samacharsecretary.com

खास मिठास के चलते देश की मंडियों में छाया राजगढ़ का मैंडरिन संतरा

राजगढ़   राजगढ़ जिले का संतरा अपनी मिठास और रसीलेपन से देशभर में पसंद किया जा रहा है. यहां का संतरा इतना स्वादिष्ट है कि इसने कई प्रदेशों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है . यही कारण है कि कानपुर, दिल्ली, कोलकत्ता, चेन्नई, मुम्बई में राजगढ़ जिले के मीठे व रसीले संतरे को राजगढ़ संतरा के नाम से जाना जाता है।  संतरा उत्पादक किसानों का कहना है कि जिले की जलवायु संतरे की पैदावार के लिए आदर्श है. यहां के संतरे की मिठास के कारण दूर-दूर के खरीदार इसे प्राथमिकता देते है और सबसे पहले राजगढ़ के संतरे की मांग करते है. जैसे ही संतरे से भरी गाड़ी वहां पर पहुंचती है तो हाथों-हाथ मंहगे दामों पर माल बिक जाता है. इस समय जिले में करीब 21 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में संतरे का उत्पादन हो रहा है।  ऐसा स्वाद जो रहे हर पल रहे याद कहा जाता है कि जिसने भी राजगढ़ जिले के संतरे का एक बार स्वाद ले लिया वह उस स्वाद को भूल नहीं सकता. महाराष्ट के फल व्यापारी राहुल ने बताया कि राजगढ़ जिले का संतरा साइज में बड़ा रहता है व खाने में टेस्टी होता है. एक अन्य व्यापारी ने बताया कि हम लोग यहां से संतरे की सवा सौ गाड़ी भरकर कानपुर शहर में ले गए है. हम लोगों ने जिले से 140 संतरे के बगीचे खरीदे थे उसमें से 90 बगीचे के संतरे तोड़ लिए गए है. अब 50 बगीचे से संतरे की गाड़ी भरने आए है।  गर्मी में ठंडक का देता है अहसास संतरा व्यापारी विनोद खत्री ने बताया कि जिले का संतरा गर्मी में ठंडक का अहसास दिलाता है. साथ ही गर्मी से बचाव करता है और लू से बचाता है. राजगढ़ संतरे का गढ़ है . दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और विदेश में राजगढ़ जिले की संतरे की डिमांड है।  जल्दी नहीं होता खराब और स्वाद भी लाजवाब राजगढ़ जिले के संतरे की खेती करने वाले किसान दूल्हे सिंह ने बताया कि राजगढ़ जिले का संतरा  बहुत फेमस है. कानपुर, दिल्ली, उतर प्रदेश व अन्य प्रदेशों के व्यापारी संतरे लगते ही उनके बगीचे को खरीद लेते है और फिर संतरे पकने पर गाड़ी में संतरे भर कर ले जाते है। संतरे की खासियत को लेकर किसान ने बताया कि यहां का संतरा बहुत दिनों तक खराब नहीं होता है और स्वाद में भी लाजवाब है,. इसलिए इसे लोग ज्यादा पसंद करते है।  दूर-दूर से संतरा खरीदने आते हैं लोग संतरा व्यापारी ताहिर खान ने बताया कि 50 से 60 गाड़ी संतरे की भरकर कानपुर भेज चुका हूं. पिछले साल व्यापार कम था. उस दौरान 30 से 35 गाड़ी संतरे की बेची थी. इस साल संतरे की पैदावार अच्छी हुई है. किसान  दूल्हे सिंह बताते हैं कि है यहां के संतरे को खरीदने के लिए गवालियर, बंगाल, दिल्ली, कानपुर के व्यापारी लोग आते हैं. इस बार संतरे का बगीचा अच्छा आया था. हालांकि, ओलावृष्टि में हमारे संतरे की फसल को नुकसान भी पहुंचा है। 

ट्रेन में सामान चोरी होने पर रेलवे नहीं होगा जिम्मेदार, उपभोक्ता फोरम ने दिया फैसला

भोपाल  भारतीय रेलवे में सफर के दौरान अगर आपके सामान की चोरी हो जाती है तो इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी रेलवे की नहीं होगी। रेलवे की जिम्मेदारी सिर्फ उन्हीं सामानों की होगी, जिन्हें आपने बुक किया है। इसी आधार पर भोपाल स्थित उपभोक्ता फोरम से एक महिला यात्री की यात्री की याचिका खारिज हो गई है। सफर के दौरान करीब सवा दो लाख रुपए का उनका सामान गायब हो गया था। दिल्ली निवासी महिला का गायब हुआ था पर्स दरअसल, 24 जनवरी 2022 को दिल्ली निवासी महिला नाजनीन बानो अपने नाबालिग बच्चों के साथ एपी एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। वह दिल्ली से नागपुर जा रही थीं। इसी दौरान भोपाल स्टेशन पर सुबह छह बजे उनका पर्स गायब हो गया। पर्स में सोने के जेवर, फोन और नकदी थे। उपभोक्ता फोरम में लगाई याचिका इस नुकसान की भरपाई के लिए महिला ने भोपाल उपभोक्ता फोरम में याचिका लगाई थी। उसने कहा था कि एसी कोच में अनाधिकृत रूप से हॉकर और वेंडर आ रहे हैं। रेलवे की तरफ से सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं है। सामान की नहीं थी बुकिंग मामले में उपभोक्ता फोरम में सुनवाई हुई तो रेलवे ने तर्क दिया था कि यात्री ने सामान की बुकिंग नहीं करवाई थी। सामान यात्री की कस्टडी में था। ऐसे में इस नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी रेलवे की नहीं है। खुद करें अपने सामान की रक्षा     इस फैसले से साफ हो गया है कि सफर के दौरान अपने लगेज की सुरक्षा खुद करें     सामान की चोरी की जिम्मेदारी रेलवे की नहीं है, आपने सफर के लिए टिकट लिया     रेलवे की जिम्मेदारी सिर्फ उन्हीं सामानों की, जिसे आपने बुक किया     महिला को उपभोक्ता फोरम से लग गया झटका कोर्ट में खारिज हो गई याचिका दोनों पक्षों को सुनने के लिए उपभोक्ता फोरम ने अपना फैसला सुना दिया है। साथ ही महिला यात्री की याचिका खारिज हो गई है। कंज्यूमर कोर्ट ने कहा कि यात्री एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए टिकट बुक करते हैं। इसमें निजी सामानों की सुरक्षा शामिल नहीं है।

धान के कटोरे में काजू की मिठास, जशपुर के किसानों के लिए खुली कमाई की नई राह

जशपुर  छत्तीसगढ़ की पहचान धान की खेती से रही है, लेकिन अब यहां की मिट्टी में काजू की मिठास भी घुल रही है। खासकर जशपुर जिले में काजू की खेती किसानों के लिए आमदनी का नया जरिया बन रही है। नाबार्ड की मदद से जिले के पांच ब्लॉकों में करीब 7800 किसान काजू की खेती कर रहे हैं। यहां लगभग 3400 एकड़ क्षेत्र में 2 लाख 34 हजार काजू के पौधे लगाए गए हैं। काजू के ये बागान अब स्थानीय उत्पादन के साथ बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। काजू की खेती में सहयोग करने वाली संस्था रीट्स के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के मुताबिक काजू एक बार लगाया जाने वाला पौधा है। पौधे के चार से पांच साल का होने पर उत्पादन शुरू हो जाता है और अच्छी देखभाल के साथ करीब 50 साल तक फल मिल सकते हैं। यानी शुरुआती मेहनत और निवेश के बाद लंबे समय तक इससे आमदनी की संभावना बनी रहती है। जशपुर में काजू की वेंगुर्ला 4 और वेंगुर्ला 7 किस्में लगाई जा रही हैं। इनकी खासियत बड़े आकार के दाने हैं। खेती से आगे बढ़ी प्रोसेसिंग-ब्रांडिंग: जशपुर में काजू की खेती के साथ अब इसके प्रसंस्करण और बिक्री पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिले में दो प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित हैं। यहां तैयार काजू 'जशपुरकाजू' और 'जशपुरियाकाजू' नाम से बेचा जा रहा है। ऑनलाइन बिक्री: इसकी बिक्री ऑनलाइन कॉमर्स वेबसाइटों के जरिए हो रही है। साथ ही सीधे ग्राहकों और होटलों तक भी इसकी आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग-ब्रांडिंग से किसानों के उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं। जशपुर समेत कई जिलों में खेती: जशपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के कई जिलों में काजू की खेती होती है। इनमें प्रमुख रूप से बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर शामिल हैं। इसके अलावा रायगढ़ और कोरबा में भी काजू की खेती के क्षेत्र हैं। जशपुर और बस्तर संभाग के कई इलाके काजू की बागवानी के लिए अनुकूल माने जाते हैं।

भोपाल से कोटा जाना होगा आसान, रामगंजमंडी-भोपाल रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार

 भोपाल  राजधानी भोपाल और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही आने वाले समय में यात्रियों का सफर भी आसान होने वाला है। रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना पूरी होने पर भोपाल से कोटा और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए नया रेल मार्ग उपलब्ध होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ब्यावरा-झालावाड़ मार्ग की तुलना में नया रेल मार्ग करीब 42 किलोमीटर छोटा होगा। यात्रियों को सफर में लगभग 3 घंटे तक की बचत इससे यात्रियों को सफर में लगभग तीन घंटे तक की बचत होने की संभावना है। वहीं, भोपाल, सीहोर और राजगढ़ जिले के आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे नौकरी, व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के लिए आने-जाने वाले लोगों को सुविधा होगी। मालगाड़ियों के लिए भी नया मार्ग उपलब्ध होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पश्चिम मध्य रेल की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लंबाई 276.50 किलोमीटर है। यह मध्यप्रदेश और राजस्थान के पांच जिलों भोपाल, सीहोर, राजगढ़, झालावाड़ और कोटा को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। परियोजना के तहत भोपाल मंडल के हिस्से में 111 किलोमीटर रेल लाइन और 12 स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें अब तक निशातपुरा डी केबिन से कुरावर, ब्यावरा-राजगढ़-सोनकच्छ और सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ तक कुल 89 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा हो चुका है। इस साल 52.50 किलोमीटर ट्रैक का हुआ कमीशनिंग वर्ष 2026 में भोपाल मंडल के तीन रेलखंडों का काम पूरा कर उन्हें कमीशन किया गया है। इनमें श्यामपुर-कुरावर के बीच 15 किलोमीटर, ब्यावरा-सोनकच्छ के बीच 24.50 किलोमीटर और सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के बीच 13 किलोमीटर रेल लाइन शामिल है। इस तरह इस साल कुल 52.50 किलोमीटर नई रेल लाइन शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। परियोजना के अंतर्गत नरसिंहगढ़-कुरावर के बीच शेष 22 किलोमीटर रेलखंड का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस हिस्से में पुल निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज, ट्रैक लिंकिंग, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग का काम चल रहा है। भोपाल मंडल में इस परियोजना के लिए करीब 1255 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। ये होंगे फायदे     भोपाल-कोटा के बीच करीब 42 किमी दूरी और तीन घंटे तक का समय बचेगा।     भोपाल, सीहोर और राजगढ़ के क्षेत्रों को राजस्थान से सीधा रेल संपर्क मिलेगा।     माल ढुलाई आसान होने से व्यापार और उद्योगों को फायदा होगा।     मध्यप्रदेश और राजस्थान के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी।     कम दूरी से ईंधन और रेल परिचालन खर्च में बचत होगी।     परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल मंडल के रेल नेटवर्क को नया विस्तार मिलेगा।  

काशी में देव दीपावली को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, शहर में नहीं घुस सकेंगे भारी वाहन

वाराणसी  कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली पर 24 नवंबर को शहर में लाखों की संख्या में लोग आते हैं ।इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई रूटों पर डायवर्जन किया है। सभी मालवाहक, बसों तथा ट्रेवलर का संचालन रिंग रोड और एनएच-19 के जरिए होगा। इनका शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस, पास लगे हुए वाहन हरहुआ, गिलट बाजार, अवधी बाजार, पुलिस लाइन चौराहा होकर नमो घाट जाएंगे तथा लहरतारा चौराहा से कैंट ओवरब्रिज से नमो घाट पार्किंग तक जाएंगे। पड़ाव से वाया राजघाट पुल से नमो घाट की तरफ पैदल तथा वाहनों का संचालन बंद रहेगा। वाराणसी नगर से रामनगर जाने के लिए सामने घाट पुल पर दो पहिया एवं पैदल संचालन किया जाएगा। काशी डिपो एवं कैंट बस स्टेशन की बसों का संचालन दोपहर एक बजे से शाम तक हरहुआ पर निर्मित अस्थायी बस स्टेशन से होगा। शहर में सिटी बस का संचालन लगातार होगा। महानगर क्षेत्र में दबाव की दशा में चार पहिया वाहनों, दो पहिया वाहनों के संचालन पर प्लान ए व बी के अनुसार प्रतिबंध लगाया जाएगा। आपात स्थिति में तीन ग्रीन कारिडोर बनाए जाएंगे। पहला कारिडोर नमो घाट- गोलगड्डा-चौकाघाट-लहुराबीर- कबीर चौरा अस्पताल तो दूसरा कारिडोर चौकाघाट- पुलिस लाइन चौराहा – दीनदयाल अस्पताल और तीसरा कारिडोर चौकाघाट-कैंट ओवरब्रिज-लहरतारा-भिखारीपुर- नरिया – बीएचयू है। यहां रहेगी पार्किंग: यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 57 से अधिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इसमें भैंसासुर क्षेत्र, मैदागिन चौराहा क्षेत्र, शहर/दशाश्वमेध क्षेत्र, अस्सी एवं सामने घाट पुल की तरफ से घाट, वरुणा/काशी/गोमती जोन, रामनगर क्षेत्र आदि शामिल हैं। रामनगर क्षेत्र में पीएसी ग्राउंड, रामबाग ग्राउंड, दुर्गामंदिर मैदान, पंचवटी मैदान और लंका मैदान में बड़ी पार्किंग व्यवस्था की गई है। ये रहेंगे पैदल संचालन क्षेत्र 1. मैदागिन से बुलानाला से गोदौलिया तक 2. थाना लक्सा से रामापुरा तक 3. अग्रवाल तिराहा से अस्सी से रविदास घाट से नगवा चौराहा तक 4. बीओबी तिराहा (रविदास गेट) से अस्सी की तरफ 5. पद्मश्री से अस्सी चौराहा की तरफ 6. ब्राडवे तिराहा से अग्रवाल तिराहा से सोनारपुरा से गोदौलिया तक 7. लहुराबीर चौराहा से काशिका से पिपलानी तिराहा से मैदागिन चौराहे तक 8. लहुराबीर चौराहे से बेनिया तिराहे की तरफ 9. बहादुरपुर रोड से पड़ाव से रामनगर चौराहा तक 10. पड़ाव से सूजाबाद से राजघाट पुल/नमो घाट की तरफ

गोल्ड खरीदने वालों के लिए अहम खबर, आगे भी सोने के भाव पर रहेगा दबाव

मुंबई  सोने का भाव अपने रिकॉर्ड भाव से 60 हजार रुपये टूट चुका है, लेकिन पिक्चर अभी बाकी है. ज्यादातर एक्सपर्ट का यही दावा है कि आगे भी सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा. सोने और चांदी की कीमतें एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद आगे  भी गिरावट जारी रह सकती है. विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की नजर अमेरिका के महंगाई के अहम आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेतों पर रहेगी, जिनसे ब्याज दरों की आगे की दिशा का पता चलेगा।  विश्लेषकों का कहना है कि प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के शुरुआती आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी. इसके बाद अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), आवास क्षेत्र और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े जारी होंगे. महंगाई के आंकड़े भी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदें तय करने में अहम होंगे. इसका सीधा असर सोने की खुदरा कीमतों पर दिखेगा।  क्यों कमजोर बना हुआ है सोना जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है और इनमें गिरावट जारी रहने की आशंका है. निवेशक आने वाले आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों की दिशा का आकलन कर रहे हैं, ऐसे में कीमतों में और गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता।  कहां पहुंचा सोने का भाव मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 14,927 रुपये यानी 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. यह सोने का एक साल से अधिक का निचला स्तर है. सोने का वायदा भाव इससे पहले 30 अक्टूबर, 2025 को इस स्तर के आसपास था, जब यह 1,21,508 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।  चांदी की चमक भी फीकी दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का वायदा भाव इससे भी अधिक 28,496 रुपये यानी 16.2 फीसदी गिरकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर आ गया. चांदी का भाव इससे पहले तीन नवंबर, 2025 को इस स्तर के आसपास 1,47,758 रुपये प्रति किलोग्राम था. एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी एवं करेंसी के उपाध्यक्ष और शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स पर सोने में पिछले सप्ताह भारी बिकवाली हुई और इसका भाव 11 फीसदी गिर गया. अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सर्राफा बाजारों में मुनाफावसूली तेज होने से कीमतों में जारी गिरावट और बढ़ गई।  एक-दूसरे के विपरीत होंगे रुपया और सोना उन्होंने कहा कि रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट से भी कमजोरी बढ़ी. रुपये की मजबूती से आयातित सोने की लागत कम होती है, जिससे एमसीएक्स पर कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बिकवाली का यही रुख रहा. कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 370.9 डॉलर यानी 9.5 फीसदी गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं, चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 फीसदी टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई. मेर ने कहा कि पिछले सप्ताह सर्राफा बाजार में बिकवाली तेज हुई. सोना करीब 3,500 डॉलर और चांदी 41 डॉलर के स्तर तक गिर गई. दोनों धातुओं में साप्ताहिक आधार पर 10 से 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। 

दुनिया में मजबूत हुई भारत की ताकत, एशिया पावर इंडेक्स में तीसरा स्थान हासिल

नई दिल्ली दुनिया में भारत का दबदबा बढ़ रहा है. भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है. अब इस पर ग्लोबल रैंकिंग एजेंसियां भी मुहर लगा रही हैं. जी हां, एशिया में भारत की ताकत बढ़ी है. एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है. अब भारत से आगे केवल अमेरिका और चीन ही हैं. जापान-रूस तो भारत से भी पीछे हैं. इस तरह एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका और चीन को भारत से कड़ी टक्कर मिल रही है. अमेरिका-चीन के बाद भारत का स्थान इसमें तीसरा है।   . अगर एशिया पावर इंडेक्स 2026 की मानें तो अमेरिका और चीन के बाद भारत एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बनकर उभरा है. द लोवी इंस्टीट्यूट (The Lowy Institute) ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है. इसके मुताबिक, भारत की वैश्विक ताकत और प्रभाव में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इस इंडेक्स में भारत का स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है. खास बात यह है कि भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है।  किस स्थान पर कौन सा देश? The Lowy Institute की ओर से जारी 2026 की रैंकिंग में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे और भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है. जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है. खास बात यह है कि भारत का स्कोर जापान से भी ज्यादा है. इस रैंकिंग में भारत का प्रदर्शन एशिया में उसकी बढ़ती ताकत और प्रभाव को दिखाता है।  भारत को किस फील्ड में कितने अंक? क्षेत्र स्कोर कूटनीतिक प्रभाव 70.3 रक्षा नेटवर्क 18.6 सांस्कृतिक प्रभाव 43.8 फ्यूचर रिसोर्सेज 56.2 अमेरिका के करीब पहुंचा चीन एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ टॉप पर है, जबकि चीन 73.6 पावर स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर है। साल 2025 में अमेरिका का पावर स्कोर 80.4 और चीन का 73.7 था। इस तरह अमेरिका के बीच अंतर में कमी आई है। अमेरिका और चीन के बीच अब केवल 5.3 अंकों का अंतर है। 2018 में इंडेक्स शुरू होने के बाद यह सबसे कम है। लोवी इंस्टीट्यूट के पावर इंडेक्स में जापान 38.6 स्कोर के साथ चौथे स्थान पर हैं। रूस का पावर स्कोर 32.2 है और यह पांचवें स्थान पर है। भारत और चीन के बीच अंतर लिस्ट में भारत, चीन के ठीक पीछे है लेकिन दोनों के बीच बड़ा अंतर है। चीन की कुल ताकत भारत की तुलना में 80 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है। 2026 के एशिया पावर इंडेक्स में 27 देशों और क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके लिए ताकत के 8 पैमानों का आकलन किया गया है। एशिया पावर इंडेक्स के टॉप 5 देश     अमेरिका     चीन     भारत     जापान     रूस लोवी इंस्टीट्यूट ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित एक स्वतंत्र और गैर-दलीय अंतरराष्ट्रीय मामलों का थिंक टैंक है.इसकी स्थापना 2003 में ऑस्ट्रेलियाई कारोबारी सर फ्रैंक लोवी ने की थी. यह संस्थान दुनिया की राजनीति, विदेश नीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और अलग-अलग देशों के आपसी रिश्तों पर रिसर्च करता है.  अंतरराष्ट्रीय मामलों और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति पर इसकी रिपोर्ट और विश्लेषण को दुनिया भर में महत्व दिया जाता है. संस्थान की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट 2018 से जारी हो रही है. इसमें एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की ताकत और प्रभाव का आकलन किया जाता है।  जापान और रूस से आगे भारत ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट ने हाल ही में साल 2026 के लिए अपना सालाना एशिया पावर इंडेक्स जारी किया है। रैंकिंग में भारत पिछली बार की तरह ही तीसरे नंबर पर बना हुआ है, लेकिन इसके पावर स्कोर में 0.5 अंकों का सुधार हुआ है। भारत का पावर स्कोर साल 2025 के 40 के मुकाबले 40.5 पहुंच गया है। लिस्ट में जापान और रूस भारत से पीछे हैं। एशिया में भारत का बढ़ा प्रभाव रैंकिंग में भारत की आर्थिक क्षमता में गिरावट की बात कही गई है, लेकिन भारत का क्षेत्र में प्रभाव बढ़ा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि "2026 में भले ही अर्थव्यवस्था और कूटनीति के मोर्च पर मिले-जुले परिणाम रहे हों, लेकिन एशिया में भारत का प्रभाव बढ़ा है।" पीएम मोदी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता भारत की कूटनीति को बेहद ही सफल माना गया है और इस मामले में नई दिल्ली को 70.3 अंक मिले हैं। पीएम मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के मूल्यांकन में काफी सुधार हुआ है। भारतीय प्रधानमंत्री मोदी तीन स्थान की छलांग लगाई है और क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावी नेता बन गए हैं। केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ही उनसे आगे हैं। हंटर मार्सटन ने भी दी खुशखबरी वहीं. लोवी इंस्टीट्यूट एशिया पावर इंडेक्स के डायरेक्टर हंटर मार्सटन ने भी अपने एक्स अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है. उन्होंने लिखा- 2026 का ‘लोवी इंस्टीट्यूट एशिया पावर इंडेक्स’ जारी हो गया है. यह एशिया में किसके पास कितनी ताकत है, इसका पता लगाने के लिए 131 पैमानों के आधार पर 27 देशों और क्षेत्रों को रैंक करता है.  उन्होंने साफ लिखा कि भारत का प्रभाव बढ़ा है. उनके मुताबिक, भारत का स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है, जिससे एक बड़ी ताकत के रूप में इसकी स्थिति और मजबूत हुई है. 2018 के बाद से चीन और भारत के बीच का अंतर अब सबसे कम है. आर्थिक क्षमता में थोड़ी गिरावट के बावजूद, शी जिनपिंग के बाद मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता माना गया है। 

भोपाल-इंदौर समेत MP के चार शहरों में गैस कनेक्शन का संकट, 70 हजार मामले लंबित

भोपाल  मध्य प्रदेश में हजारों परिवारों को नया घरेलू गैस कनेक्शन तक नहीं मिल पा रहा है। मार्च 2026 से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया ठप पड़ी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से ही 14.2 किलो के घरेलू सिलिंडर का विकल्प हटा दिया है। यानी उपभोक्ता आवेदन लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में उनके लिए कनेक्शन देने का रास्ता ही बंद है। इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जो पहली बार एलपीजी कनेक्शन लेना चाहते हैं। पहले करीब चार हजार रुपये में चूल्हा, रेगुलेटर और भरे सिलिंडर सहित घरेलू कनेक्शन मिल जाता था। अब इन परिवारों को छोटे सिलिंडर, कमर्शियल गैस या खुले बाजार के महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। भोपाल-इंदौर में 40 हजार आवेदन अटके, महंगे छोटे सिलिंडर खरीदने की मजबूरी जानकारी के अनुसार भोपाल में इंडेन, एचपी और भारत गैस की 38 एजेंसियों पर करीब 20 हजार आवेदन लंबित हैं। रोजाना आठ से दस उपभोक्ता एजेंसियों में पहुंचकर कनेक्शन शुरू होने की जानकारी मांग रहे हैं। लेकिन एजेंसी संचालक भी कोई निश्चित तारीख नहीं बता पा रहे हैं। इंदौर में भी करीब 20 हजार आवेदन अटके हैं। ऐसे में नए घरेलू कनेक्शन के अभाव में पांच किलो के छोटे सिलिंडर की रिफिलिंग के लिए 500 से 700 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं 10 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन करीब 4800 रुपये में पड़ रहा है। दूसरी ओर नियमित घरेलू उपभोक्ता 14.2 किलो का सिलिंडर करीब 950 रुपये में ले रहे हैं। ग्वालियर-जबलपुर में भी हजारों परिवार प्रभावित ग्वालियर की करीब 40 गैस एजेंसियों पर 15 हजार और जबलपुर में भी करीब 15 हजार नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। यहां 30 सितंबर तक ईकेवाईसी पूरी करने वाले उपभोक्ताओं के मौजूदा कनेक्शन चालू हैं, लेकिन नए कनेक्शन की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। छोटे सिलिंडरों का विकल्प भी बेअसर, कीमत ने बिगाड़ा गणित इंडेन, एचपी और भारत गैस ने जून-जुलाई में पांच और 10 किलो के सिलिंडरों के नए कनेक्शन देने शुरू किए थे। कंपनियों को उम्मीद थी कि इससे घरेलू गैस की मांग का दबाव कम होगा, लेकिन उपभोक्ताओं ने इस व्यवस्था से दूरी बना ली। पांच किलो के सिलिंडर का नया कनेक्शन 1585 रुपये और 10 किलो का 4700 रुपये में मिल रहा है। इसके मुकाबले पहले 14.2 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन 3000 से 3500 रुपये में मिल जाता था। ऐसे में कम गैस के लिए ज्यादा शुरुआती खर्च उपभोक्ताओं को रास नहीं आ रहा। एजेंसियों के चक्कर, फिर भी खाली हाथ लौट रहे लोग जिले की गैस एजेंसियों पर रोजाना आठ से 10 उपभोक्ता 14.2 किलो के नए कनेक्शन की उम्मीद में पहुंच रहे हैं। आवेदन करने के बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं मिल रहा। छोटे सिलिंडरों के लिए इक्का-दुक्का उपभोक्ता ही पहुंचते हैं। मार्च से पहले प्रतिदिन 150 से 200 नए कनेक्शन जारी होते थे। गैस की किल्लत के बीच नए कनेक्शन की मांग में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई थी। बड़े परिवारों पर सबसे ज्यादा मार पांच से अधिक सदस्यों वाले परिवारों के लिए 14.2 किलो का सिलिंडर एक महीने या उससे कम समय में खत्म हो जाता है। ऐसे परिवार अतिरिक्त कनेक्शन चाहते हैं, लेकिन उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। जिन परिवारों में बेटे अलग रहने लगे हैं, उन्हें भी स्वतंत्र गैस कनेक्शन की जरूरत है। नए कनेक्शन नहीं मिलने से इनकी परेशानी बढ़ गई है। पहले 19 दिन में दोबारा बुकिंग की सुविधा थी, जिसे किल्लत के दौरान बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।  एक नजर में गैस संकट स्थिति / विवरण आंकड़ा भोपाल में कुल एलपीजी उपभोक्ता 5 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता 4.5 लाख व्यावसायिक उपभोक्ता 50 हजार लंबित नए कनेक्शन के आवेदन 20 हजार से अधिक गैस एजेंसियां 46 तीन महीने में छोटे सिलिंडरों के कनेक्शन 1000 से कम पहले रोजाना जारी कनेक्शन 150-200 कितना महंगा पड़ रहा गैस का विकल्प   सिलेंडर कनेक्शन की कीमत (₹) रिफिल कीमत (₹) 14.2 किलो 3000 – 3500 947.50 5 किलो 1585 351 10 किलो 4700 667 14.2 किलोग्राम वाले नये घरेलू गैस सिलिंडरों का कनेक्शन कंपनियों ने बंद कर रखा है। जब तक कंपनियां इसे शुरू नहीं करती, तब तक नये कनेक्शन नहीं दिए जा सकते हैं।हालांकि शहर में किसी तरह का कोई एलपीजी संकट नहीं है, लोग पांच व 10 किलो के सिलिंडरों का कनेक्शन ले सकते हैं।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक   पीएनजी पर जोर, इसलिए लगी रोक आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए कनेक्शन पर रोक लगी हुई है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि पिछले दिनों हुई बैठकों से पता चला है कि प्रदेशभर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का काम तेजी से चल रहा है। जहां आपूर्ति शुरू हो गई है, वहां के उपभोक्ता कनेक्शन सरेंडर भी कर रहे हैं। पीएनजी पर अधिक जोर ही नए कनेक्शन पर रोक का कारण होना बताया जा रहा है।     घरेलू गैस सिलिंडर के नए कनेक्शन जारी करने का आदेश अभी कंपनियों से नहीं आया है, जबकि 10 किलो वजन वाला सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। कंपनियों ने मार्च से नए कनेक्शन पर रोक लगाई है, अब अगले आदेश के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। – आरके गुप्ता, अध्यक्ष, एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन  

NDA के पास परिसीमन बिल पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं, सांसद के दावे से सियासी चर्चा

 नई दिल्ली संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर अब तक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। इसी बीच परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चाओं का नया दौर शुरू हो गया है। अब विपक्षी गठबंधन INDIA की तरफ से दावा किया जा रहा है कि सरकार के पास 40 से 50 सांसद कम पड़ रहे हैं, जिसके चलते पार्टियों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है। शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने दावा किया है कि जरूरी आंकड़ा नहीं जुटा पाने के चलते NDA शीतकालीन सत्र को दांव पर लगा रही है। साथ ही कहा कि सांसदों को खरीद के लिए 150 करोड़ रुपये की रकम तय की गई है। उनका कहना है कि इस काम के लिए महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री को लगाया गया है। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी भी नेता का नाम नहीं लिया। 40-45 सांसद कम पड़ने का दावा राउत ने रविवार को कहा, 'देखिए सरकार जिद पर और अहंकार पर उतर आई है। शीतकालीन सत्र नहीं हो रहा है। यह बहुत ही खतरनाक बात है कि एक शीतकालीन सत्र इसलिए नहीं हो रहा है कि अमित शाह और मोदी चाहते हैं कि सत्र होता है तो परिसीमन बिल हम मंजूर कर ही लेंगे। ये उनका एक ईगो है। और इस ईगो के लिए एक शीतकालीन सत्र वो लोग खा रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'देश की चिंता नहीं है, संविधान की चिंता नहीं है, संसद की चिंता नहीं है। ये लोगों ने तय किया है कि किसी भी हालत में हम परिसीमन बिल मंजूर करेंगे। उनको जो 40-45 सांसदों का आंकड़ा कम पड़ रहा है, छोटी छोटी पार्टियों को खरीद लेंगे, दबाव में लाएंगे। अगर पार्टियां नहीं टूट रहीं हैं कि कुछ सांसदों को खरीद लेंगे।' 150 करोड़ रुपये में सांसदों को खरीदने का दावा राज्यसभा सांसद राउत का कहना है, 'भाव है भाजपा के नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 150 करोड़। एक सांसद का 150 करोड़। पार्टी का व्हिप तोड़कर वोट करो, आपको अयोग्य नहीं किया जाए। न ओम बिरला जी करेंगे अयोग्य घोषित, न चुनाव आयोग करेगा अयोग्य घोषित। हम हैं, आप आराम से पार्टी व्हिप तोड़कर वोट करो और 150 करोड़ रुपये लेकर जाओ।' उन्होंने दावा किया, 'एक ऐसा ऑफर भाजपा के नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में घूम रहा है। एजेंट भी नियुक्त किए हैं सांसदों को फंसाने के लिए। पूरा पैसा महाराष्ट्र से जाएगा। महाराष्ट्र के एक बड़े मंत्री ने जिम्मेदारी ली है कि पूरा पैसा मैं दे दूंगा।' NDA का इनकार इधर, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने राउत के दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि राउत की खासियत झूठ बोलना है। उन्होंने सवाल किया, '150 करोड़ रुपये दे रहे हैं, आपसे किसने बताया? उसको सामने लाओ और कहो न।' परिसीमन पर सरकार का प्लान संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। अप्रैल में हुए मतदान के दौरान बिल को पर्याप्त सांसदों का समर्थन नहीं मिल सका था। विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना बड़ी चुनौती हो सकती है। इस विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। 543 सदस्यों वाले मौजूदा सदन में 361 वोटों की जरूरत होगी। तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। पीटीआई के अनुसार, सत्ताधारी NDA के पास 320 सदस्य हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।