samacharsecretary.com

दंतेवाड़ा और जांजगीर चांपा में आज प्लेसमेंट कैंप का आयोजन

रायपुर. अगर आप नौकरी की तलाश में है, तो आपके पास यह सुनहरा मौका है. सोमवार यानी 19 जनवरी को दो जिलों में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन होने जा रहा है. दंतेवाड़ा और जांजगीर चांपा में बेरोजगार युवा निजी कंपनियों द्वारा निकाली गई भर्तियों के लिए सीधे शामिल होकर नौकरी पाने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे. जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा द्वारा 19 जनवरी 2026 (सोमवार) को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यह कैंप लाइवलीहुड कॉलेज परिसर स्थित जिला रोजगार कार्यालय, जांजगीर में 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा. प्लेसमेंट कैंप में निजी क्षेत्र की नियोजक कंपनी पेरेनियल टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, महाराष्ट्र भाग लेगी. डीजी ऑपरेटर के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी. इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई डीजल मैकेनिक अथवा इलेक्ट्रिशियन उत्तीर्ण निर्धारित की गई है. चयनित अभ्यर्थियों को 13,000 से 15,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ अन्य भत्ते प्रदान किए जाएंगे. आवेदकों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तय की गई है. चयनित उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र एसईसीएल, बिलासपुर रहेगा.इच्छुक युवा अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति एवं जिला रोजगार कार्यालय का वैध रोजगार पंजीयन कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लेकर उपस्थित हों. रोजगार पंजीयन के बिना प्लेसमेंट कैंप में भाग लेना संभव नहीं होगा. दंतेवाड़ा में लगेगा प्लेसमेंट कैंप जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दंतेवाड़ा द्वारा आज प्रातः 11 बजे से शाम 3 बजे तक प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है. इस प्लेसमेंट कैंप में RCC एंड एसोसिएट, दंतेवाड़ा द्वारा ऑडिट असिस्टेंट (02 पद) और रिसेप्शनिस्ट (01 पद) के लिए भर्ती की जाएगी. इच्छुक आवेदक अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा (रिज्यूमे) के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं. यह प्लेसमेंट कैंप पूर्णतः निःशुल्क रहेगा.  

बेमेतरा में गणतंत्र दिवस की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बेमेतरा 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परेड, झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा जैसे सभी आवश्यक पहलुओं पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समारोह की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ममगाई ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम के नियमित रिहर्सल, मंच व मैदान की आकर्षक सजावट, ध्वनि, प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। पुलिस व होमगार्ड विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, स्वास्थ्य विभाग को आपात चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने, नगर पालिका को साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही  उन्होंने आम नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए, कलेक्टर ने आपसी समन्वय से कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

सिरपुर महोत्सव 2026 की धूम: बॉलीवुड और छालीवुड कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की

महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में माघ पूर्णिमा पर सिरपुर महोत्सव का आगाज होने जा रहा है. तीन दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड कलाकारों से लेकर छत्तीसगढ़ के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बाधेंगे. 1 से 3 फरवरी तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक छटा देखने को मिलेगी. कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम रूप में आ चुकी हैं, जिसका जायजा लेने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पहुंचे कलेक्टर, तैयारियों का लिया जायजा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कायक्रम की अंतिम चरण में पहुंच चुकी तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंगे जिम्मेदार अधिकारियों को महोत्सव स्थल, स्टेज, डोम में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने, सुगम आवागमन तथा दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए. बॉलीवुड और छॉलीवुड सितारों से सजेगी शाम कार्यक्रम का आयोजन हर दिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक होगा. इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती भी होगी. कलेक्टर ने मुख्य मंच को आकर्षक और सांस्कृतिक थीम आधारित सजावट देने के निर्देश दिए. महोत्सव परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

बीजापुर एनकाउंटर: चार नक्सलियों का खात्मा, गृहमंत्री बोले – नेशनल पार्क क्षेत्र से खत्म हुआ नक्सल प्रभाव

रायपुर  बीजापुर जिले में हुई नक्सली मुठभेड़ को लेकर डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों की ताकत और सटीक रणनीति के चलते एक बड़ा नक्सली न्यूट्रलाइज किया गया है। इस मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली दिलीप बेडजा सहित चार नक्सलियों को मारा गया है। इस ऑपरेशन के बाद नेशनल पार्क एरिया अब लगभग नक्सल मुक्त हो चुका है, जो राज्य के लिए एक बड़ी सफलता है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि कार्रवाई से पहले नक्सली दिलीप बेडजा को आत्मसमर्पण और मुख्यधारा में लौटने के लिए समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ा। इसके बाद सुरक्षाबलों को मजबूरी में कार्रवाई करनी पड़ी। नेशनल पार्क एरिया अब लगभग नक्सल मुक्त हो चुका है। गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नक्सलवाद के खिलाफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि बस्तर अंचल में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव पर क्या बोले विजय शर्मा? भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया कल से शुरू हो रही है। इस पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, कार्यकारी अध्यक्ष के संदर्भ में अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन भी पार्टी को प्राप्त होगा।

बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़: स्कूल के पास नशे की तस्करी, 12.86 लाख के कैप्सूल जब्त

जगदलपुर छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने ‘नशामुक्त बस्तर’ अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. बोधघाट थाना पुलिस ने घेराबंदी कर नशीली दवाओं के एक शातिर सौदागर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल जब्त की हैं, जिनकी बाजार में कीमत 12 लाख 86 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है. मिशन ग्राउंड के पास रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मिशन ग्राउंड स्कूल के पीछे नशीली दवाओं की खेप खपाने की फिराक में है. इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बोधघाट पुलिस की टीम ने दबिश दी. वहां संदिग्ध अवस्था में घूम रहे मोहम्मद सिराज को पुलिस ने हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ. पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 240 नग (ट्रामोडोल स्पास्मो प्रॉक्सीवोन) नशीली कैप्सूल,  बरामद किए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,86,400 (खुदरा बाजार मूल्य) है. पुराना अपराधी है मोहम्मद सिराज पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि आरोपी मोहम्मद सिराज नशे के कारोबार में पुराना खिलाड़ी है. वह इससे पहले वर्ष 2023 में भी NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से तस्करी का रास्ता चुन लिया, लेकिन इस बार फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.

घर वापसी अभियान: 200 लोगों ने अपनाया सनातन धर्म, समाज के वरिष्ठों ने किया अभिनंदन

कांकेर छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में धर्मांतरण से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. कांकेर के पीढ़ापाल गांव में आज 50 से अधिक परिवारों के 200 धर्मांतरित लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सामूहिक रूप से घर वापसी की है. इस दौरान 25 गांवों के समाज प्रमुखों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. समाज के वरिष्ठों की मौजूदगी में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और फिर गंगाजल छिड़क कर, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सम्मान के साथ मूल धर्म में वापसी कराई गई.  25 गांवों के समाज प्रमुख हुए शामिल जानकारी के अनुसार, इस मुहिम में पीढ़ापाल, धनतुलसी, मोदे, साल्हेभाट, किरगापाटी और तरांदुलगांव के ग्रामीण शामिल थे. बताया जा रहा है कि इन परिवारों ने आपसी सहमति और समाज के साथ लंबे संवाद के बाद स्वेच्छा से अपने पारंपरिक धर्म और संस्कृति की ओर लौटने का फैसला किया. बाकी बचे परिवार भी जल्द लौटेंगे: सर्व समाज सर्व समाज के सदस्य ईश्वर कावड़े ने मीडिया को बताया कि यह समाज की एकजुटता का परिणाम है. उन्होंने कहा, “आज 50 परिवारों के 200 से अधिक लोग वापस आ गए हैं. क्षेत्र में अभी 3 से 4 परिवार और शेष हैं, जिन्होंने भी वापसी की इच्छा जताई है और वे जल्द ही मूल धर्म में लौट आएंगे.” प्रशासन की पैनी नजर इतने बड़े पैमाने पर हुई इस घर वापसी को लेकर पूरे बस्तर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. इस संवदेनशील विषय को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल, क्षेत्र में शांति का माहौल है और समाज के लोगों में इस फैसले को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है.

हर्री स्टेशन पर कांग्रेस का रेल रोको प्रदर्शन, कोरोना काल के बाद बंद ट्रेनों के ठहराव को लेकर उठी आवाज

गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पेंड्रा रोड–अनूपपुर रेल मार्ग पर स्थित हर्री रेलवे स्टेशन में रेल रोको आंदोलन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कोरोना काल के बाद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस का कहना है कि कोरोना काल से पहले जिन ट्रेनों का हर्री स्टेशन पर नियमित ठहराव था, उन्हें यथावत बहाल किया जाए। इस मांग को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हर्री स्टेशन पहुंचे और रेल रोको प्रदर्शन किया। आंदोलन को देखते हुए स्टेशन परिसर में RPF, GRPF सहित स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जानबूझकर हर्री स्टेशन पर ट्रेनों का स्टॉपेज बंद किया गया है। इसके चलते स्टेशन से लगे लगभग 50 पंचायतों के हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यात्रियों को मजबूरी में पेंड्रा रोड या अनूपपुर रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है, जो बीमार, बुजुर्ग, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए बेहद तकलीफदेह है। इस संबंध में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने DRM बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पूर्व की तरह हर्री स्टेशन पर बिलासपुर–रीवा–बिलासपुर, बिलासपुर–इंदौर–बिलासपुर, बिलासपुर–भोपाल–बिलासपुर और बिलासपुर–चिरमिरी–बिलासपुर जैसी ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाए। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि जनहित को देखते हुए यदि मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में छह नक्सलियों का सफाया

बीजापुर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में शीर्ष नक्सली नेता दिलीप बेदजा समेत छह माओवादियों को मार गिराया। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से शवों के साथ दो एके-47 राइफलें व अन्य हथियार व गोला-बारूद बरामद किए  हैं। राज्य में जनवरी में अब तक 20 नक्सली मारे जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में नक्सल कमांडर पापा राव और डिविजनल कमेटी सदस्य दिलीप बेदजा के होने की सूचना पर नक्सली विरोधी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान शनिवार सुबह जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की जंगली पहाड़ियों में मुठभेड़ हुई। अभियान में पुलिस की विशेष टास्क फोर्स, जिला रिजर्व गार्ड व सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। बेदजा नेशनल पार्क एरिया समिति में सक्रिय था और कई हमलों में शामिल था। इससे पहले तीन जनवरी को बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में दो मुठभेड़ों में 14 नक्सलियों को मार गिराया गया था। पिछले साल छत्तीसगढ़ में कुल 285 नक्सली मारे गए थे। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में शीर्ष नक्सली नेता दिलीप बेदजा समेत छह माओवादियों को मार गिराया। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से शवों के साथ दो एके-47 राइफलें व अन्य हथियार व गोला-बारूद बरामद किए  हैं। राज्य में जनवरी में अब तक 20 नक्सली मारे जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में नक्सल कमांडर पापा राव और डिविजनल कमेटी सदस्य दिलीप बेदजा के होने की सूचना पर नक्सली विरोधी अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान शनिवार सुबह जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की जंगली पहाड़ियों में मुठभेड़ हुई। अभियान में पुलिस की विशेष टास्क फोर्स, जिला रिजर्व गार्ड व सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। बेदजा नेशनल पार्क एरिया समिति में सक्रिय था और कई हमलों में शामिल था। इससे पहले तीन जनवरी को बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में दो मुठभेड़ों में 14 नक्सलियों को मार गिराया गया था। पिछले साल छत्तीसगढ़ में कुल 285 नक्सली मारे गए थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा

रायपुर कर्मा महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारा और सामूहिक आनंद का उत्सव है। उक्त आशय के विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में व्यक्त किए।  मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी सम्बोधित किया। परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर सबको लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया।  मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगायी गई प्रदर्शनी के स्टॉलों का निरीक्षण कर नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट ईकाइयों का शुभारंभ किया और पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की। कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग के पंचायत प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र अध्ययन भ्रमण के लिए किया रवाना

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल को प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को सकुशल एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा दो बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) की जानकारी प्राप्त होगी, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बहुउद्देशीय है, जिसमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संवाद, विचार-विमर्श, पंचायत प्रतिनिधियों के दायित्वों, नवाचारों तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधियों से कहा कि वे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर की पहचान के रूप में राज्य के पर्यटन, संस्कृति, जनहितैषी एवं विकासमूलक योजनाओं, सुशासन (गुड गवर्नेंस) तथा पारदर्शी शासन व्यवस्था के बारे में भी अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों से जानकारी साझा करें। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सभी पंचायत प्रतिनिधियों को एक्सपोज़र विज़िट के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से राज्य की पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त, प्रगतिशील एवं विकासोन्मुख बनाने में सहायता मिलेगी। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र राज्य की पंचायत राज व्यवस्था का अध्ययन कराने के लिए 18 जनवरी से 23 जनवरी 2025 तक मुंबई भेजा जा रहा है। प्रथम चरण में कुल 60 पंचायत प्रतिनिधि एवं नोडल अधिकारी इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण में सम्मिलित हैं। इस दौरान प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ महाराष्ट्र की उत्कृष्ट पंचायतों का भी भ्रमण कराया जाएगा। आगामी चरणों में राज्य के सभी संभागों के जिला पंचायत प्रतिनिधियों को क्रमवार इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा। इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संचालक प्रियंका महोबिया सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।