samacharsecretary.com

CM की बड़ी घोषणाओं से मंडला में विकास को रफ्तार, टाइगर सफारी-जू से कॉलेज तक कई सौगातों का ऐलान

 मंडला को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात… टाइगर सफारी-जू और रेस्क्यू सेंटर की घोषणा, घुघरी-मोहगांव में खुलेगा कॉलेज  मंडला मंडला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंडला जिले के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मंडला में अब टाइगर सफारी-जू के साथ वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही घुघरी और मोहगांव में महाविद्यालय शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अक्टूबर को मंडला में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क और प्रशासनिक अधोसंरचना से जुड़ी कई बड़ी सौगातें दीं। मंडला की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन हुआ। तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मंडला की पहचान और विरासत का उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला केवल एक जिला नहीं, बल्कि वीरता, जनजातीय गौरव और नर्मदा सभ्यता का संगम है। गोंडवाना साम्राज्य की गौरवशाली विरासत, वीरांगना रानी दुर्गावती का शौर्य, गोंड और बैगा जनजातियों की समृद्ध संस्कृति तथा मां नर्मदा मंडला की पहचान को विशेष बनाते हैं।  टाइगर सफारी-जू की बड़ी घोषणा कार्यक्रम के दौरान मंडला के लिए सबसे बड़ी घोषणा टाइगर सफारी-जू और वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर को लेकर रही। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके की मांग पर मुख्यमंत्री ने मंडला में टाइगर सफारी-जू स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला आने वाले पर्यटकों को कई बार सफारी के दौरान बाघ या अन्य वन्यजीव देखने का अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे में टाइगर सफारी-जू के माध्यम से पर्यटकों को बाघ सहित अन्य वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही यहां वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जहां घायल और बीमार वन्यप्राणियों के उपचार की व्यवस्था होगी। सरकार की इस घोषणा से मंडला में पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। घुघरी और मोहगांव को कॉलेज की सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घुघरी और मोहगांव में महाविद्यालय शुरू करने की घोषणा भी की।इस घोषणा से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर कॉलेज की सुविधा मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने एमएसएमई के माध्यम से चार और चिरौंजी जैसी लघु वनोपज की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य स्थानीय वनोपज को बाजार से जोड़ना और रोजगार के अवसर पैदा करना है। 21 लाख से ज्यादा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण करना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के पर्व को प्रदेशवासी उत्साह और उमंग के साथ मना सकें, इसी उद्देश्य से तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की जा रही है।प्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को करीब 149 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की गई।वहीं मंडला, डिंडौरी, जबलपुर, सिवनी और बालाघाट जिले के 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 की बोनस राशि के रूप में 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये का वितरण किया गया। इसके साथ ही मंडला के पूर्व सामान्य और पश्चिम सामान्य वनमंडल की 84 वन समितियों के 39 हजार 399 सदस्यों को वर्ष 2025-26 की 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये की काष्ठ लाभांश राशि भी वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन आधारित अर्थव्यवस्था से जुड़े परिवारों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है। 460 करोड़ से अधिक के विकास कार्य मंडला जिले के लिए विकास के लिहाज से भी कार्यक्रम महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले में 460 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कुल 74 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।इनमें 260 करोड़ 62 लाख 38 हजार रुपये की लागत वाले 47 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 200 करोड़ 2 लाख 38 हजार रुपये की लागत वाले 27 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।लोकार्पित कार्यों में बिछिया एनएच-30 से सरई गेट मार्ग, सांदीपनि शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बिछिया का भवन, संयुक्त तहसील कार्यालय भवन निवास, सांदीपनि विद्यालय घुटास और सांदीपनि विद्यालय सागर सहित शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय की भी सौगात मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में नवीन एकीकृत कलेक्ट्रेट कार्यालय भवन मंडला भी शामिल है, जिसकी लागत करीब 33 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है।इसके साथ ही नवीन नर्सिंग कॉलेज मंडला, शासकीय महाविद्यालय नारायणगंज, पुलिस लाइन में आवास गृह और नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन का निर्माण भी शामिल है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन की लागत करीब 4 करोड़ 11 लाख रुपये है।वहीं पुलिस लाइन मंडला में 12 एनजीओ और 48 आरक्षक आवास गृह के निर्माण के लिए करीब 12 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।  स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार मुख्यमंत्री ने मंडला में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।मंडला में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक के लिए 16 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति का भी उल्लेख मुख्यमंत्री ने किया।इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में गंभीर मरीजों के उपचार सहित स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।  किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर मुख्यमंत्री ने मंडला में पान की खेती को विकसित करने की बात कही। इसके साथ ही पशुधन संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव में दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने की बात कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादक किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य मिलना चाहिए और इसके लिए सहकारी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।वहीं सरकार की सुगम बस परिवहन सेवा का विस्तार गांव-गांव तक करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के 163 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत स्कूटी की चाबी सौंपी।इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा का … Read more

CM यूथ कॉन्क्लेव-2026 में दिखेगी युवाओं के भविष्य की राह, 20 हजार युवाओं से सीधा संवाद करेंगे डॉ. मोहन यादव

भोपाल  मध्य प्रदेश की युवा शक्ति को रोजगार, कौशल, स्टार्टअप और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कॉन्क्लेव में युवाओं को कॅरियर और रोजगार के नए विकल्पों के साथ ही नवाचार और उभरती तकनीकों की संभावनाओं से भी रूबरू कराया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार को उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने और युवाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। रोजगार से स्टार्टअप तक, युवाओं के लिए क्या-क्या होगा? कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान और नई तकनीकों पर विशेष सत्र और गतिविधियां होंगी। विशेषज्ञों के साथ शैक्षणिक संस्थान, उद्योग और स्टार्टअप भी इसमें शामिल होंगे। युवाओं को बदलते जॉब मार्केट, नए कौशल की जरूरत, स्वरोजगार की संभावनाओं और अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। 17 विभाग बताएंगे रोजगार और योजनाओं की राह कॉन्क्लेव में 17 शासकीय विभागों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उद्योग, एमएसएमई, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष, पुलिस और साइबर सुरक्षा समेत कई विभाग युवाओं के लिए संचालित योजनाओं और अवसरों की जानकारी देंगे। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप की ओर से भी स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी। 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्षों में दिखेगा भविष्य कार्यक्रम में 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें विश्वविद्यालयों, सरकारी विभागों, संस्थाओं और स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार, कॅरियर, प्रशिक्षण, अनुसंधान, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। विश्वविद्यालयों की ओर से ड्रोन तकनीक, नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और कॅरियर से जुड़े प्रोजेक्ट और प्रस्तुतियां भी होंगी। AI से ड्रोन और रोबोटिक्स तक नई तकनीक पर फोकस युवा कॉन्क्लेव में भविष्य की तकनीकों को खास जगह दी गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और रिसर्च की संभावनाओं से युवाओं को परिचित कराया जाएगा। इसका मकसद युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नई तकनीकों और इनोवेशन के क्षेत्र में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करना है। आइडिया से बिजनेस तक का सफर समझेंगे युवा मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से नवोदित उद्यम अपने उत्पाद और नए प्रयोग प्रदर्शित करेंगे। युवा इन स्टार्टअप के जरिए यह समझ सकेंगे कि किसी विचार को उत्पाद, सेवा और सफल उद्यम में कैसे बदला जा सकता है। कॉन्क्लेव में कॅरियर मार्गदर्शन और कौशल विकास के साथ मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग, रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञ जानकारी देंगे। पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और जन-सुरक्षा से जुड़े विषयों पर युवाओं के साथ संवाद किया जाएगा। जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे बढ़ाएंगे कार्यक्रम की रौनक युवा कॉन्क्लेव में ज्ञान और मार्गदर्शन के साथ मनोरंजन का भी इंतजाम रहेगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां युवाओं का उत्साह बढ़ाएंगी। युवाओं को अवसर और नई दिशा देने की पहल सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को संवाद, कौशल, कॅरियर, रोजगार और नवाचार के अवसरों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ 20 हजार से अधिक युवाओं का संवाद और 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष इस आयोजन को प्रदेश के युवा केंद्रित बड़े आयोजनों में शामिल करेगा। सरकार का जोर युवा प्रतिभा और ऊर्जा को सही अवसर देकर विकसित मध्य प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ाने पर है।  

पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय, प्रशासन हर उचित समस्या का कराए समयबद्ध निस्तारण: सीएम योगी

जनता दर्शन उचित समस्या को लेकर दूसरी बार फरियादी आए तो जवाबदेही तय: मुख्यमंत्री पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय, प्रशासन हर उचित समस्या का कराए समयबद्ध निस्तारण: सीएम योगी कब्जामुक्त कराएं जमीन, पीड़ित को न्याय और दोषियों को दिलाएं सजा: मुख्यमंत्री लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ में दूरदराज से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों को समाधान का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन हर उचित समस्या का समयबद्ध निस्तारण कराए, यदि पीड़ित एक ही समस्या को लेकर दूसरी बार आया और वह समस्या वास्तविक रही तो जवाबदेही तय होगी। पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि पीड़ित की समस्या वास्तविक है और समय से उसका निस्तारण नहीं हो पाया, तो यह अक्षम्य है।  हर व्यक्ति से मिले मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक पहुंचकर उनकी पीड़ा जानी और आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और समयबद्ध/पारदर्शी निस्तारण कराएं।  पीड़ित को न्याय और दोषियों को सजा दिलाएं इस दौरान कुछ लोगों ने जमीन जबरन कब्जा कर लिए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी दबंग ने किसी गरीब की जमीन हड़पी है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त होनी चाहिए। जमीन कब्जामुक्त कराने के साथ जबरन कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाया जाए। पीड़ित को न्याय और दोषियों को सजा दिलाएं।

29,334 शिक्षक भर्ती: नौकरी की उम्मीद जगी, सुप्रीम कोर्ट ने 355 अभ्यर्थियों के मामलों पर लिया बड़ा फैसला

प्रयागराज उत्तर प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गणित एवं विज्ञान विषय की 29334 भर्ती से सैकड़ों अभ्यर्थियों को नौकरी की उम्मीद जगी है। इस भर्ती से जुड़े अवमानना मामले में उच्चतम न्यायालय ने 28 सितंबर को एक महत्वपूर्ण आदेश देते हुए कहा है कि 29 जनवरी 2025 के आदेश के बावजूद जिन 355 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी पर विचार नहीं किया गया, उनके मामलों पर 12 सप्ताह के अंदर विचार किया जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि और अभ्यर्थी योग्य और उपयुक्त पाए जाते हैं तो उन्हें भी बिना देरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएं। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की खंडपीठ के समक्ष तीन अलग-अलग आवेदन पेश किए गए थे, जिनमें क्रमशः 163, 190 और 2 अभ्यर्थियों ने पक्षकार बनाए जाने की मांग की थी। कुल 355 अभ्यर्थियों का आरोप है कि 29 जनवरी 2025 के आदेश के बावजूद उनकी उम्मीदवारी पर अभी तक विचार नहीं किया गया। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि इन 355 अभ्यर्थियों के मामलों पर 12 सप्ताह के अंदर विचार किया जाए। इसके अलावा यदि और अभ्यर्थी 29 जनवरी 2025 के आदेश के अनुसार योग्य पाए जाएंगे, उन्हें तुरंत नियुक्ति की पेशकश की जाए। यदि किसी अभ्यर्थी को नियुक्ति नहीं दी जाती है, तो तर्कपूर्ण आदेश पारित कर उसे सूचित किया जाए। इस मामले को छह सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है।

9 अक्टूबर से शनि बदलेंगे नक्षत्र, इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत; धन-करियर में लाभ के योग

वैदिक ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को न्याय का देवता और कर्मफलदाता माना जाता है. शनि की चाल में होने वाला हर एक बदलाव सभी 12 राशियों के जीवन को गहराई से प्रभावित करता है. पंचांग के अनुसार, आने वाले 9 अक्टूबर 2026 को शनि देव नक्षत्र परिवर्तन करते हुए उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 8 फरवरी 2027 तक इसी नक्षत्र में संचरण करते रहेंगे. शनि का यह गोचर कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ और लाभकारी माना जा रहा है. आइए जानते हैं कि इस अवधि में किन 5 भाग्यशाली राशियों को बंपर लाभ मिलने वाला है. शनि गोचर का ज्योतिषीय प्रभाव उत्तर भाद्रपद नक्षत्र के स्वामी स्वयं देवगुरु बृहस्पति हैं. ऐसे में शनि और गुरु के इस अद्भुत संयोग से कई जातकों के जीवन में स्थिरता, अनुशासन और लंबे समय से अटके कार्यों में गति आएगी. इस दौरान नौकरीपेशा और व्यापारी वर्ग दोनों को ही अपनी मेहनत का शानदार परिणाम मिलने के योग हैं. मेष राशि (Aries) मेष राशि के जातकों के लिए शनि का यह नक्षत्र गोचर बेहद अनुकूल साबित होगा. इस दौरान आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा. लंबे समय से रुके हुए कानूनी या कोर्ट-कचहरी के मामलों में राहत मिलने की पूरी संभावना है. वृषभ राशि (Taurus) वृषभ राशि वालों के लिए यह अवधि आर्थिक दृष्टि से बेहद मजबूत रहने वाली है. धन लाभ के नए मार्ग खुलेंगे और यदि आप निवेश करने की सोच रहे हैं, तो भविष्य के लिए यह समय बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है. परिवार के साथ सुखद समय बीतेगा. कर्क राशि (Cancer) कर्क राशि के जातकों के जीवन में चल रही उथल-पुथल अब शांत होने लगेगी. भाग्य का पूरा साथ मिलने से आपके अटके हुए कार्य तेजी से पूरे होंगे. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियां मिलने के योग हैं, जिससे समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा. तुला राशि (Libra) तुला राशि के जातकों के लिए यह गोचर करियर और कारोबार में नए अवसर लेकर आएगा. व्यापारी वर्ग के लोग अपने बिजनेस का विस्तार कर सकते हैं, जिससे बड़ा मुनाफा हाथ लग सकता है. स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा और मानसिक शांति बनी रहेगी. मकर राशि (Capricorn) मकर राशि के स्वामी स्वयं शनि देव हैं, इसलिए इस राशि के जातकों के लिए यह समय किसी वरदान से कम नहीं है. आपकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आएगा. यदि आप नई नौकरी की तलाश में हैं या करियर बदलने का विचार कर रहे हैं, तो इस दौरान आपको बेहतरीन सफलता मिल सकती है.

होलकर स्टेडियम में पहली बार 200, 500 और 750 किलो के आधुनिक रोलर, भारत-वेस्टइंडीज मैच की पिच पर खास तैयारी

 इंदौर  11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले की तैयारियां अब आधुनिक तकनीक के साथ की जा रही हैं। मैदान में पहली बार 200, 500 और 750 किलोग्राम वजन वाले आधुनिक रोलर मंगाए गए हैं। ये पुराने मैनुअल रोलर की तुलना में आकार में बड़े हैं और इनके वजन का वितरण भी अलग तरीके से किया गया है। इन्हें चेन्नई से इंदौर लाया गया है। इन आधुनिक रोलर के पीछे क्रिकेट पिच की मिट्टी, नमी, घास की जड़ों और गेंद के उछाल को लेकर हुई वैज्ञानिक रिसर्च है। इंग्लैंड की क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से जुड़े शोध में पिच की नमी, मिट्टी की स्थिति और रोलर के दबाव के मैच के दौरान सतह के व्यवहार पर पड़ने वाले असर का अध्ययन किया गया है। यानी पिच तैयार करते समय अब यह तय करना भी जरूरी है कि कितना रोलिंग करना है, किस वजन का रोलर इस्तेमाल करना है और उस समय मिट्टी में कितनी नमी है। केवल भारी रोलर चलाने से पिच बेहतर नहीं होती क्रिकेट में लंबे समय तक यह धारणा रही कि भारी रोलर चलाने से पिच ज्यादा सख्त होगी और बल्लेबाजी के लिए बेहतर सतह तैयार होगी। हालांकि, आधुनिक पिच साइंस में रोलिंग का असर मिट्टी की नमी और पिच की संरचना पर निर्भर करता है। पिच कब और कितनी देर रोल की जाए, इसका संबंध मिट्टी के सूखने की प्रक्रिया से भी है। यदि नमी और रोलिंग का संतुलन ठीक नहीं है तो जरूरत से ज्यादा दबाव सतह की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है। पिच पर मौजूद घास भी अहम भूमिका निभाती है। उसकी जड़ें मिट्टी के भीतर से नमी खींचने में मदद करती हैं। पिच की तैयारी के दौरान घास की स्थिति, मिट्टी की नमी और सतह की मजबूती को साथ-साथ देखा जाता है। रोलर का काम सिर्फ मिट्टी दबाना नहीं आधुनिक रोलिंग तकनीक का एक अहम उद्देश्य पिच पर समान उछाल यानी यूनिफॉर्म बाउंस बनाए रखना भी है। मैच से पहले रोलर चलाने का मकसद सिर्फ सतह को कठोर करना नहीं होता। खिलाड़ियों की आवाजाही, मौसम और नमी के कारण सतह में आने वाले छोटे बदलावों को भी रोलिंग के जरिए नियंत्रित किया जाता है। पिच के अलग-अलग हिस्सों की कठोरता या सतह में अंतर होने पर गेंद की उछाल भी बदल सकती है। ऐसे में रोलिंग तकनीक का इस्तेमाल सतह को अधिक समान रखने के लिए किया जाता है। 200, 500 और 750 किलो के तीन विकल्प होलकर स्टेडियम में इस बार 200, 500 और 750 किलोग्राम वजन वाले तीन आधुनिक रोलर उपलब्ध हैं। ग्राउंड की स्थिति और मौसम के अनुसार इनमें से उपयुक्त रोलर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इनकी खासियत सिर्फ वजन नहीं है, बल्कि वजन का वितरण भी पुराने मैनुअल रोलर से अलग है। इससे पिच पर पड़ने वाले दबाव को नियंत्रित तरीके से इस्तेमाल करने का विकल्प मिलता है। BCCI ने दिए थे रोलर की व्यवस्था के निर्देश मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के CEO रोहित पंडित ने बताया कि ये पुराने मैनुअल रोलर की तुलना में नया डेवलपमेंट है। इनके वजन का वितरण अलग तरीके से किया गया है, जिससे पिच तैयार करने में फायदा मिल सकता है। उन्होंने बताया कि BCCI की ओर से इन रोलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद इन्हें चेन्नई से इंदौर मंगाया गया है। मौसम तय करेगा कौन सा रोलर चलेगा विशेषज्ञों के मुताबिक, क्रिकेट पिच की तैयारी में मौसम की अहम भूमिका होती है। तापमान, नमी, बारिश और मिट्टी की स्थिति के अनुसार रोलिंग का तरीका बदल सकता है। हर परिस्थिति में एक ही वजन के रोलर का इस्तेमाल जरूरी नहीं है। पिच की मौजूदा स्थिति के आधार पर कम या ज्यादा वजन वाले रोलर का चयन किया जा सकता है। यही वजह है कि होलकर स्टेडियम में तीन अलग-अलग वजन के रोलर उपलब्ध कराए गए हैं। इंग्लैंड से शुरू हुई पिच की ‘साइंस’ अब भारतीय क्रिकेट में इंग्लैंड में क्रिकेट पिचों पर मौसम और मिट्टी के प्रभाव का लंबे समय से वैज्ञानिक अध्ययन किया जाता रहा है। क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी और ECB से जुड़े शोधों में पिच रोलिंग को केवल ग्राउंड स्टाफ के अनुभव तक सीमित रखने के बजाय इसे वैज्ञानिक तरीके से समझने पर जोर दिया गया। रिसर्च में मिट्टी की नमी, उसके सूखने, घास की जड़ों, रोलिंग के दबाव और गेंद के उछाल के बीच संबंध को समझने पर ध्यान दिया गया। इसी तरह की आधुनिक सोच अब क्रिकेट मैदानों की तैयारी में भी इस्तेमाल की जा रही है।

मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम, 7-8 अक्टूबर को सतना-रीवा समेत 14 शहरों में बारिश के आसार

भोपाल  मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद दिन में गर्मी और रात में ठंडक बढ़ गई है। पिछली 3 रातों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। यह अनूपपुर के अमरकंटक में 16° और इंदौर में 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, भोपाल, उज्जैन-पचमढ़ी में भी पारा लुढ़का है। हालांकि, दिन में तीखी धूप खिली है। इससे उमस और गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने कहा- पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड है। इस बार भी ऐसा ही होने का अनुमान है। अक्टूबर की शुरुआत में ही मौसम साफ हो गया और धूप खिल गई। वहीं, रात में सर्दी बढ़ी है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में गरज-चमक, आंधी के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जारी किया है। छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है। दो दिन कहीं नहीं होगी बारिश मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिन यानी 5 और 6 अक्टूबर को प्रदेश में कहीं भी बारिश होने का अनुमान नहीं है। दिन में धूप खिली रहेगी। 100 दिन सक्रिय रहा मानसून इस बार मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 100 दिन सक्रिय रहा। 24 जून को यह एंटर हुआ था और 3 अक्टूबर को पूरे प्रदेश से विदाई ले ली। मानसून के दौरान प्रदेश में कुल 908.4 मिमी यानी, 35.8 इंच (95.9 प्रतिशत) बारिश हुई। यह सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिमी) की तुलना में 1.5 इंच कम है। वहीं, ओवरऑल 4 प्रतिशत कम पानी गिरा। पूर्वी हिस्से में 4% ज्यादा और पश्चिमी हिस्से में औसत से 12% बारिश कम हुई है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में यह आंकड़ा चार प्रतिशत ज्यादा है। अधिकांश जिलों में कोटे से ज्यादा पानी गिर चुका है लेकिन बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर, सिवनी में 5% से 21% तक कम बारिश हुई है। वहीं, पश्चिमी हिस्से के आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत से 9% से 51% कम पानी गिरा है। इन 25 जिलों में कोटा फुल भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। इस बार 30 जिलों में कम बारिश हुई है। इनमें नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, अशोकनगर, मुरैना, मंदसौर, खंडवा, बड़वानी, नीमच, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, रायसेन, छिंदवाड़ा, विदिशा, शाजापुर, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर शामिल हैं।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में रचा इतिहास, 32 पदक जीतने पर खेल मंत्री ने किया सम्मान

पंचकुला. जापान में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में जोरदार प्रदर्शन करके लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने फूल मालाएं पहनाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीते हैं, जिसमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक सहित शामिल हैं। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने यह पदक अपने नाम कर हरियाणा की खेल शक्ति का लोहा मनवाया। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

पंजाब में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 7 अक्टूबर से बारिश का अलर्ट; तेज हवाओं के साथ गिरेगा तापमान

 पटियाला पंजाब में सात अक्तूबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने सात से नौ अक्तूबर तक तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह अलर्ट पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली जिलों के लिए जारी किया गया है। बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आने से रात में ठंडक बढ़ सकती है और दिन में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल शुष्क है मौसम मानसून की विदाई के बाद फिलहाल पंजाब में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यह सामान्य के आसपास रहा। प्रदेश में सबसे अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। पटियाला में अधिकतम तापमान 34.9, अमृतसर में 34.7, लुधियाना में 34.8, फरीदकोट में 36.0 और संगरूर में 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का तापमान भी सामान्य से अधिक पंजाब में रात का तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। यानी दिन के साथ रात में भी गर्मी बनी हुई है। प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस पठानकोट में दर्ज किया गया। 

₹6 हजार करोड़ के ड्रग केस में बढ़ी हलचल, SIT ने मजीठिया और जगदीश भोला को पूछताछ के लिए बुलाया

पटियाला करीब छह हजार करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और बर्खास्त डीएसपी जगदीश सिंह भोला आज विशेष जांच टीम के सामने पेश होंगे।जगदीश सिंह भोला का नाम ड्रग्स मामले से पहले से जुड़ा है। मजीठिया के खिलाफ दिसंबर 2021 में पंजाब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी। इसमें धारा 25, 27-ए और 29 लगाई गई थीं। पुलिस ने 2018 की एसटीएफ रिपोर्ट को एफआईआर का आधार बताया था। एफआईआर में 2004 से 2014 के बीच की गतिविधियों का उल्लेख था। पंजाब सरकार ने अदालत में कहा था कि बयानों और अन्य सामग्री के आधार पर मजीठिया की भूमिका की जांच हो रही है। मजीठिया को अगस्त 2022 में इस मामले में जमानत मिली थी।  इस मामले में बर्खास्त DSP जगदीश सिंह भोला को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सूत्रों की मानें तो एसआईटी दोनों को एक साथ बैठाकर सवाल-जवाब कर सकती है। SIT की जांच में पुराने बयानों के साथ ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और मामले की कड़ियों की पड़ताल की जा रही है। भोला का नाम भी ड्रग रैकेट की जांच से जुड़ा रहा है। क्या है मामला… एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज की थी FIR 20 दिसंबर 2021 को पंजाब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिक्रम मजीठिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत FIR दर्ज की थी। इसमें धारा 25, 27-A और 29 लगाई गई थीं। FIR का आधार 2018 की STF रिपोर्ट को बताया गया था। पुलिस का आरोप था कि मजीठिया के कुछ ऐसे लोगों से संबंध थे, जिन पर ड्रग तस्करी से जुड़े होने के आरोप थे। मजीठिया की भूमिका की जांच FIR में गतिविधियों की अवधि 2004 से 2014 बताई गई थी। मामले में जगदीश सिंह भोला, जगजीत सिंह चहल, मनिंदर सिंह औलख उर्फ बिट्टू औलख और अन्य लोगों के बयानों का भी उल्लेख हुआ। पंजाब सरकार की ओर से अदालत में कहा गया था कि इन बयानों और अन्य सामग्री के आधार पर मजीठिया की भूमिका की जांच की जा रही है। अगस्त 2022 में मिली थी जमानत हालांकि मजीठिया ने इस केस में कानूनी लड़ाई लड़ी और 2022 के विधानसभा चुनाव में अमृतसर से चुनावी मैदान में उतरे थे। इसके बाद वह जेल गए। अगस्त 2022 में उन्हें जमानत मिल गई थी। मजीठिया इस केस पर पहले से ही सवाल उठाते आए हैं। पुलिस ने कोई रिकवरी नहीं की मजीठिया का कहना है कि यह एनडीपीएस का मामला है, जिसमें पुलिस ने कोई रिकवरी नहीं की है। हालांकि, पुलिस ने नशा तस्करी में पकड़े गए कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं।