samacharsecretary.com

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब, दीपदान और पूजा-अर्चना जारी

पटना  कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का शुभ संयोग बना हुआ है। स्नान के बाद श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने के साथ भगवान विष्णु और शिव की आराधना में लीन हैं। आज पूरे दिन गंगा स्नान के साथ-साथ घरों से लेकर मठ-मंदिरों व घाटों पर दीपदान किया जाएगा। पूर्णिमा तिथि रात्रि नौ बजकर 22 मिनट तक रहेगी। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु घरों में सत्यनारायण की कथा, गीता पाठ और विष्णु सहस्रनाम का पाठ कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आज के दिन दान-पुण्य और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। पंडित राकेश झा ने धार्मिक ग्रंथों के हवाले से बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने तारकासुर के तीन पुत्रों—तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली का एक ही बाण से संहार किया था। इस विजय के कारण भगवान शिव त्रिपुरारी कहलाए और देवताओं ने इस अवसर पर दीपोत्सव मनाया था। इसी परंपरा से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की मान्यता प्रचलित हुई। वैष्णव परंपरा में कार्तिक मास को दामोदर मास कहा जाता है, जिसमें राधा-दामोदर पूजन, दामोदराष्टक पाठ, तुलसी सेवा, हरिनाम संकीर्तन और दीपदान का विशेष महत्व है। आस्था, विज्ञान और लोक संस्कृति का संगम: कार्तिक पूर्णिमा महज धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं, बल्कि नदी संस्कृति, लोक आस्था, वैज्ञानिक चेतना और सामाजिक समरसता की जीवंत परंपरा है। आज गंगा से लेकर गंडक, कोसी, कमला और बागमती के घाटों तक आस्था के दीप जलने के साथ मिथिला के लोक पर्व सामा-चकेवा का भी समापन हो रहा है। पंडित राघवनाथ झा ने बताया कि मिथिला की लोक संस्कृति में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष स्थान है। सामा, चकेवा और अन्य लोक प्रतिमाओं के माध्यम से बहनें लोक गीत गाकर भाइयों की मंगलकामना करती हैं। कई दिनों से चल रहे इस पर्व का आज सामा की विदाई के साथ समापन हो जाएगा। यह परंपरा केवल भाई-बहन के स्नेह तक सीमित नहीं, बल्कि स्त्री प्रधान लोक संस्कृति, पारिवारिक आत्मीयता और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक स्मृतियों की भी अभिव्यक्ति है। धार्मिक महत्त्व के साथ कार्तिक पूर्णिमा को वैज्ञानिक दृष्टि से भी समझा जा सकता है। पूर्णिमा के दिन सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा लगभग एक सीध में होते हैं। चंद्रमा सूर्य के प्रकाश को परावर्तित करता है और इस दौरान सूर्य व चंद्रमा के संयुक्त गुरुत्वाकर्षण प्रभाव से समुद्र में ज्वार-भाटा सामान्य से अधिक होता है। वहीं, मानसून के बाद यह ऋतु परिवर्तन का काल भी माना जाता है। नदी के प्रति आस्था के साथ उसकी स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प भी इस पर्व का अभिन्न हिस्सा है। पूर्णिमा पर पूजन मुहूर्त:     पूर्णिमा तिथि : रात्रि 9:22 बजे तक     चर-लाभ-अमृत मुहूर्त : सुबह 8:55 से दोपहर 12:56 बजे तक     अभिजित मुहूर्त : सुबह 11:15 से 11:57 बजे तक     शुभ मुहूर्त : दोपहर 2:17 से 3:37 बजे तक  

बंगाल के नाम बदलने की तैयारी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विधानसभा में पेश करेंगे प्रस्ताव

कोलकाता पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंग किया जाएगा. सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 6 तारीख को विधानसभा में राज्य का नाम बदलने को लेकर एक रेजोल्यूशन लाया जाएगा. इसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।  राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव पहले भी बीजेपी की ओर से उठाया जाता रहा है. इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी कहा था कि राज्य का नाम पश्चिम बंग करने के लिए विधानसभा में बिल लाया जाएगा. उन्होंने कहा था कि नाम को राज्य के इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है।  वाराणसी में प्रस्तावित पश्चिम बंग भवन को लेकर भी उन्होंने कहा था कि यह राज्य की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ बंगाल से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आवास की सुविधा देगा।  गोमाता को नहीं काटने देंगे शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में गोमाता को काटने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभी भी चोरी-छिपे ऐसा हो रहा है और सरकार इस पर कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद 1950 का Cattle Act लागू किया गया है और इस मामले में हाईकोर्ट का आदेश भी है. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि स्लॉटर हाउस अलग है, लेकिन इस तरह गायों को काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।  उन्होंने बताया कि बूढ़ी गायों के लिए भी एक योजना लाई जा रही है. इसके तहत जो संस्थाएं ऐसी गायों का पालन-पोषण करेंगी, उन्हें सरकार की ओर से 1 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। 

लकड़ी पर नक्काशी से संवारी जिंदगी, दुर्गा का हुनर बना आत्मनिर्भरता की नई पहचान

लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत अब हर महीने 6 से 8 हजार रुपये की कमाई भोपाल  लकड़ी के बेजान टुकड़ों में खूबसूरत आकृतियां उकेरते दुर्गा सिंह के हाथ केवल कलाकृतियां ही नहीं गढ़ रहे, बल्कि आत्मनिर्भर भविष्य के सपनों को भी आकार दे रहे हैं। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद भी जब आर्थिक परिस्थितियों ने आगे बढ़ने की राह कठिन बनाई, तो दुर्गा ने निराश होने के बजाय अपने हुनर को अपनी ताकत बना लिया। शहडोल जिले के छोटे से गांव छतवई की दुर्गा अपनी मेहनत, लगन और कलात्मक प्रतिभा से महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक कहानी लिख रही है। डिग्री के बाद चुनौतियां मिलीं, लेकिन हौसला नहीं टूटा वर्ष 2019 में मनोविज्ञान विषय से एमए करने के बाद दुर्गा ने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की। पिता की मजदूरी से चलने वाले परिवार की आर्थिक परिस्थितियां उनके सामने बड़ी चुनौती थीं। मां गृहिणी हैं और परिवार में तीन बहनें तथा एक भाई हैं। सीमित आय के बीच अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं था, लेकिन दुर्गा ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय कुछ नया सीखकर अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प लिया। उन्होंने सबसे पहले सिलाई-बुनाई सीखी। इसके बाद ब्यूटी पार्लर का काम भी सीखने का प्रयास किया। इन कार्यों से अपेक्षित आमदनी नहीं हुई, लेकिन हर अनुभव ने उन्हें कुछ नया करने की प्रेरणा दी। इसी तलाश ने उन्हें छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र तक पहुंचाया, जहां उनके जीवन को एक नई दिशा मिली। चित्रकला से मिला हुनर को नया आयाम हस्तशिल्प केंद्र में दुर्गा ने सबसे पहले जनजातीय गोंडी चित्रकला का प्रशिक्षण लिया। रंगों, रेखाओं और पारंपरिक आकृतियों की दुनिया से जुड़ते ही उनकी कलात्मक प्रतिभा निखरने लगी। इसी दौरान उनकी रुचि काष्ठ शिल्प की ओर बढ़ी। उन्होंने लकड़ी पर चित्रांकन और आकर्षक कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सीखना शुरू किया। महज एक महीने के अभ्यास में दुर्गा ने अपनी लगन और कलात्मक समझ से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया है। आज वह लकड़ी पर सुंदर आकृतियां उकेरने के साथ अपनी कल्पनाशीलता को कलाकृतियों में ढाल रही हैं। गोंडी चित्रकला का ज्ञान उनके काष्ठ शिल्प को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद कर रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस हुनर को दुर्गा ने सीखने की शुरुआत की थी, वही अब उनकी कमाई का जरिया भी बन रहा है। वर्तमान में वह काष्ठ शिल्प से प्रतिमाह लगभग 6 से 8 हजार रुपये अर्जित कर रही हैं। यह आमदनी भले ही अभी सीमित हो, लेकिन दुर्गा के लिए इसका महत्व कहीं अधिक है। यह उनकी आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता कदम है। अब अपने हाथों से गढ़ना चाहती हैं भविष्य दुर्गा का सपना अपने हुनर को और निखारकर काष्ठ शिल्प के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाना है। वह मानती हैं कि निरंतर अभ्यास, बेहतर प्रशिक्षण और अधिक समय देने से उनकी आमदनी में वृद्धि हो सकती है। सरकारी नौकरी की तैयारी भी उन्होंने नहीं छोड़ी है, लेकिन अब वह केवल नौकरी मिलने का इंतजार नहीं कर रहीं। उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भर बनने की राह चुन ली है। एक दुर्गा नहीं, आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहीं अनेक महिलाएं दुर्गा की सफलता केवल एक युवती की उपलब्धि नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की उभरती तस्वीर भी है। छतवई के हथकरघा एवं हस्तशिल्प केंद्र में वर्तमान में 12 महिलाएं काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जबकि 17 पुरुष भी इस कला से जुड़े हैं। पारंपरिक कला और कौशल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे।  

जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत बिजली कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशिक्षण, PPE और अर्थिंग पर जोर

जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत विद्युत कार्यों में सुरक्षा मानकों, परमिट, अर्थिंग और पीपीई के अनिवार्य उपयोग पर हुआ प्रशिक्षण भोपाल मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत 220 केवी सबस्टेशन देवास में विद्युत कार्यों के दौरान   कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और तकनीकी सावधानियों के पालन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। कार्य प्रारंभ करने से पहले परमिट एवं अर्थिंग सुनिश्चित करने पर जोर प्रशिक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता निर्दोष केरकेट्टा ने  बताया कि किसी भी विद्युत कार्य को प्रारंभ करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य अनुमति (परमिट) प्राप्त करना तथा संबंधित उपकरणों की अर्थिंग सुनिश्चित करना अनिवार्य है। कार्य की प्रकृति के अनुरूप व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पी पी ई)जैसे हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा दस्ताने एवं सेफ्टी शूज का अनिवार्य उपयोग करने की आवश्यकता समझाई गई। साथ ही सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन जरूरी कार्यक्रम में विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि विद्युत पारेषण तंत्र में कार्य करते समय सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी परिस्थिति में निर्धारित सुरक्षा नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक कार्य के दौरान स्वयं की सुरक्षा के साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही कार्य संपादित करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, शिफ्ट सुपरवाइजर, मेंटेनेंस क्रू, आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों एवं ऑपरेटिंग स्टाफ ने सहभागिता की।  

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का अलर्ट, भोपाल सबसे ठंडा; कश्मीर में माइनस पहुंचा तापमान

 भोपाल देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है तो कहीं सुबह के वक्त घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। राजस्थान के फतेहपुर में तापमान 4.6 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, MP में अगले चार दिनों के दौरान रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है.उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कोहरे का असर दिखाई देने लगा है। पहाड़ी राज्यों में ठंड ने और तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कश्मीर के छह शहरों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश की मणिमहेश झील बर्फ की मोटी परत से जम गई है। MP में अगले 4 दिन में और बढ़ेगी ठंड मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर अब खत्म हो चुका है। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार रात भोपाल में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा.प्रदेश के 14 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। बारिश और बादलों वाला दौर खत्म होने के बाद मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। बीती रात भोपाल में न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट हुई और यह 9 डिग्री पर आ गया। इससे पहले तापमान 12.4 डिग्री था। ग्वालियर में 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री, जबलपुर में 12.6 डिग्री और इंदौर में 13.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में बीती रात हर शहर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में संकेत है कि अब ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दमोह में 9.2 डिग्री, रायसेन-रीवा में 11 डिग्री, गुना में 11.8 डिग्री, दतिया, छिंदवाड़ा-श्योपुर में 12 डिग्री, बैतूल में 12.7 डिग्री, नौगांव में 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रतलाम, खजुराहो, सतना, उमरिया, उमरिया, धार, नरसिंहपुर, शिवपुरी, खंडवा टीकमगढ़, सीधी, नर्मदापुरम और नौगांव में 15 डिग्री से नीचे रहा। अब, नवंबर के मौसम को जानिए मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी नवंबर में रात का तापमान राजधानी में 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट, माउंट आबू में 3 डिग्री तापमान राजस्थान में उत्तरी हवाओं के चलते सर्दी तेज हो गई है। माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सीकर के फतेहपुर में पारा 4.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान बताया गया है.सीकर, टोंक, चूरू और नागौर में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। अलवर, पिलानी और श्रीगंगानगर में दिन के समय भी ठंडी हवाओं का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। यूपी के 15 शहरों में घना कोहरा, विजिबिलिटी 25 मीटर से कम उत्तर प्रदेश में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है। मंगलवार को लखीमपुर, सीतापुर, बलिया, संभल, बिजनौर और मुजफ्फरनगर समेत 15 शहरों में कोहरा छाया रहा.लखीमपुर में दृश्यता 25 मीटर से भी कम दर्ज की गई। इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। यानी आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड और बढ़ने वाली है। छत्तीसगढ़ में भी कोहरे का असर, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार सुबह पेंड्रा में घना कोहरा देखने को मिला। यहां न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.हालांकि रायपुर में अभी रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। सोमवार रात यहां न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान पारा 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में फिलहाल अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कश्मीर के 6 शहरों में पारा माइनस में कश्मीर घाटी में सर्दी का असर अब और तेज हो गया है। सोमवार को छह शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया.शोपियां में सबसे कम माइनस 3.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि श्रीनगर में पारा माइनस 0.4 डिग्री रहा। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित मणिमहेश झील भी जम चुकी है। झील पर करीब 4 से 5 इंच मोटी बर्फ की परत जम गई है.हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी घना कोहरा छाया हुआ है। मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास दृश्यता 50 मीटर से कम रही। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। चारों धामों में तापमान माइनस में, गंगोत्री सबसे … Read more

देशभर में 150 बाघों की मौत से चिंता बढ़ी, संरक्षण के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

भोपाल भारत की पहचान दुनिया के प्रमुख बाघ संरक्षण वाले देशों में होती है। मध्य प्रदेश को 'टाइगर स्टेट' का दर्जा मिला है, लेकिन बाघों की मौत के लगातार सामने आ रहे आंकड़े इस पहचान के सामने नई चुनौती खड़ी कर रहे हैं। National Tiger Conservation Authority (NTCA) की अधिकृत वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के शुरुआती 11 महीनों में देशभर में 150 बाघों की मौत दर्ज की गई है। इनमें से 51 बाघ अकेले मध्य प्रदेश के हैं। यानी देश में दर्ज कुल मौतों में लगभग एक-तिहाई हिस्सेदारी मध्य प्रदेश की है। साल खत्म होने में अभी वक्त बाकी है, ऐसे में यह आंकड़ा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभागों और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहा है। बांधवगढ़ में सबसे भयावह तस्वीर, छह साल में 81 बाघों की मौत मध्य प्रदेश के भीतर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सामने आए आंकड़े सबसे ज्यादा चिंता पैदा कर रहे हैं। यहां 2026 में अब तक 15 बाघों की मौत हो चुकी है। इनमें पांच शावक भी शामिल हैं। साल 2021 के बाद यह पहला मौका है, जब बांधवगढ़ में एक साल के भीतर मौतों का आंकड़ा 15 तक पहुंचा है। अब एक और बाघ की मौत होती है तो पिछले छह वर्षों का यह रिकॉर्ड टूट जाएगा। बांधवगढ़ में पिछले छह साल के दौरान कुल 81 बाघों की जान जा चुकी है। बाघों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास और समृद्ध वन क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले इस रिजर्व में लगातार हो रही मौतें संरक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती हैं। जंगल की सीमा से बाहर भी मंडरा रहा मौत का खतरा बाघों के लिए खतरा केवल टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र तक सीमित नहीं है। इस साल कई घटनाएं रिजर्व की सीमा से बाहर राजस्व और ग्रामीण इलाकों में भी सामने आई हैं। जंगल से बाहर निकलने वाले बाघों के सामने खेतों में लगाए गए बिजली के तार, खुले कुएं और इंसानी गतिविधियां जानलेवा साबित हो रही हैं।     अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तारों की चपेट में आने से एक शावक की मौत हुई।     कुएं में गिरने से भी बाघ की जान जाने का मामला सामने आया।     पनपथा क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसे बाघ की ट्रेंकुलाइज करने के दौरान मौत हो गई।     कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई यानी टेरिटरी फाइट भी बाघों की मौत की वजहों में शामिल रही हैं। इन घटनाओं से साफ है कि बाघों की सुरक्षा के लिए केवल संरक्षित जंगलों के भीतर निगरानी पर्याप्त नहीं है। जंगल से बाहर उनके आने-जाने वाले क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है। पांच साल में लगातार बढ़ा मौतों का आंकड़ा मध्य प्रदेश में बाघों की मौत का आंकड़ा पिछले कुछ वर्षों से लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। साल-दर-साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 से 2025 तक मौतों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 2026 के शुरुआती 11 महीनों में भी यह संख्या 51 तक पहुंच चुकी है। वर्षमध्य प्रदेश में बाघों की मौत     2022-43     2023-45     2024-46     2025-55     2026-(11 महीने)51 साल 2025 में मध्य प्रदेश में 55 बाघों की मौत दर्ज की गई थी। वर्ष 1973 में प्रोजेक्ट टाइगर की शुरुआत के बाद यह राज्य में एक साल के भीतर मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा बताया गया। अब 2026 में 11 महीने के भीतर 51 मौतें दर्ज होना इस चिंता को और बढ़ाता है कि बाघों की सुरक्षा के लिए मौजूदा इंतजाम कितने कारगर हैं। 785 बाघों के साथ देश में पहले नंबर पर MP वर्ष 2022 की बाघ गणना में मध्य प्रदेश में 785 बाघ दर्ज किए गए थे। इस संख्या के साथ राज्य ने देश में सबसे ज्यादा बाघों वाले प्रदेश के रूप में अपनी पहचान कायम रखी। बाघों की बड़ी आबादी मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है, लेकिन इसके साथ उनके आवास, भोजन और सुरक्षित विचरण क्षेत्र की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। हाई कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं थमा मौतों का सिलसिला बाघों की मौतों को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट भी वन विभाग के प्रति नाराजगी जता चुका है। इसके बावजूद मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। विशेषज्ञों की चिंता है कि बाघों की बढ़ती आबादी के अनुपात में सुरक्षित कॉरिडोर विकसित करने, ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने और जंगलों से बाहर निकलने वाले बाघों की निगरानी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया तो खतरा और बढ़ सकता है। बता दें किए, National Tiger Conservation Authority यानी NTCA देश में बाघों की निगरानी और संरक्षण से जुड़ी राष्ट्रीय संस्था है। प्राधिकरण बाघों की मॉनिटरिंग, टाइगर रिजर्व के प्रबंधन और संरक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों में अहम भूमिका निभाता है। NTCA की वेबसाइट पर बाघों की मौत से जुड़े आंकड़े भी उपलब्ध कराए जाते हैं।

स्मृति ईरानी का हरियाणा दौरा तय, तीन जिलों में कार्यकर्ताओं से करेंगी संगठनात्मक संवाद

रोहतक  भाजपा हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए तीन दिवसीय संवाद अभियान चलाएगी। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी डा. भोला सिंह के साथ 4 से 6 दिसंबर तक हरियाणा के दौरे पर रहेंगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और अन्य प्रदेश पदाधिकारी भी उनके साथ रहेंगे। इस दौरान जींद, रोहतक और झज्जर में संगठनात्मक बैठकें होंगी। इनमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर जिला पदाधिकारियों तक से संवाद किया जाएगा। हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला तीन दिवसीय जिला स्तरीय दौरा होगा। बैठकों में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, मोर्चों के अध्यक्षों और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। 5 दिसंबर को रोहतक में दिनभर बैठकें दौरे के दूसरे दिन 5 दिसंबर को स्मृति ईरानी और डा. भोला सिंह सुबह 10 से 11 बजे के बीच रोहतक पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। इसके बाद जिला पदाधिकारियों, कार्यालय सचिवों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों के अध्यक्षों, पूर्व पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। शाम 5:20 से 6:20 बजे तक जिला संगठन की कोर ग्रुप बैठक निर्धारित है। प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि रोहतक दौरे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बूथ अध्यक्ष के घर चाय पर पन्ना प्रमुखों से संवाद छह दिसंबर की सुबह रोहतक में एक बूथ अध्यक्ष के निवास पर चाय कार्यक्रम होगा। इसमें बूथ समिति के सदस्यों और पन्ना प्रमुखों से संवाद किया जाएगा। इसके बाद स्मृति ईरानी झज्जर पहुंचेंगी, जहां जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें होंगी। शाम को कोर ग्रुप की बैठक के साथ दौरा संपन्न होगा। वहीं, 4 दिसंबर को जींद से दौरे की शुरुआत होगी। यहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और जिला संगठन की अलग-अलग बैठकें होंगी।

IPL के बैट नियम को इंटरनेशनल क्रिकेट में लागू करने की तैयारी, ICC ने बढ़ाई निगरानी

   नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट में अब बल्लेबाजों के बल्लों के आकार पर मैच अधिकारियों की नजरें रहेंगी. ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) मैदान पर मेटल गेज के जरिए बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है. यह नियम IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में अपनाए गए सिस्टम के आधार पर बनाया गया है।  हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली की अगुवाई वाली क्रिकेट समिति ने आईसीसी को यह सुझाव दिया था. बाली में हाल ही में हुई बैठकों के दौरान आईसीसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की समिति (CEC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।  बल्ले को लेकर क्या है नियम? MCC (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) के क्रिकेट नियमों के अनुसार, बल्ले के किनारों की मोटाई 1.56 इंच से ज्यादा नहीं हो सकती. इसकी अधिकतम गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच तय की गई है. आईसीसी के नियमों में इन मानकों की जांच के लिए विशेष गेज का प्रावधान पहले से मौजूद है, लेकिन मैदान पर अचानक जांच की व्यवस्था नहीं थी।  आईपीएल में अंपायर मैदान पर मेटल गेज रखते हैं और बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले खिलाड़ी के बल्ले की जांच करते हैं. हर पारी से पहले चौथे अंपायर दोनों ओपनर्स के बल्लों को भी जांचता है. निर्धारित आकार से बड़ा पाया जाने वाला बल्ला इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. रिप्लेसमेंट के तौर पर लाए गए बल्ले पर भी यही नियम लागू होता है।  इस व्यवस्था से पहले आईपीएल में मैच से एक दिन पहले बल्लों की जांच की जाती थी. ऐसे में खिलाड़ी मैच के दौरान कोई दूसरा बल्ला इस्तेमाल कर सकते थे, जिसकी जांच नहीं हुई होती थी. नए सिस्टम ने इस गुंजाइश को खत्म कर दिया।  इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2018 में सबसे पहले मैदान पर बल्लों की औचक जांच शुरू की थी. अब आईसीसी भी इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनाने जा रहा है. हालांकि, आईपीएल में गलत आकार का बल्ला इस्तेमाल करने पर कोई अतिरिक्त जुर्माना नहीं है. आईसीसी इस मामले में क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।  यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे के बीच बल्ले और गेंद के संतुलन पर चर्चा तेज है. आईसीसी ने हाल में वनडे में दो नई गेंदों के नियम में बदलाव किया है, ताकि गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग में मदद मिल सके. शुभमन गिल भी टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों को अधिक मदद देने के लिए गेंद पर लार के इस्तेमाल की अनुमति बहाल करने की मांग कर चुके हैं। 

जेनसन हुआंग को लेकर टेक जगत में हलचल, ट्रंप के समर्थन से वापसी की अटकलें तेज

वाशिंगटन     Nvidia से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. दावा किया जा रहा है कि कंपनी के CEO जेनसन हुआंग को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि महज 11 दिन में ही उनकी वापसी की मांग तेज हो गई।  आखिर Nvidia में ऐसा क्या हुआ कि कंपनी के कर्मचारियों से लेकर टेक इंडस्ट्री के बड़े नाम तक उनके समर्थन में उतर आए? क्या कंपनी को अपने टैलेंट और कारोबार की चिंता सताने लगी थी? आइए समझते हैं पूरा मामला।  कर्मचारियों ने लिखी वापसी के लिए चिट्ठी जेनसन हुआंग के साथ में कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, निवेशकों और समर्थकों ने बोर्ड को एक खुला पत्र लिखा. इसमें मांग की गई कि जांच पूरी होने तक हुआंग को CEO के पद पर वापस लाया जाए. साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच और बोर्ड से साफ जवाब देने की मांग भी की गई. हालांकि, यह Nvidia का आधिकारिक अभियान नहीं था।  कर्मचारियों ने दी कंपनी छोड़ने की चेतावनी हुआंग की गैरमौजूदगी को लेकर कंपनी के अंदर भी चिंता की बात सामने आई. Nvidia के वरिष्ठ कर्मचारी नादेर खलील ने बोर्ड को चेतावनी दी कि अगर हुआंग वापस नहीं आते हैं, तो कंपनी अपने अनुभवी कर्मचारियों को खो सकती है. एक इंटरनल पोस्ट पर 1,600 से ज्यादा कमेंट आए।   इनमें कई कर्मचारियों ने हुआंग का साथ किया. वहीं, अंतरिम CEO कोलेट क्रेस ने कर्मचारियों को रोकने के लिए वेतन बढ़ाने और ज्यादा इक्विटी देने की बात कही।  दूसरा CEO ढूंढना आसान नहीं जेनसन हुआंग ने साल 1993 में Nvidia की शुरुआत की थी. गेमिंग ग्राफिक्स से लेकर AI चिप की दुनिया में कंपनी को बड़ी पहचान दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है. ऐसे में उनकी जगह किसी दूसरे CEO को लाना आसान नहीं होता।  वापसी के बाद भी खत्म नहीं हुई मुश्किल हुआंग की वापसी के बावजूद कंपनी के सामने कई सवाल बने हुए हैं. रिपोर्ट में उनके निजी संबंधों और चीन से जुड़े कथित संपर्कों को लेकर भी जांच का जिक्र है. ऐसे में Nvidia के लिए आगे की राह आसान नहीं रहने वाली. कुल मिलाकर, यह मामला सिर्फ एक CEO की कुर्सी का नहीं, बल्कि Nvidia के भविष्य और AI चिप मार्केट में उसकी बादशाहत से भी जुड़ा है।  एलन मस्क समेत बड़े नाम आए समर्थन में हुआंग के साथ में एलन मस्क, Epic Games के फाउंडर टिम स्वीनी और Y Combinator के गैरी टैन जैसे बड़े नाम भी सामने आए. इससे पता चलता है कि टेक इंडस्ट्री में हुआंग का कितना प्रभाव है। 

सबरीमाला में सफाई को लेकर सख्ती, पंपा नदी में गंदगी फैलाने पर 5000 रुपये तक जुर्माना

पथानामथिट्टा सबरीमाला मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अब पंपा नदी में कपड़े या कुछ भी फेंकना भारी पड़ सकता है. सबरीमाला की पंपा नदी में कपड़े फेंकने वाले श्रद्धालुओं पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का आदेश जारी हुआ है।  सबरीमाला के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है. सबरीमाला के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने उन श्रद्धालुओं पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लागने का आदेश जारी किया है जो पंपा नदी में कपड़े फेंकते हैं।  इस आदेश का उद्देश्य पंपा नदी को प्रदूषित होने से बचाना है. आदेश में साफ कहा गया है कि अगर कोई पंपा नदी को प्रदूषित करता है या उसमें कपड़ा या किसी भी तरह का कूड़ा फेंकता है तो उस पर तुरंत पांच हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा।  15 दिनों में जुर्माना नहीं दिया तो चलेगा मुकदमा वहीं, अगर कोई 15 दिनों के अंदर जुर्माना नहीं भरता है तो उसके खिलाफ मुकदमा चलाने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई हो सकती है. ऐसे में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 279, और जल (प्रदूषण निवारण और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।  इस आदेश को लागू करने के लिए पंपा के ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पंपा के पुलिस विशेष अधिकारी और रानी-पेरुनाड ग्राम पंचायत के सचिव को अधिकृत अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।