samacharsecretary.com

क्रिकेट मैच की ब्लैक टिकट बिक्री का भंडाफोड़, दो युवक रंगे हाथों पकड़े गए

रायपुर रायपुर पुलिस ने 3 दिसंबर को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रिका मैच की टिकटें ब्लैक करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों युवकों के पास से 2500 रुपए वाली 7 टिकटें बरामद की गई है, जिसे वह दोगुनी कीमत पर बेच रहे थे. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. मैच से पहले सभी थानों को टिकटों की कालाबाजारी की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. सीएसपी सिविललाइंस रायपुर रमाकांत साहू ने जानकारी दी कि टिकटों की कालाबाजारी रोकने कई स्तरों पर तैयारी की गई है. लोगों से टिकट ब्लैक करने वालों के बारे में सूचना देने की अपील की गई है. पुलिस ने ग्राहक बनकर बुलाया था ब्लैकरों को गिरफ्तार आरोपियों के नाम ऋतिक माखीजा पिता दीपक माखीजा (25 वर्ष) और देवव्रत माखीजा पिता संजय माखीजा (21 वर्ष) बताए गए हैं. दोनों आरोपी फाफाडीह में अमित सेल्स के पास रहते हैं और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. शिकायत मिलने पर पुलिस के मुखबिर ने इनसे ग्राहक बनाकर फोन से संपर्क किया. 5 हजार रुपए में रेट तय होते ही आरोपी टिकट लेकर शंकरनगर में भारत माता चौक पहुंचे और सिविललाइंस थाने की टीम ने उन्हें दबोच लिया. दोनों फोन के जरिये ग्राहकों से संपर्क कर रहे थे.

छत्तीसगढ़ में राहत: आज से 200 यूनिट तक आधा बिजली बिल लागू

रायपुर छत्तीसगढ़ के लोगों को आज से सरकार बड़ी राहत देने जा रही है. आज से 200 यूनिट हाफ बिजली योजना होगी लागू. इससे लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में इसकी घोषणा की थी. अगर कोई उपभोक्ता 201 यूनिट बिजली खपत करता है तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी थी कि प्रदेश के ऐसे घरेलू उपभोक्ताओं जिनका 200 यूनिट तक विद्युत खपत है, उन्हें 200 यूनिट तक हाफ बिजली का पूरा लाभ प्राप्त होगा. इस निर्णय से राज्य के 36 लाख घरेलू उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. 200 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी अगले 1 वर्ष तक 200 यूनिट तक हॉफ बिजली बिल का लाभ मिलेगा, इससे 6 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे. इन उपभोक्ताओं को 1 वर्ष तक की छूट दी गई है, ताकि इस अवधि में वे अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करा सके. बता दें कि 4 महीने पहले यानी 1 अगस्त 2025 को राज्य सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना पर बड़ा बदलाव किया था. पूर्व भूपेश सरकार के समय लागू हुई 400 यूनिट की सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया गया था. इसका सीधा असर लाखों परिवारों को पड़ा. हालांकि नई योजना के तहत आज से 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना लागू कर दी गई है.

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले— मुंगेली मेला बनी शहर की पहचान, पांचवें दिन दर्शकों की भारी भीड़

मुंगेली मुंगेली व्यापार मेला के पांचवें दिन रात्रि मेला देखने वाले लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सभी स्टॉलों में खरीदारी करते लोगों को देखा गया। झूले का आनंद लेने लोगों में बहुत दिलचस्पी दिखी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत आरू साहू को देखने-सुनने के लिए आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोगों का आगमन हुआ। आरू साहू के गीतों और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत नृत्य का लोग देर रात तक लुत्फ उठाते रहे। मुंगेली व्यापार मेला के पांचवें दिन दोपहर में चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिसमें जूनियर वर्ग के लिए ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ एवं सीनियर वर्ग के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे विषय चित्रकारी करने के लिए दिए गए थे। सीनियर और जूनियर वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता निभाई। जिसमें जूनियर वर्ग प्रतियोगिता में समृद्धि तिवारी ने प्रथम, जिया साहू ने द्वितीय एवं अलंकृत सिंह ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में संदीप साहू ने प्रथम, समीर मिरी ने द्वितीय एवं रिया कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक हिमांशु ताम्रकार एवं हरनीत कौर रहे। रात्रिकालीन मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति रही। मां सरस्वती की पूजा–अर्चना के पश्चात अतिथियों का स्वागत संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला का यह दसवां साल है। इसके लिए मैं स्टार्स ऑफ टुमॉरो की पूरी टीम को बधाई देता हूं। 40 स्टॉल से शुरू हुआ यह व्यापार मेला अब मुंगेली की पहचान बन चुका है। इतनी भारी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति यह बताती है कि व्यापार मेला अब लोगों के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। मैं आयोजन टीम को बधाई देता हूं। इस अवसर पर जनपद पंचायत मुंगेली के पूर्व उपाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने कहा कि हमने जो छोटा सा पौधा 10 वर्ष पहले लगाया था, आज वह विशाल वटवृक्ष के रूप में हमारे सामने दिखाई दे रहा है। मैं चाहता हूं कि यह निरंतर और बड़े स्वरूप में दिखाई दे। इस अवसर पर शिक्षाविद और समाजसेवी आकाश परिहार ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला का मैं 6 वर्ष तक सदस्य रहा और अब 4 वर्षों से संरक्षक के रूप में हूं। पर्यावरण के क्षेत्र में स्टार्स ऑफ टुमॉरो की टीम ने जो कार्य किया है वह प्रेरणादायक है। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य अतुलनीय है। मैं इस टीम को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। इसके पूर्व स्टार्स ऑफ टुमॉरो के अध्यक्ष महावीर सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। मुंगेली व्यापार मेला का उद्देश्य संयोजक रामपाल सिंह ने बताया। कार्यक्रम का शानदार संचालन सह-संयोजक रामशरण यादव ने किया और आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने किया। तत्पश्चात बहुत ही आकर्षक कार्यक्रम मिस मुंगेली संपन्न हुआ। जिसमें लगभग 30 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा मंच पर प्रस्तुत की। मिस मुंगेली प्रतियोगिता में बेमेतरा की चित्रांशी यादव विजेता रहीं। इस प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप आकांक्षा पाटले एवं सेकेंड रनर-अप तनु गोस्वामी रहीं।

BLO से मारपीट मामला: रायपुर में महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज

रायपुर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला अब औपचारिक शिकायत के बाद और गंभीर हो गया है. रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पीड़िता वंदना सोनी (54), निवासी शक्ति नगर उपरपारा, ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वंदना सोनी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 की बीएलओ हैं और मतदाता सूची सुधार कार्य कर रही थीं. जानकारी के मुताबिक, BLO वंदना सोनी एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है. घटना के बाद उन्होंने आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई. BLO ने महिला पर आरोप लगाया है कि जब वह अपने सहयोगियों (मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका) ईश्वरी तिवारी और रामेश्वरी देवांगन के साथ SIR का कार्य कर रही थीं, तभी मोबाइल नंबर 94252-86791 वाली महिला खम्हारडीह से वहां पहुंची और पहुंचते ही शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उनके सहयोगियों, पति और बेटे के साथ गाली-गलौज की तथा हाथापाई करते हुए मुक्के मारे. वंदना ने बताया कि महिला ने पास में रखी रेत उठाकर फेंकी और उनके बेटे के साथ भी मारपीट की. बाद में मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला. BLO की लिखित शिकायत: इससे पहले इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें बीएलओ के साथ अभद्रता होती दिख रही है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की सुरक्षा और अधिकारियों की कार्य परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर रही हैं. फिलहाल खम्हारडीह पुलिस ने घटना की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है.

हाइवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन का खामियाज़ा: BMO पर FIR

बैकुंठपुर नेशनल हाइवे के बीच कार रोककर बर्थडे सेलिब्रेट करने वाले सोनहत बीएमओ को भारी पड़ गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसमें बीएमओ के साथ उनका साथी कार की बोनट पर केक काटते हुए नजर आ रहा है. इस दौरान वह आतिशबाजी भी कर रहे हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने बीएमओ डॉ. अनित बखला और उसके दोस्त पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के ग्राम आनी निवासी डॉ. अनित बखला सोनहत में बीएमओ के पद पर पदस्थ हैं. उन्होंने अपने दोस्त के साथ 28 नवंबर की रात जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे. बैकुंठपुर से लगे रामपुर तिराहा के पास बीच सड़क पर कार (क्रमांक सीजी 16 सीआर 0016) खड़ी की और फिर बोनट पर केक रखकर काटा. जन्मदिन के उत्साह में आतिशबाजी भी की गई. हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद बीएमओ का बर्थडे का वीडियो वायरल हुआ. जिसपर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी. अब पुलिस ने बीएमओ समेत दो लोगों पर BNS की धारा 285, 288, 3 (5) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 122, 177 के तहत अपराध दर्ज किया है.

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का साजा CHC का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं की ली समीक्षा

रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा का किया निरीक्षण रायपुर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार  को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साजा का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार ले रहे मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा की और उनसे मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में आधुनिक तकनीकों के उपयोग और सेवाओं के विस्तार का सकारात्मक परिणाम आज स्वास्थ्य संस्थानों में दिखाई दे रहा है। मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और जहां आवश्यक हो, वहां स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं अस्पताल प्रबंधन को दिए।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दामाखेड़ा आश्रम में धर्मगुरु प्रकाश मुनिनाम से की सौजन्य भेंट

धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर हुई चर्चा रायपुर, महान संत कबीर साहेब जी के पावन स्थल दामाखेड़ा आश्रम में संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने प्रकाश मुनिनाम साहेब जी से सौजन्य भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धार्मिक विषयों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी गहन चर्चा हुई।     कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री ओ पी चौधरी, विधायक श्रीमती भावना बोहरा, किरण सिंह देव एवं कृष्णा राय भी उपस्थित थे। सभी ने संत कबीर एवं उनके उपदेशों की वर्तमान समाज में प्रासंगिकता के बारे में विचार साझा किए।    धर्मगुरु प्रकाश मुनिनाम साहेब जी ने कहा कि संत कबीर जी के संदेश आज भी अज्ञानता और भेदभाव मिटाने में हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने पर्यटन मंत्री  राजेश अग्रवाल के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यहाँ आने से उन्हें आध्यात्मिक बल मिला है।     उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि धार्मिक मेलजोल और सामाजिक समरसता के लिए ऐसे आश्रम और पावन स्थल महत्वपूर्ण हैं। कल्याणकारी योजनाओं में धर्म  और  संस्कृति का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

सेलूद: प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ किया ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण

रायपुर  आज आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जनप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" के 128 वें संस्करण को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और बुद्धिजीवियों के पावन धरा सेलूद ग्राम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण , कार्यकर्ताओं एवं ग्राम वासियों के साथ सुना। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश के हर नागरिक की भावनाओं, उम्मीदों और संकल्पों को नई दिशा देने वाला जनप्रेरणा का माध्यम है। मन की बात हमें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर प्रेरित करती है। भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू ने  कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी मन की बात के माध्यम से हम सभी देशवासियों में नई ऊर्जा का संचार किया। मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने वोकल फॉर लोकल, मन की बात, G–20 बैठक, नेशनल म्यूजियम, मुंबई में स्वदेशी INS 'माहे' को भारतीय नौसेना में शामिल, इसरो ड्रोनप्रतियोगिता, खाद्यान्न उत्पादन, संविधान दिवस अन्य जानकारी दिए। पाटन मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर ने कहा वन्देमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की। मन की बात कार्यक्रम देश के वर्तमान, भूत और भविष्य की जानकारी है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा जिला महामंत्री श्री दिलीप साहू, मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष श्री खेमलाल साहू,श्री हरप्रसाद आडिल, श्री टामन साहू, श्री कृष्ण कुमार साहू मंडल महामंत्री, श्री महेश्वर बंछोर, श्री तारेन्द्र बंछोर, श्री केशव बंछोर सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र पदाधिकारी एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी से आत्मीय मुलाकात: हमारे परिवार के लिए जीवनभर याद रहने वाला क्षण

रायपुर  यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की हमारे परिवारजनों से हुई मुलाकात जीवन भर याद रहने वाला प्रेरक अनुभव है। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच जिस आत्मीयता से मोदीजी ने सबका हाल‑चाल पूछा, बच्चों से सहज होकर बात की और आशीर्वाद दिया, वह अविस्मरणीय है। माननीय प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान परिवार की तीन पीढ़ियों को एक साथ उनके सान्निध्य में बैठने का अवसर मिला, यह हमारे लिए भावुक कर देने वाला क्षण था। इस गरिमामय और आत्मीय भेंट के लिए प्रधानमंत्री जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

प्रधानमंत्री ने पुलिस नेतृत्व से विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने और इसमें सुधार करने का आग्रह किया

सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकताओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ, जिसमें विजन 2047 पुलिस व्यवस्था रोडमैप, आतंकवाद निरोधक रुझान, महिला सुरक्षा, भगोड़ों का पता लगाना और फोरेंसिक सुधार शामिल रहे प्रधानमंत्री ने आपदा से निपटने की बेहतर तैयारी और समन्वित प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर बल दिया; चक्रवात, बाढ़ और प्राकृतिक आपात स्थितियों से निपटने के लिए सरकार के समग्र दृष्टिकोण का आह्वान किया रायपुर प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी ने भारतीय प्रबंधन संस्थान, रायपुर में पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लिया। तीन दिवसीय इस सम्मेलन का विषय 'विकसित भारत: सुरक्षा आयाम' है। प्रधानमंत्री ने खासकर युवाओं के बीच पुलिस के प्रति जनता की धारणा बदलने की तत्काल जरूरत पर बल दिया, जिसके लिए दक्षता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने शहरी पुलिस व्यवस्था को मज़बूत करने, पर्यटक पुलिस को फिर से सक्रिय करने और औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर लागू किए गए नए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के बारे में जन जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस और व्यापक प्रशासन को निर्जन द्वीपों को एकीकृत करने के लिए नवीन रणनीतियां अपनाने, राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड (नेटग्रिड) के अंतर्गत एकीकृत डेटाबेस का प्रभावी उपयोग करने और कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी प्राप्त करने के लिए इन प्रणालियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को पुलिस जांच में फोरेंसिक के उपयोग पर केस स्टडी करने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया, और कहा कि फोरेंसिक के बेहतर अनुप्रयोग से आपराधिक न्याय प्रणाली और मजबूत होगी। प्रधानमंत्री ने प्रतिबंधित संगठनों की नियमित निगरानी के लिए तंत्र स्थापित करने, वामपंथी उग्रवाद से मुक्त क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करने और तटीय सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए नवोन्मेषी मॉडल अपनाने के महत्व पर ज़ोर दिया। प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने के लिए एक समग्र सरकारी दृष्टिकोण की आवश्यकता है, जिसमें प्रवर्तन, पुनर्वास और सामुदायिक स्तर पर हस्तक्षेप एक साथ किया जाए। सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा के विविध मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। विज़न 2047 की दिशा में पुलिस व्यवस्था के दीर्घकालिक रोडमैप, आतंकवाद-निरोध और कट्टरपंथ-निरोध में उभरते रुझान, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने में तकनीक का लाभ उठाने, विदेशों में रह रहे भारतीय भगोड़ों को वापस लाने की रणनीतियों और प्रभावी जांच एवं अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए फोरेंसिक क्षमताओं को मज़बूत करने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने मज़बूत तैयारियों और समन्वय की आवश्यकता पर ज़ोर दिया और पुलिस प्रमुखों से चक्रवात, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपात स्थितियों, जिनमें चक्रवात दित्वा की मौजूदा स्थिति भी शामिल है, के लिए प्रभावी आपदा प्रबंधन तंत्र को मज़बूत करने का आग्रह किया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ऐसी घटनाओं के दौरान जीवन की रक्षा और न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय योजना, तत्क्षण समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और समग्र सरकारी दृष्टिकोण आवश्यक हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पुलिस नेतृत्व से आह्वान किया कि वे विकासशील राष्ट्र की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पुलिस व्यवस्था को फिर से व्यवस्थित करें, ताकि विकसित भारत बनने की राह पर साफ हो सके। प्रधानमंत्री ने खुफिया ब्यूरो के अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किए। उन्होंने शहरी पुलिस व्यवस्था में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन शहरों को भी पुरस्कार प्रदान किए। यह सम्मान शहरी पुलिस व्यवस्था में नवाचार और सुधार को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार स्थापित किया गया है। इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री और केंद्रीय गृह सचिव ने भाग लिया। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक, साथ ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुखों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि देश भर से विभिन्न रैंकों के 700 से अधिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस सम्मेलन में शामिल हुए।