samacharsecretary.com

एयरपोर्ट पर अब मिलेगा लाइब्रेरी का मजा, यात्रियों को मुफ्त किताबें ले जाने की सुविधा

जालंधर. आदमपुर के श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए लाइब्रेरी शुरू होने जा रही है। इस लाइब्रेरी से यात्रियों को मुफ्त किताबें मिलेंगी। यात्री इन किताबों को वहां पढ़ने के अलावा साथ ले जा सकेंगे। सामाजिक संगठनों के सहयोग से लाइब्रेरी के लिए किताबें जुटाई जा रही हैं। करीब पांच हजार किताबें इस लाइब्रेरी में रखने का लक्ष्य है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने संस्थाओं को लाइब्रेरी के लिए किताबें देने को कहा है। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव सुरजीत लाल की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को 200 किताबें दी गईं। एयरपोर्ट का नाम बदलने के बाद यहां पर यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। आदमपुर एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस और स्टार लाइन की दो फ्लाइट अप और डाउन के लिए है, जिसमें रोजाना करीबन साढ़े पांच सौ यात्री यहां से मुंबई और हिंडन के लिए आते और जाते हैं। एयरपोर्ट पर हाल ही में अधिक यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पहले यहां करीब 100 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था थी। अब करीब 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था कर दी गई है। फ्लाइट्स का इंतजार करते हुए यात्री किताबें पढ़ कर समय व्यतीत करें, इसके लिए लाइब्रेरी शुरू की जा रही है। आदमपुर की फ्लाइट्स फिलहाल समय पर चल रही हैं, लेकिन ठंड के मौसम में धुंध पड़ने पर जब यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, उस समय लाइब्रेरी समय व्यतीत करने का अच्छा माध्यम बनेगी। श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट के निदेशक पुष्पिंदर निराला ने कहा कि लाइब्रेरी के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी भी अपनी ओर से किताबें देगी। 24 मार्च से लाइब्रेरी शुरू हो जाएगी। अब लाइब्रेरी बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि जिनकी दिलचस्पी होगी, वो लाइब्रेरी से किताबें साथ लेकर भी जा सकते हैं, जिसका कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। निराला ने सामाजिक संस्थाओं से किताबें देने की अपील की।

ड्रग्स नेटवर्क पर करारा प्रहार: 95 हजार से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार, 806 ड्रोन भी जब्त

चंडीगढ़. पंजाब में नशा तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई में सरकार ने बड़े आंकड़े पेश करते हुए दावा किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। सरकार के मुताबिक सख्त पुलिसिंग और लगातार ऑपरेशन के चलते न केवल अपराध पर लगाम लगी है, बल्कि इसका असर उद्योग निवेश पर भी साफ दिख रहा है। सरकार के अनुसार 16 मार्च 2022 से अब तक 95,881 ड्रग तस्कर और सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत 70,228 एफआईआर दर्ज हुई हैं। नशे के नेटवर्क पर आर्थिक चोट करते हुए 556 तस्करों की 772 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के गठन के बाद 3,658 गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए और 1,105 गैंग मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया। इस दौरान 2,267 हथियार और 655 वाहन भी बरामद किए गए, जो अपराध में इस्तेमाल हो रहे थे। पंजाब की सुरक्षा देश से जुड़ी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया कि पंजाब की सुरक्षा केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा से भी जुड़ी है। पाकिस्तान से लगती 532 किलोमीटर लंबी सीमा के चलते पंजाब पुलिस को बीएसएफ के साथ फ्रंटलाइन पर काम करना पड़ता है। ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 806 ड्रोन बरामद किए गए हैं और 1,472 ड्रोन मूवमेंट ट्रैक की गई हैं। पुलिस के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया गया है। “बॉटम टू टॉप” मॉडल के तहत सबसे पहले थानों को मजबूत किया गया। अब तक 2,904 वाहन खरीदे गए हैं, जिन पर 327.70 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनमें 2,258 चार पहिया और 646 दो पहिया वाहन शामिल हैं, जबकि 508 नई गाड़ियां पीसीआर टीमों को दी जानी हैं। भर्ती प्रक्रिया में लाई गई तेजी भर्ती प्रक्रिया को तेज करते हुए 450 हेड कांस्टेबल, 10,285 कांस्टेबल और 400 सिविलियन सपोर्ट स्टाफ की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 2025 के लिए 1,746 और 2026 के लिए 3,298 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।  सरकार का कहना है कि मजबूत लॉ एंड ऑर्डर का ही नतीजा है कि पंजाब में स्टील, टेक्सटाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ रहा है और राज्य एक सुरक्षित औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

सरकारी स्कूलों में Mega PTM का नया शेड्यूल जारी, 28 को अभिभावकों को मिलेगा रिपोर्ट कार्ड

लुधियाना. पंजाब राज्य के सभी सरकारी प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों में 28 मार्च, शनिवार को एक विशाल 'मैगा पी.टी.एम.' (अभिभावक अध्यापक मीटिंग) और अभिभावकों की वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि पहले विभाग द्वारा 30 मार्च को पी. टी. एम. आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस मिलनी का समय सबह 8.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य पहली से 11 वीं (नॉन-बोर्ड) कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा करना और विद्यार्थियों को उनके 'होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड' वितरित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जानी है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्कूल आने और अगली कक्षा में दाखिला लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभिभावकों के लिए विशेष जागरुकता और नई योजनाएं इस मैगा पी.टी.एम. के दौरान अभिभावकों को विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया जाएगा। स्कूल प्रमुख और अध्यापकों द्वारा अभिभावकों को विद्यार्थियों की हाजिरी से संबंधित "एस.एम.एस. अलर्ट" प्रणाली की जानकारी दी जाएगी, जिसके तहत यदि कोई विद्यार्थी लगातार तीन दिन गैर-हाजिर रहता है, तो एम.आई.एस,- 2.0 क माध्यम से अभिभावकों को ऑटोमैटिक मैसेज भेजा जाएगा। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 14 वर्ष की आयु की लड़‌कियों के लिए चलाए जा रहे 'एच. पी. वी.' टीकाकरण अभियान और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 'कौशल शिक्षा' योजना पर भी विशेष चर्चा की जाएगी।अभिभावकों को शिक्षा विभाग की नई पहल 'मिशन समर्थ' और 'कॉम्पिटेंसी एनहांसमैंट प्लान' के बारे में भी बताया जाएगा। स्कूलों में प्रबंध और उच्चाधिकारियों द्वारा निरीक्षण : पी.टी. एम. को सफल बनाने के लिए स्कूलों में विशेष 'क्लीनलीनैस ड्राइव' चलाई जाएगी और स्थानीय गुरुद्वारों या मंदिरों से घोषणाएं करवाकर अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा। मिलनी के दिन अभिभावकों, एस.एम.सी. सदस्यों और अन्य कम्युनिटी मैकर्स के बैठने और चाय पानी का उचित प्रबंध किया जाएगा। विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए विभिन्न विषयों की प्रदर्शनिया भी लगाई जाएंगी। इस कार्यक्रम की निगरानी के लिए डी.ई.पी.ई.ओ. और अन्य जिला व ब्लॉक अधिकारी स्कूलों का दौरा करेंगे और अभिभावकों से फीडबैक लेंगे। विभाग द्वारा सभों स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मिलनी के बाद दोपहर 1 बजे तक अपनी रिपोर्ट और फोटो गूगल फॉर्म के माध्यम से मुख्य दफ्तर को भेजें।

कैंपस सुरक्षा पर सवाल: पंजाब यूनिवर्सिटी में बेलगाम अपराध, बाहरी तत्व सक्रिय

चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा घेरा ध्वस्त कर अपराधी बैखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे है। इस पर लगाम लगाने में पुलिस विभाग समेत पीयू सिक्योरिटी पूरी तरह विफल दिखाई दे रही है। कैंपस में बीते वर्षों में हुई वारदातों से सबक लेते कुछ महीनों पहले 100 के करीब नए सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन हालात जस की तस बने हुए है। तीनों गेटों पर जांच होने के बाद भी अपराधी हथियार लेकर कैंपस में घुस रहे है। एंट्री गेटों पर आधे से अधिक लोगों की जांच नहीं की जा रही है। छात्र नेता जश्न सिंह जवंदा पर फायरिंग मंगलवार शाम चार हथियारबंद युवकों ने सोपू छात्र संगठन से जुड़े नेता जश्न सिंह जवंदा पर फायरिंग कर दी थी। यह घटना यूनिवर्सिटी के बॉटनी विभाग की पार्किंग में हुई, जहां जश्न सिंह जवंदा मौजूद था। हमलावर चोरी की एक्टिवा पर सवार होकर आए थे और उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जवंदा मंगलवार शाम पीयू परिसर में किसी कार्य से आया हुआ था और बॉटनी विभाग के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बैग लिए दो युवक उसके पास पहुंचे। एक युवक ने अचानक बैग से पिस्टल निकाली और जश्न सिंह पर फायर कर दिया। गोली चलते ही जश्न सिंह अपनी जान बचाने के लिए भागा। हमलावर ने उसका पीछा करते हुए एक और राउंड फायर किया। दोनों गोलियां उसे नहीं लगीं और वह सुरक्षित बच गया। घटना के समय हमलावरों के दो अन्य साथी पहले से स्टार्ट एक्टिवा पर इंतजार कर रहे थे। फायरिंग के तुरंत बाद चारों आरोपित उसी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गए थे। सिंगर मासूम शर्मा की स्टार नाइट में बवाल इससे पहले बीते वर्ष 28 अप्रैल को हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की स्टार नाइट में कुछ बाहरी लोगों ने कैंपस में घुसकर स्टूडेंट्स पर चाकू से हमला कर दिया था। पीजीआई में इलाज के दौरान आदित्य ठाकुर नाम के एक छात्र की मौत भी हो गई थी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी से छात्र की हत्या के बाद पीयू का माहौल पूरी तरह गरमा गया था। इसके साथ बीते वर्ष ही हॉस्टल नंबर में सात में दो दोस्तों ने एक हिमाचल निवासी आउटसाइडर को चरस के धुएं से सीपीआर और कंबल से मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया था। यूनिवर्सिटी में बाहरी लोगों का प्रवेश जारी इन सबके बावजूद बीती रात हॉस्टल नंबर 6 में दो आउटसाइडर छिपकर बैठे हुए थे, जिनको निकालने के लिए पुलिस को हॉस्टल में आना पड़ा। कैंपस में बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही के कारण कई अप्रिय घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पीयू प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दावे तो बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हास्टल में बिना किसी रोक-टोक के बाहरी लोग आते-जाते रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।

युवा बने प्रेरणा: जैन तीर्थ दर्शन के लिए पंजाब से राजस्थान रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था

चंडीगढ़/लुधियाना. श्री मनोवांछित पार्श्वनाथ जैन मंदिर सोसायटी के तत्वावधान में श्री मनोवांछित वल्लभ जैन युवक मंडल की ओर से राजस्थान के जैन तीर्थ स्थलों की यात्रा हेतु जत्था नूरवाला रोड जैन प्रॉपर्टी नजदीक रवाना हुआ। सर्वप्रथम नवकार महामंत्र का उच्चारण किया। इस अवसर पर  मनोवांछित पार्श्वनाथ जैन मंदिर सोसायटी के चेयरमैन सीए संजीव जैन व अध्यक्ष ललित जैन ने झंडे की रस्म अदा कर बस को रवाना किया। इस दौरान संजीव जैन, ललित जैन ने कहा कि युवक मंडल की ओर से धार्मिक तीर्थ स्थलों के लिए यात्रा करवाना एक प्रशंसनीय पहल है। इससे युवाओं में धर्म के प्रति रुझान बढ़ेगा। ऐसे आयोजन के लिए व धर्म के प्रचार व प्रसार के लिए  युवा वर्ग को आगे आना होगा है। धार्मिक तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाने के सभी मंडल के सदस्य बधाई के पात्र हैं। उपाध्यक्ष योगेश जैन ने कहा कि यात्रा श्री फलवृद्धि पार्श्वनाथ, श्री नवलखा पार्श्वनाथ, श्री स्वयंभू पार्श्वनाथ, सेसली, न्यू पावापुरी, जीरावाला पार्श्वनाथ, श्री नाकौडा जी, 72 जिनालय आदि के लिए भक्त दर्शन कर प्रभु का आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान समिति की ओर से संघपति अंकित जैन को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सोसायटी चेयरमैन सीए संजीव जैन, अध्यक्ष ललित जैन, उपाध्यक्ष योगेश जैन, महामंत्री विनय जैन (एनके),  कैशियर अविनाश जैन, रोहित जैन, मनीष जैन (हैप्पी), विनोद जैन, सुनीता जैन, मंजुला जैन, रजत जैन, विक्रम जैन (गब्बर), विशाल जैन, मंडल अध्यक्ष अंकित जैन,  सैक्ट्री विनय जैन (बंटी), कैशियर सुमित जैन, यात्रा संचालक मनीष जैन (डिंपल) आदि उपस्थित थे।  

महंगाई की मार: गैस संकट के साथ पेट्रोल के दाम बढ़े, पंजाब में नई दरें लागू

चंडीगढ़. LPG की किल्लत से जूझ रहे आम लोगों के लिए अब पेट्रोल की बढ़ती कीमतें भी चिंता का कारण बन गई हैं। तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में लगभग ₹2.30 प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है, जो 20 मार्च 2026 से लागू हो गया है। इसका असर खासतौर पर उन लोगों पर होगा, जो हाई-ऑक्टेन पेट्रोल इस्तेमाल करते हैं। कंपनियों ने आधिकारिक वजह नहीं बताई, लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, US-ईरान विवाद और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव इसका बड़ा कारण हो सकता है। वैश्विक स्तर पर भी ईंधन महंगा हो रहा है। वियतनाम में 95-ऑक्टेन पेट्रोल 20% और डीजल 34% महंगा हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वैश्विक हालात ऐसे ही रहे, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी संभव है, जिसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान और खाड़ी देशों में ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों के बाद सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है, जिसका असर खासतौर पर एशियाई देशों पर पड़ रहा है। कुल मिलाकर, अगर वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।

रेल कनेक्टिविटी का विस्तार: दमदमा साहिब के लिए 1118 करोड़ की नई रेल लाइन मंजूर

चंडीगढ़. केंद्र सरकार ने पंजाब को एक बड़ा तोहफा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, तख्त श्री दमदमा साहिब के लिए 1118 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए एक बड़े रेल प्रोजेक्ट की घोषणा की है और तख्त श्री दमदमा साहिब को रेलवे लाइन से जोड़ने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने इस 34 km लंबे रेल प्रोजेक्ट के लिए 1118 करोड़ रुपये की रकम जारी की है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पहले रेलवे डिपार्टमेंट इस प्रोजेक्ट को घाटे का सौदा बता रहा था। इस मसले को सुलझाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बिट्टू के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बहुत पॉजिटिव जवाब दिया और कहा कि "जहां पंजाब का मामला आया, वहां मना नहीं किया जा सकता"। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिट्टू ने गुरु तेग बहादुर जी की कुर्बानी का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि तख्त साहिब हमारा है और जिस जगह गुरु साहिब के चरण पड़े हैं, जिसकी वजह से यह देश और धर्म बचा हुआ है, वहां हर हाल में ट्रेन पहुंचनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि इस काम के लिए फंड की कोई कमी नहीं होगी, जिसके बाद केंद्र ने 1118 करोड़ रुपये जारी किए हैं। रवनीत बिट्टू ने आगे कहा कि सिखों के चारों तख्त रेलवे से जुड़े हुए हैं। लेकिन तख्त श्री दमदमा साहिब तक ट्रेन नहीं पहुंचती, जिसके बारे में उस समय प्रकाश सिंह बादल ने भी केंद्र से अपील की थी। अब भी बाबा हरसिमरत कौर बादल ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। अब केंद्र ने यह बड़ी मांग मान ली है। उन्होंने सभी पार्टियों, किसानों, आम लोगों और प्रशासन से अपील की कि गुरु साहिब के तख्त के लिए शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए ज़्यादा से ज़्यादा सहयोग करें।

स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार: मान सरकार ने फिर खोला नया मेडिकल संस्थान, डॉ. बलबीर सिंह का ऐलान

चंडीगढ़ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज कपूरथला में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की। यह इस महीने घोषित किया जाने वाला दूसरा ऐसा संस्थान है, इससे पहले होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज का ऐलान किया गया था। श्री गुरु नानक देव जी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के रूप में यह नई सुविधा कपूरथला के मौजूदा जिला अस्पताल परिसर में स्थापित की जाएगी।  आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “टेंडरिंग प्रक्रिया सहित सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और कार्यकारी एजेंसियों को काम के आदेश जारी कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य 25 मार्च, 2026 से शुरू कर दिया जाएगा और मार्च 2028 तक 24 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है।” उन्होंने आगे बताया, “275 करोड़ रुपये की कुल लागत से स्थापित किए जाने वाले इस प्रोजेक्ट में 300 बिस्तरों वाला अस्पताल और एक मेडिकल कॉलेज शामिल होगा, जिसमें हर साल एमबीबीएस की 100 सीटें होंगी। इससे न केवल राज्य की मेडिकल शिक्षा क्षमता बढ़ेगी बल्कि पंजाब के विद्यार्थियों को महंगी मेडिकल पढ़ाई के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।” इस पहल के सकारात्मक प्रभावों के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा, “एक बार शुरू होने के बाद यह संस्थान न सिर्फ 100 एमबीबीएस सीटों की वृद्धि करेगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक सेकेंडरी और टर्शियरी स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान करेगा। यह संस्थान रोजगार का एक बड़ा स्रोत बनेगा, जिससे 1000 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर लाभ होगा और कई लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।” स्वास्थ्य क्षेत्र में अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए सुल्तानपुर लोधी के सरकारी अस्पताल को शहरी केंद्र के रूप में अपग्रेड किया जाएगा और बेगोवाल के सरकारी अस्पताल को ग्रामीण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों को कपूरथला के नए मेडिकल कॉलेज से जोड़ा जाएगा।” लगभग 5 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में बनने वाले इस प्रोजेक्ट में छह बड़े ऑपरेशन थिएटर, 500 क्षमता वाला ऑडिटोरियम, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं, एक केंद्रीय प्रयोगशाला, एक ब्लड बैंक और कौशल प्रयोगशालाओं व संग्रहालयों से सुसज्जित आधुनिक शैक्षणिक विभाग शामिल होंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव कुमार राहुल, पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के चेयरमैन गुरशरण सिंह छीना और पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अमित तलवार भी उपस्थित थे।

जल विवाद ने पकड़ा तूल: पंजाब के CM मान ने राजस्थान से मांगे 1.44 करोड़, 66 साल के पानी का मुद्दा गरमाया

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राजस्थान से पिछले 66 वर्षों के पानी के उपयोग के लिए लगभग 1.44 लाख करोड़ रुपये की बकाया राशि मांगी और भुगतान न करने पर पानी रोकने की चेतावनी दी थी। सीएम भगवंत मान के इस बयान के बाद राजस्थान ने पलटवार किया है। राजस्थान जल संसाधन विभाग के अनुसार, पंजाब जिस समझौते का हवाला दे रहा है, उसका वर्तमान परिदृश्य में कोई कानूनी आधार नहीं है। यह समझौता वर्ष 1920 में बहावलपुर रियासत ( अब पाकिस्तान में) और ब्रिटिश सरकार के बीच हुआ था न कि वर्तमान राजस्थान एवं पंजाब के बीच। आजादी के बाद परिस्थितियां पूरी तरह से बदल गई हैं। रियासतों का विलय होने के बाद नए राज्यों का गठन हो गया। इसके बाद वर्ष 1955, 1958 व 1988 में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे से जुड़े नए समझौते हो गए। इन समझौतों में किसी तरह के भुगतान का प्रविधान नहीं है। राजस्थान और पंजाब के बीच जल बंटवारे का विवाद पहले से ही न्यायाधिकरण में लंबित है। अगले कुछ दिन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस संबंध में केंद्र सरकार के समक्ष राज्य का पक्ष रखेंगे।

किसानों पर प्रयोग से बचें: CM मान बोले—पहले खुद जांचें, फिर खेतों में लागू करें

लुधियाना. लुधियाना में आयोजित किसान मेले के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कृषि वैज्ञानिकों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसान को प्रयोगशाला न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नई किस्म या तकनीक को किसानों तक पहुंचाने से पहले उसका पूरी तरह परीक्षण किया जाना चाहिए। यह बात उन्होंने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान बार-बार यह शिकायत करते हैं कि उनकी खेती पर सीधे प्रयोग किए जाते हैं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि पहले खुद परीक्षण करें और परिणाम सामने आने के बाद ही किसानों को नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करें। अब जिम्मेदारी होगी तय मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ किसानों ने विश्वविद्यालय से बीज लेकर बोए, लेकिन उनकी फसल में कीट लग गया और पूरी फसल खराब हो गई। जब किसान शिकायत लेकर पहुंचे तो जवाब मिला कि विश्वविद्यालय की फसल भी प्रभावित हुई है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बहाने अब नहीं चलेंगे और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती के तरीके तेजी से बदल रहे हैं और अब आधुनिक तकनीक के साथ खेती को जोड़ने की जरूरत है। सरकार खेती को उन्नत बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे खेती के काम आसान होंगे और उत्पादन में सुधार आएगा। कृषि विश्वविद्यालय का ढांचा मजबूत किया जाएगा – मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय का ढांचा और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने विश्वविद्यालय को किसानों के लिए ज्ञान का केंद्र बताते हुए कहा कि यहां से नई किस्म के बीज, खेती के तरीके और दवाइयों की जानकारी मिलती है, जिसका लाभ अब किसान घर बैठे भी ले सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब का किसान नई तकनीक को अपनाकर एक बार फिर देश में अग्रणी भूमिका निभाएगा।