मुंबई AI की दुनिया में अब तक चर्चा ChatGPT और OpenAI की होती थी, लेकिन अब एक दूसरी कंपनी ने पूरी टेक इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. 2021 में शुरू हुई एंथ्रोपिक ने 19 नवंबर 2026 को इतिहास के सबसे बड़े IPO में से एक के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए और करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन तक पहुंच गई. इसके पीछे है Claude AI, जिसे कंपनियां अब सिर्फ सवाल पूछने के लिए नहीं, बल्कि अपना काम पूरा कराने के लिए इस्तेमाल कर रही हैं। कुछ साल पहले तक शायद ही किसी ने सोचा होगा कि AI चैटबॉट बनाने वाली एक नई कंपनी इतनी तेजी से दुनिया की सबसे वैल्यूएशन कंपनियों में शामिल होने की दौड़ में आ जाएगी. दिलचस्प ये है कि कंपनी को जिन्होंने बनाया है वो खुद पहले OpenAI में काम करते थे। लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. 1.5 ट्रिलियन डॉलर कंपनी की बाजार में तय हुई कीमत यानी वैल्यूएशन है. इसका मतलब यह नहीं कि कंपनी के पास इतना पैसा है या उसने इतनी कमाई कर ली है. यह भी कहना सही नहीं होगा कि Anthropic दुनिया की हर पुरानी और बड़ी कंपनी से आगे निकल गई है. इतना जरूर है कि इतनी कम उम्र में इस स्तर का मूल्यांकन हासिल करना अपने आप में बड़ी बात है। 2021 में शुरू हुई कंपनी, पांच साल में दुनिया के सामने बड़ा नाम एंथ्रोपिक की शुरुआत मई 2021 में हुई थी. इसे Dario Amodei, Daniela Amodei और AI रिसर्च से जुड़े दूसरे एक्सपर्ट्स ने मिलकर शुरू किया. डारियो और डैनिला इससे पहले OpenAI से जुड़े थे. कंपनी बनाने के पीछे एक बड़ा विचार था- ऐसे AI सिस्टम तैयार करना जो ताकतवर होने के साथ सिक्योर और भरोसेमंद भी हों। Anthropic ने खुद को सिर्फ एक और टेक कंपनी के रूप में पेश नहीं किया. इसका जोर AI रिसर्च, सिक्योरिटी और ऐसे मॉडल बनाने पर रहा जो इंसानों के काम आ सकें. कंपनी ने इसी सोच के साथ Claude नाम का AI मॉडल तैयार किया, जो मार्च 2023 में सामने आया. क्लौड सीधे तौर पर ChatGPT जैसे AI टूल्स को टक्कर देने लगा। शुरुआत में एंथ्रोपिक के पास न Google जैसी विशाल टेक व्यवस्था थी और न Microsoft जैसी बड़ी कस्टमर रीच. लेकिन उसके पास AI रिसर्च करने वाली अनुभवी टीम थी. यही उसकी सबसे बड़ी ताकत बनी। Claude ने कैसे बदली कंपनी की किस्मत? एंथ्रोपिक की सबसे बड़ी सफलता क्लौड को सिर्फ एक चैटबॉट बनाकर नहीं छोड़ना है. आम तौर पर लोग AI से सवाल पूछते हैं, ईमेल लिखवाते हैं या किसी विषय को समझते हैं. लेकिन कंपनियों को इससे कहीं ज्यादा चाहिए. उन्हें ऐसा AI चाहिए जो लंबे दस्तावेज पढ़ सके, जानकारी का विश्लेषण कर सके, कोड लिख सके और कई फेज वाले काम पूरे करने में मदद करे। क्लौड को इसी जरूरत के हिसाब से आगे बढ़ाया गया. इसके अलग-अलग मॉडल अलग तरह के काम के लिए बनाए गए हैं. कुछ तेज जवाब देने और कम खर्च वाले काम के लिए हैं, जबकि ज्यादा ताकतवर मॉडल कठिन सवालों, कोडिंग और गहरे विश्लेषण के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं। एंथ्रोपिक के लिए बड़ा मोड़ Claude Code रहा. यह ऐसा टूल है जो सॉफ्टवेयर डेवलपर्स को सिर्फ कोड का सुझाव नहीं देता, बल्कि कोड लिखने, उसकी जांच करने, गलतियां ठीक करने और उसे बेहतर बनाने के काम में भी मदद करता है. कंपनी के मुताबिक, NASA के इंजीनियरों ने भी Claude Code का इस्तेमाल मंगल ग्रह पर मौजूद Perseverance रोवर के लिए नेविगेशन कमांड तैयार करने में किया। यहीं AI का असली बदलाव दिखाई देता है. पहले AI से पूछा जाता था कि कोड कैसे लिखा जाए. अब AI को कहा जा सकता है कि यह काम पूरा करो, कोड लिखो, टेस्ट करो और गलती मिलने पर उसे ठीक भी करो. यानी AI धीरे-धीरे एक डिजिटल सहायक से आगे बढ़कर काम करने वाले सहयोगी की भूमिका में पहुंच रहा है। कंपनियां Claude पर इतना पैसा क्यों खर्च कर रही हैं? एंथ्रोपिक की कमाई का बड़ा हिस्सा आम लोगों के चैटबॉट इस्तेमाल से नहीं, बल्कि कंपनियों के कारोबार में Claude के इस्तेमाल से आता है. बैंक, टेक कंपनियां, वित्तीय संस्थान और दूसरी बड़ी कंपनियां AI का उपयोग ग्राहक सेवा, सॉफ्टवेयर बनाने, दस्तावेजों की जांच, रिसर्च और रोजमर्रा के कामों में कर रही हैं। कंपनी की IPO फाइलिंग के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक उसके पास 11,900 से ज्यादा ऐसे ग्राहक थे जिनसे पिछले 12 महीनों में कम से कम 1 लाख डॉलर का रेवेन्यू आया. इनमें 1,900 से ज्यादा ग्राहक ऐसे थे जिनसे कम से कम 10 लाख डॉलर का रेवेन्यू मिला. करीब 250 ग्राहक ऐसे थे जिनसे 1 करोड़ डॉलर या उससे ज्यादा की कमाई हुई। दरअसल क्लौड अब सिर्फ लोगों के लिए एक AI ऐप नहीं है. यह कई कंपनियों के कामकाज का हिस्सा बन रहा है. जब कोई कंपनी AI को अपने सॉफ्टवेयर, टीम और रोजमर्रा के काम में शामिल कर लेती है, तो उसका इस्तेमाल लगातार बढ़ सकता है. एंथ्रोपिक इसी बाजार पर दांव लगा रही है। Google और Amazon ने क्यों लगाया अरबों डॉलर का दांव? एंथ्रोपिक की सफलता में बड़ी टेक कंपनियों का निवेश भी अहम रहा है. Google और Amazon ने इसमें अरबों डॉलर लगाए हैं. ऐमेजॉन ने 2023 में एंथ्रोपिक में 4 अरब डॉलर तक निवेश करने का ऐलान किया था. बाद में उसने और निवेश किया. गूगल ने भी कंपनी में निवेश किया और उसके साथ कंप्यूटिंग से जुड़े समझौते किए। यहां एक दिलचस्प बात है. गूगल खुद Gemini AI बनाता है और Amazon भी AI के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है. इसके बावजूद दोनों ने एंथ्रोपिक में निवेश किया. इसकी वजह यह है कि AI की दौड़ में सिर्फ अपना मॉडल बनाना काफी नहीं है. कंपनियों को AI सेवाओं के लिए ग्राहकों, कंप्यूटिंग क्षमता और मजबूत तकनीकी साझेदारियों की भी जरूरत है। Anthropic को Amazon Web Services और Google Cloud जैसे प्लेटफॉर्म से कंप्यूटिंग संसाधन मिलते हैं. AI मॉडल चलाने के लिए बहुत बड़ी कंप्यूटिंग क्षमता चाहिए. ऐसे में बड़ी टेक कंपनियों के साथ साझेदारी Anthropic के लिए भी फायदेमंद है और इन कंपनियों के क्लाउड कारोबार के लिए … Read more