samacharsecretary.com

इंसाफ की लंबी राह: 62 साल बाद अदालत ने 80 साल के बुजुर्ग को दिलाया अधिकार

फरीदाबाद लंबे समय से चल रहा जमीन से जुड़ा एक कानूनी विवाद आखिरकार 62 साल बाद अपने अंजाम तक पहुंच गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने फरीदाबाद में छह दशक पुराने इस संपत्ति विवाद पर अंतिम फैसला सुनाते हुए निजी डेवलपर के खिलाफ मूल अलॉटी के अधिकारों को पूरी तरह बरकरार रखा है।   जमीन की मौजूदा कीमत  7 करोड़ रुपये  दरअसल फरीदाबाद जिले में 5,103 वर्गफुट की वह ज़मीन, जिसे 62 साल पहले 14,000 रुपये से भी कम में खरीदा गया था, अब मौजूदा बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपये होने के बावजूद केवल 25% अतिरिक्त नाममात्र राशि पर सौंपे जाने का आदेश दिया गया है. इस संपत्ति के एकमात्र वारिस सी. के. आनंद की उम्र 80 वर्ष से अधिक है. जस्टिस दीपक गुप्ता की पीठ ने अपने हालिया आदेश में कहा, ‘जो पक्ष दशकों तक अपने दायित्वों के पालन को टालता रहा हो, वह बाजार कीमतों में बढ़ोतरी को ढाल बनाकर नहीं अपना सकता।’   आधी रकम जमा कर दी  गई थी  मामला 1963 का है, जब एम/एस आरसी सूद एंड कंपनी लिमिटेड ने फरीदाबाद के सूरजकुंड के पास ईरोस गार्डन्स कॉलोनी शुरू की और खरीदार नांकी देवी (आनंद की मां) से अग्रिम राशि ली. कंपनी ने प्लॉट नंबर 26-ए (350 वर्ग गज) और प्लॉट नंबर बी-57 (217 वर्ग गज) क्रमशः 24 और 25 रुपये प्रति वर्ग गज की दर से बेचने का समझौता किया। नांकी देवी ने लगभग आधी रकम जमा कर दी थी। पीढ़ियों तक चली कानूनी लड़ाई इसके बाद वैधानिक अड़चनों, प्रशासनिक देरी और पीढ़ियों तक चली कानूनी लड़ाइयों का सिलसिला शुरू हुआ। 1963 का पंजाब शेड्यूल्ड रोड्स एंड कंट्रोल्ड एरियाज एक्ट और 1975 का हरियाणा डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन ऑफ अर्बन एरियाज एक्ट लागू होने के बाद डेवलपर ने इन्हें कब्जा न देने का कारण बताया। 1980 के दशक के मध्य में, तीसरे पक्ष को प्लॉट बेचे जाने की आशंका पर अलॉटियों ने केवल बिक्री रोकने के लिए अदालत का रुख किया। तब भी हाईकोर्ट ने माना कि अलॉटमेंट वैध हैं और कंपनी उन्हें एकतरफा रद्द नहीं कर सकती. इसके बावजूद कब्जा नहीं मिला।   2002 में मुकदमेबाजी का नया दौर शुरू हुआ. निचली अदालतों ने अलॉटियों के पक्ष में फैसला दिया, लेकिन डेवलपर हाईकोर्ट पहुंचा और समय-सीमा, 1964 में कथित रद्दीकरण और छह दशक पुराने सौदे को आज के बाजार में लागू करना अनुचित होने जैसे तर्क दिए. जस्टिस गुप्ता ने शनिवार को जारी 22 पन्नों के फैसले में इन सभी दलीलों को खारिज कर दिया।  

हरियाणा में नई IMT की सौगात, इन गांवों के लोगों को मिलेंगे रोजगार और विकास के अवसर

हरियाणा  हरियाणा की औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) ने खरखौदा इंडस्ट्रियल माडल टाउन (IMT) के फेज-2 के विस्तार की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। पहले चरण में इसके लिए जमीन की मूल्यांकन का काम होगा। इसके बाद IMT का विस्तार सोनीपत के साथ झज्जर की ओर होगा। जिसके चलते किसानों की जमीन को चिन्हित किया जाएगा।  बताया जा रहा है कि आईएमटी बनाने के लिए 5800 एकड़ जमीन पर काम शुरू होगा। एचएसआइआइडीसी की ओर से जो योजना बनाई गई है, उसके हिसाब से IMT को विस्तार देने के लिए जमीन का चयन इस प्रकार किया गया है, जिससे कि KMP एक्सप्रेसवे को क्रास न करना पड़े। इसे दिल्ली-जम्मू कटरा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि भविष्य में यहां स्थापित होने वाले उद्योगों को दोनों एक्सप्रेसवे का सीधा लाभ मिल सकेंगे। वहीं सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के पांच गांवों की जमीन पर IMT का विस्तार होगा। जिसके चलते झज्जर के छह गांवों में 3,625 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है, जबकि सोनीपत के पांच गांवों की 2,175 एकड़ जमीन को शामिल किया गया है। आसपास के गांवों में जमीन के दाम 8 से 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ पहुंच चुके हैं।   

यात्रियों को बड़ा झटका: हिसार–दिल्ली हवाई सेवा बंद, अयोध्या रूट पर बदला उड़ान शेड्यूल

हरियाणा  धुंध को देखते हुए हिसार एयरपोर्ट पर डीजीसीए ने नया विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें हिसार से दिल्ली की फ्लाइट को 16 दिसंबर से आगामी आदेशों तक रद्द कर दिया है। वहीं अब अयोध्या के लिए हफ्ते में एक बार फ्लाइट जाएगी। नया विंटर शेड्यूल 15 जनवरी तक लागू रहेगा। इसमें हिसार- दिल्ली, दिल्ली-हिसार हवाई रूट को बंद कर दिया गया है। अब हिसार एयरपोर्ट से शुक्रवार, शनिवार, रविवार को ही हवाई सेवाएं संचालित होंगी। अन्य दिनों में कोई फ्लाइट नहीं होगी। मात्र 9 महीने में ही हिसार से दिल्ली की हवाई सेवा को बंद कर दिया है।  बताया जा रहा है कि हिसार से दिल्ली के लिए काफी कम संख्या में यात्री मिल रहे थे। इसके चलते इस रूट पर हवाई सेवा बंद करने का निर्णय लिया। हिसार से अयोध्या रूट में भी बदलाव किया गया है। अभी तक अयोध्या के लिए सप्ताह में दो दिन फ्लाइट थी। अब एक दिन ही चलेगी। हिसार से जयपुर के लिए पहले एक दिन फ्लाइट थी जिसे अब दो दिन कर दिया है।  जानें हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट का समय हिसार से चंडीगढ़ फ्लाइट पहले सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, वीरवार और शनिवार को उड़ती थी। अब इसके फेरे घटा दिए गए हैं। अब यह फ्लाइट सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को ही उड़ेगी। पहले इसका समय सुबह 12:35 बजे से था जो अब शाम को सवा 4 बजे तक दिया है। वहीं चंडीगढ़ से हिसार का समय पहले सुबह 11:10 बजे था जो अब बदलकर सुबह 9:50 कर दिया गया है। 

घने कोहरे ने ली सड़क सुरक्षा की परीक्षा, हरियाणा में 4 बसें भिड़ीं, यात्रियों में अफरा-तफरी

चंडीगढ़  हरियाणा के रेवाड़ी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 352डी पर सुबह एक बड़ी सड़क दुर्घटना होने की सूचना मिली है। भीषण कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने की वजह से चार बसों में आपस में टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना तड़के सुबह हुई जब घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो गई थी। इस हादसे में तीन से चार बसें एक-दूसरे से टकरा गईं। ये बसें रेवाड़ी से झज्जर की ओर जा रही थीं।   सूत्रों के मुताबिक, इस टक्कर में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। हालांकि, घायलों की सही संख्या की पुष्टि होना बाकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक आकलन से पता चलता है कि कम दृश्यता ही दुर्घटना का मुख्य कारण थी, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना की सही परिस्थितियों का पता चल पाएगा।  

विकास को मिलेगी रफ्तार: CM सैनी करेंगे ₹28 करोड़ 42 लाख की परियोजनाओं का शुभारंभ

फतेहाबाद  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 23 करोड़ 15 लाख 13 हजार रुपये की जिला की कुल तीन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में टोहाना में 10 करोड़ 42 लाख 13 हजार रुपये से बने नया बस स्टैंड, नगर पालिका जाखल मंडी में 7 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि से बने मल्टी कॉम्प्लेक्स, गांव म्योंद में 5 करोड़ 68 लाख रुपये की राशि से बने 33 केवी सब स्टेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 5 करोड़ 26 लाख 90 हजार रुपये की जिला की कुल पांच परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में गांव मूसा खेड़ा में 35 लाख 25 हजार रुपये की राशि से बनने वाली गांव की फिरनी, गांव साधनवास में 48 लाख 1 हजार रुपये से बनने वाले इंटरलोक रास्ता कालिया रोड से जम्मू ढाणी तक, गांव चांदपुरा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 2 करोड़ 16 लाख 69 हजार रुपये से 12 नये कमरें, एनएसक्यूएफ लैब तथा चाहरदीवारी, गांव करंडी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 97 लाख 68 हजार रुपये से छह नये कमरें, एनएसक्यूएफ लैब व छह पुराने कमरों की मुरम्मत तथा गांव पारता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक करोड़ 28 लाख 97 हजार रुपये से चार एसीआर, शौचालय, प्रार्थना शैड, चाहरदीवारी, वाटर टैंक तथा इंटरलोक रास्ते का निर्माण शामिल हैं।

AIIMS हरियाणा में 1700 कर्मचारियों की भर्ती का ऐलान, मार्च से मरीजों के लिए खुलेगी OPD

रेवाड़ी  रेवाड़ी जिले के गांव माजरा भालखी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) जल्द ही आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने जा रहा है। देश के 22वें एम्स के रूप में विकसित हो रहे इस संस्थान का शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी मार्च महीने से एम्स में ओपीडी सेवाएं शुरू किए जाने की योजना है, जबकि जुलाई और अगस्त के बीच MBBS के पहले बैच की कक्षाएं शुरू होने की पूरी संभावना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनवरी 2026 से फैकल्टी और अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी आरंभ कर दी जाएगी। लगभग 1650 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस एम्स को दक्षिणी हरियाणा के लिए एक अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। AIIMS के पहले निदेशक प्रो. डीएन शर्मा ने बताया कि मई-जून तक परिसर में बनने वाली सभी 40 इमारतों और हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि संस्थान में करीब 1700 पदों पर स्टाफ की भर्ती प्रस्तावित है। इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव को मंजूरी के लिए आगे भेज दिया गया है। पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास  गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी 2024 को इस AIIMS का शिलान्यास किया था। एम्स के शुरू होने से रेवाड़ी सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

GST चोरों पर सख्ती! हरियाणा सरकार लॉन्च करेगी शिकायत ऐप, फर्जी बिलिंग की तुरंत होगी रिपोर्ट

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) चोरी रोकने के लिए 'कर हितैषी' एप का शुभारंभ किया है। इस एप से यह फायदा होगा कि कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान गुप्त रखते हुए फोटो व दस्तावेज अपलोड करके जीएसटी चोरी की शिकायत कर सकता है।  बता दें कि बीते दिन  सीएम नायब सिंह सैनी नेचंडीगढ़ में बैठक के दौरान आबकारी एवं कराधान विभाग की 6 ऑनलाइन सेवाओं का शुभारंभ किया है। शिकायतकर्ता एप के जरिए फर्जी बिलिंग, गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट, बिना पंजीकरण कारोबार, बिल न देने या लेन-देन छिपाने जैसी अनियमितताओं की सूचना फोटो, वीडियो या दस्तावेजों के साथ अपलोड कर सकता है। इसी सूचना के आधार पर विभागीय अधिकारी जांच व कार्रवाई करेंगे।  नई ऑनलाइन सेवाओं में एथेनॉल, अतिरिक्त अल्कोहल (ईएनए) और डिनेचर्ड स्प्रिट से संबंधित अनुमति प्राप्त करने को सरल बनाया गया है। अब व्यापारिक इकाइयां एथेनॉल और ईएनए के आयात-निर्यात व डिनेचर्ड स्प्रिट के निर्यात-आयात की अनुमति ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगी।  

प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा तो होगी सीलिंग, बहादुरगढ़ नगर परिषद का कड़ा अल्टीमेटम

बहादुरगढ़  झज्जर के बाद अब बहादुरगढ़ नगर परिषद भी बड़े पैमाने पर भवनों की सीलिंग का अभियान छेड़ने वाली है। इसके लिए नगर परिषद ने पूरी तैयारी कर ली है। एक विशेष टीम का गठन भी किया जा चुका है। दरअसल बहादुरगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में लोगों पर 100 करोड़ से ज्यादा का प्राॅपर्टी टैक्स बकाया है। टैक्स रिकवरी के लिए इस बार 6 हजार नोटिसों का वितरण किया गया है। नगर परिषद ने साल 2025-26 के लिए 11 करोड़ के प्राॅपर्टी टैक्स की रिकवरी का लक्ष्य रखा था। जिसमें से 4 करोड़ रुपए की रिकवरी हो चुकी है और अब 7 करोड़ की रिकवरी के लिए सीलिंग अभियान का सहारा लिया जाएगा।  नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरूण नांदल ने बताया कि एक लाख से ऊपर के बकाएदारों पर सीलिंग की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एक लाख से ऊपर के करीबन 700 से 800 बकाएदार है। सीलिंग की पहली कार्यवाही बड़े बकाएदारों पर होनी है और उनकी सूची भी तैयार हो चुकी है। पहली सूची में करीबन 150 नाम शामिल किए गए हैं। जिनमें बड़े व्यवसायिक संस्थान और औद्योगिक संस्थानों के नाम शामिल हैं। कई सरकारी दफ्तर भी बड़े बकाएदारों में शामिल हैं। बता दें कि नगर परिषद बहादुरगढ़ हर साल प्राॅपर्टी टैक्स या हाउस टैक्स की रिकवरी के लिए नोटिस देती है, लेकिन बड़े पैमाने पर सीलिंग की कार्यवाही पहली बार होने वाली है। ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि सीलिंग की तलवार से बचने के लिए नगर परिषद के खजाने में प्राॅपटी टैक्स से काफी पैसा आ सकता है। हालांकि बड़े बकाएदारों में शामिल सरकारी महकमों से वसूली करना परिषद के लिए भी काफी मुश्किल काम नजर आ रहा है।

जालंधर अलर्ट मोड में: शहर की सुरक्षा के लिए 2500 पुलिसकर्मी सड़कों पर

जालंधर  ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने सभी अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं और पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 2500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। 880 मतदान केंद्रों और 1126 मतदान बूथों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर 65 स्थानों को अति संवेदनशील, 284 को संवेदनशील और 531 को गैर-संवेदनशील के रूप में वर्गीकृत किया गया है। चुनाव प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए 3 एस.पीज, 12 डी.एस.पीज और 15 एस.एच.ओज को फील्ड में तैनात किया गया है और वे अपने-अपने क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। प्रत्येक सब डिवीजन में 2 डी.एस.पी. रैंक के अधिकारी और 2 सब डिवीजनों के लिए 1 एस.पी. रैंक का अधिकारी तैनात किया गया है। उपमंडल अधिकारी और एस.एच.ओ. द्वारा रात में भी कड़ी निगरानी की जा रही है। एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि जिले में नदी तटों, सुनसान इलाकों, संदिग्ध स्थानों और बाजारों में व्यापक तलाशी अभियान चल रहा है। फ्लैग मार्च निकाले गए हैं। जालंधर ग्रामीण इलाके के गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और डेरों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है और यहां अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष गश्ती दल लगातार इन स्थानों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 30 गश्ती दल और ई.आर.वी. टीमें 24 घंटे सक्रिय हैं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार हैं। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने पिछले एक महीने में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी अधिनियम के तहत कुल 16 मामले दर्ज किए गए हैं, जो चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस की कड़ी कार्रवाई को दर्शाता है। उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि चुनाव के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद, कानून के उल्लंघन को देखने पर तुरंत लोग पुलिस को सूचित करें। लोग 112 हैल्पलाइन या जालंधर ग्रामीण पुलिस को कंट्रोल नंबर 78373-40100 पर कॉल कर सकते हैं। एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने आश्वासन दिया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस पूरी निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह बिना किसी भय या दबाव के पूरी सुरक्षा के साथ अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करे।

कोहरे की दस्तक: हरियाणा के 8 जिलों में अलर्ट, सफर करने वालों के लिए चेतावनी

हरियाणा  हरियाणा के कई जिलों में आज कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने 8 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद और सोनीपत में गहरी धुंध का अलर्ट जारी किया। वहीं यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 16 दिसंबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है।  मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य सीमा के आसपास ही बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में सुबह और रात के समय कोहरा बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और तेज महसूस होगा।  महेंद्रगढ़ की रात रही सबसे ठंडी राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है। चंडीगढ़ शहर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ है। हिसार के बाद महेंद्रगढ़ की रात सबसे ठंडी बीती है।