर पार्किंग और कई दूसरे फीचर्स मिलेंगे. कार के इंजन डिपार्टमेंट में कोई बदलाव नहीं होगा।  चार बाइक्स होंगी लॉन्च  ट्रायम्फ (Triumph) ने एक टीजर जारी किया, जिसमें कंपनी ने चार नई मोटरसाइकिल को टीज किया है. ये बाइक्स 6 अक्टूबर को लॉन्च होने वाली है. कंपनी बोनविले 400 (Bonneville 400) को लॉन्च कर सकती है, जिसे कई बार टेस्ट करते हुए स्पॉट किया गया है।  ये बाइक रेट्रो मॉडर्न लुक के साथ आएगी. बोनविले 400 का सीधा मुकाबला रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और बुलेट 350 के साथ होंडा सीबी 350 लाइनअप से होगा. इसके अलावा कंपनी स्ट्रीट ट्रिपल और दो टाइगर मॉडल लॉन्च होंगे। 

बनास नदी पर बना राजस्थान का सबसे लंबा पुल, ₹134.74 करोड़ की लागत से तैयार हुआ 3.34 किमी हाई-लेवल ब्रिज

जयपुर राजस्थान के बुनियादी ढांचे और सड़क विकास के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। टोंक जिले के गहलोद गांव के पास बनास नदी पर प्रदेश के सबसे लंबे हाई-लेवल ब्रिज का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। लगभग 134.74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस भव्य और सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के पूरा होने से उन हजारों ग्रामीण इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है, जिन्हें हर साल मानसून के मौसम में जलभराव और आवागमन बाधित होने की वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के वित्तीय सहयोग से बनाए गए इस पुल ने राज्य में सिविल इंजीनियरिंग और आपदा-रोधी निर्माण का एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। भौगोलिक रूप से देखें तो यह पूरा इलाका हर साल बारिश के दिनों में मुख्यधारा से कट सा जाता था। बनास नदी में उफान आने पर पुराना रपटा या कॉजवे पूरी तरह पानी में डूब जाता था या क्षतिग्रस्त हो जाता था, जिससे टोंक, मालपुरा, पीपलू और अजमेर के बीच का संपर्क लंबे समय के लिए टूट जाता था। मजबूरी में स्थानीय लोगों और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 30 से 40 किलोमीटर का लंबा अतिरिक्त चक्कर काटकर सफर करना पड़ता था। लेकिन अब इस 3.34 किलोमीटर लंबे हाई-लेवल ब्रिज के शुरू हो जाने से इस पूरे क्षेत्र के लोगों को साल के 365 दिन सुरक्षित, सुगम और बारहमासी कनेक्टिविटी मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। 3.34 km लंबाई, 243 टन की भार क्षमता इस पूरे मेगा प्रोजेक्ट की संरचनात्मक और तकनीकी बारीकियों पर नजर डालें तो इसे बेहद उच्च मानकों के तहत तैयार किया गया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हाई-लेवल ब्रिज की कुल लंबाई 3.34 किलोमीटर (3,340 मीटर) है, जिसमें लगभग 2 किलोमीटर का मुख्य पुल और 1.34 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं। मजबूत स्पैन संरचना: इस मुख्य पुल में 40-40 मीटर की लंबाई वाले कुल 50 प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट स्पैन बनाए गए हैं, जो इसे अत्यधिक मजबूत बनाते हैं। भार वहन क्षमता: इस ब्रिज की लोड-बेयरिंग कैपेसिटी करीब 243 टन आंकी गई है, जो भारी मालवाहक वाहनों और कमर्शियल ट्रैफिक के आवागमन के लिए पूरी तरह मुफीद है। सख्त लोड टेस्टिंग: पुल की मजबूती और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानकों के तहत 5 चरणों में इसकी कड़ी लोड टेस्टिंग पूरी की गई। टेस्टिंग के दौरान इसमें 92 प्रतिशत की संरचनात्मक रिकवरी दर्ज की गई, जबकि 85 प्रतिशत या इससे अधिक रिकवरी को ही तकनीकी रूप से संतोषजनक माना जाता है। क्षेत्रीय विकास और आम जनता को मिलने वाले लाभ इस नए हाई-लेवल ब्रिज के निर्माण से केवल टोंक जिला ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों और कस्बों के बीच आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां तेज होंगी। इस पुल के शुरू होने से मुख्य रूप से पीपलू, मालपुरा, टोडारायसिंह, फागी और अजमेर क्षेत्र के निवासियों को सीधा फायदा मिलेगा। कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने, मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाने और विद्यार्थियों के दैनिक आवागमन में आने वाली बाधाएं अब पूरी तरह दूर हो जाएंगी। ग्रामीण अंचलों के लोगों का यह सफर अब न केवल समय बचाने वाला होगा, बल्कि पूरी तरह सुरक्षित भी होगा।